धोखाधड़ी के आरोपी को सजा, जुर्माना नही देने पर होगी अतिरिक्त कारावास

धोखाधड़ी के मामले में दोष सिद्ध होने पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने आरोपी को एक साल की सजा और 15 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड नहीं देने पर तीन महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना पड़ेगा।
वादी पक्ष के अधिवक्ता अमित अग्रवाल ने बताया कि मायाकुंड क्षेत्र में दिगंबर अवस्थानंद पुरी की संपत्ति है, जिसमें एक दुकान पिछले कई सालों से विकास कुमार गोयल ने किराए पर ले रखी है। विवाद के चलते गोयल किराया कोर्ट के माध्यम से जमा करता आ रहा है। आरोप है कि वर्ष 2014 में गोयल ने संपत्ति स्वामी के फर्जी हस्ताक्षर कर किराया जमा करने की रसीद बनाकर प्रस्तुत की। जबकि दुकान की किराया धनराशि को जमा कराया नहीं। संदेह होने पर जांच करने पर हस्ताक्षर फर्जी निकले।
संपत्ति स्वामी ने धोखाधड़ी से कूट रचित दस्तावेज तैयार करने का वाद कोर्ट में दर्ज कराया। कोर्ट में विचाराधीन मामले की अंतिम सुनवाई अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भवदीप रावते की अदालत में हुई। दोष साबित होने पर अदालत ने आरोपी विकास कुमार गोयल को भादंसं की धारा 420 में एक साल की सजा और 5 हजार रुपवये अर्थदंड के साथ धारा 467 और धारा 468 में क्रमशरू 1-1 साल की सजा और 5-5 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। अधिवक्ता के मुताबिक सभी सजाएं एक साथ चलेंगी। अर्थदंड 15 हजार रुपये अदा करना होगा।

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने वरिष्ठ नागरिकों का किया सम्मान

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया। मौके पर वरिष्ठ नागरिकों को पुष्पगुच्छ देकर डा. अग्रवाल ने सावन मास की बधाई भी दी।
बुधवार को ग्राम सभा छिद्दरवाला स्थित दशमेश गुरूवारे में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि सावन मास में माता-पिता, गुरुजनों की सेवा का बड़ा महत्व है। इस पवित्र मास में दूर दराज से लोग कावड़ में अपने माता-पिता को तीर्थ यात्रा पर लेकर जाते हैं। कहा कि मेरे विधानसभा का हर एक वरिष्ठ नागरिक मेरा अभिभावक है। इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करते हुए उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट किये।
डा. अग्रवाल ने अपनी लगातार चौथी बार जीत का श्रेय वरिष्ठ नागरिकों का आशीर्वाद बताया। कहा कि शुरू से ही अपने से बड़ो का आदर करना, सम्मान देना उनकी आदत रही है। कहा कि ऋषिकेश विधानसभा के वरिष्ठ नागरिक भी उन्हें अपना मानते हैं। इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने मौके पर मौजूद वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य हाल भी जाना।
इस मौके पर डा. अग्रवाल ने ग्रामसभा छिद्दरवाला के वरिष्ठ नागरिक भोला सिहं रावत, नवरत्न सिंह चौहान, सुंदर दत्त व्यास, भगवान सिंह बगियाल, कांति प्रसाद वर्मा, बगीचा सिंह, ग्रामसभा साहबनगर के तपेंद्र सिंह रावत, ज्ञान सिंह कश्यप, मायाराम पैंयूली, ग्रामसभा जोगीवाला माफी के भरत सिंह नेगी, भरत सिंह भंडारी, इंद्र सिंह पंवार, बिहारी लाल उनियाल, लक्ष्मी चंद, ग्रामसभा चकजोगीवाला के प्यार सिंह बिष्ट, उत्तम सिंह जेठूडी, फतेह सिंह कैंतुरा, शांति प्रसाद जोशी को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, पूर्व जिपंस देवेंद्र सिंह नेगी, अनिता राणा, विमला नैथानी, पूर्व प्रधान हरीश कक्कड़, प्रधान हरीश सिंह महर, प्रधान प्रतिनिधि बलविंदर सिंह, मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा समा पंवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री, अम्बर गुरुंग, मंडल महामंत्री भूपेंद्र रावत, धनश्याम सैनी, आयुष नेगी, कुलवीर सिंह बिष्ट, रोशन कुड़ियाल आदि मौजूद रहे।

कूड़ा निस्तारण प्लांट आबादी क्षेत्र से कहीं और लगाया जाये-ब्लॉक प्रमुख डोईवाला

उत्तराखंड जन विकास मंच ट्रेचिंग ग्राउंड विरोध संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल लालपानी बीट में आबादी क्षेत्र में प्रस्तावित ट्रेचिंग ग्राउंड के विरोध में डोईवाला ब्लॉक पंचायत के प्रतिनिधियों से मिला। इस अवसर पर डोईवाला ब्लॉक के ब्लाक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल ने कहा कि नगर निगम ऋषिकेश द्वारा लालपानी बीट पर प्रस्तावित ट्रेचिंग ग्राउंड से ग्रामीण क्षेत्र की काफी बड़ी आबादी प्रतिकूल रूप से प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि वे अपने स्तर से प्रयास करेंगे कि यह कूड़ा निस्तारण प्लांट आबादी क्षेत्र से कहीं और अन्यत्र लगे।
समिति के कोषाध्यक्ष स्वरूप सिंह पुंडीर ने कहा कि टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज द्वारा पर्यावरण प्रभाव आकलन का सर्वे करते समय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों का पालन नहीं किया गया। इतनी बड़ी आबादी की उपेक्षा की जिसका सभी क्षेत्रवासी पुरजोर विरोध करते हैं। मंच के द्वारा साप्ताहिक हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत चौथे दिन शाम 5 से 7 गुर्जर बस्ती में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में समिति के संयोजक सत्य कपरूवान, ग्राम प्रधान गुमानीवाला दीपिका व्यास, रुकमा व्यास, रीना रागढ़, पूर्व प्रधान सतीश रावत, आशुतोष शर्मा, मनोज गुसाई, विनोद पोखरियाल, गजेंद्र गोसाई, देवेंद्र दत्त बेलवाल, सतपाल राणा, रमेश भट्ट, धर्मेंद्र सिंह, विपिन शर्मा, धर्म सिंह क्षेत्री, नत्थी लाल सेमवाल आदि शामिल रहे।

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने छिद्दरवाला में नेशनल हाईवे-74 का निरीक्षण किया

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने नेशनल हाईवे-74 छिद्दरवाला का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मंगलवार को छिद्दरवाला नेशनल हाईवे-74 का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री डॉ अग्रवाल ने एनएच प्रोजेक्ट मैनेजर पंकज मौर्य को निर्देशित करते हुए कहा कि चौराहे पर अधिकांश सड़क दुर्घटना के मामले आते है, इसके लिए यहाँ पर ट्रैफिक सिग्नल लगाया जाए। कहा कि आम आदमी के लिए हाईवे के किनारे छुटी हुई सर्विस लेन बनाई जाए, जिससे पैदल और दुपहिया वाहनों के लिए आवागमन में सहूलियत हो।
डॉ अग्रवाल को मौके पर ग्रामीणों ने हाईवे पर कट न होने के कारण लंबी दूरी तय करने का मामला भी उठाया। इसके लिए मंत्री डॉ अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने यह भी कहा कि जहां भी कट लगाया जाए, वहां पर्याप्त रोशनी की भी व्यवस्था हो।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि नालियों से ओवरफ्लो होकर पानी आसपास लोगों के घरों में न जाये, इसके इंतज़ाम किये जायें। कहा कि एनएच द्वारा जो छोटी सड़क बनाने से रह गयी, उसको बनाया जाए।
इस मौके पर हाईवे बनाने के दौरान जिन लोगों ने अपनी जमीन दी, उनके मुआवजे का भी विषय उठा। इसके लिए डॉ अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते कहा कि इस तरह के मामले में पात्र लोगों को मुआवजा दिया जाए।
इस मौके पर एनएच के एटीआई एके मित्तल, पूर्व जिपंस देवेंद्र नेगी, पूर्व जिपंस विमला नैथानी, पूर्व जिपंस अनिता राणा, मण्डल महामंत्री भूपेंद्र रावत, ग्राम प्रधान जोगीवाला माफी सोबन सिंह कैंतुरा, बलविंदर सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष समा पंवार, अम्बर गुरुंग, हरीश कक्कड़, किसान मोर्चा महामंत्री कुलवीर बिष्ट, दीपक थापा, हरीश पैन्यूली, रोशन कुड़ियाल सहित आदि ग्रामीण व महिलाएं मौजूद रही।

कांवड़ यात्रा को दुर्घटना रहित बनाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया

कांवड़ यात्रा को दुर्घटना रहित बनाने के लिए परिवहन विभाग ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर दौड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई की। ओवरलोडिंग, रेट लिस्ट चस्पा नहीं करने पर 4 वाहनों को सीज और 21 वाहनों का चालान किया है।
सोमवार शाम एआरटीओ प्रवर्तन मोहित कोठारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने ऋषिकेश क्षेत्र के तहत आईएसबीटी, हरिद्वार बाईपास मार्ग पर योग नगरी रेलवे स्टेशन के सामने, टीएचडीसी, आईडीपीएल, गुमानीवाला एवं सत्यनारायण आदि क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। मोटर व्हीकल ऐक्ट का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा। परिवहन कर अधिकारी अनिल कुमार भारती ने बताया कि सघन चेकिंग अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, किराया सूची चस्पा नहीं करने और कागजात की कमी पर 21 व्यावसायिक वाहनों का चालान किया है। जबकि परमिट, इंश्योरेंस, ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने पर चार वाहन सीज किए हैं। सीज वाहनों को एआरटीओ में खड़ा कर दिया गया है।
इससे पहले हरिद्वार बाईपास मार्ग स्थित एआरटीओ कार्यालय में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन मोहित कोठारी ने ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा यूनियन पदाधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने सभी को यातायात नियमों का पालन करने और वाहनों में किराये की रेट लिस्ट चस्पा करने के निर्देश दिए। रेट लिस्ट चस्पा नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने सुनी समस्याएं, 10 लाख की विधायक निधि की घोषणा की

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने ग्रामसभा जोगीवाला माफी में पहुंचकर ग्रामीणों की जनसमस्याएं सुनी। इस मौके पर आंतरिक सड़कों और आंगनबाड़ी केंद्र में टीन शेड के निर्माण के लिए 10 लाख रूपये देने की घोषणा की।
सोमवार को ग्रामसभा जोगीवाला माफी में कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने ग्रामीणों की समस्याएं जानी। इस मौके पर ग्राम प्रधान सोबन सिंह कैंतुरा ने कहा आंतरिक मार्ग न होने से आवागमन में दिक्कतें पैदा होती है। बताया कि स्कूली बच्चों को विद्यालय जाने में समस्या होती है, रात्रिकाल में ही आंतरिक मार्ग की कमी महसूस होती है।
ग्राम प्रधान सोबन सिंह कैतुरा ने डा. अग्रवाल को बताया कि ग्रामसभा के आंगनबाड़ी केंद्र में आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों के बच्चे आते है। मगर, यहां तेज धूप और वर्षाकाल में दिक्कतों को देखते हुए टीन शेड के निर्माण की मांग की।
इस मौके पर मंत्री डा. प्रेमचद अग्रवाल ने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के ही आशीर्वाद से चुने जाते है। ऐसे में जनता की मूलभूत समस्याओं का निदान करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने ग्रामसभा जोगीवाला माफी में आंतरिक सड़कों के निर्माण और आंगनबाड़ी केंद्र में टीन शेड के निर्माण के लिए विधायक निधि से 10 लाख रूपये देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि आगे भी जनता के विकास कार्यों के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे।
डा. अग्रवाल जी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ जनता को मिल रहा है। सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास की भावना से सरकार काम कर रही है। कहा कि जनता के लिए किए जाने वाले विकास कार्य हमारी प्राथमिकता है।
इस मौके पर डा. अग्रवाल ने जनता की समस्याओं को जानकर उनका मौके पर ही निस्तारण भी किया। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन के जरिये जन समस्याओं को जानने की बात कही।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख डोईवाला भगवान सिंह पोखरियाल, देवेंद्र सिंह नेगी, प्रधान जोगीवाला माफी सोबन सिंह कैंतुरा, मंडल अध्यक्ष श्यामपुर गणेश रावत, विमला नैथानी, अनिता राणा, महिला मोर्चा अध्यक्ष समा पंवार, प्रधान रायवाला सागर गिरी, प्रधान प्रतिनिधि बलविंदर सिंह, हरीश पैंयूली, अरजिंदर सिंह, हुकुम सिंह रांगड़, भरत सिंह भंडारी, खंड विकास अधिकारी जगत सिंह, अंबर गुरंग, इंद्र सिंह पंवार, सूरजमणी उनियाल, सोबन सिंह रावत, सुशीला नेगी सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

मांगलिक कार्यों में करें पौधारोपण की शुरूआतः डा. प्रेमचंद अग्रवाल

कैंप कार्यालय में कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने पर्यावरण प्रेमी अठुर भागीरथी स्वयं सहायता समूह के अध्यक्ष विनोद जुगलान, मैत्री स्वयंसेवी संस्था की संस्थापक कुसुम जोशी, पर्यावरणप्रेमी शांति प्रसाद थपलियाल, राम प्रसाद बर्थवाल और सेतु फाउंडेशन की संस्थापक सरिता भट्ट को सम्मानित किया। इस मौके पर फलदार पौधे भी परिसर पर रोपे गए।

पर्यावरण प्रेमियों का सम्मान करते हुए मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण पर हम सभी को चिंतन करने की आवश्यकता है। पर्यावरण संतुलन बनाये रखने को सभी को एकजुट होना होगा। इसकी शुरुआत हमें अपने घर से ही करनी होगी। कहा कि मांगलिक व शुभ कार्य होने पर एक पौधे को जरूर रोपे।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि एक पौधा लगाने से एक यज्ञ के बराबर पुण्य मिलता है। कहा कि पीपल का पेड़ लगाने से व्यक्ति को सैंकड़ों यज्ञों के बराबर पुण्य की प्राप्ति होती है। केवल इतना ही नहीं भारतीय संस्कृति में एक पेड़ लगाना, सौ गायों का दान देने के समान माना गया है।

डॉ अग्रवाल जी ने कहा कि प्रकृति समस्त जीवों के जीवन का मूल आधार है। प्रकृति का संरक्षण एवं संवर्धन सभी जीव जगत के लिए बेहद ही अनिवार्य है। प्रकृति पर ही पर्यावरण निर्भर करता है। यदि प्रकृति असन्तुलित होगी तो पर्यावरण भी असन्तुलित होगा। कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से बचने और पर्यावरण को शुद्ध बनाने के लिए पेड़ों का होना बहुत जरूरी है। पेड़ प्रकृति का आधार हैं। पेड़ों के बिना प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है।

इस मौके पर डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने पर्यावरण प्रेमियों को सम्मानित करते हुए उनके द्वारा पौधरोपण और पर्यावरण चिंतन को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर कैंप काले परिसर पर फलदार पौधे रोपे गए।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश दिनेश सती, मंडल अध्यक्ष वीरभद्र अरविंद चौधरी, मंडल महामंत्री सुमित पवार, पार्षद शिव कुमार गौतम, जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा मनीष भट्ट, राजेंद्र जोशी आदि उपस्थित रहे।

निशुल्क चिकित्सा शिविर में मिला उचित परामर्श

श्यामपुर न्याय पंचायत के ग्रामीण क्षेत्र खदरी श्यामपुर में श्री गुरो मंगल सर्वंजना अस्पताल के तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर क्षेत्रवासियों के लिए राहत लेकर आया।

स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ अस्पताल के संचालक डॉ विजय कुमार एवं अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रभाकर पैन्यूली ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में सैकड़ों की संख्या में उपचार हेतु पहुँचे मरीजो ने स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ प्रणीति दास, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ अंकिता, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ योगेश, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ विजय कुमार, नेत्र दृष्टिविशेषज्ञ डॉ राजे नेगी, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ विनेश कुमार, जनरल फिजिशियन डॉ आर डी शर्मा से निःशुल्क परामर्श लिया साथ ही निःशुल्क रक्त एवं यूरीन जांच का लाभ उठाया।

अस्पताल के संचालक डॉ विजय ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर उनके अस्पताल में विशेषज्ञों की टीम बुलाकर निरूशुल्क शिविर का आयोजन किया जाता रहा है जिससे की समय रहते लोगों अपने स्वास्थ संबंधी रोगों की जानकारी मिल सके एवं सही समय पर उपचार भी करा सकें। शिविर को सफल बनाने में जन सम्पर्क अधिकारी विनोद सिंह पंवार, रविन्द्र कुकरेती, शिवम भट्ट,अंकित सैनी, मनोज नेगी,सौरभ श्रीवास्तव ने सहयोग किया।

कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने पुराना रेलवे मार्ग को खोलने की उठाई मांग

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने पार्षदगणों के साथ ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के समीप रोड में बड़े गड्डों में लोगों के चोटिल होने के कारण क्षतिग्रस्त रोड़ की मरम्मत ने होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने इस बाबत पुराने रेलवे मार्ग को खोलने की डीएम देहरादून से मांग करते हुए ज्ञापन भेजा है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि नटराज चौक से रेलवे स्टेशन जानी वाली सड़क पर कई जगह गड्ढ़े होने पर स्थानीय निवासियों को बहुत असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
बताया कि इस मार्ग पर बहुत अधिक ट्रेफ़िक भी है यहाँ से एंबुलेंस के माध्यम से मरीजों का भी आवागमन अधिक मात्रा में होता हैं। कभी भी अप्रिय घटना होने की आशंका जताई। उन्होंने कांवड यात्रा को देखते हुऐ वैकल्पिक मार्ग को खोलने की मांग की।

पार्षद एडवोकेट राकेश सिंह ने कहा कि इस खस्ताहाल सड़क के कारण क्षेत्रीय लोग प्रगति विहार, इंदिरा नगर, आशुतोष नगर, समस्त शहरवासी आए दिन चोटिल हो रहे हैं लेकिन ना रेलवे विभाग टूटी सड़क संज्ञान ले रहा है नहीं पीडब्ल्यूडी इसे बना रहा है, अगर शीघ्र इस क्षतिग्रस्त मार्ग को ठीक नहीं किया गया तो समस्त क्षेत्रीय जनता आंदोलन करेगी, और जब तक पुरानी मार्ग की मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक पुरानी रोड खोली जाए।
ज्ञापन देने में पार्षद भगवान सिंह पंवार, पार्षद जगत सिंह नेगी के हस्ताक्षर हैं।

ऋषिकेश पुलिस ने शांति भंग के आरोप में पांच को किया अरेस्ट


कोतवाली पुलिस ने बीती देर रात ऋषिकेश-लक्ष्मणझूला हाईवे पर चंद्रभागा पुल के पास कुछ लोग आपस में झगड़ रहे लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों ओर से जमकर लात घूंसे चलने से अफरा तफरी का माहौल है। आसपास के लोगों के बीच-बचाव करने पर मारपीट करने वाले गाली गलौज कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में शांति भंग हो रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे बाज नहीं आए। इस पर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की गई।

कोतवाल रवि सैनी ने आरोपियों की पहचान रवि कुमार, प्रदीप तिवारी, विनोद, नचारी साहनी, उमेश साहनी सभी निवासी ऋषिकेश के रूप में कराई है।