महाराष्ट्र के अधिकारी का ई रिक्शा में छूटा बैग, पुलिस ने बरामद किया

कोतवाल रवि सैनी के मुताबिक ने बताया कि मंगलवार को 2019 बैच के भारतीय विदेश सेवा के प्रशिक्षण अधिकारी आईएफएस शुभम सुशील मिश्रा मुंबई, महाराष्ट्र ने श्यामपुर चौकी में बताया कि वे अपना जन्मदिन मनाने के लिए केदारनाथ गए थे।

सोमवार को वापस आते हुए ई-रिक्शा में सवार हुए। इस दौरान ई- रिक्शा में उनके दो बैग छूट गए हैं। इसमें लैपटॉप आदि सामान था। पुलिस टीम ने जहां से वे ई रिक्शा में बैठे और उतरने वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। चालक की पहचान कर उससे मिले और आईएफएस अधिकारी का बैग वापस लौटा दिया।

मां के साथ मारपीट करने वाला कुपुत्र हुआ गिरफ्तार

अपनी मां के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि कुसुमलता शर्मा पत्नी कालूराम निवासी मनसा देवी गुमानीवाला, ऋषिकेश ने मार्च माह में पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनके बेटे शुभम शर्मा ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। महिला ने अपने बेटे पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शुभम शर्मा को मनसा देवी पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

नियमित सफाई की व्यवस्था दुरस्त ना होने पर शहरी विकास मंत्री ने चेतावनी दी

शहरी विकास मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल ने आज ऋषिकेश नगर निगम के अर्न्तगत मनीराम मार्ग स्थित गली संख्या 8 में नगर निगम द्वारा किये गए पेंच वर्क कार्य का औचक निरीक्षण किया। खराब गुणवत्ता पाये जाने पर उन्होंने मौके पर सहायक नगर आयुक्त को फटकार लगाते हुए सम्बंधित व्यक्ति पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही तिलक मार्ग में नाली पर नियमित सफाई न होने और खाली प्लाट में कूड़ा पड़े होने पर सफाई निरीक्षक का जवाब तलब किया।
मंगलवार को मौके पर पहुंचे अग्रवाल को स्थानीय लोगों ने बताया कि मनीराम मार्ग गली संख्या 8 में आंतरिक मार्ग का पेंच वर्क नगर निगम ने किया, मगर निम्न स्तर का कार्य इसमें किया गया। अग्रवाल ने मौके पर सहायक नगर आयुक्त आनंद सिंह मिश्रवाण को फटकार लगाई, कहा कि डेढ़ लाख की लागत से पेंच वर्क किया गया, जिसकी पोल हल्की बारिश में खुल गयी। अग्रवाल ने सम्बंधित जेई और व्यक्ति पर कार्यवाही करने को कहा। साथ ही एक सप्ताह में पेंच वर्क को सही गुणवत्ता के साथ करने को कहा।
इसी बीच स्थानीय नागरिकों ने अग्रवाल को नालियों पर सफाई न होने, पानी की लो प्रेशर की समस्या से भी अवगत कराया। इस पर अग्रवाल ने मौके से जल संस्थान के अवर अभियंता से दूरभाष के जरिये वार्ता की और पानी की समस्या को 24 घंटे के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
अग्रवाल ने मौके पर तिलक मार्ग पर नालियों में गंदगी पाई। उन्होंने एक लाठी की सहायता से नाली के भीतर की गहराई जानी। जिसे देख उनका गुस्सा ओर बढ़ गया। उन्होंने सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल को फटकार लगाते हुए लापरवाही से काम न करने को कहा। नालियों पर सफाई और मनीराम मार्ग में खाली प्लाट पर पड़े कूड़े को हटाने के निर्देश दिए।
अग्रवाल ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से ही हम यहाँ तक पहुंचे है, ऐसे में उनके हितों का ध्यान रखना हमारा काम है। लापरवाही बरतने वाले अफसरों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस मौके पर निगम पार्षद शिव कुमार गौतम, प्रभाकर शर्मा, प्रदीप कोहली, दीपक धमीजा, सन्दीप खुराना, जल संस्थान की जेई पिंकी चंद सहित स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

नहाते समय गंगा में डूबा व्यक्ति लापता

शीशमझाड़ी स्थित स्वामी नारायण आश्रम घाट पर आश्रम का सेवादार स्नान करते समय गंगा के तेज बहाव में आकर बह गए। सूचना पर एसडीआरएफ की टीम ने गंगा में लापता व्यक्ति की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन कहीं पता नहीं चल पाया।
एसडीआरएफ उपनिरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि मंगलवार सुबह 7 बजे स्वामीनारायण आश्रम घाट पर स्नान करते समय एक व्यक्ति डूब गया। इसकी सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन पता नहीं पाया। बताया कि गंगा में लापता व्यक्ति की पहचान प्रवीण भाई 59 पुत्र माधा भाई निवासी सूरत गुजरात के रूप में हुई है। यहां पर वे स्वामी नारायणा आश्रम में सेवादार के रूप में कार्य करते थे। मामले की जानकारी पुलिस ने परिजनों को दे दी है। बुधवार को फिर से उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जायेगा।

पुस्तक प्रदर्शनी के माध्यम से छात्रों को प्रेरित किया

ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल में नेशनल बुक ट्रस्ट के प्रमोटर प्रकाशन विद्या पुस्तक प्रकाशन द्वारा विद्यालय के सभी बच्चों के लिए मनोरंजित एवम साहित्यक पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विद्यालय सचिव कप्तान सुमंत डंग, प्रधानाचार्या डॉ कोयली चक्रवर्ती द्वारा पुस्तक प्रदर्शनी का उदघाटन किया गया।
पुस्तक प्रदर्शनी में बच्चों की विषय वस्तु के आधार पर ही सभी विषयों जैसे (पिक्चर बुक्स, एक्टिविटी बुक्स, साहित्यिक, आत्मकथा, विज्ञान, कथा साहित्य एवम् सामान्य ज्ञान जैसी कई प्रकार की भारतीय एवम् विदेशी पुस्तकों को भी सम्मिलित किया गया। सभी बच्चों ने अपनी विषय रूचि के आधार पर पुस्तकों को ख़रीदा भी और अत्यधिक प्रभावित भी हुए। विद्यालय प्रधानाचार्या डॉ कोयली चक्रवर्ती द्वारा सभी बच्चों का एक्टिविटी बुक्स, आत्मकथा जैसी मनोरंजित एवम आकर्षक पुस्तकों हेतु ध्यान केंद्रित करते हुए उन्हें मानसिक रूप से ज्ञान अर्जित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
विद्यालय सचिव कप्तान सुमंत डंग ने भी प्रस्तुत प्रदर्शनी में उपस्थित सभी बच्चों को मनोरंजन हेतु न् केवल डिजिटली, मोबाइल पर सामाजिक मीडिया बल्कि ऐसी कई अन्य आकर्षक, साहित्यक, कथा-साहित्य, नोवेल्स पुस्तकों के माध्यम से भी मनोरंजन कर सकते है और साथ मे ज्ञान भी अर्जित कर सकते है। कप्तान सुमंत डंग ने कहा कि आज का समय पूर्ण रूप से सोशल मीडिया पर आधारित है। उन्होंने बच्चों को मनोरंजन और शिक्षा हेतु प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें कई महत्व्पूर्ण पुस्तके, सन्दर्भ पुस्तक, उपन्यास एवं विदेशी पुस्तकों के लिए प्रेरित किया।

जेसीबी देख खुद अतिक्रमण हटाने लगे लोग

चारधाम यात्रा के मद्देनजर मंगलवार को राजस्व विभाग, नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला और पुलिस की संयुक्त टीम ने लक्ष्मणझूला रोड और खारास्रोत आस्थापथ में रेहड़ियों और फड़ वालों के अतिक्रमण को हटाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से रेहड़ी व फड़ विक्रेताओं में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मंगलवार को एसडीएम नरेंद्रनगर देवेंद्र नेगी के नेतृत्व में राजस्व विभाग, नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम निकाय कार्यालय में एकत्र हुई। यहां से लक्ष्मणझूला मार्ग, रामझूला, खारास्रोत, आस्थापथ आदि पर पसरे रेहड़ियों और फड़ों के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई को देख रेहड़ी और फड़ विक्रेताओं में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में अतिक्रमणकारी अपना समेटते नजर आए। कई जगहों पर जेसीबी की सहायता से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान सामान को भी टीम ने जब्त कर लिया।
एसडीएम नरेंद्रनगर देवेंद्र नेगी ने बताया चारधाम यात्रा तेज हो रही है। प्रतिदिन हजारों की तादाद में पर्यटक मुनिकीरेती क्षेत्र पहुंच रहे हैं। यहां से पर्यटक चारधाम के लिए पहाड़ी रूटों पर रवाना होते हैं। अतिक्रमण के कारण आए दिन हाईवे पर जाम आदि की समस्या से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जूझना पड़ता है। शासन के निर्देश पर समस्याओं से निजात दिलाने के लिए लक्ष्मणझूला रोड पर पसरे रेहड़ियों व फड़ों के अतिक्रमण को हटाया गया है। मौके पर ईओ तनवीर मारवाह, मुनिकीरेती थाना निरीक्षक रितेश शाह, कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, सफाई निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह पंवार, कर संग्रहकर्ता केतन शर्मा, पुलिस उपनिरीक्षक सचिन पुंडीर, उपनिरीक्षक रीना नेगी, उपनिरीक्षक यशवन्त सिंह खत्री, पटवारी निधि थपलियाल, वर्क एजेंट जितेंद्र सजवाण आदि उपस्थित रहे।

हरिपुरकलां के ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, की समस्या के स्थाई निदान की मांग

ग्रामसभा हरिपुरकलां के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान गीतांजलि ज़खमोला के नेतृत्व में डीएम देहरादून आर राजेश कुमार से मुलाकात की।

ग्रामीणों ने डीएम को हरिपुरकलां मोतीचूर में बने फ्लाईओवर से ग्रामीण जनों की कनेक्टिविटी न देने पर एवं अन्य फ्लाईओवर को जोड़े जाने के विरोध में ज्ञापन दिया। कहा कि जो फ्लाईओवर बनाया गया है इससे ग्रामीण जनों की कोई कनेक्टिविटी नहीं दी गई है और जो पुराना सर्विस रोड था वह भी रेलवे और वन विभाग द्वारा बंद कर दिया गया है ऐसी स्थिति में ग्रामीणजनों को अतिरिक्त दो-तीन किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है जिसमें ग्राम हरिपुर कला राजस्व गांव की तहसील से ही कट गया है।

ग्राम प्रधान गीतांजलि ज़खमोला ने बताया कि ग्रामीण जनों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक और फ्लाईओवर जो हरिद्वार से बनाया जा रहा है वह भी सप्त ऋषि के पास जोड़ा जा रहा है जिससे और अतिरिक्त 8 से 10 किलोमीटर का सफर अतिरिक्त तय करना पड़ेगा।
कहा कि इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। चेताते हुए कहा कि समाधान न होने पर ग्रामीणजन एक उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया और संबंधित एनएचआई के पीडी प्रोजेक्ट डायरेक्टर से फोन पर वार्ता की। समस्या का स्थाई समाधान के लिए भी आश्वस्त किया
इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल मैं जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, पूर्व प्रधान संजय पोखरियाल, प्रेम लाल शर्मा, उपप्रधान मनोज शर्मा, ग्राम पंचायत सदस्य शिवानी गोस्वामी, दीपमाला, गणेश कुलियाल, अशोक रियाल, चंद्रकांता बेलवाल, राजेश लखेरा आदि ग्रामीण जन उपस्थित थे।

सहमति से चुने जायेंगे पदाधिकारी, संगठन चुनाव को लेकर चर्चा

कांग्रेस ने पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए संगठन चुनाव की कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत पार्टी के जिला निर्वाचन अधिकारी अजय दांतरे ने स्थानीय कार्यकर्ताओं को चुनाव संबंधी जानकारी दी। बताया कि प्रत्येक बूथ पर एक अध्यक्ष और एक प्रतिनिधि और ब्लॉक में छह प्रतिनिधि चुने जाएंगे। चयन आम सहमति या चुनाव के माध्यम से होगा।
रविवार को रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में पार्टी के सांगठनिक चुनाव को लेकर बैठक में जिला चुनाव अधिकारी अजय दांतरे ने कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। बताया कि पहले बूथ कमेटी के चुनाव होंगे। इसमें एक अध्यक्ष और एक प्रतिनिधि चुना जाएगा। उसके बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के चुनाव में छह प्रतिनिधि चुने जाएंगे, इसमें से एक पीसीसी प्रतिनिधि बनेगा। यही प्रतिनिधि प्रदेशस्तरीय चुनाव में हिस्सा लेंगे।
दांतरे ने बताया कि सांगठनिक चुनाव में कांग्रेसी परंपरा के अनुसार आम सहमति बनाने का प्रयास होगा और सबको साथ लेकर चला जाएगा। फिर भी जरूरत पड़ी तो चुनाव भी कराया जाएगा। बैठक में मौजूद कांग्रेसियों ने आम सहमति से चुनाव कराने का भरोसा दिलाया।
मौके पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल खरोला, प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, त्रिलोकी नाथ तिवारी, लल्लन राजभर, देवेंद्र रावत, पार्षद मनीष शर्मा, जगत सिंह नेगी, विजयलक्ष्मी शर्मा, देवेंद्र प्रजापति, व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, अरविंद जैन, चंदन पवार, महिला कांग्रेसाध्यक्ष सरोज देवराणी, मधु जोशी, अभिषेक शर्मा, उमा ओबरॉय, नंदकिशोर जाटव, रकम पोखरियाल, राजपाल सिंह, परमेश्वर राजभर, प्रवीण जाटव, अशोक शर्मा, शुभम सारस्वत, राजकुमार तलवार, जगमीत सिंह, विजेंद्र गौड़ आदि मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल ने गंगा जन्मोत्सव मनाया

आज गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर त्रिवेणी घाट में विशेष गंगा आरती की गई। आरती में कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल शामिल हुई। माँ गंगा से सभी देशवासियों के ऊपर कृपा बनाये रखने की कामना की।
रविवार को माँ गंगा का जन्मदिन श्री गंगा सभा द्वारा धूमधाम से त्रिवेणी घाट स्थल पर मनाया गया। इसमें सर्वप्रथम हवन कुंड में पूर्णाहुति दी गयी। इसके बाद कैबिनेट मंत्री अग्रवाल सहित गंगा भक्तों ने माँ गंगा का दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद विशेष गंगा आरती की गई। इस मौके पर भजनों की शानदार प्रस्तुति दी गयी।
इस मौके पर अग्रवाल ने कहा कि गंगा सब जगत की पालनहार है, ऐसे में उनका जन्मदिन पूरा देश कई रूपों में मना रहा है। कहा कि ऋषिकेश का यह सौभाग्य है कि गंगा मैया यही से बहती है। उन्होंने कहा कि आज के दिन पवित्र धाम बद्रीनाथ के कपाट भी भक्तों के लिए खोल दिये गये है। इस मौके पर उन्होंने माँ गंगा से सुख, सृमद्धि, वैभव, खुशहाली की कामना की। साथ कि चारधाम यात्रा के सफल संचालन का आशीर्वाद भी मांगा।
अग्रवाल ने भजनों की शानदार प्रस्तुति दे रहे संगीतकारों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही श्री गंगा सभा को माँ गंगा के आयोजन पर शुभकामनाएं भी दी।
इस मौके मेयर अनिता ममगाई, गंगा सभा के अध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष राहुल शर्मा, महामंत्री रामकृपाल गौतम, संरक्षक वत्सल प्रपन्नाचार्य, मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, विनोद पाल, पंडित जगमोहन मिश्रा, पवन शर्मा, बृजेश शर्मा सहित श्रद्धालु मौजूद रहे।

भेदभाव की भावना से ऊपर उठकर कार्य कर रही सरकार-अग्रवाल

आईडीपीएल स्थित केंद्रीय विद्यालय से शिव मंदिर तक मार्ग का नवीनीकरण का कार्य आज कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की मौजूदगी में शुरू किया गया। मौके पर अग्रवाल ने भूमि का पूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया।
रविवार को भूमिपूजन कर अग्रवाल ने मौजूदा लोगों सहित विभागीय अधिकारियों में मिष्ठान वितरण किया। कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में एक बार पुनः विकास कार्य प्रारंभ हो गए हैं। बताया कि साढ़े 10 लाख रुपए की धनराशि से 900 मीटर लंबे मार्ग का तारकोल द्वारा नवीनीकरण का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इसी तरह विधानसभा के अन्य जगहों में भी मार्ग के नवीनीकरण का कार्य किया जाएगा।
अग्रवाल ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में अनेकों विकास कार्य उनके द्वारा किये गये। हर जाति, हर वर्ग, हर धर्म के लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य किये गए। भेदभाव की भावना से ऊपर उठकर वह कार्य करते है। यही हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास नारा भी है।
उन्होंने कहा कि नगर के लोगों की सबसे बड़ी मांग पार्किंग शुरू से मेरी प्राथमिकता में रही है। इस दिशा में जल्द निजात मिलने जा रही है। बताया कि एमडीडीए को मेरे द्वारा दिसम्बर 2023 तक हर हालत में पार्किंग बनाने के निर्देश दिये गये है, इससे व्यापारियों सहित आने वाले पर्यटक, श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा और निश्चित रूप से पर्यटन को बढ़ावा भी मिलेगा।
अग्रवाल ने कहा कि नगर की एक ओर सबसे बड़ी समस्या को उनके द्वारा हल किया जा रहा है। नगर के बीच में बने कूड़ा के ढेर से निजात दिलाने को 33 करोड़ रूपए ट्रेचिंग ग्राउंड के लिए मेरे द्वारा वित्त मंत्री बनने के बाद स्वीकृत किये गए हैं। कहा कि त्रिवेणी घाट पर गंगा की जलधारा तट तक लायी जाएगी।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश की जनता ने जो प्यार, आशीर्वाद मुझे दिया है, उसके लिए आभार व्यक्त करता हूं। कहा कि विपक्ष को राजनीतिक भावना से ऊपर उठकर कार्य करना चाहिए और विकास कार्यों में सकारात्मक रुख अपनाना चाहिए। कहा कि आपके वोट की ही ताकत है जो मंत्री पद तक पहुंचे हैं। उन्होंने एक बार पुनः अपना आशीर्वाद देने की अपील की। कहा कि आशीर्वाद दें जिससे वह अगले पांच वर्ष तक विकास कार्याे को और तेजी से कर सके।
इस मौके पर पार्षद सुंदरी कंडवाल, लक्ष्मी रावत, माया घले, देवेश्वरी पुंडीर, प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता सतीश कुमार, अपर सहायक अभियंता उपेंद्र गोयल, विनोद भारती, रमेश चंद शर्मा, सुमन, रामकैलाश, सदानंद यादव, रंजीत, होमराज गुप्ता, निर्मला उनियाल, अविनाश सेमल्टी, वायुराज, सुशील शर्मा आदि स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।