साइकिलिंग के बाद ऋषिकेश रेड राईडर्स ने लगाया योगासन

अन्तराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ऋषिकेश रेड राईडर्स क्लब के सदस्यों ने कोच नीरज शर्मा के नेतृत्व में बैराज चीला नहर के किनारे बीन नदी के समीप 30 किलोमीटर साइकिल राइड के पश्चात योगासन किया।

रेड राईडर्स साइकिल क्लब के संरक्षक जयेन्द्र रमोला ने बताया कि हमें निरंतर व्यायाम अवश्य करें। चाहे वह किसी भी प्रकार का हो परन्तु योगासन बेहद ज़रूरी है योग करने से शरीर थकावट की बजाय ताजगी के साथ स्फूर्ति आती है। तमाम तरह के रोगों से बचाव होता है। साथ ही पूरे दिन हमें पैट्रोल और डीज़ल की गाड़ियों से हटकर साइकिल अवश्य चलानी चाहिये ताकि पर्यावरण बचे और नगर वासी खुले में योग कर सके।

योगाचार्य संजय नौटियाल व नीरज शर्मा ने कहा कि आज की व्यस्त ज़िंदगी में हमें शरीर का अवश्य ध्यान देना चाहिए हमें योग अवश्य करना चाहिये। योग से हम शरीर में बीमारियों को रोकने में व शरीर में बीमारियों को दूर रखने में मदद कर सकते हैं।

योगासन में रेड राईडर्स साइकिल क्लब के सदस्य सरदार बूटा सिंह, डा. नीति, अपूर्व त्रिवेदी, अवनीश शाह, विक्रम शेरगे, सुधीर आनन्द, जयवर्धन रमोला, आदित्यवर्धन रमोला आदि मौजूद थे।

पुलिस ने फरार कार चालक को किया अरेस्ट

ऋषिकेश पुलिस और एसओजी की टीम ने युवती को घायल करने वाले कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक देवेश डोभाल पुत्र रामप्रसाद डोभाल निवासी गली नंबर 9, सोमेश्वरनगर, ऋषिकेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 9 जून की दोपहर को उनकी भतीजी ईशा डोभाल खांड गांव के पास ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी बीच बेकाबू कार ने पहले ऑटो को टक्कर मारी। हादसे में ऑटो अनियंत्रित होकर उनकी भतीजी के ऊपर आकर गिर गया। इसके बाद घायलवस्था में उनकी भतीजी को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे एम्स के लिए रेफर कर दिया। एम्स अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया कि कार चालक की लापरवाही की वजह से युवती की मौत हुई।

पुलिस ने मामले में फरार कार चालक शिव प्रताप सिंह राघव पुत्र एनपी सिंह राघव निवासी अंतौबाई रोड, गणेशपुरा थाना कोतवाली सिटी मुरैना, मध्यप्रदेश को नेपाली फार्म तिराहे से गिरफ्तार किया है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

मस्ती की पाठशाला में बच्चों को मिला सीखने का अवसर

मस्ती की पाठशाला में आज एक भ्रमण कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रतिभागी बच्चों को योग नगरी रेलवे स्टेशन के पार्क मे ले जाया गया। जहाँ बच्चों ने पेंटिंग, खेल कूद एवं अन्ताक्षरी आदि के माध्यम से शिविर में प्रतिभाग किया। बच्चों को मनोरंजन के साथ संरचनात्मक कलाओं से जोड़े रखने के उद्देश्य से भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

ग्रीष्मकालीन अवकाश में भी बच्चों को अनौपचारिक तौर पर विद्यालयी वातावरण से जोड़े रखना, विशेषतया संरचनात्मक कलाओं को निखारने व खेल खेल में शिक्षा से जोड़े रखना शिविर के आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।

शिविर की संचालक अध्यापिका सुश्री निरुपमा शर्मा ने बताया कि शिविर में बच्चों को विभिन्न प्रकार की पेंटिंग, घर पर तुरंत तैयार किए जाने वाले फूड आइटम्स बनाना, नृत्य गायन आदि सिखाए जाएंगे एवं खेल-खेल में मनोरंजन के साथ शैक्षिक ज्ञान वर्धन सत्रों का संचालन भी किया जा रहा है।

संस्था सचिव सरिता भट्ट ने बताया कि 15 दिवसों तक चलाए जाने वाले इस शिविर के समापन दिवस पर बच्चों की कला प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी व बच्चों द्वारा तैयार कलाकृतियों एवं अन्य कलाओं का प्रदर्शन भी किया जाएगा। तथा प्रमाण पत्र व पुरुस्कार वितरण भी किया जाएगा।
ज्ञात हो कि ग्राम मनसा देवी ऋषिकेश में सेतु फाउंडेशन संस्था द्वारा प्राथमिक शैक्षिक कार्यक्रम बड्स एकेडमी के अंतर्गत निर्धन परिवार के बच्चों के लिए एक ग्रीष्मकालीन शिविर मस्ती की पाठशाला का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में संस्था सचिव सरिता भट्ट, अध्यक्ष श्याम प्रकाश, माधव भट्ट, सुमित बडोला, संजय कौशिक अश्वनी गुप्ता, अध्यापिकाएं निरुपमा शर्मा, प्रीति, ममता एवं स्वयमसेवी प्रथम रतूडी, दीपा, कोमल आदि उपस्थित रहे।

वृद्ध महिला का शव बैराज जलाशय से हुआ बरामद

यमकेश्वर पौड़ी निवासी एक महिला का शव संदिग्ध हालात में पशुलोक बैराज में मिला। एसडीआरएफ की टीम ने शव को गंगा से बाहर निकला। पुलिस ने अनुसार महिला ऋषिकेश स्थित आवास विकास कॉलोनी में अपनी बेटी के घर पर रह रही थी।

एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि रविवार को उनकी टीम को पशुलोक बैराज में एक महिला का शव दिखाई देने की सूचना मिली। एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को गंगा से बाहर निकाला। वहीं एम्स चौकी प्रभारी शिवराम ने बताया कि शव की पहचान वृद्ध महिला सारा देवी (75) पत्नी कुलानंद निवासी किमसार,अमोला, यमकेश्वर जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। बताया की वे यहां पर आवास विकास कॉलोनी स्थित अपनी बेटी के घर पर रह रही थी। शनिवार शाम से वे लापता चल रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दुग्धाभिषेक कर मां गंगा से मांगी राहुल गांधी के लंबी उम्र की मिन्नत

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन गंगा में दुग्धाभिषेक कर मनाया। इस मौके पर राहुल की दीर्घायु की कामना की।

रविवार को कांग्रेसी त्रिवेणी घाट पर पहुंचे और गंगा में दुग्धाभिषेक कर राहुल गांधी की दीर्घायु की कामना की। एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि राहुल गांधी देश के ऐसे नेता हैं, जो सत्ता पक्ष की गलतियों पर आवाज़ उठाने का लगातार काम कर रहे हैं। आज देश के विषम हालातों में देश को राहुल गांधी जैसे नेता की ज़रूरत है।

महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि राहुल गांधी ने सभी कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि उनका जन्मदिन ना मनाया जाए। लेकिन ऋषिकेश के कार्यकर्ताओं ने गंगा में दुग्धाभिषेक कर उनकी दीर्घायु की और सत्ता पक्ष के जनविरोधी निर्णयों से लड़ने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

मौके पर प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, पार्षद राकेश सिंह, नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, योगेश शर्मा, पार्षद विजय लक्ष्मी शर्मा, सरोजनी थपलियाल, सावित्री देवी, पूर्व पार्षद राहुल शर्मा, मुकेश जाटव, जतिन जाटव, सहदेव राठौर, प्रवीण जाटव, अशोक शर्मा, गौरव यादव, इमरान सैफी, तरुण त्यागी, आदित्य झा, मुकेश वत्स, जय सिंह राणा, जयपाल सिंह, कमल किशोर थपलियाल आदि उपस्थित रहे।

गौहरी माफी में बाढ़ सुरक्षा कार्य तय समय के भीतर हों

बैराज रोड स्थित कैम्प कार्यालय में मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों संग बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से गौहरीमाफी के बाढ़ सुरक्षा कार्यों की जानकारी मांगी। सहायक अभियंता अनुभव नौटियाल ने कहा कि सौंग नदी के दायें तट पर स्थित ग्राम गौहरी माफी में बाढ़ सुरक्षा कार्य चल रहे हैं, जो अंतिम चरण में हैं। इसी तरह एक करोड़ 32 लाख रुपये की धनराशि से गौहरीमाफी में नहरों, पुरानी शाखा गूलों का पुनरोद्धार और नई पक्की गूलों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। मंत्री ने अति संवेदनशील क्षेत्रों पर वर्षाकाल से पूर्व निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। विकास कार्यों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कहा कि मानसून सिर पर है, इससे पहले ही अंतिम चरण का कार्य पूरा किया जाए। जल्द ही निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया जाएगा, इसलिए गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखा जाए। मौके पर अधीक्षण अभियंता सिंचाई केके तिवारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई डीसी उनियाल, सहायक अभियंता अनुभव नौटियाल आदि उपस्थित रहे।

अग्निपथ की योजनाओं को छात्रों को मिली जानकारी

रायवाला थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष रायवाला भुवन चंद्र पुजारी के नेतृत्व में छात्रों को अग्निपथ योजना की जानकारी दी गई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज छिद्दरवाला, रायवाला, हरिपुरकलां के स्टेडियम में आर्मी व पैरामिलिट्री फोर्स आदि की तैयारी कर रहे स्थानीय युवाओं को भारत सरकार द्वारा जारी अग्निपथ योजना के संबंध में जानकारी दी गई। बताया कि सोशल मीडिया आदि के माध्यम से प्रसारित हो रही अधूरी जानकारी एक अफवाह है। इस पर ध्यान न दिया जाए। इससे जागरूक रहा जाए।

बताया कि अधूरी जानकारी एवम अफवाहो में आकर कोई ऐसा अनुचित/असंवैधानिक कार्य ना करें जिससे कि आपके भविष्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव पड़े। साथ ही युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए उनकी शंकाओं को दूर करते हुए उन्हें अग्निपथ योजना के संबंध में निम्न जानकारी दी गई।

बताया कि भारत सरकार द्वारा 17 वर्ष से 23 वर्ष तक के युवाओं को सेना की थल सेना, वायु सेना तथा जल सेना में अधिक से अधिक अवसर देकर आत्मनिर्भर बनाए जाने का संकल्प लिया गया है। जिसमें युवाओं को 4 साल की सेवा के पश्चात लगभग 11.71 लाख रुपए एकमुश्त दिए जाएंगे तथा उन्हें कोशल सेवा प्रमाण पत्र दिया जाएगा। साथ ’ही 25 युवाओं को भारतीय सेना की तीनों इकाइयों में स्थाई किया जाएगा।

थानाध्यक्ष ने बताया कि अग्नि वीरों को राज्य सरकार की सेवाओं में भी आरक्षण दिये जाने की भी संभावना है। उपरोक्त योजना से सभी युवाओं को कम उम्र में एकमुश्त अच्छी खासी रकम के साथ अन्य विभागों की तैयारी करने का अवसर प्रदान होगा। इस उम्र में आत्मनिर्भर बनने का सबसे सुनहरा अवसर है और इस एकमुश्त प्राप्त रकम का उपयोग हम आगे की पढ़ाई और तैयारी के लिए भी सकते हैं। जो उनके भविष्य के लिए एक ठोस आधार होगा, आदि जानकारी युवाओं को दी गई। जिसकी युवा वर्ग द्वारा सराहना की गई। मौके पर थाना रायवाला से उप निरीक्षक ज्योति प्रसाद उनियाल, उप निरीक्षक नीरज त्यागी आदि अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

पुलिस ने हुड़दंग मचा रहे चार पर्यटकों को पकड़ा

लक्ष्मणझूला पुलिस ने मिशन मर्यादा के तहत क्षेत्र के विभिन्न घाटों और सार्वजनिक स्थानों पर गश्त की। इसी बीच राधेश्याम घाट पर नशे में धुत कुछ लोग उत्पात मचाते नजर आए। मौके पर पुलिस ने शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे चार लोगों को पकड़ लिया।

लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी संतोष सिंह कुंवर ने हुड़दंगियों की पहचान नितिन पुत्र होशियार सिंह निवासी राधाविहार मंडोली शाहदरा दिल्ली, विष्णु पुत्र वेदप्रकाश निवासी नंदनगरी, रोहताशनगर शाहदरा दिल्ली, अजयकुमार पुत्र अनिल कुमार निवासी मीतनगर, शाहदरा दिल्ली, गोविन्द पुत्र मुन्नालाल निवासी प्रतापनगर, शाहदरा दिल्ली के रूप में कराई है। बताया कि सभी के खिलाफ पुलिस ऐक्ट में कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम में कांस्टेबल दीपक, सुवर्द्धन, गोताखोर भवानन्द आदि शामिल रहे।

डॉक्टरेट की उपाधि मिलने पर कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल को फ्रेंच यूनिवर्सिटी द्वारा डॉक्टरेट की उपाधि दिए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें घर पहुंचकर बधाई दी। इस मौके पर केक भी काटकर खुशियां मनाई गई।
शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने ऋषिकेश विधानसभा स्थित आवास पर पहुंचकर डॉक्टरेट की उपाधि मिलने पर अपनी शुभकामनाएं दी। पार्षद प्रदीप कोहली ने कहा कि फ्रेंच यूनिवर्सिटी (द एकॉल सुपीरियर रोबर्ट डी शोरबन) की ओर से डाक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया है। कहा कि इस सम्मान के वह पहले से ही हकदार थे। कहा कि अग्रवाल सदैव सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते है। समाज हित में उनका योगदान सराहनीय है।
पार्षद कोहली ने कहा कि उन्होंने वित्तीय उत्थान के लिए जो कदम उठाये है, वह उत्तराखंड के इतिहास में पहले नहीं उठाए गए। कहा कि अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर उन्हें फ्रेंच यूनिवर्सिटी ने डॉक्टरेट की उपाधि दी है। यह उत्तराखंड में मंत्री सहित चार ही लोगों को दी गयी है।
इस मौके पर अग्रवाल ने बताया कि यूनिवर्सिटी द्वारा विश्वभर में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले को सम्मानित किया जा चुका है। भारत में 400 सर्वक्षेष्ठ प्रतिभाओं को यूनिवर्सिटी में सम्मानित किया है। बताया कि यूनिवर्सिटी का यूएई और साउथ ईस्ट एशिया के लिए आईआईपीपीटी फाउंडेशन के साथ करार है। बताया कि आईआईपीपीटी का 11वां सोरबन इंटरनेशनल कॉन्वोकेशन का आयोजन किया गया है। जिसमें मानद उपाधी से सम्मानित किया गया।
इसमें समाज सेवक, उद्यमी, प्रोफेशनल, सोशल एक्टिविटीज शामिल है। बताया कि रॉबर्ट डी सोरबन डॉक्टरेट डिग्री एक मानद उपाधी है जो जीवन मे वर्षों के अनुभव के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने पर दिया जाता है।
इस मौके वीरेंद्र भारद्वाज, सुमित सेठी, विजेंद्र कण्डारी, आशीष जोशी, रविन्द्र रमोला, नरेंद्र सकलानी, शिव सिंह बिष्ट, जय प्रकाश, कपिल हसीजा, अजय गोयल, रमेश अरोड़ा, हरीश रावत, पूर्व प्रधान सुरेंद्र उनियाल, अभिलाषा बहुगुणा, दिनेश यादव आदि शामिल रहे।

पशु धन और कृषि पर केन्द्र सरकार का विशेष ध्यान-संजीव बालियान

केंद्रीय पशुपालन राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था काफी हद तक खेती-बाड़ी पर निर्भर है। किसान के लिये उनके खेत और पशु ही उनकी संपत्ति हैं। इसलिये केंद्र सरकार खेती और पशुपालन पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने पशुपालकों से पशुओं के प्रजनन में उन्नत तकनीक अपनाने के साथ जमीनी स्तर पर इसके क्रिर्यान्वयन के महत्व पर बल दिया।
उत्तराखंड में पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के सहयोग से पहल की है। प्रदेश में नस्ल सुधार के लिए पहली भेड़ एवं बकरी कृत्रिम गर्भाधान प्रयोगशाला को स्थापित किया गया है। शुक्रवार को बैराज रोड स्थित पशुलोक में स्थापित प्रयोगशाला का केंद्रीय पशुपालन राज्यमंत्री डॉ. संजीव कुमार बालियान, पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा और वनमंत्री सुबोध उनियाल ने उद्धाटन किया। डॉ. बालियान ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ लैब का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों से प्रयोगशाला से संबंधित अहम जानकारियां भी लीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भेड़ और बकरी अच्छी-खासी तादाद में हैं। उन्होंने कहा कि अब अच्छा सीमन और कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा होने से न सिर्फ नस्ल सुधार होगा, बल्कि बेहतर क्वीलिटी की ऊन मिलने से पशुपालकों की आय भी बढ़ेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशन में उत्तराखंड आगामी 10 वर्षाे में महीन ऊन उत्पादक राज्य बनकर उभरेगा। इस मौके पर पशुपालन विभाग के सचिव बीवीआरसी पुरूषोत्तम, सचिव आरमीनाक्षी सुंदरम, पशुपालन विभाग निदेशक डॉ. प्रेम कुमार, अपर निदेशक डॉ. अविनाश आनंद, परियोजना समन्वयक डॉ. कमल सिंह, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. केके मिश्रा मौजूद रहे।

तीन हजार भेड़-बकरियों में कृत्रिम गर्भाधान
प्रयोगशाला में दिसम्बर 2019 में आस्ट्रेलिया से आयातित उच्च गुणवत्ता के मैरीनो मेढ़ो के तथा सिरोही, बरबरी, जमुनापारी, बीटल, जाखराना प्रजाति के बकरों के वीर्य का उत्पादन कर राज्य में व्यापक स्तर पर संचारित किया जाएगा। राज्य में भेड़-बकरियों में नस्ल सुधार का कार्य किया जाना है। इससे भेड़ के ऊन गुणवत्ता में वृद्वि के साथ-साथ भेड़ व बकरियों के वजन में वृद्वि होगी तथा भेड़ बकरी पालको की आजीविका व जीवन स्तर पर सुधार होगा। उत्तराखंड भेड़ एवं ऊन विकास बोर्ड के माध्यम से संचालित योजनान्तर्गत वर्तमान तक लगभग 3000 भेड़ व बकरियों में कृत्रिम गर्भाधान किया गया है।