राजपाल खरोला के स्वागत को उमड़ी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़

ऋषिकेश।
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की ओर से से राजपाल खरोला को टिकट मिलने पर कांग्रेसियों ने रैली निकालकर आतिशबाजी की। हरिपुर कला से रैली शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कांग्रेस भवन में संपन्न हुई। रैली के चलते लोगों को जाम से भी जूझना पड़ा। जाम खोलने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। कांग्रेस भवन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में कांग्रेस उम्मीदवार राजपाल खरोला ने कहा कि हाईकमान ने उन्हें टिकट दिलवाकर विश्वास जताया है। जिस पर खरा उतरेंगे। उन्होंने कांग्रेसियों से एकजुट होकर चुनाव में जुटने के लिए कहा। रैली में नगर पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय सारस्वत, नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, सभासद अरविन्द जैन, मनीष शर्मा, नगर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष शिवमोहन मिश्रा, मधु सेमवाल, मधु जोशी, सरोज देवराड़ी, दीपक धमांदा, त्रिलोक खरोला सहित अन्य शामिल थे।

राजपाल खरोला के लिए राह खोल गए किशोर

हरीश रावत की पैरवी तो राहुल गांधी से संबंध भी आए काम
प्रदेश अध्यक्ष ने सहसपुर से चुनाव लड़ने की सहमति देकर राह आसान कर दी
ऋषिकेश। दयाशंकर पाण्डेय
विधानसभा चुनाव के लिए हॉट सीट बन चुकी ऋषिकेश से कांग्रेस हाईकमान ने एक बार फिर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला पर दांव खेला है। हालांकि इस सीट से प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के चुनाव लड़ने के भी कयास लगाये जा रहे थे। सूत्रों के अनुसार हरीश रावत की जोरदार पैरवी और राहुल गांधी से संबंधों के चलते किशोर उपाध्याय ने सहसपुर से चुनाव लड़ने पर सहमति जताकर राजपाल खरोला के लिए टिकट की राह खोल दी।
ऋषिकेश विधानसभा सीट से कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला को एक बार फिर से पार्टी का प्रत्याशी बनाया है। कुछ समय से इस सीट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के चुनाव लड़ने की खबरें भी आ रही थीं। बताया जा रहा कि सीएम हरीश रावत ने राजपाल खरोला को टिकट देने की जोरदार वकालत की थी। यूथ कांग्रेस के पहले प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए राजपाल खरोला के कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से गहरे संबंध बन गए थे। इसका लाभ उन्हें टिकट की दावेदारी में भी देखने को मिला। इस सीट से पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा सहित पांच से अधिक दावेदार बताए जा रहे थे।
आखिरी चरण में किशोर उपाध्याय के सहसपुर से चुनाव लड़ने पर सहमति जताने पर राजपाल खरोला की दोवदारी मजबूत हो गई। हाईकमान ने खरोला पर ही विश्वास जताते हुए आखिरकार उनके नाम को हरी झंडी दे दी। बताते चलें कि ऋषिकेश सीट से राजपाल खरोला पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रेमचन्द अग्रवाल से सात हजार मतों से हार गए थे। कांग्रेस से बागी उम्मीदवार दीप शर्मा के निर्दलीय चुनाव मैदान में होने से भी कांग्रेस प्रत्याशी को नुकसान उठाना पड़ा था।

राजपाल खरोला को टिकट मिलने पर झूम उठे कांग्रेसी

ऋषिकेश।
रविवार को कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला का टिकट फाइनल होने की जैसे ही खबर आई, कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर थिरकना शुरू कर दिया। रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन के पास कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की। वे एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई देते रहे। इस दौरान हरीश रावत, किशोर उपाध्याय और राजपाल खरोला के नारे लगाते रहे।
खुशी जताने वालों में मदन मोहन शर्मा, प्यारे लाल जुगरान, राजेन्द्र तिवारी, अरविन्द जैन, दीपक धमांदा, मनीष शर्मा, संजय गुप्ता, मधु जोशी, लोकपाल कैंतुरा, गिरीश नौटियाल, विक्रम रावत, देवेन्द्र प्रजापति, सोनू पाण्डेय, संजय भटट, अरविन्द भटट, विरेन्द्र सजवाण, इन्द्रेश बड़थ्वाल, भगवान पंवार, संजय शर्मा, मुकेश जाटव, ललित मोहन मिश्रा, जयपाल बिट्टू, सहदेव राठौर, अतुल यादव, राजेश गोयल, मुकेश जोशी आदि मौजूद थे।

उत्तराखंड में कांग्रेस का प्रचार करना चाहती हैं शिखा मिश्रा

ऋषिकेश।
रविवार को एक कार्यक्रम का शुभारंभ करने पहुंची भोजपुरी नायिका शिखा मिश्रा ने बताया कि उन्होंने कांग्रेस से धर्मपुर और रानीपुर सीट से टिकट मांगा था। रविवार दोपहर में टिकट की घोषणा होने के बाद उन्होंने कांग्रेस का प्रचार करने की इच्छा जाहिर की। उन्होंने बताया कि उनके होम प्रोडक्शन शिखा फिल्म्स फैक्ट्री के बैनर तले राधे फिल्म का निर्माण हो रहा है। राधे की शूटिंग उत्तराखंड की वादियों में 35 दिनों तक चलेगी। उन्होंने ऋषिकेश में फिल्म सिटी बनाने के बारे भी अपनी इच्छा जाहिर की।
गौरतलब है कि शिखा मिश्रा ऋषिकेश की ही रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि उनके होम प्रोडक्शन में गढ़वाली फिल्म बनाने के बारे में भी योजना चल रही है। गढ़वाली राजा के नाम से बनाई जाने वाली फिल्म में उनके अपोजिट विशाल सिंह होंगे। होम प्रोडक्शन में पहली फिल्म राधे का निर्माण कर रही शिखा ने उत्तराखंड से बहुत लगाव होने की बात स्वीकार की। उन्होंने कहा कि इसलिए फिल्म के अधिकतर शूट उत्तराखंड में ही किए जा रहे हैं। उनके साथ टाइगर, वसीम राजा, दीक्षा पयाल, अंबालिका आदि मौजूद थे।

सीवरेज चैंबर खुले होने से दुर्घटना का सता रहा डर

ऋषिकेश।
नगर पालिका ऋषिकेश लगभग चार सौ पचास मीटर सड़क का निर्माण करा रही है। सड़क निर्माण से पहले पालिका प्रशासन ने सड़क की खुदाई कर दी लेकिन हफ्तेभर बाद भी सड़क निर्माण नहीं शुरू हुआ जिससे आरपीएस स्कूल और हनुमंतपुरम के बीच आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल जाने-आने वाले बच्चों के कपड़े धूल से खराब हो रही हैं। वहीं चलने में होने वाली परेशानी अलग है।
वहीं, सड़क निर्माण के चलते सीवर चैंबर खुले रहने से दुर्घटनाओं का डर भी बना हुआ है। वहीं इस समय रात में दोपहिया वाहन चलाते समय सावधानियां बरतने की जरूरत है। राहगीर भी सड़क निर्माण शीघ्र पूरी होने की प्रतीक्षा कर रहे है। उधर, नगर पालिका के सहायक अभियंता आनंद मिश्रवाण का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य दो तीन दिन में शुरू कर दिया जाएगा।

शान्ति व्यवस्था बनाने को पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

ऋषिकेश।
नरेन्द्रनगर के डीएसपी जीबी पाण्डेय के नेतृत्व में रविवार सुबह शहर के कैलाश गेट, शीशमझाड़ी, ढालवाला, राजीव ग्राम, आनंद विहार, शान्तिनगर, मित्र विहार, चौदह बीघा सहित अन्य जगहों पर पुलिस के जवानों ने शान्ति व्यवस्था के मद्देनजर फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने संदेश दिया कि वे चुनाव को लेकर अलर्ट है और किसी प्रकार से शान्ति व्यवस्था खराब करने की कोशिश की जाती है तो उसे रोका जाएगा। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान लोगों को आचार संहिता के नियमों के प्रति जागरूक भी किया। इस दौरान एसओ नरेन्द्रनगर अकरम अंसारी, एसओजी इंचार्ज अबुल कलाम, चौकी इंचार्ज भद्रकाली शैलेन्द्र नेगी, मनोज शर्मा, अशोक कश्यप, राजेन्द्र सिंह, सुनील रावत सहित अन्य मौजूद थे।

99 पेटी अंग्रेजी शराब पकड़ी

ऋषिकेश।
एसओ मुनिकीरेती रवि कुमार सैनी ने बताया कि गुरुवार को चेकिंग के दौरान भद्रकाली तिराहे पर बुलेरो (यूके-14 टीए-0715) से पांच पेटी उत्तराखंड ब्रांड अंग्रेजी शराब और तपोवन में ट्रक (डीएल 1सी एम 0092) से 94 पेटी अंग्रेजी शराब पंजाब ब्रांड पकड़ी। पुलिस ने बताया कि शराब पहाड़ पर सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से शराब पकड़ी गई। आचार संहिता लागू होने के बाद विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बीते एक सप्ताह में पुलिस दो सौ पेटी शराब पकड़ चुकी है।

विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

ऋषिकेश।
ऋषिकेश तहसील का नजारा और दिनों से भिन्न गुरुवार को दिखा। तहसील के दोनों मुख्य मार्गों पर बेरिकेडिंग कर दी गई जिससे तहसील में प्रशासनिक वाहनों के अलावा अन्य वाहनों की आवाजाही बंद रही। इन सबके बीच एसडीएम कोर्ट में नामांकन फॉर्म वितरण प्रक्रिया भी शुरू हुई। निर्वाचन अधिकारी वृजेश कुमार तिवारी की निगरानी में कोर्ट परिसर में प्रशासनिक अधिकारी को नामांकन फॉर्म वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई। सवा 12 बजे सर्व विकास पार्टी से विधायक पद के उम्मीदवार रामकृष्ण तिवारी ने नामांकन पत्र लिया। गुमानीवाला निवासी 73 वर्षीय रामकृष्ण तिवारी 2004-07 तक डोईवाला से कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रहे। 2007 से अब तक वह कांग्रेस के जिला महामंत्री पद पर कायम रहे। अब उन्होंने कांग्रेस छोड़कर अपनी नई पार्टी सर्व विकास पार्टी बनाई है। जिसका एजेण्डा भ्रष्टाचार उन्मूलन, व्यवस्थित कानून व्यवस्था व युवाओं के लिए स्वरोजगार उपलब्ध कराना है। वहीं दूसरे उम्मीदवार ऋषिकेश निवासी विवेक तिवारी ने करीब 12:30 पर नामांकन फॉर्म खरीदा। विवेक 2007 में ऋषिकेश पीजी कॉलेज में छात्रसंघ उपाध्यक्ष पद पर रहे। 2012-15 में वह एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे। वह निर्दलीय चुनाव लड़कर युवाओं को बेहतर शिक्षा व रोजगार दिलाना चाहते हैं। निर्वाचन अधिकारी वृजेश कुमार तिवारी ने बताया कि 27 जनवरी तक उम्मीदवार नामांकन फॉर्म तिवरण, नामांकन फॉर्म भरने के साथ ही जमा करा सकते हैं।

भाजपा के बागी उम्मीदवार बनेंगे संदीप गुप्ता

समर्थकों से बैठक में चर्चा के बाद 23 को नामांकन करने का निर्णय

ऋषिकेश।
गुमानीवाला स्थित आडवानी धर्मशाला में भाजपा नेता संदीप गुप्ता ने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ बैठक की। स्थानीय व्यक्ति को टिकट न देने से नाराज कार्यकर्ताओं ने टिकट बदलने की मांग हाईकमान से की है। टिकट नहीं बदलने पर भाजपा नेता संदीप गुप्ता ने बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा की। निर्णय लिया गया कि टिकट नहीं बदला गया तो 23 तारीख को नामांकन कराएंगे।
आडवानी धर्मशाला में गुरुवार को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैठक की। भाजपा नेता संदीप गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष गोबिन्द अग्रवाल, ज्योति सजवाण, जयदत्त शर्मा, किशन नेगी, भाग सिंह चौहान, भोला सिंह रावत, पुष्पा मित्तल, श्रवण जैन आदि ने संगठन के निर्णय पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन लगातार दो बार से बाहरी व्यक्ति को टिकट दे रहा है। कार्यकर्ताओं ने संगठन का सम्मान करते हुए भाजपा प्रत्याशी को जीत भी दिलाई लेकिन जीतने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को हाशिए पर रखा। गंभीर आरोप लगाते हुए वक्ताओं ने टिकट बदलने की मांग की।
कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि अगर संगठन अपना निर्णय नहीं बदलता है तो कार्यकर्ता अपना निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारेंगे। तय किया गया कि भाजपा नेता संदीप गुप्ता बतौर निर्दलीय प्रत्याशी 23 तारीख को नामांकन कराएंगे। मौके पर भाजयुमो के पूर्व प्रदेश महामंत्री मनोज जखमोला, सत्यवीर तोमर, सतीश पाल, संजय व्यास, पूरन पंवार, राकेश पारछा, हरीश तिवाड़ी, दीनदयाल राजभर, हरीश उप्रेती, बलबीर चौहान आदि मौजूद रहे।

संगठन महामंत्री निशाने पर
भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा संगठन महामंत्री रामलाल और संजय गुप्ता को निशाने में लिया। कहा कि स्थानीय नेताओं में किसी को भी टिकट दे देते लेकिन जिस नेता को डोईवाला की जनता ने वार्ड मेंबर तक जीतने नहीं दिया, ऋषिकेश के कार्यकर्ताओं ने उसे दो बार विधायक बनाया। कार्यकर्ताओं से रायशुमारी और जनभावनाओं का सम्मान नहीं किये जाने के आरोप भी संगठन पर लगाए।

भाजपा के समीकरण बिगड़ने के आसार
भाजपा नेता संदीप गुप्ता के बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरने से भाजपा के समीकरण बिगड़ सकते हैं। गुरुवार की बैठक भाजपा के ऐसे चेहरे शामिल रहे, जिन्हें भाजपा अपनी रीढ़ बताती आई है। खुले मंच से बगावत का बिगुल फूंकने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं का रोष केवल ऋषिकेश विधानसभा को लेकर ही नहीं था। बागियों को लेकर भी भाजपा कार्यकर्ता व्यथित दिखा।

मनमोहक रही नौनिहालों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति

ऋषिकेश।
देहरादून रोड स्थित शैम्फोर्ड लिटिल स्टॉर स्कूल का वार्षिकोत्सव गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के शुभारम्भ पर नौनिहालों ने देवा श्री गणेशा, वंदना पर सामूहिक नृत्य किया। फैंसी ड्रेस पहने रैम्प पर चले छात्रों ने असली मॉडलों को भी मात दी। कक्षा एक के बच्चों ने कहानी, भाषण और कविता पाठ कर मनोरंजन किया। प्राइमरी के नौनिहालों ने स्वास्थ्य ही धन है का संदेश देते हुए योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया। कक्षा तीन की छात्रा भव्या शर्मा की हारमोनियम वादन की प्रस्तुति लाजवाब रही। कक्षा चार के छात्रों ने कराटे का बेहतरीन प्रदर्शन कर आत्मरक्षा के तरीके बताए। कक्षा दो के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली गीत पर सामूहिक नृत्यकर तालियां बटोरीं। वार्षिकोत्सव में राहुल पंवार, खुशबू पंवार, साक्षी संगर, मानसी गुप्ता, पारुल वालिया, पायल कोहली, शारदा आचार्य, दीपा शर्मा, मंजू रावत, विशाखा शर्मा, प्रीति कोटियाल, नोमिता ध्यानी, प्रीति त्यागी, गितिका माकिन, शालिनी उनियाल,सीएम तिवारी व नीरज तिवारी आदि उपस्थित थे।