देहरादून।
कैंट विधानसभा क्षेत्र से हमारा उत्तराखंडजन मंच (हम) के संरक्षक एंव निर्दलीय प्रत्याशी अनूप नौटियाल ने कैंट के वर्तमान विधायक हरबंस कपूर व उनके पुत्र भाजयुमो नेता अमित कपूर पर करारा हमला बोला है । उन्होंने कहा कि एक ओर विधायक बल्लीवाला फ्लाईओवर को लेकर अपनी उपलब्धि गिना रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर उनके पुत्र फ्लाईओवर में कमियों को गिनाने में लगे हैं। एक ही क्षेत्र में विकास कार्यो को लेकर पिता-पुत्र दोहरी राजनीति कर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।
अनूप नौटियाल ने कैंट विधायक हरबंस कपूर को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि विधायक एवं उनके पुत्र स्वयं निर्णय लेकर यह बतायें कि बल्लीवाला फ्लाईओवर उपलब्धि है या फिर कमी। दोहरी बयानबाजी के कारण जनता यह समझ नहीं पा रही है कि किसका यकीन करें। उन्होंने कहा कि एक ओर विधायक क्षेत्र में पानी, बिजली, सड़क जैसी मूलभूत जरूरतें मुहैया कराने का दावा कर रहें हैं तो वहीं दूसरी ओर उनके बेटे अमित कपूर उन्हीं के विधानसभा क्षेत्र पर विकास कार्यो में ढ़िलाई बरतने का आरोप लगाते हुए विरोध जता रहे हैं। क्षेत्र की जनता इस बात को लेकर हैरान है कि दोनों पिता-पुत्र किस तरह की राजनीति अपना कर जनता को मोहरा बना रहे हैं। 
अनूप नौटियाल ने कहा कि बल्लीवाला फ्लाईओवर में बहुत खामियां है, न तो यहां पर उचित स्ट्रीट लाईट है, न ही यहां पर सड़कों की गुणवत्ता का ही ध्यान रखा गया है। इतनी खामियों के बाद भी विधायक द्वारा फ्लाईओवर को लेकर उपलब्धि गिनाना जनमानस के साथ मज़ाक है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा बल्लूपुर फ्लाईओवर के निर्माण में ढ़िलाई होने से जनमानस का दैनिक जीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है। आलम यह है कि बल्लूपुर फ्लाईओवर के निर्माण में व्यापक भ्रष्टाचार के चलते वहां के निवासियों का जीवन दुर्भर हो गया है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान अनूप नौटियाल ने पाया कि विकास कार्य अवरूद्ध होने से बल्लूपुर के आस-पास के दुकानदारों के व्यापार में असर पड़ा है।
Author: admin
88 दिन बाद खुली जीएमवीएन गेस्ट हाउस की सील
डीएम देहरादून के निर्देश पर एसडीएम ऋषिकेश ने खुलवायी सील
एनजीटी ने सीवर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने व नया विद्युत कनेक्शन लेने के दिए है आदेश
51 कमरों का है जीएमवीएन का भारत भूमि टूरिस्ट कांप्लैक्स
40 अधिकारी-कर्मचारी कार्यरत थे जीएमवीएन गेस्ट हाउस को सील करते समय
ऋषिकेश।
राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) के आदेश पर आखिरकार 88 दिनों के बाद ऋषिकेश में गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के नटराज चौक स्थित भारत भूमि गेस्ट हाउस की सील प्रशासन ने खोल दी है। डीएम देहरादून के निर्देश पर एसडीएम वृजेश कुमार तिवारी ने सील खोलने की कार्रवाई की। मौके पर गेस्ट हाउस के कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की है।
शनिवार को एसडीएम ऋषिकेश वृजेश कुमार तिवारी की अगुवाई में सुबह 10.30 बजे नटराज चौक बाइपास मार्ग पर स्थित जीएमवीएन के भारत भूमि टूरिस्ट कांपलेक्स की सील खोल दी गयी। एसडीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि डीएम देहरादून के निर्देश पर गेस्ट हाउस की सील खोली गई है। बताया कि एनजीटी में गेस्ट हाउस का वाद चल रहा है, जिस पर कोर्ट ने गेस्ट हाउस की सील खोलने के आदेश दिए है। जीएमवीएन को गेस्ट हाउस में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने और इसके लिए नए विद्युत कनेक्शन की व्यवस्था करने के आदेश दिए गये है।

एसडीएम वृजेश कुमार तिवारी का कहना है कि अभी गेस्ट हाउस में कॉमर्शियल गतिविधियां संचालित नही हो सकेगी। कोर्ट के आदेश का अनुपालन करने के बाद प्रशासन वस्तुस्थिति से एनजीटी को अवगत करायेगा। गौरतलब है कि 2 अगस्त को एनजीटी के आदेश पर तत्कालीन एसडीएम कुश्म चौहान ने जीएमवीएन गेस्ट हाउस को सील कर दिया था। 88 दिनों के बाद गेस्ट हाउस की सील खुलने से कर्मचारियों में खुशी की लहर है। इस मौके पर जीएमवीएन के एमएस रांगड, दिनेश पंवार सहित कई कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।
अंतिम सत्र गैरसैंण को लेकर कवायद तेज
देहरादून।
उत्तराखंड की मौजूदा यानि तीसरी विधानसभा का अंतिम सत्र आगामी नवंबर में गैरसैंण में होगा। जिसके मद्देनजर स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल ने बैठक कर अफसरों को जरूरी निर्देश दिए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने नवंबर में गैरसैंण में होने जा रहे अंतिम सत्र के मद्देनजर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक की। जिसमें डिप्टी स्पीकर डा अनुसुईया प्रसाद मैखुरी, मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह और एडीजी अनिल रतूडी समेत विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद रहे।
उनका कहना है कि हमारी कोशिश है कि गैरसैंण के भरालीसैंण में निर्माणाधीन विधानभवन में ही अंतिम सत्र आहूत हो। स्पीकर का कहना है कि चमोली के डीएम, एसएसपी समेत अन्य सभी विभागों के अफसरों को समुचित निर्देश दिए गए हैं। कुंजवाल का कहना है कि सत्र के कार्यक्रम पर राज्य सरकार को अंतिम निर्णय लेना है।

उधर स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल ने बीजेपी को अपने विवेकाधीन कोष पर सवाल उठाने पर आड़े हाथों लिया है। उनका कहना है मैंने नियमों के तहत अपने कोष से सहायता दी है। कुंजवाल का कहना है कि उन्हें मेरे विवेक पर सवाल खड़ा करने का अधिकार नहीं है। स्पीकर का कहना है कि ये दुर्भाग्य है कि कुछ लोगों के पास विकास की सोच नहीं है। कुंजवाल ने गैरसैंण विधान भवन पर एनजीटी के उठाए सवाल पर कहा कि वहां मानकों के तहत निर्माण हो रहा है।
पर्यटन के क्षेत्र में गजा का होगा विकासः सीएम
गजा (टिहरी)।
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नरेन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत राजकीय इण्टर कालेज गजा में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव के विकास के लिये सकल्पबद्ध है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रावत ने नगर पंचायत गजा को नवसृजित तथा नकोट से गजा तक 14 कि.मी. सडक के पुनर्निर्माण कार्य, रू. 4 करोड 31 लाख के कार्यो का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रावत ने गजा को पर्यटन एवं सौंदर्यकरण के लिये पर्यटन विभाग को सर्वेक्षण हेतु धनराशि मुहैया कराये जाने को कहा। राजकीय वेलमति चैहान महाविद्यालय के लिये 5 लाख रू0 की धनराशि दिये जाने की घोषणा की। इसके अलावा नगर पंचायत गजा के संचालन हेतु 9 सदस्य समिति बनाये जाने के स्वीकृति देने के साथ ही उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के कार्यो के लिये धनराशि भी शासन स्तर से अवमुक्त की जायेगी। उन्होंने 2017 में गजा स्थित स्वास्थ्य केन्द्र को उच्चीकरण किये जाने की बात कही। उन्होने महाविद्याालय पोखरी चाका के लिये एक अतिरिक्त विषय खोले जाने, तपोवन से कुजांपुरी तक सड़क निर्माण किये जाने, करूणा देवी मन्दिर के सौन्दर्यकरण एवं आर्थिक मदद दिये जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि आगमी वर्षो में महिला सशक्तिकरण के दिशा में कार्य किया जायेगा। जिसके तहत गाॅंव में मनरेगा के तहत कार्य करने वाली महिलाओं का पंजीकरण कर उन्हें पारश्रमिक दिया जायेगा। उन्होने कहा कि मनरेगा के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिये खेती के प्रोत्साहन राशि मुहैया करायी जायगी। उन्होने रणाकोट में पाॅलिटेक्निक खोले जाने के सम्बन्ध में कहा कि इसका प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जायगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला मंगल दलों को भी सशक्त बनाया जायेगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से बच्चों की शिक्षा, पशुपालन एवं कृषि के क्षेत्र में कार्य करने का अनुरोध किया। उन्होने कहा कि राज्य सरकार द्वारा उत्तराखण्ड के 90 प्रतिशत हाई स्कूल एवं इण्टर कालेज में प्रधानाचार्यो की नियुक्ति कर दी गई है। उन्होने चारधाम यात्रा को आपदा के बाद शुरू करने के लिये स्थानीय जनता का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री रावत ने प्रदेश सरकार द्वारा जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिये बन्दरबाडों के निर्माण के साथ जंगलों में फलदार पेड लगाने के निर्देश भी वन विभाग को दिये। साथ ही पेयजल स्रोतों के संबर्द्धन हेतु चाल-खाल निर्माण के लिये वन, पेयजल, उद्यान, कृषि, जल संस्थान आदि विभागों को समन्वय से कार्य करने को कहा। उन्होनें कहा कि राज्य सरकार 30 हजार नियुक्तियां विभिन्न विभागो में करने जा रही हैं, जिनमें से 14 हजार नियुक्तियों से अधिक की जा चुकी हैं, शेष पर कार्यवाही गतिमान हैं। इस अवसर पर नरेन्द्र नगर पालिका अध्यक्ष दुर्गा राणा, नरेन्द्र नगर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हिमांशु बिजल्वाण, पूर्व प्रमुख विरेन्द्र कण्डारी, पूर्व राज्य मंत्री रमेश उनियाल जिलाधिकारी इन्दुधर बौडाई, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई, सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व स्थानीय जनता मौजूद थी।
2 से 3 नवम्बर प्रथम राज्य मतदाता महोत्सव
देहरादून।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड राधा रतूड़ी ने गुरूवार को सचिवालय स्थित सभागार में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2017 के दृष्टिगत राज्य में, विशेषकर युवा वर्ग में मतदाता जागरूकता हेतु प्रथम राज्य मतदाता महोत्सव आगामी 2 से 3 नवम्बर, 2016 तक गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित किया जायेगा। महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त डा0 नसीम जैदी, द्वारा एवं समापन प्रदेश के मुख्य सचिव २ात्रुघ्न सिंह, द्वारा किया जायेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि 02 नवम्बर, 2016 को मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं आयोग के अन्य सदस्य दो दिवसीय दौरे पर देहरादून आयेंगे। प्रथम दिवस वे राजनैतिक दलों के साथ बैठक करेंगे, साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, आयकर, परिवहन, एक्साइज, आई.टी., लोक निर्माण विभाग आदि के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। द्वितीय दिवस सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसी दिन राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और गृह सचिव के साथ भी चुनाव आयोग मुलाकात करेंगा।
प्रथम राज्य मतदाता महोत्सव का मुख्य उद्देश्य विभिन्न मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाता जागरूकता विषयवस्तु को लोकप्रिय बनाना है। युवा मतदाता को लोकतंत्र की रचना मे भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका, मतदान का अधिकार, मतदान का महत्व एवं सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में युवा वर्ग की नैतिक सहभागिता सुनिश्चित करना है।

श्रीमती रतूड़ी ने बताया है कि मतदाता जागरूकता महोत्सव के माध्यम से आगामी विधान सभा निर्वाचन-2017 मे 80 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य प्राप्त करना है। महोत्सव में मतदाता जागरूकता पर आधारित प्रमुख कार्यक्रमो एवं गतिविधियों यथा लोक संगीत, लोक नृत्य, नुक्कड़ नाटक, कठपुतली कार्यक्रम, पारम्परिक वाद्ययंत्र पर आधारित कार्यक्रम, स्लेगन एवं पेटिंग प्रतिस्पर्धा, जीवंत चित्रकारी, रंगोली प्रतियोगिता, मेहन्दी आर्ट प्रतियोगिता, डिबेट, क्विज, युवा संसद, वीडियो क्लिपों, लघु फिल्मो का प्रदर्शन/ कार्यक्रमो का आयोजन प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि उक्त कार्यक्रमों के अतिरिक्त अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे, जिसमें मार्च पास्ट स्काउट एवं गाइड द्वारा एवं बैंड पुलिस विभाग एवं आईटीबीपी द्वारा किया जायेगा। महोत्सव मे सुगम्य भारत के तहत दिव्यांग वर्ग के शिविर का भी आयोजन किया जायेगा। इस शिविर के माध्यम से मॉडल के रूप में ब्रेल वोटिंग कैम्प का कान्सपेट भी प्रस्तावित है। दिव्यांग वर्ग से सम्बन्धित संस्थाओं रैफल होम, बजाज लर्निंग संस्था, शार्प मेमोरियल एवं एनआईवीएच द्वारा महोत्सव के उद्घाटन सत्र में मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी प्रस्तावित है।
हंस फाउंडेशन राज्य के विकास में हमारा पार्टनर: हरीश रावत
डोईवाला।
माजरी ग्रान्ट, डोईवाला में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हंस फाउंडेशन के सहयोग से प्रदेश के 5519 विद्यालयों में ‘मिड डे मील’ के लिए गैस कनेक्शन व चूल्हा वितरण का औपचारिक शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री रावत ने मध्याह्न भोजन योजना से न केवल बच्चों को स्कूल तक लाने में सफलता मिली है बल्कि पोष्टिक आहार उपलब्ध करवाने में भी इसका योगदान रहा है।
मुख्यमंत्री रावत ने भोले जी महाराज, मंगला माता जी व हंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्वेता रावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हंस फाउंडेशन राज्य के विकास में हमारा पार्टनर है। इनके द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों में राज्य में 500 करोड़ रूपए का निवेश किया जा रहा है। पोषण के स्तर को सुधारने के लिए राज्य सरकार ने भी महत्वपूर्ण पहल की हैं, जिसके बेहतर परिणाम भी देखने को मिले हैं। गर्भवती महिलाओं को मंडुवा, काला भट, आयोडीन नमक दिया जा रहा है। इससे कुछ जिलों में मातृत्व मृत्यु दर में कमी आई है। रक्त में आयरन व आयोडीन की कमी को दूर करने के लिए फूड सप्लीमेंट तैयार किया गया है। गर्भवती महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों पर सप्ताह में दो दिन दूध भी उपलब्ध करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। प्रथम चरण में महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच हजार रूपए की राशि सीड केपिटल के तौर पर व 20 हजार रूपए की राशि सामुदायिक निवेश निधि के तौर पर दी जा रही है। दूसरे चरण में महिला मंगल दलों को शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष के अंत तक पूरे राज्य को खुले में शौच से मुक्त करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। लक्ष्य है कि उत्तराखण्ड के प्रत्येक गांव के प्रत्येक घर में शौचालय हो। मुख्यमंत्री श्री रावत ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि हंस फाउंडेशन, शिक्षा विभाग को 25 हजार स्कूलों में पानी की सुविधा के साथ शौचालय उपलब्ध करवाएगा।

मुख्यमंत्री ने राजकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय के फर्नीचर के लिए 2 लाख रूपए स्वीकृति की घोषणा की। उन्होंने इसे अगली बार माॅडल स्कूल की सूची में लिए जाने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में स्वागत गीत की प्रस्तुति करने पर आर्य इंटर कालेज की कन्याओं को अपनी ओर से धनराशि देने की भी बात कही। शिक्षा मंत्री मंत्रीप्रसाद नैथानी ने भी हंस फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। मानव धर्म के प्रसार में हंस फाउंडेशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इसी क्रम में शिक्षा के क्षेत्र में इनके द्वारा सहयोग किया जाना सराहनीय है।
हंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्वेता रावत ने कहा कि हंस फाउंडेशन ने प्रदेश के विकास में 500 करोड़ रूपए का सहयोग दिए जाने का कमिटमेंट किया था। शिक्षा विभाग के 5519 विद्यालयों में मिड डे मील के लिए गैस कनेक्शन व चूल्हा उपलब्ध करवाने पर लगभग 5 करोड़ रूपए की राशि व्यय की जाएगी। प्रदेश में 520 विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेस की स्थापना के लिए भी सहमति दी गई है। इसके अतिरिक्त 100 इंटर कालेज में प्रयोगशाला-उपकरण, 190 माॅडल स्कूलों में पुस्तकालय, 150 विद्यालयों में शौचालयों की मरम्मत हेतु धनराशि भी फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही है। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक हीरा सिंह बिष्ट, हंस फाउंडेशन के सीईओ ले.ज. एसएन मेहता सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।
ऑटोनॉमस कॉलेज को हंस कल्चरल सेंटर की सौगात
बीए, बीकॉम संकाय को पुस्तकें और फर्नीचर बांटा
ऋषिकेश।
हंस कल्चरल सेंटर ने ऑटोनॉमस कॉलेज को पाठ्य पुस्तकें और फर्नीचर की सौगात दी है। गौरतलब है कि छात्र संघ पदाधिकारियों की मांग पर पिछले वर्ष की गई घोषणा सोमवार को पूरी हो गई।
सोमवार को महाविद्यालय के रुषा हॉल में आयोजित कार्यक्रम में हंस कल्चरल सेंटर के प्रभारी प्रदीप राणा ने बीए व बीकॉम की छात्रों को पाठ्य पुस्तकें बांटी। अपनी पूर्व घोषणा के आधार पर उन्होंने ढ़ाई लाख रुपये की पुस्तकें और फर्नीचर महाविद्यालय को सौंपा। गौरतलब है कि हंस कल्चरल सेंटर द्वारा ऑटोनॉमस कॉलेज में पाठ्य पुस्तकों और फर्नीचर की कमी को देखते हुए सहयोग का वादा किया गया था।

हंस कल्चरल सेंटर के प्रभारी प्रदीप राणा ने कहाकि गर्मी के सीजन में बीए और बीकॉम संकाय में दो वाटर कूलर भी लगाये जायेंगे। उन्होंने महाविद्यालय के विकास में आगे भी मदद का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दयाधर दीक्षित ने किया। छात्र संघ महासचिव दीपक रावत व पूर्व अध्यक्ष विवेक शर्मा ने हंस कल्चरल सेंटर का धन्यवाद दिया।
मौके पर विशाल सजवाण, अक्षय मल्होत्रा, विवेक तिवारी, नितिन सक्सैना, शिवम भारद्वाज, अंकित कड़ियाल, सौरभ वर्मा, रोहित राणा, सागर सिंह, विवेक बलूनी, रिषभ करनवाल, आशीष गैरोला आदि मौजूद थे।
लायंस क्लब मेले में विनोद ने जीती बाइक
ऋषिकेश।
सोमवार को दून मार्ग स्थित सिटी सेंटर में क्लब के सदस्यों ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किया। तृतीय पुरस्कार गोपाल मंडल, चौथा विपुल गुलाटी व 5वां अमर नारवानी ने जीता। गु्रप डांस में द्वितीय स्थान पर नेक्स्ट स्टेप ग्रुप रहा। सोलो डांस जूनियर में वंश ठाकुर, मानवी गांधी, ऋत्विक रावल और सोलो सीनियर में आरती, वासु व राहुल राणा ने बाजी मारी। बेस्ट सिग्रेचर में प्रथम पुरस्कार अशोक अवस्ती, द्वितीय रितु भोला, तृतीय आशुषी टक्कर ने जीता। इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष पंकज चंदानी, निशांत मलिक, इंद्रकुमार गोदवानी, दीपेश कोहली, अतुल जैन, लविश अग्रवाल, धीरज मखीजा, आशीष अग्रवाल, ललित मोहन मिश्र, अनुराग शर्मा, ऋषभ जैन मौजूद थे।

आज दो अभी दो सोलह साल का हिसाब दो
-गांव बचाओ यात्रा-
डॉ.अनिल जोशी बोले, बुनियादी सुविधाओं को तरस रहे पहाड़ के लोग
ऋषिकेश।
सोमवार को हरिद्वार से ऋषिनगरी पहुंची गांव बचाओ यात्रा का नटराज चौक पर स्वागत किया गया। पैदल मार्च करते हुए यात्रा दून मार्ग स्थित व्यापार सभा भवन पहुंची। यात्रा संयोजक पदमश्री डॉ.अनिल जोशी ने कि प्रदेश के गांवों में निराशा का माहौल है। राज्य गठन के 16 वर्षों बाद भी पहाड़ में लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। बुनियादी सवालों को लेकर दोनों प्रमुख राजनैतिक पार्टियां चुप हैं। उन्होंने गांवों को शहर से जोड़ने की वकालत की। कहा कि शहर के विचार गांव के काम आ सकें, इस कार्ययोजना के साथ काम करने का वक्त आ गया है। कहा कि चुनाव का समय आ गया है, वोट की चोट देकर इनको सबक सिखाना है। वहीं, रियल एस्टेट कारोबारियों ने यात्रा का स्वागत किया। इस मौके पर वीरेन्द्र पैन्युली, पीपी डंगवाल, अनिल चंदोला, अनिल कुकरेती, दिनेश कोठारी, कुसुम जोशी आदि मौजूद रहे।
नेता यहां पोस्टर में दिखता है
डॉ.अनिल जोशी ने कुमाऊं के बेरीनाग क्षेत्र का जिक्र किया। बताया कि स्थानीय लोगों में आक्रोश था कि उनके क्षेत्र में नेता पोस्टर में दिखाई देते हैं। जब समस्याओं के समाधान की बात आती है तो सिर्फ आश्वासन ही मिलते हैं।
सरकार तो नही पर शराब जरूर मिली
डॉ.अनिल जोशी ने उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों का हवाला दिया। कहा कि जौलजीवी, धारचूला, चकराता में सरकार नाम की कोई चीज है भी की नहीं, कहीं दिखाई नही दिया, लेकिन शराब हर जगह दिखाई दी।
गांव बचाओ यात्रा
गांव बचाओ यात्रा गांधी जयंती पर दो अक्तूबर को विकास नगर से शुरू हुई थी। 24 दिन के सफर को पूरा कर सोमवार को यात्रा हरिद्वार से ऋषिकेश पहुंची। यात्रा का समापन मंगलवार को देहरादून में होगा। डॉ.अनिल जोशी ने बताया 700 गांवों की 1800 किमी की यात्रा के दौरान लोगों में राजनैतिक पार्टियों के प्रति गहरा रोष देखने को मिला।
10 मुद्दे बनाकर एकजुट हो जाओ
डॉ.अनिल जोशी ने कहा कि गांवों की यात्रा के दौरान वहां के स्थानीय लोगों ने एक महत्वपूर्ण बात कही है। उन्होंने राजनैतिक पार्टियों से विकास के किन्ही 10 मुद्दों पर एक हो जाने की बात कही। कहा कि सरकार जिसकी भी आए, विकास के मुद्दों से कोई न भटके।

गढ़वाल-कुमाऊं को बांट रहे नेता
डॉ.अनिल जोशी ने कहा कि नेता गढ़वाल-कुमाऊं के बीच खाई खोदने का कार्य कर रहे हैं। जबकि राज्य आंदोलन में गढ़वाल और कुमाऊं दोनों का बराबर योगदान है। उन्होंने कहा कि आजकल ट्रेंड हो गया कि सीएम कुमाऊं का होगा तो प्रदेश अध्यक्ष गढ़वाल का होगा। उन्होंने नेताओं को चेतावनी दी कि छोटे से राज्य में ऐसी खाई न खोदें।
सीएम पर कटाक्ष
डॉ.अनिल जोशी ने सीएम हरीश रावत पर कटाक्ष कर कहा कि उन्हें अपनी घोषणाओं के बारे में खुद ही नहीं पता है। सीएम कहते हैं कि उन्होंने इतनी घोषणाएं कर दी हैं कि अगली बार आने पर कोई कार्य करने की जरूरत ही नहीं है। कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने छोटे से राज्य को 16 वर्षों में घोषणाओं का प्रदेश बनाकर रख दिया है।
10 रुपये के सिक्के नहीं चलने से परेशानी
ऋषिकेश।
बाजार में नकली सिक्कों की आवक के चलते कुछ दुकानदारों ने 10 रुपये के सिक्के लेने बंद कर दिए हैं। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। सोमवार को महिला कांग्रेस की नगर अध्यक्ष मधु जोशी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने शहर कोतवाल वीसी गुसाईं से मुलाकात कर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।

मौके पर चन्द्रकांता जोशी, अंशुल अरोड़ा, रजनी शर्मा, अभिनव चावला, सोनू गुप्ता, सोहन लाल, मोनू, अमित, महेन्द्र पाल आदि मौजूद थे।
