गूलर-ब्यासी के पास देर रात एक कार खाई में गिरा, एक की मौत

बदरीनाथ मार्ग पर गूलर-ब्यासी के पास सोमवार देर रात एक कार खाई में गिर गई। हादसे में कार में सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को एसडीआरएफ की टीम ने ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया है।
एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि सोमवार रात बदरीनाथ धाम से एक कार लौट रही थी। इसी बीच अचानक गूलर-ब्यासी के पास कार अनियंत्रित होकर 30 मीटर खाई में गिर गई। कार में सवार निशांत (22) निवासी गाजियाबाद की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने घायलों को खाई से बाहर निकाला। इन्हें ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया। घाायलों की पहचान वर्षा (25) पुत्र शेर सिंह निवासी दिल्ली, संगीता दास अधिकारी निवासी चाई फाईन ग्रेटर नोएडा, चालक अंकित निवासी गाजियाबाद, यूपी के रूप में हुई। एम्स के चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है।

ग्रामीणों ने ट्रंचिंग ग्राउंड के विरोध में नगर निगम कार्यालय में किया प्रदर्शन

गुमानीवाला की लालपानी बीट में आबादी के बीच बनने वाले ट्रंचिंग ग्राउंड के विरोध में एकजुट हुए ग्रामीणों ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय में हुंकार भरी। विरोध प्रदर्शन के बीच लोगों ने ट्रंचिंग ग्राउंड को आबादी से करीब 5 किलोमीटर दूर शिफ्ट करने और शहर से कूड़ा लेकर आने वाली गाड़ियों का रास्ता देहरादून रोड स्थित सौ फुटी से खोलने की मांग की। चेताया कि जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
सोमवार को गुमानीवाला की प्रधान दीपिका व्यास, भट्टोवाला प्रधान दीपा राणा, पार्षद वीरेंद्र रमोला, पंचायत सदस्य संदीप कुड़ियाल, मानवेंद्र कंडारी के नेतृत्व में एकत्रित गुलरानी, रुषाफार्म, अमित ग्राम, गुर्जर बस्ती, माया मार्केट के ग्रामीण जुलूस की शक्ल में नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निगम कार्यालय पहुंचे।
आक्रोशित ग्रामीणों ने नगर निगम ऋषिकश के गुमानीवाला क्षेत्र में ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने की योजना का पुरजोर विरोध किया। विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि जिस जगह ट्रंचिंग ग्राउंड बनेगा वह आबादी के बीचोंबीच है। आबादी के बीच कूड़ा डंप होने से ग्रामीणों का रहना मुहाल हो जाएगा। एक स्वर में ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए आबादी से दूर भूमि उपलब्ध कराए जाने की मांग की। चेताया कि आबादी के बीच कूड़ा निस्तारण का पुरजोर विरोध होगा।
विरोध प्रदर्शन में पार्षद विजेन्द्र मोघा, पार्षद विपिन पंत, रूकमा व्यास, दीपक मेहर, जुगल क्षेत्री, खेम सिंह, सुमति रावत, आरती भट्ट, बबीता डोभाल, रीना रांगड़, पूजा थापा, संगीता सकलानी, कविता, हरपाल राणा, विक्रम जीना, तेज सिंह क्षेत्री, मनवीर भंडारी, नत्थी लाल सेमवाल, विष्णु थापा, अजीत गुरूंग, बलजीत सिंह, सतपाल राणा, जगनमोहन रावत, विजय सकलानी, मलकीत सिंह, बसीर, रमजान, संजय कंडारी, अनीता नैथानी, राजमती रावत, लता देवी, मोहनी देवी, राधा देवी, पार्वती, दिला देवी, रजनी देवी, विमला देवी, रूपा देवी, आरती देवी, कुसुम देवी, छूनकी देवी, गुड्डी देवी आदि मौजूद रहे।

नगर निगम प्रशासन पर स्थानीय लोगों की उपेक्षा का आरोप

उत्तराखंड जन विकास मंच ने लाल पानी बीट स्थित गुलरानी क्षेत्र में प्रस्तावित ट्रंचिंग ग्राउंड का विरोध किया है। मंच सदस्यों ने नगर निगम प्रशासन पर स्थानीय लोगों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने उत्तराखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन को ज्ञापन भेजकर प्रस्तावित ट्रंचिंग ग्राउंड से होने वाली मुश्किलों को उठाया है।
सोमवार को उत्तराखंड जन विकास मंच के बैनर तले कई लोग ऋषिकेश तहसील में एकत्रित हुए। उन्होंने एसडीएम के माध्यम से उत्तराखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन आरके सुधांशु को ज्ञापन प्रेषित किया। मंच के अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि लाल पानी बीट स्थित गुलरानी क्षेत्र में नगर निगम ऋषिकेश की ओर से ट्रंचिंग ग्राउंड बनाया जाना प्रस्तावित है। यह प्रस्तावित ट्रंचिंग ग्राउंड आबादी क्षेत्र से मात्र 10 मीटर की दूरी पर स्थित है। नगर निगम प्रशासन ने स्थानीय आबादी की उपेक्षा करते हुए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के विपरीत एकपक्षीय फैसला लिया है। इसके चलते भविष्य में हवा, मिट्टी और पानी प्रदूषित होने की संभावना बनी हुई है।
समिति संयोजक सत्य कपरूवान ने कहा कि किसी भी दशा में प्रस्तावित ट्रंचिंग ग्राउंड आबादी क्षेत्र में नहीं बनना चाहिए। सह संयोजक मनोज गुसाईं ने कहा कि पूर्व में भी इस ट्रंचिंग ग्राउंड को लेकर उन्होंने और सभी जनप्रतिनिधियों ने जन सुनवाई के दौरान अपना विरोध प्रकट किया था, लेकिन अचानक नगर निगम द्वारा प्रस्तावित ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए निविदाएं आमंत्रित करना ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के लोगों के साथ एक छलावा है। इसका हम सभी विरोध करते हैं। ज्ञापन देने वालों में जनार्दन नवानी, कोषाध्यक्ष विनोद पोखरियाल, धर्मेंद्र सिंह, लालमणि रतूड़ी, पूर्व बीडीसी सदस्य वीर सिंह नेगी, फतेह सिंह, राकेश थपलियाल, अजय कुमार वर्मा, यतेंद्र थपलियाल, भूपेंद्र भट्ट, कुंवर सिंह आदि उपस्थित रहे।

चिह्नित अतिक्रमण पर कार्रवाई नही करने का आरोप, टीम को बैरंग लौटाया

नगर के अंदर कोयलघाटी तिराहे से चंद्रभागा पुल तिराहे तक हरिद्वार-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने पहुंची विभागीय टीम को विरोध के चलते वापस लौटना पड़ा। विरोध करने वालों ने टीम पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
सोमवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग खंड डोईवाला के सहायक अभियंता शिव सिंह रावत और तहसीलदार डा. अमृता शर्मा के नेतृत्व में टीम हाईवे पर एसबीएम कॉप्लेक्स के पास पहुंची। यहां एसबीएम इंटर कॉलेज के मेन गेट को अतिक्रमण के रूप में चिह्नित करने के बाद जेसीबी से उसे ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई।
विभागीय कार्रवाई की भनक लगते ही कॉलेज के प्रधानाचार्य कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का विरोध करने लगे। कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने अतिक्रमण की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले दो-तीन साल से हाईवे प्रशासन ने कोयलघाटी तिराहा से चंद्रभागा पुल तक दर्जनों अतिक्रमण चिह्नित किए हैं। नियमानुसार चिह्नित सभी अवैध कब्जों पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन विभाग मनमर्जी से एक-दो अतिक्रमण हटाकर खानापूर्ति कर रहा है।
इंटर कॉलेज के मेन गेट को ध्वस्त करने की कार्रवाई के बाद टीम ने आसपास के अतिक्रमण को छोड़ दिया। विरोध करने वालों ने अतिक्रमण की कार्रवाई को बीच में ही रुकवा दिया। लिहाजा विभागीय टीम को कार्रवाई बीच में ही छोड़कर वापस लौटना पड़ा।

गुरुवार को सख्ती से हटेगा अतिक्रमण
राष्ट्रीय राजमार्ग खंड डोईवाला के अपर सहायक अभियंता छत्रपाल सिंह ने बताया कि कोयलघाटी तिराहे से चंद्रभागा पुल तिराहे तक हाईवे चौड़ीकरण का कार्य जल्द पूरा करना है। लिहाजा चौड़ीकरण में बाधक बन रहे अतिक्रमण को गुरुवार से सख्ती से हटाया जाएगा। भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर रहेगा। पहले चरण में कोयलघाटी तिराहे से मुखर्जी मार्ग पर निर्मल आश्रम के गेट तक और दूसरे चरण में निर्मल आश्रम गेट से चंद्रभागा पुल तिराहे तक अतिक्रमण पर कार्रवाई होगी। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है।

कोरोना योद्धा राजकरण सिंह को समर्पित की गंगा आरती

ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट एवं सिंह परिवार के सदस्यों ने लखनऊ निवासी गंगा व गौ प्रेमी और कोरोना योद्धा राजकरण सिंह ऊर्फ मुन्ना सिंह के भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये उनकी आत्मा की शान्ति हेतु मौन रखा। जानकीपुल पूर्णानंद घाट गंगा तट पर महिलाओं द्वारा होने वाली माँ गंगा की आरती स्वर्गीय श्री स्वर्गीय राजकरण सिंह ऊर्फ मुन्ना सिंह को समर्पित की। कोरोना संक्रमण काल में उन्होंने जान की परवाह किए बगैर लोगों को संक्रमण से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, कोरोना संक्रमण काल के दौरान 1000 लोगों को प्रतिदिन भोजन की व्यवस्था कराई थी।
राजकरण सिंह ऊर्फ मुन्ना सिंह की याद में आज पूर्णानंद घाट में विशेष पूजन और श्री गीता पाठ का आयोजन किया गया जिसमें सम्पूर्ण सिंह परिवार ने हिस्सा लिया। डॉक्टर सुनील दत्त थपलियाल कर्मठ संयोजक आवाज साहित्य संस्था ने कहा कि उनका जीवन अद्भुत व्यक्तित्व, सरल हृदय और प्रभु के श्री चरणों में समर्पित जीवन था।
श्रद्धांजलि देने वालों में डॉक्टर ज्योति शर्मा, गंगा भक्त सोनल पांड्या, सुशीला सेमवाल, संध्या शुक्ला, आचार्य अभिनव पोखरियाल, दिल्ली से आनन्द गुप्ता, डब्बू सिंह, जस करन सिंह, कुलदीप सिंह, सतीश कुमार, अंकित कुमार, आकाश क्यार आदि शामिल रहे।

सड़क और पेयजल लाइन के लिए मंत्री का आभार जताया

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल से शिवाजी नगर के नागरिकों ने पार्षद जयेंश राणा के नेतृत्व में मुलाकात की। इस मौके पर समस्या से सम्बंधित ज्ञापन भी सौपा। इस मौके पर पार्षद ने शिवाजी नगर में सड़क व पेयजल लाइन के लिए मंत्री का आभार भी जताया।
रविवार को बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय में हुई मुलाकात में पार्षद जयेश राणा ने बताया कि आईडीपीएल से आने वाली नहर जो कि शिवाजी नगर से होते हुए गंगा नदी में जाती थी। कई वर्षाे से इस नहर में आईडीपीएल से कोई पानी नहीं आ रहा है। बताया कि वर्षाकाल तथा लोगो के घरों का पानी इस नहर में जमा हो रहा है। जिससे यहां निवासरत नागरिकों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पार्षद जयेश राणा ने बताया कि नहर से उठने वाले दुर्गंध के चलते स्थानीय लोगो को जीना दुश्वार हो गया है। बताया कि नगर में आए दिन जानवर व इंसान गिरकर चोटिल हो रहे हैं। साथ ही वर्षाकाल में पानी ओवरफ्लो होकर लोगों के घरों में घुस रहा है।
पार्षद ने मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल को ज्ञापन देकर नहर में जमे पानी की निकासी करने तथा नहर की चौड़ाई को कम करवाने की मांग की। कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल जी ने सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
ज्ञापन देने वालों में पार्षद जयेश राणा, मुन्नी राजपूत, कृष्णा सिंह नेगी, आशीष राय, संजू, नैन सिंह रावत (सेना मेडल), रोशन सजवान, जितेंद्र सिंह रावत, अरविंद रावत, जलम सिंह रावत, धर्म सिंह रावत, डबल सिंह पंवार, संतोष पाण्डेय, सिद्धार्थ त्रिपाठी, सौरव धीमान, लक्ष्मी चौहान, ममता रतूड़ी आदि लोग मौजूद थे।

कैंप कार्यालय में मंत्री से मिले ट्रेचिंग ग्राउंड विरोध संघर्ष समिति के सदस्य

उत्तराखंड जन विकास मंच के बैनर अंतर्गत ट्रेचिंग ग्राउंड विरोध संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल कैबिनेट मंत्री नगर विकास एवं वित्त डॉ प्रेमचंद अग्रवाल से मिला।

संयोजक सत्य प्रकाश कपूरवान व सह संयोजक मनोज गुसाईं ने मंत्री को बताया कि प्रस्तावित चयनित स्थल पर बनने वाला ट्रेचिंग ग्राउंड केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की गाइड लाइन के प्रतिकूल है जोकि आबादी क्षेत्र से मात्र 10 मीटर की दूरी पर है। जिस पर मंत्री डा. अग्रवाल ने आश्वासन दिया कि वे इस ज्वलंत समस्या का शीघ्र निस्तारण करेंगे।

पूर्व ग्राम प्रधान भट्टटोवाला एवं सभा संचालक प्रमुख सतीश रावत एवं सह संयोजक गजेंद्र गोसाई ने बताया कि आबादी क्षेत्र में कचरा घर स्थापित होने से गुलरानी, मनसा देवी, अमित ग्राम, गुर्जर बस्ती, गुमानीवाला, भट्टटोवाला क्षेत्र के आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में मंच अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, देवेंद्र दत्त बेलवाल, धर्मेंद्र सिंह, ऋषि पोसवाल, राजेंद्र पाल, विनोद पोखरियाल, सुंदर जीना, लाल सिंह बोरा, नत्थी लाल सेमवाल, विजय सकलानी, मोहिनी देवी, पारो देवी, अनीता नैथानी, नीलू बिष्ट, लता देवी, विमला देवी आदि उपस्थित रहे।

कुष्ठ रोगियों के साथ लायंस क्लब डिवाइन ने मनाया नया सत्र

लायंस क्लब इंटरनेशनल ने नया सत्र कुष्ठ रोगियों को राशन वितरित कर मनाया। वहीं, डॉक्टर्स डे के अवसर पर नगर के आठ सम्मानित डॉक्टर को भी सम्मानित किया गया व पांच चार्टर्ड अकाउंटेंट को भी सम्मानित किया गया।

नव मनोनीत अध्यक्ष लियो लायन रजत भोला ने बताया कि लायंस क्लब का नया सत्र आरम्भ हो गया है। इस शुभ अवसर पर लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने 14 बीघा स्थित कुष्ठ आश्रम में राशन वितरित किया।

उन्होंने बताया कि लायंस क्लब इंटरनेशनल गत 105 वर्षों से जरूरतमंदों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है, इसी कड़ी में लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन नगर में उसी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए सेवा के लिए तत्पर रहता है।

उन्होंने बताया कि आज क्लब द्वारा आठ डॉक्टर्स, पांच चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को भी सम्मानित किया गया। जिससे कि वह अपनी सेवाओं को और अधिक रूप में जरूरतमंदों का पहुंचाने का प्रयास करें।

संस्थापक ललित मोहन मिश्र ने बताया कि गत सत्र में भी द्वारा 111 सेवा कार्य किए गए जिस कारण डिस्ट्रिक्ट 321 ब1 में क्लब को बहुत ऊंचा स्थान प्राप्त हुआ तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने क्लब के कार्यों की खूब सराहना भी की है।

इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष महेश किंगर, नवनियुक्त सचिव महेश गनेरीवाला, नवनियुक्त कोषाध्यक्ष घनश्याम डंग, जगमीत सिंह, विकास ग्रोवर, पवन शुक्ला, कृष्णा कालरा, विक्की पनेसर, आशु डंग, शिवम टूटेजा, नवीन गाँधी आदि उपस्थित रहे।

डॉक्टर्स डे पर डा. बीसी रॉय को किया याद

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ऋषिकेश शाखा की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की।

रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया। मंत्री डा. अग्रवाल जी ने कहा कि हर किसी की जिंदगी में चिकित्सक की भूमिका काफी अहम होती है। हम सभी शारीरिक और मानसिक परेशानी से पीड़ित होने पर चिकित्सक के पास ही जाते हैं और चिकित्सक के पास भी लगभग हर समस्या का इलाज मौजूद रहता है। डा. अग्रवाल ने कहा कि इसलिए चिकित्सक को भगवान का दर्जा दिया गया है।

डा. अग्रवाल जी ने कहा कि चिकित्सक जीवनदाता होते है, कोरोना काल में अहम योगदान देकर चिकित्सकों ने इसको बखूबी साबित भी किया है। उस दौर में चिकित्सकों ने दिन-रात एक कर लोगों की जान बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का इलाज करने वाले डॉ. बिधान रॉय ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी योगदान दिया था।

बताया कि उनके योगदान को सम्मान देने के लिए एक जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के रूप में मनाते है। बताया कि 1975 से चिकित्सा, विज्ञान, दर्शन, कला और साहित्य के क्षेत्रों में अद्भुत काम करने वालों को भी हर साल बी.सी.रॉय पुरस्कार से नवाजा जाता है।

इस अवसर पर डा. अनिल डबराल को मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देकर सम्मानित किया। साथ ही आईएमए की कार्यकारिणी के नए सदस्यों से परिचय भी प्राप्त किया।

इस मौके पर आईएमए अध्यक्ष डा. विनिता पुरी, कोषाध्यक्ष डा. राजेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष डा. हरिओम प्रसाद, सदस्य डा. राजेंद्र गर्ग, डा. विनोद पुरी, डा. रामकुमार भारद्वाज, डा. केएन लखेड़ा, डा. अनिल डबराल, डा. ऋचा रतूड़ी, डा. हारून, डा. शोएब, डा. अजय गैरोला सहित नगरभर के अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

लोनिवि के अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने ग्रामसभा खैरीकलां के आठ आंतरिक मार्गों का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया। इस मौके पर डा. अग्रवाल ने कार्यदायी संस्था लोनिवि अधिकारियों को मार्गों निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को खैरीकलां में विधिविधान से भूमि पूजन कर मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा के प्रत्येक गांव में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, विकास कार्य मेरी प्राथमिकता है, पिछले तीन वर्षों के कार्यकाल में सदैव विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ किया है, यही वजह है कि जनता ने विकास कार्यों को मोहर लगाते हुए उन्हें लगातार चौथी बार विधायक बनाया।
डा. अग्रवाल ने कहा कि जनता की हर कसौटी पर खरे उतरेंगे। खैरीकलां में आंतरिक मार्गों के निर्माण के बाद यहां अंतिम छोर तक के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि करीब 91.99 लाख रूपये की लागत से 1.350 किलो मीटर लंबे आंतरिक मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
डा. अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके पर निर्देशित भी किया। कहा कि आंतरिक मार्ग के निर्माण में गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने गुणवत्ता के साथ समझौता न करने के निर्देश दिए। क्वालिटी का विशेष ध्यान रखा जाए।
ग्राम प्रधान खैरीकलां चंद्रमोहन पोखरियाल ने बताया कि मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने भूमि पूजन कर आठ आंतरिक मार्गों का निर्माण शुरू कराया है। यह निर्माण कार्य राज्य योजना के अंतर्गत किया जा रहा है, इसमें वार्ड नंबर नौ खैरीकलां में साईं मंदिर से जयवीर नेगी के घर तक, सुमेर सिंह के घर से सक्सेना के घर तक, रोहित शर्मा के घर से दिन्याली देवी मंदिर तक, मंगल सिंह कैंतुरा के घर से शिव मंदिर कैलाश आश्रम तक, जसपाल सिंह कंडारी के घर से जयराम के घर तक, सरिता देवी के घर से उर्मिला देवी के घर तक, महिमानंद भट्ट के घर से जयराम चौधरी के घर तक और राजेंद्र सिंह रावत के घर से मिथलेश जुयाल के घर तक आंतरिक मार्ग का निर्माण शुरू किया गया है।
इस मौके पर प्रधान खैरीकलां चंद्रमोहन पोखरियाल, ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, प्रधान जोगीवाला माफी सोबन सिंह कैंतुरा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्यामपुर समा पंवार, पूर्व जिपंस देवेंद्र नेगी, पूर्व जिपंस अनिता राणा, वार्ड सदस्य नेहा नेगी, वार्ड सदस्य शांति नौटियाल, वार्ड सदस्य कृष्णा राणा, कमलेश राणा, विजेंद्र राणा, प्रशांत चमोली, मंगल सिंह, कुंदन सिंह रावत, जगदंबा पंवार सहित ग्रामीणजन और कार्यदायी संस्था लोनिवि के अधिकारीगण मौजूद रहे।