12 मई को थी शादी, आज परिवार सहित कार दुर्घटना में हुई मौत

शादी की खरीददारी कर घर लौट रहे लोगों के लिए रविवार काल बनकर टूट पड़ा। ऋषिकेश से थराली जा रही कार बद्रीनाथ हाईवे पर तोताघाटी के पास अनियंत्रित होकर 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 4 लोग एक ही परिवार के हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर देवप्रयाग तहसील प्रशासन और थाना पुलिस को करीब सात बजे सूचना मिली कि तोताघाटी के पास एक कार गिर गई है। जिसके बाद टीमें वंहा पंहुची। कार संख्या यूपी15-डीएल1061 गहरी खाई में गिरी दिखी। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ के टीमों में खाई में जाकर रेस्क्यू अभियान चलाया। तहसीलदार एमएस बर्थवाल ने बताया कि तोताघाटी से आगे सफेद पहाड़ के पास हुई दुर्घटना में मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है। जिसमें पिंकी (25) पुत्री त्रिलोक सिंह, प्रताप सिंह (40) पुत्र देव सिंह, भागीरथी देवी (36) पत्नी प्रताप सिंह, विजय (15) पुत्र प्रताप सिंह, मंजू (12) पुत्री प्रताप सिंह सभी निवासी ग्राम बाण, तहसील थराली जिला चमोली शामिल हैं। तहसीलदार ने बताया कि यह सभी लोग ऋषिकेश से शादी की खरीदारी कर वापस थराली लौट रहे थे। रेस्क्यू में थाना देवप्रयाग के एसएसआई अनिरूद्ध मैठाणी समेत एसडीआरएफ के जवान शामिल रहे।
बताया जा रहा है कि मृतका पिंकी की 12 मई को शादी होनी थी। इसी सिलसिले में परिवार शादी की शॉपिंग के लिए ऋषिकेश आया था।

दो जगह बदले एटीएम, खाते से निकाले पैसे, मुकदमा

कोतवाली पुलिस के मुताबिक आलम सिंह नेगी पुत्र स्व. भजन सिंह नेगी निवासी गुड्डू प्लांट श्यामपुर ऋषिकेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 6 मई 2022 को समय 11.30 बजे पीएनबी एटीएम में चार-पांच लड़कों ने धोखे से एटीएम बदलकर उनके खाते से पैसे निकाल लिए।

वहीं, छोटे लाल गुप्ता निवासी गली नंबर एक, मीरा नगर आईडीपीएल ऋषिकेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 6 मई को उनकी पुत्री किरण पीएनबी एटीएम से पैसे निकालने की गई थी। बताया उनकी पुत्री ने अज्ञात व्यक्तियों से पैसे निकालने में मदद मांगी तो एटीएम बदलकर उनके बैंक खाते से तीन बार में ₹25000 रुपये निकाल लिए गए। कोतवाल रवि सैनी ने बताया की दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रायवाला थाना गेट और सत्यनारायण मंदिर समीप खुली पुलिस पर्यटक चौकी, सीओ ने किया शुभारंभ

चारधाम यात्रा शुरू होने पर तीर्थयात्रियों की सहायता व मार्गदर्शन के लिए रायवाला थाना क्षेत्र में दो पुलिस पर्यटक चौकी की स्थापना की गई। इन चौकी पर चारधाम यात्रा शुरू होने पर तीर्थयात्रियों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए रायवाला थाना क्षेत्र में दो पुलिस पर्यटक चौकियों की स्थापना की गई। इन चौकियों पर दिन अैर रात हर समय पुलिस तैनात रहेगी।

आज पुलिस क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश दिनेश चंद्र ढौंडियाल ने रिबन काटकर पुलिस पर्यटक चौकियों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा मित्र पुलिस पर्यटकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में भी हरसंभव मदद करेगी। एक केंद्र रायवाला थाने के बाहर और दूसरा केंद्र श्री सत्यनारायण मंदिर पर खोला गया। थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर तीन-तीन जवानों को तैनात किया किया गया है। उन्हें सेनेटाइजर, मास्क और चारधाम यात्रा का रूट मैप दिया गया है।

पुलिस और निगम की टीम ने एम्स मार्ग से हटाया अतिक्रमण

ऋषिकेश पुलिस और नगर निगम ऋषिकेश की टीम ने संयुक्तरूप से अभियान चलाते हुए एम्स मार्ग पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध कार्यवाही की है।

कोतवाल रवि सैनी और नगर निगम की टीम ने जेसीबी की मदद से एम्स को अतिक्रमण मुक्त किया है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि एसएसपी देहरादून के निर्देशन पर नगर निगम के साथ आपसी सामंजस्य स्थापित कर एक संयुक्त टीम गठित की गई।

जिसके चलते एम्स रोड के दोनों ओर किनारे अवैध रूप से झुग्गी झोपड़ी, रेहड़ी-ठेली-फड़ तथा दुकानों के बाहर परमानेंट बोर्ड, गार्ड आदि लगाकर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए अतिक्रमण हटाया गया।

व्यापारियों ने शहरी विकास मंत्री का किया स्वागत, चांदी का मुकुट पहनाया

प्रगतिशील व्यापार सभा के व्यापारियों ने ऋषिकेश विधानसभा सीट से चौथी बार विधायक चुने जाने और कैबिनेट मंत्री बनने पर प्रेमचंद अग्रवाल को चांदी का मुकुट पहनाया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने कहा कि वे सदैव व्यापारी हित के लिए कार्य करते है।

हरिद्वार मार्ग पर दोबारा व्यापारियों को बसाने की मांग पर अग्रवाल ने कहा कि मामला न्यायालय से जुड़ा है, समस्या के निराकरण के लिए प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा पार्किंग उनकी प्राथमिकता में रही है। इस दिशा में जल्द निजात मिलने जा रही है। दिसम्बर 2023 तक हर हाल में पार्किंग बनकर तैयार हो जाएगी। इससे व्यापारियों की सबसे बड़ी समस्या हल हो सकेगी। नगर के बीच में बने कूड़े के ढेर से निजात मिलने जा रही है। 33 करोड़ रुपये ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए उनके वित्त मंत्री बनने के बाद स्वीकृत किया गया है। कहा कि गंगा की जलधारा तट तक आएगी। इस मौके पर पूर्व दर्जाधारी संदीप गुप्ता, कृष्ण कुमार सिंघल, मंडलाध्यक्ष दिनेश सती, प्रगतिशील व्यापार सभा अध्यक्ष वीरेंद्र भारद्वाज, व्यापारी नेता ललित मोहन मिश्र, रायवाला प्रधान सागर गिरी, पूर्व जिपंस देवेंद्र नेगी, नामित पार्षद प्रदीप कोहली, सीमा रानी, हरीश आनंद, दिनेश पायल, विजयपाल सिंह रावत, हर्षित गुप्ता, शरद तायल, संदीप खुराना, रमेश अरोड़ा आदि मौजूद रहे।

पिज्जा पार्टी ने बच्चों को दिखाई बाहरी दुनिया

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन द्वारा मनीराम रोड स्थित जूनियर हाई स्कूल के विद्यार्थियों को आज देहरादून रोड स्थित डोमिनोज में पिज़््ज़ा पार्टी दी गई।
क्लब के संस्थापक ललित मोहन मिश्र व अध्यक्ष जगमीत सिंह ने बताया कि लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन निम्न आय वर्ग के लोगों को किसी ना किसी रूप में सहायता करता रहता है चाहे उनकी फीस हो यूनिफॉर्म हो, विद्यालय में अन्य प्रकार का सहयोग हो क्लब आगे बढ़कर सदा सहयोग करता रहा है। इसी कड़ी में आज क्लब द्वारा बच्चों को नए परिवेश व नए माहौल को दिखाने के लिए देहरादून रोड स्थित डोमिनोज में पिज्ज़ा पार्टी दी गई जिसमें बच्चों को अलग-अलग प्रकार के पिज्जा साथ में कोल्ड ड्रिंक दिया गया। पिज्जा खाकर बच्चे काफी प्रसन्न नजर आ रहे थे। बताया कि बच्चों के लिए शीघ्र ही एक पिकनिक कार्यक्रम भी रखा जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष जगमीत सिंह, सचिव विकास ग्रोवर, कोषाध्यक्ष पवन शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष महेश किंगर, कपिल गुप्ता, घनश्याम, दिनेश अरोड़ा, पवन शर्मा, रोहन खुराना, विनोद बिष्ट, विनीत चावला, शिवम अग्रवाल, योगेश कालरा, प्रिंसिपल रजनी सकलानी आदि उपस्थित रहे।

चारधाम यात्रा का औपचारिक शुभारंभ, अग्रवाल और चन्दन राम दास ने दिखाई हरी झंडी

चारधाम यात्रा-2022 का औपचारिक श्रीगणेश उत्तराखंड के वित्त, शहरी विकास एवं आवास विधायी एवं संसदीय कार्य, पुनर्गठन एवं जनगणना मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और परिवहन मंत्री चंदनराम दास ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस मौके पर 30 वाहनों में 1200 श्रद्धालुओं को दोनों मंत्रियों की मौजूदगी में रवाना किया गया। इस दौरान ऋषि कुमारों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण, ढोल बाजो से पंडाल गूंज उठा।
गुरुवार को प्रत्येक वर्ष चारधाम यात्रा संचालित करने वाली संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के तत्वावधान में यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने उत्तराखंड आगमन पर सभी चारधाम यात्रियों का स्वागत करते हुए उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होने की भगवान से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि दो वर्ष से प्रभावित चारधाम यात्रा इस वर्ष 2022 में अच्छी होने जा रही है और इसके लिए राज्य सरकार पूरी तरह से तैयार है। इसकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है। बताया कि सभी सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि चारधाम यात्रा पर लगे सभी वाहनों की फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि बिना फिटनेस वाली गाड़ी के संज्ञान में आने पर कठोर कार्यवाही की जाए।
अग्रवाल ने सभी यात्रियों का रजिस्ट्रेशन किये जाने पर बल दिया। उन्होंने कहा सभी यात्रियों का रजिस्ट्रेशन किया जाए, सरकार के पास सभी यात्रियों का पूरा रिकॉर्ड होना चाहिए। श्री अग्रवाल जी ने कहा कि चारधाम यात्री हमारे मेहमान हैं और हमारी संस्कृति ‘अतिथि देवो भवः‘ की है। अतिथियों का सत्कार हमारा फर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों के साथ किसी तरह की दिक्कतें न हो, इसका ख्याल भी पूरी तरह से किया गया है। सोशल मीडिया के जरिए भी यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है।

अग्रवाल ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग पर यात्रियों को सुविधाओं का राज्य सरकार ने विशेष ख्याल रखा है, इसमें मोबाइल टॉयलेट की समुचित व्यवस्था की गई है। साफ सफाई का विशेष ख्याल रखा गया है। इसके लिए यात्रा मार्ग पर आने वाले सभी निकायों ने तीन चरणों में सफाई व्यवस्था शुरू कर दी है, विशेषतौर पर रात्रिकाल में कूड़ा उठान का कार्य किया जा रहा है, जिससे अगली सुबह यात्रियों को यात्रामार्ग साफ और स्वच्छ मिले। इसके अलावा कीटनाशक दवाओं का उपयोग भी प्रतिदिन किया जा रहा है।
अग्रवाल ने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं के लिए राज्य सरकार ने पहली बार होटल, रेस्टोरेंट आदि से बिल में सर्विस चार्ज न लेने को कहा है, कहा कि सर्विस चार्ज के लिए यात्रियों को बाध्य नहीं कर सकते। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के औपचारिक शुभारंभ के बाद से प्रत्येक शनिवार को स्कूल बंद रहेंगे। इससे ऋषिकेश में बच्चों और अभिभावकों को जाम से दो चार नहीं होना पड़ेगा।
परिवहन मंत्री चंदन राम दास ने प्रदेश की जनता से आग्रह किया है कि यात्रियों को हर यथा संभव सहयोग करे। जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यहां से वापस जा कर अपने प्रदेश में यात्रा के प्रति सकारात्मक सोच पैदा कर सकें। उन्होंने कहा कि मेडिकल की सुविधा बेहतर मिले, इसके लिए सरकार तैयार है। किराया वृद्धि पर संवेदनशील है, बीच का रास्ता निकाला जाएगा। ट्रिप कार्ड में दिक्कतें आ रही है, इसके लिए अधिकारियों को समुचित व्यवस्था करने को कहा गया है। हमारी सरकार परिवहन व्यवस्था को पटरी पर ला रही है। रोडवेज की इनकम बढ़ाने के लिए सरकार कार्य कर रही हैं।
यात्रा शुभारम्भ के दौरान राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, पूर्व दायित्वधारी कृष्ण कुमार सिंघल, तहसीलदार अमृता शर्मा, परिवहन अधिकारी दिनेश पठोई, अरविंद पांडेय, संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के अध्यक्ष संजय शास्त्री, सरोज डिमरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, चेतन शर्मा, राकेश पारछा, जग मोहन सकलानी, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, इंद्र कुमार गोदवानी, मदन कोठारी, शिक्षाविद बंशीधर पोखरियाल, पार्षद शिव कुमार गौतम, संजीव पाल, जितेंद्र सिंह नेगी, जीत सिंह पटवाल, भूपाल सिंह नेगी, रेखा गुसांई, सम्पत सिंह रावत, नरेंद्र सिंह राणा, अजय बधाणी, आशुतोष तिवारी, अनिता तिवारी पूर्व पार्षद सीमा रानी, माधवी गुप्ता, उषा जोशी, सचिन अग्रवाल, कविता साह, राजकुमारी पंत, रवि जैन, आंदोलनकारी वेद प्रकाश शर्मा, अखिलेश गुसाई, राकेश सेमवाल, मदन मोहन शर्मा, जयंत शर्मा, राजपाल ठाकुर, विनोद भट्ट, आनंदराम भट्ट, हुकुम चंद, हरिशंकर प्रजापति, संजय कौशिक, घनश्याम, जितेंद्र प्रसाद, भानु रांगड़ आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।

चारधाम यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के हो प्रयास-प्रेमचन्द अग्रवाल

चारधाम यात्रा की तैयारियों और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर आज कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने जिलाधिकारी देहरादून, जिले के पुलिस कप्तान सहित विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक बैराज रोड स्थित कैम्प कार्यालय में की। इस मौके पर ट्रैफिक व्यवस्था, यात्रियों को सहूलियत, अतिक्रमण को कड़ाई से हटाने, संदिग्ध लोगों का सत्यापन करने, शनिवार को स्कूल बंद करने के निर्देश दिये गये। सभी विभागों को व्यवस्था चाक चौबंद करने के निर्देश दिए।

बैठक में निम्न निर्देश मंत्री द्वारा दिये गए।
1. परिवहन विभाग में दलाली प्रथा सख्ती के साथ बंद करें। एआरटीओ आफिस के बाहर गाड़ियां की कतार किसी भी सूरत में न लगे।
2. यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यापक व्यवस्था, पीने के लिए शीतल पेय का इंतजाम किया जाए।
3. श्यामपुर में रेलवे फाटक पर जाम की समस्या के लिए मुरादाबाद डीआरएम से बात कर 10 मिनट की जगह 4 मिनट फाटक बंद करवाये।
4. माल वाहक वाहन के लिए सत्यनारायण मंदिर के समीप पुलिस पिकेट लगाई जाए।
5. मंत्री ने आने वाले शनिवार से स्कूलों के अवकाश करने सम्बन्धी आदेश देने के लिए जिलाधिकारी देहरादून को निर्देशित किया।
6. ईं रिक्शा, ऑटो, विक्रम यूनियन के साथ बैठक कर सवारी बैठाने, उतारने की जगह निश्चित करें। निश्चित जगहों के अलावा सवारी बैठाने, उतारने पर चालान की कार्यवाही भी करें।
7. किसी भी तिराहा, चौराहा में ऑटो, विक्रम न खड़े हों।
8. श्यामपुर में सीएनजी पंप पर लगने वाले जाम के लिए संचालक से बात कर टोकन की व्यवस्था की जाए।
9. कोयल घाटी से पुरानी चुंगी और निगम से चन्द्रभागा तक अतिक्रमण सख्ती के साथ हटाया जाए।
10. एम्स मार्ग पर दोनों ओर लगने वाले अतिक्रमण को पूरी तरह से हटवाया जाए।
11. बस अड्डा, रेलवे स्टेशन सहित अन्य जगहों पर संदिग्ध लोगों का सत्यापन किया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी आर राजेश कुमार, एसएसपी जन्मेजय खंडूरी, एसपी सिटी अक्षय कोडे, एसपी देहात कमलेश उपाध्याय, सीओ ट्रैफिक टिहरी अस्मिता ममगाई, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय, एआरटीओ अरविंद पांडेय, सीओ ऋषिकेश डीसी ढ़ौण्डियाल, एसएनए आनन्द सिंह, कोतवाल रवि सैनी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर हितेश कुमार आदि मौजूद रहे।

अपने गुरु की मूर्ति का अनावरण करने अपने पैतृक गांव पहुंचे सीएम आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्तरुप से महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिध्याणी, यमकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिध्याणी, यमकेश्वर में ब्रह्मालीन राष्ट्रसंत महंत अवैद्यनाथ महाराज की मूर्ति का अनावरण भी किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि महंत अवैद्यनाथ की प्रेरणा से ही यहां महाविद्यालय की स्थापना हुई है। उन्होंने कहा कि ग्राम कांडी में ही महंत अवैद्यनाथ का जन्म हुआ था किंतु ज्यादा समय तक नहीं रुक सके थे। कहा कि वे यहां की शिक्षा व्यवस्था के बारे में पूछते रहते थे। मैंने उन्हें अवगत कराया था कि यहां कोई डिग्री कॉलेज नहीं है, यहां के निवासियों ने समिति बनाकर कॉलेज के लिए जमीन दी और यहां कुछ कक्षाओं का प्रारंभ हो सका था। उन्होंने कहा कि मैं व्यक्तिगत रुप से गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं कि पूज्य गुरु को उनकी जन्मभूमि पर सम्मान दे पा रहा हूं। साथ ही उन्होंने कहा कि मेरे लिए गौरव की बात है कि मैं अपने स्कूली गुरुजनों का सम्मान कर पा रहा हूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड में सबसे बड़ी समस्या पलायन है। यहां अच्छी शिक्षा अच्छा माहौल सौंदर्य और संभावनाएं हैं। उत्तराखंड का युवा जहां भी जाता है अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाता है। कहा कि देश 2014 के बाद नए उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है। कोरोना में बहुत से लोगों ने अपनों को खोया है लेकिन भारत का सबसे बढ़िया प्रबंधन पूरे विश्व में सराहा गया, पहले महामारी में मौतें बीमारी से ज्यादा भुखमरी से होती थी लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश बदल चुका है, सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देश को बचाना है तो उत्तराखंड के पलायन को रोकना होगा क्योंकि उत्तराखंड देश की उत्तरी सीमा है। वृक्षारोपण, जल संरक्षण को बढ़ावा देना होगा। उत्तराखंड मे आध्यात्मिक पर्यटन को इको पर्यटन से जोड़ना होगास योगी ने कहा कि आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा लेकिन इसके लिए पलायन को रोकना पड़ेगा, जहां अन्य राज्यों में अव्यवस्था फैली है वही उत्तर प्रदेश में कहीं कोई उपद्रव नहीं हुआ। उत्तर प्रदेश में व्यक्तिगत आस्था पर कोई प्रतिबंध नहीं है किंतु उससे किसी अन्य को असुविधा नहीं होनी चाहिए। कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वाेपरि होती है, जन भावना के साथ आस्था के नाम पर खिलवाड़ नहीं किया जाएगा। कहा कि हमने उत्तर प्रदेश से लगभग एक लाख अनावश्यक माइक हटवाए हैं और कहीं कोई विवाद नहीं है। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश उत्तराखंड की 21 वर्षों से जकड़ी समस्या का समाधान अंतिम चरण पर है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ करिश्माई व्यक्तित्व है। योगी जन्म भूमि में लंबे वक्त बाद आए है। उन्होंने कहा कि महंत अवैद्यनाथ का संबंध हिंदू धर्म, भाई चारे को मजबूत करने व जो पीछे छूट गए हैं उन्हें मुख्य धारा में लाने का रहा है। उनका राम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कहा कि पहले अयोध्या में भगवान राम टेंट में थे वर्तमान में प्रधानमंत्री मोदी की सरकार बनने के बाद वहाँ भव्य मंदिर बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। कहा कि मोदी-योगी के नेतृत्व में अयोध्या भारत ही नहीं बल्कि दुनिया की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक राजधानी बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ मार्ग भव्य हुआ है जिससे लोगों को जल चढ़ाने में कोई दिक्कत नहीं होती है। मोदी ने कहा है कि आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा। उत्तराखंड में आजादी के बाद जितने पर्यटक चार धाम की यात्रा पर आए हैं इन 10 सालों में सारे रिकॉर्ड टूट जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा मार्गों पर होटल, परिवहन व यात्रा से जुड़े लोगों से जानकारी मिली है कि आने वाले 2 माह के लिए सारे होटलों की बुकिंग फुल हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योगी का जन्म उत्तराखंड में हुआ है किंतु वे अब पूरे देश की धरोहर बन चुके हैं। कहा कि 21 सालों से उत्तराखंड-यूपी का परिसंपत्तियों के बंटवारे से संबंधित मामले का मात्र 20 मिनट की बैठक में ही हल निकल गया। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि महायोगी गोरखनाथ विद्यालय में विज्ञान की कक्षाएं चलाई जाएंगी, साथ ही जो भी अन्य संसाधनों की आवश्यकता होगी उसे पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने गुरुजनों राजेंद्र सिंह रावत, राजेंद्र सिंह भंडारी, महिमानंद बड़थ्वाल, सत्य प्रसाद बड़थ्वाल को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक रेणु बिष्ट सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

गंगोत्री और यमुनोत्री के खुले कपाट, पीएम ने नाम पर हुई पहली पूजा

अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोल दिये गये हैं। इसी के साथ चार धाम यात्रा प्रारंभ हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के अवसर पर उपस्थित रहे। पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री में पूजा अर्चना की और प्रदेश वासियों की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि “आज से चारधाम यात्रा विधिवत रूप से शुरू हो रही है, मैं सभी श्रद्धालुओं का उत्तराखंड देवभूमि आगमन पर स्वागत करता हूं. ये यात्रा ऐतिहासिक हो, सबकी यात्रा सरल व सुगम हो, सबके मंगल की कामना करता हूँ। हमारी सरकार सुगम एवं सुरक्षित चार धाम यात्रा हेतु वचनबद्ध है।“
मुख्यमंत्री ने फोन के माध्यम से यमुनोत्री धाम के मुख्य पुजारियों एवं वहां उपस्थित समस्त श्रद्धालुजनों को अक्षय तृतीया एवं यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के शुभ अवसर की शुभकामनाएं प्रेषित की।