दून यूनिवर्सिटी में दो दिवसीय कार्यशाला का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में डॉ. नित्यानन्द हिमालयी शोध एवं अध्ययन केन्द्र का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने दून विश्वविद्यालय में शोध एवं विज्ञान पर चल रही दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारम्भ भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विषयों पर आधारित पुस्तकों का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डॉ. नित्यानन्द ने अपना सम्पूर्ण जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित किया। उनका प्रयास रहता था, कि जनता के बीच जाकर जन समस्याएं सुनी जाएं और उसके बाद नीतियां बनाई जाएं। उनका मानना था कि विभिन्न क्षेत्रों में अधिक से अधिक शोध कार्य हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिये हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट तैयार करने के लिए 05 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। राज्य का संतुलित बजट बने इसके लिए हर क्षेत्र के विशेषज्ञों से संवाद स्थापित किया गया। जन सुझावों को ध्यान में रखते हुए राज्य का बजट बनाया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का विश्व में मान-सम्मान बढ़ा है। आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ा है। 2014 के बाद से देश में नई कार्य संस्कृति आई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। 2025 तक उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड का समग्र विकास हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के अन्तिम पंक्ति पर खड़े लोगों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिले, इसके लिए योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने के अधिकारियों को निदेश दिये गये हैं।

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि डॉ. नित्यानन्द ने समाज सेवा के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किया। उन्होंने संवेदनशीलता के आधार पर समाजसेवा करने की सीख दी। वे चाहते थे कि उत्तराखण्ड में विभिन्न विषयों पर शोध हो। आज डॉ. नित्यानन्द हिमालयी शोध एवं अध्ययन केन्द्र के लोकार्पण के अवसर पर शोध पर ही कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है, यह एक सुखद क्षण है।
इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद तरुण विजय, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, विज्ञान और इंजीनियरिंग अनुसंधान बोर्ड (एसईआरबी) के सचिव प्रो. संदीप वर्मा, प्रो. एस.पी.सिंह, प्रो. बानाकर, प्रो. मोनिका अग्रवाल, प्रो. दुर्गेश पंत, उत्तरांचल उत्थान परिषद के संरक्षक प्रेम बुड़ाकोटी, राम प्रकाश पैन्यूली, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, पूर्व कुलपति एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े वैज्ञानिक मौजूद थे।

मंत्री से केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने की उठी मांग

ऋषिकेश में केंद्रीय विद्यालय खोले जाने की मांग को लेकर पार्षद सुंदरी कंडवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने शहरी विकास मंत्री व क्षेत्रीय विधायक से मुलाकात की।

वीरभद्र भाजपा मंडल महामंत्री व नगर निगम पार्षद सुंदरी कंडवाल ने बताया कि लगातार मीडिया के जरिए केंद्रीय विद्यालय के बंद होने की सूचना मिल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय ऋषिकेश विधानसभा की एक पहचान ही नहीं बल्कि शिक्षा का मुख्य केंद्र बिंदु भी है। यहां से अभी तक अध्ययन कर चुके हजारों छात्रों ने देशभर में विद्यालय का नाम रोशन किया है।

निगम पार्षद सुंदरी कंडवाल ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय में शिक्षा के साथ ही बच्चों के शारीरिक और बौद्धिक सहित संस्कार युक्त शिक्षा प्रदान की जाती है। ऐसे में विद्यालय के बंद होने पर विधानसभा के लिए शिक्षा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति होगी।

पार्षद कंडवाल ने बताया कि वर्तमान में इस विद्यालय से करीब 1200 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार है का शिक्षा पर विशेष जोर है। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय को खोलने के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में उषा लखेड़ा, सुनीता कुकरेती, संगीता कुकरेती, प्रतिमा रावत, सरोज चौहान, अंजू देवी, विमला देवी, माया घले आदि महिलाएं उपस्थित रही।

सीएम ने लक्ष्य सेन को 15 लाख की सम्मान राशि का चेक देकर किया सम्मानित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में भारत की ऐतिहासिक थॉमस कप जीत पर उत्तराखण्ड के सपूत एवं विश्व विख्यात खिलाडी लक्ष्य सेन को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने थामस कप की एतिहासिक जीत पर लक्ष्य सेन को 15 लाख तथा गतवर्ष आल इंगलैंड प्रतियोगिता में विजयी होने पर 10 लाख का चेक भेंट किया। उन्होने लक्ष्य सेन को आगामी ओलम्पिक में जीत की शुभकामनाये देते हुए कहा कि लक्ष्य सेन ने हम सबको भी सम्मानित करने का कार्य किया है। हमारे नये उदीयमान खिलाड़ी लक्ष्य सेन से प्रेरणा लेकर अपनी प्रतिभा देश व दुनिया में प्रदर्शित करने में कामयाब होगें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्ष्य सेन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट के दौरान उन्हे अल्मोड़ा की बाल मिठाई भेंट कर बाल मिठाई को ब्राण्ड बना दिया है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखण्ड के प्रति विशेष लगाव का भी प्रतीक है। प्रधानमंत्री से हमें खेलों के साथ अन्य विभिन्न क्षेत्रों में नई कार्य संस्कृति एवं कार्य व्यवहार की सीख मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो में कोई शार्टकट नही होता है। खिलाडी का परिश्रम व पसीना उसे पदक प्राप्त करने में मदद करता है। महाभारत के अर्जुन की भांति मछली की आंख को लक्ष्य बनाने जैसा कार्य कर लक्ष्य सेन ने इंडोनेशिया की 14 बार की विजेता टीम को हराकर देश का मान बढ़ाया है। यह जीत लक्ष्य सेन को नई जिम्मेदारी का अहसास कराने के साथ ओलम्पिक जीतने के लिये प्रेरित करेगी हम सबकी भावना उससे जुडी है। हमारा कोई भी बेटा या बेटी जब अपनी प्रतिभा के बल पर आगे बढता है तो उसमें सबकी भावना जुड जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रतिभावान खिलाडियों को खेल प्रतियोगिताओं में उचित अवसर तथा वातावरण उपलब्ध कराने के लिये खेल नीति तैयार की गई है। इससे सामान्य परिस्थिति में रहने वाले खिलाडियों को अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के बेहतर मौके मिल सकेंगे।
उन्होंने कहा की विकास की दृष्टि से उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में आगे बढ़े इसके लिये व्यापक स्तर पर मंथन किया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों के विषय विशेषज्ञों, बुद्धिजीवियों से संवाद कायम कर आम बजट तैयार करने से लेकर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन उनके विचार एवं सुझाव आमंत्रित किये गये हैं। राज्य के विकास में जन सहभागिता का हमारा प्रयास है।
इस अवसर पर लक्ष्य सेन ने कहा कि थामस कप में इस बार हम एज ए टीम पहली बार देश के लिये खेले। उन्होंने कहा कि आगे भी अपनी खेल प्रतिभा से देश का नाम रोशन करने का उनका प्रयास रहेगा। उन्हें सम्मानित करने के लिये उन्होंने मुख्यमंत्री का भी आभार व्यक्त किया।
उत्तराखण्ड बेडमिन्टन एशोसियेशन द्वारा लक्ष्य सेन को टेब भी भेंट किया गया।
पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार तथा विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार ने भी अपने सम्बोधन में लक्ष्य सेन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगितायें राष्ट्रभावना का प्रतीक होती है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, उत्तरांचल बेडमिंटन एशोसियेशन की अध्यक्षा अलकनन्दा अशोक, निदेशक खेल जीएस रावत, संयुक्त निदेशक खेल श्री धमेन्द्र भट्ट, लक्ष्य सेन के पिता एवं कोच डी.के.सेन सहित एशोसियेशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी उपस्थित थे।

बजट से पूर्व चर्चा में सीएम ने बताया कैसा बजट बनाना चाहती है सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा तैयार किये जा रहे बजट में आम जनता के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के विषय विशेषज्ञों की भागीदारी सुनिश्चित हो। इसके लिए बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है, जिसमें उद्योग, व्यापार, होटल, पर्यटन, कृषि आदि विभिन्न क्षेत्रों के विषय विशेषज्ञों के बहुमूल्य सुझाव प्राप्त हुए है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य का बजट सामान्य जनता का बजट बने इसके लिए नैनीताल के बाद देहरादून में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नागरिकां के सपनों को साकार करने में बजट की महत्वपूर्ण भूमिका होती हैं। सरकार जनता के लिये होती है। इसमें जनता को सहभागी बनाने का हमारा प्रयास है। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले विषय विशेषज्ञ समाज की क्रीम होती है। वह समाज को दिशा देने का कार्य करते है। इस संवाद कार्यक्रम में प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों का समावेश बजट में किये जाने का उन्होंने भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय कोष को बढ़ाये जाने के लिये कर राजस्व को बढ़ावा देने के प्रयासों के साथ ही अनेक महत्वपूर्ण सुझावों को अमल में लाया जायेगा। राज्य का जी.एस.टी में केन्द्र सरकार द्वारा दी गई छूट की अवधि समाप्त हो रही है। जिसमें राज्य को 05 हजार करोड़ के नुकसान का अनुमान है। इसकी भरपाई कैसे हो इस दिशा में भी हमें सोचना है। हमारा राज्य धर्म और आध्यात्म का केन्द्र है। हमें राज्य की इकोलॉजी और इकोनोमी को साथ लेकर चलना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड तब बनेगा जब हम सब अपने दायित्वों का सही ढंग में निर्वहन करें। हमारे उद्योग, व्यापार, होटल आदि बेहतर ढंग से संचालित हो। उत्तराखण्ड के विकास की यात्रा हमारी सामूहिक यात्रा है। हमारा लक्ष्य उत्तराखण्ड को 2025 तक देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है। हमारे राज्य में उद्योग व्यापार सही ढंग से संचालित हो इसके लिये उनके साथ भी संवाद का कार्यक्रम निरन्तर जारी है। उद्योग की अधिकांश समस्याओं का समाधान किया जा चुका है। हमारा मानना है कि राज्य में उद्योग सही ढंग से चलेंगे तो और अधिक उद्योग राज्य में लगेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे उद्यमी हमारे ब्राण्ड अम्बेसडर भी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के समेकित विकास के दृष्टिगत बोधिसत्व विचार श्रृखंला का भी आयोजन किया गया है। इसमें भी विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों एवं बुद्धिजीवियों ने अपने बहुमूल्य सुझाव सरकार को दिये है। इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों एवं चिन्तन से जो निष्कर्ष निकलेगा उसकी प्रदेश के विकास में बड़ी भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि हम सरलीकरण समाधान एवं निस्तारीकरण की प्रक्रिया को कार्य व्यवहार में ला रहे है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश के साथ प्रदेश में भी हर क्षेत्र में प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बताया है। हम इसके लिये सबको साथ लेकर चल रहे है। सभी की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। हमारी सरकार उद्यमियों के साथ है। हमारे उद्यमी हमारे युवाओं के मददगार बने इसकी उन्होंने जरूरत बतायी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा अपने चरम पर है। यात्रियों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने अपेक्षा की कि जो लोग मेडिकली फिट नही है वे अभी यात्रा पर न आये। यात्रा में भगदड़ अथवा किसी अन्य अव्यवस्था के कारण किसी भी यात्री की मृत्यु नहीं हुई है। इस बार की यात्रा हमारे लिये चुनौती भी है। उन्होंने सभी होटल व ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों आदि से अपेक्षा की है कि यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार करे। अतिथि देवो भवः हमारी परम्परा है। जब हम यहां आने वालों के साथ अच्छा व्यवहार करेंगे तो वे बार-बार यहां आयेंगे तथा देश व दुनिया में राज्य की बेहतर पहचान बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों के साथ ग्राम इकाई मजबूत हो, विकास का लाभ सबको मिले इसके लिये सभी को सहभागी बनना होगा। अकेले सरकार सब कुछ नहीं कर सकती हैं उन्होंने कहा कि इस संवाद में प्राप्त होने वाले सुझाव सर्वस्पर्शी एवं सर्वग्राही बजट बनाने के साथ ही प्रदेश की व्यवस्थाओं को मजबूत करने में मददगार होंगे।
इस अवसर पर वित्त मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की पारकल्पना का परिणाम है कि प्रदेश में पहली बार बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसे उन्होंने राज्य हित में युवा मुख्यमंत्री की युवा सोच बताते हुए कहा कि संवाद कार्यक्रम से राज्य का अच्छा बजट बनाने में मदद मिलेगी। समाज के अन्तिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के विकास की परिकल्पना भी इससे साकार होगी।
इस संवाद कार्यक्रम में जिन्होंने अपने सुझाव रखे उनमें बीज बचाओ अभियान के प्रणेता विजय गड़धारी, पद्मश्री प्रेम चन्द शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान व सोना सजवाण, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, मेयर रूड़की अनुज गोयल, मेयर हरिद्वार, प्रान्तीय उद्योग व्यापर मंडल अध्यक्ष अनिल गोयल, सोनिया गर्ग, मनुकोचर, सिडकुल मैनिफैक्चर्स एसोसिएशन हरेन्द्र गर्ग, लघु उद्योग संगठन के कैलाश नागला, अध्यक्ष मसूरी होटल एसोसिएशन संजय अग्रवाल, होम स्टे संगठन के हर्षित सहगल, एडवेंचर टूरिज्म के राकेश पंत, ताज होटल गु्रप के जी.के.शर्मा, चार्टट एकाउन्टेंट एसोसिएशन के सी.ए वीरेन्द्र कालरा, सी.ए. राजेश गुप्ता, चारधाम ट्रेवल के अभिषेक अहालूवालिया, रूड़़की इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के केतन भारद्वाज, प्रान्तीय उद्योग व्यापार संगठन के विनय गोयल, डॉ किरन पुरोहित, कुन्दन सिंह पंवार, हरेन्द्र पाल सिंह नेगी सहित विभिन्न क्षेत्र के विशेषज्ञों ने अपने सुझाव दिए।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, सचिव आर मीनाक्षी सुन्दरम्, शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर आदि भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रो0 दुर्गेश पंत ने किया।

एमडीडीए सचिव ने पोस्टरों का लिया संज्ञान, खंडन किया

सचिव एमडीडीए बृजेश कुमार संत ने बताया प्राधिकरण के संज्ञान में आया है कि कुछ अज्ञात लोगों द्वारा शहर के कुछ स्थानों यथा शिमला बाईपास रोड पर पोस्टर लगा के एमडीडीए में जेई एवं सुपरवाइजर की भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित किये जा रहे है। इस संदर्भ में सर्व साधारण को यह अवगत कराना है कि उक्त पोस्टर पूर्णतया भ्रामक एवं गलत है तथा कानूनन यह कार्य गलत एवं दंडनीय है। प्राधिकरण या कोई भी अन्य सरकारी संस्था इस तरह की किसी भी भर्ती के लिये उचित माध्यम यथा समाचार पत्र, सरकारी वेब साइट आदि का प्रयोग करती है। यह खंडन आम जनहित में जारी किया जा रहा है।

धामी ने पीएम की अध्यक्षता में राज्य के विधिक क्षेत्रों में किये गये कार्यो की जानकारी दी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की अध्यक्षता में विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित, मुख्यमंत्रियों और उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों की संयुक्त कान्फ्रेंस में प्रतिभाग किया।
उत्तराखण्ड में विधिक क्षेत्र में किये गये कार्यों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि उत्तराखण्ड द्वारा विगत 5 वर्षों में विधिक अधिकारियों का कैडर रिव्यू करते हुए स्वीकृत पदों की संख्या 230 से बढाकर 299 कर दी तथा वर्तमान में 271 न्यायाधीश कार्य कर रहे हैं। इसी प्रकार उत्तराखण्ड द्वारा पूर्व लम्बित प्रकरण (3 साल की अवधि से ज्यादा) को पूर्ण करते हुए 5 नयी परियोजनाएं विगत वर्षों में जिला न्यायालयों के निर्माण इत्यादि में पूर्ण किया। उत्तराखण्ड ने अपना पंचवर्षीय एवं वार्षिक अवस्थापना संबंधी आवश्यकताओं का माननीय उच्च न्यायालय के साथ मिलकर तैयार किया है। जिसे केन्द्र सरकार को भेजा जा चुका है, जिसके तहत केन्द्र पोषित योजना इस वित्तीय वर्ष में रू0 80 करोड़ की धनराशि केन्द्र सरकार द्वारा उत्तराखण्ड राज्य को आवंटित की गई है। इसी प्रकार माननीय उच्च न्यायालय में तथा सूचना प्रौद्योगिकी का विस्तार करते हुए एक टेक्निकल अधिकारी के सापेक्ष वर्तमान में 26 टेक्निकल अधिकारी कार्यरत हैं।
सभी को सुचारू रूप से निःशुल्क न्यायिक सेवा प्राप्त हो, इस उद्देश्य से सभी 13 जिलों में 13 सदस्य सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में नियुक्त किये। साथ ही सभी 13 जनपदों में विशेष किशोर पुलिस इकाई की स्थापना की है। उत्तराखण्ड द्वारा सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों को दिए जाने वाली सुविधा के संबंध में नियमावली माह दिसम्बर 2021 में अधिसूचित कर दी गई है।
उत्तराखण्ड द्वारा राज्य में 2 वाणिज्यिक न्यायालय शुरू कर दिए गये हैं तथा शीघ्र ही राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का भी संचालन प्रारम्भ कर दिया जायेगा।
देश में सर्वप्रथम वृद्ध, बीमार एवं न्यायालय आने में असमर्थ व्यक्तियों की गवाही अंकित करने के लिए उत्तराखण्ड के 13 जिलों में 13 मोबाइल न्यायालय वैन की सुविधा प्रारम्भ की गई है। जिससे विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गवाही अंकित की जा रही है।

एमडीडीए की बैठक में कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों को दिये निर्देश

आज विधानसभा स्थित सभागार में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के शीर्ष अधिकारियों के साथ शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बैठक की। उन्होंने ऋषिकेश में नगर निगम की भूमि पर बहुमंजिला पार्किंग बनाने को माह दिसम्बर 2023 तक हर हालत में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही रिक्त पदों को भरने, अगले 20 दिन के भीतर अवैध प्लाट, भवन को चिन्हित करने के भी निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने प्राधिकरण द्वारा नक्शा पास के लिए चार हजार आवेदन को तय समय के भीतर किये जाने पर प्रंशसा व्यक्त की।

बैठक में कैबिनेट मंत्री अग्रवाल द्वारा ये निर्देश दिए गये।
1- नगर निगम ऋषिकेश में जी प्लस छह मंजिला पार्किंग बनाने के लिए चार माह के भीतर कागजी कार्यवाही कर माह दिसंबर 2023 तक पूर्ण करने के कड़ाई से निर्देश दिए। इस कार्य को प्राथमिकता के साथ करने को कहा।
2- मसूरी मॉल रोड के सौंदर्यकरण के कार्य में सड़क बनाने के कार्य को फिलहाल रोकने के निर्देश दिए। कहा कि इससे टूरिस्टों को परेशानी होगी।
3- किसी भी पार्क या सौंदर्यकरण के कार्य को आकर्षित बनाया जाए। इस बात का ध्यान रहे सरकारी धन दुरुपयोग न हो। कामचलाऊ काम न करें।
4- डोईवाला में बस अड्डा के लिए जल्द से जल्द जमीन तलाश की जाए। इस मामले में जिलाधिकारी देहरादून की मदद ली जाए।
5- प्राधिकरण द्वारा बनाये गए फ्लैट्स विक्रय कराने के लिए प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाकर इसपर कार्य योजना तय की जाए।
6- यदि कोई आपत्ति न हो तो आवासीय नक्शा 15 दिन के भीतर पास किये जायें। इसी तरह व्यवसायिक नक्शा 30 दिन के भीतर पास करें। उसकी सूची प्राधिकरण की वेबसाईट पर भी डालें।
7- उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि प्राधिकरण अपनी कार्यशैली सुधारे। अवैध बिल्डिंग बनने से पूर्व कार्यवाही करें। उन्होंने 20 दिन का समय निर्धारित करते हुए कहा कि जिले की सभी अवैध बिल्डिंग की जानकारी दे। इस संदर्भ में 15 मई को पुनः बैठक करने को कहा।
8- मंत्री ने प्राधिकरण में रिक्त पदों को जल्द भरने के भी निर्देश दिये।
इस मौके पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बृजेश कुमार संत, अधिशासी अभियंता श्याम मोहन शर्मा, अजय माथुर, अधीक्षण अभियंता हरि चंद सिंह राणा, अनुसचिव अनुजा सिंह, वित्त नियंत्रक स्मृति खंडूरी आदि मौजूद रहे।

निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण करे पीडब्ल्यूडी विभाग-सीएस

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने सचिवालय में पूर्व में जिलाधिकारियों के साथ हुई बैठकों में लोक निर्माण विभाग से सम्बन्धित प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं के निस्तारण के सम्बन्ध में बैठक आयोजित की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपदों से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं के शीघ्र निस्तारण हेतु विभाग एवं शासन स्तर पर डेडीकेटेड अधिकारी सुनिश्चित कर लिया जाए।
मुख्य सचिव ने बागेश्वर जनपद के अंतर्गत पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई में अमीनो की शीघ्र तैनाती एवं चमोली में जोशीमठ-औली मोटरमार्ग का डामरीकरण और चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने चंपावत में मानसून के दौरान मुख्य मार्ग के बंद रहने वाले के कारण सूखीडांग-डाडामिनार मार्ग को वैकल्पिक मोटर मार्ग के रूप मिले जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए, साथ ही कार्य की टाइमलाइन निर्धारित की जाए। उन्होंने सभी कार्यों के महत्व के अनुरूप उनका वर्गीकरण कर अधिक महत्त्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने प्रदेश में पार्किंग की समस्या विशेषकर पर्वतीय जनपदों में मल्टीलेवल पार्किंग, टनल पार्किंग की दिशा में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीआरओ से सम्बन्धित प्रकरणों को उनके साथ मुख्य सचिव स्तर से अलग से बैठक आयोजित कर निस्तारित करने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जिलाधिकारियों द्वारा जनपदों में मार्ग सुधारीकरण की मांग की गई है, उन्हें प्राथमिकता पर लेते हुए शीघ्र से शीघ्र कार्यवाही की जाए। शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों को भी तेजी से निस्तारित किया जाए।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु सहित अन्य विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

भाजपा बड़े मार्जिन से उप चुनाव जीते, इसकी रणनीति तैयार

भाजपा ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के चंपावत उप चुनाव में बड़े मार्जिन से जीत के लिए रणनीति का खाका तैयार किया। इसके लिए जल्द ही एक टीम का ऐलान भी किया जाएगा। धामी खटीमा से चुनाव हार गए थे। भाजपा हाईकमान ने उन पर भरोसा जताते हुए दोबारा मुख्यमंत्री की बागडोर सौंपी है। चंपावत के विधायक कैलाश गहतोड़ी उनके लिए अपनी सीट खाली कर चुके हैं।
माना जा रहा है कि निर्चावन आयोग जून में उप चुनाव का ऐलान कर सकता है। भाजपा ने चंपावत उप चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के लिए अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष की मौजदगी में इसके लिए रणनीति बनाई गई। पार्टी वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक टीम भी बनाएगी, जो उप चुनाव में मानिटरिंग का काम देखेगी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को बड़े मार्जिन से जीत का लक्ष्य दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि मुख्यमंत्री उप चुनाव रिकार्ड मतों से जीतेंगे। भाजपा उपचुनाव के लिए पूरी ताकत झोंकने वाली है, ताकि सीएम की जीत हो सके।
वहीं, दायित्वों का ख्वाब पाले भाजपा नेताओं को अभी इंतजार करना पड़ सकता है। पार्टी हाईकमान अभी दायित्व बांटने के पक्ष में नहीं है। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का उप चुनाव संपन्न होने के बाद ही दायित्व बांटें जा सकते हैं। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने दायित्वों के लिए संगठन में अर्जियां देनी भी शुरू कर दी हैं।
तय रुपरेखा के अनुसार, भाजपा मई माह में प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने बताया कि मंडल स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो चुके हैं। अब जिलास्तर और प्रांतस्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होंगे। इसके साथ ही शीर्ष नेतृत्व से दिए जा रहे कार्यक्रमों को पूरे प्रदेश स्तर पर शुरू किया जाएगा।

देहरादून हॉफ मैराथन 2022 में नीरजा गोयल ने किया प्रतिभाग

नीरजा देवभूमि चेरिटेबल ट्रस्ट संथापक व पैरा इंटरनेशनल प्लेयर नीरजा गोयल और ट्रस्ट सह संस्थापक नूपुर गोयल ने देहरादून में आयोजित देहरादून हॉफ मैराथन 2022 में प्रतिभाग किया।
देहरादून हॉफ मैराथन 2022 का पैसिफिक मॉल देहरादून में किया गया, इसमें 5, 10 और 21 किमी का मैराथन रखा गया था, जिसमें लगभग 500 सामान्य लोगों के कुछ दिव्यांग महिलाओं में नीरजा गोयल प्रथम स्थान (ऋषिकेश), शिवा द्वितीय स्थान एवं प्रियंका गर्ग तृतीय स्थान ने प्राप्त किया। मैराथन को डीआईजी अशोक कुमार ने हरी झंडी दिखाई। गौरतलब है कि ऋषिकेश से नीरजा गोयल ने लगातार पांचवी मैराथन में प्रतिभाग किया है।