सामूहिक नृत्य में झूमे मंत्री अग्रवाल, इगास की दी बधाई

छिद्दरवाला में युवक मंगल दल और महिला मंगल दल की ओर से इगास महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने पारंपरिक वेशभूषा पहाड़ी टोपी पहनकर शिरकत करते हुए भेलो खेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम में झूमकर सामूहिक नृत्य किया। मंत्री डॉ अग्रवाल ने आयोजक समिति को 11 हज़ार रूपए भी दान स्वरूप भेंट किये।
जोगीवाला माफी में आयोजित इगास महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर मंत्री डॉ अग्रवाल ने पहाड़ी व्यंजन अरसे का स्वाद चखा और ग्रामीणों को इगास पर्व की बधाई दी।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इगास पर्व पर अवकाश की घोषणा से राज्य की लोक संस्कृति को बल मिलेगा। प्रदेश में यह दूसरा मौक़ा है जब उत्तराखण्ड में लोकपर्व ईगास को लेकर अवकाश घोषित किया गया है। कहा कि इगास पर्व पहाड़ी क्षेत्रों तक सीमित न रहकर मैदानी क्षेत्रों में भी पहुंच गया है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि युवाओं में इसकी लोकप्रियता बढ़ी हैं। इसका लाभ हमारे राज्य की संस्कृति को मिलेगा। कहा कि इस पर्व को देवोत्थान एकादशी के साथ ही गढ़वाल में इगास और कुमायूं में बूढ़ी दीपावली के रूप में मनाया जाता है।
इस मौके पर आंचलिक गीत मेरे बुढ़ा की ब्यो छे, और ऐ गे न बग्वाल के दिन पर मंत्री डॉ अग्रवाल झूमने पर मजबूर हुए। साथ ही पहाड़ी व्यंजन अरसे का आनंद भी लिया। इसके अलावा देवदार, भीमल या हींसर की लकड़ी आदि से बने भैलो को खेला।
इस मौके पर युवक मंगल दल के अध्यक्ष प्रमोद रावत, जगमोहन पंवार, महिला मंगल दल की अध्यक्ष सुशीला नेगी, संगीता असवाल, प्रधान सोबन सिंह कैंतुरा, महिला मोर्चा मण्डल अध्यक्ष समा पंवार, अनिता राणा, विमला नैथानी, रीना नेगी, बैशाख सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री, उप प्रधान शैलेन्द्र रांगड़, दीपा सजवाण, राजेंद्र बगियाल, सुरेंद्र रमोला, रोशन कुड़ियाल, अम्बर गुरुंग, धर्म सिंह, रतन नेगी आदि उपस्थित रहे।

पशुलोक विस्थापित की भूमि राजस्व अभिलेखों में दर्ज करने के निर्देश

विस्थापित क्षेत्र पशुलोक को भूमिधरी अधिकार मिलने की मांग को लेकर आज स्थानीय लोग कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल से मिले। इस मौके पर मंत्री डा. अग्रवाल ने जिलाधिकारी देहरादून और सचिव राजस्व के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
गुरूवार को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से विस्थापित पशुलोक निवासी लोगों का प्रतिनिधिमंडल कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल से मिला। इस पर मंत्री डा. अग्रवाल ने मौके पर मौजूद जिलाधिकारी देहरादून सोनिका और सचिव राजस्व सचिन कुर्वे के साथ बैठक की। मंत्री डा. अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2000 में जनपद टिहरी के भागीरथी गांव के परिवारों को ऋषिकेश विधानसभा के पशुलोक में विस्थापित किया गया था।
मंत्री डा. अग्रवाल ने कहा कि लंबे समय से इन परिवारों द्वारा पशुलोक विस्थापित को राजस्व ग्राम की मांग उठाई गई। जिसे उनके अथक प्रयासों से वर्ष 2020 में राजस्व ग्राम घोषित किया गया। मंत्री डा. अग्रवाल ने बताया कि भूमिधरी का अधिकार इन्हें न मिलने के चले समस्याएं पैदा हो रही है।
मंत्री डा. अग्रवाल ने सचिव राजस्व सचिन कुर्वें को बैठक के दौरान निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही पशुलोक विस्थापित के लोगों को भूमिधरी का अधिकार दिया जाए। जिससे राजस्व अभिलेखों में सभी की भूमि दर्ज हो सके।
इस मौके पर पशुलोक विस्थापित के लोगों द्वारा मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान जगदंबा सेमवाल, प्रताप सिंह राणा, बलवीर रावत, दिनेश बहुगुणा, रघुनाथ चौहान, विजय बिष्ट, मीना सजवाण आदि उपस्थित रहे।

कार लूटने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

रायवाला थाना क्षेत्र के हरिपुरकला में एक ऑफिस संचालक से हुई मारपीट और कार लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं, इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। आरोपियों के कब्जे से एक एलईडी टीवी और कार बरामद हुई है।
रायवाला पुलिस के मुताबिक 31 अक्तूबर की रात को हरिपुरकला निवासी राजेश कुमार के ऑफिस में विक्रांत राणा निवासी हरिपुरकला अपने तीन साथियों के साथ आया। आरोप था कि विक्रांत ने राजेश के साथ जमकर मारपीट की और ऑफिस से नगदी, सोने की चेन, एलईडी टीवी, मोबाइल और ऑफिस के बाहर खड़ी कार हथियारों के बल पर लूट ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में विक्रांत राणा के साथ आए साथियों की पहचान दीपक सोनू और देव राणा के रूप में हुई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को विक्रांत राणा और देव राणा को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से राजेश कुमार से लूट गई कार और एलईडी टीवी बरामद की। थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि देव राणा भी हरिपुरकला का रहने वाला है। जबकि मामले में दीपक और सोनू जो खड़खड़ी हरिद्वार के रहने वाले हैं, अभी फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया है। बताया कि आरोपियों की मारपीट से घायल हुए राजेश कुमार फिलहाल आईसीयू में भर्ती हैं।

जलसंस्थान के लोहे के पाइप चुराने में चार आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश पुलिस ने जल संस्थान के लोहे के पाइप चोरी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनसे घटना में प्रयुक्त ट्रक, चार पाइप और नगदी बरामद की है। पुलिस ने बताया कि मामले में एक आरोपी अभी फरार चल रहा है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक केसीपीएल कंपनी के कांट्रेक्टर प्रदीप कुमार पुत्र ऋषिपाल निवासी आकाशदीप कॉलोनी रुड़की, हरिद्वार ने तहरीर देकर बताया कि 25 अक्तूबर को मालवीयनगर हरिद्वार-ऋषिकेश रोड में सड़क किनारे से जल संस्थान के लोहे के पाइप चोरी हो गए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को रायवाला स्थित मोतीचूर फ्लाईओवर के पास से एक ट्रक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से चार पाइप और 99 हजार 500 रुपये की नगदी भी बरामद की गई। कोतवाल रवि सैनी ने बताया आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र पुत्र रामचंद्र निवासी ग्राम अल्लाहपुर जिला बदायूं, यूपी हाल निवास कृष्णानगर, जगतपुरी, ईस्ट दिल्ली, अजीत कुमार उर्फ पंजाबी पुत्र वीर कांत राय निवासी प्रतापनगर, पटियाला, पंजाब हाल निवासी घाट नंबर एक, झुग्गी झोपड़ी, निगम बोध घाट, आईएसबीटी कश्मीरी गेट नई दिल्ली, मोहित शर्मा पुत्र वीरेंद्र शर्मा निवासी ग्राम भटनी, बसई, मोहम्मदपुरी, विसौली जिला बदायूं, यूपी, धर्मेंद्र पुत्र अमर सिंह निवासी ग्राम कचना कला थाना गोरखी जिला भिंड, मध्यप्रदेश हाल निवासी दिल्ली के रूप के रूप में हुई है। कोतवाल ने बताया कि मामले में विकास उर्फ नाटू फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी है।

आरटीआई की आड़ में ब्लैकमेल करने वालों के खिलाफ सड़कों पर उतरे व्यापारी

सूचना के अधिकार (आरटीआई) की आड़ में ब्लैकमेल करने वालों के खिलाफ सड़कों पर उतरे व्यापारियों ने दून तिराहे पर सांकेतिक धरना दिया। जुलूस की शक्ल में कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन करते हए ब्लैकमेलिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। आक्रोशित व्यापारियों ने एक कारोबारी से रंगदारी मांगने वाले तीन तथाकथित लोगों के विरुद्ध शिकायती पत्र पुलिस को सौंपा।
बुधवार को नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र के नेतृत्व में व्यापारी दून तिराहे पर एकत्रित हुए। यहां आरटीआई की आड़ में ब्लैकमेलिंग करने वालों की एक स्वर में खिलाफत करते हुए सांकेतिक धरना दिया। धरने पर डटे व्यापारियों ने कहा कि शहर में नए निर्माण और अन्य कार्यों के बाबत आरटीआई में सूचना मांगने वाला गिरोह सक्रिय है, जो आरटीआई के नाम पर कारोबारियों को ब्लैकमेल कर रहा है। ऐसे तथाकथित लोगों को सबक सिखाने के लिए व्यापारियों को एकजुट होना पड़ा। धरनास्थल से व्यापारी जुलूस की शक्ल में ब्लैकमेलिंग करने वालों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे। आक्रोशित व्यापारियों ने प्रदर्शन के बीच पुलिस को तीन तथाकथित लोगों पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र सौंपा।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सैनी ने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन में रवि कुमार जैन, अरविंद जैन, नवल कपूर, ललित जिंदल, एकांत गोयल, मदन मोहन शर्मा, अब्दुल रहमान, अभिषेक शर्मा, जितेंद्र पाल, देवेंद्र प्रजापति, राजेंद्र बिष्ट, भगवान सिंह पंवार, राजेश साह आदि व्यापारी शामिल रहे।

लौहपुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल को दी श्रद्धांजलि

देश के पहले गृहमंत्री सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे पर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की आत्म शांति की कामना की गई।

बैराज रोड स्थित कैम्प कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल का स्मरण करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर मंत्री अग्रवाल ने कहा कि भारत आज हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार है, देश की चिंता करना हम सभी की जिम्मेदारी है। देश के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार पटेल एक सशक्त भारत के निर्माण का सपना देखा करते। हम एक रहेंगे तभी आगे बढ़ पाएंगे।

डॉ अग्रवाल ने सरदार पटेल के समर्पण को याद करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया। पटेल चाहते थे कि देश विनम्र भी बने एवं सशक्त भी बने सरदार आज हर एक देशवासी के दिल में बसे हैं। देश का हर नागरिक एक समान महसूस करें यही हमारी एकता, लोगों को सुविधाओं में कोई भेदभाव ना हो।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि देश की एकता व अखंडता के लिए अपने नागरिक कर्तव्यों को पूरा करते हुए हमारा प्रयास सरदार साहब के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी। डॉ अग्रवाल ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें मार्गदर्शन देने वाला उन्होंने अखंड भारत का निर्माण किया।

इस दौरान गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे पर चिंता व्यक्त की गई। दिवंगत लोगों की आत्मा शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।

इस मौके पर मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश दिनेश सती, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष उषा जोशी, पार्षद शिव कुमार गौतम, वीरेंद्र रमोला, प्रदीप कोहली, समाजसेवी मानवेंद्र कंडारी, पूर्व सभासद कविता साह, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, स्वाति शर्मा, रंजीत थापा, सचिन अग्रवाल, नगर पंचायत चमियाला की अध्यक्ष ममता पवार, उत्तम पवार आदि उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत-महेन्द्र भट्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 94वें एपिसोड पर भाजपा ऋषिकेश बूथ संख्या 11 और 12 के कार्यकर्ताओं द्वारा सुना गया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल भी मौजूद रहे।
रविवार को दून रोड स्थित एक होटल में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पीएम ने छठ पर्व का जिक्र किया और प्रार्थना कि छठ मइया सबकी समृद्धि, सबके कल्याण का आशीर्वाद दें। उन्होंने कहा कि सूर्य उपासना की परंपरा इस बात का प्रमाण है कि हमारी संस्कृति, हमारी आस्था का, प्रकृति से कितना गहरा जुड़ाव है। इस पूजा के जरिए हमारे जीवन में सूर्य के प्रकाश का महत्व समझाया गया है। साथ ही ये संदेश भी दिया गया है कि उतार-चढ़ाव, जीवन का अभिन्न हिस्सा है. इसलिए, हमें हर परिस्थिति में एक समान भाव रखना चाहिए।
भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सूर्य उपासना के साथ-साथ ‘सौर ऊर्जा’ की बात की। कहा कि सोलर एनर्जी आज एक ऐसा विषय है, जिसमें पूरी दुनिया अपना भविष्य देख रही है और भारत के लिए तो सूर्य देव सदियों से उपासना ही नहीं, जीवन पद्धति के भी केंद्र में रह रहे हैं। भारत, आज अपने पारंपरिक अनुभवों को आधुनिक विज्ञान से जोड़ रहा है, तभी, आज हम, सौर ऊर्जा से बिजली बनाने वाले सबसे बड़े देशों में शामिल हो गए हैं। 
इस मौके पर मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु में कांचीपुरम और गुजरात के मोढेरा का भी जिक्र किया। कहा कि यहां ज्यादातर घर, सोलर पावर से बिजली पैदा करने लगे हैं, अब वहां के कई घरों में महीने के आखिर में बिजली का बिल नहीं आ रहा, बल्कि, बिजली से कमाई का चेक आ रहा है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में सदैव उत्तराखंड का जिक्र किया है। 94वें एपिसोड में गुरुनानक जयंती का जिक्र करते हुए केदारनाथ रोपवे का जिक्र किया और हेमकुंड गुरुद्वारा का भी उन्होंने उदाहरण दिया।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि मन की बात समाज से निकली हुई बातों पर आधारित होती है। प्रधानमंत्री मोदी के इस कार्यक्रम के जरिये देश को प्रेरणा मिलती है। युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होता है। भविष्य की राह खुलती है। 
इस मौके पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कमलेश उनियाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संदीप गुप्ता, प्रदेश आईटी प्रभारी हिमांशु संगतानी, मण्डल अध्यक्ष दिनेश सती, बूथ अध्यक्ष 12 नरेंद्र रतूड़ी, कपिल गुप्ता, जितेंद्र अग्रवाल, रविन्द्र राणा, सरोज डिमरी, बृजेश शर्मा, महामंत्री सुमित पंवार, जयंत शर्मा, पार्षद शिव कुमार गौतम, प्रदीप कोहली, कविता शाह, गंभीर मेवाड़, मोनिका गर्ग, सरला अग्रवाल, सिमरन गाबा, राकेश पारछा, सुजीत यादव, उदिता गुप्ता, गुड्डी कलूड़ा, किशन मण्डल, रविन्द्र बिरला, राजू शर्मा, माधवी गुप्ता, रूपेश गुप्ता आदि सैकड़ो की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री ने डूबते सूर्य को अर्ध्य देकर देश और प्रदेश की उन्नति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की

सार्वजनिक छठ पूजन समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इससे पहले मंत्री डॉ अग्रवाल ने डूबते सूर्य को अर्ध्य देकर देश और प्रदेश की उन्नति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस मौके पर आस्था पथ पर भी पूर्वांचल समाज के लोगों को मंत्री डॉ अग्रवाल ने बधाई दी। साथ ही गंगा में दूध विसर्जित किया।
रविवार को त्रिवेणी घाट पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल पहुंचे। उन्होंने कहा कि छठ पूजा को सूर्य छठ या डाला छठ के नाम से भी संबोधित किया जाता है। इसकी शुरुआत डूबते हुए सूर्य की अराधना से होती है।

डॉ अग्रवाल ने छठ शब्द का महत्व बताया। कहा कि शब्द छठ संक्षेप शब्द षष्ठी से आता है, जिसका अर्थ छः है, इसलिए यह त्यौहार चंद्रमा के आरोही चरण के छठे दिन, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष पर मनाया जाता है। कार्तिक महीने की चतुर्थी से शुरू होकर सप्तमी तक मनाया जाने वाला ये त्यौहार चार दिनों तक चलता है। मुख्य पूजा कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष के छठे दिन की जाती है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि सूर्य भगवान की पूजा कुष्ठ रोग जैसी बीमारियों को भी समाप्त करती है और परिवार की दीर्घायु और समृद्धि सुनिश्चित करती है। यह सख्त अनुशासन, शुद्धता और उच्चतम सम्मान के साथ की जाती है। डॉ अग्रवाल ने कहा कि छठ व्रत करने वालों के घर में हमेशा सुख-समृद्धि और आरोग्यता बनी रहती है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि छठ पर्व के दौरान हवा का नियमित प्राणिक प्रवाह गुस्सा, ईर्ष्या और अन्य नकारात्मक भावनाओं को कम करने में मदद करता है। डॉ अग्रवाल ने कहा कि सूर्य को शक्ति का देवता माना जाता है और इसकी आराधना पूजा हिन्दू धर्म में काफी महत्व रखती है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि देश विविधताओं से भरा हुआ है और हमें उन विविधताओं का आदर-सम्मान करना चाहिए। इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने छठ व्रतियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष राम कृपाल गौतम, प्रवक्ता लल्लन राजभर, कार्यक्रम अध्यक्ष शम्भू पासवान, संयोजक प्रदीप दुबे, उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा, महामंत्री परमेश्वर राजभर, कोषाध्यक्ष वीर बहादुर राजभर, जय प्रकाश नारायण, नागेंद्र सिंह, राजू गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

छठ् पूजा कार्यक्रम का शुभारंभ, 100 दीपों को किया प्रज्जवलन

सार्वजनिक छठ पूजा समिति की ओर से छठ पूजा की पूर्व संध्या पर 1100 दीपों का गंगा में दान किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शनिवार को छठ पूजा की पूर्व संध्या पर त्रिवेणी घाट पर 1100 दीपों का दान किया। मंत्री डॉ अग्रवाल ने छठ पूजा की बधाई दी। साथ ही छठ पूजन आरती में प्रतिभाग कर देश प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान गंगा आरती पर भी शामिल हुए।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि जब कोई पर्व सूर्य उदय के साथ-साथ जीवन के उदय का प्रतीक हो जाय तो वह हमारे जीवन में महोत्सव बन जाता है। उन्होंने कहा की अस्त और उदय होते सूर्य की आराधना यानि छठ पूजा व्रत की परम्परा भारत में विहार पूर्वांचल से प्रारम्भ होकर सम्पूर्ण हिंदुस्तान और विश्व में विस्तारित हो चुकी है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि सूर्य को शक्ति का देवता माना जाता है और इसकी आराधना पूजा हिन्दू धर्म में काफी महत्व रखती है। कहा कि देश विविधताओं से भरा हुआ है और हमें उन विविधताओं का आदर-सम्मान करना चाहिए। इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने छठ व्रतियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की।
इस अवसर पर शशिप्रभा अग्रवाल, समिति अध्यक्ष राम कृपाल गौतम, लल्लन राजभर, शम्भू पासवान, सीओ डीसी ढौंडियाल, प्रदीप दुबे, कविता शाह, पार्षद शिव कुमार गौतम, बृजेश शर्मा, जयंत शर्मा आदि उपस्थित रहे।

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के कार्यों को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा

क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग द्वारा ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों की समीक्षा विभागीय अधिकारियों के साथ की। इस दौरान निर्माण कार्य के लेटलतीफी होने तथा बैठक में अधूरी जानकारी के साथ पहुंचने पर मंत्री डॉ अग्रवाल ने कड़ी फटकार भी लगाई। उन्होंने निर्माण कार्य मे विशेष ध्यान देने की हिदायत दी।
शनिवार को बैराज रोड स्थित कैम्प कार्यालय में आयोजित बैठक में मंत्री डॉ अग्रवाल ने सिलसिलेवार निर्माण कार्याे की समीक्षा करते हुए प्रगति रिपोर्ट मांगी।मंत्री डॉ अग्रवाल ने अधूरी जानकारी के साथ बैठक में आने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्माण कार्याे में लेटलतीफी को सुधारते हुए गुणवत्ता के साथ कार्य करने को निर्देशित क़िया।
इस मौके पर मंत्री डॉ अग्रवाल ने जल जीवन मिशन व पैरी अर्बन से बन रही पेयजल के खुदी सड़कों के निर्माण की जानकारी मांगी। इस पर लोनिवि के विभागीय अधिकारियों ने जल जीवन मिशन से धनराशि न मिलने का हवाला दिया। इस पर डॉ अग्रवाल ने बैठक के बीच से ही जल संस्थान के नोडल अधिकारी अधीक्षण अभियंता अमित रमोला से दूरभाष पर वार्ता भी की।
डॉ अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग और जल संस्थान के अधिकारियों को आपस से में समन्वय बनाकर कार्य करने को निर्देशित किया। साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को हफ्ते में 3 दिन सड़कों का निरीक्षण करने को कहा। साथ ही जहां कार्य धीमी गति से चल रही हैं, उनमें शीघ्रता लाने को निर्देशित किया।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि जिन कार्यों का शिलान्यास हो चुका है, उनके निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। कहा कि गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, काम की लेटलतीफी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता सतीश, अपर सहायक अभियंता छबीलदास सैनी मौजूद रहे।