ऋषिकेश।
पुलिस ने बाजार में दुकानों के आगे फैले अतिक्रमण को हटाया। त्योहार सीजन के मद्देनजर पुलिस हरकत में नजर आई।
त्रिवेणीघाट रोड पर मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। कई व्यापारियों ने पुलिस को देखकर खुद सामान समेट लिया। कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध भी किया। कई जगह पुलिस और व्यापारियों के बीच नोकझोंक भी हुई।

सीओ चक्रधर अंथवाल ने बताया कि त्योहार सीजन के मद्देनजर बाजार में काफी भीड़भाड़ है। दुकानों के आगे अस्थायी अतिक्रमण के कारण लोगों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। पहले दिन चेतावनी दी गई।
Category: अन्य खबरै
आंदोलनकारियों को पेंशन दिलवाने की मांग
चिन्हिकरण की मांग को लेकर की बैठक
ऋषिकेश।
उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त संघर्ष समिति ने आंदोलनकारियों को पेंशन दिलाने की सरकार से मांग की है। उन्होंने छूटे आंदोलनकारियों के चिन्हिकरण करने को भी शासन से मांग की।
सोमवार को हरिद्वार मार्ग स्थित शहीद स्मारक पर आंदोलनकारियों की बैठक आहूत की गई। जिसमें आंदोलनकारियों की पेंशन प्रकरण की कार्रवाई को तेज करने की शासन से मांग की गई। समिति के अध्यक्ष ने कहा कि चिन्हित आंदोलनकारियों के पेंशन प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने स्वयं राज्यपाल से मुलाकात की है।

प्रशासनिक स्तर से पेंशन मिलने से संबंधित कार्य धीमी गति से हो रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि सरकार कार्य में तेजी लाकर आंदोलनकारियों को पेंशन का लाभ दे। कहा कि आंदोलनकारियों के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण को लेकर समिति का प्रतिनिधि मंडल शीघ्र राज्यपाल से मुलाकात करेगा। छूटे गए आंदोलनकारियों के चिन्हिकरण की मांग भी उठाई गई।
स्वयं की पहल से नशे का खात्मा करें: आईजी
डोईवाला।
रविवार को आर्शीवाद वाटिका में आयाजित युवा संगठन के कार्यक्रम में आईजी कार्मिक जीएस मर्तोलिया ने कहाकि आज समाज में नशा नासूर बनता जा रहा है। इससे निपटने के लिये समाज के हर क्षेत्र के लोगों को आगे आना होगा। कार्यक्रम संयोजक सौरभ थपलियाल ने कहा कि युवा संगठन युवाओं के संर्वागीण विकास के लिये कार्य कर रहा है। संगठन का उददेश्य है कि क्षेत्र को नशा मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है। क्षेत्र के युवाओ को रोजगार के अवसर तलाशना है। कार्यक्रम में तेलीवाला निवासी जहीरा को नशा मुक्ति के लिये सम्मनित किया गया। कार्यक्रम के अंत में आर्शीवाद वाटिका से तहसील परिसर तक रैली निकालकर नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन मनोज जखमोला ने किया। इस मौके पर अनुज जोशी, लोकेश राणा, राहुल बिज्लवाण, भावना शर्मा, भावना बोरा, रूबीना, अरविन्द घिल्डियाल, ललित पंत, पंकज शर्मा, अनिरूद्व सोलंकी, सोनू गोयल, संजय चमोली आदि मौजूद थे।
पांच घंटे बिजली गुल रहने से लोग परेशान
ऋषिकेश।
शहर के कई मोहल्लों में शनिवार को पांच घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे लोग परेशान रहे। बिजली कटौती के कारण शाम को पानी की आपूर्ति भी प्रभावित रही।
विद्युत वितरण उपखंड हरिद्वार रोड के अंतर्गत 33/11 केवी नगर पालिका और बैराज पशुलोक से जुड़े मेन बाजार, त्रिवेणी घाट, मायाकुंड, बंगाली बस्ती, केवलानंद चौक, बनखंडी, तिलक रोड, मनीराम रोड, अद्वेतानंद मार्ग, हीरा लाल रोड, आवास विकास, गोविन्द नगर, हरिद्वार मार्ग,
गंगा विहार, गंगानगर, हनुमंत पुरम, सोमेश्वरनगर, अपर गंगानगर, शांतिनगर, एम्स, भरत विहार, सर्वहारानगर, शास्त्री नगर, काले की ढाल, शिवाजीनगर, बापूग्राम, सुमन विहार, मीरा नगर, बीसबीघा, कुनाऊं गांव, चीला, गंगा भोगपुर, बैराज कॉलोनी, निर्मल ब्लॉक ए-बी, आमबाग, वीरपुर खुर्द, पशुलोक बैराज में सुबह दस से दोपहर तीन बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। एसडीओ राजीव कुमार ने कहा कि नेशनल हाईवे-58 चौड़ीकरण के लिए 33 केवी लाइन को शिफ्ट किया जा रहा है। इसलिए बिजली कटौती की गई।
करवाचौथ उत्सव में झूमी महिलाएं
ऋषिकेश।
इन्नर व्हील क्लब ने शनिवार को दून रोड स्थित होटल अमेरिस में करवाचौथ उत्सव मनाया। महिलाओं ने जमकर नृत्य और गीतों की प्रस्तुति दी। डांडिया नृत्य में महिलाएं जमकर थिरकीं। साथ ही परिजनों की खुशहाली की कामना की।
क्लब की अध्यक्ष दीपिका तायल ने बताया कि करवाचौथ उत्सव में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में महिलाएं खूबसूरत परिधानों में सजकर आयी थीं।

सचिव सलोनी गोयल ने बताया कार्यक्रम में महिलाओं ने स्वादिष्ट व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया। इस मौके पर आरती अग्रवाल, ऋतु अग्रवाल, विनीता गुप्ता, मीनू डंग, अंजू, मंजू, गीता, रीतू अग्रवाल, अंजलि, शोभा, बीना शर्मा, सुशीला राणा, स्नेहलता जैन, सुनीता अग्रवाल, अंजू मित्तल, रश्मि अग्रवाल, संध्या अग्रवाल आदि उपस्थित रही।
विवाद के बाद पहलीबार हुई कर समिति की बैठक
पुरानी समितियां बहाल करने पर पालिका में हो चुका है विवाद
ऋषिकेश।
नगर पालिका ऋषिकेश में भवन कर समिति की बैठक आयोजित हुई। पूर्व में पालिका समितियों के चुनाव निरस्त होने पर विवाद गहरा गया था। शुक्रवार को विवाद के बाद पहली बार बैठक आयोजित हुई।
शुक्रवार को नगर पालिका ऋषिकेश में भवन कर समिति की बैठक में 70 से अधिक फाइलों का निस्तारण किया गया। कर समिति बैठक की अध्यक्षता सभासद शिवकुमार गौतम ने की। बताया कि बैठक में तीन सदस्य मौजूद रहे। सोमेश्वर नगर, शास्त्री नगर व बनखंडी के मामले कर समिति ने निपटाये।

गौरतलब है कि पुरानी समिति को बहाल करने के विरोध में पालिका में विवाद हो गया था। मामला कोतवाली में भी दर्ज हुआ था। विवाद के बाद पहलीबार कर समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बृजपाल राणा, अशोक पासवान मौजूद रहे।
ऋषिकेश रियल एस्टेट के चौथे चरण का अभियान शुरू
कई मोहल्लों में कीटनाशक दवा का छिड़काव
ऋषिकेश।
रियल एस्टेट कारोबारियों ने देहरादून मार्ग, सदानंद मार्ग, हीरालाल मार्ग में दवा का छिड़काव कराया। अध्यक्ष दिनेश कोठारी ने बताया कि बीमारी से निजात दिलाने के लिए रियल एस्टेट कारोबारियों ने चौथे चरण का अभियान चलाया है। अंतिम चरण में बापूग्राम, गीतानगर, आईडीपीएल में दवा का छिड़काव कराया जाएगा। उन्होंने शहर की संस्थाओं को दवा उपलब्ध कराने की बात भी कही।
अभियान में राजीव खुराना, नितिन गुप्ता, दीपक चुग, विरेन्द्र जोशी, धीरज मखीजा, विशाल कक्कड़, सरदार मंगा सिंह, अनिल कुकरेती, हरेन्द्र रावत, प्रदीप गुप्ता, राजेश अरोड़ा, मनी साहनी, नितिन गावड़ी, मंगा ओबराय, अजीत कंवल, दीपक थापा, कोमल सिंह, योगेश कालड़ा, नीरज अग्रवाल, शेखर अरोड़ा, संजय थपलियाल, टीकाराम पुरवाल, राजा धींगड़ा आदि शामिल रहे।
सीवर पंपिंग के हॉज में गिरी किशोरी
किशोरी को स्थानीय लोगों ने हॉज में डूबने से बचाया
ऋषिकेश।
लक्ष्मणझूला में रावण दहन देखने पहुंची एक किशोरी अनियंत्रित होकर सीवर पंपिंग के हॉज में जा गिरी। जिसे वहां मौजूद लोगों ने सुरक्षित बचा लिया। किशोरी हालत ठीक बताई जा रही है।
मंगवार देरशाम सवा आठ बजे जैसे ही रावण दहन हुआ उसके बाद लोगों का हुजूम स्वादिष्ठ व्यंजन खाने को टूट पड़ा। इसी बीच एक किशोरी चाउमीन खाते वक्त लक्ष्मणझूला पंपिंग स्टेशन के रेलिंग पर बैठने के दौरान अनियंत्रित होकर हॉज में जा गिरी। परिजनों की चीखपुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों ने किशोरी को हॉज की सप्लाई बंद करने के बाद सकुशल बाहर निकाल दिया। किशोरी स्वर्गाश्रम-जौंक की रहने वाली है। मामले में लक्ष्मणझूला थाना एसओ महेश प्रसाद पूर्वाल ने कहा कि उन्हें ऐसी सूचना नहीं मिली। हो सकता है किशोरी को सकुशल बचाने के बाद परिजन घर चले गए हों।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का प्रतिनिधिमंडल सीएम से मिला
देहरादून।
बीजापुर गेस्ट हाऊस में मुख्यमंत्री हरीश रावत से राज्यमंत्री सुशील राठी के नेतृत्व में आंगनवाड़ी कार्यकत्री/मिनी कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री रावत ने कुछ बिन्दुओं पर सहमति जताते हुए कैबिनेट में रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में अन्य राज्यों की तुलना में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को अधिक मानदेय दिया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनवाड़ी केन्द्र एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री रावत ने उनकी मांगों को लेकर केन्द्र सरकार से अनुरोध करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर संगठन की प्रान्तीय अध्यक्ष रेखा नेगी, प्रान्तीय महामंत्री सुमति थपलियाल, प्रान्तीय कोषाध्यक्ष विमला कोहली, जिला अध्यक्ष विमला रावत सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।
गुलदार ने मवेशियों को बनाया निवाला
ऋषिकेश।
गंगा से सटे इलाके हरिपुर कला, बसंती मंदिर, गौहरीमॉफी व लक्कड़घाट, मंशादेवी में गुलदार पालतू मवेशियों को निशाना बना रहा है। बीती रात गुलदार ने हरिपुर कला नई बस्ती निवासी प्यारेलाल व पशुलोक निवासी विनोद रावत के बछड़े को निवाला बनाया। हरिपुरकला के ग्रामीणों ने शोर मचाकर गुलदार को खदेड़ा। ग्राम प्रधान हरिपुर कला सतेन्द्र धमान्दा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गुलदार गंगा से सटे इलाके में धमक रहा है। जिससे ग्रामीण दहशत में है।
ग्राम प्रधान ऋषिकेश अनिता असवाल का कहना है कि मंसा देवी, गुमानीवाला में जंगल से सटे इलाके में गुलदार ने बीते एक सप्ताह में आधा दर्जन पालतू मवेशियों पर हमला किया है। वह क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग कर रहे है। रेंजर ऋषिकेश गंगासागर नौटियाल का कहना है कि क्षेत्र में लगाये पिंजरे पर लगातार निगरानी की जा रही है। गुलदार रात में कई किलोमीटर की दूरी तय करता है। जिस कारण उसके क्षेत्र बदलते रहते है। बताया कि ग्रामीणों से सतर्क रहने को कहा गया है।


