एक अध्यापिका के भरोसे ऋषिकेश विधानसभा का सरकारी स्कूल

ग्राम पंचायत खदरी खडक माफ गांव के सबसे पुराने प्राथमिक विद्यालय, जिसमें वर्तमान में 81 छात्र छात्राएं अध्ययनरत है लेकिन विद्यालय में केवल एक ही शिक्षक है। जिसका शिक्षा विभाग के द्वारा किसी प्रकार का संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। विद्यालय प्रबंधक समिति के अध्यक्ष साहब सिंह सरियाल की सूचना पर ग्राम सभा खदरी के जनप्रतिनिधियों के द्वारा अब इसका संज्ञान लिया गया और जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉक स्थित खंड शिक्षा अधिकारी से मुलाकात की और लिखित सूचना दी। मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी को बच्चों के साथ में आने वाली समस्या के बारे में अवगत कराया।
81 छात्र संख्या पर केवल एक ही अध्यापक की नियुक्ति होने पर उन्होंने भी बड़ा आश्चर्य जताया और उन्होंने यह भरोसा दिलाया कि कि बहुत जल्दी ही एक अध्यापक या अध्यापिका के नियुक्ति सहायक के रूप में विद्यालय में कर दी जाएगी। जिससे बच्चों का पठन-पाठन बाधित ना हो। इस अवसर पर समाजसेवी दिनेश कुलियाल, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं समाजसेवी शांति प्रसाद थपलियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीकांत रतूड़ी, लालमणि रतूड़ी आदि उपस्थित रहे।

आंतरिक मार्गो के लिए 11.41 लाख रुपये और 50 स्ट्रीट लाइट देने की घोषणा

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत असेना-डोबरा विस्थापित के बद्रीश पुरम कॉलोनी में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्र के आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए 11.41 लाख रुपए की विधायक निधि देने की घोषणा की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में प्रकाश पथ व्यवस्था के लिए 50 स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विस्थापित क्षेत्र में उनके द्वारा कई निर्माण कार्य कराए गए जिसका लाभ स्थानीय जनता को प्राप्त हो रहा है। अग्रवाल ने कहा कि असेना, डोबरा विस्थापित क्षेत्र में पेयजल की किल्लत को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता की गई है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को भी सुना और मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर समाधान भी किया।
इस अवसर पर सदानंद भट्ट, मदन सिंह नेगी, दिनेश पयाल, राजवीर रावत, राजेश कंडवाल, गिरीश देवरानी, आशा देवी, नीलम, शकुंतला देवी, नंदी देवी, सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

स्थानीय लोगों को कंबल बांटे

श्यामपुर न्याय पंचायत की ग्राम सभा खदरी खड़कमाफ में स्वामी भवात्मा नन्द पुरी के शिष्य डॉ शिव कुमार ओझा के सहयोग से स्थानीय जरूरतमंद लोगों को कम्बल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के प्रान्त पर्यावरण प्रमुख पर्यावरणविद एवं समाजसेवी विनोद जुगलान ने कहा कि कलियुग में मानव सेवा ही माधव सेवा है। जो लोग आर्थिक रूप से सक्षम हैं उन्हें समाज हित में सहयोग करना चाहिए। इस अवसर पर पचास से अधिक लोग लाभार्थी रहे।
मौके पर स्वामी अमृतानन्द सरस्वती, स्वामी विष्णु परमा नन्द सरस्वती, सामाजिक कार्यकर्ता श्याम सुन्दर मुंडेपी, प्रशान्त भट्ट, कैलाश बलोधी, संदीप रानाकोटी, नागा सन्यासी कैलाश गिरी, मोहन सिंह रावत आदि मौजूद रहे।

खदरी खड़कमाफ में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, लोगों ने उठाया लाभ

न्याय पंचायत श्यामपुर की ग्राम सभा खदरी खड़कमाफ में समाज कल्याण विभाग के द्वारा एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान संगीता थपलियाल ने की। शिविर में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशनों की जानकारी दी गई और पात्र व्यक्तियों के द्वारा आवेदन पत्र भी जमा किए गए।
शिविर में खाद्य एवं पूर्ति विभाग के द्वारा राशन कार्ड से जुड़ी समस्या का निराकरण भी किया गया। उद्यान विभाग के द्वारा ग्रामीणों को सब्जियों के बीज वितरण किए गए। तहसील ऋषिकेश में उपस्थित क्षेत्रीय लेखपाल के द्वारा आय प्रमाण पत्र/निवास प्रमाण पत्र जाति प्रमाण पत्र आदि को बनवाने हेतु आवश्यक दस्तावेजों प्रमाण पत्रों की जानकारी भी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉक्टरों द्वारा दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने हेतु आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त पंचायती राज विभाग के द्वारा ग्रामीणों को मौके पर ही परिवार रजिस्टर की नकल पेंशन हेतु प्रस्ताव प्रदान किए गए।।
कार्यक्रम में उपस्थित ब्लाक प्रमुख डोईवाला भगवान सिंह पोखरियाल, खंड विकास अधिकारी भगवान सिंह नेगी, सहायक खंड विकास अधिकारी जेएम रावत, एसएल जोशी सहायक समाज कल्याण अधिकारी महेश प्रताप, डीएन उपाध्याय, रजत, मुकेश कुकरेती, धर्मेंद्र कंडारी, अजय पांडे, विकास दुमका श्रीकांत रतूड़ी, बीना चौहान ,प्रमिला चंदोला, समाजसेवी शांति प्रसाद थपलियाल, जीतराम थपलियाल आदि मौजूद रहे।

आप का इतिहास है पार्टी जो कहती है वो करती है-नेगी

श्यामपुर नम्बरदार फार्म स्थित सामुदायिक मिलन केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में सेकड़ो की संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं बुजर्गाे ने समाजसेवी सीता पयाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। रविवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधानसभा प्रभारी राजे सिंह नेगी की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथ पहुंचे आप के चुनाव संचालन समिति के सचिव ओ पी मिश्रा ने भाजपा एवं कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
ऋषिकेश विधानसभा में आम आदमी पार्टी के लगातार मजबूत होने का क्रम अनवरत जारी है। रविवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने नम्बरदार फार्म श्यामपुर में पार्टी के विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी डॉ राजे नेगी की अगुवाई में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान वक्ताओं ने आम आदमी पार्टी को भाजपा और कांग्रेस का मजबूत विकल्प बताते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में आप की ही सरकार बनने का दावा किया। महिलाओं को आम आदमी पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए पार्टी प्रदेश सचिव ओ पी मिश्रा ने कहा कि कभी भाजपा तो कभी कांग्रेस की सरकार उत्तराखंड में बनती रही है और दोनों ने ही अपने अघोषित एजेंडे के तहत उत्तराखंड को जमकर लूटा है।

पार्टी के विधानसभा प्रभारी राजे सिंह नेगी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के केंद्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राज्य में 300 यूनिट बिजली मुफ्त प्रदान करने, बेरोजगारी भत्ता दिलाने और युवाओं को रोजगार, महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिलाने सहित अनेक वादे किए हैं। आम आदमी पार्टी का इतिहास है कि वह जो कहती है वह करके दिखाती है। दिल्ली इसका उदाहरण है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी विकास का नया एजेंडा लेकर उत्तराखंड में आई है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में पिछले 15 साल में विकास का कोई काम नहीं किया गया। यहां भी जनता परिवर्तन का मन बनाए बैठी है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी इस विधानसभा क्षेत्र में रिकॉर्ड मतों से जीतेगी। जिला उपाध्यक्ष सीता पयाल ने कहा कि आम आदमी की जितनी भी मूलभूत जरूरतें हैं उन्हें आप पार्टी ही पूरा कर सकती है। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों का स्वागत भी किया।
इस अवसर पर संगठन मंत्री दिनेश असवाल की अध्यक्षता में चले कार्यक्रम में महिला मोर्चा महासचिव रजनी कश्यप, उषा बुडाकोटी, सुषमा राणा, योगाचार्य भारती, वंदना लखेरा, मंजू देवी, पुष्पा देवी, गायत्री देवी, लक्ष्मी पंवार, नीरू सोलंकी, गुड्डी देवी, उर्मिला देवी, निर्मला देवी, संगीता देवी, हेमा देवी, कमलेश देवी, दिनेश कुलियाल, चंद्रमोहन भट्ट, सुनील दत्त सेमवाल, लालमणि रतूड़ी, सरदार निर्मल सिंह, गुरप्रीत सिंह, जय प्रकाश भट्ट, गोविंद रावत, विक्रांत भारद्वाज, उत्तम सिंह पवार, सुनील वर्मा, अभिषेक ठाकुर, राहुल ठाकुर, प्रभात झा, जगदीश कोहली, कमलेश जखमोला आदि मौजूद रहे।

सैन्य और पुलिस भर्ती की ट्रेनिंग दिला रहे खरोला

कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने कहा कि 26 दिसंबर से प्रशिक्षण शिविर शुरू होगा। जिसमें युवाओें को सैन्य व पुलिस भर्ती की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए उन्होंने युवाओं को आज पंजीकरण करवा लेने का आह्वान किया है।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने कहा कि उत्तराखंड के युवा मातृभूमि की रक्षा के लिए हमेशा से ही अंग्रिम पंक्ति में खड़े रहते हैं। लेकिन कई युवा सही प्रशिक्षण नहीं मिल पाने से सैन्य व पुलिस भर्ती में बाहर हो जाते है। इसलिए भर्ती से पूर्व प्रशिक्षण शिविर की एक मुहिम शुरू की गई है। जिसमें 17 से 25 वर्ष आयु के युवा 19 दिसंबर को मार्टिज होटल, रायवाला और रॉयल गार्डन विस्थापित पशुलोक ऋषिकेश में प्रशिक्षण हेतु अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। जिसके बाद 26 दिसंबर से प्रशिक्षण शुरू होगा। उन्होंने युवाओें से इस प्रशिक्षण शिविर का लाभ उठाने का आह्वान किया।

एमडीडीए को समय से कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के माध्यम से किए जा रहे विभिन्न निर्माण एवं प्रस्तावित कार्यों को लेकर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने एमडीडीए के अधिकारियों के संग समीक्षा बैठक की। इस दौरान अग्रवाल ने निर्माण कार्यों को समय पर गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप करने के निर्देश भी दिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने इस दौरान त्रिवेणी घाट के सौंदर्यकरण कार्य की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। जिस पर अधिकारियों द्वारा बताया गया कि त्रिवेणी घाट कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने चौराहों के सौंदर्यीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किए जाने के संबंध में विभाग द्वारा अभी तक की गई कार्रवाई को लेकर जानकारी ली। विधानसभा अध्यक्ष ने ऋषिकेश के विभिन्न चौराहों के सौंदर्यीकरण कार्य किए जाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
अग्रवाल ने ऋषिकेश में नगर निगम के कार्यालय पर प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग व्यवस्था के संबंध में एमडीडीए के द्वारा अभी तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। साथ ही गंभीरता से पार्किंग की समस्या का शीघ्र समाधान करने के लिए कहा।‌ अधिकारियों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को अवगत किया गया कि इस संबंध में 21 दिसंबर को एमडीडीए एवं नगर निगम की संयुक्त बैठक मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आहूत की गई है। अग्रवाल ने एमडीडीए के द्वारा स्वीकृत 2 पार्कों के सौंदर्यीकरण कार्य के बारे में भी जानकारी ली साथ ही विधानसभा अध्यक्ष ने इस दौरान एमडीडीए एवं नगर निगम को आपसी सामंजस्य बनाने के निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने बैठक के दौरान एमडीडीए के माध्यम से क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुर कला, गुमानीवाला, श्यामपुर, मोतीचूर, गढ़ी मयचक सहित अन्य क्षेत्रों की प्रस्तावित आंतरिक सड़क मार्गाे की प्रगति के संबंध में समीक्षा की।
इस दौरान एमडीडीए के सचिव द्वारा बताया गया कि एमडीडीए के माध्यम से हरिपुर कला में 61.82 लाख रुपए, श्यामपुर भट्टा कॉलोनी में 31 लाख रुपए, भट्टोवाला में 11 लाख, हरिपुर कला में 83 लाख रूपए की लागत से सड़क मार्गों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका ह। साथ ही गढ़ी मयचक में 11.80 लाख रुपए, हरिपुर कला में 34.87 लाख रुपए, गुमानीवाला में 15.45 लाख रुपए, श्यामपुर भल्ला फार्म में 13.80 लाख रुपए, श्यामपुर में 6.81 लाख रुपए, इंद्रानगर में 10.70 लाख रूपए की लागत से आंतरिक सड़क मार्गों का निर्माण कार्य प्रस्तावित है, जिसमें विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
इस अवसर पर अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जो निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके है, उनका शीघ्र उद्घाटन किया जाए। साथ ही जो निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने हैं, उनका शिलान्यास करवाया जाए।
इस अवसर पर एमडीडीए के सचिव एम एस बर्निया, अधिशासी अभियंता श्याम मोहन शर्मा, सहायक अभियंता अजय मलिक, अवर अभियंता महिपाल सिंह अधिकारी, अवर अभियंता संजय पवार मौजूद थे।

1 करोड़ 4 लाख रुपये से जगमग हुई रोड, पहले अंधेरे के कारण होती थी परेशानी

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हरिद्वार रोड पर आईडीपीएल गेट से श्यामपुर हाट तक निर्मित डिवाइडर पर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा 1 करोड़ 4 लाख रुपए की लागत से निर्मित पथ प्रकाश व्यवस्था का आज विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने विधिवत पूजा अर्चना के पश्चात लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पथ प्रकाश व्यवस्था की जगमगाहट से स्थानीय लोगों एवं बाहर से आने वाले सैलानियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
मुख्य हरिद्वार सड़क मार्ग पर लोकार्पण समारोह के अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि एमडीडीए के माध्यम से ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आंतरिक मोटर मार्गों के निर्माण के साथ-साथ पथ प्रकाश व्यवस्था में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा है कि हरिद्वार रोड पर चार धाम यात्रा की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं एवं योग नगरी ऋषिकेश की तरफ प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है, इससे मोटर मार्ग पर पथ प्रकाश व्यवस्था का होना अति आवश्यक था। उन्होंने कहा है कि जिस शानदार तरीके से मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा यह लाइट आधुनिक तकनीकी से लगाई गई है यह अपने आप में अभूतपूर्व है।
अग्रवाल ने कहा है कि जनप्रतिनिधि का कर्तव्य जनता की समस्या का समाधान करना होता है और इस ओर वह निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में आंतरिक मोटर मार्ग सभी क्षेत्रों में दुरुस्त हो चुके हैं, जहां दुरुस्त होने की संभावना है वह कार्य भी शीघ्र प्रारंभ होगा।
अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा है कि विकास कार्यों में हमेशा कार्य की गुणवत्ता व तय समय सीमा पर पूरा करने का उनका आग्रह रहता है तथा कार्य की गुणवत्ता के लिए स्थानीय लोग भी सजग प्रहरी के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन करते हैं जो एक सजग नागरिक की भूमिका होती है। इसी वजह से क्षेत्र का विकास भी आगे बढ़ता है।
अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की चकाचौंध से हर व्यक्ति परिचित होगा जिससे ऋषिकेश की अच्छी छवि बाहर से आने वाले सैलानियों के मन में भी जाएगी। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा विकास के मापदंड पर खरी उतर रही है और आज आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित हो चुकी है।
अग्रवाल ने कहा कि चुनाव का समय नजदीक है ऐसे समय में अनेक लोग नकारात्मक वातावरण बनाने का भी प्रयास करेंगे, उन लोगों से भी सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा है कि विकास के साथ-साथ वह हमेशा प्रत्येक नागरिक के साथ सुख-दुख में खड़े रहते हैं जो एक आदर्श जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है।
कोरोना काल के दौरान लगे लॉकडाउन के दिनों को याद करते हुए अग्रवाल ने कहा कि जब जरूरतमंदों के सामने रोजी रोटी का संकट था ऐसे समय में 13 हजार से अधिक लोगों को राशन के पैकेट एवं हजारों लोगों को मास्क, सैनिटाइजर का वितरण किया ताकि ऋषिकेश विधानसभा का प्रत्येक नागरिक कोरोना के प्रभाव से बच सके। इस अवसर पर स्थानीय लोगों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर एमडीडीए के अधिशासी अभियंता श्याम मोहन शर्मा, राम रतन रतूड़ी, सदानंद भट्ट, रतन सिंह बिष्ट, किशन नेगी, नरेंद्र रावत, राजवीर रावत, रवि शर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रभाकर पैन्यूली, कमला नेगी, निर्मला उनियाल, रमेश चंद शर्मा, लक्ष्मी गुरुंग, रामेश्वर चंद्रियाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

विजय दिवस पर विस अध्यक्ष ने शहीदों का भावपूर्ण स्मरण कर श्रद्धांजली अर्पित की

विजय दिवस के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जब सीमाओं पर हमारे सैनिक खड़े हैं तभी यह देश चैन की नींद साता है।
बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित विजय दिवस के दिन सैनिकों के सम्मान के अवसर पर अग्रवाल ने कहा है कि 16 दिसंबर 1971 को भारत और पाकिस्तान के बीच में जो युद्ध हुआ इस युद्ध में पाकिस्तान सेना ने भारतीय सशस्त्र बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था।
अग्रवाल ने कहा कि पाकिस्तान सेना के प्रमुख जनरल खान नियाजी ने 93 हजार सैनिकों के साथ भारतीय सेना के सामने समर्पण किया था। यह भारत की अभूतपूर्व विजय थी, इसीलिए प्रत्येक वर्ष 16 दिसंबर को संपूर्ण देश भर में विजय दिवस मनाया जाता है।
अग्रवाल ने कहा कि हर साल 16 दिसंबर को विजय दिवस भारतीय सेना के शौर्य पराक्रम व वीरता के रूप में हम भारतीय सेनाओं के बारे में इस दिन बहुत सारी जानकारी भी साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि इस युद्ध में हजारों सैनिक शहीद हुए हैं। उन्होंने शहीद सैनिकों के प्रति श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने सैनिकों के सम्मान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की है। साथ ही देहरादून में बनने वाले सैन्य धाम को उत्तराखंड का पांचवा धाम के रुप में विकसित किया जा रहा है।
अग्रवाल ने विगत दिनों हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए सीडीएस जनरल बिपिन रावत सहित सभी शहीद हुए सैन्य अधिकारियों को भी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कैप्टन शहीद अमित सेमवाल के पिता तारा दत्त सेमवाल, शहीद प्रदीप रावत के पिता कुंवर सिंह रावत, शहीद हमीर पोखरियाल के भाई सुनील पोखरियाल, शहीद चंद्रकिशोर की धर्मपत्नी सुषमा देवी, शहीद सरदूल सिंह एवं शहीद विक्रम सिंह के परिजनों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया, जिसमें सूबेदार नरेश कुमार, कैप्टन दिगंबर थापा, नायक बुद्धि बहादुर खत्री, नायक सौबन सिंह कैंतूरा सूबेदार भगवान सिंह भट्ट, नायक अंबर गुरुंग, पुर्व नौसैनिक राजेश जुगलान आदि सैनिकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदीप कोहली, रामरतन रतूड़ी, मानवेंद्र कंडारी, पंकज जुगलान, जयंत किशोर शर्मा, शिवानी भटट, मधुबाला, प्रदीप कुमार आदि सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश जुगलान द्वारा किया गया।

नमामि गंगे के तहत खटीमा और ऋषिकेश को मिली 6 करोड़ की दो योजनाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सीमान्त क्षेत्र खटीमा से सटे झनकईयां स्थान पर 3.62 करोड़ के दो स्नान घाटों के निर्माण तथा ऋषिकेश में 2.50 करोड़ लागत वाली घाट क्लीनिंग परियोजना की स्वीकृति प्रदान किये जाने पर केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री का आभार जताया है।
ज्ञातव्य है कि राजीव रंजन मिश्रा, महानिदेशक, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की अध्यक्षता में नई दिल्ली में सम्पन्न बैठक में उत्तराखण्ड राज्य के सीमान्त क्षेत्र खटीमा से सटे झनकईयां स्थान पर 3 करोड़ 62 लाख की लागत से स्नान घाट परियोजना की स्वीकृति प्रदान की गयी है, इस परियोजना के अन्तर्गत 40-40 मीटर के दो स्नान घाटों का निर्माण किया जायेगा। गौरतलब है कि भारत-नेपाल सीमा से लगे होने के चलते यह घाट का सामरिक दृष्टि से अत्यन्त महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही योग नगरी ऋषिकेश में घाटों की सफाई हेतु घाट क्लीनिंग परियोजना को भी स्वीकृति प्रदान हुई है। लगभग 2.5 करोड़ की लागत से ऋषिकेश में 2 वर्षों हेतु घाट क्लीनिंग परियोजना क्रियान्वित की जायेगी, जिसमें केन्द्र से 70 प्रतिशत एवं राज्यांश 30 प्रतिशत रहेगा।