बाजारों में जाल निर्माण कार्य का मेयर अनिता ने किया निरीक्षण

बाजारों में जल निकासी की समस्या का स्थाई समाधान कराने के लिए नगर निगम प्रशासन नालियों पर जाल लगाए जाने का कार्य कर रहा है। इससे पूर्व निगम प्रशासन की ओर से नालियों में बरसाती पानी की निकासी के लिए जर्जर पाइपों को भी बदल कर नई पाईप लाइन भी डाली गई हैं। उक्त तमाम कार्यों का निरीक्षण मेयर अनिता ममगाईं ने किया।

विजयदशमी के सरकारी अवकाश के बावजूद नगर निगम मेयर अनिता ममगाईं उक्त निर्माण कार्य का जायजा लेने बाजार पहुंची। जहां उन्होंने व्यापारियों को पर्व की बधाई देने के साथ जाल लगाने के निर्माण कार्य में निगम को किए गए सहयोग के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने बताया कि शहर के तमाम बाजारों में जल निकासी की समस्या का स्थाई समाधान कराने के लिए जहां जर्जर पाइप लाइनों को बदला जा रहा है वहीं जाल लगाकर दुकानों की सुंदरता के लिए टाईले भी लगवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित ठेकेदार को समय अवधि में निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए निर्देशित भी किया गया है। निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता आनंद मिश्रवाण, जल संस्थान से जेई वीरेंद्र राणा, पार्षद रीना शर्मा, विजय बडोनी, कमला गुनसोला, अजीत गोल्डी, नितिन गुप्ता, राजेश भट्ट, पंकज शर्मा, सुनील उनियाल, मदन कोठारी, हितेंद्र पंवार, संजय पवार, प्रवीण अग्रवाल, मेजर कृष्ण खुराना, प्रिंस डंग, भारत डंग, जितेंद्र अग्रवाल, अमरीक, प्रीतपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

श्यामपुर में डंपर की चपेट में आकर अधेड़ की मौत

बीती देर रात्रि ऋषिकेश के श्यामपुर चैकी क्षेत्र में हरिद्वार की तरफ जा रहे एक बेकाबू डंपर ने राह चलते 50 वर्षीय व्यक्ति को रौंद डाला। इससे मौके पर ही उक्त व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, और आसपास शिनाख्त के काफी प्रयास किए। मगर, मृतक की पहचान नहीं हो सकी। श्यामपुर चैकी पुलिस के मुताबिक मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त था और डंपर चालक दीपक को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही वाहन कब्जे में लिया गया है। शव की पहचान के लिए एम्स की मोर्चरी में रखा गया है।

परमार्थ निकेतन पहुंचकर अजीत डोभाल ने लिया स्वामी चिदांनद मुनि का आशीर्वाद

तीन दिवसीय अपने उत्तराखंड दौरे के अंतिम दिन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल परमार्थ निकेतन पहुंचे। यहां उन्होंने सांध्यकालीन गंगा आरती में शामिल होकर विश्व शांति और देश की सुरक्षा की कामना की। मौके पर उनके साथ पत्नी भी उपस्थित रहीं।

परमार्थ निकेतन में अजीत डोभाल ने परिवार के साथ स्वामी चिदानंद मुनि से आशीर्वाद भी लिया। अजीत डोभाल ने गायत्री मंत्र का जाप करते हुए हवन किया। स्वामी चिदानंद मुनि ने उन्हें रुद्राक्ष का पौधा भी भेंट किया। स्वामी चिदानंद मुनि ने बताया कि उनके बीच गंगा की स्वच्छता और निर्मलता को लेकर कुछ वार्तालाप भी हुई है। ज्ञात हो कि अपने पैतृक गांव जाते समय भी अजीत डोभाल ने परमार्थ आश्रम में विश्राम किया था। तभी भी अजीत डोभाल ने मीडिया से दूरी बनाए रखी थी।

ऋषिकेश की कनुप्रिया का यूरोप में क्लिनिकल साइकोलाॅजिस्ट में रिसर्च के लिए हुआ चयन

ऋषिकेश। तीर्थनगरी की बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में नाम कमा रही है। इसी क्रम में अब कनुप्रिया रावत का भी नाम जुड़ गया है। कनुप्रिया यूरोप में जाकर रिसर्च करेंगी। रायवाला निवासी कनुप्रिया रावत को यूरोप के पोलैंड की प्रसिद्ध काजिमिज विल्कि यूनिवर्सिटी ने भारत से क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट में रिसर्च के लिए चुना है। उनकी उपलब्धि पर अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। नवरात्र उत्सव के समापन मौके पर मिले सम्मान को पाकर कनुप्रियाा बेहद अभिभुत नजर आई।

डा. राजे नेगी ने बताया कि कनुप्रिया को भारत से क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट में रिसर्च के लिए चुना है। वह भारत से चुनी गई इकलौती स्कॉलर हैं। जो वहां पर रिसर्च करेंगीं। कनुप्रिया की पढ़ाई का खर्चा भी यूनिवर्सिटी उठाएगी यूनिवर्सिटी ने कुल 5 रिसर्च स्कॉलर को चुना है जिनमें कनुप्रिया भी एक है। उन्होंने वर्ष 2018 में देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार से एमएससी की थी। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने पीएचडी के लिए तैयारी की और चयनित हो गई। डॉ नेगी ने बताया कि वह जुडो की खिलाड़ी भी रही है चारों भाई बहनों में सबसे बड़ी है और उनके छोटे भाई बहन उनको अपना रोल मॉडल मानते हैं।कनुप्रिया की छोटी बहन निधि रावत बॉलीबाल की नेशनल खिलाड़ी रही है और वर्तमान में योग शिक्षका के रूप में कार्य कर रही है।
कनुप्रिया मूल रूप से चमोली जिले में थराली के पास गूंगा गांव के रहने वाली है। उनके पिता पुलिस में अधिकारी थे जिनका कुछ वर्ष पहले देहांत हो गया था। कनुप्रिया ने कहा कि अपनी पढ़ाई पूरी कर वह वापस उत्तराखंड के दूरगामी क्षेत्रों में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगी। इस मौके पर महासभा के उत्तम सिंह असवाल, लोक गायक धूम सिंह रावत, खेल शिक्षक दिनेश पैन्यूली, अंजली वर्मा, मोनिका पंवार, मनोज नेगी, मनोज रौतेला, लक्ष्मी प्रसाद रतूड़ी आदि उपस्थित रहे।

कोरोना कालः एम्स के विशेषज्ञों ने स्कूल खुलने पर बच्चों के लिए जारी किए सुझाव

दो नवंबर से उत्तराखंड के कक्षा दस से 12वीं के विद्यालय खुल रहे है। ऐसे में बच्चों के समक्ष कई तरह की दिक्कतें हो सकती है। इसके लिए एम्स ऋषिकेश के निदेशक प्रो. रवि कांत ने सुझाव दिया है। बताया है कि कोविड-19 ने अभिभावकों में बच्चों के प्रति व्यापक चिंता पैदा की है। लिहाजा इस बीमारी के दुष्प्रभावों को लेकर माता-पिता द्वारा आशंकित होना और बच्चों की सुरक्षा के बारे में चिंता करना स्वाभाविक है। बच्चों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए उन्हें साबुन से बार-बार हाथ धोने के लिए प्रेरित करना जरूरी है। बच्चों में विटामिन-डी की कमी नहीं हो, इसलिए धूप में थोड़ी देर परस्पर 1 से 2 मीटर की दूरी बनाते हुए और मास्क पहनकर खेलने दें। साथ ही स्क्रीन टाइम कम करने के लिए उन्हें किताबें पढ़ने, व्यायाम करने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए उनमें रुचि पैदा करनी चाहिए।

कम्यूनिटी एंड मेडिसिन विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डा. मीनाक्षी खापरे ने इस बारे में बताया कि बच्चों की शारीरिक ऊर्जा को चैनलाईज करने की आवश्यकता है। इसके लिए बच्चों को विभिन्न खेलों, ड्राईंग, पेंटिंग, अभिनय, बागवानी, खाना बनाने और घर की साफ-सफाई में शामिल किया जा सकता है।

सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग की डा. रुचिका गुप्ता और डा. श्रेया अग्रवाल ने बताया कि बच्चों को स्वस्थ आहार उपलब्ध कराना, नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करना, बच्चों में कौशल विकास की रुचि विकसित करना और उन्हें रचनात्मक कार्यों में व्यस्त रखना चाहिए। उनमें आत्मसम्मान और आत्मविश्वास पैदा करने के लिए हमें उन्हें टीम भावना से कार्य करना सिखाना होगा।

गहरी नींद में सो रहे बागड़ियों पर चढ़ा बेकाबू ट्रक, चपेट में आए चार

ऋषिकेश। देहरादून मार्ग पर सड़क किनारे रहने को मजबूर बागड़ियों के समक्ष अब दहशत का माहौल है। पिछले दो दशक से सड़क किनारे रह रहे इन बागड़ियों के साथ पहली दफा ऐसी घटना हुई, जिसमें उनके परिजनों को जान से हाथ धो बैठना पड़ा।

बता दें कि पिछली देर रात्रि देहरादून मार्ग पर एक ट्रक बागड़ियों की झोपड़ी में जा घुसा। जिससे गहरी नींद में सो रहे चार लोग चपेट में आ गये। इसमें करण उर्फ करनैल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अस्पताल पहुंचने के बाद 19 वर्षीय विक्रम ने दम तोड़ दिया। हादसे दो संगे भाई रणजीत व संगीत का अस्पताल में उपचार किया जा रहा था। मगर, भगवान को कुछ और ही मंजूर था। इसमें उपचार के दौरान संगीत ने दम तोड़ दिया। वहीं, रणजीत की हालात खतरे से बाहर है। वहीं, मामले में कर्ण पुत्र बनवारी ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

तीर्थनगरी में मेयर अनिता की मौजूदगी में पुलिस और निगम ने निकाला फ्लैग मार्च

ऋषिकेश। तीर्थनगरी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने मेयर अनिता ममगाई के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन के साथ फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान शहर के व्यापारियों ने भी शिरकत की और दुकानदारों से नालियों के आगे अपना सामान न रखने की अपील की।

मेयर अनिता ममगाईं ने जहां दुकानदारों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील की वहीं उनसे स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपनी दुकानों का सामान दुकानों की सीमा के भीतर तक ही रखें। नालियों से बाहर रखे गए सामान को अतिक्रमण माना जाएगा। इस पर निगम की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सामान को जब्त तक किया जा सकता है।

इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी, नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल, सहायक नगर आयुक्त एलम दास, विनोद लाल, कोतवाली प्रभारी रितेश शाह, व्यापारी नेता हितेंद्र पवार, संजय पवार, पंकज चावला, प्रतीक कालिया, राजेश भट्ट, पंकज चावला, पवन शर्मा, पंकज शर्मा, प्रतीक पुण्डीर, दीपक बंसल, ज्योति सहगल आदि मौजूद रहे।

कांग्रेस कभी भी चुनाव के लिए राजनीति नहीं करतीः प्रीतम सिंह

कांग्रेस पार्टी की ओर से ऋषिकेश विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र श्यामपुर में जन सहायता कार्यालय का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया।

कार्यालय का उद्धाटन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जन समस्याओं के निराकरण के लिए ग्रामीण क्षेत्र में जन सहायता कार्यालय का शुभारम्भ किया गया है। ग्रामीण क्षेत्र में पार्टी कार्यालय की नितांत आवश्यकता थी जो पूरी हो गई है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी भी चुनाव के लिए राजनीति नहीं करती पार्टी केवल जन समस्याओं के निराकरण के राजनीती करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रहीं है आने वाले विधानसभा चुनाव में ऐसी जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंककर भारी बहुमत से सत्ता में आएगी।

क्षेत्र में कांग्रेसजनों व आमजनों की सुविधा और सहायता के लिए ऋषिकेश विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र में कांग्रेस जन सहायता कार्यालय का शुभारम्भ हुआ है। मौके पर ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, प्रकाश जोशी, शूरवीर सिंह सजवाण, राजपाल खरोला, जयेंद्र रमोला, विनय सारस्वत, केएस राणा, जयसिंह रावत, मधु सेमवाल, मधु जोशी, गौरव चैधरी, माधव अग्रवाल, विवेक तिवाड़ी, अजय धीमान, दीपक वर्मा आदि मौजूद रहे।

शहीदों की याद में बना स्थल को तोड़ने से सरकार का असल चेहरा आया सामनेः कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी प्रदेश स्तर पर शहीद स्मारक स्थल तोड़े जाने का विरोध करेगी। बृहस्पतिवार को 12 बजे सभी जिला मुख्यालयों पर ऋषिकेश में शहीद स्मारक स्थल तोड़े जाने को लेकर कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे। यह बात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने ऋषिकेश में कही।

उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाया गया है, हम इसके खिलाफ नहीं है, मगर वर्षों से यहां व्यापार कर रहे हैं स्थानीय व्यक्तियों के बारे में सरकार व स्थानीय प्रशासन को सोचना चाहिए था। कहा कि हैरानी वाली बात यह है कि हरिद्वार रोड पर जहां शहीदी स्मारक स्थल है वहीं पर अतिक्रमण के नाम पर तोड़फोड़ हुई शेष जगह छेड़छाड़ नहीं हुई। उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पवित्र स्थान को तोड़ना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।

सरकारी विभागों का अतिक्रमण क्यों नहीं टूटता
प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार को पहले शहीद स्मारक स्थल के लिए कहीं और भूमि और भवन की व्यवस्था करनी चाहिए थी फिर इसे हटाया जाना चाहिए था। मगर, दुर्भाग्यपूर्ण है कि मातृशक्ति और युवा शक्ति के बलिदान पर निर्मित इस उत्तराखंड राज्य में भाजपा शासित सरकार में उत्तराखंडियों के पावन स्थलों को तोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पहले सरकारी विभागों के अतिक्रमण को क्यों नहीं तोड़ता।

पति की बीमारी का फायदा उठा प्रेमी के साथ भागी पत्नी


शादी के वक्त सात वचन में पति की हर सूरत में देखभाल और सेवा करने का प्रण लेकर भी एक पत्नी ने पति को धोखा दे दिया। जी हां, ऋषिकेश में एक पति बीमार होने के चलते एम्स में भर्ती हुआ तो पत्नी ने मौका पाकर प्रेमी के साथ जाने का मन बनाया और वह फुर्र हो गई। मामला ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र के श्यामपुर चैकी का है।

यहां श्यामपुर अमित ग्राम निवासी संतोष कुमार के पुलिस को तहरीर दी। बताया कि लॉकडाउन के दौरान पत्नी को अपने पास बुलाया था। इसके बाद पीड़ित पति को कोरोना हो गया। इसके चलते उसे एम्स में भर्ती होना पड़ा। कोरोना की जंग जीतकर वह 12 दिन बाद घर आए तो इसके बाद पैर में दिक्कत होने लगी। तहरीर में उसने बताया कि वह चलने-फिरने में दिक्कत है। उसकी पत्नी का पड़ोस के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बाजार कपड़े लेने जाने की बात कहकर वह घर से निकली और फिर वापस ही नहीं आई। पीड़ित संतोष कुमार ने मामले में तहरीर देकर पत्नी और बच्चों को वापसी गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस भी मामले में जुट गई है।