ऋषिकेश।
मंगलवार को आईडीपीएल के लेडिज क्लब में पूर्व अधिकारी और कर्मचारी वर्ग की एक खुली बैठक हुई। वक्ताओं ने केन्द्र सरकार के आईडीपीएल बंद करने के निर्णय की आलोचना की। कहा कि आईडीपीएल ऋषिकेश ही एकमात्र ऐसा संस्थान है जो लाभ में है और कार्यरत इकाई है। वक्ताओं ने आईडीपीएल के योगदान को याद किया। कहा कि देश में सस्ती दवाओं की उपलब्धता में आईडीपीएल का योगदान रहा है।
संस्थान के ऋषिकेश में स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार का सृजन हुआ। उदारीकरण के दौर में आईडीपीएल बंद करने का निर्णय आज पूरा देश भुगत रहा है। ऐसे में 832 एकड़ में फैले इस संस्थान के टाउनशिप में रह रहे पूर्व कर्मचारियों के सामने आवास का संकट गहराने वाला है। लीज की शर्तों के अनुसार भूमि वन विभाग को हस्तांतरित कर दी जाएगी। ऐसे में टाउनशिप होने के चलते कई कर्मचारी आवास नहीं बना सके हैं और वे बेघर हो जाएंगे। वक्ताओं ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया है कि केन्द्र सरकार के निर्णय के खिलाफ पीएम मोदी को हर पूर्व अधिकारी और कर्मचारी पत्र भेजेगा। संस्थान के रिवाइवल की मांग के लिए भेजे जाने वाले पत्र में कर्मचारियों की समस्या को भी बताया जाएगा। गौरतलब है कि उत्तराखंड के एकमात्र संस्थान को मोदी सरकार की कैबिनेट ने 28 दिसंबर 2016 को पूर्णतया बंद करने का निर्णय ले लिया है।
Author: admin
दिल्ली राष्ट्रीय स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में जीती उत्तराखंड की टीम
ऋषिकेश।
दिल्ली में आयोजित सातवीं अंडर 12 आयु वर्ग की राष्ट्र स्तरीय क्रिकेट चैम्पियनशिप में उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, आंध्रप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, तेलंगाना सहित नौ राज्यों की टीम ने भाग लिया। मंगलवार को हुए फाइनल मुकाबले में उत्तराखंड और हरियाणा की टीम आमने-सामने हुई। इसमें उत्तराखंड की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। हरियाणा को 10 रनों से हराकर उत्तरखंड टीम ने चैम्पियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। पूरे टूर्नामेंट में 246 रन बनाने वाले उत्तराखंड टीम के बल्लेबाज पुर्वांश ध्रुव को मैन आफ द सीरीज चुना गया।
भूकंप से ऋषिनगरी के मकानों में दरार
मकान में आई दरार के बाद लोगों में बन रहा खौफ
ऋषिकेश।
मंगलवार को ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में लोग दिनभर अपने मकानों का निरीक्षण करते दिखे। सोमवार रात आए भूकंप के झटकों से कई क्षेत्रों के मकानों में दरार आने की सूचना मिल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के कच्चे मकानों की दीवारों में दरार दिख रही है। वहीं, शहर के बनखंडी, शांतिनगर, ढालवाला आदि स्थानों पर पक्के मकान भी प्रभावित हैं।
बनखंडी निवासी राजेश दिवाकर ने बताया कि सोमवार रात भूकंप आने से सभी सड़कों की ओर भागे। आधी रात तो परिवार के साथ मोहल्ले वालों ने सड़क पर ही गुजार दी। रात अधिक होने के कारण मकान की तरफ किसी का ध्यान नहीं गया लेकिन सुबह उठा तो बच्चों ने मकान की दीवारों पर दरार के बारे में बताया। उनका कहना है कि जिस कमरे में दरार आई है वह अभी कुछ वर्षों पहले ही नई बनाई गई है। उन्होंने पूरे मकान का निरीक्षण किया तो मकान के कई हिस्सों में दरार देखने को मिली। उधर यमकेश्वर ब्लॉक के कई गांवों में मकानों में दरार आने की बात कही जा रही है। कुछ स्थानों पर पशुओं की गोशाला भी क्षतिग्रस्त हुई है।
पार्टी में दम है तो सभी इस्तीफा देने वालों को करें निष्कासित
भाजपा के खिलाफ कोर्ट में जाएंगे निष्काषित नेता
इस्तीफा देने के बावजूद निष्कासन की कार्रवाई से हैं खफा
ऋषिकेश।
रेलवे मार्ग स्थित अग्रवाल धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में निष्काषित भाजपा नेता जयदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा ने प्रत्याशी चयन में पहली बार क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं से रायशुमारी नहीं की। विरोध के बावजूद टिकट आवंटित कर दिया गया जबकि भाजपाई किसी भी दूसरे व्यक्ति को टिकट देने की मांग कर रहे थे। इसके लिए बाकायदा पार्टी को समय दिया गया। उन्होंने कहा कि जिन भाजपाइयों को पार्टी से निष्काषित किया गया है, वे तो पहले ही इस्तीफा दे चुके थे। इसके बावजूद निष्कासन की कार्रवाई की गई, इसलिए निष्काषित भाजपाइयों ने कोर्ट जाने का निर्णय लिया है।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द अग्रवाल ने कहा कि 700 भाजपाइयों ने पार्टी को इस्तीफा भेजा है लेकिन निष्कासित मात्र आधा दर्जन लोगों को ही किया गया। यदि पार्टी में दम है तो सभी का निष्कासन करे। पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति सजवाण ने कहा कि भाजपा के पास कार्यकर्ता ही नहीं बचे हैं। लगातार इस्तीफा देने का सिलसिला चल रहा है। सांसद प्रतिनिधि पंकज गुप्ता ने कहा कि भाजपा यदि 24 घंटे के लिए मिस्डकॉल नम्बर खोल दे तो उसे पता चल जाएगा कि क्षेत्र में कितनी नाराजगी है। इस अवसर पर श्रवण जैन, प्रदीप दुबे, अशोक पाल, राकेश पारछा भी उपस्थित थे।
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में होंगे ऑनलाइन प्रवेश
ऋषिकेश।
उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय हल्द्वानी ने अपनी प्रवेश प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। विश्वविद्यालय मैनेजमेंट ने यह प्रक्रिया अब ऑनलाइन कर दी है। जिसके चलते अब छात्रों को प्रवेश फार्म लेने व जमा करने के लिए अध्ययन केन्द्रों के चक्कर नहीं काटने होंगे। अभ्यर्थी घर बैठे ही इंटरनेट के जरिए मुक्त विश्वविद्यालय की साइट पर सीधा आवेदन फार्म भरकर जमा कर सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने की भी सुविधा साइट पर उपलब्ध है। छात्र वेबसाइट पर अपने क्षेत्र के अध्ययन केन्द्र का चयन कर फार्म तक पहुंच सकेंगे। इंटरनेट का अल्पज्ञान रखने वाले छात्रों की सुविधा को विश्वविद्यालय ने प्रवेश की मैन्युअल प्रक्रिया भी रखी है। छात्र साइट से फार्म डाउनलोड कर उसमें चालान लगाकर अपने अध्ययन केन्द्रों को जमा कर सकते हैं।
ऑनलाइन ही मिलेगी अध्ययन सामग्री
प्रवेश के अलावा छात्रों को अध्ययन सामग्री भी इंटरनेट पर ऑनलाइन पर भी मिल जाएगी। छात्र वेबसाइट पर अपने पाठ्यक्रमों को चुनकर सबंधित किताब व स्टडी मैटेरियल को डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा छात्रों की सुविधा को देखते हुए विश्वविद्यालय मैनेजमेंट ने ऑडियो बुक्स व वीडियो लैक्चर भी साइट पर अपलोड किए हैं। जिससे छात्र देख और सुनकर अध्ययन कर सके।
छात्रों की सुविधा देखते हुए विश्वविद्यालय मैनेजमेंट ने प्रवेश प्रक्रिया को ऑनलाइन करने का निर्णय लिया है। जिससे सुदूर क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को बार-बार अध्ययन केन्द्रों के चक्कर नहीं काटरने पड़ेंगे। फार्म जमा करने के साथ ही छात्र ऑनलाइन ही शुल्क जमा कर सकेंगे।
राकेश रियाल, समन्वयक उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय हल्द्वानी।
कांग्रेस प्रत्याशी ने जनसंपर्क कर मांगा समर्थन
ऋषिकेश।
शहीद स्मारक अमित ग्राम में हुई जनसभा में उन्होंने आरोप लगाया कि 10 वर्षों में जनप्रतिनिधियों ने सिर्फ अपना विकास किया है। क्षेत्र का विकास ठप पड़ा है। मौके पर रामविलास रावत, विजयपाल रावत, गोविन्द रावत, दीपक धमांदा, सत्या कपरुवान, मधु सेमवाल, मनोज गुसाईं, कैलाश सेमवाल, सीताराम पूर्वाल, शिवदयाल रतूड़ी आदि मौजूद थे। वहीं, सेवा दल के अतिरिक्त मुख्य संगठक डॉ. एचएन सिंह ने आईडीपीएल सामुदायिक भवन में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने का आह्वान किया। मौके पर डीबी थापा, केजी शर्मा, एसएन उपाध्याय, रामकुमार आदि मौजूद थे।
भाजपा के पास मुख्यमंत्री के लिए चेहरा नहीं
ऋषिकेश।
विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी हीरासिंह बिष्ट ने कहा कि उनके ढाई साल के कार्यकाल में ऐतिहासिक काम हुए हैं। डोईवाला में तहसील का निर्माण, एसडीएम कोर्ट, जनाधार कार्यालय, लालतप्पड़ में बिजलीघर, रानीपोखरी में गैस एजेंसी, बालावाला में महिला विश्वविद्यालय की स्वीकृति, नहरों को भूमिगत कर रास्ते का चौड़ीकरण, घमंडपुर आईटीआई की स्वीकृति सहित ढाई साल में 630 करोड़ के विकास कार्य किए जाने के उन्होंने दावे किए।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मोहित शर्मा ने कहा कि हमें ऐसा विधायक चाहिए जो क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक पृष्ठभूमि की समझ रखता हो। कार्यक्रम में नगर पालिका के पूर्व चेयरमेन महेश रावत, मधु थापा ने भी अपने विचार रखे। संचालन मनमोहन नौटियाल ने किया। मौके पर ऊषा रानी, सुबोध नारायण शर्मा, अब्दुल्ल रज्जाक, मनोज नौटियाल, विक्रम नेगी, सूरज भट, मुकेश प्रसाद, राहुल सैनी, दीपेश राणा, नवीन मिश्रा, स. मोंटी, अमित उनियाल, शेर सिंह माटा, मौ.अकरम, अनीस अहमद, स्वतंत्र बिष्ट, अमित सैनी समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
निर्दलीय संदीप गुप्ता चुनाव खर्च में सबसे आगे
ऋषिकेश।
रविवार को चुनाव आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव में सहायक व्यय निरीक्षक आशुतोष और लेखा प्रभारी ऋषिकेश गणेशानंद जोशी के समक्ष सभी 11 उम्मीदवारों ने अपने खर्च का ब्योरा प्रस्तुत किया। चार जनवरी तक किए गए व्यय के अनुसार पहले नम्बर पर निर्दलीय प्रत्याशी संदीप गुप्ता है जिनका खर्च 642090 रुपये दर्शाया गया है। दूसरे नम्बर पर भाजपा प्रत्याशी प्रेमचन्द अग्रवाल 641878 रुपये खर्च कर चुके हैं। तीसरे नम्बर पर कांग्रेस के राजपाल खरोला है जिनका खर्च 338531 दर्शाया गया है।
उक्रांद के प्रत्याशी राजेन्द्र गैरोला ने 92492, निर्दलीय विवेक तिवारी ने 110958, बसपा के लल्लन भारद्वाज ने 218958, निर्दलीय मोहित कुमार ने 29870, निर्दलीय रामकृष्ण तिवारी ने 34500, एनसीपी के गुरुचरन, निर्दलीय विजयलक्ष्मी गुसाईं और ऊषा असवाल ने मात्र 10 हजार रुपये खर्च को दर्शाया है। रिटर्निंग ऑफिसर बृजेश कुमार तिवारी ने बताया कि नौ फरवरी को दूसरी बार फिर से उम्मीदवारों को अपने खर्च का ब्योरा प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने सभी उम्मीदवारों से खर्च का ब्योरा अपने रजिस्टर पर दर्ज करते रहने को कहा।
स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल में बाल विज्ञान और कला प्रदर्शनी
ऋषिकेश।
बेकार पड़ी वस्तुओं का उपयोग कर बने सामानों को स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल चौदहबीघा की कला प्रदर्शनी में दिखाया गया। स्कूल की ओर से शनिवार को बाल विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी लगी। विज्ञान प्रदर्शनी में स्कूल के छात्रों ने वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत किए जिसमें पाचन तंत्र, प्रदूषण तंत्र, स्वच्छ जलतंत्र व विद्युत ऊर्जा पर आधारित मॉडलों को लोगों ने पंसद किया।
स्कूल के छात्रों ने घर में पड़े ऐसे सामान जिन्हें अकसर बेकार समझकर लोग कूड़े में फेंक देते है। ऐसी वस्तुओं से भी छात्रों ने विभिन्न उत्पाद तैयार किए जिसमें फ्लावर पॉट और साज सज्जा के बनाए गए सामान आर्कषण का केन्द्र रहे। लोगों ने छात्रों की मेहनत की खूब प्रशंसा की। मौके पर प्रबंधक सुखदेव भट्ट, प्रधानाचार्य अंजू सेमवाल, शांति भट्ट, सुषमा शर्मा, नंद किशोर रतूड़ी, पूनम पंवार, अल्का बर्ड्थवाल, दिगम्बर काला, अमित शर्मा, विमला कोटनाला, हेमलता रावत, संगीता बिष्ट आदि मौजूद थे।
भाजपा और खंडुड़ी मेरे कर्जदार: ओमगोपाल रावत
ऋषिकेश।
शनिवार को ढालवाला में प्रेसवार्ता के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी ओमगोपाल रावत काफी आक्रामक दिखे। उन्होंने मौजूदा विधायक को स्वयंभू विकास पुरुष बताया। बोले कि मेरे कार्यकाल में 146 सड़कों को वित्तीय स्वीकृति मिली जिसका श्रेय दूसरे लोग ले रहे हैं। कुंभ निधि से ढालवाला में कई कार्य मैंने करवाए।
उन्होंने 2007 में भाजपा की सरकार बनाने में मुख्य भूमिका निभाने की बात कही। बोले कि यूकेडी ने सांप्रदायिक ताकतों को समर्थन नहीं देने के बारे में पत्र जारी किया था। मैं अकेला विधायक था जिसने कांग्रेस को समर्थन नहीं देने और इस्तीफा देने की धमकी दी थी जिस पर यूकेडी ने भाजपा को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि मुझे लोकसभा चुनाव में खंडूड़ी को नरेन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र से 19200 वोटों से जिताकर मोदी को प्रधानमंत्री बनाने देने की सजा मिल रही है। मौके पर भाष्कर गैरोला, राजेन्द्र भंडारी, अनिल बहुखंडी, पदम रतूड़ी, बलदेव रावत आदि मौजूद थे।
30 लाख रुपए किसके हैं, सीबीसीआईडी जांच हो
निर्दलीय प्रत्याशी ओमगोपाल रावत ने दो दिन पूर्व टिहरी जिले में चुनाव आयोग की टीम द्वारा पकड़े गए 30 लाख रुपये की सीबीसीआईडी जांच करने की मांग की है।
