महक जैन ने बढ़ाया ऋषिकेश का मान, किया सम्मानित

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने ऋषिकेश की बेटी महक जैन को सम्मानित किया। महक ने सिविल सेवा परीक्षा में देश में 17वीं रैंक प्राप्त की है।
सोमवार को हरिद्वार मार्ग स्थित आईसीए कंप्यूटर संस्थान में लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाली ऋषिकेश निवासी महक जैन को सम्मानित किया गया। क्लब के संस्थापक ललित मोहन मिश्र ने कहा कि बेटियां बेटों से कम नहीं है। महक की इस सफलता से अन्य बालिकाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा। अन्य छात्राओं को भी महक से प्रेरणा लेनी चाहिए। महक जैन ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा पास कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। महक जैन ने छात्र-छात्राओं से अपने अनुभव बांटे और उन्हें किसी भी परीक्षा की तैयारी करने के टिप्स भी दिए। कहा कि सफलता का मूल मंत्र मेहनत और लगन है।
मौके पर मेमोरी चैंपियन प्रतीक यादव, संस्थान अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, महेश किंगर, क्लब अध्यक्ष जगमीत सिंह, विकास ग्रोवर, पवन शुक्ला, लायन आशु ढंग, विक्की पनेशर, श्रेयांश जैन, मोनिका जैन आदि मौजूद रहे।

चेक बाउंस-छह माह के कठोर कारावास की सजा सुनाई

चेक बाउंस के मामले में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने दोष सिद्ध होने पर आरोपी को छह माह के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। दो महीने में परिवादी को क्षतिपूर्ति धनराशि 16 लाख 50 हजार रुपये अदा करने का आदेश दिया है। निर्धारित अवधि के भीतर क्षतिपूर्ति नहीं देने पर तीन माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ेगी।
अधिवक्ता अमित अग्रवाल ने बताया कि अक्तूबर 2015 में राजेंद्र सिंह ने अपने एक परिचित अनुज कालिया निवासी ऋषिकेश से 15 लाख रुपये उधार लिए थे। दो महीने बाद उधार की रकम चुकाने के एवज में 5 दिसंबर 2015 को 15 लाख का चेक दिया। विश्वास दिलाया कि चेक अनादरित नहीं होगा।
अनुज कालिया ने तय तारीख आने पर चेक बैंक में प्रस्तुत किया। करीब एक महीने बाद बैंक ने चेक यह कहकर लौटा दिया कि संबंधित खाते में रकम नहीं है। चेक बाउंस होने पर अनुज कालिया ने आरोपी को कोर्ट नोटिस भिजवाया। नोटिस प्राप्त करने के बाद भी आरोपी ने उधार की रकम नहीं लौटायी। परिवादी अनुज कालिया ने मामले की शिकायत कोर्ट में दर्ज करायी। कोर्ट में विचाराधीन मामले की अंतिम सुनवाई अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भवदीप की अदालत में हुई। आरोप साबित होने पर कोर्ट ने सजा सुनायी है।

पुलिस गिरफ्त में अन्तर जनपदीय गिरोह के चार सदस्य

रायवाला के छिद्दरवाला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात्रि लूट करने वाले अन्तर जनपदीय गिरोह के चार आरोपियों को रायवाला पुलिस व एसओजी ग्रामीण की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। उनके के कब्जे से लूटी गयी 92 हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल अपाचे को बरामद की है।
रविवार को उप-महानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनमेजय खंडूड़ी ने पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। 21 जून को तजिन्दर सिंह ग्रोवर पुत्र मोहन सिंह ग्रोवर निवासी 18 गांधी रोड़ देहरादून ने बताया था कि अपने दोस्त रघुवीर सिंह पटवाल के साथ वाहनों की नीलामी में भाग लेने के लिए अपने साथ कैश लेकर अपनी स्कूटी से रुड़की के लिए निकले और 11ः30 बजे वहां पहुंच गये थे। नीलामी खत्म होने पर हम रात 11ः45 बजे रुड़की से देहरादन के लिए चले। रात्रि समय लगभग 01ः40 बजे एक मोटर साइकल पर सवार 03 व्यक्तियों द्वारा रास्ट्रीय राजमार्ग तीनपानी फ्लाइओवर के ऊपर हमें धक्का मार के गिरा दिया और शर्ट के अन्दर रखे कैश 130000 रुपये, ऱघुवीर की चेक बुक और जीएसटी के पेपर की कॉपी लेकर भाग गये। क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश डीसी ढौडियाल व थानाध्यक्ष रायवाला भुवन चन्द्र पुजारी द्वारा अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। घटना स्थल तीन पानी फ्लाईओवर से राष्ट्रीय राजमार्ग रायवाला, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, लक्सर आदि क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेजों का गहनता से अवलोकन किया गया। टीम द्वारा लोकल स्तर पर सत्यापन की कार्यवाही की गई। एसओजी टीम द्वारा घटना स्थल क्षेत्र से सर्विलांस की मदद से अपराधियों के लोकेशन की गहनता से जांच की गयी। आरोपी सुमित पुत्र ओमपाल नि ग्राम चौतपुर, थाना लक्सर हरिद्वार, विकास उर्फ राजा पुत्र पवन सिंह नि ग्राम मुण्डाखेड़ा कला थाना लक्सर हरिद्वार, टीटू पुत्र पप्पू सिंह नि मुण्डाखेड़ा कलां, थाना लक्सर है। चौथा अभियुक्त विधिविवादित किशोर है। टीम में थानाध्यक्ष भुवन चन्द्र, दारोगा नीरज त्यागी, ज्योति प्रसाद उनियाल आदि थे।

हर वार्ड में निःशुल्क कैंप का आयोजन कर रहा जयदत्त शर्मा फाउंडेशन

जयदत्त शर्मा फाउंडेशन की ओर से रामलीला ग्राउंड बनखंडी में निशुल्क रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 65 लोगों ने रक्त जांच का लाभ उठाया।
रविवार को बनखंडी स्थित रामलीला ग्राउंड में आयोजित रक्तदान शिविर का पार्षद लता तिवाडी, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विनोद पाल और कार्यक्रम संयोजक प्रदीप कालिया ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। इस मौके पर क्यू हेल्थ डायग्नोस्टिक के माध्यम से लगभग 65 लोगों की 195 रक्त जांच की गई।
इस मौके पर पार्षद लता तिवाडी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर ऐसे कैम्पो से जनता को सीधा लाभ होता है विनोद पाल ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से निम्न वर्ग के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलता है क्योकि अनेक लोग पैसों के अभाव में रक्त जांच नहीं करवा पाते हैं।
कार्यक्रम संयोजक प्रतीक कालिया ने बताया कि जय दत्त शर्मा फाउंडेशन की ओर से स्व. जयदत्त शर्मा की स्मृति में 29 मई से निशुल्क रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं। अब तक लगभग 18 निशुल्क रक्त जांच शिविर का आयोजन किया जा चुका है। इन रक्त जांच शिविर के माध्यम से लोगों का निशुल्क रक्त जांच कर मानव सेवा करना ही जयदत्त शर्मा फाउंडेशन का परम उद्देश्य है।
प्रतीक कालिया ने इस सफल कार्यक्रम के लिए श्री राम लीला कमेटी बनखंडी के पदाधिकारियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के महामंत्री हरीश तिवाड़ी, पार्षद राजेश दिवाकर, राकेश पारछा, सुभाष पाल, पवन पाल, दीपक जोशी ने इस कार्यक्रम में सेवा देकर अपना योगदान दिया।

गंगा में डूब रहे छह लोगों को जल पुलिस ने बचाया

त्रिवेणी घाट पर गंगा की तेज धारा में बहने वाले छह लोगों के लिए जल पुलिस के जवान किसी देवदूत से कम नहीं हैं।

जल पुलिस ने डूब रहे लोगों की पहचान अरुण पुत्र छोटेलाल निवासी डी 14 ए गली नंबर 1 करावल नगर दिल्ली, कमल पुत्र अरुण, रवि सोनी पुत्र लालाराम सोनी निवासी भजनपुरा डी ब्लॉक 24 नंबर गली दिल्ली, शांति देवी विश्नोई पत्नी मनीराम निवासी रामपुरा बस्ती बीकानेर राजस्थान, शारदा पत्नी बुधराम और नीरज पुत्र रामस्वरूप के रूप में कराई।

बचाव दल में जल पुलिस के सुभाष तोमर, विपिन काला, जयदीप सिंह, विनोद सेमवाल, हरीश गुसाईं शामिल रहे।

जबरन शादी कराने पर नाबालिग की मांग सहित चार अरेस्ट

ऋषिकेश में कोतवाली क्षेत्रांतर्गत नाबालिग की जबरन शादी कराने पर पुलिस ने मां सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि बीते 24 जून को रेखा कोठियाल पत्नी बल्लू राम निवासी शांति नगर ऋषिकेश ने श्यामपुर पुलिस चौकी पर तहरीर दी। बताया कि उनकी नाबालिग भतीजी का उसकी मां के द्वारा मनसा देवी मंदिर में कपिल निवासी हस्तिनापुर मेरठ के साथ कपिल के सहयोगियों की मौजूदगी में बाल विवाह कराया जा रहा है जिसकी सूचना मेरे द्वारा चाइल्डलाइन देहरादून और महिला बाल विकास परियोजना की टीम को भी दी गई है।

प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस फोर्स मनसा देवी मंदिर ग्राम मनसा देवी गुमानीवाला ऋषिकेश पहुंचे तो जानकारी प्राप्त हुई की मंदिर के पुजारी द्वारा नाबालिक होने के कारण शादी से मना कर दिया गया है। जिस पर कपिल और उसके साथियों द्वारा जबरदस्ती नाबालिक के गले में फूलों की माला डालकर अपने सहयोगियों के साथ ऑल्टो कार में बैठकर मेरठ ले जा रहा है।

पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर वाहन को चाइल्ड लाइन एवं महिला बाल विकास परियोजना की टीम की मौजूदगी में श्यामपुर फाटक के पास रोक लिया।

आरोपियों की पहचान कपिल कुमार पुत्र स्वर्गीय महेंद्र सिंह निवासी आर के कॉलोनी बंगाली बाजार हस्तिनापुर जनपद मेरठ उत्तर प्रदेश, नकुल पुत्र स्वर्गीय सुखपाल सिंह निवासी ग्राम फूल का झाड़ थाना जानी जनपद मेरठ उत्तर प्रदेश, दीपक पुत्र स्वर्गीय मक्खन लाल निवासी गली नंबर 4 शांति नगर ऋषिकेश जनपद देहरादून, नाबालिग की मां शामिल रहे।

इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर घोंटा था लोकतंत्र का गलाः डा. प्रेमचंद

इंदिरा गांधी द्वारा 1975 में 25 जून को लगाये गए आपातकाल को काला अध्याय के रूप में याद किया जाता रहेगा। यह बात आपातकाल की 47वीं वर्षगांठ पर आयोजित विधानसभा स्तर के कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कही। इस मोके पर आंदोलन में जेल जाने वाले लोकतंत्र सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया गया।

आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आपातकालीन की बरसी पर विधानसभा स्तर पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर मंत्री डा. अग्रवाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के शासन के दौरान 1975 में लगा आपातकाल काले अध्याय से कम नहीं था। इस दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचला गया। आपातकाल के दौरान पूरे देश में लोकतांत्रित तरीके से आंदोलन हुए।

डा. अग्रवाल ने कहा कि इस वक्त सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग भी किया गया। डा. अग्रवाल ने कहा कि उनके परिवार ने भी अनेक यातनाएं सही और जेल की हवा भी खाई। बताया कि बड़े भाई ताराचंद ने इंदिरा गांधी को पत्र भेजकर उनके द्वारा किये जा रहे कार्याे को गलत ठहराया था। कहा कि जेल में आपातकाल के दौरान पकड़े गए लोगों को सामान्य कैदी की तरह ही रखा जाता था। उन्हें कीड़े लगे चावल और पानी वाली दाल मिलती थी।

डा. अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने उस समय अपनी सत्ता बचाने और राजनीति स्वार्थ पूरा करने के लिए लोकतंत्र की हत्या देश में आपातकाल लगाकर की थी। कहा कि आपातकाल की नींव 12 जून 1975 को ही रख दी गई थी। इस दिन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को रायबरेली के चुनाव अभियान में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का दोषी पाया था और उनके चुनाव को खारिज कर दिया था। इतना ही नहीं, इंदिरा पर छह साल तक चुनाव लड़ने पर और किसी भी तरह के पद संभालने पर रोक भी लगा दी गई थी। जब 25 जून 1975 की आधी रात इमरजेंसी लागू की गई थी जनता के सारे अधिकार छिन गए थे।

डा. अग्रवाल ने बताया कि आपातकाल में जयप्रकाश नारायण की अगुवाई में पूरा विपक्ष एकजुट हो गया और देशभर में इंदिरा के खिलाफ आंदोलन शुरू हुआ। सरकारी मशीनरी विपक्ष के आंदोलन को कुचलने में लग गई थी। आंदोलनकारियों को जेल में डाला जाने लगा। 21 मार्च 1977 तक देश आपातकाल में पिसता रहा।

इस मौके पर लोकतंत्र सैनानियों व उनके आश्रितों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों आश्रितों में बृजेश चंद शर्मा, दया शंकर पांडेय, भारतेंदु शंकर पांडेय शामिल रहे।

इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता मयंक गुप्ता, मेयर अनिता ममगाई, देवेंद्र दत्त सकलानी, मण्डल अध्यक्ष ऋषिकेश दिनेश सती, मण्डल अध्यक्ष वीरभद्र अरविंद चौधरी, मण्डल अध्यक्ष महिला मोर्चा उषा जोशी, प्रधानाचार्य राजेन्द्र पांडेय, कपिल गुप्ता, संजय शास्त्री, सुमित पंवार, जयंत शर्मा, व्यापारी नेता प्रतीक कालिया, पार्षद प्रदीप कोहली, विजेंद्र मोघा, सोनू प्रभाकर, लक्ष्मी रावत, सुंदरी कंडवाल, तनु तेवतिया, राकेश पारछा, अनिता तिवाड़ी, माधवी गुप्ता, प्रमिला त्रिवेदी, आरती दुबे, नितिन सक्सेना, रुपेश गुप्ता, राजू शर्मा सहित आदि भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

12 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत


संदिग्ध हालात में एक किशोरी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पीएम के लिए एम्स भेज दिया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का लग रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार उन्हें गोविंदनगर स्थित झुग्गी-झोपड़ी की रहने वाली एक किशोरी ने पंखे के कुंडे से लटककर आत्महत्या करने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे लिया और पंचनामा भरने के बाद शव पीएम के लिए एम्स भेज दिया है। मृतका की पहचान रेशमा 12 पुत्री हाफिज मियां के रूप में हुई है। किशोरी के परिजन मूल रूप से बेतिया, बिहार के रहने वाले है।

शुक्रवार को रोज की तरह उसकी मां और पिता सुबह काम पर गए थे। दोपहर के समय उसका एक भाई जब झोपड़ी में पहुंचा तो वह पंखे से लटकी मिली। मृतका तीन भाईयों में इकलौती बहन थी। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि प्रथमदृष्टतया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

तीन दिवसीय रस महोत्सव का काबीना मंत्री ने किया शुभारंभ

इंडियन हुमिनिटी फाउंडेशन और पंथी जन कल्याण समिति की ओर से आजादी का अमृत महोत्सव के तहत कलाकारों को प्रोत्साहित करने हेतु तीन दिवसीय कार्यक्रम श्री रस महोत्सव आयोजित हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की और कलाकारों का हौसला बढ़ाया।

शुक्रवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के परशुराम सभागार में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम श्री रस महोत्सव का शुभारंभ मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ों व मैदानी क्षेत्रों में हमारी बहुत सी प्रतिभाएं हैं। उत्तराखंड से बहुत से युवा रंगमंच पर अपनी छाप रहे है, यही नहीं छोटे और बड़े पर्दे पर हमारे युवा सराहनीय अभिनय करते हुए प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल से पिछले दो वर्षों से हमारे कलाकारों को कोई काम नहीं मिल पाया। उनके लिए ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान कर इंडियन हुमिनिटी फाउंडेशन और पंथी जन कल्याण समिति ने अच्छी पहल की है। इस तरह के आयोजन समय दर समय आयोजित किये जाने चाहिए। इससे कलाकारों के अभिनय में भी निखार आता है। साथ ही उनका मनोबल भी बढ़ता है। इसके अलावा उन्हें प्रतिभा के बल पर कार्य भी मिलता है।

इस मौके पर उड़ीसा, गुजरात, अलीगढ़, बनारस, अहमदाबाद, झारखंड सहित देशभर के विभिन्न प्रान्तों से कलाकारों ने प्रतिभाग किया। बात दें कि तीन दिवसीय चलने वाले कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कोरोना काल से हतोत्साहित हो चुके कलाकारों को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को पुनः जगाना है। इस मौके पर विभिन्न प्रान्तों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी संस्कृतिक प्रस्तुति दी।

इस मौके पर इंडियन हुमिनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष नवीन शर्मा, पंथी जन कल्याण समिति के अध्यक्ष रीति सकलानी, मंडल अध्यक्ष भाजपा ऋषिकेश दिनेश सती, महामंत्री सुमित पंवार, वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र दत्त सकलानी, संजय शास्त्री, प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा उषा जोशी, अनिता तिवाड़ी, पुष्पा नेगी, जयंत शर्मा, पार्षद शिव कुमार गौतम, डॉ विभोर कुकरेती, माधवी गुप्ता, रूपेश गुप्ता आदि कलाकार उपस्थित रहे।

नेशनल हाईवे के अधिकारियों के साथ मंत्री अग्रवाल ने की बैठक, जाम से निजात को लेकर हुई वार्ता

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों के साथ श्यामपुर फाटक व मनसा देवी फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज सहित ढालवाला से खारा स्रोत तक टलन निर्माण कार्यों के संदर्भ में समीक्षा बैठक की।

बैठक में डॉ अग्रवाल में श्यामपुर और मनसा देवी फाटक पर आरओबी बनाने सम्बंधी स्थिति जानी। एनएच की अधिशासी अभियंता रचना थपलियाल ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 58 पर चार धाम ऑल वेदर रोड प्रोजेक्ट के तहत श्यामपुर फाटक पर आरओबी बनाया जाना है उन्होंने बताया कि यह आरओबी 900 मीटर लंबा होगा। जो बंगाल नाला पुल के पहले से रेलवे लाइन के ऊपर से होता हुआ श्यामपुर की और हाईवे पर उतरेगा।

उन्होंने बताया कि यह आरओबी दुर्गा मंदिर आईडीपीएल के कुछ आगे से शुरू होकर वीरभद्र स्टेशन से योग नगरी और ऋषिकेश को आने वाली रेल लाइनों के ऊपर से होता हुआ मनसा देवी तिराहे से आगे बाईपास मार्ग पर जोड़ा जाएगा।

सहायक अभियंता शिव सिंह रावत ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड डोईवाला ने इन दोनों आर आओबी के लिए एलाइंमेंट सर्वे का काम पूरा हो चुका है इसकी स्वीकृति भारत सरकार से एनएच को मिल चुकी है।

अपर सहायक अभियंता छत्रपाल सिंह ने बताया कि एनएच-58 पर ढालवाला से खारा स्रोत तक टनल का निर्माण किया जाना है। बताया कि पुराना आरटीओ कार्यालय से आगे की पहाड़ी से एक किमी लम्बी टनल होगी। जो तपोवन हाईवे पर खुलेगी।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि चार धाम यात्रा, कावंड़ यात्रा और पर्यटन सीजन में वाहनों का अत्यधिक दवाब बन जाता है। साथ ही रेल के आवागमन के चलते फाटक पर और भी भयावह स्थिति पैदा हो जाती है। डॉ अग्रवाल ने एनएच अधिकारियों को स्वीकृति मिलने के बाद अब डीपीआर माह अक्टूबर तक जल्द तैयार करने को कहा है। कहा कि उसके उपरांत टेंडर की प्रक्रिया तय समय के भीतर पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाए। जिससे आने वाले डेढ़ साल बाद ऋषिकेश में जाम की समस्या से पूरी तरह निजात सके।