दो दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का मंत्री अग्रवाल ने किया शुभारंभ

उत्तराखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से दो दिवसीय 18वीं सीनियर राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उनकी हौसला अफजाई की।

शनिवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने टॉस उछालकर किया। इसके बाद खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर मंत्री डॉ अग्रवाल ने उनका परिचय जाना।

मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि खेल हमें जीने की कला सिखाता है। खेल हमें सिखाता है कि गिरते-उठते, पीछे छूटने के बावजूद भी आगे बढ़ते हैं और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए खिलाड़ी आपस में गले मिलकर खेल को समाप्त करते हैं।

मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि खेल जीवन के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, जोकि हमें आशा-उमंग व शक्ति का संचार करता है और जीने की कला सिखाता है। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों द्वारा बहुत अच्छा प्रदर्शन किया गया है।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन से खेलों के विकास में बहुत बड़ा योगदान रहेगा। कहा कि हमारे यहाँ प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आज हमारा राज्य खेल के सभी क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार ख्याति व पदक प्राप्त कर रहा है।

सीएम ने द हिमालयन कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2022 कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में एम.बी एजुकेशनल सोसायटी द्वारा आयोजित द हिमालयन कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2022 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने फुटबॉल मैच का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हिमालयन राज्य एवं अर्धसैनिक बलों के मध्य आयोजित इस फुटबॉल प्रतियोगिता से निश्चित रूप से यहां के युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। इस प्रकार के आयोजनों से क्षेत्र में जहां एक और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलता है, वहीं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है। खेल मन में एक सकारात्मक भाव पैदा करता है। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार द्वारा नई खेल नीति बनाई गई है, जिसके अंतर्गत प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। सभी को समान रूप से खेल नीति का लाभ प्राप्त होगा। खेल नीति के अंतर्गत युवा खिलाड़ियों की खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न खेल स्टेडियमों का निर्माण भी किया जा रहा है। प्रत्येक ग्राम सभा में ओपन जिम भी खोले जाने का निर्णय लिया गया है। महिलाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाए जाने हेतु उधम सिंह नगर में महिला स्पोर्ट कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देहरादून में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाई जा रही है। राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के ध्येय वाक्य से आगे बढ़ रही है। जनपद स्तरीय अधिकारीयों की जिम्मेदारी तय की गई है की प्रत्येक स्तर पर जन समस्याओं का निराकरण हो। उन्होंने कहा सरलीकरण समाधान और निस्तारण के मंत्र पर सरकार काम कर रही है। उत्तराखण्ड को 2025 तक देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हो, इस दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष व पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉलर सुभाष अरोड़ा व देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि हिमलायी राज्यों में पर्यावरण संरक्षण व फुटबॉल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार इस टूर्नामेंट की शुरूआत की जा रही है। टूर्नामेंट का आयोजन दो चरणों में होगा। नॉकआउट राउंड के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित होंगे। पहली बार किसी फुटबॉल टूर्नामेंट की लाइव स्ट्रीमिंग दूरदर्शन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक व यूट्यूब पर दिखाने के साथ ही रेड एफएम व ओहो रेडियो पर सुनी जा सकती है।

उल्लेखनीय है कि फुटबॉल टूर्नामेंट राज्य के तीन जनपदों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमे चंपावत जिला भी शामिल है, टूर्नामेंट में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम एचएम स्पोर्टिंग क्लब, अपुयेमी एफसी नागालैंड, असम राइफल्स, गढ़वाल हीरोज, जम्मू-कश्मीर, खाड़ हिमाचल प्रदेश, गढ़वाल राइफल्स, सीआरपीएफ, कंचनजंगा एफसी, लद्दाख की टीम प्रतिभाग कर रही है। विजेता टीम को पांच लाख रुपये व ट्रॉफी, उपविजेता-तीन लाख रुपये व ट्रॉफी के साथ ही अन्य टीमों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष पिथौरागढ़ श्री राजेंद्र रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष दीप पाठक, भाजपा प्रदेश मंत्री हेमा जोशी, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, संयुक्त निदेशक खेल धर्मेंद्र भट्ट, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

हमारे खिलाड़ियों का भरोसा बन रही नई खेल नीति-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन के लिये खेल पुरस्कारों की धनराशि में बढ़ोतरी की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित कर रही है, युवाओं को आगे बढ़ाना चाहती है, हमारे युवा मनोयोग से खेले और अच्छा प्रदर्शन करें तथा देश व प्रदेश के लिये अधिक से अधिक मैडल प्राप्त करें। इस दिशा में उनकी प्रतिभाओं को निखारने का हमारा प्रयास है। उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं में प्रतिभा की कमी नही है।
राज्य में खिलाड़ियों के लिये बेहतर खेल प्रशिक्षकों की भी व्यवस्था की गई है। खिलाडियों के हित में जो भी बेहतर प्रावधान करने जरूरी होंगे वह किये जायेंगे, हम नई खेल नीति लेकर आये हैं। नई खेल नीति में भी प्रावधान किया गया है जिन बच्चों में प्रतिभा व योग्यता है वह आगे आ सके इसके लिये खेल पुरस्कारों में बढ़ोतरी के साथ ही खिलाड़ियों के हित में अनेक कल्याणकारी कदम उठाये गये हैं।

नवम्बर में आयोजित हो रही राष्ट्रीय स्तर की मास्टर्स खेल प्रतियोगिता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मास्टर्स स्पोर्टस फाउण्डेशन के खेल पोस्टर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया एवं खेलों इंडिया के विचार को धरातल पर उतारने के लिये 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को इससे जोड़ने के प्रयास होने चाहिए। इससे शारारिक स्वस्थता के प्रति समाज में जागरूकता का भी प्रसार होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिये निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। इस दिशा में क्रिकेटर ऋषभ पन्त को ब्रांड अम्बेसडर बनाया गया है। ऐसे प्रयास खेलों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के साथ ही मास्टर्स स्पोर्टस की गतिविधियों को बढ़ावा देकर खेलों को रोजगार और पर्यटन से भी जोड़ने में मददगार होंगे। उन्होंने मास्टर्स स्पोटर्स फाउण्डेशन सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य संस्थानों से भी इस दिशा में सहभागी बनने की अपेक्षा की।
मास्टर्स स्पोटर्स सोसाइटी के अध्यक्ष विपिन बलूनी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सोसाइटी विगत दो वर्ष से लगातार मास्टर्स लेवल पर फुटबाल, बैडमिंटन, निशानेबाजी, बालीबॉल, बास्केटबॉल, एथेलेटिक्स समेत 10 विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दे रही है। इसके तहत जिला और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं भी समय-समय पर आयोजित की जाती रही हैं। हमारी सोसाइटी द्वारा राज्यस्तरीय एथेलेटिक्स, फुटबॉल, निशानेबाजी बालीबाल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन का प्रदेशस्तरीय आयोजन कराया गया था जिसमें लगभग दो हजार खिलाडियों ने भाग लिया। इसी क्रम में फिट इंडिया मूवमेंट और खेलों को प्रोत्साहन देने की नीति के तहत सोसाइटी देहराइन में आगामी 11 से 13 नवम्बर तक राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग लेगी। जिसमें देशभर से 5 हजार खिलाड़ियों की भाग लेने की संभावना हैं।

स्टेट कराटे चैपियनशिप में पदक जीतने पर जनप्रतिनिधियों ने दी खिलाड़ियों को बधाई

पीआरडी स्टेडियम देहरादून कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन की अगुवाई में आयोजित 29 अप्रैल से 1 मई तक तीन दिवसीय 19 वी उत्तराखंड स्टेट कराटे चौंपियनशिप में ऋषिकेश के छः खिलाडियों ने प्रतिभाग किया।

कराटे कोच शिवानी गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में ऋषिकेश के होनहार खिलाड़ियों से बालक वर्ग में 20 भार मनन डोगरा ने स्वर्ण पदक, 35 भार में दिव्यांश भट्ट रजत पदक, 30 भार में देवांश भट्ट कांस्य पदक, 63 भार मे अंश पाल कांस्य पदक तथा बालिका वर्ग में 25 भार में सोनाक्षी पात्रों स्वर्ण पदक, 30 भार में आयुषी टाक कांस्य पदक जीत कर तीर्थ नगरी ऋषिकेश का नाम रोशन किया है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री माननीय प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर अनीता, कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन महासचिव शिहान संजीव जांगड़ा, सिकाई इंडिया अध्यक्ष शिहान नरेंद्र चौहान, सिकाई उत्तराखंड अध्यक्ष शिहान हिमांशु कुलेठा, महासचिव से सेंसेई मिंटू सैनी, सेंसेई अनु कुलेठा, देवभूमि ऋषिकेश मार्शल आर्ट ट्रेनिंग सेंटर अध्यक्ष सत्यवीर सिंह तोमर, महासचिव अलक्षेंद्र, समाजसेवी विपिन डोगरा, समाजसेवी प्रिंसी रावत, नीरजा गोयल, हरि चरण सिंह, देवेंद्र प्रसाद रतूड़ी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

ताइक्वांडो विजेताओं को कृषि मंत्री ने किया पुरस्कृत

दिल्ली पब्लिक स्कूल देहरादून में ताइक्वांडो की अंतर विद्यालयी जोनल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कृषि मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। विद्यालय के प्रधानाचार्य वीके सिंह ने उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। प्रतियोगिता के आयोजन का शुभारंभ योगासन ताइकांडो और नृत्य प्रस्तुतियों से किया गया।

इस अंतरविद्यालयी जोनल प्रतियोगिता में देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, नजीबाबाद, मेरठ और बिजनौर के क्षेत्र के 300 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। सभी का स्वागत करते हुए प्रधानाचार्य ने कहा कि हमारे बीच ऐसे ऊजावान व्यक्तियों की उपस्थिति हमारे खिलाड़ि़यों के उत्साहवर्धन में अवश्य ही सहायक होती है। साथ ही खेल हमें जीवन में लगातार प्रयास करने के लिए प्रेरित करने का माध्यम होते हैं।

विजेताओं को प्रमाणपत्र और ट्रॉफी प्रदान करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि ऐसी ओपन प्रतियोगिताएं विद्यालयी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने में सहायक होती हैं। क्या पता इनमें से कौन सा खिलाड़ी कल हमारे देश का प्रनिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करता हुआ नजर आ जाए। इसलिए ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन और बड़े स्तर पर करने का प्रयास करना चाहिए। इस प्रतियोगिता में ताइक्वांडो के टेक्निकल डायरेक्टर मास्टर गगन सिंह भंडारी टेक्निकल मास्टर वर्ल्ड ताइक्वांडो भी उपस्थित रहे।

लड़कों के 37 किलाग्राम वर्ग में सूजल, कृष्णा तथा अर्पित ने क्रमशः स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक जीते। 45 किलाग्राम वर्ग में अनिरुद्ध हर्षित तथा 54 किलाग्राम वर्ग में सुमेर और सबीर ने क्रमशः स्वर्ण, रजत पदक जीते। वहीं लडकियों की 35 किलाग्राम वर्ग में साक्षी, नैना और हर्षित ने तथा 26 किलोग्राम वर्ग में स्वाति नेगी, अश्वी सिंह और विदुशी ने क्रमशः स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक जीते। प्रतियोगिता में फाईट वर्ग में नजीबाबाद ने प्रथम दिल्ली पब्लिक स्कूल देहरादून ने दूसरा और ऋषिकेश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं कुम्से वर्ग में हरिद्वार ताइक्वांडो ने प्रथम और पतंजली स्कूल हरिद्वार ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के शारीरिक शिक्षा अध्यापक श्री संदीप सैनी ने सभी उपस्थित महानुभावों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

उत्तराखंड में नई खेल नीति की अधिसूचना जारी

राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकार नौकरी और खेल का माहौल उपलब्ध कराएगी। नई खेल नीति को कैबिनेट की मंजूरी के बाद मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। वहीं छोटी उम्र के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी सरकार की ओर से खजाना खोला गया है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत आठ से 14 साल तक के खिलाड़ियों को शारीरिक टेस्ट और दक्षता के आधार पर हर महीने 1500 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
प्रदेश की नई खेल नीति के मुताबिक, ओलंपिक खेल में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी को समूह ख पद (ग्रेड पे-5400) पर नियुक्ति दी जाएगी। जबकि ओलंपिक खेल में प्रतिभाग, विश्व चौंपियनशिप, विश्वकप, एशियन खेल एवं राष्ट्रमंडल खेल के पदक विजेता खिलाड़ी को ग्रेड पे-4600 एवं 4800 के सीधी भर्ती के पदों पर नियुक्ति दी जाएगी।
अधिसूचना के अनुसार, सैफ खेल व राष्ट्रीय खेल में पदक विजेता खिलाड़ियों, एशियन खेल, राष्ट्रमंडल खेल, मान्यता प्राप्त खेल संघों की ओर से आयोजित विश्व चौंपियनशिप, विश्वकप के प्रतिभागियों, एशियन चौंपियनशिप, राष्ट्रमंडल चौंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी खेल प्रतिस्पर्धा के स्तर एवं उसकी महत्ता के अनुसार विभागों के चिह्नित समूह ग के पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। जिन पदक विजेता खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में नियुक्ति दी जाएगी, उन्हें अगले पांच साल तक संबंधित खेल के उच्च लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए खेल का माहौल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा प्राथमिकता वाले खेलों के विकास के लिए सेंटर फॉर एक्सिलेंस बनाए जाएंगे।

खिलाड़ियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
प्रदेश के 14 से 23 साल तक के मेधावी खिलाड़ियों को खेल संबंधी जरूरतों के लिए छात्रवृत्ति दी जाएगी। हर साल 2,600 खिलाड़ियों को दो हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। प्रदेश में राष्ट्रीय और अंतर राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। प्रदेश के खिलाड़ियों को शैक्षणिक, तकनीकी संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए पांच फीसदी खेल कोटा दिया जाएगा। प्रदेश में मुख्यमंत्री खेल विकास निधि की भी स्थापना की जाएगी।

क्रिकेटर ऋषभ पंत बने उत्तराखंड ब्रांड एंबेसडर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा क्रिकेटर ऋषभ पंत को राज्य ब्रांड एंबेसडर बनाया है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के युवाओं को खेलकूद एवं जन स्वास्थ्य के प्रति प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी तथा राज्य में खेलों के लिये और बेहतर वातावरण बनाये जाने की भी राह प्रशस्त होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉल के माध्यम से क्रिकेटर ऋषभ पंत से वार्ता कर शुभकामना देने के साथ ही उन्हें उत्तराखण्ड आने का निमंत्रण भी दिया।

ऋषिकेश में मिनी स्टेडियम का होना जरुरी-खरोला

कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयनित शाश्वत डंगवाल को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र में स्टेडियम का निर्माण नहीं करवा रही है। कांग्रेस सरकार बनने पर ऋषिकेश में मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा।
शनिवार को कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला श्यामपुर स्थित दून स्टार एकेडमी पहुंचे। वहां उन्होंने भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयनित हुए शाश्वत डंगवाल को सम्मानित किया। पिता कैशल डंगवाल और कोच अमित शर्मा को भी मिठाई खिलाकर बधाई दी। खरोला ने कहा कि हाल ही में ऋषिकेश के शाश्वत डंगवाल का चयन भारतीय अंडर-19 टीम के लिए हुआ है। यह पूरे क्षेत्र व प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में क्रिकेट के बेहतरीन खिलाडियों की कमी नहीं है। लेकिन क्रिकेट के लिए अलग से स्टेडियम न होने से युवाओं को मैच खेलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। मौके पर मान सिंह तोपवाल, धनपाल खरोला, मुकेश रयाल, शुभम, अंकित, बृजभान यादव आदि मौजूद रहे।

17 कराटे खिलाड़ियों को शेम लिटिल स्टार्स स्कूल में सम्मानित किया

शेम लिटिल स्टार्स स्कूल में 17 कराटे खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इन खिलाड़ियों ने बीते रोज देहरादून में हुई ओपन राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में पदक जीते थे।
बुधवार को आदर्श ग्राम स्थित शेम लिटिल स्टार्स स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय प्रबन्धक राहुल पंवार ने ओपन राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ ही खेलकूद बेहद आवश्यक है। बच्चे खेलकूद के क्षेत्र में भी अपना भविष्य बना सकते हैं। प्रधानाध्यापिका मधु साहनी ने कहा कि बीते रोज कन्या गुरुगुल महाविद्यालय राजपुर रोड देहरादून में ओपन राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता 2021 का आयोजन हुआ था। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सब जूनियर कैटेगरी में विभिन्न भार वर्ग में 17 मेडल प्राप्त किए हैं। प्रतियोगिता में रुद्रांश कोटियाल, हार्दिक मलिक, अदिति कुंवर, अनिरूद्ध पंवार, आयुष्मान शर्मा, अग्रिता रावत ने स्वर्ण पदक, प्रतिष्ठा भंडारी, आराध्या सजवाण, आरव जोशी, आर्या अग्रवाल, समृद्धि बछुवान ने रजत पदक और शिवम नेगी, अनुभव बिष्ट, अभय शर्मा, यशवर्धन गौतम, श्रेया बिजल्वाण, श्रेया पयाल ने कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। इस दौरान अन्तर राष्ट्रीय कराटे कोच चंद्रमोहन तिवारी को भी सम्मानित किया गया। मौके पर खुशबू पंवार, असीमा घोष आदि उपस्थित रहे।