अग्निपथ योजना की अवधि बढ़ाने की मांग

अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी ने केंद्र सरकार से चार साल की ‘अग्निपथ’ योजना की बजाए सेना में पूर्व की भांति स्थायी भर्ती पर विचार करने या फिर इस योजना की अवधि को कम से कम 14 साल करने की मांग की है।
डॉ नेगी ने कहा कि अग्निपथ योजना से युवाओं को अपने भविष्य को लेकर किसी तरह की आश्वस्ति नहीं मिल रही है। चार साल बाद 25 प्रतिशत युवाओं को सेना में स्थायी नियुक्ति के बाद शेष 75 प्रतिशत युवाओं के मन में फिर से बेरोजगार होने की चिंता साफ दिख रही है। ऐसे में यह योजना बेरोजगारी मिटाने की बजाए और अधिक बढ़ाने वाली प्रतीत दे रही है। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी के बीच युवाओं को स्थायी रोजगार चाहिए। ऐसे वक्त में चार साल की भर्ती स्कीम उसके साथ एक मजाक ही लग रही है। जो कि दुर्भाग्यपूर्ण ही कहा जाएगा।
नेगी ने केंद्र सरकार से इस योजना की सेवा अवधि में वृद्धि अथवा सेना में पूर्व की भांति स्थाई भर्ती खोलने की मांग की है। उन्होंने सेना में रद्द की गई लिखित परीक्षा की बहाली की जरूरत पर भी जोर दिया है। ताकि युवा सेना में महज नौकरी करने नहीं बल्कि देश के लिए निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे सकें।

फ्रेंच यूनिवर्सिटी ने कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को डाक्टरेट की उपाधि दी

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को फ्रेंच यूनिवर्सिटी (द एकॉल सुपीरियर रोबर्ट डी शोरबन) की ओर से डाक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया।
देहरादून के एक निजी रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष थॉमस पराडे, उपाध्यक्ष विवेक चौधरी, पदमश्री जितेंद्र सिंह संटी, भाजपा प्रवक्ता व बॉलीवुड अभिनेता डॉ मुकेश त्यागी, डॉ निर्मल बंसल ने डॉक्टरेट की उपाधि देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर अग्रवाल ने कहा कि यूनिवर्सिटी द्वारा विश्वभर में 20 हजार से अधिक विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले को सम्मानित किया जा चुका है। भारत में 400 सर्वक्षेष्ठ प्रतिभाओं को यूनिवर्सिटी में सम्मानित किया है। अग्रवाल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले किसी सम्मान की चाह नहीं रखते है, मगर फ्रेंच यूनिवर्सिटी की ओर से सम्मान दिया जाना, सराहनीय है।
इस मौके पर उत्तराखंड से कैबिनेट मंत्री अग्रवाल को सोशल एक्टिविटी और वित्तीय उत्थान के लिए सराहनीय कदम उठाने, आचार्य आशीष सेमवाल को वेलनेस स्पुचिरिटी, कमल शर्मा को इंटरनेशनल फ़ोटो जर्नालिस्ट, आदित्य ठाकुर को इको टूरिज़्म के लिए डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया।
यूनिवर्सिटी के उपाध्यक्ष विवेक चौधरी ने बताया कि यूनिवर्सिटी का यूएई और साउथ ईस्ट एशिया के लिए आईआईपीपीटी फाउंडेशन के साथ करार है। बताया कि आईआईपीपीटी का 11वां सोरबन इंटरनेशनल कॉन्वोकेशन का आयोजन किया गया है। जिसमें मानद उपाधी से सम्मानित किया गया। इसमें समाज सेवक, उद्यमी, प्रोफेशनल, सोशल एक्टिविटीज शामिल है।
बताया कि रॉबर्ट डी सोरबन डॉक्टरेट डिग्री एक मानद उपाधी है जो जीवन मे वर्षों के अनुभव के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने पर दिया जाता है। इस मौके पर डीजीपी अशोक कुमार सहित देश विदेश से नागरिक उपस्थित रहे।

बद्री प्रसाद भट्ट ने संभाला मोर्चा, स्वच्छता और साफ-सफाई को लेकर दिये निर्देश

नियमित कूड़ा कलेक्शन, वार्ड में साफ-सफाई नहीं होने आदि से जुड़ी जन शिकायतें अब टोल फ्री नंबर 0135-2973460 पर दर्ज करा सकते हैं। नगर निगम प्रशासन ने टोल फ्री नंबर जारी किया है। साथ ही शहर को प्रतिबंधित पॉलीथिन से मुक्त कराने के लिए व्यापक अभियान शुरू होगा।
ऋषिकेश नगर निगम में एक दिन पहले सहायक नगर आयुक्त का पदभार संभालने वाले बद्री प्रसाद भट्ट ने शहर की सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए निगम के सफाई निरीक्षक, यूएनडीपी अधिकारी, जीआईजेड अधिकारी और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कंपनी के प्रतिनिधियों की बुधवार को बैठक ली। ऋषिकेश वेस्ट मेनेजमेंट के प्रबंधक शशांक सिंह से कूड़ा प्रबंधन की जानकारी ली। साथ ही प्रत्येक कूड़ा कलेक्शन वाहन में 20 किलो के बैग सूखा कूड़ा एकत्रीकरण के लिए अलग से लगाए जाने के निर्देश दिए।
सहायक नगर आयुक्त ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहनों के रूटों की दैनिक निगरानी के लिए वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम को पोर्टल कंप्यूटर से जोड़ने की बात कही। साथ ही अधीनस्थों को उनके क्षेत्रों में सोर्स सेग्रीगेशन, प्रतिबंधित पॉलीथिन की रोकथाम के लिए अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। सहायक नगर आयुक्त भट्ट ने सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि शहर में दैनिक सफाई व्यवस्था की जीपीएस लोकेशन कैमरे सहित फोटोग्राफ व्हाट्सअप ग्रुप में डालें, ताकि नियमित तौर पर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की जा सके। मौके पर सफाई निरीक्षक संतोष गुसाईं, प्रोजेक्ट ऑफिसर यूएनडीपी आयान चक्रवती, जीआईजेड प्रतिनिधि राहुल, गुरमीत सिंह आदि मौजूद रहे।

पुलिस ने अपहृत किशोरी को हरिद्वार से सकुशल किया बरामद

कोतवाली पुलिस ने एक अपहृत किशोरी को हरिद्वार से सकुशल बरामद किया है। जबकि मामले में फरार अपहरणकर्ता युवक की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक 12 जून को एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनकी 14 साल की भतीजी को सनी पुत्र सतीश निवासी झुग्गी झोपड़ी ऋषिकेश अपने साथ बहला फुसलकर भगा ले गया है। पुलिस ने मामले में संबंधित धारा में केस दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी। सर्विलांस और मुखबिर की मदद से किशोरी को मंगलवार को चंडी चौक, हरिद्वार से सकुशल बरामद किया गया। जबकि आरोपी सनी की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है। कोतवाली के एसएसआई डीपी काला ने बताया कि पूछताछ में किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। लिहाजा पुलिस ने दुष्कर्म सहित पोक्सो की धारा भी विवेचना में बढ़ा दी है।

सड़क दुर्घटना में एक बालिका की मौत

मोतीचूर फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने लोडर वाहन को टक्कर मार दी। लोडर वाहन में सवार एक सात वर्षीय बालिका की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ संबंधित धारा में केस दर्ज किया है। जबकि लोडर में सवार चार घायलों को हरिद्वार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक आज सुबह पुलिस को सूचना मिली की मोतीचूर फ्लाईओवर के पास एक दुर्घटना हो गई। एक ट्रक ने लोडर वाहन को टक्कर मारी। ट्रक की टक्कर लगने से लोडर में सवार गोगो 7 पुत्री नरेश निवासी सलेमपुर, महदूद थाना रानीपुर, जिला हरिद्वार की मौत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची मृत बालिका के शव कब्जे लेकर पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

जबकि घायलों सोनिया, अनुराधा, सुंदरी और अन्य को हरिद्वार के सरकारी अस्पताल में 108 एंबुलेंस की मदद से पहुंचा गया। रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि ट्रक चालक फरीद अहमद निवासी हरिद्वार को घटना के बाद पुलिस ने हिरासत ले लिया। आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।

तीर्थनगरी में माधव सेवा विश्राम सदन के लिए सीएम ने की 50 लाख रूपये की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज वीरभद्र मंदिर मार्ग, ऋषिकेश में भाऊराव देवरस सेवा न्यास द्वारा बनाए जा रहे “माधव सेवा विश्राम सदन“ के भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रतिभाग एवं “माधव सेवा विश्राम सदन“ का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने माधव सेवा विश्राम सदन हेतु उत्तराखंड सरकार की ओर से 50 लाख रूपये की धनराशि दिए जाने की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि योग नगरी ऋषिकेश में एम्स के कारण यह स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र भी है। उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य के साथ ही उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्य के लोग भी ऋषिकेश इन समय अपने इलाज हेतु आते है। उन्होंने कहा माधव सेवा विश्राम सदन बनने से बड़ी संख्या में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के ठहरने खाने रहने जैसी तमाम सुविधाएं आसानी से मिलने लगेंगी। उन्होंने कहा सेवा सदन के बनने से परिजनों को होने वाली दिक्कते दूर होंगी। उन्होंने सेवा सदन के कार्य को ईश्वरीय कार्य बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की भारत माता की कोख से ऐसे अनगिनत लाल जन्मे हैं, जिन्होंने देश हित में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। भाऊराव देवरस ने अपने जीवन का एक-एक क्षण राष्ट्र के लिए जिया एवं धरती मां को समर्पित किया। उन्होने बताया वर्ष 1937 (20 वर्ष की उम्र में) डाक्टर साहब की संघ विस्तार की योजना के अंतर्गत भाऊराव जी नागपुर से सुदुर उत्तर प्रदेश के लखनऊ आ गए। स्वतंत्रता के पांच वर्ष पश्चात 1952 में शिशुमंदिर योजना आंरम्भ करने के पीछे जो उनका सपना था उसका क्रियान्वयन उत्तर प्रदेश के गोरखपुर केंद्र से रहा। उनका मानना था कि ’किसी राष्ट्र का भविष्य उस राष्ट्र के सामान्य जन ही होते हैं, इसलिए शिक्षा का निर्माण देश के सामान्य जनों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होने कहा आदरणीय भाऊ राव जी ने वस्तुतः बीज बनकर स्वयं को त्यागकर समाजरूपी पेड़ को पुष्पित और पल्लवित करने का कार्य किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय में बना भाऊराव देवरस द्वार हमारे लिए सेवा एवं प्रेरणा का प्रतीक था। उन्होंने कहा एक छात्र के नाते मेरे सामाजिक जीवन में हीरो एवं आदर्श भाऊराव जी रहे। उनके नाम पर रखे गए विश्राम सदन का शिलान्यास करने का अवसर प्राप्त हुआ है। मुझे पूर्ण विश्वाश है की इसका उद्घाटन भी शीघ्र होगा। उन्होंने माधव सेवा विश्राम सदन हेतु हरसंभव मदद का आश्वासन देते हुए उसे गरीबों की सेवा का सदन एवं गैर व्यवसायिक सदन बताया। उन्होंने, सेवा परमो धमर्रू के सिद्धांत को आगे बढ़ाने के लिए माधव सेवा न्यास से जुड़े प्रत्येक स्वयंसेवक को नमन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश नगरी को चार धाम यात्रा का प्रथम स्थान बताते हुए कहा कि आज ऋषिकेश से कर्णप्रयाग रेलवे लाइन का कार्य तेजी से चल रहा है एवं चार धामों को जाने वाली सड़कों को डबल लेन बनाकर सुगम एवं सुरक्षित यात्रा का संदेश भारत के साथ पूरे विश्व में दिया गया है उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केदारनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण भव्यता एवं दिव्यता से किया गया।

इस दौरान पूज्य स्वामी रामदेव, पूज्य यतिन्द्रानंद गिरि, पूज्य संत विजय कौशल, सुरेश भैया जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, वित्तमंत्री उत्तराखण्ड सरकार प्रेमचन्द्र अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

प्रसिद्ध समाजसेवी जयदत्त शर्मा के कार्यो को आगे बढ़ा रहे प्रतीक शर्मा-अग्रवाल

प्रसिद्ध समाजसेवी जयदत्त शर्मा फाउंडेशन की ओर से निशुल्क रक्त जांच, दांत जांच, महिलाओं के लिये फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की।
रविवार को सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर पर आयोजित शिविर का शुभारंभ मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि स्व. जयदत्त शर्मा आज भी हमारे दिलों में हैं, उन्होंने समाज में जब भी किसी भी वर्ग को दिक्कतें आई, हमेशा आगे बढ़चढ़कर उनका न सिर्फ नेतृत्व किया बल्कि उसका समाधान भी करवाया। उन्होंने सामाजिक कार्याे के साथ ही राजनीति में भी सराहनीय कार्य किये।
अग्रवाल ने कहा कि स्व. शर्मा जी जैसे लोग बहुत कम पैदा होते हैं। उन्होंने रामलीलाओं में भी भगवान लक्ष्मण का किरदार निभाकर समाज को प्रेरणा देने का कार्य किया। अग्रवाल ने फाउंडेशन के संस्थापक प्रतीक कालिया को इस आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी।
इस मौके पर 2800 लोगों के रक्तदान की जांच की गई। जबकि 35 लोगों ने दांत की जांच की गई। साथ ही 50 से अधिक महिलाओं की फिजियोथेरेपी की।
इस अवसर पर सोमेश्वर मंदिर महंत रामेश्वर गिरी महाराज, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, महामंत्री सुमित पंवार, इंद्र कुमार गोदवानी, गोपाल सती, सरोज डिमरी, माधवी गुप्ता, पार्षद अनिता रैना, सुजाता कुकरेजा, रेखा चौबे, भावना सिंधी, सिमरन गाबा, नविता अग्रवाल, डॉ गगन शर्मा, डॉ शशांक प्रतीक, डॉ कल्पना रस्तोगी, सुरेंद्र कैंतुरा, वीरेंद्र भारद्वाज सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

पैर फिसलने के कारण गंगा में डूब रहे चार लोगों को सकुशल बचाया


त्रिवेणी घाट में गंगा नदी में स्नान कर रहे चार युवकों का पैर फिसलने से डूबने पर समय रहते जल पुलिस के जवानों ने सकुशल बचाया है।
पहली घटना आज शाज चार बजे की हैं जब राजस्थान का 28 वर्षीय रितेश जंगीर पुत्र प्रेमराज पैर फिसलने पर डूबने लगा, जल पुलिस के जवान नायक अनिल पाल, विनोद सेमवाल, संतोष कुमार, विपिन काला ने समय रहते बचा लिया।

दूसरी घटना शाम छह बजकर 10 मिनट की है। जब वंश अग्रवाल पुत्र सतीश कुमार, मोहमद कैफ पुत्र शफीक कैफ का तेज बहाव में पैर फिसला और वह डूबने लगे। तभी उनका मित्र हितेश चौधरी पुत्र ऋषि पाल उन्हें बचाने को नदी में डूब पड़ा। वह भी डूबने लगा।

चीख पुकार सुनकर मौके पर मौजूद जल पुलिस व आपदा राहत दल की टीम ने तुरंत गंगा नदी में छलांग लगाकर उन्हें बचा लिया
बचाव दल मे नायक अनिल पाल, विनोद सेमवाल, संतोष कुमार, विपिन काला, हरीश शामिल रहे।

हुड़दंग मचा रहे पर्यटकों को पुलिस ने सिखाया सबक

लक्ष्मणझूला क्षेत्र के राधेश्याम घाट पर नशे में हुड़दंग मचा रहे छह पर्यटकों को पुलिस ने पकड़ा। पुलिस ऐक्ट में चालान के बाद सबक सिखाने के लिए उनसे घाटों की सफाई भी करवाई। पुलिस के इस अनूठे कार्य को स्थानीय लोगों ने सराहा।
मिशन मर्यादा के तहत पुलिस टीम गंगा घाटों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गश्त कर रही थी। इसी बीच राधेश्याम घाट पर नशे में धुत्त कुछ युवक उत्पात मचाते नजर आए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। पुलिस ऐक्ट में चालान कर अनुशासन का पाठ पढ़ाया।
पुलिस ने हत्थे चढ़े हिमांशु पुत्र दिवाकर, एलन पुत्र मैथ्यू, अभिषेक पुत्र मुकेश, आशीष पुत्र रामकुमार निवासी शामली, उत्तर प्रदेश, मोहित कुमार पुत्र नरेश कुमार, सोमबीर पुत्र धनवीर निवासी ग्राम नूरपुर, पानीपत, हरियाणा से क्षेत्र के घाटों की सफाई कराई। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि पुलिस टीम में कांस्टेबल दीपक, बीरेंद्र कुमार, अनुराग, भवानंद आदि शामिल रहे।

ग्रीष्मकालीन अवकाश में बच्चों के लिए मस्ती की पाठशाला का आयोजन

मनसा देवी ऋषिकेश में सेतु फाउंडेशन संस्था द्वारा प्राथमिक शैक्षिक कार्यक्रम बड्स एकेडमी के अंतर्गत निर्धन परिवार के बच्चों के लिए एक ग्रीष्मकालीन शिविर का शुभारंभ किया गया। मस्ती की पाठशाला नामक इस शिविर का शुभारंभ करते हुए संस्था की सचिव सरिता भट्ट ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश में भी बच्चों को अनौपचारिक तौर पर विद्यालयी वातावरण से जोड़े रखना, विशेषतया संरचनात्मक कलाओं को निखारने व खेल खेल में शिक्षा से जोड़े रखना शिविर के आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
शिविर की संचालक अध्यापिका निरुपमा शर्मा ने बताया कि शिविर में बच्चों को विभिन्न प्रकार की पेंटिंग, घर पर तुरंत तैयार किए जाने वाले फूड आइटम्स बनाना, नृत्य गायन आदि सिखाए जाएंगे एवं खेल-खेल में मनोरंजन के साथ शैक्षिक ज्ञान वर्धन सत्रों का संचालन भी किया जाएगा।
संस्था सचिव ने बताया कि 15 दिनों तक चलाए जाने वाले इस शिविर के समापन दिवस पर बच्चों की कला प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी व बच्चों द्वारा तैयार कलाकृतियों एवं अन्य कलाओं का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्याम प्रकाश, उपाध्यक्ष माधव भट्ट, सह सचिव सुमित बडोला, सदस्य संजय कौशिक, अश्वनी गुप्ता, प्रीति, ममता आदि उपस्थित रहे।