गौसेवा हमारी आस्था और संस्कृति का अभिन्न अंग, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का भी महत्वपूर्ण माध्यमः धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सप्तऋषि, हरिद्वार स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला द्वारा गौसेवा, गोवंश संरक्षण एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कामधेनुलोक जैसी पहल गौसंरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है। हमारी परंपरा में गौ माता को सर्वदेवमयी माना गया है। गांवों में आज भी गौ माता को परिवार का सदस्य मानकर उनकी सेवा की जाती है। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी अभिन्न अंग है। गौसंरक्षण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण आजीविका को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ यह अभियान आज व्यापक स्वरूप ले चुका है। संस्था द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और संरक्षण किया जा रहा है। अकेले हरिद्वार में हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध एवं बीमार गोवंश को आजीवन संरक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिनमें बड़ी संख्या में नंदी भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्था द्वारा गौसेवा के साथ मानव सेवा के क्षेत्र में भी सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस के माध्यम से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया है। गोवंश के लिए चिकित्सा, चारे एवं पौष्टिक आहार की समुचित व्यवस्था की जा रही है। इसके अतिरिक्त संस्था द्वारा प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन कराने के साथ जरूरतमंद परिवारों को राशन एवं चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सेवा और समर्पण की ऐसी पहल समाज के लिए प्रेरणादायी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखण्ड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखरेख तथा गौ आधारित आजीविका को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गौपालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों, विशेषकर मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बद्री गाय के शुद्ध घी एवं अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जनपद में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से स्थानीय पशुपालकों को बेहतर अवसर मिलने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वर्तमान में प्रदेश के 72 पंजीकृत एवं 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है, ताकि गांवों के स्तर पर भी गौसेवा एवं गौसंरक्षण की व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है। इन स्थानों पर गौशालाओं के निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण वर्तमान समय की एक महत्वपूर्ण चुनौती है। कृषि कार्यों में मशीनों का उपयोग बढ़ने से गोवंश, विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता में परिवर्तन आया है। ऐसे में गौसंरक्षण के लिए दीर्घकालिक एवं व्यावहारिक समाधान विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल गौशालाओं का निर्माण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना भी जरूरी है। इससे गौसंरक्षण के साथ किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार गौसंरक्षण से संबंधित कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश के प्रति क्रूरता एवं गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं हरिद्वार की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेंगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार व्यापक तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क एवं यातायात व्यवस्था, नए पुलों, संपर्क मार्गों तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले के दृष्टिगत सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के साथ आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि की आध्यात्मिक विरासत, स्वच्छता, सुव्यवस्था और अतिथि सत्कार का सुखद अनुभव लेकर लौटें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने विकल्प रहित संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। गौसंरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को एक-दूसरे से जोड़ना भी इसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का एक अनुकरणीय मॉडल बनेगी।

मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला से जुड़े सभी संतों, सेवकों, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद टिहरी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र धनौल्टी के अंतर्गत थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹52.55 करोड़ की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹3050.63 लाख की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹2204.62 लाख की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। ये योजनाएं सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, शिक्षा, सिंचाई, पार्किंग, पशुपालन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से संबंधित हैं। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को जौनपुर महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जौनपुर महोत्सव समिति के प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। उत्तराखण्ड के युवा भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार टिहरी एवं आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। लगभग ₹1300 करोड़ की लागत से टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है, जिससे पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि टिहरी झील को साहसिक पर्यटन एवं वाटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में सड़क एवं पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक कार्य किए गए हैं। कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग ₹6 करोड़ की लागत से सुरक्षा उपचार कार्य पूर्ण कराया गया है। इसी प्रकार ₹10 करोड़ से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन एवं डामरीकरण का कार्य भी पूर्ण किया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में ₹8 करोड़ से अधिक की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। एक जनपद, दो उत्पाद जैसी पहलों के साथ ही हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड ने अपनी शुरुआत से अब तक ₹6 करोड़ से अधिक की बिक्री का आंकड़ा पार किया है। यह प्रदेश की मातृशक्ति, किसानों और स्थानीय उत्पादकों के परिश्रम तथा उनके उत्पादों की गुणवत्ता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, होमस्टे और वेड इन उत्तराखण्ड जैसी पहलों से स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। राज्य सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराकर गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। सरकार शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केदारखंड एवं मानसखंड के प्रमुख मंदिरों के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखना भी आवश्यक है। राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने विकल्प रहित संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण की स्वीकृति देने, जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए ₹273 लाख तथा भवन बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए ₹4 करोड़ 72 लाख की स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं डामरीकरण से संबंधित मांगपत्रों पर विचार करने के उपरांत उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात भी कही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक श्री कबूल चंद पुंडीर द्वारा कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने सेब मिशन के अंतर्गत सेब उत्पादन के साथ अदरक, कीवी, केसर, पुष्प, आलू एवं रोजमैरी जैसी फसलों की खेती के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेन्द्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण एवं महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों के अनुवाद के माध्यम से साहित्य एवं लोकभाषा के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया। इस अवसर पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र तथा कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया।

स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं स्वीकृत कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जौनपुर क्षेत्र में कृषि, उद्यानिकी एवं पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने भी क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विभिन्न स्थानीय आवश्यकताओं से अवगत कराया।

इस अवसर पर राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, नगर पालिका मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जौनपुर महोत्सव समिति के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन में रूद्रपुर के महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त को सौंपा राष्ट्रीय पुरस्कार

रुद्रपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में रुद्रपुर नगर निगम ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर शहर का गौरव बढ़ाया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत रुद्रपुर नगर निगम को क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के साथ रुद्रपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की है। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रुद्रपुर नगर निगम को प्रथम पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने प्राप्त किया।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस गौरवपूर्ण समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय सचिव सत्येंद्र सिंह, केंद्रीय सचिव दीपा धारा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करना रुद्रपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस उपलब्धि की विशेष बात यह है कि स्वच्छ सर्वेक्षण में शहरों का मूल्यांकन केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई तक सीमित नहीं रहता, बल्कि संपूर्ण स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, नागरिक सहभागिता और सफाई व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन को भी परखा जाता है।

क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में रुद्रपुर को मिली प्रथम रैंक इस बात का प्रमाण है कि शहर में स्वच्छता को एक व्यापक व्यवस्था के रूप में आगे बढ़ाने के प्रयास किए गए हैं। इसके अंतर्गत घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से नियमित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण एवं निस्तारण तथा खुले में कूड़ा डालने की प्रवृत्ति पर नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मानकों का मूल्यांकन किया जाता है।

इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, सामुदायिक क्षेत्रों और अन्य प्रमुख स्थानों की स्वच्छता, नागरिकों की सहभागिता, स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता तथा सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण को भी विशेष महत्व दिया जाता है। नगर निगम की ओर से किए गए कार्यों के दस्तावेजीकरण, अभिलेखों और जमीनी स्तर पर उनके सत्यापन के आधार पर भी मूल्यांकन किया जाता है।

इस प्रकार रुद्रपुर को प्राप्त यह सम्मान शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए गए विभिन्न स्तरों के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है।

पुरस्कार प्राप्त करने के बाद महापौर विकास शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हिमालयी राज्यों में रुद्रपुर नगर निगम को प्रथम पुरस्कार मिलना केवल नगर निगम की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे शहर और उत्तराखंड प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान उन सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में अपना योगदान दिया है।

महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग अथवा व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके परिश्रम और समर्पण के साथ ही नागरिकों का सहयोग इस तरह की उपलब्धियों का आधार बनता है।

महापौर ने कहा कि पिछली बार नगर निगम रुद्रपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर 467 वी रैंक से छलांग लगाकर 169 वीं रैंक हासिल की थी। इस बार हिमालय राज्यों में प्रथम रैंक हासिल की है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से नगर निगम की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान को बनाए रखने के साथ ही स्वच्छता के मानकों को और बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर काम किया जाएगा। शहर के प्रत्येक वार्ड, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रयासों को और गति दी जाएगी।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से रुद्रपुर के सर्वांगीण विकास और स्वच्छता व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में शहरी विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में जो कार्य हो रहे हैं, उनसे नगर निगम को भी नई ऊर्जा और दिशा मिल रही है।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में मिली यह राष्ट्रीय पहचान एक नई शुरुआत है। लक्ष्य केवल पुरस्कार प्राप्त करना नहीं, बल्कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत बनाना, नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित शहर के रूप में स्थापित करना है।

राष्ट्रपति के हाथों मिला यह सम्मान रुद्रपुर के लिए केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि शहरवासियों के सामूहिक प्रयास, सफाई मित्रों के अथक परिश्रम और स्वच्छ शहर के संकल्प की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है। हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान हासिल कर रुद्रपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम दर्ज कराई है।

कृषि, पशुधन, आवास एवं सार्वजनिक अवसंरचना की क्षति पर भी बढ़ी आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार द्वारा राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) एवं राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (एनडीआरएफ) के अंतर्गत विभिन्न मदों में दी जाने वाली सहायता राशि के मानकों में महत्वपूर्ण वृद्धि किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का यह निर्णय उत्तराखण्ड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों एवं आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इससे आपदा प्रभावित परिवारों को अधिक आर्थिक सहायता मिलने के साथ ही राहत, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना कार्यों को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखण्ड की आवश्यकताओं के प्रति सदैव संवेदनशील रही है। राज्य में अतिवृष्टि, भूस्खलन, बादल फटने, बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण जनजीवन के साथ ही कृषि भूमि, फसलों, पशुधन, आवास एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को व्यापक क्षति पहुंचती है। ऐसे में सहायता मानकों में वृद्धि से प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा तथा आपदा के बाद सामान्य जनजीवन की बहाली में मदद मिलेगी।

संशोधित मानकों के अंतर्गत आपदा में मृत्यु होने पर अनुग्रह सहायता राशि ₹4 लाख से बढ़ाकर ₹8 लाख प्रति मृतक की गई है। इसमें राहत एवं बचाव कार्यों में लगे कार्मिकों को भी शामिल किया गया है। इसी प्रकार 40 से 60 प्रतिशत स्थायी दिव्यांगता के लिए सहायता ₹74 हजार से बढ़ाकर ₹94 हजार तथा 60 प्रतिशत से अधिक स्थायी दिव्यांगता के लिए ₹2.50 लाख से बढ़ाकर ₹3.20 लाख की गई है। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों के लिए भी सहायता राशि बढ़ाई गई है।

कृषि क्षेत्र में वर्षा आधारित फसलों की क्षति पर सहायता ₹8,500 से बढ़ाकर ₹11 हजार प्रति हेक्टेयर, सुनिश्चित सिंचाई वाली फसलों के लिए ₹17 हजार से बढ़ाकर ₹22 हजार तथा बारहमासी एवं बागवानी फसलों के लिए ₹22,500 से बढ़ाकर ₹30 हजार प्रति हेक्टेयर की गई है। भूस्खलन एवं हिमस्खलन से स्थायी रूप से क्षतिग्रस्त कृषि भूमि के लिए सहायता ₹47 हजार से बढ़ाकर ₹60 हजार प्रति हेक्टेयर की गई है। इससे आपदा प्रभावित किसानों एवं बागवानों को राहत मिलेगी।

पशुधन की क्षति पर भी सहायता राशि बढ़ाई गई है। बड़े पशुओं की क्षति पर सहायता ₹37,500 से बढ़ाकर ₹50 हजार प्रति पशु तथा छोटे पशुओं के लिए ₹4 हजार से बढ़ाकर ₹5,100 प्रति पशु की गई है। मुर्गीपालन, मत्स्य पालन तथा पशुओं के चारे के लिए निर्धारित सहायता मानकों में भी वृद्धि की गई है।

आवासीय भवनों की क्षति के मामलों में मैदानी क्षेत्रों में पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकान के लिए सहायता ₹1.20 लाख से बढ़ाकर ₹1.60 लाख तथा पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में ₹1.30 लाख से बढ़ाकर ₹1.70 लाख प्रति मकान की गई है। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों, झोपड़ियों एवं पशुशालाओं के लिए भी सहायता राशि बढ़ाई गई है। कपड़ों एवं घरेलू उपयोग की वस्तुओं के नुकसान पर सहायता राशि अलग-अलग ₹2,500 से बढ़ाकर ₹5 हजार प्रति परिवार की गई है।

आपदा से क्षतिग्रस्त सार्वजनिक अवसंरचना की तत्काल मरम्मत एवं पुनर्स्थापना के लिए भी सहायता मानकों में वृद्धि की गई है। इनमें सड़क एवं पुल, पेयजल योजनाएं, लघु सिंचाई, विद्युत आपूर्ति, विद्यालय भवन, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा पंचायत एवं सामुदायिक परिसंपत्तियां शामिल हैं। इससे आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं की शीघ्र बहाली में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता आपदा प्रभावित लोगों को त्वरित राहत उपलब्ध कराना तथा उनके पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करना है। केंद्र सरकार द्वारा बढ़ाए गए सहायता मानक इस दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निरंतर सहयोग से उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन एवं राहत व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। राज्य सरकार संशोधित मानकों का लाभ प्रत्येक पात्र आपदा प्रभावित तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहरों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकारः धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश के चन्द्रेश्वरनगर में आयोजित कार्यक्रम में देवभूमि रजत जयंती पार्कों एवं विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर एवं उत्तरकाशी जनपद के 9 नगर निकायों में विकसित देवभूमि रजत जयंती पार्कों को जनता को समर्पित किया। उन्होंने देहरादून जनपद में 36 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 7 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगर निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 8 कूड़ा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य निर्माण आंदोलन के शहीदों एवं आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की रजत जयंती के अवसर पर राज्य सरकार ने संकल्प लिया था कि राज्य स्थापना की स्मृतियां केवल समारोहों तक सीमित न रहें, बल्कि विकास कार्यों के रूप में धरातल पर दिखाई दें। इसी उद्देश्य से प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में देवभूमि रजत जयंती पार्क विकसित करने का निर्णय लिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन स्थानों पर पहले कूड़े के ढेर और झाड़ियां दिखाई देती थीं, आज वे हरे-भरे एवं सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थलों के रूप में विकसित हो रहे हैं। ये पार्क बच्चों के खेलने, बुजुर्गों के टहलने, महिलाओं के बैठने तथा युवाओं के योग एवं व्यायाम के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराएंगे। इनमें उत्तराखण्ड की संस्कृति, लोक परंपराओं और स्थानीय वनस्पतियों की झलक भी दिखाई देगी। उन्होंने नगर निकायों से इन पार्कों का रखरखाव जनभागीदारी से सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास विकास का लाभ प्रत्येक नगर और प्रत्येक वार्ड तक पहुंचाना है। शहरों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं। ऋषिकेश एवं हरिद्वार को वाटर प्लस प्रमाणन प्राप्त हुआ है। प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण किया जा रहा है। पुराने कचरे के निस्तारण से लगभग 109 एकड़ भूमि को पुनः उपयोग योग्य बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रुद्रपुर एवं मसूरी में कचरे से बायोगैस का उत्पादन किया जा रहा है। चारधाम यात्रा मार्गों पर डिजिटल डिपॉजिट-रिफंड व्यवस्था के माध्यम से 60 हजार किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक वापस एकत्र किया गया है। प्रदेश के 107 नगर निकायों के लिए लगभग 1,375 करोड़ रुपये की विस्तृत स्वच्छता कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत 27 सीवेज एवं फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। सफाई कार्यों का मशीनीकरण भी किया जा रहा है, ताकि पर्यावरण मित्रों को असुरक्षित परिस्थितियों में कार्य न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में बेहतर जीवन के लिए स्वच्छ पेयजल, सीवरेज एवं मजबूत आधारभूत सुविधाएं आवश्यक हैं। अमृत योजना के प्रथम चरण में स्वीकृत 151 परियोजनाओं में से 148 पूरी हो चुकी हैं। इनसे 72 हजार से अधिक घरों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। अमृत 2.0 के अंतर्गत लगभग 650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के माध्यम से 40 हजार अतिरिक्त घरों तक पेयजल पहुंचाने तथा जलस्रोतों एवं तालाबों के पुनर्जीवन का कार्य किया जा रहा है। ऋषिकेश सहित प्रदेश के चयनित शहरों में लगभग 874 करोड़ रुपये से पेयजल, सीवरेज एवं शहरी आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों का विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत प्रदेश में 62 हजार से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 50 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा चुके हैं। जरूरतमंदों के लिए प्रदेश में 35 रैन बसेरे संचालित किए जा रहे हैं। प्रदेश के 114 शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से 3 लाख से अधिक लोगों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का अर्थ है कि नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से नगर निकायों की सेवाओं को डिजिटल बनाया जा रहा है। श्उपयोगश् प्लेटफॉर्म के माध्यम से संपत्ति कर, दाखिल-खारिज एवं ट्रेड लाइसेंस जैसी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। आगामी कुंभ-2027 के दृष्टिगत हरिद्वार में डिजिटल स्वच्छता निगरानी प्रणाली विकसित की जा रही है, ताकि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित रुद्रपुर एवं काशीपुर नगर निगमों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पर्यावरण मित्रों, नगर निकायों एवं नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। स्वच्छ और सुंदर शहरों के निर्माण में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। पर्यटन, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों, कृषि एवं स्वरोजगार के माध्यम से गांवों और शहरी क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखण्ड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए विकास को आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने के साथ सख्त भू-कानून एवं अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विकास के साथ सुशासन, पारदर्शिता और कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक ऋषिकेश प्रेमचंद अग्रवाल, महापौर नगर निगम ऋषिकेश शंभू पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष देहरादून राजेन्द्र तड़ियाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

आंगनबाड़ी, आशा कार्यकत्रियों, भोजन माताओं और अतिथि शिक्षकों के मानदेय में होगी वृद्धि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विधानसभा भवन परिसर, भराड़ीसैंण (गैरसैंण), जनपद चमोली में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड का निर्माण सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने देश की रक्षा में सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा प्राकृतिक आपदाओं में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने राज्य निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने 26 वर्षों की विकास यात्रा में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। चारधाम सड़क परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तथा केदारनाथ एवं हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं से प्रदेश की कनेक्टिविटी और तीर्थाटन को नई गति मिलेगी। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत 51 सीमांत गांवों में लगभग 200 योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए हल्द्वानी में कैंसर संस्थान और किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर की स्थापना की दिशा में कार्य किया जा रहा है। अटल आयुष्मान योजना के अंतर्गत 63 लाख से अधिक कार्ड बनाए गए हैं। लगभग 1,300 विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं प्रारंभ की गई हैं तथा 226 विद्यालयों को पीएम श्री विद्यालय के रूप में विकसित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत तथा सहकारी प्रबंध समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। प्रदेश की तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बलिदानी सैनिकों के आश्रितों की अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। सैन्य धाम का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। अग्निवीरों के लिए निर्धारित वर्दीधारी पदों तथा राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर उत्तराखण्ड का गौरव बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था वर्ष 2022 के लगभग 2.55 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये हो गई है। राज्य का बजट 1.11 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक 2023-24 में उत्तराखण्ड को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे निर्णय जनहित में लिए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों तथा सुप्रसिद्ध लोकगायक स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। परेड का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा ने किया। परेड में आईटीबीपी, पुलिस, महिला होमगार्ड, महिला पुलिस एवं एनसीसी सहित विभिन्न दलों ने प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री ने कृषि, उद्यानिकी, स्वरोजगार एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में जवाहर सिंह, गीता देवी, वंदना देवी, श्री मोहन सिंह एवं आनंद सिंह को अनुदान प्रदान किया गया। मिशन कीवी के अंतर्गत आनंद सिंह एवं गंभीर सिंह को 2.10-2.10 लाख तथा दयाल सिंह को 4.20 लाख रुपये के चेक दिए गए। जगदीश सिंह को मशरूम हट निर्माण के लिए 2 लाख रुपये प्रदान किए गए।

उद्योग विभाग की योजनाओं के अंतर्गत योगेंद्र सिंह को एक लाख, त्रिलोक सिंह को 1,48,611 रुपये, राजेश्वर सिंह को 2,07,500 रुपये तथा हिमांशु सिंह को 1.50 लाख रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई। स्वयं सहायता समूहों को फार्म मशीनरी बैंक के लिए 4-4 लाख रुपये की सहायता दी गई। कृषकों को पावर वीडर अनुदान तथा किसान भूषण एवं किसान श्री पुरस्कार प्रदान किए गए। महालक्ष्मी किट, लखपति दीदी एवं अटल आवास योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया गया। मुख्यमंत्री ने खेल प्रतिभाओं कु. आरुषि नेगी, कु. महक रावत एवं हर्षवर्धन बिष्ट को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित उत्तराखण्ड का संकल्प प्रत्येक प्रदेशवासी का सामूहिक संकल्प है। सरकार जनकल्याण, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा लोकसंस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस पर निम्नलिखित 13 घोषणाएं कींकृ

1. आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से वृद्धि की जाएगी।

2. आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से वृद्धि की जाएगी।

3. भोजन माताओं के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से वृद्धि की जाएगी।

4. लखपति दीदियों को व्यवसाय विस्तार एवं नए स्वरोजगार कार्यों के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

5. वन्यजीवों के हमले में घायलों को वर्तमान सहायता के अतिरिक्त प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे उपचार के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाएगी।

6. प्रत्येक जनपद में जिला मुख्यालय से अलग नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी एवं वाचनालय स्थापित किए जाएंगे।

7. अन्य माध्यमों से विद्युत आपूर्ति वाले सभी राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ा जाएगा।

8. प्रदेश में निवेश के इच्छुक प्रवासियों के लिए भूमि खरीद प्रक्रिया सरल बनाई जाएगी।

9. बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए श्अपुणि सरकारश् पोर्टल की व्यवस्था प्रत्येक जनपद में अधिक सरल एवं प्रभावी बनाई जाएगी।

10. छोटे किसानों एवं बिजली उपभोक्ताओं के बिजली बिलों के विलंबित भुगतान पर लगने वाला सरचार्ज माफ किया जाएगा।

11. लोकसंस्कृति एवं लोकभाषाओं के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्वर्गीय श्री गोपाल बाबू गोस्वामी एवं स्वर्गीय श्री चन्द्र सिंह राही को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा।

12. प्रदेश के अतिथि शिक्षकों के मानदेय में शीघ्र वृद्धि की जाएगी।

13. राज्य आंदोलनकारियों की मांगों एवं समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित की जाएगी। समिति चिह्नीकरण नियमों में छूट, दोहरी पेंशन तथा आश्रितों को प्रमाणपत्र देने संबंधी विषयों पर संस्तुति देगी। वर्ष 2013-14 में नियुक्त राज्य आंदोलनकारियों के अधिनियम के दायरे में आने वाले मामलों पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर जनपद चमोली के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल एवं भूपाल राम टम्टा, नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, दर्जाधारी राज्यमंत्री रामचन्द्र गौड़, हरक सिंह नेगी एवं बलबीर घुनियाल, ब्लॉक प्रमुख दुर्गा देवी, अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार तथा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित राज्य आंदोलनकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सीएम ने राज्य स्थापना दिवस पर शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कचहरी परिसर, देहरादून स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने पृथक उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को नमन करते हुए उनके संघर्ष और बलिदान का स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों सहित समाज के सभी वर्गों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी के सामूहिक संघर्ष और संकल्प से पृथक उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। इन वर्षों में प्रदेश ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास का लाभ पहुंचाने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमें अपने गौरवशाली संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने के साथ ही विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को संरक्षित रखते हुए उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि शहीद आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड का निर्माण ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल मौजूद थे।

विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है उत्तराखंडः पीएम

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर उत्तराखंड के समस्त नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने अपने विस्तृत संदेश में उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, राज्य की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, आधारभूत ढांचे के विस्तार, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर 2000 को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प से उत्तराखंड एक अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। राज्य स्थापना की यह वर्षगांठ देवभूमि के लोगों के अदम्य साहस, अटूट स्वाभिमान और अनवरत प्रगति के संकल्प को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय जिन आकांक्षाओं के साथ उत्तराखंड का निर्माण हुआ था, आज प्रदेश उन्हें साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच बसा यह प्रदेश प्रकृति के अनुपम सौंदर्य और आध्यात्मिक वैभव का संगम है। मां गंगा और यमुना जैसी पवित्र नदियों का उद्गम इसी धरती से होता है। पंच केदार, पंच प्रयाग और चारधाम की परंपरा उत्तराखंड को देश की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बनाती है। बाबा केदारनाथ और बदरीविशाल से लेकर गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश तक प्रदेश के पवित्र स्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़े हैं।

उन्होंने उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन के कार्यों के दौरान उन्होंने देवभूमि के अनेक क्षेत्रों में लंबा समय बिताया है। केदारनाथ की दिव्य गुफा में साधना, आदि कैलाश की आध्यात्मिक यात्रा, बुग्यालों का आशीर्वाद और माताओं-बहनों का स्नेह आज भी उनकी स्मृतियों में जीवंत है। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की पूरी क्षमता वाला प्रदेश बताते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे के विस्तार की सराहना

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए पिछले एक दशक में राज्य की कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे का व्यापक विस्तार हुआ है। केंद्र सरकार ने लगभग 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। लगभग 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना पर भी कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। ये परियोजनाएं चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के साथ ही प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेंगी।

प्रधानमंत्री ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को उत्तराखंड के पर्यटन, व्यापार और उद्योगों के लिए नई क्रांति बताते हुए कहा कि इससे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय काफी कम होगा। देहरादून एयरपोर्ट का विस्तार, पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का संचालन, बनबसा में नए हेलीपैड की स्वीकृति तथा हेलिपोर्ट और हेलिपैड नेटवर्क का विस्तार राज्य में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत कर रहा है।

धार्मिक एवं सीमांत क्षेत्रों के विकास को बताया महत्वपूर्ण

प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण को विशेष महत्व का कार्य बताते हुए कहा कि धाम के विकास के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये के कार्य किए गए हैं। बदरीनाथ धाम में भी लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से रिवर फ्रंट, प्लाजा और मास्टर प्लान के तहत विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में उत्तराखंड की दिव्यता, भव्यता और पर्यावरण को प्राथमिकता दी गई है।

सीमावर्ती गांवों के विकास का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ये गांव केवल सीमाओं की पहचान नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा और सामर्थ्य के प्रतीक हैं। उन्होंने ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत माणा, जादुंग, टिम्मरसैंण, नीति और गुंजी जैसे सीमावर्ती गांवों में स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार किए जा रहे हैं।

पर्यटन, कुंभ और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिल रही नई पहचान

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में पर्यटन के महत्वपूर्ण योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में पर्यटकों की संख्या ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। हजारों होमस्टे के माध्यम से स्थानीय परिवारों की आय के नए स्रोत विकसित हुए हैं। वर्षभर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘एडवेंचर टूरिज्म’ और ‘365-डे टूरिज्म’ की दिशा में प्रयास हो रहे हैं। इसके साथ ही विंटर टूरिज्म, वेडिंग टूरिज्म और सस्टेनेबल टूरिज्म को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे प्रदेश की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ स्थानीय कला, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक पहचान मिल रही है।

प्रधानमंत्री ने हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये की सहायता का उल्लेख करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव बनेगा।

स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और किसानों के प्रयासों का उल्लेख

प्रधानमंत्री ने राज्य में सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत 98 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के क्रम में हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रपुर और अल्मोड़ा में नए मेडिकल कॉलेजों के संचालन तथा चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण का उल्लेख किया।

शिक्षा के क्षेत्र में देवप्रयाग में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर, नए केंद्रीय विद्यालयों और पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के पूर्ण साक्षरता के लक्ष्य को हासिल करने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

महिला सशक्तीकरण के संदर्भ में उन्होंने उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से ग्रामीण महिलाओं का जीवन आसान हुआ है और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिली है। किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से मिल रही आर्थिक सहायता को भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया।

प्रधानमंत्री ने जल एवं ऊर्जा के क्षेत्र में लगभग 8 हजार करोड़ रुपये की लागत वाले 1,000 मेगावाट क्षमता के टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट का उल्लेख करते हुए लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना, जमरानी बांध परियोजना और सॉन्ग बांध पेयजल योजना पर चल रहे कार्यों को भी महत्वपूर्ण बताया।

सुशासन और सांस्कृतिक विरासत की सराहना

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने को देश के लिए एक उदाहरण बताते हुए सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून और भू-कानून में पारदर्शिता जैसे कदमों की सराहना की। उन्होंने वन रैंक वन पेंशन के माध्यम से पूर्व सैनिकों के हितों को सर्वाेपरि रखने का भी उल्लेख किया।

राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और राज्य के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक राष्ट्रीय स्तर के पदक जीतने को पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आयोजित हो रही हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन मैराथन को साहसिक खेलों के क्षेत्र में राज्य की नई पहचान से जोड़ा।

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, लोकगीतों, पारंपरिक त्योहारों और खानपान का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि लोक परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत इस प्रदेश की आत्मा हैं। नंदा देवी मेला, उत्तरायणी मेला, जागेश्वर मेला, इगास-बग्वाल, छोलिया नृत्य, फूलदेई, मंडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर, बाल मिठाई और सिंगौड़ी जैसे पारंपरिक व्यंजन एवं उत्पाद उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान हैं।

प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड आगे भी प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि उत्तराखंड का हर गांव, प्रत्येक परिवार और प्रत्येक युवा विकास के अवसरों से जुड़े। इसी संकल्प के साथ ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ की दिशा में आगे बढ़ते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का जताया आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश और उत्तराखंड की विकास यात्रा की सराहना के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव और आत्मीय जुड़ाव प्रदेशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहा है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से राज्य में विकास की नई संभावनाएं साकार हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा व्यक्त विश्वास और अपेक्षाएं राज्य सरकार के संकल्प को और मजबूत करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश का प्रत्येक गांव, युवा, किसान, महिला तथा सीमांत क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास, रोजगार, पर्यटन और निवेश के नए अवसरों का सृजन कर रहा है। राज्य सरकार ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

सीएम ने दीपावली पर की प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली का पावन पर्व अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री आवास में हर्षाेल्लास, उल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी गीता धामी तथा दोनों पुत्र भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर प्रकाश के इस महापर्व को मनाया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक मूल्यों, आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने जीवन में सकारात्मकता, सेवा, सहयोग और मानवता के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि प्रकाश का यह पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड निरंतर विकास, उन्नति और खुशहाली के नए आयाम स्थापित करे तथा राज्य का प्रत्येक नागरिक समृद्ध और सुरक्षित भविष्य की ओर अग्रसर हो।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता के साथ मनाने की अपील भी की।

मुख्यमंत्री ने तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में 13 नवम्बर को दून विश्वविद्यालय, देहरादून में आयोजित होने वाले तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी देश और दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों से प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। राज्य के विकास में उनके अनुभव, विशेषज्ञता और सुझावों का लाभ लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन प्रवासी उत्तराखण्डियों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ ही प्रदेश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन में प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद की व्यवस्था की जाए। उनके सुझावों को गंभीरता से लिया जाए तथा राज्य के विकास में उनके योगदान की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य में निवेश, स्वरोजगार, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य क्षेत्रों में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत की प्रभावी झलक दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने आयोजन स्थल पर स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी स्पष्ट की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन में किसी भी स्तर पर अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन का आयोजन 13 नवम्बर को दून विश्वविद्यालय के डॉ. नित्यानन्द ऑडिटोरियम में किया जाएगा। सम्मेलन में विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों की भूमिका एवं उपलब्धियों पर चर्चा होगी। श्विकसित उत्तराखण्ड में प्रवासियों की भूमिकाश् विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त श्हौसलों की उड़ान रू उत्तराखण्ड के युवा संघर्ष से सफलता के शिखर तकश् विषय पर भी संवाद होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल प्रवासी उत्तराखण्डियों को एक मंच पर एकत्रित करना नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास के साथ उनका स्थायी और भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन को सार्थक और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु एवं आर. मीनाक्षी सुंदरम, उत्तराखण्ड प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष पूरन चन्द्र नैलवाल एवं ओम प्रकाश भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।