नीरजा देवभूमि ट्रस्ट ने 76 वर्षीय दिव्यांग को उपलब्ध कराई व्हीलचेयर

अब दिव्यांग धन बहादुर को दैनिक दिनचर्या में दिक्कत नहीं आएगी। नीरजा देवभूमि चेरिटेबल ट्रस्ट ने दिव्यांग धन बहादुर को व्हीलचेयर भेंट की। आईडीपीएल निवासी धन बहादुर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण व्हीलचेयर खरीद पाने में असमर्थ थे, इस बात की जानकारी स्थानीय निवासी अमित जायसवाल ने ट्रस्ट की संस्थापक व पैरा ओलंपिक खिलाड़ी नीरजा गोयल को दी। नीरजा ने दिव्यांग धन बहादुर से मुलाकात कर वास्तविक हालात जाने।

धन बहादुर ने नीरजा गोयल को बताया कि उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था इस कारण उन्हें व्हीलचेयर की जरूरत थी मगर आर्थिक स्थिति ठीक ना होने के कारण वह व्हीलचेयर खरीद पाने में असमर्थ थे इसके चलते वह दैनिक कार्य भी नहीं कर पा रहे थे । इसके बाद आज 02 नवम्बर 2020 को ट्रस्ट ने धन बहादुर को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई है। मौके पर ट्रस्ट की सह संस्थापक नूपुर गोयल भी मौजूद रही।

सात माह से बंद पड़े विद्यालयों के खुले ताले, सोशल डिस्टेंस के साथ छात्रों ने की पढ़ाई

सात माह से कोरोना संक्रमण के चलते बंद पड़े शिक्षण संस्थान आज खोले गए। इस मौके पर बच्चों में उत्साह देखा गया। प्रशासन की गाईडलाइन के अनुसार बच्चों ने सोशल डिस्टेंस आदि का पालन किया और शिक्षा ग्रहण की।

आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का शिक्षण कार्य ऑफलाइन प्रारंभ हुआ। प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद पांडे की मौजूदगी में शिक्षकों व छात्रों ने सामाजिक दूरी को ध्यान में रखकर, मास्क पहनकर और अभिभावकों के सहमति पत्र के साथ पढ़ाई शुरू करवाई। मौके पर सतीश चैहान, नरेन्द्र खुराना, कर्णपाल बिष्ट, राजकुमार यादव, नन्द किशोर भट्ट, रामगोपाल रतूड़ी, रश्मि गुसाई आदि उपस्थित रहे।

उधर, श्री भरत मंदिर इंटर काॅलेज में भी छात्रों को सहमति पत्र दिखाने के बाद ही प्रवेश दिया गया। प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत की मौजूदगी में अध्यापकों और छात्रों को सैनिटाइज, मास्क पहनकर शिक्षा ग्रहण करवाई गई।

कृष्णा पब्लिक स्कूल में मेयर अनिता ने किया कंप्यूटर क्लासेस का उद्धाटन

मेयर अनिता ममगाई ने कहा कि आज का युग कंप्यूटर का युग है किसी भी क्षेत्र में सफलता अर्जित करने के लिए कंप्यूटर का ज्ञान होना बेहद आवश्यक है। आधुनिक शिक्षा पाने का हर बच्चे का अधिकार है।

कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित कृष्णा पब्लिक स्कूल में कंप्यूटर क्लासेस का मेयर अनिता ममगाईं ने उद्धाटन किया। उन्होंने स्कूल प्रबंध की ओर से स्कूली बच्चों के साथ क्षेत्र के निर्धन बच्चों के लिए निशुल्क रूप से कंप्यूटर शिक्षा प्रारंभ कराए जाने पर खुशी जताई। कहा कि देश में गुणवत्ता परक बेहतर शिक्षा का अधिकार प्रत्येक बच्चे का है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति लागू होने से आने वाले समय में राष्ट्र की नींव और मजबूत होगी। इससे पूर्व स्कूल प्रबंध समिति की ओर से संचालक डॉ बीएन तिवारी द्वारा महापौर का पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया।

एम्स ऋषिकेश में स्त्री वरदानः चुप्पी तोड़ो, नारीत्व से नाता जोड़ो अभियान की नींव रखी


अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश की ऐतिहासिक पहल पर महिलाओं की गुप्त रोगों से जुड़ी जटिल समस्याओं को लेकर सम्मेलन हुआ। संस्थान के रिकंस्ट्रक्टिव एंड कॉस्मेटिक गाइनोकॉलोजी विभाग द्वारा स्त्री वरदान चुप्पी तोड़ो नारीत्व से नाता जोड़ो कार्यक्रम की नीव रखी। सम्मेलन में उत्तराखंड के लगभग सभी जिलों से 50 से अधिक स्वयं सेविका महिलाओं ने प्रतिभाग किया। उन्होंने मुहिम को गांव-गांव-घर घर तक पहुंचाने व राज्य की प्रत्येक महिलाओं को उनकी समस्याओं को लेकर जागरुक करने व ग्रसित महिलाओं को उपचार के लिए प्रेरित करने की शपथ भी दिलाई।

एम्स निदेशक व सीईओ प्रो. रविकांत ने अपने संदेश में बताया कि यह सम्मेलन महिलाओं के गुप्त रोगों से जुड़ी समस्याओं के निदान की दिशा में पहला कदम है, जिसका उद्देश्य भारत की हर महिला को ऐसी समस्याओं को लेकर जागरुक करना हो व उन महिलाओं तक पहुंचकर एम्स ऋषिकेश की सुपरस्पेशलिटी सेवाओं से उन्हें स्वास्थ्य लाभ दिलवाना है। कार्यक्रम में रिकंस्ट्रक्टिव और कॉस्मेटिक गाइनोकॉलोजी विभागाध्यक्ष डॉ. नवनीत मग्गो ने बताया कि महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी यह अपनी तरह की पहली मुहिम है, जिसे निदेशक की पहल पर उनकी अगुवाई में शुरू किया जा रहा है।

महिलाओं से आह्वान किया कि हमें इस मुहिम में उन महिलाओं से बात करनी है, जो महिलाएं या तो वह संकोच के मारे बात नहीं कर पाती अथवा समाज उन महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को नजरअंदाज कर देता है।

इस दौरान डॉ. नवनीत ने प्रतिभागी सेविकाओं को महिलाओं के यूरिनरी इनकांटिनेस उनकी यौन समस्याएं और उनके यौन अंग या शरीर बाहर आने की समस्याओं पर विस्तृत जानकारियां दी व इस तरह की बीमारियों से शरीर को होने वाले दूसरे तरह के नुकसान को लेकर जागरुक किया। उन्होंने कहा कि हम सभा को मिलकर यह संकल्प लेना होगा कि अगले 5 वर्ष के अंदर उत्तराखंड राज्य को यूरिनरी इनकांटीनेंस फ्री यानी यूरिनरी इनकांटीनेंस से मुक्त करना है। गौरतलब है कि एम्स का रिकंस्ट्रक्टिव और गाइनोकॉलोजी विभाग पूरे विश्व में अपनी तरह का पहला सुपरस्पेशलिटी विभाग है, जिसमें कि विश्व के सर्वश्रेष्ठ चिकित्सकों को नियुक्त किया गया है।

इंदिरा गांधी के बलिदान को कांग्रेस ही नहीं भारत वर्ष याद करेगाः मधु जोशी

स्वर्गीय इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस पर कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रकांता जोशी और महानगर अध्यक्ष मधु जोशी ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मौके पर चंद्रकांता जोशी ने कहा कि उन्हें इंदिरा गांधी के बाल्यकाल ने बहुत प्रभावित किया। बाल्यकाल से इंदिरा गांधी लगातार संघर्षशील रही और अलग-अलग समूह का निर्माण कर कुछ ना कुछ समाज सेवा के कार्य में निरंतर लगी रहती थी। इसका परिणाम यह हुआ कि वह राजनीति के सर्वोच्च शिखर तक भी पहुंच गई।

महानगर अध्यक्ष मधु जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के बलिदान को कांग्रेस ही नहंी, बल्कि संपूर्ण भारत वर्ष भी हमेशा याद रखेगा। इंदिरा गांधी के पद चिन्हों पर चल कर कांग्रेस ने काफी तरक्की की और जनमानस के हृदय में भी स्थान बनाया। कहा कि वर्तमान में उनके जैसे बलिदानी नेताओं और नेत्रीयों का होना बहुत मुश्किल है। मौके पर रेशमा, तारा कश्यप, धनवंतरी , सुमन, विद्यावती देवी, बाला, मंजू, सुधा त्यागी, सविता थपलियाल, पुष्पा शर्मा आदि ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

प्रगति विहार में पार्षद राकेश मियां ने बांटे गीला और सूखा कूड़ादान

ऋषिकेश नगर निगम के वार्ड संख्या 12 प्रगति विहार के पार्षद राकेश सिंह मियां ने स्वच्छता अभियान के तहत 300 कूड़ेदान का वितरण किया और अपने वार्ड के जागरूक जनता से आग्रह भी किया गया की पूर्व की भांति सूखा और गीला कूड़ा अलग दें।

उन्होंने कहा कि इससे निगम गीले कूड़े की खाद व सूखे कूड़े का उपयोग अन्य जगह पर कर सकेंगे। कहा कि मेयर अनिता ममगाईं व निगम प्रशासन के सहयोग से अपने शहर व वार्ड को स्वच्छ बनाना है। उन्होंने वार्ड में प्रगति विहार, शैल विहार, तहसील कॉलोनी, बीएसएनल कॉलोनी, हाइडल कॉलोनी, कोर्ट कंपाउंड, अंकुर गैस एजेंसी क्षेत्र में लगभग 300 कूड़ेदान वितरित किए। इस मौके पर निगम सफाई निरीक्षक प्रशांत कुकरेती, स्वच्छता समिति प्रगति विहार के अध्यक्ष देवेश्वर प्रसाद रतूड़ी, सचिव आरपी नवानी, कोषाध्यक्ष प्रमोद कपूरवान, राजेश नौटियाल, शेर सिंह रावत, धन सिंह बुटोला, अलेल सिंह भंडारी, हिम्मत सिंह मियां, सहदेव राठौर, संजय नेगी, अजय बदानी, सरोजिनी थपलियाल, दीपा कपूरवान, सरिता पैन्यूली, कुंवर सिंह बिष्ट आदि उपस्थित रहे।

हाईटेक शौचालय का लाभ ग्रामीणों को मिलेगाः मेयर अनिता

मेयर अनिता ममगाई ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन के सपने को साकार कराने के लिए शौचालयों का निर्माण कराया जाना बेहद आवश्यक है। नगर निगम प्रशासन इस पर फोकस बनाकर जगह-जगह अत्याधुनिक शौचालयों का निर्माण करा रहा है। इसी क्रम में मेयर अनिता ममगाईं ने ग्रामीण क्षेत्र अमित ग्राम में हाईटेक शौचालय का शिलान्यास किया।

मौके पर क्षेत्र की जनता ने मेयर अनिता का जोरदार स्वागत और अभिनंदन भी किया। मेयर ने कहा कि नगर निगम के लिए ग्रामीण एवं शहरी वार्ड दोनों आंखों के समान बराबर है इसी को ध्यान में रखकर विकास कार्य भी दोनों जगह समान रूप से करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया अमित ग्राम का शौचालय पूरी तरह से हाईटेक है। इसमें फाइव स्टार होटल की तर्ज पर एक्सटीरियर और इंटीरियर डिजाइन होंगे। सेंसर बेस्ड यूरिनल सिस्टम होगा। शौचालय 24 घंटे सातों दिन खुला रहेगा और हेल्पर वहां बैठा होगा। महापौर के अनुसार स्वच्छता का संदेश स्क्रीन के माध्यम से शौचालय में चलता रहेगा। जिसमें व्यवसायिक एडवर्टाइजमेंट देने पर निगम की आय में भी बढ़ावा होगा।

बताया कि स्वच्छ भारत मिशन, 14वें वित्त आयोग की मदद व शहरी विकास मंत्रालय के सहयोग से 30 साल की मेंटेनेंस के एग्रीमेंट के साथ अत्याधुनिक शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है जिसमें कार्यदाई संस्था के साथ शौचालयों के रखरखाव का करार किया गया है।

मौके पर सहायक अभियंता आनंद मिश्रवाण, जेई भारत जोशी, स्थानीय पार्षद वीरेंद्र रमोला, विपिन पंत, विजेंद्र मोगा, विजय बड़ोनी, लक्ष्मी रावत, कमलेश जैन, राकेश मियां, ग्रामीण जन संपर्क अधिकारी प्रदीप धस्माना, सतीश कौशिक, अनुसूया प्रसाद बंगवाल, चंद्र सिंह बिष्ट, तारा दत्त सेमवाल, पुष्पा मित्तल, सत्य प्रकाश ममगाई, सुनील उनियाल, मदन कोठारी, अनिकेत गुप्ता, विकास सेमवाल, गौरव केन्थुला, रूप रमोला, रविंद शर्मा, मोर सिंह रावत, अजय आदि मौजूद रहे।

प्रशासन ने पटाखा की कच्ची दुकानें बाजारों में लगाने से किया इंकार

इस वर्ष ऋषिकेश के बाजारों में पटाखा की कच्ची दुकानें नहीं लगेंगी। इसके लिए खाली जगह चिन्हित की जाएगी। स्थानीय प्रशासन ने इसके लिए बकायदा व्यापारियों के साथ बैठक की। मगर, व्यापारी बाजार में ही दुकान लगाने को अड़े रहे। बैठक में प्रशासन ने दुकान लगाने देने के अनुरोध को ना कहा है।

नगर निगम के स्वर्ण जयंती सभागार में आगामी दीपावली के त्यौहार को देखते हुए पटाखों के सिलसिले में नगर निगम, पुलिस प्रशासन और पटाखा व्यापारियों के बीच बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी वरुण चैधरी ने की। व्यापारियों ने मांग करते हुए कहा कि पटाखा बेचने की अनुमति शासन-प्रशासन बाजार में दें लेकिन प्रशासन ने गाइडलाइन का हवाला देकर उनको बताया कि इस बार बाजार के अंदर पटाखा बेचने की अनुमति नहीं दे सकते। जिनकी पक्की दुकानें है वही दुकान के अंदर से पटाखा बेच सकेंगे।

मगर, चारपाई में या रेडी, ठेली बेंच लगाकर पटाखा नहीं बेचने दिया जाएगा। प्रशासन ने अपनी तरफ से कुछ जगह चिन्हित कर बताया कि इन जगहों पर व्यापारी पटाखा बेच सकते है। इनमें आईडीपीएल मैदान, भरत मंदिर मैदान है इसके अलावा रायवाला और हरिपुर कला, रानीपोखरी जैसे अन्य जगह है। मगर, व्यापारियों का कहना था कि ग्राहक बाजार से बाहर नहीं जाता है और पटाखा खरीदने के लिए वह बाजार में ही आता है। बैठक के अंत में व्यापारियों ने फैसला लिया कि वे एक बैठक आपस में करेंगे। उसके बाद प्रशासन को अपना फैसला बताएंगे। अगर कोई जगह चिन्हित होगी, तो वह भी बताएंगे।

बैठक में सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी और कोतवाल रितेश शाह व सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल वह ऋषिकेश के पटाखा व्यापारी मौजूद थे।

बलात्कार के आरोपी के घर की मुनिकीरेती पुलिस ने की कुर्की

न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट नरेंद्र नगर की अदालत के आदेश के बाद मुनिकीरेती पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी के घर की कुर्की की है।

थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी ने बताया कि तपोवन निवासी अभिनव राय पुत्र अनिल राय पर विदेशी महिला के साथ दुष्कर्म, मारपीट आदि धाराओं में मुकदमा कायम है। उक्त आरोपी कोर्ट में उपस्थित नहीं हो रहा है। न्यायालय ने उसे फरार घोषित करते हुए उसके घर की कुर्की करने का आदेश दिया था। इसी संबंध में न्यायालय से कुर्की वारंट जारी किया गया था। वारंट की तामीली कराते हुए सब इंस्पेक्टर शाहिदा परवीन ने आरोपी के तपोवन स्थित घर की कुर्की की है।

हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट के निरस्त करने पर तीर्थनगरी में हुई आतिशबाजी

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की बेदाग छवि को धूमिल करने के विपक्ष के षड्यंत्र का दूसरे ही दिन में पर्दाफाश हो गया। लोगों ने उच्चतम न्यायालय के निर्णय का स्वागत करते हुए आतिशबाजी व मिष्ठान वितरण कर अपनी खुशी जाहिर की।

गढ़वाल मंडल विकास निगम के निदेशक आशुतोष शर्मा के नेतृत्व में त्रिवेणी घाट चैक पर युवा जन एकत्रित हुए। आशुतोष शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की बेदाग छवि व पारदर्शितापूर्ण शासन चलाने की उनकी शैली से विपक्ष व उत्तराखंड के हितों की अनदेखी करने वाले बहुत परेशान हो चुके हैं भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति ने इन लोगों के बुनियाद हिला दी है जिसके चलते यह लोग उनके खिलाफ साजिश करने में लगे हुए हैं और हर बार इनके मंसूबों पर पानी फिर जाता है।

उन्होंने ऐसे साजिश करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह अपनी ऐसी निकृष्ट हरकतों से बाज नहीं आए तो उनके विरुद्ध सड़कों पर मोर्चा खोला जाएगा। मौके पर पूर्व राज्यमंत्री संदीप गुप्ता, टैक्सी यूनियन के महामंत्री विजेंद्र कंडारी, पूर्व सैनिक व समाजसेवी जनार्दन नवानी, वरिष्ठ भाजपा नेता विपिन शर्मा, शैलेंद्र चैहान, नीतू शर्मा, गजेंद्र सिंह बिष्ट, घाट रोड लघु व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण सिंह, जिला अध्यक्ष राहुल पाल, वरिष्ठ अधिवक्ता चंदन सिंह राणा, युवा मोर्चा के मंडल ऋषिकेश के अध्यक्ष अक्षय खेरवाल, गज्जू सिंह, धर्मपाल सिंह, कुंवर सिंह, विक्रम सिंह, मनीष मौर्य आदि उपस्थित रहे।