पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुति पर मिलती है निकायों को धनराशिः मंत्री

पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुति पर ऋषिकेश नगर निगम को मिली धनराशि के संबंध में कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल से नगर निगम के पार्षदगणों ने मुलाकात की। उन्होंने कैबिनेट मंत्री से मामले पर विस्तृत जानकारी चाही।

भाजपा मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश दिनेश सती के नेतृत्व में पार्षदों ने मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल से बैराज रोड़ स्थित कैंप कार्यालय में मुलाकात की। मंडल अध्यक्ष दिनेश सती ने कहा कि पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुति पर सभी निकायों को धनराशि मिली है, मगर ऋषिकेश नगर निगम के विषय को लेकर राजनीति की जा रही है। विपक्ष के पार्षद अधूरे जानकारी के बिना ही स्वांग रच रहे है। साथ ही विपक्ष के पास जब कुछ मुद्दा ही नहीं रहा तो वह भी गलत बयानबाजी करके जनता को भ्रमित कर रहा है।

वरिष्ठ पार्षद शिव कुमार गौतम ने कहा कि बीते दिनों से ऋषिकेश नगर निगम के पार्षद व अन्य मीडिया में अर्लगल बयानबाजी कर रहे है, जबकि वास्तविक जानकारी का उन्हें बोध ही नहीं है और कैबिनेट मंत्री को अप्रत्यक्ष रूप से निशाना बनाकर राजनीति की जा रही है। ऐसे में जनता पर गलत संदेश जा रहा है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंचम राज्य वित्त आयोग एक स्वायतशासी संस्था है, जिसकी संस्तुति के आधार पर ही पांच मानकों के रिप्रजेंटेशन पर निकायों को धनराशि दी जाती है। बताया कि स्वायतशासी संस्था होने के नाते समिति की रिपोर्ट पर न ही वित्त विभाग और न ही शहरी विकास विभाग का हस्तक्षेप होता है।

उन्होंने बताया कि सिर्फ ऋषिकेश ही नहीं बल्कि 13 ऐसे निकाय हैं, जिनकी मानकों के आधार पर धनराशि बढ़ा कर नहीं दी गई है, उन निकायों में लोहाघाट, मसूरी, मंगलौर, नरेंद्रनगर, द्वारहाट, लंढौरा, कालाढुंगी, लालकुंआ, महुआ डबरा हरिपुरा, सुल्तानपुर, केलाखेड़ा, दिनेशपुर शामिल हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2019-20 में पांच मानकों के आधार पर 2020-21 में निकायों को धनराशि दी जानी थी। मगर, कोविडकाल के चलते यह धनराशि 2021-22 में दी गई।

जो लोग कोटद्वार के नाम पर र्भ्रांति फैला रहे हैं, उस पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जिन पांच मानकों की परफॉरमेंस के अधार पर धनराशि मिली वह जनसंख्या, क्षेत्रफल, टैक्स व रेवेन्यू, रेलवे स्टेशन व हेट क्वाटर से दूरी और विशेष व्यवस्था है। बताया कि कोटद्वार में जनसंख्या 1 लाख 35 हजार बढ़ी, जबकि ऋषिकेश में 1 लाख 06 हजार ही बढ़ी है। कोटद्वार का 45 वर्ग किलोमीटर जबकि ऋषिकेश का 28 वर्ग किलोमीटर ही क्षेत्रफल बढ़ा है।

उन्होंने बताया कि कोटद्वार का निकाय टैक्स व रेवेन्यु प्राप्त करने में 87 प्रतिशत की माहरथ हासिल की है, जबकि ऋषिकेश का निकाय मात्र 37 प्रतिशत ही टैक्स व रेवेन्यु प्राप्त कर सका है। कहा कि आंकड़ो आधार पर ही कोटद्वार को धनराशि बढ़ा कर दी गई है। कहा कि कोटद्वार में कांग्रेस पार्टी का बोलबाला है, यदि भेदभाव की बात होती तो धनराशि नहीं बढ़ाई जाती।

उन्होंने विपक्ष व अन्य लोगों को अधूरी जानकारी के अभाव में राजनीति न करने का आग्रह किया। कहा कि नरेंद्र नगर, डोईवाला, ऋषिकेश, मुनिकीरेती, स्वर्गाश्रम के ठोस अपशिष्ट कूड़ा निस्तारण के लिए उनके वित्त मंत्री बनने के बाद 33 करोड़ 24 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई। साथ ही बहुमंजिला पार्किंग का कार्य शुरू होने जा रहा है। यही नहीं व्यक्तिगत घरेलू शौचालय के लिए 12 लाख 60 हजार, सामुदायिक शौचालय के लिए एक करोड़ 60 लाख 72 हजार रूपये, सार्वजनिक मूत्रालय के लिए 28 लाख 80 हजार रूपये और आईईसी 16 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। कहा कि यदि भेदभाव की भावना उनके भीतर होती तो कभी भी इस दिशा में कार्य न करते।

इस मौके पर पार्षदों के दल ने कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का संपूर्ण प्रकरण की जानकारी देने पर आभार जताया।

मुलाकात करने वालों में पार्षद जयेश राणा, शिवकुमार गौतम, वीरेंद्र रमोला, शारदा सिंह, तनु विकास तेवतिया, वीरेंद्र रमोला, राजेश दिवाकर, लव कांबोज, सोनू प्रभाकर, अशोक पासवान, सुजीत यादव, सुमित पंवार आदि शामिल रहे।

कांग्रेसियों ने पूर्व पीएम को पुण्यतिथि पर किया याद, दी श्रद्धांजलि

भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर ऋषिकेश विधानसभा के काग्रेस जनों ने नगर निगम स्थित राजीव गांधी पार्क में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि भारत रत्न राजीव गांधी ने भारत में कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति की नींव रखकर 21वीं सदी के आधुनिक भारत के शिल्पी, आधुनिक सोच व दूरदर्शिता से देश को एक नई दिशा देने का कार्य किया। राजीव गांधी एक ऐसे कर्मयोगी रहे हैं, जिनकी जीवन यात्रा में मानवता, सहजता, सरलता, निष्छलता के कई मुकाम रहे हैं। राष्ट्रहित उनके चिंतन के केन्द्र में था। सर्वधर्म सद्भाव उनके मानस में रचा-बसा था। उनके व्यक्तित्व में परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत समन्वय था। कहा कि ये देश राजीव गांधी जी के किये कार्यों को कभी नहीं भुला सकता ।
इस मौके पर प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा व महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में अरविन्द जैन, प्रदीप जैन, मदन नागपाल, सतीश शर्मा, पार्षद राकेश मिया, पार्षद राधा रमोला, पार्षद देवेन्द्र प्रजापति, पूर्व पार्षद मधु मिश्रा, पार्षद विजय लक्ष्मी शर्मा, पार्षद जगत नेगी, पार्षद भगवान सिंह, प्रदेश सचिव विजय पाल रावत, प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, प्यारे लाल जुगरान, संजय शर्मा, मुकेश जाटव, धर्मेंद्र गुलियाल, मदन कुमार शर्मा, जतिन जाटव, सुमित त्यागी, रामकुमार भतालिये, अशोक शर्मा, जयपाल सिंह बिट्टू, गौरव यादव, दीपक भारद्वाज, अशोक शर्मा, प्रवीण जाटव, ब्रिज बहुगुणा, हिमांशु जाटव, इमरान सैफी, हरिओम, राजू मारवाह, सावित्री देवी, सूरज विश्नोई, जगजीत सिंह, कार्तिक, आशीष आदि मौजूद थे।

एसबीएम इंटर कॉलेज में मातृ सम्मेलन का आयोजन

श्रीभरत मंदिर इंटर कॉलेज में प्रतिभा दिवस पर मातृ सम्मेलन का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं को उनकी प्रतिभा को सबके समक्ष लाने को जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, पार्षद राधा रमोला, पूर्व सभासद बृजपाल राणा, कविता शाह ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने कहा कि प्रतिभाएं कभी अवसर की तलाश नहीं करती है। हमारे विद्यालय में अनेक प्रकार की प्रतिभाएं हैं। इन प्रतिभाओं को खोजने की आवश्यकता है। इस दौरान छात्र छात्राओं ने सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, अंताक्षरी प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, संभाषण प्रतियोगिता एवं काव्य पाठ में अपनी अपनी प्रतिभा दिखाई।
मौके पर यमुना प्रसाद त्रिपाठी, शिवप्रसाद बहुगुणा, शालिनी कपूर, सुखदेव कंडवाल, शकुंतला आर्य, सुशीला बड़थ्वाल, विकास नेगी, विवेक शर्मा, खेल कोच प्रवीण रावत, जगदंबा थपलियाल, सुनीता कोहली, निधि पांडे, नीलम मनोडी, रेहा ध्यानी, विनीता गवाड़ी, उषा आदि उपस्थित रहे।

तेज बहाव में बह रहे युवक को बचाया

जल पुलिस ने शुक्रवार को त्रिवेणी घाट पर एक युवक को डूबने से बचाया। त्रिवेणी घाट स्थित नाव घाट पर स्नान करते समय एक युवक डूबने लगा। इस दौरान घाट पर मौजूद जल पुलिस के जवानों की नजर युवक पर पड़ी। तत्काल रेस्क्यू कर युवक को साईं घाट से सुरक्षित बचा लिया गया। त्रिवेणी घाट चौकी इंचार्ज जगत सिंह ने बताया कि युवक की पहचान घनश्याम पुत्र कलम सिंह निवासी नवाबवाला,छिद्दरवाला जिला देहरादून के रूप में हुई है। जिसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
बचाव टीम में तेजसिंह, नायक रवि बालिया, हरीश गुसाईं, विनोद सेमवाल, पंकज जखमोला, सुभाष तोमर, स्थानीय युवक पवन फूलवाला शामिल रहे।

उत्तराखण्ड में योग का मुख्य कार्यक्रम परमार्थ निकेतन में होगा आयोजित

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने आज सचिवालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रदेश के सभी चिन्हित स्थानों जहां पर योग शिविरों का आयोजन किया जाना है, उन स्थानों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं। उत्तराखण्ड में योग का मुख्य कार्यक्रम 21 जून को परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश में किया जायेगा। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि मुख्य कार्यक्रम स्थल में सभी व्यवस्थाओं के लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तैयारी रखें। जिला प्रशासन पौड़ी को कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये।
अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस पर केन्द्र सरकार की ओर से जिन 75 हैरिटेज स्थलों का चयन किया गया है, उनमें उत्तराखण्ड से श्री केदारनाथ का भी चयन किया गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिये राज्य में चयनित 75 प्रतिष्ठित स्थानों के अलावा जनपदों के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों एवं हेल्थ एण्ड वैलनेस सेंटरों में भी योग शिविरों की व्यवस्था की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिक से अधिक लोग योग शिविरों से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि योग शिविरों में योग प्रशिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस पर खेल, फिल्म जगत, प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं जैसे प्रदेश की प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा की सभी संबंधित विभागों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की जाए।
बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव अरविन्द सिंह ह्यांकी, रविनाथ रमन, डॉ. पंकज पाण्डेय, एच.सी. सेमवाल, उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति सुनील कुमार जोशी, अपर सचिव डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, एम.एम. सेमवाल, शिक्षा निदेशक आर.के. कुंवर, संयुक्त निदेशक सूचना के.एस. चौहान एवं वर्चुअल माध्यम से परमार्थ निकेतन आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती तथा सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

अपनी बोली, भाषा और पहनावे को लेकर कैबिनेट मंत्री ने युवाओं से की अपील

देवभूमि गढ़ विरासत संरक्षण समिति साहबनगर की ओर से प्रथम सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने राज्य की संस्कृति को बचाये रखने के लिए युवाओं से अपील की। कहा कि आप देशभर में जहाँ भी रहे, अपने प्रदेश की कोई भी एक वेशभूषा को जरूर पहनें।
बुधवार देर रात को साहबनगर नया पंचायत भवन में आयोजित महोत्सव का शुभारंभ करते हुए अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान में हमारे युवा अपनी संस्कृति, भाषा, बोली और मेले, लोकगीतों को भूलते जा रहे है। अग्रवाल ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि ऐसा ही रहा तो वह दिन दूर नहीं जब हमारी संस्कृति, भाषा, बोली को बोलने वाला तक नहीं होगा, न ही इसका अस्तित्व रह जायेगा।
अग्रवाल ने कहा कि हम पहाड़ी लोग हैं, हमारे यहां हर एक बोली, मेले, लोकगीत, जागर, वेशभूषा आदि का विशेष महत्व है। आज हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तराखंडी टोपी जो हमारी पारंपरिक वेशभूषा का हिस्सा है, को पहनते है। इससे देश सहित विदेश में उत्तराखंड का मान बढ़ा है और यह हमारे लिए गर्व की बात है।
अग्रवाल ने कहा कि देवभूमि गढ़ विरासत संरक्षण समिति साहबनगर हमारी संस्कृति आदि को संरक्षित करने में अहम भूमिका निभा रही है, हमें इसी तरह अपनी राज्य की विरासत को संभालना होगा, इसकी कमान युवाओं के कंधे पर है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आप देशभर में जहाँ भी रहे, अपने प्रदेश की कोई भी एक वेशभूषा को जरूर पहनें।
अग्रवाल ने इस मौके पर जागर सम्राट व लोकगायक प्रीतम भरतवाण व उनकी टीम द्वारा दिये गए लोकगीत, जागर, पँवाडे, पांडव वार्ता, लोक नृत्यों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख डोईवाला भगवान सिंह पोखरियाल, जिला पंचायत सदस्य रीना रमन रांगड़, ग्राम प्रधान साहबनगर ध्यान सिंह असवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री, आयोजक सुरेंद्र बिष्ट, कैलाश रतूड़ी, विक्की पंवार, रोशन कुड़ियाल, कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला, अम्बर गुरंग, विक्रम क्षेत्री, लक्की पैन्यूली, रूपेश थलवाल, एसएन बहुगुणा, विक्रम रमोला, बलविंदर सिंह, जगदम्बा प्रसाद बडोनी, करण सिंह पोखरियाल, मायाराम पैन्यूली, मकान सिंह रावत, विपिन पैन्यूली, रोशन सिंह चौहान, पंडित रामानंद सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

बिना पंजीकरण के वापस लौटेंगे श्रद्धालु, इस लिए इस नियम का करें पालन

चार धाम यात्रा पर जाने के इच्छुक यात्रियों को यह सलाह दी जाती है कि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए उपलब्ध स्लॉट के अनुसार पंजीकरण करवाने के उपरांत ही अपना टिकट और आवास बुक करें। अगले 7 दिनों की अवधि हेतु चारों धामों के सभी स्लॉट बुक होने के चलते यात्रा के लिए काउन्टर पर पंजीकरण उपलब्ध नहीं है। जैसे ही पंजीकरण के स्लॉट उपलब्ध होंगे, वैसे ही श्रद्धालुओं का पंजीकरण संभव हो सकेगा। साथ ही सभी फिजिकल ऑफलाइन काउंटर यथावत बने रहेंगे।
कुछ दिन पूर्व यह तथ्य संज्ञान में आया था कि कुछ लोग ऑफलाइन माध्यम से अगले महीनों के स्लॉट की बुकिंग कराकर उसी दिन तीर्थ यात्रियों को लेकर दर्शन के लिए रवाना हो रहे हैं। मार्ग में पुलिस द्वारा रजिस्ट्रेशन की जांच किए जाने पर ऐसे वाहनों को रोक दिया गया और तीर्थ यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसा होने के कारण धामों में क्षमता से अधिक भीड़ भी पहुंच रही थी। इससे बचने के लिए अगले 7 दिनों के भीतर वाहन क्षमता के अनुसार कोई रजिस्ट्रेशन स्लॉट उपलब्ध ना होने के कारण फिलहाल बुकिंग को अगले 7 दिनों तक के लिए बंद किया गया है, यद्यपि सभी स्थानों पर फिजिकल रजिस्ट्रेशन काउंटर यथावत बने रहेंगे और अगले 7 दिनों के भीतर यात्रा करने वाले श्रद्धालु वहन क्षमता के अनुरूप रजिस्ट्रेशन प्लॉट उपलब्ध होने की दशा में यहां से अपना पंजीकरण करवा सकेंगे।
सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर ने बताया कि ऑफलाइन पंजीकरण का उद्देश्य अगले 7 दिनों की अवधि में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाना है, यद्यपि रजिस्ट्रेशन स्लॉट उपलब्ध ना होने की दशा में ऐसा कर पाना कदाचित संभव नहीं है क्योंकि इससे चार धाम मार्ग पर क्षमता से अधिक लोग पहुंच जाते हैं और पुलिस और प्रशासन को उन पर नियंत्रण पाना मुश्किल होता है। इसके अतिरिक्त स्वयं यात्रियों को भी आवास तथा वाहन की सुविधाएं नहीं मिल पाती है। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा।
ज्ञातव्य है कि वाहन क्षमता के अनुरूप चारधाम में श्रद्धालुओं की संख्या को नियंत्रित करने के लिए स्लॉट व्यवस्था लागू की गई है। उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) की ओर से ऑनलाइन और फिजिकल काउंटरों के माध्यम से तीर्थयात्रियों का पंजीकरण कराया जा रहा है। तीर्थयात्रियों को यूटीडीबी की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ऋषिकेश, हरिद्वार, उत्तराखंड की सीमा सहित यात्रा मार्ग पर कुल 18 से 20 केंद्रों में ऑफलाइन पंजीकरण किया जा रहा है।

राज्यपाल और सीएम ने हेमकुंड साहिब के लिए संगतो को किया रवाना

श्री हेमकुंड साहिब के कपाट 22 मई को खुल रहे हैं। आज ऋषिकेश स्थित गुरूद्वारा से हेमकुंड साहिब के लिए संगतो को रवाना किया गया। गुरूद्वारा परिसर ऋषिकेश में यात्रियों के रजिस्ट्रेशन शुरू हुए। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि) गुरमीत सिंह व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऋषिकेश पहुंचे। उन्होंने गुरूद्वारा में मत्था टेका और गुरूवाणी पाठ में शामिल हुए।
लक्ष्मण झूला रोड पर स्थित हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा मैनेजमेंट ट्रस्ट ने अतिथियों का स्वागत किया गया। श्री हेमकुंड यात्रा हेतु व्यापक तैयारियां की गयी है। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल भी गुरूवाणी पाठ में शामिल हुए तथा गुरुद्वारा ऋषिकेश में मत्था टेका। इस अवसर पर बङी संख्या में सिक्ख संगत जत्थे मौजूद रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी संगतों को हेमकुंड साहिब यात्रा की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे तो वह कई बार इस यात्रा के प्रारंभ होने के मौके पर आते रहे हैं लेकिन यह पहला मौका है जब वे बतौर मुख्य सेवक के रूप में शामिल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना गुरुकृपा के कुछ भी नहीं होता। प्रदेश में चार धाम यात्रा के साथ ही हेमकुण्ड यात्रा शुरू हो रही है। इस बार पिछले सालों की तुलना में कई गुना अधिक यात्री चार धाम यात्रा में पहुंचे हैं, सरकार सुरक्षित चार धाम एवं हेमकुण्ड साहिब यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश में आने वाले हर एक श्रद्धालु सुरक्षित आए और दर्शन करके सुरक्षित वापस लौटे।
मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह करते हुए कहा कि जिन श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानी हो रही हो, डॉक्टर की सलाह के बिना यात्रा न करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केदारनाथ धाम का भव्य पुनर्निर्माण कार्य हुआ है। अब बदरीनाथ धाम का काम जारी है। उन्होंने कहा कि बनारस में काशी विश्वनाथ हो या अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, ये सब प्रधानमंत्री के दृढ़ संकल्प और आस्था का ही परिणाम है कि इन सभी मंदिरों का भव्य और दिव्य स्वरूप देश दुनिया के सामने दिख रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ही सहयोग से हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर रोपवे बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि चार धाम हेमकुंड साहिब के अलावा कुमाऊं क्षेत्र और गढ़वाल क्षेत्र के अन्य धार्मिक स्थानों का भी सर्किट विकसित किए जाएं। उन्होंने कहा कि पर्यटन को आर्थिकी का मजबूत स्रोत बनाने के लिए प्रदेश में होम स्टे मॉडल को विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में अब तक लगभग 3600 होम स्टे रजिस्टर्ड हो चुके हैं।
इस अवसर पर हेमकुंड मैनेजमेंट ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री का आभार जताया।

स्कूली बच्चों में बांटी पाठ्य सामग्री व स्कूल को दिए पंखे

पूर्व ग्राम प्रधान स्व प्रेम सिंह बिष्ट के जन्मदिवस के अवसर पर प्राथमिक विधालय इंदिरा गांधी ग्राम में 50 बच्चो को स्टेशनरी उपलब्ध कराई गई। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुऐ विधालय को 6 पंखे दिये गये।

पूर्व प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत ने कहा कि पूर्व प्रधान स्व. प्रेम सिंह बिष्ट के द्वारा लगातार क्षेत्र के लिए निरंतर कार्य किए गए। जिसका परिणाम यह है कि इंदिरा नगर नेहरू ग्राम विस्थापित बापू ग्राम और मनसा देवी आज एक ग्रामीण क्षेत्र होने के बाद भी विकसित क्षेत्र होते जा रहे हैं। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सजवाण ने कहा कि प्रधान जी ऐसे व्यक्तित्व थे जो कभी किसी भी किसी व्यक्ति के कार्य को मना नहीं करते थे। उन्होंने गरीबों असहायों के सेवा कार्य को सबसे आगे रखा और उसी का परिणाम है कि आज भी उनका नाम आदर के साथ लिया जाता हैै। कहा कि प्रधान जी उत्तराखंड की सबसे बड़ी ग्राम सभा के सच्चे जनसेवक थे।

इस अवसर पर पूर्व जिलापंचायत लक्ष्मी सजवाण, वरिष्ठ नागरिक बिहारी लाल ममगांई, के.एस थापा, शिवपूजन गुप्ता, ब्रज सिंह बिष्ट, हरीश थपलियाल, राजेन्द्र प्रेमसिंह बिष्ट, संजय प्रेम सिंह बिष्ट, निखिल बर्थवाल, विद्यालय की अध्यापिका मंजू शर्मा, सहायक अध्यापिका वंदना शर्मा, आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ती ममतेश और पूनम आदि कार्यक्रम में उपस्थित थे।

कैंसर के खतरे को कम करने में सहायक एल्कलाइन वाटरः सतपाल महाराज

मानव उत्थान सेवा समिति शाखा प्रेमनगर आश्रम की ओर से योगनगरी रेलवे स्टेशन पर नव निर्मित माता राज राजेश्वरी धर्मार्थ प्याऊ का लोकार्पण पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत ने संयुक्त रूप से किया।

वित्त मंत्री ने कहा कि मानव उत्थान सेवा समिति आमजन के लिए तत्परता और निष्काम भाव के साथ काम करती है। समिति विगत कई वर्षों से धर्मार्थ के कार्यों में अग्रणीय भूमिका निभा रही है। किसी को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का काम है। कहा कि हमारे राज्य के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का पहाड़ पर रेल पहुंचाने का सपना साकार हो रहा है, योगनगरी स्टेशन के रूप में ऋषिकेश रेलवे स्टेशन को भी लोग विशेष रूप से देखने को आते है। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है।

इस मौके पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि यह प्याऊ ओषधीय गुणों से भरपूर है, जिसे एल्कलाइन वाटर कहा जाता है। इसके सेवन से कैंसर का खतरा कम होता है। यह भोजन पचाने में मदद करता है। शरीर को स्वस्थ्य रखने में मदद करता है।
कहा कि जब वह रेल मंत्री रहे तब उनका सपना था कि पहाड़ तक रेल पहुंचे, आज साकार हो रहा है। कहा कि भविष्य में इस योगनगरी रेलवे स्टेशन पर टूरिज्म की विधा देखने को मिलेगी। यहाँ एडवेंचर, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। इस दिशा में राज्य सरकार योजना तैयार कर रही है।

चारधाम यात्रा को लेकर कहा कि हमारी अपील है कि अस्वस्थ लोग यात्रा पर जाने से पूर्व अपना स्वास्थ्य परीक्षण जरूर कराए।

इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत, प्रबंधक मुरादाबाद मंडल अजय नंदन, मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, अरविंद चौधरी, महंत कुंजापुरी मंदिर राजेन्द्र भंडारी, पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, समाजसेवी वचन पोखरियाल, कविता शाह, अनिता तिवाड़ी, उषा जोशी, सुमित पंवार, संजय व्यास, पंकज भट्ट आदि उपस्थित रहे।