व्यापारी बोले, जीएसटी संग्रह बढ़ाने के नाम पर उत्पीड़न बंद हो

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र के नेतृत्व में प्रदेश में व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जीएसटी सर्वे करने का विरोध किया गया। इस बावत ज्ञापन मुख्यमंत्री को उपजिलाधिकारी ऋषिकेश के माध्यम से प्रेषित किया गया।

ज्ञापन के जरिए कहा गया कि व्यापारियों का जीएसटी संग्रह बढ़ाने के नाम पर उत्पीड़न बंद किया जाना चाहिए। व्यापारी समाज सरकार का हर कदम पर साथ देता आया है, लेकिन आज टेक्स् संग्रह बढ़ाने के लिए व्यापारी को परेशान किया जा रहा है।

ज्ञापन में मुख्यमंत्री से निवेदन किया गया है कि, टैक्स में हेराफेरी करने वाली फर्म को विभाग अपने कार्यालय से नोटिस जारी करें, क्योंकि विभाग के पास पूरा रिकॉर्ड होता है लेकिन ऐसा करने के बजाय विभागीय अधिकारी बाजार में व्यापारियों को प्रताड़ित कर रहे हैं, जिसका संगठन पुरजोर विरोध करेगा।

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष नरेश अग्रवाल ने कहा कि हम किसी भी सूरत में इस प्रकार से छापामारी करने आए अधिकारियों को बाजार में प्रवेश नहीं करने देंगे ,पूरे प्रदेश की इकाई ने यह निर्णय लिया है कि, इस प्रकार से व्यापारियों का उत्पीड़न करने के लिए अधिकारियों को छूट नहीं दी जाएगी और यदि अधिकारी ऐसा करेंगे तो उनका सड़क पर विरोध किया जाएगा।

ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री हरगोपाल अग्रवाल, वरिष्ठ व्यापारी नेता अरविंद जैन, रवि कुमार जैन, युवा इकाई के जिलाध्यक्ष आशु डंग, व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष दीपक तायल, सुनील तिवारी, संजय भारद्वाज, सुरेंद्र कक्कड़, मोतीराम टुटेजा, पवन शर्मा, अमरीश गर्ग, राजकुमार तलवार, गोपाल अग्रवाल, शिवम टुटेजा, राजीव खुराना, अभिषेक शर्मा, पंकज चावला, अनुज जैन, राजेश मनचंदा, जितेंद्र खुराना आदि व्यापारी गण उपस्थित थे।

कोतवाली ऋषिकेश ने अपहरत किशोरी को अलीगढ़ से बरामद किया

कोतवाली पुलिस ने बताया 14 जुलाई को एक शिकायकर्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी को विकास उर्फ गुरु पुत्र सुरेश निवासी ग्राम सोबनपुर थाना जरीफनगर जिला बदायूं, यूपी, हाल निवास सरूपा मोहल्ला गढ़ी ईस्ट ऑफ कैलाश, दक्षिण दिल्ली बहला-फुसलाकर कर अपने साथ भगा ले गया है। पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी। छानबीन में जुटी पुलिस टीम ने किशोरी के घर के आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। लोकेशन ट्रेस होने पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ शहर में दबिश दी।

पुलिस को सफलता मिली और किशोरी को अपहरणकर्ता के चुंगल से बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी विकास को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि मामले में दुष्कर्म सहित पोक्सो की धारा भी बढ़ाई गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

कैप कार्यालय में दिव्य हिमगिरि के 11वें वार्षिकांक का हुआ विमोचन


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में दिव्य हिमगिरि के 11वें वार्षिकांक का विमोचन किया।

इस अवसर पर दिव्य हिमगिरि के संपादक कुँवर राज़ अस्थाना, वरिष्ठ पत्रकार नवीन थलेड़ी, पत्रकार मोनिका डबराल, पूनम आर्या, राजा डोगरा के अलावा दून डिफेंस अकादमी के निदेशक संदीप गुप्ता, सीए सपन गुप्ता, समाजसेवी राकेश त्यागी, डॉ. अश्वनी कंबोज, डॉ. संजय अग्रवाल, डॉ. सुमित उपस्थित थे।

पिज्जा खाने के हैं शौकीन, तो चले आइए पिज्जा इटॉल्या


पिज्जा इटॉल्या ने बहुत ही कम समय में देहरादून में अपनी पहचान बना ली हैं। वर्ष 2016 में शुरू हुआ ये स्टार्ट उप आज डोमिनोज, केअफसी, पिज्ज़ा हट जैसे इंटरनेशनल ब्रांड को टक्कर दे रहा हैं।
सुभाष नगर कलेमेंट टाउन में अगर कभी देखें तो पिज्जा इटॉल्या, डोमिनोज और के॰अफ॰सी के बीच में अपनी छाप बना के बैठा हुआ हैं और लोगों के बीच अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के बाद पूरी तरह इन दोनो ब्रैंड्ज़ को बराबरी का कॉम्पटिशन देता हैं।

पिज्जा इटॉल्या की 4 ब्रैंचेज़ हैं निम्बुवाला, ईसी रोड, सुभाष नगर और सहस्त्रधारा रोड। यहाँ ग्राहक अपना पिज्जा स्वयं अपने सामने बनता हुआ देख सकते हैं और कम्पेटिटिव ब्रांड के मुक़ाबले अपने दाम कम और लाइव किचन के कॉन्सेप्ट की वज़ह से इस ब्रांड ने बहुत जल्द ही लोकप्रियता हासिल की हैं। उत्तराखंड का अपना एक इंटर्नैशनल लेवल का यहाँ स्टार्ट उप लोगों को रोज़गार देने के लिए भी अनोखी पहल करता है

स्टार्ट उप की संचालिका शिल्पा को 2019 में मुख्यमंत्री द्वारा युवा उध्यमी का अवार्ड भी मिल चुका हैं। स्वरोज़गार को अपनाने व रोज़गार के सादन को बढ़ावा देने में यह स्टार्ट उप बहुत बखूबी कार्य कर रहा हैं।

रायवाला पुलिस ने 17 भैंस के साथ दो गिरफ्तार

उत्तराखंड गौवंश संरक्षण स्कवायड गढ़वाल परिक्षेत्र की टीम ने ट्रक में 17 भैंस वंशीय पशुओं के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम में केस दर्ज किया है।

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक उत्तराखंड गौवंश संरक्षण स्कवायड गढ़वाल परिक्षेत्र की टीम ने गुरुवार को नेपाली फार्म तिराहे पर एक ट्रक को रोका। इसमें पहाड़ से 17 भैंस वंशीय पशुओं को ठूंस-ठूंसकर भरकर ला रहे थे। टीम ने मामले में फरमान पुत्र इस्लाम निवासी गांव महमूदपुर, पिरान कलियर और अलीशान पुत्र रईस अहमद निवासी पिरान कलियर, जिला हरिद्वार को गिरफ्तार किया। रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जायेगा।

डॉक्टर्स डे पर डा. बीसी रॉय को किया याद

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ऋषिकेश शाखा की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की।

रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया। मंत्री डा. अग्रवाल जी ने कहा कि हर किसी की जिंदगी में चिकित्सक की भूमिका काफी अहम होती है। हम सभी शारीरिक और मानसिक परेशानी से पीड़ित होने पर चिकित्सक के पास ही जाते हैं और चिकित्सक के पास भी लगभग हर समस्या का इलाज मौजूद रहता है। डा. अग्रवाल ने कहा कि इसलिए चिकित्सक को भगवान का दर्जा दिया गया है।

डा. अग्रवाल जी ने कहा कि चिकित्सक जीवनदाता होते है, कोरोना काल में अहम योगदान देकर चिकित्सकों ने इसको बखूबी साबित भी किया है। उस दौर में चिकित्सकों ने दिन-रात एक कर लोगों की जान बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का इलाज करने वाले डॉ. बिधान रॉय ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी योगदान दिया था।

बताया कि उनके योगदान को सम्मान देने के लिए एक जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के रूप में मनाते है। बताया कि 1975 से चिकित्सा, विज्ञान, दर्शन, कला और साहित्य के क्षेत्रों में अद्भुत काम करने वालों को भी हर साल बी.सी.रॉय पुरस्कार से नवाजा जाता है।

इस अवसर पर डा. अनिल डबराल को मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देकर सम्मानित किया। साथ ही आईएमए की कार्यकारिणी के नए सदस्यों से परिचय भी प्राप्त किया।

इस मौके पर आईएमए अध्यक्ष डा. विनिता पुरी, कोषाध्यक्ष डा. राजेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष डा. हरिओम प्रसाद, सदस्य डा. राजेंद्र गर्ग, डा. विनोद पुरी, डा. रामकुमार भारद्वाज, डा. केएन लखेड़ा, डा. अनिल डबराल, डा. ऋचा रतूड़ी, डा. हारून, डा. शोएब, डा. अजय गैरोला सहित नगरभर के अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

देहरादून का पहला स्ट्रैट जेट फाउंटेन का कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने किया लोकार्पण

आवास विकास मंत्री डॉ प्रेम चंद्र अग्रवाल ने प्राधिकरण द्वारा निर्मित एवं संचालित सर्वे चौक रोटरी का लोकार्पण किया। इस रोटरी पर सुंदर बागवानी के साथ ही सुंदर फ़व्वारे का भी संचालन किया जा रहा है।
इस कार्य की लागत लगभग 15.94 लाख रुपए है। यह देहरादून का पहला स्ट्रैट जेट फाउंटेन है। इसकी ऊंचाई 15 फ़ीट है तथा इसमें 7 विभिन्न रंगों की लाइट का प्रयोग किया गया है, जो कि पानी के ऊपर जाने आपना रंग बदलते रहती है।
इस मौके पर विधायक ख़जानदास, मेयर दून सुनील उनियाल गामा, प्राधिकरण सचिव मोहन सिंह बर्निया, उद्यान अधिकारी आशा राम जोशी एवम अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी स्थल पर उपस्थित रहे।

आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस अपनी अंतिम सांसें गिन रही

इंदिरा गांधी द्वारा 1975 में 25 जून को लगाये गए आपातकाल को काला अध्याय के रूप में याद किया जाता रहेगा। यह बात आपातकाल की 47वीं वर्षगांठ पर आयोजित विधानसभा स्तर के कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कही। इस मौके पर आंदोलन में जेल जाने वाले लोकतंत्र सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया गया।
रविवार को देहरादून तिलक रोड स्थित आरएसएस कार्यालय में आपातकालीन की बरसी पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर मंत्री डा. अग्रवाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के शासन के दौरान 1975 में लगा आपातकाल काले अध्याय से कम नहीं था। इस दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचला गया। आपातकाल के दौरान पूरे देश में लोकतांत्रित तरीके से आंदोलन हुए।
डा. अग्रवाल ने कहा कि इस वक्त सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग भी किया गया। डा. अग्रवाल ने कहा कि उनके परिवार ने भी अनेक यातनाएं सही और जेल की हवा भी खाई। कहा कि जेल में आपातकाल के दौरान पकड़े गए लोगों को सामान्य कैदी की तरह ही रखा जाता था। उन्हें कीड़े लगे चावल और पानी वाली दाल मिलती थी।
डा. अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने उस समय अपनी सत्ता बचाने और राजनीति स्वार्थ पूरा करने के लिए लोकतंत्र की हत्या देश में आपातकाल लगाकर की थी। कहा कि आपातकाल की नींव 12 जून 1975 को ही रख दी गई थी। इस दिन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को रायबरेली के चुनाव अभियान में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का दोषी पाया था और उनके चुनाव को खारिज कर दिया था। इतना ही नहीं, इंदिरा पर छह साल तक चुनाव लड़ने पर और किसी भी तरह के पद संभालने पर रोक भी लगा दी गई थी। जब 25 जून 1975 की आधी रात इमरजेंसी लागू की गई थी जनता के सारे अधिकार छिन गए थे।
डा. अग्रवाल ने बताया कि आपातकाल में जयप्रकाश नारायण की अगुवाई में पूरा विपक्ष एकजुट हो गया और देशभर में इंदिरा के खिलाफ आंदोलन शुरू हुआ। सरकारी मशीनरी विपक्ष के आंदोलन को कुचलने में लग गई थी। आंदोलनकारियों को जेल में डाला जाने लगा। 21 मार्च 1977 तक देश आपातकाल में पिसता रहा।
इस मौके पर प्रान्त प्रचारक युदवीर ने कहा कि आपातकाल के काले अध्याय को आने वाली को बताना होगा। इसके लिए सरकार से मांग की जाएगी कि इसको राजकीय पाठ्यक्रमों में शामिल किया जाए। इससे हमारे युवाओं को उस कठिन दौर में हुई स्थिति का पता चल सकेगा।
इस मौके पर 40 लोकतंत्र सैनानियों व उनके आश्रितों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। आयोजन को राकेश ओबराय, प्रभाकर उनियाल, विनय गोयल, प्रेम बडाकोटी, दयाराम, राजकुमार टांक, रविदेव आनंद ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन योगेश अग्रवाल ने किया।

पुलिस गिरफ्त में अन्तर जनपदीय गिरोह के चार सदस्य

रायवाला के छिद्दरवाला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात्रि लूट करने वाले अन्तर जनपदीय गिरोह के चार आरोपियों को रायवाला पुलिस व एसओजी ग्रामीण की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। उनके के कब्जे से लूटी गयी 92 हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल अपाचे को बरामद की है।
रविवार को उप-महानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनमेजय खंडूड़ी ने पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। 21 जून को तजिन्दर सिंह ग्रोवर पुत्र मोहन सिंह ग्रोवर निवासी 18 गांधी रोड़ देहरादून ने बताया था कि अपने दोस्त रघुवीर सिंह पटवाल के साथ वाहनों की नीलामी में भाग लेने के लिए अपने साथ कैश लेकर अपनी स्कूटी से रुड़की के लिए निकले और 11ः30 बजे वहां पहुंच गये थे। नीलामी खत्म होने पर हम रात 11ः45 बजे रुड़की से देहरादन के लिए चले। रात्रि समय लगभग 01ः40 बजे एक मोटर साइकल पर सवार 03 व्यक्तियों द्वारा रास्ट्रीय राजमार्ग तीनपानी फ्लाइओवर के ऊपर हमें धक्का मार के गिरा दिया और शर्ट के अन्दर रखे कैश 130000 रुपये, ऱघुवीर की चेक बुक और जीएसटी के पेपर की कॉपी लेकर भाग गये। क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश डीसी ढौडियाल व थानाध्यक्ष रायवाला भुवन चन्द्र पुजारी द्वारा अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। घटना स्थल तीन पानी फ्लाईओवर से राष्ट्रीय राजमार्ग रायवाला, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, लक्सर आदि क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेजों का गहनता से अवलोकन किया गया। टीम द्वारा लोकल स्तर पर सत्यापन की कार्यवाही की गई। एसओजी टीम द्वारा घटना स्थल क्षेत्र से सर्विलांस की मदद से अपराधियों के लोकेशन की गहनता से जांच की गयी। आरोपी सुमित पुत्र ओमपाल नि ग्राम चौतपुर, थाना लक्सर हरिद्वार, विकास उर्फ राजा पुत्र पवन सिंह नि ग्राम मुण्डाखेड़ा कला थाना लक्सर हरिद्वार, टीटू पुत्र पप्पू सिंह नि मुण्डाखेड़ा कलां, थाना लक्सर है। चौथा अभियुक्त विधिविवादित किशोर है। टीम में थानाध्यक्ष भुवन चन्द्र, दारोगा नीरज त्यागी, ज्योति प्रसाद उनियाल आदि थे।

जबरन शादी कराने पर नाबालिग की मांग सहित चार अरेस्ट

ऋषिकेश में कोतवाली क्षेत्रांतर्गत नाबालिग की जबरन शादी कराने पर पुलिस ने मां सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि बीते 24 जून को रेखा कोठियाल पत्नी बल्लू राम निवासी शांति नगर ऋषिकेश ने श्यामपुर पुलिस चौकी पर तहरीर दी। बताया कि उनकी नाबालिग भतीजी का उसकी मां के द्वारा मनसा देवी मंदिर में कपिल निवासी हस्तिनापुर मेरठ के साथ कपिल के सहयोगियों की मौजूदगी में बाल विवाह कराया जा रहा है जिसकी सूचना मेरे द्वारा चाइल्डलाइन देहरादून और महिला बाल विकास परियोजना की टीम को भी दी गई है।

प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस फोर्स मनसा देवी मंदिर ग्राम मनसा देवी गुमानीवाला ऋषिकेश पहुंचे तो जानकारी प्राप्त हुई की मंदिर के पुजारी द्वारा नाबालिक होने के कारण शादी से मना कर दिया गया है। जिस पर कपिल और उसके साथियों द्वारा जबरदस्ती नाबालिक के गले में फूलों की माला डालकर अपने सहयोगियों के साथ ऑल्टो कार में बैठकर मेरठ ले जा रहा है।

पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर वाहन को चाइल्ड लाइन एवं महिला बाल विकास परियोजना की टीम की मौजूदगी में श्यामपुर फाटक के पास रोक लिया।

आरोपियों की पहचान कपिल कुमार पुत्र स्वर्गीय महेंद्र सिंह निवासी आर के कॉलोनी बंगाली बाजार हस्तिनापुर जनपद मेरठ उत्तर प्रदेश, नकुल पुत्र स्वर्गीय सुखपाल सिंह निवासी ग्राम फूल का झाड़ थाना जानी जनपद मेरठ उत्तर प्रदेश, दीपक पुत्र स्वर्गीय मक्खन लाल निवासी गली नंबर 4 शांति नगर ऋषिकेश जनपद देहरादून, नाबालिग की मां शामिल रहे।