कांवड़ यात्रा को दुर्घटना रहित बनाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया

कांवड़ यात्रा को दुर्घटना रहित बनाने के लिए परिवहन विभाग ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर दौड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई की। ओवरलोडिंग, रेट लिस्ट चस्पा नहीं करने पर 4 वाहनों को सीज और 21 वाहनों का चालान किया है।
सोमवार शाम एआरटीओ प्रवर्तन मोहित कोठारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने ऋषिकेश क्षेत्र के तहत आईएसबीटी, हरिद्वार बाईपास मार्ग पर योग नगरी रेलवे स्टेशन के सामने, टीएचडीसी, आईडीपीएल, गुमानीवाला एवं सत्यनारायण आदि क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। मोटर व्हीकल ऐक्ट का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा। परिवहन कर अधिकारी अनिल कुमार भारती ने बताया कि सघन चेकिंग अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, किराया सूची चस्पा नहीं करने और कागजात की कमी पर 21 व्यावसायिक वाहनों का चालान किया है। जबकि परमिट, इंश्योरेंस, ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने पर चार वाहन सीज किए हैं। सीज वाहनों को एआरटीओ में खड़ा कर दिया गया है।
इससे पहले हरिद्वार बाईपास मार्ग स्थित एआरटीओ कार्यालय में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन मोहित कोठारी ने ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा यूनियन पदाधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने सभी को यातायात नियमों का पालन करने और वाहनों में किराये की रेट लिस्ट चस्पा करने के निर्देश दिए। रेट लिस्ट चस्पा नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने सुनी समस्याएं, 10 लाख की विधायक निधि की घोषणा की

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने ग्रामसभा जोगीवाला माफी में पहुंचकर ग्रामीणों की जनसमस्याएं सुनी। इस मौके पर आंतरिक सड़कों और आंगनबाड़ी केंद्र में टीन शेड के निर्माण के लिए 10 लाख रूपये देने की घोषणा की।
सोमवार को ग्रामसभा जोगीवाला माफी में कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने ग्रामीणों की समस्याएं जानी। इस मौके पर ग्राम प्रधान सोबन सिंह कैंतुरा ने कहा आंतरिक मार्ग न होने से आवागमन में दिक्कतें पैदा होती है। बताया कि स्कूली बच्चों को विद्यालय जाने में समस्या होती है, रात्रिकाल में ही आंतरिक मार्ग की कमी महसूस होती है।
ग्राम प्रधान सोबन सिंह कैतुरा ने डा. अग्रवाल को बताया कि ग्रामसभा के आंगनबाड़ी केंद्र में आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों के बच्चे आते है। मगर, यहां तेज धूप और वर्षाकाल में दिक्कतों को देखते हुए टीन शेड के निर्माण की मांग की।
इस मौके पर मंत्री डा. प्रेमचद अग्रवाल ने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के ही आशीर्वाद से चुने जाते है। ऐसे में जनता की मूलभूत समस्याओं का निदान करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने ग्रामसभा जोगीवाला माफी में आंतरिक सड़कों के निर्माण और आंगनबाड़ी केंद्र में टीन शेड के निर्माण के लिए विधायक निधि से 10 लाख रूपये देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि आगे भी जनता के विकास कार्यों के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे।
डा. अग्रवाल जी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ जनता को मिल रहा है। सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास की भावना से सरकार काम कर रही है। कहा कि जनता के लिए किए जाने वाले विकास कार्य हमारी प्राथमिकता है।
इस मौके पर डा. अग्रवाल ने जनता की समस्याओं को जानकर उनका मौके पर ही निस्तारण भी किया। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन के जरिये जन समस्याओं को जानने की बात कही।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख डोईवाला भगवान सिंह पोखरियाल, देवेंद्र सिंह नेगी, प्रधान जोगीवाला माफी सोबन सिंह कैंतुरा, मंडल अध्यक्ष श्यामपुर गणेश रावत, विमला नैथानी, अनिता राणा, महिला मोर्चा अध्यक्ष समा पंवार, प्रधान रायवाला सागर गिरी, प्रधान प्रतिनिधि बलविंदर सिंह, हरीश पैंयूली, अरजिंदर सिंह, हुकुम सिंह रांगड़, भरत सिंह भंडारी, खंड विकास अधिकारी जगत सिंह, अंबर गुरंग, इंद्र सिंह पंवार, सूरजमणी उनियाल, सोबन सिंह रावत, सुशीला नेगी सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

मांगलिक कार्यों में करें पौधारोपण की शुरूआतः डा. प्रेमचंद अग्रवाल

कैंप कार्यालय में कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने पर्यावरण प्रेमी अठुर भागीरथी स्वयं सहायता समूह के अध्यक्ष विनोद जुगलान, मैत्री स्वयंसेवी संस्था की संस्थापक कुसुम जोशी, पर्यावरणप्रेमी शांति प्रसाद थपलियाल, राम प्रसाद बर्थवाल और सेतु फाउंडेशन की संस्थापक सरिता भट्ट को सम्मानित किया। इस मौके पर फलदार पौधे भी परिसर पर रोपे गए।

पर्यावरण प्रेमियों का सम्मान करते हुए मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण पर हम सभी को चिंतन करने की आवश्यकता है। पर्यावरण संतुलन बनाये रखने को सभी को एकजुट होना होगा। इसकी शुरुआत हमें अपने घर से ही करनी होगी। कहा कि मांगलिक व शुभ कार्य होने पर एक पौधे को जरूर रोपे।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि एक पौधा लगाने से एक यज्ञ के बराबर पुण्य मिलता है। कहा कि पीपल का पेड़ लगाने से व्यक्ति को सैंकड़ों यज्ञों के बराबर पुण्य की प्राप्ति होती है। केवल इतना ही नहीं भारतीय संस्कृति में एक पेड़ लगाना, सौ गायों का दान देने के समान माना गया है।

डॉ अग्रवाल जी ने कहा कि प्रकृति समस्त जीवों के जीवन का मूल आधार है। प्रकृति का संरक्षण एवं संवर्धन सभी जीव जगत के लिए बेहद ही अनिवार्य है। प्रकृति पर ही पर्यावरण निर्भर करता है। यदि प्रकृति असन्तुलित होगी तो पर्यावरण भी असन्तुलित होगा। कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से बचने और पर्यावरण को शुद्ध बनाने के लिए पेड़ों का होना बहुत जरूरी है। पेड़ प्रकृति का आधार हैं। पेड़ों के बिना प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है।

इस मौके पर डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने पर्यावरण प्रेमियों को सम्मानित करते हुए उनके द्वारा पौधरोपण और पर्यावरण चिंतन को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर कैंप काले परिसर पर फलदार पौधे रोपे गए।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश दिनेश सती, मंडल अध्यक्ष वीरभद्र अरविंद चौधरी, मंडल महामंत्री सुमित पवार, पार्षद शिव कुमार गौतम, जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा मनीष भट्ट, राजेंद्र जोशी आदि उपस्थित रहे।

निशुल्क चिकित्सा शिविर में मिला उचित परामर्श

श्यामपुर न्याय पंचायत के ग्रामीण क्षेत्र खदरी श्यामपुर में श्री गुरो मंगल सर्वंजना अस्पताल के तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर क्षेत्रवासियों के लिए राहत लेकर आया।

स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ अस्पताल के संचालक डॉ विजय कुमार एवं अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रभाकर पैन्यूली ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में सैकड़ों की संख्या में उपचार हेतु पहुँचे मरीजो ने स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ प्रणीति दास, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ अंकिता, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ योगेश, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ विजय कुमार, नेत्र दृष्टिविशेषज्ञ डॉ राजे नेगी, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ विनेश कुमार, जनरल फिजिशियन डॉ आर डी शर्मा से निःशुल्क परामर्श लिया साथ ही निःशुल्क रक्त एवं यूरीन जांच का लाभ उठाया।

अस्पताल के संचालक डॉ विजय ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर उनके अस्पताल में विशेषज्ञों की टीम बुलाकर निरूशुल्क शिविर का आयोजन किया जाता रहा है जिससे की समय रहते लोगों अपने स्वास्थ संबंधी रोगों की जानकारी मिल सके एवं सही समय पर उपचार भी करा सकें। शिविर को सफल बनाने में जन सम्पर्क अधिकारी विनोद सिंह पंवार, रविन्द्र कुकरेती, शिवम भट्ट,अंकित सैनी, मनोज नेगी,सौरभ श्रीवास्तव ने सहयोग किया।

कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने पुराना रेलवे मार्ग को खोलने की उठाई मांग

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने पार्षदगणों के साथ ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के समीप रोड में बड़े गड्डों में लोगों के चोटिल होने के कारण क्षतिग्रस्त रोड़ की मरम्मत ने होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने इस बाबत पुराने रेलवे मार्ग को खोलने की डीएम देहरादून से मांग करते हुए ज्ञापन भेजा है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि नटराज चौक से रेलवे स्टेशन जानी वाली सड़क पर कई जगह गड्ढ़े होने पर स्थानीय निवासियों को बहुत असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
बताया कि इस मार्ग पर बहुत अधिक ट्रेफ़िक भी है यहाँ से एंबुलेंस के माध्यम से मरीजों का भी आवागमन अधिक मात्रा में होता हैं। कभी भी अप्रिय घटना होने की आशंका जताई। उन्होंने कांवड यात्रा को देखते हुऐ वैकल्पिक मार्ग को खोलने की मांग की।

पार्षद एडवोकेट राकेश सिंह ने कहा कि इस खस्ताहाल सड़क के कारण क्षेत्रीय लोग प्रगति विहार, इंदिरा नगर, आशुतोष नगर, समस्त शहरवासी आए दिन चोटिल हो रहे हैं लेकिन ना रेलवे विभाग टूटी सड़क संज्ञान ले रहा है नहीं पीडब्ल्यूडी इसे बना रहा है, अगर शीघ्र इस क्षतिग्रस्त मार्ग को ठीक नहीं किया गया तो समस्त क्षेत्रीय जनता आंदोलन करेगी, और जब तक पुरानी मार्ग की मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक पुरानी रोड खोली जाए।
ज्ञापन देने में पार्षद भगवान सिंह पंवार, पार्षद जगत सिंह नेगी के हस्ताक्षर हैं।

ऋषिकेश पुलिस ने शांति भंग के आरोप में पांच को किया अरेस्ट


कोतवाली पुलिस ने बीती देर रात ऋषिकेश-लक्ष्मणझूला हाईवे पर चंद्रभागा पुल के पास कुछ लोग आपस में झगड़ रहे लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों ओर से जमकर लात घूंसे चलने से अफरा तफरी का माहौल है। आसपास के लोगों के बीच-बचाव करने पर मारपीट करने वाले गाली गलौज कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में शांति भंग हो रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे बाज नहीं आए। इस पर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की गई।

कोतवाल रवि सैनी ने आरोपियों की पहचान रवि कुमार, प्रदीप तिवारी, विनोद, नचारी साहनी, उमेश साहनी सभी निवासी ऋषिकेश के रूप में कराई है।

लायंस क्लब डिवाइन ने हरेला पर्व के उपलक्ष्य में रोपे पौधे

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने हरेला पर्व के उपलक्ष्य पर वन विभाग के सहयोग से औषधीय व फलदार पौधे रोपे।

दून रोड स्थित वन बीट में लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन के अध्यक्ष रजत भोला ने बताया कि क्लब हर वर्ष हरेला पर्व के उपलक्ष में पौधारोपण करता रहा है इस वर्ष भी क्लब ने वन विभाग के साथ संयुक्त रुप से वन बीट में औषधीय एवं फलदार पोधों को रोपित किया।

उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष देश में लाखों की संख्या में किसी ना किसी वजह से पेड़ काटे जाते हैं किंतु उस अनुपात में वृक्ष लगाए नहीं जाते क्लब सावन के माह में अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का प्रयास करता है जिससे कि पेड़ों का अनुपात बढ़ाने में अपना भी गिलहरी रूपी योगदान रहे, औषधीय फलदार वृक्ष रोकने का मूल उद्देश्य आयुर्वेद में औषधीय वृक्षों का उपयोग, फलदार वृक्ष जंगली जानवरों को भोजन के उद्देश्य से लगाए जाते हैं।

इस अवसर पर संस्थापक ललित मोहन मिश्र, सचिव मोहित गनेड़ीवाला, कोषाध्यक्ष घनश्याम ढंग, महेश किंगर, कार्यक्रम संयोजक विकी पनेसर, अमित सूरी, दिनेश अरोड़ा, कृष्णा कालरा, शिवम अग्रवाल, वन दरोगा धनी पाल, मनीष कुमार आदि उपस्थित रहे।

पुलिस ने कांवड यात्रा को देखते हुए चलाया चेकिंग अभियान


श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को निर्विघ्न और शांतिपूर्ण तरीके से निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन ने ऋषिकेश मेला क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है। आज शाम करीब 5 बजे देहरादून से पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने देहरादून रोड, नटराज चौक, दून रोड पर स्थित चारधाम यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड (आईएसबीटी) और त्रिवेणीघाट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। बम निरोधक दस्ते ने नटराज चौक पर संदिग्ध नजर आने वाले दुपहिया और चार पहिया वाहन को रोककर सघन तलाशी ली। उनके सामान की भी जांच की।

पुलिस ने त्रिवेणीघाट पार्किंग में खड़े वाहनों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। डॉग स्कवायड टीम भी जांच के लिए ऋषिकेश पहुंची। पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंडियाल ने बताया कि सघन तलाशी अभियान के दौरान संदिग्धों से पूछताछ भी की गई। हालांकि कोई संदिग्ध मामला नहीं निकला। बताया कि कांवड़ यात्रा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।

तीन दोस्तों के लिए भारी रहा शनिवार का दिन, गंगा में लापता

मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के तपोवन नीम बीच पर गंगा में स्नान करते समय तीन दोस्त पानी के तेज बहाव में आकर डूब गए। एसडीआरएफ की टीम ने तपोवन से लेकर मुनिकीरेती तक गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन डूबे किशोरों का कुछ पता नहीं चल पाया। गंगा में डूबे किशोर दोस्त का जन्मदिन मनाने अमितग्राम, गुमानीवाला से अन्य पांच दोस्तों के साथ तपोवन आए थे।

एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि ऋषिकेश के अमितग्राम, गुमानीवाला से आठ दोस्‍त नीम बीच पर घूमने आए थे। यहां गंगा में स्नान के लिए उतर गए। गंगा का जलस्तर बढ़ा होने के कारण तीन किशोर पानी के तेज बहाव में आकर डूब गए। एसडीआरएफ निरीक्षक ने गंगा में डूबे किशोरों की पहचान आर्यन बंगवाल (16) पुत्र वीरेंद्र बंगवाल, वत्सल बिष्ट (17) पुत्र महेंद्र बिष्ट, प्रतीक मलेठा (16) पुत्र राकेश चंद्र सभी निवासी गली नंबर 28 अमितग्राम गुमानीवाला के रूप में कराई है।

अनियंत्रित होकर बस पल्टी, सभी सुरक्षित

लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के पशुलोक बैराज मार्ग पर बछिया को बचाने के चक्कर में सवारियों से भरी जीएमओ की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार सात यात्री घायल हुए हैं। घायलों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।

लक्ष्मणझूला पुलिस ने बताया जीएमओ की बस ऋषिकेश से हरिद्वार जा रही थी। पशुलोक बैराज मार्ग पर कुनाऊं गांव के पास अचानक एक बछिया सामने आ गई, इसे बचाने के प्रयास में बस बेकाबू होकर पलट गई। गनीमत रही कि बस मार्ग के किनारे शक्तिनहर में नहीं गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पशुलोक बैराज में तैनात उपनिरीक्षक नवीन पुरोहित अधीनस्थों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल यात्रियों को 108 एंबुलेंस की मदद से एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया। पुलिस ने घायलों की पहचान अंकिता (26) पुत्री योगेंद्र सिंह निवासी खटीमा, राम सिंह (35) पुत्र पप्पू, आर्यन (3) पुत्र पप्पू, सुनीता (23) पत्नी पप्पू निवासी नेपाल, सुनीता मिश्रा (32) पत्नी बृजेश मिश्रा निवासी किच्छा, उधमसिंह नगर, अमन (32) पुत्र धर्मपाल निवासी रतिया हरियाणा के रूप में कराई है। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि बस में 30 यात्री सवार थे। चालक और परिचालक समेत अन्य यात्री सुरिक्षत हैं।