ऋषिकेश।
सोमवार को चन्द्रेश्वरनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैठक की। मंडल उपाध्यक्ष सतीश दुबे व नगर मंत्री दीनदयाल राजभर की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने पहले अपना खून निकलवाया। फिर से खून से प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा भेज दिया। लगभग पांच दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को भेजे पत्र में खून से हस्ताक्षर किये है। उन्होंने स्थानीय विधायक पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया।
पार्टी हाईकमान पर कार्यकर्ताओं की भावना का सम्मान नहीं करने का आरोप भी लगाया। इससे पूर्व शनिवार को दो पूर्व जिलाध्यक्ष सहित तीन सौ कार्यकर्ता पहले ही पार्टी से इस्तीफा दे चुके है। यह पहली बार हो रहा है कि कार्यकर्ताओं में टिकट वितरण को लेकर काफी रोष व्याप्त है।
गौरतलब है कि प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू रविवार को ऋषिकेश पहुंचे थे। उन्होंने बागियों को मोदी की फोटो नही लगाने व अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए चेताया था। नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रदेश प्रभारी की नसीहत रास नही आयी। सूत्रों के अनुसार नाराज कार्यकर्ताओं का इस्तीफा देने का सिलसिला आने वाले दिनों में ओर बढ़ सकता है।
Author: admin
नेशनल जूट बोर्ड महिलाओं को दे रहा प्रशिक्षण
ऋषिकेश।
भारतीय ग्रामोत्थान संस्थान ढालवाला के निदेशक अनिल चंदोला ने बताया कि तीन हफ्ते के अंदर महिलाओं को जूट उत्पादों का बेसिक ज्ञान दिया जाएगा। उसके बाद उन्हें दो हफ्ते का एडवांस प्रशिक्षण मिलेगा। उन्होंने बताया कि महिलाओं को इन उत्पादों की मार्केटिंग और सेल्स की भी जानकारी दी जाएगी जिससे वे जूट उत्पादों का अपना व्यवसाय खोल सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिए भारतीय ग्रामोत्थान संस्थान ढालवाला की ओर से अब महिला ट्रेनर भी तैयार किए जाएंगे जो क्षेत्र में अन्य महिलाओं को जूट उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण देंगी।
पुलिस ने शहर में निकाला फ्लैग मार्च
ऋषिकेश।
डीएसपी मनोज कुमार कत्याल के नेतृत्व में सोमवार शाम शहर के चन्द्रेश्वरनगर, मायाकुण्ड, बंगाली बस्ती, चन्द्रभागा, त्रिवेणी कॉलोनी, भैरव कॉलोनी, शान्तिनगर,बनखण्डी, रेलवे रोड, हीरालाल मार्ग सहित अन्य जगहों पर पुलिस के जवानों ने शान्ति व्यवस्था के मद्देनजर फ्लैग मार्च निकाला। इसके जरिए पुलिस ने संदेश दिया कि वे चुनाव को लेकर अलर्ट हैं और किसी प्रकार से शान्ति व्यवस्था खराब करने की कोशिश की जाती है तो उसे रोका जाएगा। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसएचओ सुरेन्द्र सिंह सामंत, एसएसआई कमलेश शर्मा, दरोगा राजबर सिंह राणा, योगेश कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
आस्था पथ उड़ाई जा रही आचार संहिता की धज्जियां
ऋषिकेश।
आस्थापथ पर विधायक निधि से बेंचों को लगाया गया है पर चुनाव आचार संहिता लगने के कारण इस समय किसी भी व्यक्ति का नाम उस पर नहीं लिखाया जा सकता है। इससे उसे चुनाव में लाभ मिल सकता है। बावजूद इसके इन दिनों चुनावी लाभ लेने के लिए उन्हीं क्षेत्र के विधायक के समर्थक (सभासद) बेंचों पर विधायक का नाम लिखवा रहे हैं। इस बात की शिकायत मिलने पर रिटर्निंग ऑफिसर ने टीम को मौके पर भेजा। उनका कहना है कि प्रथम दृष्टया आचार संहिता के उल्लंघन का मामला लग रहा है। टीम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से युवक के पैर कटे
ऋषिकेश।
सोमवार शाम पांच बजे आईडीपीएल निवासी अमन ममगाईं (35) अपनी दुकान के पास ही टहलते हुए रेलवे ट्रैक पर जा रहे थे। इस बीच वह ऋषिकेश से हरिद्वार जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में अमन के दोनों पैर कट गए। आईडीपीएल पुलिस चौकी इंचार्ज दीपक तिवारी ने बताया कि उन्हें जौलीग्रांट रैफर कर दिया गया है। युवक की हालत गम्भीर बनी हुई है।
ऑटोनॉमस के छात्र ने छात्रा को मारा थप्पड़
ऋषिकेश।
ऑटोनॉमस कॉलेज में शनिवार को बीकॉम फेकल्टी के बाहर फैकल्टी के ही एक छात्र और छात्रा में कहासुनी हो रही थी। तभी छात्रा को छात्र ने सरेआम थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ मारने के बाद छात्रा चिल्लाने लगी तो उसके सारे साथी इकट्ठा हो गए। वे छात्रा के साथ सरेआम हुई मारपीट पर आक्रोशित थे। उन्होंने प्राचार्य कक्ष के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। सभी छात्र मिलकर आरोपित छात्र पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
हंगामा बढ़ता देख प्राचार्य ने आरोपित छात्र को बुलाया। लिखित माफी मांगने की शर्त पर मामला शांत हो गया। प्राचार्य डॉ. डीसी नैनवाल का कहना है कि छात्र-छात्रा दोनों शीशमझाड़ी के रहने वाले हैं। छात्रा के परिवार से बातचीत में पता चला कि छात्र का छात्रा के घर भी आना-जाना है। दोनों अच्छे दोस्त भी हैं। फिलहाल आरोपित छात्र को लिखित में माफी मांगने के निर्देश दिए गए हैं। प्राचार्य ने आरोपित छात्र को सस्पेंड कर दिया है।
शताब्दी ट्रेन के नजदीक आते ही कूद गया युवक
शताब्दी ट्रेन के आगे छलांग लगा युवक ने दी जान
ऋषिकेश।
सुमित सिंह नेगी (24) पुत्र मोहन सिंह नेगी निवासी काशीरामपुर मल्ला, लालपानी तहसील कोटद्वार जिला पौड़ी गढ़वाल मोतीचूर फाटक बंद होने के बाद शनिवार दोपहर पटरी के रास्ते मोतीचूर रेलवे स्टेशन की ओर जाने लगा। युवक को पटरी पर चलता देख फाटक पर तैनात गार्ड ने उसे ट्रैक से हटने का इशारा किया लेकिन जैसे ही ट्रेन पास आई वह कूदकर ट्रेन के आगे आ गया। हादसे में वह गंभीर हो गया। उसे 108 एम्बुलेंस से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एसओ रायवाला सीसी नैथानी का कहना है कि युवक ने खुदकुशी क्यों की, इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है? उन्होंने बताया कि युवक की पहचान उसके आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस से हुई है। परिजनों से संपर्क करने के लिए कोई नंबर न मिलने पर कोटद्वार थाने को मामले की सूचना दे दी गई है। फिलहाल शव को सरकारी अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया गया। उधर, खांड गांव के पास शुक्रवार शाम को ट्रेन से कटे युवक की शिनाख्त शनिवार को भी नहीं हो पाई है।
गंगा के किनारे मिला बालक का शव
ऋषिकेश।
शनिवार सुबह सवा नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि एम्स रोड स्थित गंगा किनारे मरीन ड्राइव के पास एक बालक का शव पड़ा है। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की लेकिन कुछ भी पता नहीं चल पाया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए है। एसएचओ सुरेन्द्र सिंह सामंत का कहना है कि प्रथमदृष्टया युवक की बीमारी से मौत के बाद परिजनों द्वारा शव गंगा में विसर्जित कर दिया होने की आशंका है या नहाते वक्त वह गंगा में डूब गया हो। शव एक हफ्ते का पुराना लगता है। शव की शिनाख्त को आसपास के थानों में सूचना भेज दी गई है।
पुलिस ने 213 फर्जी सिम के साथ दो दबोचे
ऋषिकेश।
शहर में फर्जी सिम बेचने के मामले में एसओजी देहरादून को बहुत दिनों से शिकायत मिल रही थी। एसओजी की टीम ने इंस्पेक्टर सुरेन्द्र सिंह सामंत, एसओजी इंचार्ज अशोक राठौर, दरोगा राजेन्द्र सिंह रावत को लेकर श्यामपुर के सिंह इन्टरप्राइजेज नाथ कॉम्पलेक्स पहुंचे। जहां छापेमारी में उन्हें 213 प्री-एक्टिवेटेड सिम, 336 डि-एक्टिवेटेड सिम, दो लैपटॉप, एक प्रिंटर, एक टैब, 110 मोहर मय स्टम्प पैड, 510 विभिन्न लोगों के पासपोर्ट फोटो बरामद हुए। 30 केवाईसी फॉर्म जिन पर विभिन्न लोगों की फोटो आईडी लगी थी, 98 केवाईसी फॉर्म भरे हुए जिन पर कई लोगों की फोटो आईडी लगी थी के साथ 451 लोगों की फोटो आईडी पुलिस ने बरामद की। दुकान चलाने वाले गुरप्रकाश निवासी गुरुद्वारा गली श्यामपुर व गुरजिन्दर सिंह निवासी प्रेम विहार कॉलोनी श्यामपुर ने फर्जी तरीके से सिम बेचने का जुर्म स्वीकार कर लिया। इन्होंने पुलिस को बताया कि बाहर के लोगों की आईडी व फोटो के जरिए दूसरे ग्राहकों को सिम 200 रुपए में देते थे। एसएचओ सामंत ने बताया कि दोनों के खिलाफ धारा 420 व 120बी के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
नाराज कार्यकर्ताओं ने खून से लिखा पत्र, दिया इस्तीफा
संदीप गुप्ता के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने भाजपा से दिया इस्तीफा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यालय दिल्ली को फैक्स भेजा
ऋषिकेश।
बाईपास मार्ग निकट श्यामपुर चौकी के सामने शनिवार को एक हॉल में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। यहां पर टिकट वितरण से नाराज चल रहे कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के नाम इस्तीफा लिखा। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने पहले अपना खून निकलवाया और फिर पूरा पत्र खून से ही लिखा। वक्ताओं का कहना है कि संगठन को उन्होंने अपने खून से सींचा है। इसलिए भाजपा को आखिरी पत्र भी वह अपने खून से ही लिखकर दे रहे हैं।
इस्तीफे के पत्र पर पूर्व जिलाध्यक्ष गोबिन्द अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति सजवाण, पूर्व दायित्वधारी व प्रत्याशी संदीप गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी सजवाण, पुष्पा मित्तल, किशन नेगी, लाखीराम रतूड़ी, अजय साहू, मनोज जखमोला, हरीश उप्रेती, राजेश पायलट, गंभीर राणा, पवन पांडे, अख्तर अहमद सहित तीन सौ कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर किए हैं। गौरतलब है कि विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल को तीसरी बार टिकट दिए जाने का कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं। आरोप है कि विधायक कार्यकर्ताओं का अपमान करते है। स्थानीय को टिकट देने की मांग कर रहे कार्यकर्ताओं ने विधायक की कार्यशैली पर भी सवाल उठाये। कहाकि विधायक ने नगर पालिका चुनाव में संगठन के विरोध में कार्य किया है। जिस कारण लगातार तीन बार से भाजपा पालिका का चुनाव हार रही है। संगठन के एक शीर्ष नेता पर मनमानी करने और कार्यकर्ताओं की भावना का सम्मान नहीं करने का आरोप भी लग चुका है।
जनसंघ के समय से जुड़े रहे कार्यकर्ताओं ने भी दिया इस्तीफा
खून से लिखकर इस्तीफा देने वालों को भाजपा अपने संगठन की रीढ़ बताती रही है। इस्तीफा देने वालों में कई की उम्र 70 से 80 साल के बीच है। ये जनसंघ के समय से ही संगठन से जुड़े हैं। इस्तीफा देने वालों में भाजपा के संस्थापक सदस्यों में रहे भाग सिंह चौहान, बृजमोहन कंडवाल, भोला सिंह रावत, भगवान सिंह बगियाल भी हैं। उन्होंने विधायक पर कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं देने और संगठन पर तानाशाही रवैया अपनाने के आरोप लगाए हैं।