डाक नही बांट रहे पोस्टमैन को किया सस्पेंड

ऋषिकेश के मुख्य डाकघर में तैनात एक पोस्टमैन को लोगों की डाक नहीं बांटने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया। मामले में पोस्टमैन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति कर दी गई है।
ऋषिकेश मुख्य डाकघर में तैनात पोस्टमैन पर लोगों की डाक नहीं बांटने का आरोप लगा है। बीते रोज कुछ लोगों की शिकायत मिलने पर डाक विभाग ने आरोप सही पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। ऋषिकेश मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर आरडी रतूड़ी ने बताया अनुदीप पुत्र सीताराम, निवासी नेपाली फार्म यहां पर पोस्टमैन के पद पर कार्यरत है। बीते रोज कुछ लोगों ने अनुदीप पर डाक नहीं बांटने का आरोप लगाया। शिकायत की जांच पड़ताल करने पर मामला सही पाया गया। पोस्टमैन डाक पर ग्राहकों की जगह खुद ही साइन कर स्लीप पोस्ट ऑफिस में जमा कर देता था। बताया कि बीते गुरुवार से वह अनुपस्थित चल रहा था। उसके घर के कमरे से 92 डाक भी रिकवर किए गए हैं। मामले में पोस्टमैन को सस्पेंड करने को आदेश कर दिए गए है। इसके बाद उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

विश्वविद्यालय के ऋषिकेश परिसर के लिए 50 लाख की धनराशि स्वीकृत

श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय ने ऋषिकेश परिसर में जरूरी व्यवस्थाओं के लिए 50 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही प्रत्येक विभाग में एक-एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की जल्द तैनाती की जाएगी। दो दिनों से विश्वविद्यालय के कुलपति डा. पीपी ध्यानी और कुलसचिप केआर भटट परिसर में कैंप कर रहे हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के सत्र 2022-23 से क्रियान्वयन हेतु परिसर में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला के सफल आयोजन के बाद कुलपति डॉ. ध्यानी ने परिसर में स्थित प्रत्येक विभाग में एक-एक कार्मिक को श्रम विभाग उत्तराखण्ड शासन की प्रचलित दरों पर नितान्त अस्थायी व्यवस्था के तहत रखने का निर्णय ले लिया है। आने वाले समय में और भी व्यवस्थायें सुनिश्चित की जायेंगी। परिसर के रख-रखाव व सुदढीकरण एवं छात्र-छात्राओं व प्राध्यापकों की विभिन्न समस्याओं को हल करने के लिए प्रथम किश्त के रूप में कुलपति द्वारा रू0 50.00 लाख की वित्तीय स्वीकृति ऋषिकेश परिसर को दी गयी है। यह धनराशि विश्वविद्यालय से अविलम्ब प्राचार्य ऋषिकेश परिसर को अवमुक्त हो जायेगी। ऋषिकेश परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने हेतु सुरक्षाकर्मियों को रखने का निर्णय भी कुलपति द्वारा ले लिया गया है तथा अधियाचन उपनल को प्रेषित कर दिया गया है। बहुत ही जल्दी परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं हेतु पूर्व सैनिकों की तैनाती हो जायेगी।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को जन्मदिन पर घर जाकर दी शुभकामनाएं

भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट का जन्मदिन सादगी के साथ मनाया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने गुलदस्ता भेंट कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
गुरुवार को इंदिरा नगर स्थित पुराने आवास पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट के जन्मदिन पर सर्वप्रथम पूजा अर्चना की गई। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं का जन्मदिन की बधाई देने के लिए उनके आवास पर तांता लगा रहा। इस दौरान ऋषिकेश क्षेत्र के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट को गुलदस्ता भेंट कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। वर्तमान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट एक संघर्षशील नेता के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने हमेशा से ही पार्टी के प्रति समर्पित होकर कार्य किया है। उन्होंने अपने राजनीति की शुरुआत हुई ऋषिकेश से की है। इससे उन्हें हमेशा से ही ऋषिकेश से लगाव रहा है।
जन्मदिन की बधाई देने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति सजवाण, हरीश तिवाड़ी, सतीश पाल, पार्षद राजेश कुमार, राकेश पारछा, नरेन्द्र रतूड़ी, दयाशंकर पांडेय, दीपक बिष्ट, लक्ष्मी सजवाण, सतीश सिंह, इंद्रकुमार गोड़वानी, रविंद्र बेलवाल, नरेंद्र नेगी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का जन्मदिन पौंधे लगाकर मनाया

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के जन्मदिन पर पौधरोपण किया। इस मौके पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।
गुरुवार को संजय झील में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि वृक्ष के बिना हमारा जीवन अधूरा है, आज मनुष्य पूरी तरह से पेड़ो पर ही निर्भर है। कहा कि शास्त्रों में लिखा गया है कि एक पेड़ लगाने से एक यज्ञ के बराबर पुण्य मिलता है। कहा कि पीपल का पेड़ लगाने से व्यक्ति को सैंकड़ों यज्ञों के बराबर पुण्य की प्राप्ति होती है। केवल इतना ही नहीं भारतीय संस्कृति में एक पेड़ लगाना, सौ गायों का दान देने के समान माना गया है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि पौधारोपण हमारे जीवन का एक अभिन्न अंग है, हमें अपने जीवन में जितना हो सके उतना अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिये। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों की कमी से निरंतर पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण बहुत जरूरी है। हम सभी का फर्ज बनता है कि पृथ्वी की खूबसूरती को बनाए रखने में अपना योगदान दें। उन्होंने युवाओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि अगर हम अपने बच्चों के जन्मदिन पर पौधरोपण करें, तो युवा भी अपनी संस्कृति के प्रति रुझान करेंगे और युवा पीढ़ी भविष्य में इसके महत्व को भी समझ सकेगी।
इस मौके पर फलदार व छायादार पौधे रोपे गए। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति से अपने जन्मदिन पर पौधरोपण करने का आवाहन किया गया।
इस मौके पर पूर्व दायित्व धारी संदीप गुप्ता, मण्डल अध्यक्ष दिनेश सती, महामंत्री जयंत शर्मा, सुमित पंवार, महिला मोर्चा अध्यक्ष उषा जोशी, पार्षद शिव कुमार गौतम, प्रदीप कोहली, विकास तेवतिया, व्यापारी नेता प्रतीक कालिया, आशुतोष शर्मा, अमरीश गर्ग, दीपक बिष्ट, राजपाल ठाकुर, रूपेश गुप्ता, माधवी गुप्ता, आईएफएस स्वप्निल अनिरुद्ध, सीमा रानी, पूरन चंद, राकेश चंद, सुधा असवाल, रीठा गुप्ता, भागा भट्ट, राधे जाटव, हरि शंकर प्रजापति, संजीव सिलस्वाल आदि उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने दी जन्मदिन की बधाई

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के जन्मदिन पर उनके आवास पर जाकर बधाई एवं नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं दी।
गुरुवार को उनके इंदिरा नगर स्थित आवास पर जाकर मंत्री डॉ वालों ने स्मृति चिन्ह, शॉल ओढ़ाकर व पुष्प गुच्छ भेंट कर जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी संभालने पर अपनी शुभकामनाएं दी।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि भट्ट के नेतृत्व में पार्टी को एक नई दिशा मिलेगी। गढ़वाल व कुमाऊं के क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं में उनकी अच्छी पकड़ पार्टी व संगठन को आगे बढ़ाएगी।
इस मौके पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में चार बार के विधायक व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल का सदैव विकास कार्यों पर फोकस रहा। ऋषिकेश विधानसभा में विकास कार्य उनके कार्यकाल में धड़ल्ले से हुए। उन्होंने सभी वर्ग और पीढ़ी के लोगों को साथ लेकर संगठन को आगे बढ़ाने की बात कही।

पालिकाध्यक्ष ने हर घर तिरंगा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान में जोरों से जुट गई है। अभियान के प्रचार-प्रसार हेतु बुधवार को पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बताया कि देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संपूर्ण भारत में ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान चलाया जाना है, इसमें आगामी दिनांक 13 अगस्त से स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त तक देश के प्रत्येक घर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाया जाना है। इसके तहत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र के प्रत्येक घर में राष्ट्रीय ध्वज लगाया जाना है। उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने हेतु नगर वासियों से देशप्रेम की भावना से प्रेरित होकर भागदारी करने एवं आस-पड़ोस के नागरिकों को प्रोत्साहित करने करने के लिए कहा। उन्होंने नगरवासियों से घरों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाने व हटाने के दौरान फ्लैग कोड का विशेष रूप से ध्यान रखने और अभियान की समाप्ति के बाद राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को पूर्ण सम्मान के साथ सुरक्षित रखे जाने की अपील की। बताया कि ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान को सफल बनाने हेतु बुधवार को पालिका की ओर से प्रचार वाहन रवाना किया गया।
मौके पर सभासद प्रतिनिधि हिकमत नेगी, राजेंद्र थलवाल, कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, लिपिक दीपक कुमार, वर्क एजेंट जितेंद्र सजवाण, संदीप बिष्ट मौजूद रहे।

युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने आवास-विकास कॉलोनी स्थित नशामुक्ति केंद्र में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस गुरुवार को आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक एक युवती ने तहरीर देकर प्रभजीत सिंह उर्फ हनी पुत्र स्वर्गीय भगवान सिंह निवासी मकतूलपुरी, रुड़की थाना गंगनहर जिला हरिद्वार और दो अन्य मित्रों सहित नशामुक्ति केंद्र कि संचालिका के साथ मिलकर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पीड़िता का आरोप था कि उन्होंने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और उसके बाद दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर गाली गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। बुधवार को प्रभजीत सिंह उर्फ हनी को ऋषिकेश के तहसील रोड स्थित गौरा देवी चौक से गिरफ्तार किया गया। कोतवाल रवि सैनी बताया कि आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं, पीड़िता का भी मेडिकल करवाया गया है। मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

राजभवन घेराव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया मंथन

महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश द्वारा 5 अगस्त को भ्रष्टाचार एवं बेरोजगारी के मुद्दे पर राजभवन का घेराव की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। आज महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय ऋषिकेश में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर एवं प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी करण मेहरा के निर्देशानुसार भ्रष्टाचार, बेरोजगारी एवं ईडी के विरोध स्वरूप राजभवन घेराव के संबंध में एक आवश्यक बैठक आहूत की गई। जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 5 अगस्त के दिन बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने एवं कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु विचार विमर्श किया गया।
बैठक में तय किया गया कि सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष के हाथों को मजबूत करके भ्रष्टाचार एवं बेरोजगारी के विरोध में राजभवन का घेराव करेंगे। एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार लगातार भ्रष्टाचार में लिप्त होती जा रही है। ईडी का दुरुपयोग करके हमारे सम्मानित राजनेताओं को डरा धमकाने का काम किया जा रहा है जबकि हमारे राजनेता ना तो डरेंगे ना झुकेंगे और इसका जवाब केंद्र सरकार और राज्य सरकार को लगातार प्रदर्शनों के माध्यम से किया जाएगा
नगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि अब वह समय आ गया है कि समस्त कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर ऐसे दोगली सरकार को सत्ता से बाहर फेंकने का काम किया जाएगा अब हमारे कार्यकर्ता किसी भी दबाव में आकर काम करने वाले नहीं हैं हमारे कार्यकर्ता ईट का जवाब पत्थर से देने का काम करेंगे।
इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, व्यापार मण्डल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, पार्षद राकेश सिंह, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जितेंद्र पाल पाठी, राजेन्द्र जाटव, सरोज देवराडी, उमा ओबरॉय, चंदन सिंह पंवार, मनीष जाटव, कमलेश शर्मा, प्रदीप जैन, योगेश शर्मा, अशोक शर्मा, सोहन लाल चमोली, प्यारे लाल जुगरान, अमित शाह, इमरान सैफी, अभिनव सिंह, मुकेश वकालत आदि मौजूद रहे।

व्यापारी वर्ग सरकार के फैसले के साथ, वाद विवाद की स्थिति ना हो-प्रतीक कालिया

प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया के नेतृत्व में नगर के प्लास्टिक एवं पैकिंग मैटेरियल के थोक विक्रेताओं ने आज नगर निगम नगर निगम ऋषिकेश के नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त एवं एनफोर्समेंट टीम के साथ एक संयुक्त बैठक की। जिसमें नगर निगम द्वारा बाजार में आ रही टीम के साथ किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति ना पैदा हो। इसके साथ ही व्यापारियों के साथ प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर गहन चिंतन किया गया।
प्रतीक कालिया ने बताया कि हमारा व्यापारी वर्ग निगम प्रशासन एवं सरकार द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंध के साथ है और उनके द्वारा जो सुझाव नगर आयुक्त गौरव गोयल को दिए गए उनको नगर आयुक्त में उच्च अधिकारियों के आगे रखने की भी बात कही।
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश मंत्री व्यापार मंडल श्रवण जैन, व्यापार सभा ऋषिकेश के अध्यक्ष मनोज कालरा जी, पार्षद प्रदीप कोहली, यश कालरा एवं अन्य कई व्यापारी मौजूद रहे।

गढ़वाल महासभा ने त्रिवेणी घाट पर की तिरंगा लगाने की मांग

देवभूमि ऋषिकेश की हृदय स्थली त्रिवेणी घाट पर 101 फीट ऊंचा पोल तिरंगे के बिना सूना पड़ा है। यहां कुछ माह पूर्व तिरंगा फहराया गया था। लेकिन तेज हवा और बारिश के चलते झंडा खराब हो गया।

गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डा. राजे सिंह नेगी ने त्रिवेणी घाट पर 101 फीट ऊंचा तिरंगा लहराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि त्रिवेणी घाट पर एमडीडीए की ओर से स्थापित 101 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का अनावरण तत्कालीन उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और मेयर अनिता ममगाईं ने संयुक्त रूप से किया गया था। लेकिन तेज हवा और बारिश के चलते झंडा खराब हो गया। देश में सबसे ऊंचा तिरंगा झंडा लहराने की प्रतिस्पर्धा मची हुई है। लेकिन हवा से झंडे को बचा पाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द नगर की हृदय स्थली के पोल पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाने की मांग की है।