देहरादून।
सोमवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने परेड़ ग्राउन्ड में आयोजित हिमान्या सरस मेला में ‘‘मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना’’ के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को सीड केपिटल व सामुदायिक निवेश निधि के तहत सहायता राशि के चैक वितरित किए। विभिन्न जिलों के महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 हजार रूपए की सीड केपिटल व 20 हजार रूपए की सामुदायिक निवेश निधि के चैक प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों की बढ़ती भागीदारी से राज्य सरकार बहुत उत्साहित है। चमोली व देहरादून में महिला हाट स्थापित करने के लिए बजट जारी किया जा चुका है। ऐसे हाट प्रत्येक जिले में स्थापित किए जाने हैं। इंदिरा अम्मा कैंटीन फूड सेक्टर में महिलाओं को प्रोत्साहित करने का एक कन्सेप्ट है। प्रदेश में 100 इंदिरा अम्मा कैंटीन स्थापित की जाएंगी। अभी तक 20 से अधिक कैंटीन स्थापित की जा चुकी हैं। प्रदेश सरकार द्वारा प्रारम्भ की गई पहलों से धीरेधीरे हमारी बहनें सभी जगह काम करती हुई दिखाई देंगी।
मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड के आर्थिक विकास का नया सोपान महिला स्वयं सहायता समूहों, महिला मंगल दलों, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकत्रियों व भोजनमाताओं की सहभागिता से तय किया जा रहा है। महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इनके लिए वेकअप मनी के तौर पर 5 हजार रूपए की राशि दी जा रही है। काम प्रारम्भ करने पर 20 हजार रूपए की सामुदायिक निवेश निधि भी दी जा रही है। जो महिला स्वयं सहायता समूह क्लस्टर आधार पर सामूहिक रूप से खेती, बागवानी, दुग्ध उत्पादन या हस्तकला का काम करते हैं उन्हें 1 लाख रूपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि इस तरह की योजना बनाई जा रही है कि महिला स्वयं सहायता समूहों को पुराने ऋण से मुक्ति मिल सके। राज्य ब्याज उपादान योजना के तहत जिन महिला स्वयं सहायता समूहों के बैंक ऋण 31 दिसम्बर 2013 तक एनपीए हो गए थे, यदि ऐसे समूह काम करना चाहते हैं और मूलधन की राशि देते हैं तो एनपीए होने से वर्तमान समय तक का ब्याज राज्य सरकार वहन करेगी। अच्छा काम करने वाले व समय पर ऋण की वापसी करने वाले महिला स्वयं सहायता समूहों को 3 प्रतिशत तक ब्याज सब्सिडी राज्य सरकार देगी।

मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को उनके वार्षिक टर्नओवर पर 5 प्रतिशत बोनस जबकि आपदाग्रस्त जिलों में 10 प्रतिशत बोनस दिया जाएगा। अपने खेतों में काम करने वाली महिलाएं मनरेगा श्रमिक के रूप में पंजीकरण करवा सकती है। महिलाओं में एनिमिया व ल्यूकेरिया की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर अभियान प्रारम्भ किया गया है। महिला उद्यमिता पार्क के लिए सिडकुल में 200 एकड़ भूमि की व्यवस्था की गई है। सरकार द्वारा की गई छोटीछोटी पहलों से आने वाले समय में उत्तराखण्ड में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा। इस अवसर पर विधायक गणेश गोदियाल, राजकुमार, ममता राकेश, प्रमुख सचिव मनीषा पंवार, अपर सचिव युगल किशोर पंत सहित विभिन्न जिलों से आए महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्य उपस्थित थे।
Author: admin
गंगा स्वच्छता सर्वेक्षण यात्रा परमार्थ पहुंची
ऋषिकेश।
सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 30 सदस्यों का दल परमार्थ निकेतन पहुंचा। गंगा सर्वेक्षण एवं जनजागरण अभियान के पड़ाव में कार्यकर्ता गंगा नदी के किनारे सफाई अभियान चलाकर लोगों को जागरुक कर रहे है। 19 अक्तूबर को गंगोत्री से शुरु हुए अभियान 27 अक्तूबर को हरिद्वार में संपन्न होगा। परिषद के संगठन मंत्री बृजेश बनकोटी ने बताया कि गंगा नदी में दोनों ओर नाले और सीवर डाले जा रहे, जिसका सर्वेक्षण करना यात्रा का मुख्य उद्देश्य है।

परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष चिदानंद मुनि ने एबीवीपी के कार्यो की सराहना की। कहाकि गंगा स्वच्छ व निर्मल रहेगी तभी मानव जीवन भी सुरक्षित रह पायेगा। गंगा अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने सायंकालीन गंगा आरती में भी भाग लिया। मौके पर छात्र संघ अध्यक्ष अमित पंवार, सुमन गौर, भान सिंह नेगी, रवि थपलियाल, अमित गांधी आदि मौजूद थे।
दो संवासिनी घर के लिए रवाना
देहरादून।
शनिवार को बीजापुर हाउस में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नारी निकेतन की दो संवासिनियों को उनके घर के लिए रवाना किया। बांग्लादेश की रूपा व लाभौनी को उनके घर के लिए रवाना करते हुए मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि ‘‘दो बेटियों अपने एक बार फिर उनके परिवारजनों के पास भेजते हुए बहुत खुशी हो रही है। पहले भी कुछ बेटियों को उनके घर भेजा गया था। इसके लिए समाज कल्याण विभाग व नारी निकेतन के संबंधित अधिकारी व कर्मचारी भी बधाई के पात्र हैं।’’ मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि हमारा नारी निकेतन देश में माडल नारी निकेतन के तौर पर विकसित हो रहा है। यहां रह रही संवासिनियों के रहन-सहन, उपचार आदि पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। इनमें जो भी कमियां पाई गई थीं, उनको दूर करते हुए काफी सुधार किया गया है। नारी निकेतन में रहने वाली संवासिनियों को नर्सिंग, केटरिंग, होटल मेनेजमेंट व अन्य स्किल डेवलपमेंट का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रयास किया जा रहा है कि सभी कुछ न कुछ आय अर्जित कर सकें। हमारा नारी निकेतन वृक्ष की छाया की भांति संवासिनियों को सहारा दे रहा है। अपने घर जा रही लाभौनी व रूपा की खुशी देखते ही बनती थी। लाभौनी ने कहा, ‘‘बहुत समय बाद अपने परविारजनों से मिल पाउंगी। मुझे बहुत ज्यादा खुशी हो रही है। मैं अपने सीएम साहब को धन्यवाद देती हूं जिन्होंने हमारा हौंसला बढ़ाया। नारी निकेतन के अधिकारियों व स्टाफ ने भी हमारा बहुत ध्यान रखा।’’ कुछ ऐसे ही विचार रूपा ने भी प्रकट किए। इस अवसर पर सचिव डा.भूपिंदर कौर औलख, अपर सचिव मनोज चंद्रन सहित अन्य अधिकारी व नारी निकेतन की कुछ अन्य संवासिनियां मौजूद थीं।
भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष का आतिशबाजी से स्वागत
ऋषिकेश।
भाजपा युवा मोर्चा के नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष अंकित पांडे का कार्यकर्ताओं ने दून तिराहे पर गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मिष्ठान वितरित कर खुशी जाहिर की।
शनिवार को कार्यकर्ता बड़ी संख्या में देहरादून तिराहे पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मंडल अध्यक्ष अंकित पांडे का फूल मालाओं से स्वागत किया। भाजपा मंडल अध्यक्ष चेतन शर्मा ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। कहा कि नव नियुक्त पदाधिकारी पार्टी हितों के लिए कार्य करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मिशन 2017 में भाजपा को शत प्रतिशत विजयी बनाने का कार्य करेंगे।

नव नियुक्त भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अंकित पांडे ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी मुझे दी हैं उसे मै पूरी निष्ठा व लगन के साथ पूरा करुंगा। स्वागत कार्यक्रम में महिला मोर्चा उपाध्यक्ष सरोज डिमरी, सांसद प्रतिनिधि संजय शास्त्री, जयंत किशोर, इंद्रकुमार गोदवानी, दिनेश सती, हरीश तिवाड़ी, शिव कुमार गौतम, राकेश पारछा, राकेश अग्रवाल, विशाल कक्कड़, कृष्ण कुमार सिंघल, राजेश गौतम, गोपाल चंदेल, अनिता तिवाड़ी आदि उपस्थित रहे।
भाजपा श्यामपुर मंडल ने रणनीति तैयार की
मतदाता जोड़ने और परिवर्तन यात्रा की तैयारी में जुटे कार्यकर्ता
ऋषिकेश।
भारतीय जनता पार्टी श्यामपुर मंडल की कार्यसमिति में मोर्चा, प्रकोष्ठ के समारोह आयोजित करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने नए मतदाताओं को जोड़ने, परिवर्तन यात्रा की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार लाने का संकल्प भी कार्यकर्ताओं को दिलाया गया।
शनिवार को श्यामपुर बाईपास स्थित आडवाणी धर्मशाला में भाजपा श्यामपुर मंडल की कार्यसमिति आयोजित हुई। मुख्य वक्ता के रुप में भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेन्द्र दत्त सकलानी ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। कार्यसमिति में तय किया गया कि युवा मोर्चा सैनिक सम्मान समारोह, अनुसुचित मोर्चा दलित सम्मान समारोह का आयोजन करेगा। वहीं, नये मतदाता जोड़ने और परिवर्तन यात्रा को आयोजित करने पर जोर दिया गया।

विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष प्रदीप धस्माना ने की। संचालन महामंत्री प्रदीप नेगी व गजेन्द्र विक्रम शाही ने संयुक्तरुप से किया। मौके पर मंडल प्रभारी संजीव सैनी, ज्योति सजवाण, भाग सिंह चौहान, अनिता ममगाई, विमला नैथानी, ऊषा रावत, किशन नेगी, देवेन्द्र नेगी, बलबीर चौहान, रजनीश शर्मा, केके सिंघल आदि मौजूद थे।
शतरंज में माहिर एसजीआरआर और एनडीएस स्कूल
बालक वर्ग में गुरुराम राय पब्लिक स्कूल और बालिका वर्ग में निर्मल आश्रम दीपमाला पगरानी पब्लिक स्कूल पहले स्थान में रहे
ऋषिकेश।
तीन दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता का आवास विकास स्थित एसजीआरआर स्कूल में शनिवार को समापन हो गया। बालक वर्ग में एसजीआरआर ने 23 अंक और बालिका वर्ग में एनडीएस ने सर्वाधिक 23.5 अंक बटोरकर पहला स्थान प्राप्त किया।
शनिवार को शतरंज प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले खेले गये। बालक वर्ग में गुरुराम राय पब्लिक स्कूल ऋषिकेश 23, श्री भरत मंदिर पब्लिक स्कूल 22 व गुरुराम राय पब्लिक स्कूल की दूसरी टीम 18.5 अंक बटोरकर क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रही। वहीं, बालिका वर्ग में निर्मल आश्रम दीपमाला पगरानी पब्लिक स्कूल 23.5, निर्मल ज्ञानदान एकेडमी 20 व गुरुराम राय पब्लिक स्कूल 19 अंक बटोरकर क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता में प्रिंस राणा व अंकिता रावत को उदयमान खिलाड़ी व सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रुप में क्षितिज खरोला, अंकिता कश्यप को पुरस्कृत किया गया। समापन कार्यक्रम में नगर पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, ज्योति सजवाण गोबिन्द अग्रवाल ने संयुक्तरुप से विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मौके पर प्रधानाचार्य दीपक भारद्वाज, अमित गांधी, राकेश भंडारी आदि मौजूद थे।
जहरीखाल कॉलेज ने जीती खो-खो प्रतियोगिता
ऑटोनॉमस कॉलेज ऋषिकेश को हराकर जीती विजेता ट्रॉफी
ऋषिकेश।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित अंतर महाविद्यालय पुरुष खो-खो प्रतियोगिता में मेजबान ऑटोनॉमस कॉलेज विजेता ट्रॉफी जीतने से चूक गया। राजकीय महाविद्यालय जहरीखाल (पौड़ी) ने फाइनल में शानदार खेल देखाते हुए प्रतियोगिता जीत ली।
ऋषिकेश स्थित ऑटोनॉमस कॉलेज के खेल मैदान में चल रही दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय पुरुष खो-खो प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। फाइनल मुकाबला राजकीय महाविद्यालय जहरीखाल और ऑटोनॉमस कॉलेज ऋषिकेश के बीच खेला गया। कड़े मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय जहरीखाल ने ऑटोनॉमस कॉलेज ऋषिकेश को 9-8 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता की उप-विजेता ऑटोनॉमस कॉलेज ऋषिकेश रही।

अंतर महाविद्यालय खो-खो प्रतियोगिता में सात महाविद्यालय के टीमों ने भाग लिया। कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अशोक नेगी ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर क्रीड़ा सचिव पूनम रावत, डॉ. वीपी अग्रवाल, डॉ. बीसी गोस्वामी, डॉ. राजेश नौटियाल, डॉ. मुक्तिनाथ यादव, डॉ. एनके शर्मा, डॉ. युवराज, डॉ. हेमंत, डॉ. गिरीश डंगवाल, डॉ. वीके गुप्ता, सन्नी प्रजापति, डीपी रतूड़ी, गोपाल पाल आदि मौजूद थे।
आपदा प्रभावितों को स्वाबलम्बी बनाने का हर सम्भव प्रयास कर रही सरकार: मुख्यमंत्री
रुद्रप्रयाग।
धाद संस्थान द्वारा डॉ. जैक्सवीन नेशनल स्कूल में आयोजित आपदा प्रभावित बच्चों एवं विधवाओं के साथ दीपोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि आपदा प्रभावितों के निरन्तर जीवन संघर्ष में सरकार उनके साथ है। कहा कि सरकार द्वारा आपदा प्रभावितों को स्वाबलम्बी बनाने में हर सम्भव प्रयास किया जायेगा। उन्होने कहा त्रासदी से पीड़ित घाटी के लोगो के सामाजिक, आर्थिक, मनोवैज्ञानिक पक्षों के अघ्ययन के लिए तीन सदस्यीय आयोग का गठन किया जायेगा। आयोग द्वारा आगामी 10 वर्षो के लिए कार्य की रूपरेखा तैयार की जायेगी। मंदाकिनी संस्था को सरकार द्वारा वित्त तथा तकनीकी पोषण प्रदान किया जायेगा जिससे की लोग आगे की ओर अग्रसर हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि 2018 तक प्रत्येक गांव को सडक से जोडा जाए। इसके लिए इस वित्तीय वर्ष में एक हजार सडकों पर कार्य किया जायेगा। कहा कि गांव की सडक तक पहुंच होने से गांव के उत्पादों को शहर में विक्रय कर गांव को लघु उत्पादन केन्द्र में तब्दील किया जायेगा। उन्होने उपस्थित ग्रामीणों से खेती, दस्तकारी, पशुपालन की ओर बढने को कहा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गुप्तकाशी को नगर पंचायत, आपदा प्रभावित बहनों के लिए पेंशन शुरू करने की घोषणा की।
इस अवसर पर वीके बहुगुणा द्वारा 02 बच्चों की आगे की शिक्षा के लिए बीस हजार रूपये का चैक धाद संस्था को प्रदान किया गया। श्री मनणा धाम तीर्थ यात्रियों द्वारा मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह व प्रसाद भेंट किया गया। वर्ष 2013 की आपदा से केदार घाटी सहित जनपद रूद्रप्रयाग को उभारने व प्रदेश सशक्त नेतृत्व प्रदान कर विकास के मार्ग पर अग्रसर करने के लिए जैक्सवीन स्कूल द्वारा मुख्यमंत्री को उत्तराखण्ड जन नायक शिरोमणि सम्मान प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री द्वारा 2013 की आपदा से केदार घाटी को उभारने के लिए जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग डॉ. राघव लंगर, प्रदेश भर में सामाजिक सरोकारों से जुडी धाद, फे्रंडस आफ हिमालय संस्था को श्री केदारनाथ नवज्योति सम्मान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर जैक्सवीन स्कूल को उत्तराखण्ड मित्र पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। इस अवसर पर जिला निर्माण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष सूरज नेगी, जिला पंचायत सदस्य संगीता नेगी, प्रमुख ऊखीमठ सन्तलाल, धाद संस्था के अध्यक्ष हर्षमणि व्यास, प्रेम बहुखण्डी, लखपत सिंह राणा सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे व भारी संख्या जनता उपस्थित थी। कार्यक्रम का संचालन रवीन्द्र सिंह नेगी द्वारा किया गया।
पटाखा बाजार को लेकर प्रशासन और व्यापारी आमने सामने
पटाखों की बिक्री के लिए प्रशासन ने तय किए है तीन स्थान
व्यापारियों ने एसडीएम से बाजार में पूर्व की तरह पटाखें बेचने की मांग की
ऋषिकेश।
शनिवार को शहर के व्यापारी एसडीएम ऋषिकेश से मिलने उनके दफ्तर पहुंचे। उन्होंने पटाखा बाजार को पूर्व की भांति लगाने की मांग की। एसडीएम वृजेश कुमार तिवारी ने बताया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों में पटाखा बाजार लगाने की अनुमति नही दी जायेगी। उनका कहना था कि आमजन की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतकर्ता बरत रहा है। व्यापारियों ने एसडीएम की बातों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहाकि वर्षो से पटाखा बाजार शहर के बाजार के साथ ही लगाया जाता है। ऐसे में लोगों को पटाखें खरीदने के लिए परेशानी का सामना करना पडे़गा।
व्यापारी और प्रशासन दोनों ही अपने-अपने तर्क दे रहे है। जिससे दोनों में आम सहमति नही बन पायी है। एसडीएम वृजेश कुमार तिवारी ने बताया कि प्रशासन ने श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, नगर पालिका परिसर ऋषिकेश व पुराना रोडवेज बस अड्डा को पटाखा बाजार लगाने के लिए चिन्हित किया है।
बताया कि प्रशासन सुरक्षा की दृष्टि से खुले मैदान में पटाखा बाजार लगाने को लेकर सर्तकता बरत रहा है। उन्होंने प्रशासन से जारी किये जाने वाले पटाखा लाइसेंस की शर्तो का पालन सुनिश्चित कराने की बात कही। एसडीएम से मिलने वालों में नगर उद्योग व्यापार मंडल में महामंत्री जयदत्त शर्मा, श्रवण जैन, ललित कुमार सक्सेना, राजपाल ठाकुर आदि मौजूद थे।
राज्य से संबंधित विषयों पर प्रश्न रखें जाएं
देहरादून।
मुख्यमंत्री हरीश रावत से शनिवार को सचिवालय में लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने भेंट की। उत्तराखण्ड के अधिक से अधिक युवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रारम्भिक परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें, इसके लिये कम से कम 25 प्रश्न राज्य से संबंधित विषयों पर आधारित रखे जाने का अनुरोध उन्होंने आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों से किया। उन्होंने यह भी अपेक्षा की कि यदि सम्भव हो तो प्रारम्भिक परीक्षा में सफल होने वाले प्रतिभागियों के प्रतिशत मानकों में भी कुछ बढ़ोत्तरी की जाय।

इस अवसर पर मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह, सचिव आनन्द बर्द्धन, आयोग के अध्यक्ष डॉ.डी.पी. जोशी, सदस्य डॉ.छाया शुक्ला, सुमेर चंद्र रवि, संजय शर्मा, प्रो.एनएस बिष्ट, जयदेव सिंह, सचिव एस.एन.पाण्डे आदि उपस्थित थे।