श्री भरत मंदिर इंटर काॅलेज में दो नवंबर से दो पालियों में होंगी कक्षा संचालित

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने बताया कि दो नवंबर 2020 से शासन के निर्देश पर विद्यालय खोला जाएगा। जिसमें शासन के निर्देशानुसार प्रथम पाली में कक्षा 10 के विद्यार्थियों को समय प्रातः नौ से दोपहर 12 और द्वितीय पाली में कक्षा 12 के विद्यार्थियों को दोपहर एक बजे से साढे़ तीन बजे तक बुलाया जाएगा और शिक्षण कार्य करवाया जाएगा।

प्रधानाचाय ने बताया कि विद्यालय में सैनिटाइजर की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है और सभी छात्र-छात्राओं की थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था भी पहले से ही कर ली गई है और सभी विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं को कोविड-19 में शिक्षा विभाग के दिशा निर्देश अनुसार अपने माता-पिता, अभिभावकों से सहमति पत्र लाना अनिवार्य होगा।

साथ ही विद्यालय में सामाजिक दूरी का पूरा ध्यान रखा जाएगा और शासन के दिशा निर्देशों को पूर्ण रूप से लागू किया जाएगा। इस अवसर पर लखविंदर सिंह, डा. सुनील दत्त थपलियाल, नवीन मेंदोला, रंजन अंथवाल, रमेश बुटोला आदि उपस्थित थे।

निर्धन बच्चों की मदद करने पर हेमलता दीदी को नीरजा देवभूमि ट्रस्ट ने किया पुरस्कृत

टीबी से पीड़ित बच्चों के लिए प्रत्येक बृहस्पतिवार को पोषण आहार उपलब्ध कराने वाली हेमलता दीदी को नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट ने सम्मानित किया। राजकीय अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में हेमलता दीदी को ट्रस्ट की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर टीबी रोग से ग्रस्त बच्चों को पोषण आहार की किट भी वितरित की गई।

ट्रस्ट की संस्थापक व पैरा ओलंपिक खिलाड़ी नीरजा गोयल ने कहा कि हेमलता दीदी कई वर्षों से ऐसे निर्धन बच्चों के लिए काम कर रही हैं जो टीबी जैसे गंभीर रोग से पीड़ित हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक ना होने के कारण इलाज भी सही से नहीं करा पाते हैं। उन्होंने कहा कि हेमलता दीदी वर्षों से प्रत्येक बृहस्पतिवार राजकीय चिकित्सालय में आ रही है। वह एक एनजीओ से जुड़ी हुई है और वह टीबी से ग्रस्त बच्चों को प्रत्येक सप्ताह पोषण किट उपलब्ध कराती हैं। इसके अलावा अन्य कार्यों में भी मदद करती हैं। वर्तमान में हेमलता दीदी करीब 25 बच्चों के लिए कार्य कर रही है।

नीरजा ने बताया कि हेमलता दीदी के इस पुनीत कार्य को देखते हुए ट्रस्ट ने उन्हें सम्मानित किया है। बताया कि हेमलता दीदी ने लॉक डाउन के दौरान भी इन बच्चों को जरूरत के सामान उपलब्ध कराए थे। इस दौरान 25 बच्चों को पोषण आहार किट वितरित की गई है। इस मौके पर नूपुर गोयल, आशु तथा दिवाकर मिश्रा भी उपस्थित रहे।

महिला सफाईकर्मी अपने सहकर्मी के साथ फरार

ऋषिकेश। नगर पालिका मुनिकीरेती में कार्यरत एक महिला सफाईकर्मी अपने साथी कर्मचारी के साफ फुर्र हो गई है। महिला के चार बच्चे हैं और साथी कर्मचारी के दो बच्चे है। जानकारी के अनुसार महिला पूर्व में भी ऐसा कई दफा कर चुकी है।

दरअसल, एक महिला के परिजनों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें बताया गया कि लापता महिला है। काफी खोजबीन की मगर, उसका पता नहीं चल पा रहा है। बता दें कि उक्त लापता महिला नगर पालिका मुनिकीरेती में सफाई कर्मी है, इस दौरान एक सहकर्मी के साथ संपर्क में आकर वह प्रेम प्रसंग में चल रही थी। मौका पाकर वह उसके साथ फुर्र हो गई है। वहीं, मामला मुनिकीरेती पुलिस के संज्ञान में है।

मामला संज्ञान में आया है, उनका पता लगाने में टीम लगी हुई है।
– विनोद कुमार, चैकी प्रभारी कैलाश गेट।

बाइक सवार चार युवकों ने तोड़ा कार का शीशा, फिर हुई मारपीट

ऋषिकेश। तिलक रोड़ में सरेआम दो गुंटों के आठ युवकों में जमकर मारपीट हुई। घटना में दो लोगों में काफी चोटें आईं। मगर पुलिस के पहुंचने से पहले सभी एक बाइक छोड़ भाग खड़े हुए। वहीं, पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल को कब्जे में लिया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रात करीब साढ़े सात बजे तिलक रोड श्रीराम मंदिर के समीप एक बुलेट और एक मोटरसाइकिल पर चार युवक बैठे हुए थे। इन सभी ने हरिद्वार स्थित एक योग संस्थान का ट्रेक सूट पहना हुआ था। इसी दौरान एक कार में कोहली मार्केट की ओर से चार युवक वहां पहुंचे। बाइक सवार एक युवक ने कार के शीशे पर जोरदार हाथ मारा। इससे कार का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। तभी बाइक सवारों ने कार चला रहे युवक को बाहर निकाला और काफी मार पिटाई कर दी। तभी कार सवार अन्य तीन युवक भी बाहर निकले और बाइक सवार के साथ मारपीट तेज हो गई। इसी बीच किसी स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर चीता पुलिस पहुंची। मगर, तब तक सभी मौके से भाग गए। पुलिस को मौके से एक मोटरसाइकिल मिलीं, जो घटना में प्रयुक्त हुई थी। पुलिस उसी मोटरसाइकिल को लेकर कोतवाली लेकर आई।

योग की शिक्षा ले रहे बाहरी युवकों का हो सत्यापन

ऋषिकेश। इसी बीच स्थानीय लोगों की मांग उठी कि तीर्थनगरी में बाहरी क्षेत्र से काफी संख्या में युवक योग की शिक्षा लेने यहां पहुंचते है। आए दिन काफी मारपीट की घटनाएं सामने आती है। उन्होंने एक सुर में कहा कि ऐसे युवकों का सत्यापन किया जाना चाहिए।

एनएसए प्रमुख अजीत डोभाल के पुत्र शौर्य ने की ऋषिकेश मेयर से मुलाकात

एनएसए प्रमुख अजीत डोभाल के पुत्र शौर्य डोभाल ने ऋषिकेश की प्रथम मेयर अनिता ममगाई से मुलाकात की। उन्होंने निगम की ओर से तीर्थाटन और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए देवभूमि ऋषिकेश में केन्द्र एवं राज्य सरकार की ओर से शुरु की गई विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।

कैम्प कार्यालय में हुई मुलाकात में मेयर अनिता ममगाईं ने उनके पिता को अद्भुत शख्सियत बताते हुए कहा कि उन्होंने उत्तराखंड का मान सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि समूची दुनिया में बढाया है। वह भारत के एक ऐसे व्यक्तित्व है जिन्होंने देश की सुरक्षा हेतु अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। भारतीय सुरक्षा और अनेकों सैन्य ऑपरेशनों को सफल बनाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

युवा कांग्रेस ने फूंका मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र का पुतला, इस्तीफे की भी मांग

युवा कांग्रेस के जिला महासचिव राहुल पांडेय के नेतृत्व में त्रिवेणी घाट चैराहे पर कार्यकर्ता एकत्रित हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का पुतला दहन किया। साथ ही उन पर सत्ता का दुरूपयोग करने का आरोप भी लगाया। इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने सीएम को पद से इस्तीफा देने की मांग की।

युवां कांग्रेस के पूर्व जिला महामंत्री एकांत गोयल, पूर्व सभासद सोनू पांडेय ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक सीबीआई की स्पष्ट जांच नहीं हो जाती, उन्हें पद पर नहीं रहना चाहिए।
जितेंद्र पाल पाठी ने कहा कि जनता में रोष है और आशंका है कि सीएम सत्ता का दुरूपयोग कर जांच में बाधा उत्पन्न न करें। मौके पर राजेश राजभर, सन्नी प्रजापति, हिमांशु कश्यप, अमित सागर, आदित्य पाल, मोहित शर्मा, पंकज गुल्हाटी, विपिन सैनी, राहुल प्रजापति, मोनू, राजू थापा, आशीष शर्मा, गौरव यदुवंशी आदि उपस्थित रहे।

महंत जी की याद में जरूरतमंद लोगों के लिए रक्तदान का आयोजन

दिवंगत महंत अशोक प्रपन्नाचार्य की स्मृति में श्री भरत मंदिर के महंत वत्सल शर्मा और श्री भरत मंदिर सोसाइटी के वरूण शर्मा की प्रेरणा से आज श्री भरत मंदिर सभागार में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और दिवंगत महंत अशोक प्रपन्नाचार्य को उनके सामाजिक कार्यों के लिए याद कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।

शिविर में युवा पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट अपने साथियों के साथ पहुंचे। शिविर में रिकाॅड रक्तदान हुआ इसमें 160 रक्तदाता शामिल हुए। श्री भरत मंदिर स्कूल सोसाइटी के प्रबंधक हर्षवर्धन शर्मा ने कहा कि कोरोना काल में भी ऋषिकेश की जनता के अंदर दूसरों का जीवन बचाने के लिए रक्तदान के प्रति अपार उत्साह देखने को मिला जो ऋषिकेश की तीर्थ नगरी के लोगों की विशेषता को प्रदर्शित करता है।

महंत वत्सल प्रपन्न शर्मा ने कहा कि इस समय कोरोना महामारी के कारण अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश और स्वामी राम हिमालयन अस्पताल देहरादून दोनों ही चिकित्सा संस्थानों में रक्त की कमी चल रही थी जिसको देखते हुए उनके मन में कई बार रक्तदान शिविर लगाने का विचार आया और उन्होंने यह निर्णय लिया कि अपने पिताजी स्वर्गीय महंत अशोक प्रपन्नाचार्य महाराज जी की स्मृति में लोगों को खून की कमी न हो। इसके लिए एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया और इसमें लक्ष्य के अनुरूप अधिकतम रक्तदान भी हुआ रक्त दाताओं ने बढ़ चढ़कर रक्तदान करने में भागीदारी की।

कार्यक्रम में यह भी रहे मौजूद…
इस मौके पर मेयर अनिता ममगाईं, प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, सुधीर कुकरेती, जयेंद्र रमोला, कृष्णा रमोला, महंत विनय सारस्वत, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, विनय उनियाल, प्रधानाचार्य धीरेंद्र जोशी, युवा नेता निखिल बड़थ्वाल, हिजामं के महानगर अध्यक्ष संजय प्रेम सिंह बिष्ट, पंडित रवि शास्त्री, जिपंस संजीव चैहान, अनुराग पायल, दीपक भारद्वाज, पार्षद शिव कुमार गौतम, विकास तेवतिया, सुमित पंवार, रीना शर्मा, विजयलक्ष्मी, डा. सुनील दत्त थपलियाल, जितेंद्र बिष्ट, लखविंदर सिंह, संजीव कुमार, प्रवीन रावत, विवेक शर्मा, डीपी रतूड़ी, कविता शाह, रंजन अंथवाल आदि उपस्थित थे।

इतना रक्त हुआ एकत्र…
एम्स से डॉक्टर पनदीप कौर और एपीआरओ दिनेश सेमवाल के नेतृत्व में 70 यूनिट रक्त एकत्र किया गया और जौलीग्रांट से डॉक्टर मनीष रतूड़ी के नेतृत्व में टीम के द्वारा 90 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

ट्रांसफार्मर से हुई भाजपा नेता के भाई की मौत मामले में मुकदमा दर्ज

भाजपा नेता सुभाष पाल के भाई प्रदीप पाल की मौत मामले में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने अज्ञात रेलवे अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस में आईपीसी की धारा 304 ए में मुकदमा दर्ज किया हैं। वहीं, कोतवाल रितेश शाह ने मामले की विवेचना सब इंस्पेक्टर अरूण त्यागी को सौंपी है।

बता दें कि बीते 25 अक्टूबर की रात भाजपा नेता सुभाष पाल के 38 वर्षीय छोटे भाई प्रदीप पाल पुत्र चंद्रभान की पुराना रेलवे स्टेशन के पास सड़क के बीचों बीच बने ट्रांसफार्मर से टकराकर मौत हो गई। प्रदीप पाल ढालवाला से काम कर अपने बनखंडी स्थित घर लौट रहे थे। घटना उक्त तिथि को रात्रि करीब नौ बजे के आसपास घटी थी। घटना स्थल पर पथ प्रकाश की व्यवस्था तक नहीं थी। मौत को रेलवे की लापरवाही बता कर पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में रेलवे के अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।

क्या है आईपीसी की धारा 304 ए

उच्चतम न्यायालय ने आईपीसी की धारा 304 ए के तहत लापरवाही से मौत के मामले में अधिकतम सजा को एकदम अपर्याप्त करार दिया है। इस धारा के तहत अपराध के लिए अधिकतम दो साल के कारावास और जुर्माने की सजा का प्रावधान है। इस मामले में यदि आरोपी पर आरोप सिद्ध हो जाता है तो उसे दो साल की जेल या जुर्माना या दोनों सजा हो सकती है।

त्रिवेणी घाट पर अवलोकन केंद्र में दिखेगी गंगा तट की आबोहवा

ऋषिकेश की धड़कन विश्व प्रसिद्ध त्रिवेणी घाट पर अब गंगा अवलोकन केंद्र बनेगा। यह अवलोकन केंद्र विश्व स्तरीय होगा। मेयर अनिता ममगाईं की ओर से अवलोकन केंद्र बनाने को केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय से मांग की गई थी। मेयर की ओर से मंत्रालय के उप सचिव को एक पत्र भी प्रेषित किया गया था।

मेयर अनिता के अनुसार, पत्र का संज्ञान लेकर मंत्रालय के उप सचिव ओपी मिश्रा ने प्रोजेक्ट मैनेजर नमामि गंगे उत्तराखंड को त्रिवेणी घाट में उपयुक्त स्थान चुनने, उसकी धार्मिक महत्वता और उसमें कितने लोगों का आना जाना रहेगा की रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए हैं।

मेयर ने बताया कि प्रोजेक्ट मैनेजर उदय राज की ओर से डीएम देहरादून व चेयरमैन डिस्ट्रिक्ट गंगा कमेटी को ज्वाइंट सर्वे के लिए अनुरोध किया गया है। मेयर ने कहा कि वह तीर्थाटन और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वह हमेशा प्रयासरत रही हैं। घाटों का डेवलपमेंट उनके घोषणा पत्र में प्रमुखता से शामिल रहा है। गंगा अवलोकन केंद्र पर्यटन की दृष्टि से शहर को चार चांद लगाएगा।

ट्रांसफार्मर से टकराकर आदमी ने तोड़ा दम, स्थानीय लोगों ने रेलवे के खिलाफ की नारेबाजी

25 अक्टूबर की रात 38 वर्षीय प्रदीप पाल पुत्र चंद्रभान की पुराना रेलवे स्टेशन के पास सड़क के बीचों बीच बने ट्रांसफार्मर से टकराकर मौत हो गई। प्रदीप पाल ढालवाला से काम कर अपने बनखंडी स्थित घर लौट रहे थे। घटना उक्त तिथि को रात्रि करीब नौ बजे के आसपास की है।

26 अक्टूबर को भाजपा नेता व पूर्व जिला भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सुभाष पाल (मृतक का बड़ा भाई) ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी और रेलवे के तीन अधिकारियों अवर अभियंता, सहायक अभियंता और अधीक्षक अभियंता पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने तीनों अधिकारियों के खिलाफ हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। वहीं इससे पूर्व दिनभर बनखंडी तथा स्थनीय लोगों ने मार्ग को बंद कर जाम लगाया और रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पीड़ित के परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की।

दरअसल ऋषिकेश रेलवे स्टेशन (पुराना) में रेलवे द्वारा नई सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस दौरान निर्माण कार्य पूरा भी नहीं हुआ है लेकिन पुराने रास्ते (सड़क) को समय-समय पर बैरीगेटिंग लगाकर बंद कर दिया जाता है। इस मार्ग पर हजारों वाहन दिन-रात सफर करते है। रेलवे द्वारा निर्माण कार्य पूरा भी नहीं हुआ है लेकिन सारा ट्रेफिक नए रास्ते (सड़क) में डाल दिया गया है। यहां सुरक्षा के कोई मानक नहीं अपनाये जा रहे है। इस सड़क पर लाईट आदि की भी कोई व्यवस्था नहीं है। सड़क के बीचों बीच बहुत बड़ा ट्रांसफार्मर भी है। बिना हटाये इस मार्ग पर ट्रेफिक डायवर्ट करना स्थानीय लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। जबकि क्षेत्रीय लोगों ने रेलवे अधीक्षक को दुर्घटना की आंशका के चलते पूर्व में कई बार अवगत कराया है।