तीज महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम

गोर्खाली महिला हरतालिका तीज कमेटी ने तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया। तीज महोत्सव में गोर्खाली समाज की महिलाओं ने रंगारंग कार्यक्रमों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रायवाला में महोत्सव का शुभारंभ कांग्रेस नेता जयेन्द्र रमोला और जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान ने संयुक्तरुप से किया। उन्होंने कहा कि हरतालिका तीज महोत्सव हर वर्ष गोर्खाली समाज की महिलायें धूमधाम से मनाती हैं। इससे आपस में प्रेम और सौहार्द बढ़ता है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से हमें एक-दूसरे के त्योहारों और परम्पराओं का ज्ञान होता है। तीज कमेटी की अध्यक्ष अलका क्षेत्री ने कहा कि गोर्खाली समाज में यह त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। महिलाएं इसमें व्रत रखकर परिवार की ख़ुशहाली की कामना करती हैं। इस दौरान क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं।
मौके पर ग्राम प्रधान प्रतीतनगर अनिल पिवाल, गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष टीका बहादुर, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, प्रधान खांड गांव शंकर घनै, प्रधान हरिपुर गीतांजलि जखमोला, दुर्गा देवी शर्मा, कोषाध्यक्ष यशोदा शर्मा, भवानी शर्मा, देवकी सुवेदी, मंजू क्षेत्री, सपना ठकुरी, अंशुल त्यागी, कृष्णा रमोला, अंजना चौहान, अनुपमा थापा, दीपा चमोली, मनोज जखमोला, संजय पोखरियाल, किशन थापा, जितेन्द्र त्यागी, धीरज थापा, संगीता थापा, बिना बंगवाल, दीपा चमोली, कमलेश भंडारी, लक्ष्मी गुरूंग, सुभाष भट्ट, डॉ. पदम प्रसाद शुवेदी, स्वामी रवि देव शास्त्री, स्वामी दिनेश दास महाराज आदि मौजूद रहे।

बाढ़ नियंत्रण के कार्यों की गुणवत्ता की जांच होः जयेंद्र रमोला

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने ताजा बयान जारी कर गौहरी माफी में बाढ़ नियंत्रण कार्य की जांच की मांग की है।
उन्होंने कहा कि बीते रोज भारी वर्षा के कारण ऋषिकेश विधानसभा के विभिन्न गांवों में बाढ़ जैसे हालात हुए। जिसमें ग्रामसभा गौहरी माफ़ी में पिछले कई वर्षों की तरह हालात जस के तस हैं जबकि गौहरी माफ़ी में चार वर्ष पूर्व लगभग पाँच करोड़ रूपये से बाढ़ रोकने के लिये पुस्तों का कार्य किया गया जोकि कल की बारिश में पूरी तरह ढह गये हैं

उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि ख़राब गुणवत्ता के कारण करोड़ों रूपयों को बाढ़ नियंत्रण के कार्यों के नाम पर ठिकाने लगाया गया। इसमें क्षेत्रीय विधायक द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री से उच्च स्तरीय जाँच की माँग की।

अवैध रूप से रेस्टोरेंट में शराब परोसने पर संचालक गिरफ्तार


कोतवाली क्षेत्रांतर्गत अवैध रूप से बिना लाइसेंस के रेस्टोरेंट में शराब पिलाने पर पुलिस ने संचालक को गिरफ्तार किया है।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक, अवैध शराब की बिक्री व तस्करी के विरुद्ध, बिना लाइसेंस रेस्टोरेंट और ढाबो में शराब पिलाने वाले के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने गुमानीवाला स्थित मिलन फास्ट फूड एंड रेस्टोरेंट के संचालक व मैनेजर प्रवेश थपलियाल निवासी गली नंबर एक चीनी गोदाम रोड गुमानीवाला श्यामपुर ऋषिकेश को बिना लाइसेंस होटल में अवैध रूप से शराब पिलाने पर गिरफ्तार किया है।

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों को दिये निर्देश

खैरी खुर्द के ठाकुर पुर गांव और गौरी माफी में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र का कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दौरा किया। साथ ही विधानसभा क्षेत्र के अन्य इलाकों के बारे में जानकारी हासिल की। इस मौके पर एसडीएम ऋषिकेश को बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में निवासरत लोगों की जानकारी लेकर हुए नुकसान का मुआवजा देने के निर्देश दिए।
शनिवार को मंत्री डॉ अग्रवाल ने सर्वप्रथम खैरी खुर्द के ठाकुरपुर क्षेत्र का दौरा किया। यहां ठाकुरपुर में रेलवे अंडर पास के नीचे आए जल प्रवाह का मंत्री डॉ अग्रवाल ने स्थलीय निरीक्षण किया। डॉ अग्रवाल ने एसडीएम ऋषिकेश शैलेंद्र सिंह नेगी को विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ ग्रस्त लोगों की जानकारी लेकर उचित मुआवजा देने के निर्देश दिए।
डॉ अग्रवाल ने अंडर पास के आस पास आए जल प्रभाव को रोकने के लिए शुरुआती तौर पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को पानी की धारा बदलने के लिए तारजाल लगाने के निर्देश दिए। साथ ही यहां आए मलबे को हटाने और गड्ढा भरने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया।
इसके अतिरिक्त डॉ अग्रवाल ने गौहरीमाफी में आई बाढ़ का मौके पर निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए नुकसान का जायजा लेने को कहा। डॉ अग्रवाल ने मौके से ही सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता मुकेश मोहन को दूरभाष पर गौहरीमाफी में 8 करोड़ तथा खदरी में लगभग तीन करोड़ की बनी योजनाओं को तुरंत स्वीकृत करने के लिए निर्देशित किया, जिससे भविष्य में समस्या का निदान हो सके।
डॉ अग्रवाल ने स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि जागरूक रहें और ऐसे स्थल पर जाने से बचे जहां पानी की जलधारा अधिक हो। उन्होंने प्रशासन के अधिकारियों को भी मौके पर मुस्तैद रहने को कहा।
इस मौके पर एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी सिंचाई विभाग के एसडीओ अनुभव नौटियाल, ग्राम प्रधान खैरी खुर्द विजयराम पेटवाल, प्रधान रोहित नौटियाल, प्रधान सागर गिरी सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

सितम्बर से गंगा में फिर शुरु होगी राफ्टिंग

ऋषिकेश में राफ्टिंग का बेसब्री से इंतजार करने वाले लोगों के लिए एक सितंबर से तीर्थनगरी में राफ्टिंग के संचालन पर लगी रोक हट जाएगी। जिसके बाद आप एक बार फिर राफ्टिंग का लुत्फ उठा सकते है।
आपको बता दें कि यहां 280 राफ्टिंग कंपनियां हैं और 575 राफ्टों का संचालन उन कंपनियों के तहत किया जाता है। ऋषिकेश में क्लब हाउस से राम झूला तक की राफ्टिंग की जाती है जो कि 9 किलोमीटर की दूरी तय करती है और इसका प्रति व्यक्ति रेट 600 है। ब्रह्मपुरी से रामझूला तक भी 600 प्रति व्यक्ति रेट है और यह भी 9 किलोमीटर की दूरी तय करती है। शिवपुरी से राम झूला तक 15 किलोमीटर की दूरी के हजार रुपए हर एक व्यक्ति से चार्ज किए जाते हैं। शिवपुरी से मरीन ड्राइव तक 10 किलोमीटर की राफ्टिंग में हर व्यक्ति से 600 रुपए चार्ज किए जाते हैं।
कोडियाला से राम झूला तक 35 किलोमीटर की राफ्टिंग में 2500 चार्ज किए जाते हैं तो वहीं कोडियाला से शिवपुरी तक 20 किलोमीटर की राफ्टिंग में हर व्यक्ति से 1500 रुपए लिए जाते हैं। बता दें कि कोडियाला से राम झूला तक तकरीबन 35 किलोमीटर के रास्ते में गंगा के सबसे अधिक खतरनाक और रोमांचक रैपिड पड़ाव पड़ते हैं और पर्यटक इनका खूब आनंद लेते हैं। ऋषिकेश में गंगा घाटी के कोडियाला मुनिकीरेती इको जोन में 1 जुलाई से मानसून के चलते रिवर राफ्टिंग का संचालन नहीं हो रहा है।
राफ्टिंग एक्टिविटी 1 जुलाई से 31 अगस्त तक बंद रहती है। ऐसे में राफ्टिंग के शौकीनों को दो माह का लंबा इंतजार करना पड़ता है। इस साल सीजन में जुलाई तक 5 लाख से ज्यादा सैलानी ऋषिकेश में राफ्टिंग का लुत्फ उठा चुके हैं। इससे करीब 25 हजार से ज्यादा परिवारों की आजी​विका चल रही है। मगर अब बरसात के बाद नए सत्र में राफ्ट एक बार फिर से गंगा नदी में उतरेंगे और लंबे समय के बाद पर्यटक राफ्टिंग का मजा ऋषिकेश में ले सकते हैं।

नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी गिरफ्तार

नाबालिग लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म के आरोपी सहित दो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक 27 जून को एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि नयन नाम के युवक ने उनकी नाबालिग बेटी का घर से अपहरण कर लिया है। पिता ने पुलिस से बेटी के सकुशल वापसी की गुहार लगाई। पुलिस ने नामजद तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। साथ ही नाबालिग की तलाश शुरू की। दो दिन बाद लड़की को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। उसके बयानों के आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो की धारा बढ़ा दी गई। जबकि, मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए। थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर काशाीपुर, जिला ऊधमसिंह नगर में दबिश देकर आरोपी नयन पुत्र संजय निवासी मौ. गंज घासमंडी चौकी कटोराताल और साथ देने वाले हन्नी कश्यप पुत्र सुखदेव कश्यप निवासी निवासी ग्राम मौ. बासफोडान, काशीपुर को गिरफ्तार कर लिया।

नीरजा देवभूमि चौरिटेबल ट्रस्ट ने शुरु किया निःशुल्क शिक्षण संस्थान

नीरजा देवभूमि चौरिटेबल ट्रस्ट ने निर्धन वर्ग के छात्र-छात्राओं को शिक्षित करने के लिए निशुल्क शिक्षण संस्थान की शुरुआत की है। आज शिक्षण संस्थान के शुरुआत में किया गया सहयोग वीरेंद्र गुसाईं द्वारा किया गया। राजेंद्र सिंह गुसाईं ट्रस्ट मैं सहयोग अपने माता की याद मैं किया करते हैं। ट्रस्ट ने इस शिक्षण संस्थान को निर्धन वर्ग के बच्चों के लिए निशुल्क संचालन किया है। जिसमें बच्चों को प्राइमरी से पांचवी कक्षा तक ट्यूशन, क्रीडा और विभिन्न प्रकार की कला सिखाई जाएगी। जिससे बच्चों को आगे चलकर अपने फ्यूचर को लेकर ज्यादा कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। ट्रस्ट संस्थापक नीरजा गोयल ने कहा ट्रस्ट का सदैव यही प्रयास रहा है कि समाज के निर्धन वर्ग के लोगों और उनके बच्चों को कभी किसी परिस्थिति में किसी कठिनाई का सामना ना करना पड़े।
इस दौरान मुख्य अतिथि भरत मन्दिर के महंत वत्सल, हरिशानन्द, कार्यक्रम की अध्यक्षता डीबीपीएस रावत, पूर्व प्रधानाचार्य अजय शर्मा, डीपी रतूड़ी, रीणा शर्मा पार्षद, राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट पार्षद, भावना सिंधी अध्यक्ष सिंधी लेडीज क्लब, ट्रस्ट सहसंस्थापक नूपुर गोयल, सीमा खुराना, मनप्रीत, मनजीत, प्रिंस गुप्ता, कमल, सोनी ध्रुव, खुशी, दुर्गेश, आशु, उषा चौहान, पूनम, आचार्य सन्तोष व्यास, मनोज गुप्ता, सुनील थपलियाल, वरुण जैन, अध्यापिका शिखा पाल, मंजू द्वारा बच्चों को अध्ययन कराया जाएगा।

सरकार ने ऋषिकेश में अवस्थापना विकास के लिए 1600 करोड रुपये मांगे

धर्म एवं योग नगरी ऋषिकेश को पूर्णरूप से सुविधा सम्पन्न बनाये जाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री की पहल पर ऋषिकेश नगर के एकीकृत शहरी अवस्थापना विकास परियोजना हेतु वित्तीय मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा यूरोपीय वित्तपोषण संस्था को 160 मीलियन यूरो की सहायता हेतु प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। परियोजना की कुल लागत लगभग 200 मीलियन यूरो (लगभग रू0 1600 करोड़) है। परियोजना हेतु भारत सरकार व राज्य सरकार का वित्तीय अनुपात 80ः20 प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में इन्फ्रास्ट्रक्चर में अभूतपूर्व विकास हो रहा है। ऋषिकेश में एकीकृत शहरी अवस्थापना विकास परियोजना से विश्व में योग नगरी के रूप में विख्यात ऋषिकेश नगर में स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
परियोजना के अंतर्गत चौबीसों घंटे पेयजल आपूर्ति प्रणाली, पेयजल मीटर वर्षाजल प्रबन्धन व बाद सुरक्षा, सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाएं, स्मार्ट शहरी स्थल, परिधान व सामान कक्ष, प्रतीक्षालय, घाट और व्यापारिक स्थल का विकास, सड़के और यातायात प्रबंधन भूमिगत उपयोगिता नालिका नागरिक सुरक्षा और सुविधाओं हेतु विकसित एकीकृत नियंत्रण व आदेश केन्द्र, स्मार्ट स्तम्भ व ऊर्जा बचत हेतु उपकरणों की स्थापना, परिवहन केंद्र, बस टर्मिनल और पार्किंग इत्यादि के कार्य किए जायेंगे।
प्रत्येक वर्ष ऋषिकेश में लाखों पर्यटकों का आवागमन धार्मिक एवं साहसिक पर्यटन गतिविधियों के लिए किया जाता है। ऐसे में अतिरिक्त सुविधाओं को विकसित किए जाने के दृष्टिगत विकास कार्य किए जाने की आवश्यकता है। यातायात संकुलन से होने वाली परेशानी को कम करने के उद्देश्य से ऊंचे पथों का निर्माण किया जायेगा।
परियोजना के पूर्ण होने पर नागरिक जीवनशैली व जीवन योग्यता मानकों में वृद्धि होगी, स्थानीयों के व्यापारिक व आजीविका स्तर में सुधार होगा, नागरिकों व पर्यटकों को बेहतर पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी, जीविकोपार्जन गतिविधियों में वृद्धि होगी, यातायात में सरलता होगी तथा पर्यटकों को उच्चस्तरीय सुविधाएं प्राप्त हो सकेगी।

75वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस नेता ने तिरंगा फहराकर किया मिष्ठान वितरित

महानगर कांग्रेस मुख्यालय, लोडर यूनियन एसोसिएशन, कांग्रेस सेवा दल व गढ़वाल ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन द्वारा मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने कांग्रेस जनों के साथ विभिन्न स्थानों पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज।

स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगाँठ पर विधायक प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने देश की आन, बान और शान का प्रतीक तिरंगा फहराया साथ ही मिष्ठान वितरण किया।

कार्येक्रम में प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, महानगर अध्यक्ष महन्त विनय सारस्वत, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, ललित मोहन मिश्रा, शैलेंद्र बिष्ट, प्रदेश सचिव लल्लन राजभर पूर्व पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा, सेवा दल महानगर अध्यक्ष राम कुमार भतालिया, ट्रक यूनियन एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश बहुगुणा, संतोष, इमरान सैफी, कृष्णा राजभर, हरी राम वर्मा, सरोज देवराड़ी, रेनु नेगी, कमलेश शर्मा आदि मौजूद थे।

पत्रकार जितेंद्र जोशी बने उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष

उत्तराखंड पत्रकार यूनियन का विस्तार करते हुए ऋषिकेश इकाई का गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मत्ति से अध्यक्ष पद पर जितेंद्र जोशी, महासचिव विनय पाण्डेय और कोषाध्यक्ष अमित कंडियाल को चुना गया। नियुक्ति पर पत्रकारों ने अध्यक्ष और महासचिव का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

रायवाला स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में ऋषिकेश इकाई के गठन के लिए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी और महामंत्री हरीश जोशी पहुंचे। उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष जितेंद्र अंथवाल की मौजूदगी में अध्यक्ष और महासचिव पद को लेकर क्षेत्र के पत्रकारों से रायशुमारी की गई। इस दौरान अध्यक्ष पद पर जितेंद्र जोशी और महासचिव पर विनय पाण्डेय के नाम पर सहमति बनी। कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अमित कंडियाल को दिए जाना तय हुआ, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने ऋषिकेश इकाई अध्यक्ष जितेंद्र जोशी और महासचिव पद पर विनय पाण्डेय की नियुक्ति की घोषणा की।

अध्यक्ष जितेंद्र जोशी ने कहा कि वह पत्रकारों के हित के लिए संघर्ष करेंगे। महासचिव विनय पाण्डेय ने भी पत्रकारों के उत्थान के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम करने की बात कही। बताया कि संगठन की मजबूती के साथ ही अन्य पदों पर जल्द ही नामों की घोषणा की जाएगी। मौके पर यूनियन के प्रांतीय संरक्षक नवीन थलेड़ी, जिलाध्यक्ष संतोष चमोली, जिला संयोजक मनोहर काला और जितेंद्र चमोली, गिरधर शर्मा, जितेंद्र भट्ट, राव राशिद, भगतराम कपरूवान, दीपक जोशी, मयंक ध्यानी, रेखा भंडारी आदि मौजूद थे।