जी 20 शिखर सम्मेलन कार्यक्रम की तैयारियों की सीएस ने ली विस्तृत जानकारी

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने 24 से 28 मई 2023 में प्रस्तावित जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक ली। मुख्य सचिव ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उनकी तैयारियों पर विस्तृत जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने कहा कि जी-20 सम्मेलन के दौरान प्रतिभागियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके लिए एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थलों एवं वापसी में एयरपोर्ट तक विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली जाए। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को एयरपोर्ट पर एयरपोर्ट अथॉरिटी एवं जिला प्रशासन आपसी सामंजस्य से हेल्प डेस्क उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने प्रतिभागियों के आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था दुरूस्त रखते हुए सुरक्षा के विशेष प्रबन्ध सुनिश्चित किए जाने के भी निर्देश दिए। कहा कि यातायात योजना इस प्रकार से तैयार की जाए कि न ही जी-20 के प्रतिभागियों को कोई समस्या हो, न ही चारधाम यात्रा के यात्रियों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़े।
मुख्य सचिव ने कहा कि देश-विदेश से आए प्रतिभागियों के समक्ष अपने प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति की झलक पहुंचाने के अवसर के रूप में देखते हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन, कला, संस्कृति योगा और आयुष का प्रचार प्रसार के साथ उक्त उत्पादों की जानकारियां भी उपलब्ध करायी जाएं। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। जी-20 कार्यक्रम के दौरान जिन-जिन विभागों की भूमिका रहेगी, उन विभागों द्वारा अपने स्तर पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. के सुधांशु, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, आर. राजेश कुमार एवं विनोद कुमार सुमन, एस.एन. पाण्डेय, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी टिहरी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

मालदेवता में सीएम ने आपदा प्रभावित भैसवाड़ा व छमरौली के 13 परिवारों को राहत राशि के चेक वितरित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरखेत (मालदेवता) प्राकृतिक आपदा प्रभावित क्षेत्र में चल रहे राहत कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में स्थिति सामान्य लाने के लिए कार्यों में और तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आपदा प्रभावित भैंसवाड़ा एवं छमरौली के 13 परिवारों को राहत राशि के चेक भी वितरित किए। इन सभी परिवारों को 3-3 लाख रुपए प्रथम किस्त प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि क्यारा धनोल्टी मार्ग के अवशेष 04 किमी मोटर मार्ग का निर्माण जल्द किया जाएगा। मालदेवता के समीप लालपुला एस सिला-मोलधार- सुवाखोली मोटर मार्ग के निर्माण के लिए केंद्रीय सड़क निधि के अंतर्गत प्रस्ताव भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस क्षेत्र में हुए नुकसान की भरपाई के लिए लगातार कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगस्त में जब इस क्षेत्र में आपदा आई थी, उस समय जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य के लिए सराहनीय कार्य किया गया। हेलीकॉप्टर के पायलटों ने भी अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को बचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान सरकार के साथ जन सहयोग बहुत जरूरी है। आपदा के दौरान सभी को किसी न किसी रूप में आगे आना होगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, उपाध्यक्ष जिला पंचायत दीपक पुंडीर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, वीर सिंह चौहान, अनुज कौशल, ग्राम प्रधान सरखेत नीलम कोटवाल उपस्थित थे।

सवा चार लाख नगदी और ब्लैंक चेक के साथ भाजपा नेता संजय धारीवाल गिरफ्तार

पेपर लीक कांड में फरार चल रहे 50,000 के इनामी पूर्व भाजपा नेता संजय धारीवाल को आखिरकार एसआइटी ने गिरफ्तार कर ही लिया। उसके कब्जे से सवा चार लाख की नकदी और दो ब्लैंक चेक बरामद हुए हैं।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पटवारी और जेई एई भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने के मामले में नारसन के मोहम्मदपुर गांव का प्रधान व भाजपा का पूर्व मंगलौर मंडल अध्यक्ष संजय धारीवाल एसआइटी की पकड़ से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर आइजी गढ़वाल करण सिंह नागन्याल ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था।
वहीं एसआइटी कुर्की से पहले मुनादी की कार्रवाई अंजाम दे चुकी थी। जबकि कुर्की के लिए भी कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया जा चुका था। कोर्ट से हरी झंडी मिलने पर किसी भी दिन कुर्की की कार्रवाई की जानी थी। दूसरी तरफ एसआइटी की एक टीम शिद्दत से संजय धारीवाल की तलाश में जुटी थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर एसआइटी की टीम ने नारसन क्षेत्र से संजय धारीवाल को गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी अजय सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि संजय धारीवाल की निशानदेही पर अभ्यर्थियों को नकल स्थलों तक लाने व परीक्षा केन्द्रों तक ले जाने में इस्तेमाल किए गए वाहन एचआर 75 दृ5692 को मौहम्मदपुर जट हरिद्वार स्थित घर से बरामद किया गया। जबकि संजय धारीवाल के भाई सुधीर के करनाल हरियाणा स्थित मकान से कुल 4.25 लाख व दो ब्लैक चौक बरामद किए हैं।

इस धनराशि में से एक लाख दस हजार रुपये पटवारी भर्ती और तीन लाख पन्द्रह हजार रुपये व दोनों चौक एई /जेई भर्ती से सम्बन्धित छात्रों से लिए गए थे। आरोपित के भाई सुधीर व बहन के दामाद दीपेन्द्र पंवार उर्फ सोनू निवासी मुकन्दरपुर थाना गदरपुर जिला उधमसिंह नगर (कोचिंग संचालक) को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों अभियोगों पटवारी और जेई-एई में वर्तमान तिथि तक कुल 38 आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके हैं। जांच अभी चल रही है।

सीएम ने गैरसैंण में किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता एवं मरीजों के लिए अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत बन रहे 50 बेड के उप जिला चिकित्सालय के नवीन भवन की कार्य प्रगति का भी अवलोकन किया। उन्होंने कार्यदाई संस्था को इसका निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहे हैं। आयुष्मान योजना के तहत इस बार बजट में वृद्धि की गई है। इस योजना का लाभ सभी कार्ड धारकों को मिले, यह सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, मुन्ना सिंह चौहान, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना, एसपी प्रमेन्द्र डोभाल, सीएमओ डॉ. राजीव शर्मा, अपर जिलाधिकारी अभिषेक त्रिपाठी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

समीक्षा बैठक में सीएम के निर्देशों को त्वरित गति से करने के निर्देश

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी के विकास के लिए समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

अपर सचिव मुख्यमंत्री जगदीश काण्डपाल ने सचिव घोषणा उत्तराखण्ड शासन को अवगत कराया है कि दिनांक 27 फरवरी, 2023 को मुख्यमंत्री जी द्वारा पौड़ी गढ़वाल के मण्डल मुख्यालय के साथ-साथ गढ़वाल की ऐतिहासिकता, पौराणिकता एवं पर्यटन की दृष्टि से सर्वागीण विकास हेतु बैठक आहूत की गई थी।

उक्त बैठक में की गई समीक्षा एवं चर्चा के उपरान्त मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अन्य विषयों में अग्रेत्तर कार्यवाही के साथ-साथ प्रथम चरण में जिन विषयों को मुख्यमंत्री घोषणा में सम्मिलित करते हुये तत्काल अग्रेत्तर कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये हैं उनमें पौड़ी के पुराने कलेक्ट्रेट भवन को हेरिटेज भवन में परिवर्तित करते हुए उक्त भवन को पौड़ी के ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के प्रतीक के रूप में विकसित किया जायेगा, रांसी स्टेडियम को ‘‘राष्ट्रीय हाई एल्टीट्यूड सेन्टर’’ के रूप में विकसित किया जायेगा। लैन्सडाउन में स्थापित सिंचाई विभाग के पुराने अतिथि गृह का जीर्णाेधार करते हुए म्यूजियम एवं पर्यटन की दृष्टि से आकर्षण केन्द्र के रूप में विकसित किया जायेगा। लैन्सडाउन क्षेत्र की पानी की समस्या के निदान हेतु लैंसडाउन क्षेत्र में 4.50 लाख लीटर से अधिक क्षमता के पेयजल टैंक का निर्माण कराया जायेगा। फतेहपुर – लैन्सडाउन – गुमखाल तक 29.8 किमी0 मोटर मार्ग में एच० टू एच० ब्लैक टॉप का कार्य कराया जायेगा। क्यूंकालेश्वर मंदिर के लिए रोपवे स्थापित किये जाने के लिए सर्वेक्षण कार्य कराया जायेगा। कोटद्वार प्रवेशद्वार का सौंदर्यीकरण रू(क) कौड़िया (ख) सिद्धबली मंदिर (ग) चिल्लरखाल (घ) पाखरौं का कार्य कराया जायेगा। कोटद्वार स्थित राजकीय परिवहन निगम के बस अड्डे का पुनरोद्वार का कार्य के साथ कोटद्वार के सभी 7 मोटर पुलों पर स्ट्रीट लाईट की व्यवस्था सम्बंधी कार्य कराया जायेगा।

अपर सचिव मुख्यमंत्री द्वारा इस सम्बन्ध में अग्रेत्तर कार्यवाही करने का अनुरोध भी सचिव घोषणा से किया गया है।

धामी की अधिकारियों को दो टूक-मंडलीय कार्यालय में नियमित बैठे अधिकारी

पौड़ी के मण्डल कार्यालयों को सशक्त बनाने के लिए मण्डल स्तरीय अधिकारी नियमित मण्डलीय कार्यालयों में बैठें। मण्डलायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र भी मण्डल कार्यालयों में बैठने का अपना पूरा रोस्टर जारी करें। जिससे जन समस्याओं का समाधान मण्डल स्तर पर भी हो सके। जिन मण्डलीय अधिकारियों को विभागीय निदेशालयों में भी अतिरिक्त प्रभार दिये गये हैं, यदि अति आवश्यक न हो तो उन्हें सिर्फ मण्डलीय कार्यालय में ही तैनात किया जाए। मण्डल मुख्यालय में संचालित विभागीय कार्यालयों में कार्यरत अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी अन्यत्र सम्बद्ध न किया जाए। ये निर्देश मुख्यमंत्री ने सचिवालय में जनपद पौडी़ के मण्डलीय मुख्यालय में मण्डल स्तरीय कार्यालयों के संचालन एवं पौड़ी के सर्वांगीण विकास के सबंध में समीक्षा बैठक के दौरान दिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मण्डल कार्यालयों को सशक्त बनाना जरूरी है, यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिकांश जन समस्याओं का समाधान मण्डल स्तर तक अवश्य हो जाए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के सफल संचालन की गढ़वाल मण्डल के अधिकारियों पर बड़ी जिम्मेदारी है। चारधाम यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से हों इसकी भी मण्डलायुक्त द्वारा नियमित समीक्षा की जाए। तकनीकि विभागों के अधिकारियों जिनका कार्यक्षेत्र गढ़वाल मण्डल है, उन्हें नियमित मण्डल मुख्यालय में रखा जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा पर जो श्रद्धालु आते हैं, उनको चारधामों के अलावा इसके आस-पास के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन आधारित क्षेत्रों की भी जानकारी दी जाए। प्रमुख स्थलों को और विकसित किया जाए। श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा के बाद कुमाऊॅ मण्डल के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटक स्थलों के बारे में भी जानकारी दी जाए, ताकि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखण्ड का पूरा भ्रमण कर सकें। सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी पौड़ी को निर्देश दिये कि जनपद के विकास के लिए जनपद स्तर पर जो कार्ययोजना बनाई गई है, इस कार्ययोजना पर तेजी से कार्य हो इसके लिए शासन स्तर पर संबंधित विभागीय सचिवों से सम्पर्क में रहकर जनपद में कार्य तेजी से किये जाएं। उन्होंने कहा कि जनपद के विकास के लिए जो कार्ययोजना बनाई गई है इसमें धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों, विभिन्न क्षेत्रों की कनेक्टिविटी एवं लोगों के आजीविका बढ़ाने के उद्देश्य से अच्छी कार्ययोजना बनाई गई है। पौड़ी को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने की योजना भी बनाई जाए।
जिलाधिकारी पौड़ी आशीष चौहान ने वर्चुअल माध्यम से पौड़ी जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए तैयार की गई योजना का विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने कहा कि प्रेमनगर, गडोली, बुआखाल बाईपास बनना जरूरी है, इसके बनने से जाम की समस्या का समाधान होगा और चारधाम यात्रा के लिए कोटद्वार की साइड से जाने में भी श्रद्धालुओं को सुविधा होगी। ज्वालपा देवी-गडोली, सतपुलि-दुगड्डा एवं गडोली पाबो के बीच टनल बन जायेगा तो इससे लोगों को काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि पौड़ी में बस डिपो के लिए दो स्थानों का चयन किया गया गया है। जिलाधिकारी पौड़ी ने कहा कि कोटद्वार तहसील में मल्टीस्टोरी प्लाजा के लिए काफी जगह है, इसमें तहसील के अलावा मल्टीस्टोरी बिल्डिंग एवं पार्किंग की अच्छी व्यवस्था हो सकती है।
जिलाधिकारी पौड़ी ने कहा कि रांसी स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप हाई अल्टीट्यूड स्पोर्ट्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के रूप में विकसित किये जाने की योजना बनाई जा रही है। पौड़ी में माउण्टेन म्यूजियम का प्रस्ताव भी रखा गया है।
ल्वाली एवं सतपुली लेक में वाटर स्पोर्ट्स की अच्छी संभावनाएं हैं, इसके लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। कोडियाला एवं देवप्रयाग में रिवर राफ्टिंग को बढ़ावा दिया जायेगा। लैंसडाउन में 4.5 लाख लीटर के वाटर टेंक बनाने की आवश्यकता है।
बैठक में विधायक रेनू बिष्ट, राजकुमार पोरी, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, बी.वी.आर.सी पुरुषोत्तम, अरविन्द सिंह ह्यांकी, एच.सी. सेमवाल, गढ़वाल कमिश्नर सुशील कुमार, अपर सचिव विनीत कुमार, उदयराज, जगदीश चन्द्र काण्डपाल एवं सबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

टिहरी में सीएम ने बाल विधायकों से किया संवाद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘आत्मनिर्भर टिहरी की संकल्पना’ विषय पर प्रतिभाशाली स्कूली छात्र-छात्राओं एवं बाल विधायकों के साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री ने इन मेधावी बच्चों का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि हमेशा एक प्रण लेकर आगे बढ़ें, कि जिस भी क्षेत्र में कार्य करें, लीडर की भूमिका में रहकर कार्य करें। जिस समय जो कार्य कर रहे हों, उस समय पूरा ध्यान उस कार्य पर होना चाहिए। समय के महत्व को समझना जरूरी है। जो समय निकल गया वह कभी वापस नहीं आयेगा, इसलिए समय का पूरा सदुपयोग करें। मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों से कहा कि परीक्षा के समय तनाव मुक्त होकर पढ़ाई करें। कोई भी कार्य बोझ समझकर नहीं करना चाहिए। कार्य के प्रति मन में उत्साह हो तो कोई भी मुकाम हांसिल किया जा सकता है।

बच्चों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का उन्होंने लाइव प्रसारण देखा। इस कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें अनेक नई चीजें सीखने को मिली।

कक्षा 07 की इप्सिता चमियाल ने कहा कि यह गौरव की बात है कि हमें आत्मनिर्भर टिहरी के लिए मुख्यमंत्री जी से संवाद करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश को आगे बढ़ाने के लिए अनेक कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टिहरी जनपद को आत्मनिर्भर बनाने के लिए युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना होगा। स्वयं सहायता समूहों को और मजबूत करना होगा। टिहरी बांध में पर्यटन आधारित अनेक गतिविधियों को और बढ़ावा देने होगा। इसको अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि दिलानी होगी। न्याय पंचायत स्तर तक स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य करने होंगे।

स्वास्थ्य मंत्री बाल सरकार सूरज रतूड़ी ने कहा कि टिहरी जनपद को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान देना होगा। होम स्टे एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना होगा। जनपद में उच्च शिक्षण संस्थानों को बढ़ावा देना जरूरी है। 12 वीं छात्रा शनानाज ने कहा कि जनपद में मोटे अनाजों पर आधारित उत्पादों को बढ़ावा देना होगा। जैविक खेती को और अधिक बढ़ावा देना होगा। पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा देने के साथ ही मंदिरों में स्थानीय उत्पादों पर आधारित प्रसाद को बढ़ावा देना होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर लोगों की आजीविका के संसाधन बढ़ सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इससे पूर्व कलक्ट्रेट परिसर में मिलेट आधारित स्टालों का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, विधायक किशोर उपाध्याय, विनोद कण्डारी, शक्तिलाल शाह, प्रीतम सिंह पंवार, जिलाधिकारी टिहरी डॉ. सौरभ गहरवार, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, बाल विधायक पंकज रावत, अंशिका, आशीष कुमार, सोनिका, प्रियंका रतूड़ी, मधावी छात्र-छात्राओं में तुलसी पण्डित, अभिनव रावत, विशाल कुशवाहा, अतुल भट्ट उपस्थित थे।

टिहरी की पगडंडियों में प्रातः काल भ्रमण पर निकले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को तिवाड़ गांव (विख थौलधार), टिहरी में दिन की शुरुवात खेतों में जुताई से की। उन्होंने होमस्टे स्थित खेतों में पावर वीडर से जुताई की। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ग्राम तिवाड़ की पगडंडियों में प्रातः काल भ्रमण को निकले। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री श्री धामी ने गांव में स्थित विभिन्न होमस्टे का निरीक्षण किया एवं ग्राम वासियों की सराहना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिलाओं एवं बच्चों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने ग्राम वासियों से सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ आमजन तक पहुंचे इसके लिए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। सरकार एवं आमजन के बीच परस्पर संवाद भी विकास में अपनी अहम सहभागिता निभाता है। गांव के विकास से ही उत्तराखंड का विकास संभव है।

———————
युवाओं ने नकल विरोधी कानून लाने पर किया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंबा, टिहरी में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए राइफल मैन बीसी गब्बर सिंह एवं अमर शहीद श्रीदेव सुमन के स्मारक पर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता युवा मोर्चा एवं स्थानीय जनता द्वारा नकल विरोधी कानून पारित किए जाने के उपलक्ष पर आयोजित अभिनंदन / आभार रैली में भी प्रतिभाग किया।
इस दौरान विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय, धनोल्टी प्रीतम सिंह पंवार, देवप्रयाग विनोद कंडारी, घनसाली शक्तिलाल शाह, जिलाध्यक्ष भाजपा राजेश नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष टिहरी सोना सजवाण, जिलाधिकारी डॉ सौरभ गहरवार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, नगर पालिका अध्यक्ष चंबा सुमना रमोला, ब्लॉक प्रमुख चंबा शिवानी बिष्ट एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

पौड़ी में सीवरेज सिस्टम के विकास को प्लान तैयार करें जिलाधिकारीः मुख्य सचिव

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने पौड़ी जनपद में मूलभूत अवसंरचना विकास के सम्बन्ध में अधिकारियों एवं जिलाधिकारी पौड़ी के साथ बैठक की। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी पौड़ी से जनपद के अन्तर्गत सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि पौड़ी में सीवरेज सिस्टम के विकास एवं पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में सोलर प्रोजेक्ट्स की अत्यधिक सम्भावनाएं हैं। सोलर प्रोजेक्ट्स के क्षेत्र में अधिक से अधिक बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने जनपद में ईको टूरिज्म को बढ़ावा दिए जाने हेतु प्रस्ताव भेजे जाने के भी निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी पौड़ी से सभी विभागों से वार्ता कर सुझाव मांगे जाने हेतु भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जनपद के विकास के लिए व्यवहारिक प्रस्ताव भेजे जाएं। उन्होंने रांसी स्टेडियम के लिए व्यवहार्य प्रस्ताव तैयार किए जाने हेतु भी निर्देशित किया।

जिलाधिकारी पौड़ी आशीष चैहान ने माउंटेन म्यूजियम, वाटर स्पोर्ट्स, जंगल बेस्ड ईको टूरिज्म और रोप-प्रोजेक्ट्स की सम्भावनाओं पर चर्चा की। मुख्य सचिव ने कहा कि इस दिशा में तेजी से कार्य करते हुए शीघ्र से शीघ्र प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने सभी मंडल स्तरीय अधिकारियों को लगातार अनावश्यक देहरादून के चक्कर लगाने से बचने के लिए निर्देशित किया।

इस अवसर पर सचिव शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर, अरविन्द सिंह ह्यांकी, कमिश्नर गढ़वाल सुशील कुमार एवं सचिव विनोद कुमार सुमन सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी पौड़ी आशीष चैहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

केदारनाथ धाम के संचालन को लेकर मंदिर समिति की हुई बैठक

वर्ष- 2023 श्री केदारनाथ धाम यात्रा के अंतर्गत केदारनाथ धाम यात्रा के सफल संचालन हेतु की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में अध्यक्ष श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अजेंद्र अजय की अध्यक्षता में जिला कार्यालय एनआईसी कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गईं।

अध्यक्ष बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल, 2023 को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सफल संचालन हेतु जिस स्तर से जो भी व्यवस्थाएं एवं तैयारियां की जा रही हैं, वह सभी व्यवस्थाएं 15 अप्रैल, 2023 से पूर्व ही सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि केदारनाथ यात्रा मार्ग में बर्फ हटाने का कार्य त्वरित गति से शुरू किया जाए तथा जो भी मार्ग क्षतिग्रस्त हैं उनका भी मरम्मत कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं को संपादित करने हेतु तैनात किए जाने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उचित प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाए ताकि यात्रा व्यवस्थाओं को संचालित करने में किसी प्रकार की काई परेशानी न हो। यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था के लिए उचित पार्किंग एवं यातायात प्लान तैयार किया जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए जाने वाले पुलिस कर्मियों को उचित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए एवं केदारनाथ धाम सहित यात्रा मार्ग में उचित स्वास्थ्य सुविधाएं, साफ-सफाई व्यवस्था, पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था तथा संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों के लिए उचित पानी की व्यवस्था एवं यात्रा मार्ग में विद्युत व्यवस्था आदि सभी व्यवस्थाओं को दुरस्त रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अवगत कराया है कि केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन के लिए तैनात किए गए अधिकारियों एवं कार्मिकों को उचित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा उन्हें सौंपे गए दायित्वों एवं कार्यों के बारे में पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है ताकि यात्रा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई समस्या न आने पाए। उन्होंने कहा कि यात्रा की सफलता के लिए जो भी तैयारियां एवं व्यवस्थाएं जिस स्तर से की जानी हैं सभी को आवश्यक निर्देश देते हुए सभी विभागों द्वारा अपनी-अपनी तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा मार्ग को सुचारू करने के लिए बर्फ हटवाने का कार्य कल से ही शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं तथा यात्रा मार्ग में जिन स्थानों में वर्तमान में बर्फ नहीं है उस क्षेत्र के क्षतिग्रस्त मार्ग को ठीक कराने के निर्देश डीडीएमए को दिए गए हैं। उन्होेंने यह भी अवगत कराया है कि यात्रा मार्ग में घोड़े-खच्चरों के साथ किसी प्रकार की कोई क्रूरता न हो तथा बीमार व कमजोर घोड़े-खच्चरों का किसी भी दशा में संचालन न किया जाए इसकी निगरानी के लिए 20 पीआरडी जवानों की तैनाती की गई है जिन्हें उचित प्रशिक्षण उपलब्ध कराते हुए यात्रा मार्ग में घोड़े-खच्चरों की निगरानी के लिए विभिन्न यात्रा पड़ावों में तैनात किए जाएंगे।

बैठक में अध्यक्ष नगर पालिका गीता झिंक्वाण, अध्यक्ष नगर पंचायत अगस्त्यमुनि अरुणा बेंजवाल, तिलवाड़ा संजू जगवाण, पुलिस अधीक्षक डाॅ. विशाखा अशोक भदाणे, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी केदारनाथ योगेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. एचसीएस मार्तोलिया, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. आशीष रावत, अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, मंदिर समिति से आरसी तिवारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।