गुमशुदा छात्र की तलाश को यूकेडी कार्यकर्ता पुलिस से मिले

उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने देहरादून के शमशेरगढ़ से आदित्य नौडियाल की खोजबीन में तेजी लाने की मांग को लेकर बालावाला चौकी प्रभारी केपी गौड़ से मुलाकात की। इसके साथ ही गुमशुदा छात्र के घर जाकर उसके परिजनों से मिलकर तमाम तथ्यों की पड़ताल की।

उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय मीडिया प्रभारी शिवप्रसाद सेमवाल ने परिजनों के हवाले से बताया कि छात्र ट्यूशन के नाम पर घर से निकला था लेकिन फिर घर नही पहुंचा।

उसके पास सफेद कलर की रेंजर साइकिल है। यह घटना 27 अक्टूबर की शाम लगभग 4ः30 बजे की है ।

आदित्य को अंतिम बार नेपाली फार्म तिराहे के सीसीटीवी फुटेज में देखा गया लेकिन उसके बाद वह ऋषिकेश गया या फिर हरिद्वार की तरफ निकल गया इसका कुछ पता नहीं चल पाया।

आदित्य के परिजन लगातार खोजबीन में लगे हुए हैं। चौकी प्रभारी बालावाला केपी गौड़ ने बताया कि पुलिस कांस्टेबल लगातार खोजबीन में लगे हैं तथा कॉल डिटेल के रिकॉर्ड को खंगाल रहे हैं।

पुलिस ने सभी थानों में गुमशुदगी के बारे में सूचना दे दी है। अनहोनी की आशंका मे आदित्य की मां का तब से लगातार स्वास्थ्य खराब चल रहा है।

गढ़वाल रेजीमेंट के सैनिकों और उनके परिवार के साथ दीपावली मनाने पहुंचे सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों तथा उनके परिजनों के साथ दीपावली पर्व मनाया। गढ़ी कैंट में 8 गढ़वाल रेजीमेंट द्वारा आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपस्थित सैनिकों तथा उनके परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं एवं बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सैनिकों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलस का निरीक्षण किया तथा सैनिकों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर 8 गढ़वाल रेजीमेंट द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में 8 गढ़वाल रेजीमेंट के सैनिक, भूतपूर्व सैनिक तथा उनके परिजन उपस्थित रहे।

अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटना का शिकार हुआ व्यक्ति, मंत्री ने पहुंचाया अस्पताल

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल अपने काफिले के संग बल्लीवाला फ्लाई ओवर से गुजर रहे थे। इस दौरान सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ एक व्यक्ति उन्हें दिखाई दिया, जिसकी बाईक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति के आसपास काफी संख्या भीड़ एकत्र हो गई, मगर किसी ने भी उसे अस्पताल पहुंचाने की जहमत तक नहीं उठाई। इस दौरान बल्लीवाला फ्लाईओवर से गुजर रहे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति पर नजर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल अपने काफिले को रूकवाया एवं दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को अपने वाहन में बिठाकर देहरादून स्थित सिनर्जी अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां कैबिनेट मंत्री ने चिकित्सकों को दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति के शीघ्र उपचार हेतु निर्देशित किया। जिसके बाद शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। इस दौरान मंत्री ने यहां चिकित्सकों को दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की बेहतर ढंग देखरेख करने हेतु निर्देश दिए, जिस पर दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति के परिजनों ने मंत्री का आभार जताया।

डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क का मंत्री डा. अग्रवाल ने किया उद्धाटन

शहरी विकास मंत्री डॉ प्रेम चंद अग्रवाल ने राजपुर स्थित डॉ श्यामा प्रसाद मुख़र्जी पार्क में लाइट एंड शो का उद्घाटन किया। इसी के साथ पार्क को जनता को समर्पित कर दिया गया।

मंत्री डॉ अग्रवाल राजपुर स्थित डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क पहुंचे। यहाँ उन्होंने पार्क में लाइट एंड साउंड शो का रिमोट दबाकर शुभारंभ किया। इस दौरान माँ गंगा पर आधारित 20 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। जिसमें मां गंगा के स्वर्ग से धरती पर अवतरित होने तक की कहानी दिखाई गई। साथ ही उत्तराखंड को धरती का स्वर्ग दिखाया गया। इसके अलावा माँ गंगा की उत्तराखंड को लेकर अपने मन की बात दिखाई गई।

इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने बताया कि करीब सवा तीन करोड़ रुपए की लागत से पार्क का जीर्णाेद्धार किया गया है। इसका मुख्य आकर्षण लाइट एंड साउंड शो है, प्रतिदिन शाम को दो शो लाइट एंड साउंड के दिखाये जाएंगे। इसका न्यूनतम चार्ज भी लिया जाएगा।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि गंगा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री के जरिए लोगों को पौराणिक कथाओं का ज्ञान होगा। मां गंगा के प्रति नई युवा पीढ़ी की आस्था बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के सामान्य ज्ञान में भी वृद्धि होगी।

डॉ अग्रवाल ने बताया कि इसके अलावा पार्क के आकर्षण चिल्ड्रन पार्क, कैफेटेरिया, पुश्ता गार्डन, गजेबो, टोपारी गार्डन, चिपको आंदोलन पर आधारित वृक्षों का संग्राक्षरण है। डॉ अग्रवाल ने बताया कि पार्क में शौचालय (महिला पुरुष /विकलांग), पेयजल की सुविधा, पार्किंग, कैन्टीन की सुविधा भी दी जाएगी।

डॉ अग्रवाल ने पार्क में स्थित डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के फोकस लाइट को बढ़ाने के लिए भी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।

इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष अंशुल चावला, मंडल महामंत्री युवा मोर्चा दीपक अरोड़ा, महिला मोर्चा महामंत्री संगीता नौटियाल, रेलवे बोर्ड सदस्य शशांक, प्रदेश अध्यक्ष अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन योगेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्री आदर्श रामलीला ट्रस्ट राजकोट नरेंद्र अग्रवाल, पूर्व पार्षद रोशन बाला, अध्यक्ष व्यापार मंडल राजपुर देहरादून मोहित अग्रवाल, संगीता असवाल, अश्विन खत्री, सूरज प्रकाश, अमित डंग, संजय बॉक्सर, वसीम खान, जावेद खान, परवेज खान, भारत भूषण गर्ग, दिनेश गुसाईं, एमडीडीए के अधीक्षण अभियंता एससी राणा, उद्यान अधिकारी एआर जोशी, अधिशासी अभियंता मनोज जोशी, अवर अभियंता सचिन कुमार, सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।

कृमि संक्रमण रोकने के लिये जरूरी है दवा का सेवनः रावत

स्वास्थ्य मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने आज श्री गुरू नानक पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज प्रेमनगर देहरादून में बच्चों को कृमिनाशक दवा खिला कर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की पहल पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत प्रदेशभर में 43.55 लाख बच्चों को कृमि मुक्ति की दवा खिलाई जायेगी। जिसमें स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों की बड़ी भूमिका होगी। इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिये सभी जनपदों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को शिक्षा विभाग सहित अन्य रेखीय विभागों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दे दिये गये हैं।

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर आज स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने श्री गुरू नानक पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज प्रेमनगर में छात्राओं को कृमि मुक्ति की दवा खिलाई। डॉ0 रावत ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, बच्चे स्वस्थ रहेंगे तो देश का भविष्य उज्ज्वल होगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश भर के सभी निजी एवं सरकारी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर 01 से लेकर 19 आयु वर्ग के 43.55 लाख बच्चों को प्रशिक्षित शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा कृमिनाशक दवा अल्बेंडाजॉल खिलाई जायेगी। इसके लिये सभी जनपदों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को शिक्षा विभाग, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग एवं पंचायतीराज विभाग से समन्वय स्थापित करने को कहा गया है। विभागीय मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिये 56453 कार्मिकों को तैनात किया गया है। जिसके अंतर्गत 11888 आशाएं, 22815 अध्यापक, 20067 आंगनबाडी कार्यकत्रियां, 2673 एएनएम शामिल है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर दवा खाने से छूट गये बच्चों को 17 अक्टूबर को मॉप-अप दिवस पर कृमिनाशक दवा खिलाई जायेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एल्बेंडाजोल दवा बच्चों को दी जानी अनिवार्य है, ताकि पेट में होने वाले कीड़े या कृमि को खत्म कर बच्चों को स्वस्थ रखा जा सके।

कार्यक्रम में प्रभारी महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ0 विनीता शाह, निदेशक प्राथमिक शिक्षा वंदना गर्ब्याल, निदेशक एनएचएम डॉ0 सरोज नैथानी, सीएमओ देहरादून डॉ0 मनोज उप्रेती सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित रहे।

सिविल मिलिट्री लायजन कॉन्फ्रेंस की बैठक में शामिल हुए सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सिविल मिलिट्री लायजन कॉन्फ्रेंस की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखण्ड शासन एवं सेना के अधिकारियों द्वारा प्रस्तावित विभिन्न एजेण्डा बिन्दुओं पर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। सेना को राज्य सरकार से सहयोग की जो अपेक्षाएं होंगी, उनको प्राथमिकता में रखते हुए उचित हल निकाला जायेगा। आज जो समन्वय बैठक हुई है, इसका आउटपुट निकालना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सैनिक बहुल प्रदेश है। जन सुविधा एवं सेना की सुविधा हेतु विभिन्न गतिविधियों के लिए जहां संयुक्त सर्वे की जरूरत है। जिला प्रशासन के अधिकारी एवं सैन्य अधिकारी संयुक्त सर्वे कर 03 सप्ताह के अन्दर शासन को रिपोर्ट दें, ताकि उन समस्याओं का उचित निदान करवाया जा सके।

इस अवसर पर मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनन्द बर्द्धन, लेफ्टिनेंट जनरल जे.पी. मैथ्यू, जीओसी उत्तर भारत एरिया, मेजर जनरल संजीव खत्री जीओसी उत्तराखण्ड सब एरिया, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डीजीपी अशोक कुमार, सचिव शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर, विनोद कुमार सुमन, शासन एवं सेना के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

राज्य सरकार का प्रयास, राज्य में औषधि निर्माण क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा प्रोत्साहन दिया जाए

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के नवनिर्मित एफडीए भवन व राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने औषधी परीक्षण प्रयोगशाला का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारे प्रदेश के फार्मा सेक्टर के लिए बहुत अहम दिन है। आज औषधि नियंत्रण संगठन एवं राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है। इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रख कर 6.56 करोड़ रुपये की लागत से एफ.डी.ए. भवन का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त 13.22 करोड़ रुपये की लागत से एफ.डी.ए. भवन में औषधि नमूनों की गुणवत्ता जांचने हेतु राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भी स्थापित की गई है। इस प्रयोगशाला में वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि राज्य में औषधि निर्माण और इस क्षेत्र में विस्तार की संभावनाओं को अधिक से अधिक प्रोत्साहन दिया जाए। इस दिशा में अनेक कार्य किये जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश में औषधि निर्माण की ईकाइयां लगातार बढ़ रही हैं। राज्य में लगभग 300 औषधि निर्माता कम्पनियां कार्य कर रही हैं। ये सभी इकाइयां अपने उत्पादन के जरिए हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध करवा कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में प्रकृति प्रदत्त अनेक संपदाएं हैं। उत्तराखण्ड आयुष, योग धर्म एवं संस्कृति की भूमि तो है ही। अब उद्योगों की भूमि भी बन रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा औषधि निर्माता कंपनियों को हर संभव मदद दी जायेगी। उन्होंने कहा कि 2025 में जब उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती मनायेगा, तब तक उत्तराखण्ड को उत्कृष्ट राज्य बनाने में फार्मा सेक्टर क्या योगदान दे सकता है, इस दिशा में ध्यान दिया जाए। उत्तराखण्ड को उत्कृष्ट राज्य बनाने में सबका योगदान जरूरी है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड में औषधि निर्माता कंपनियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। दवा कंपनियों को लाइसेंस लेने में दिक्कतें न हो इसकी लिए ऑनलाईन प्रक्रिया अपनाई जा रही है। 2024 तक राज्य को क्षय रोग मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। ब्लड डोनेशन एवं संस्थागत प्रसव में उत्तराखण्ड श्रेष्ठ राज्यों में है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, प्रभारी महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. विनीता शाह, प्रधानाचार्य दून मेडिकल कॉलेज डॉ. आशुतोष सयाना, औषधी नियंत्रक ताजबीर सिंह, प्रबंध निदेशक एकम्स ग्रुप संदीप जैन, आर.के.जैन एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। महावीर सेवा सदन एवं परमार्थ निकेतन द्वारा संयुक्त रूप से कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराये गये।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस परमार्थ के कार्य में लगे महावीर सेवा सदन एवं परमार्थ निकेतन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस सेवा भाव से इनके द्वारा दिव्यांगों के कल्याण के लिए कार्य किये जा रहे हैं, यह सराहनीय प्रयास है। जब हम दूसरों की मदद करते हैं तो उसका अलग आत्मीय सुख होता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों से भेंट की एवं उनका उत्साहवर्द्धन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दिव्यांगता मुक्त उत्तराखण्ड के लिए सबको मिलकर प्रयास करने होंगे। दिव्यांगों के कल्याण के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। अनेक सामाजिक संस्थाएं भी इनके कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। उत्तराखण्ड को दिव्यांगता मुक्त बनाने के लिए सभी को संकल्प लेना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नये भारत का नारा जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान एवं जय अनुसंधान है। देवभूमि उत्तराखण्ड से हमें ‘जय दिव्यांग’ के नारे को आगे बढ़ाकर दिव्यांगता मुक्त उत्तराखण्ड की शुरूआत करनी है। उन्होंने कहा कि 2024 तक उत्तराखण्ड को क्षय रोग मुक्त एवं 2025 तक ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

इस अवसर पर परमार्थ निकेतन के संस्थापक अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती, महावीर सेवा सदन से देवेन्द्र राज मेहता एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

सीएम और केंद्रीय राज्य मंत्री के बीच हुई मुलाकात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से केन्द्रीय राज्य मंत्री मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी डॉ. संजीव बालियान ने शिष्टाचार भेंट की।

भेंट के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय राज्य मंत्री के मध्य राज्य में मत्स्य पालन एवं पशुपालन के क्षेत्र में चल रही विभिन्न योजनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अनेक लोग मत्स्य पालन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य भी कर रहे हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि राज्य में मत्स्य पालन एवं पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार से हर संभव मदद दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने किया विरासत मेले का शुभारम्भ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कौलागढ़ रोड स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम में रूरल एंटरप्रेन्योरशिप फोर आर्ट एंड कल्चर हेरिटेज (रीच) द्वारा आयोजित विरासत आर्ट एण्ड हेरिटेज फेस्टिवल का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन विभिन्न राज्यों के परम्परागत हस्तशिल्प एवं लोक कलाओं को प्रभावी मंच प्रदान करने के साथ उनके संरक्षण के लिये भी प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन शिल्पियों, बुनकरों एवं कारीगरों को अपने उत्पादों के विपणन के लिये बाजार भी उपलब्ध कराने का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 दिवसीय यह आयोजन संगीत, मनोरंजन के साथ ही लोक कला एवं लोक संस्कृति की विरासत से भी आम लोगों को जोड़ने तथा भावी पीढ़ी को भी विरासत सौंपने का कार्य करेगा। उन्होंने इस आयोजन में प्रतिभाग कर रहे लोककला व हस्त शिल्पकारों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन उन्हें अपनी कला के प्रदर्शन का बेहतर अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं पारम्परिक लोककला, लोक विद्या एवं उत्पादों के साथ पाक कला को भी पहचान दिलाने में मददगार होगा। हमारा प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो इसके लिये सभी को सहभागी बनना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के अनेक प्रस्तावों पर ओएनजीसी द्वारा सहयोग किया जा रहा है। ओएनजीसी द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में राज्य सरकार को सहयोग दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारे राज्य के साथ ही पूरे देश में अनेकों कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 21 वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बताया है। राज्य जब 25 वॉ स्थापना दिवस मना रहा होगा, तब राज्य सभी क्षेत्रों में देश का अग्रणी एवं आदर्श राज्य होगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नंबर वन बनेगा। कहा हमारी सरकार हर समय जनता की सेवा में समर्पित है।
मुख्यमंत्री ने कहा ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन का कार्य तेज गति के साथ आगे बढ़ रहा है, दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके पूरा होने पर यह दूरी मात्र दो घंटे की हो जाएगी, उसके बाद और अधिक संख्या में तीर्थयात्री, पर्यटन उत्तराखंड राज्य में आएंगे, हम जनसेवा को ध्येय मान कर कार्य कर रहे हैं और हमारा लक्ष्य उत्तराखंड का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने कहा माननीय प्रधानमंत्री की अपेक्षा के अनुरुप हम वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड को प्रत्येक क्षेत्र में आदर्श राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयत्नशील हैं उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी पर तेज गति के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा राज्य सरकार पारदर्शिता के साथ विकल्प रहित संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वोकल फॉर लोकल का मंत्र दिया है जिसके अन्तर्गत प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिले, इससे जहां बाजारों को उत्पाद मिलेगा वहीं उत्पादों को बाजार मिलेगा। वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने के लिए भी इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किये जा रही हैं। प्रदेश में वन डिस्ट्रिक टू प्रोडक्ट को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अवसर पर रीच फाउंडेशन के प्रबंधक आर के सिंह, ओ.एन.जी.सी. के सी एम डी, आर के श्रीवास्तव, डायरेक्टर पंकज कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।