एम्स ऋषिकेश की कार्यप्रणाली से अवगत हुए मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स, ऋषिकेश में आयोजित बैठक में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री को ऋषिकेश एम्स द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्य, जन सेवा कार्यों, एम्स में मौजूद डॉक्टर, फैकल्टी, छात्रों एवं एडमिट मरीजों की संख्या, विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में अवगत करवाया गया।

एम्स कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने बताया कि ऐम्स ऋषिकेश में आधुनिक तकनीकी के माध्यम से मरीजों का इलाज किया जा रहा है, उन्होंने कहा एम्स ऋषिकेश में हेली सर्विस के माध्यम से दूरदराज पहाड़ों से गंभीर मरीजों को इलाज हेतु लाया जाता है उत्तराखंड राज्य के साथ ही अन्य राज्य से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज हेतु एम्स ऋषिकेश आते हैं। प्रो. मीनू सिंह ने कहा की आने वाले समय में एम्स ऋषिकेश ड्रोन के माध्यम से दूरदराज पहाड़ी इलाकों में आवश्यक दवाइयों को पहुंचाने का कार्य भी करेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स ऋषिकेश को आपदा प्रबंधन विभाग के साथ समन्वय बनाने की बात कही, उन्होंने कहा आपदाओं के दौरान एम्स ऋषिकेश अपनी अहम भूमिका निभाता आया है, आपदा पीड़ित लोगों को जल्दी इलाज मिल सके इसके लिए राज्य सरकार एवं एम्स ऋषिकेश में आपसी समन्वय होना जरूरी है। उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य के विभिन्न जगहों पर डॉक्टरों द्वारा कैंप लगाए जाएं, जिससे गांव में ही मरीजों के इलाज मिल सके । मुख्यमंत्री ने एम्स ऋषिकेश के विस्तार हेतु राज्य सरकार द्वारा हर संभव मदद किए जाने की बात कही।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मेडिकल सुपरिटेंडेंट संजीव मित्तल, प्रो. जया चतुर्वेदी, प्रो. मनोज गुप्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने एम्स अस्पताल का किया निरीक्षण, मरीजों से हालचाल भी जाना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स, ऋषिकेश में पी.आई.सी.यू ( बाल रोग गहन चिकित्सा इकाई ) का शुभारंभ किया, इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया और मरीजों का हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पीआईसीयू के शुभारंभ से छोटे बच्चों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी, उन्होंने एम्स ऋषिकेश को स्वास्थ्य के क्षेत्र में उम्मीदों का केंद्र बताया, उन्होंने कहा एम्स ऋषिकेश के प्रति लोगों में अपेक्षाएं और विश्वास है। उत्तराखंड राज्य के साथ ही अन्य राज्यों से आने वाले मरीजों के लिए एम्स ऋषिकेश एक वरदान के रूप में काम करता है। अपनी सेवा के माध्यम से जनता में विश्वास जगाता है। उन्होंने डॉक्टरों को भगवान का रूप बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ सेवा को बढ़ाने का कार्य संपूर्ण देश में लगातार जारी है। मुख्यमंत्री ने उधम सिंह नगर जिले के किच्छा में एम्स की सेटेलाइट शाखा की स्वीकृति हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा उत्तराखण्ड मंत्रिमंडल की बैठक में किच्छा एम्स हेतु केंद्र को निशुल्क जमीन देने पर स्वीकृति बनी है। उन्होंने कहा उत्तराखण्ड की भौगोलिक स्थिति अन्य राज्यों के मुकाबले भिन्न है, दूरदराज इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद राज्य सरकार इसे तीव्र गति के साथ कर रही है। उन्होंने एम्स ऋषिकेश से अन्य संस्थानों व अस्पतालों के साथ समन्वय बनाकर लोगों की मदद एवं सेवा करने का आग्रह किया।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, एम्स कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट संजीव मित्तल, प्रो. जया चतुर्वेदी, प्रो. मनोज गुप्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

नायब तहसीलदार सहित पटवारी के पदों को भरने की उठी मांग

ऋषिकेश तहसील क्षेत्र में राजस्व उपनिरीक्षक समेत नायब तहसीलदार के खाली चल रहे पदों को भरने की मांग बार एसोसिएशन ऋषिकेश ने प्रशासन से की है। बताया कि महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती नहीं होने से जनहित से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

बार एसोसिएशन ऋषिकेश के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सजवाण और महामंत्री सुनील नवानी के नेतृत्व में एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल तहसील में उपजिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी से मिला। उन्हें ज्ञापन सौंपकर अगवत कराया कि ऋषिकेश तहसील में राजस्व उप निरीक्षक के 7 पद सृजित हैं, लेकिन वर्तमान में चार राजस्व उप निरीक्षक ही तैनात हैं, तीन पद लंबे समय से खाली चल रहे हैं। यही नहीं नायब तहसीलदार की भी पिछले तीन महीने से तैनाती नहीं हो सकी है।

राजस्व उपनिरीक्षकों की संख्या कम होने के कारण वादों में राजस्व वाद, दाखिल खारिज वाद एवं प्रार्थना पत्रों पर रिपोर्ट नहीं लग रही है। नायब तहसीलदार का पद रिक्त होने के कारण नायब तहसीलदार न्यायालय में ग्राम खडकमाफ के दाखिल खारिज नहीं हो पा रहे हैं, इससे वादकारी एवं अधिवक्ताओं को काफी परेशानी आ रही है। जनहित में खाली पदों पर नियुक्ति जरूरी है। एसडीएम ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मौके पर बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष पुष्कर बंगवाल, कोषाध्यक्ष देवेंद्र सेमवाल, अधिवक्ता रमाशंकर, शीशपाल तोपवाल, राजेश मोहन, ऋषि अंथवाल आदि रहे।

ऑटो मालिक व चालकों ने पार्किंग बढ़ाने पर एमएनए को सौंपा ज्ञापन

देवभूमि ऋषिकेश ऑटो रिक्शा एसोसिएशन के संरक्षक आशुतोष शर्मा के नेतृत्व में ऑटो मालिक और चालक हरिद्वार रोड स्थित नगर निगम कार्यालय पहुंचे। यहां संयुक्त यात्रा रोडवेज बस अड्डा परिसर में पार्किंग शुल्क बढ़ाने पर आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एक हफ्ते पहले पार्किंग शुल्क निर्धारित किया गया था। अब जानकारी मिली है कि उसे बढ़ाया जा रहा है, इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।

इस दौरान एसोसिएशन के संरक्षक ने नगर आयुक्त राहुल गोयल से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। बताया कि एसोसिएशन से करीब 50 ऑटो रिक्शा आईएसबीटी से संचालित होते हैं, इनके लिए पार्किंग की व्यवस्था है। मांग उठाई गई कि हफ्ताभर पहले पार्किंग शुल्क की जो दरें तय की गई तो वह यथावत रखी जाएं। इनमें वृद्धि नहीं की जाए।

अब तीर्थनगरी में मोबाइल एप से मिलेगी सारी जानकारी, यात्रियों को मिलेगी सहूलियत

कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश सहित मुनिकीरेती और स्वर्गाश्रम को पर्यटकों के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं देने के लिए एकीकृत अवस्थापना विकास परियोजना को भारत के आर्थिक कार्य मंत्रालय द्वारा 1600 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान करने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। बता दें कि परियोजना को पूर्व में नीति आयोग और आवासन एवं शहरी विकास मंत्रालय भारत सरकार ने स्वीकृति प्रदान की थी।

एडिशनल प्रोग्राम डायरेक्टर उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलेपमेंट विनय मिश्रा के साथ मंत्री डॉ अग्रवाल जी ने ऋषिकेश नगर सहित मुनिकीरेती, स्वर्गाश्रम के एकीकृत अवस्थापना विकास परियोजना के संबंध में जानकारी हासिल की।

विनय मिश्रा ने बताया कि नगर निगम ऋषिकेश, नगर पालिका मुनिकीरेती और नगर पंचायत स्वर्गाश्रम के लिए बनी परियोजना को भारत के आर्थिक कार्य मंत्रालय ने स्वीकृति प्रदान की है। बताया कि परियोजना की कुल लागत लगभग 200 मीलियन यूरो (लगभग रूपये 1600 करोड़) है। परियोजना हेतु भारत सरकार व राज्य सरकार का वित्तीय अनुपात 80रू20 प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि इसमें भारत सरकार द्वारा यूरोपीय वित्तपोषण संस्था ज्ञथ्ॅ को 160 मीलियन यूरो की सहायता हेतु प्रस्ताव प्रेषित किया गया है।

विनय मिश्रा ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत ऋषिकेश नगर निगम, मुनिकीरेती नगरपालिका तथा स्वर्गाश्रम नगर पंचायत क्षेत्र में एक सिटी ऐप कार्य करेगा। जो एक तरह से यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए मददगार साबित होगा। इस ऐप के जरिए यात्री अपनी लोकेशन के आसपास ही पार्किंग, टॉयलेट, मेडिकल, अस्पताल, प्याऊ, पुलिस चौकी, सरकारी दफ्तर, व्यापारिक संस्थान, गंगा घाट, मंदिर सहित अन्य तीर्थ स्थल आदि की जानकारी ले सकेंगे। साथ ही यात्री पार्किंग पर अपना वाहन पार्क कर इलेक्ट्रिक व्हीकल के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत 24ग्7 पेयजल आपूर्ति प्रणाली, पेयजल मीटर वर्षाजल प्रबन्धन व बाद सुरक्षा, सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाएं, स्मार्ट शहरी स्थल परिधान व सामान कक्ष, प्रतीक्षालय, घाट और व्यापारिक स्थल का विकास, सड़के और यातायात प्रबंधन भूमिगत उपयोगिता नालिका नागरिक सुरक्षा और सुविधाओं हेतु विकसित एकीकृत नियंत्रण व आदेश केन्द्र, स्मार्ट स्तम्भ व ऊर्जा बचत हेतु उपकरणों की स्थापना, परिवहन केंद्र, बस टर्मिनल और पार्किंग इत्यादि के कार्य किए जाने हैं।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री व ऋषिकेश विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने इस परियोजना के लिए भारत के आर्थिक कार्य मंत्रालय से स्वीकृति मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। डॉ अग्रवाल ने कहा कि उनकी ओर से वैश्विक व राष्ट्रीय मंच पर लगातार तीर्थ नगरी को पर्यटकों के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने हेतु लगातार प्रयास किया। डॉ अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में उत्तराखंड का चहुमुखी विकास हो रहा है कहा कि प्रधानमंत्री का तीर्थ नगरी से जुड़ाव होने के चलते इस परियोजना को स्वीकृति मिल सकी है।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश में अनेक विकास कार्य हुए हैं। इस परियोजना के जरिए पार्किंग और रोपवे का रास्ता भी खुलेगा। ऋषिकेश नगर में स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों को बेहतर मूलभूत सुविधाए उपलब्ध होंगी। साथ ही ट्रैफिक जाम से होने वाली परेशानी को कम करने के उद्देश्य से ऊंचे पथों का निर्माण किया जायेगा। स्थानीय नागरिकों व पर्यटकों को बेहतर पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाएं प्राप्त होंगी। जीविकोपार्जन गतिविधियों में वृद्धि होगी।

कोतवाली पुलिस ने बांग्लादेशी महिला को किया अरेस्ट, अवैध रूप से पिछले आठ वर्ष से रही रही थी महिला

आठ वर्षों से रह रही बांग्लादेशी महिला को आज कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खुफिया विभाग की सहायता से गिरफ्तारी की कार्यवाही को अंजाम दिया। इस महिला ने अवैध तरीके से भारतीय पासपोर्ट बनाने के साथ-साथ मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड भी बनवा लिया था। इतना ही नहीं पिछले आठ वर्षों से वह ऋषिकेश के आवास विकास कालोनी में एक मकान खरीद कर उस में रह रही थी। महिला का पति दुबई में काम करता है। वर्ष 2007 में यह महिला टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी।

गृह मंत्रालय भारत सरकार की ओर से देश के विभिन्न हिस्सों में ओवरस्टे कर रह रहे विदेशी नागरिकों के संबंध में जांच करने के निर्देश विभिन्न राज्य की सरकारों को दिए गए थे।
इसके अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की ओर से ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र में रह रहे पाकिस्तानी और बांग्लादेशी निवासियों की जांच पड़ताल के लिए अभियान चलाने को कहा गया।

स्थानीय अभिसूचना इकाई की ओर से जांच की गई तो पता चला कि मकान नंबर 927 आवास विकास कालोनी ऋषिकेश में एक बांग्लादेशी महिला पासपोर्ट वीजा की समय अवधि समाप्त होने के बाद भी रह रही है।

प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सैनी ने बताया कि जांच में इस बात की पुष्टि हो जाने के बाद बुधवार को सोनिया चौधरी (40 वर्ष) पत्‍नी बावला चौधरी निवासी आवास विकास कालोनी वीरभद्र रोड ऋषिकेश जिला देहरादून के घर पर जाकर जांच की गई।
उनके यात्रा संबंधी दस्तावेज और पहचान पत्रों की जांच की गई तो पता चला कि महिला बांग्लादेशी पासपोर्ट (ठंदहसंकमेी चंेेचवतज) धारक है। इसके पासपोर्ट की वैधता 25 दिसंबर 2014 को समाप्त हो चुकी है और वीजा की वैधता भी आठ सितंबर 2011 को समाप्त हो चुकी है।

धामी कैबिनेट में इन 15 विषयों पर हुआ फैसला, आप भी जानें…

दिनांक 24 अगस्त 2022, कैबिनेट के निर्णयः’-
1. ऊधमसिंहनगर जनपद में, तहसील जसपुर से हटाकर 19 राजस्व ग्रामों को काशीपुर तहसील के अंतर्गत सम्मिलित किया गया।
2. परिवहन विभाग के अंतर्गत नई परिवहन कर सेवा नियमावली बनाया गया।
3. केदारनाथ में निर्माण कार्य के अंतर्गत जगह की कमी को देखते हुए 01 मंजिल भवन को दो मंजिल तक बनाने की अनुमति दी गई। इसके लिए वही ठेकेदार अधिकृत होगा जिसने पहली मंजिल का निर्माण किया है।
4. बद्रीनाथ, केदारनाथ में निर्माण कार्य के लिए आई.एन.आई कन्सेंलटेंसी एजेंसी को अधिक मैनपॉवर कार्य में लाने की स्वीकृति दी गई।
5. उद्यान विभाग के अंतर्गत 526 करोड़ लागत के जायका परियोजना के लिए 70 पदों की स्वीकृति दी गई।
6. राजस्व विभाग के अंतर्गत मा0 सर्वाेच्च न्यायालय के निर्णय के अनुसार 07 संग्रह अमीन को नायब तहसीलदार पद पर पदोन्नति देने के लिए सेवा नियमावली में शिथलीकरण किया जाएगा।
7. आवास विभाग के अंतर्गत रेरा, उत्तराखण्ड भू-सम्पदा वि-नियमन एवं विकास एवं विक्रय के लिए करार नियम 2022 के अंतर्गत क्रेता के अधिकार को सुरक्षित रखने के लिए केन्द्रीय सरकार के प्रारूप को स्वीकार किया गया।
8. न्याय विभाग के अंतर्गत सिविल जज जूनियर डिवीजन को सिविल जज एवं सिविल जज सीनियर डिवीजन को सीनियर सिविल जज के रूप में जाना जाएगा।
9. सितारगंज चीनी मिल को पी.पी.पी मोड में चलाने के लिए मांगी गई एक्सप्रेशन ऑफ इन्ट्रेस्ट में सुझाव को देखते हुए कुल निवेश का सुरक्षा धनराशि 05 प्रतिशत से घटाकर 02 प्रतिशत तथा धरोहर धनराशि को 01 प्रतिशत से घटाकर 0.25 प्रतिशत किया जाएगा।
10. शिक्षा विभाग के अतंर्गत स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय को कक्षा 01 से 12 तक के पाठ्यक्रम में जोड़ा जाएगा।
11. परिवहन निगम के अंतर्गत पूर्व में चयनित 24 अभ्यार्थियों को निगम की खराब हालात को देखते हुए नियुक्ति नहीं दी गई थी, अब इनकी नियुक्ति को मंजूरी दी गई है।
12. परिवहन विभाग के अंतर्गत रेलवे मैनुअल के अनुसार रेलवे ट्रैक के आसपास विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले निर्माण कार्य के लिए अब रेलवे विभाग से सहमति लेनी होगी ताकि ट्रैक को किसी प्रकार क्षति न पहुंचे। इसके लिए रेलवे मैनुअल को एडाप्ट किया गया है।
13. उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत छात्र निधि नियमावली के अंतर्गत जो छात्र एक वर्ष तक अपने कासन मनी को नहीं लेते है, उस धनराशि को कॉलेज के विकास पर खर्च करने की अनुमति दी गई है।
14. चिकित्सा विभाग के अंतर्गत कोविड के अंतर्गत भर्ती किये 1662 अस्थायी कार्मिकों की सेवा अवधि समाप्त होने पर इनकी नियुक्ति की तिथि के शर्तों के अनुसार 06 माह का सेवा विस्तार दिया जाएगा।
15. उत्तराखण्ड की आय को 05 वर्ष में दोगुना करने के लिए विभिन्न विभागों से रिपोर्ट लिया जाएगा एवं उत्तराखण्ड की आय को दोगुना करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर का कन्संलटेन्सी ऐजेंसी नियुक्त की जाएगी।

खुलेआम शराब की बिक्री कर रहे तस्करों पर पुलिस की कार्यवाही

कोतवाली पुलिस ने चंद्रेश्वर नगर से 24 पेटी शराब दो घरों से बरामद की है। एक शराब तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि एक महिला शराब तस्कर मौके से फरार हो गई है। जिसकी धरपकड़ के लिए पुलिस ने प्रयास शुरू कर दिए हैं।
कोतवाली पुलिस के अनुसार मंगलवार की सुबह मुखबिर ने सूचना दी कि चंद्रेश्वर नगर के दो घरों में खुलेआम शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही आईएसबीटी चौकी प्रभारी अमित कुमार मय पुलिस फोर्स के साथ चंद्रेश्वर नगर पहुंचे। पुलिस ने पहले शराब तस्कर गुरदयाल सिंघल के घर पर छापेमारी करते हुए पांच पेटी शराब पकड़ी। मौके से गुरदयाल सिंघल को भी गिरफ्तार किया। जिसके बाद पुलिस नशे के सौदागर गुरुचरण की पत्नी शांति देवी के घर छापेमारी करने पहुंच गई। पुलिस को देख शांति देवी मौके से फरार हो गई। तलाशी लेने पर शांति देवी के घर से पुलिस ने 19 पेटी शराब बरामद की। पुलिस शराब को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई।
कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि पुलिस ने 24 पेटी शराब कब्जे में लेकर माल खाने में रख दी है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धारा में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। गिरफ्तार हुए शराब तस्कर गुरदयाल सिंह को पुलिस ने न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया है। फरार हुई शराब तस्कर शांति देवी की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं। बताया कि दोनों ही शराब तस्करों के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे ऋषिकेश कोतवाली में दर्ज है। शराब पकड़ने वाली टीम में कॉन्स्टेबल राधेश्याम, संदीप छाबड़ी, तेज सिंह, सुधीर कुमार शामिल रहे।

26 अगस्त से ऋषिकेश में देख सकेंगे गढ़वाली फिल्म थोकदार

गढ़वाली फिल्म थोकदार के प्रमोशन के लिए अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा ने फिल्म का पोस्टर लांच किया। यह फिल्म 26 अगस्त से ऋषिकेश के रामा पैलेस थियेटर में प्रदर्शित होगी।
मंगलवार को देहरादून रोड स्थित अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में कलाकारों की मौजूदगी में फिल्म का पोस्टर लांच किया गया। महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी ने कहा कि थोकदार फिल्म के देहरादून एवं कोटद्वार में जबरदस्त हिट होने से गढ़वाली फिल्मों के फिर से सुनहरे दौर की शुरुआत हो गई है। उन्हें पूरा विश्वास है कि यहां भी फिल्म जबरदस्त सफलता हासिल करेगी। कहा कि आगामी 26 अगस्त से फिल्म का एक शो रोजाना सुबह रामा पैलेस में प्रदर्शित होगा। समाजसेवी रघुवीर मिंटू चौहान ने कहा कि लोक संस्कृति को बढ़ावा देना ही इस फिल्म का उद्देश्य है।
फिल्म के लेखक निर्देशक देबू रावत ने कहा कि इस फिल्म में शानदार गीत संगीत, बेजोड़ कहानी और टिहरी के जौनपुर थत्यूड़ आदि खूबसूरत स्थलों को दिखाया गया है। यह फिल्म बुराई पर अच्छाई की जीत और मां-बाप के औलाद को दिए संस्कारों की सीख देती है। फिल्म में तमाम कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय की छाप छोड़ी है।
मौके पर फिल्म के अभिनेता राजेश मालगुडी, विलेन का किरदार निभाने वाले पन्नू गुसाईं, अभिनेता रणवीर चौहान, अभिनेत्री शिवानी भंडारी, इंदु भट्ट, सुषमा व्यास, प्रदीप नैथानी, गायक लेखराज भंडारी, महासभा के महासचिव उत्तम सिंह असवाल, अंजली वर्मा आदि मौजूद रहे।

तीर्थनगरी में नशे की सप्लाई करने वाला साजिद बरेली से गिरफ्तार

ऋषिकेश पुलिस ने बरेली से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते में जमा 10 लाख रुपये भी फ्रीज कर दिए हैं।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते साल 10 दिसंबर को पुलिस ने चंद्रेश्वरनगर, ऋषिकेश निवासी रेखा साहनी पत्नी सुरेंद्र साहनी को 6.05 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। महिला के पास से स्मैक से बेचकर कमाए गए 2870 रुपये भी बरामद किए थे। पुलिस को पूछताछ में महिला ने बताया कि वह स्मैक यूपी के बरेली से साजिद हुसैन नाम के व्यक्ति से खरीदती है। स्मैक की रकम वह उसके बैंक एकांउट में जमा कर देती है। जांच के दौरान महिला की बात सच निकली। इसके बाद पुलिस ने साजिद हुसैन के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस ने पहले आरोपी के बैंक अकाउंट में जमा 10 लाख रुपये फ्रीज करवाए। रविवार को पुलिस ने मुखबिर की मदद से नशा तस्कर साजिद हुसैन पुत्र नबी हुसैन निवासी मोहम्मद गोरिफ बिठोलिया, थाना सीबीगंज बरेली को गिरफ्तार किया। सीओ डीसी ढौड़ियाल ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।