सड़क और पुल नहीं बना तो चुनाव बहिष्कार

सिंधवाल गांव, नाहींकला, सनगांव के लोगों ने दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
खुली बैठक में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने आम सहमति से पारित किया प्रस्ताव

रानीपोखरी।
ग्राम पंचायत सिंधवाल गांव, नाहींकला और सनगांव के ग्रामीणों ने पुल और सड़क नहीं बनने पर चुनाव का बहिष्कार की चेतावनी दी है। बुधवार को आयोजित खुली बैठक में ग्रामीणों ने एकमत से यह फैसला लिया।
मुड़ियागांव में आयोजित खुली बैठक में सिंधवाल गांव, नाहींकला गांव और सनगांव के पंचायत प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। सिंधवाल गांव की ग्राम प्रधान सोमती सिंधवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में मांग उठाई गई कि क्षेत्र को थानो से जोड़ने वाले मार्ग और बिदाल नदी पर स्पान पुल का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाए। विधानसभा चुनाव से पहले निर्माण शुरू नहीं होने पर चुनाव का बहिष्कार की चेतावनी दी गई। इस प्रस्ताव का सभी ग्रामीणों ने एक स्वर में समर्थन किया। ग्राम प्रधान ने बताया कि सड़क और पुल के लिए सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं। काम शुरू नहीं हो रहा है।
105
क्षेत्रीय विधायक और शासन को पत्र देने के बाद भी सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने रोष जताया। प्रधान सोमती सिंधवाल ने बताया कि चार माह से डीपीआर शासन में लंबित है। उन्होंने 15 दिन के भीतर निर्माण कार्य शुरू होने की मांग उठाई। ग्राम सभा के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और मुख्य चुनाव आयुक्त को डाक से भेजा जा रहा है। संचालन राजपाल सिंह सिंधवाल ने किया। बैठक में नाहींकला की उपप्रधान पुष्पा देवी, सनगांव मंगल दल के विशाल रावत, दीवान सिंह, विजयपाल सिंह, राजेश सिंह, किशन सिंह, देवी सिंह, राजपाल सिंह, खजानी देवी, वैशाखी देवी, सरोजनी देवी, दीपा देवी आदि मौजूद रहे।

जीएमवीएन कर्मचारियों को बोनस और वेतन नहीं मिला

कर्मचारियों ने यात्रा कार्यालय में गेट मीटिंग कर जताई नाराजगी
मांगें पूरी नहीं होने पर कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

ऋषिकेश।
गढवाल मंडल विकास निगम कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने बुधवार को यात्रा कार्यालय में गेट मीटिंग की। अक्तूबर माह का वेतन और दिवाली बोनस नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने नाराजगी जताई। निगम की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार पर आर्थिक पैकेज नहीं देने का आरोप लगाया।
नटराज चौक बाईपास स्थित यात्रा कार्यालय में गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के कर्मचारी एकत्रित हुए। गेट मीटिंग के दौरान कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जयप्रकाश कोठारी ने सरकार पर निगम को जानबूझकर घाटे में लाने का आरोप लगाया। कहा कि एक ओर निगम की आर्थिक स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। वहीं, सरकार ने निगम के हाथों से खनन आदि के काम छीन लिए हैं। कर्मचारियों ने दिवाली बोनस और अक्तूबर माह का वेतन नहीं मिलने से रोष जताया। कहा कि सरकार ने दिवाली में कर्मचारियों के हाथ खाली रखे। कर्मचारियों ने डीए, एसीपी, विनियमितीकरण की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। चेतावनी दी कि कर्मचारियों की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की जाती है तो वह आंदोलन को मजबूर होंगे।
104
इस मौके पर रणवीर रावत, धन सिंह रावत, जयवीर सिंह, मनोज बिज्लवाण, रमेश चन्द्र भट्ट, कमल सिंह रावत, रणवीर सिंह रावत, विक्रम सिंह भंडारी, मोहन सिंह, हरपाल सिंह, चमन सिंह, सव्वल सिंह नेगी, पप्पू, रायचन्द रावत, श्याम सिंह पंवार, अभय राज, दिनेश सकलानी, आनंद सिंह नेगी, बीबी कुकरेती, टीएस बिष्ट, वीर सिंह बिष्ट, शंभू चौहान, एसएस सिंह, विमला, जगदीश लाल, चम्पा देवी, कमला, राम किशोर आदि मौजूद थे।

गंगा तट पर बनने लगे छठ पूजा स्थल

ऋषिकेश।
नहाय खाय के साथ शुरू होने वाले आस्था पर्व छठ पूजा की तैयारी अब जोर पकड़ने लगी है। ऋषिकेश में गंगा तटों पर अर्घ्य भूमि (छठ पूजा घाट) की साफ-सफाई का कार्य तेज हो गया है। लोग गंगा तटों पर छठ पूजा स्थान तैयार करने में जुट गए हैं। बाजार में भी खरीदारी शुरू होने लगी है। वहीं घरों में महिलाएं छठ महिमा की गीत गाती हुई तैयारी में जुट गई हैं।
छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई है। मंगलवार को श्रद्धालुओं ने गंगा तटों पर पत्थरों और रेत के चबूतरे बनाए। उनपर रंगरोगन भी किया। पांच अक्तूबर को एसपी देहात श्वेता चौबे और छह अक्तूबर को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय छठ पूजा में हिस्सा लेंगे। पांच अक्तूबर से शुरू होने के बाद छह अक्तूबर को ढलते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। सात अक्तूबर को उगते सूरज को अर्घ्य देने के साथ छठ पूजा संपन्न होगी।
103
ऋषिनगरी में बड़ी संख्या में बिहार और पूर्वांचल के लोग रहते हैं। इसलिए त्रिवेणीघाट, दयानंद आश्रम घाट, स्वर्गाश्रम घाट, शीशमझाड़ी, मुनिकीरेती आदि घाटों पर बुधवार को साफ-सफाई का काम चला। लोग घाट पर पत्थर-रेत से चबूतरा बनाने के काम में जुटे रहे। पूजा समिति के अध्यक्ष रामकृपाल गौतम ने बताया कि पहले दिन पांच अक्तूबर को स्कूली बच्चों के साथ स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। दूसरे दिन भोजपुरी लोकगायक अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।

कोतवाली के एसएसआई को डेंगू

ऋषिकेश।
ऋषिकेश कोतवाली के एसएसआई गजेन्द्र बहुगुणा भी डेंगू की चपेट में आ गए हैं। प्राइवेट अस्पताल में कराई जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई।
जानकारी के अनुसार दिवाली की रात एसएसआई गजेन्द्र बहुगुणा को तेज बुखार आने लगा। उन्होंने प्राइवेट अस्पताल में जांच कराई तो डेंगू पॉजीटिव मिला। डेंगू के चलते उन्हें अवकाश लेना पड़ा। अब वह देहरादून स्थित घर में स्वास्थ्य लाभ ले रहे है। इससे पूर्व भी कोतवाली में कई पुलिस के जवानों को डेंगू हो चुका है। वहीं, नगर के प्राइवेट अस्पतालों में भी दर्जनभर लोग डेंगू से पीड़ित बताए जा रहे हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे। सीओ चक्रधर अंथवाल ने बताया कि डेंगू की चपेट में आने से एसएसआई अवकाश पर हैं। इनका देहरादून स्थित एक प्राइवेट अस्पताल से इलाज चल रहा है।

ऋषिकेश स्टेशन पर बनेगा जैविक शौचालय

ऋषिकेश।
ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर जैविक शौचालय बनेगा। बुधवार को परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि ने पौधरोपण कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। दिसंबर तक शौचालय बन कर तैयार हो जाएगा।
रेलवे स्टेशन परिसर में शुभारंभ कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, रेलवे स्टेशन अधीक्षक आरएस मीणा भी उपस्थित रहे। इस दौरान पूरे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। स्वामी चिदानंद मुनि ने अराध्या इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के प्रमुख पीडी शर्मा को शैचायल का निर्माण दिसंबर माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
102इस अवसर पर आचार्य संदीप शर्मा, नरेन्द्र बिष्ट, गुरमीत ओबराय, संदीप गौर, सुनील आदि उपस्थित थे।

राहुल की गिरफ्तारी से भडके कांग्रेसी

ऋषिकेश।
दिल्ली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड़ पर नारेबाजी की और केन्द्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने राहुल गांधी की गिरफ्तारी को लोकतंत्र की हत्या बताया।
बुधवार सायं तीर्थनगरी के कांग्रेस कार्यकर्ता रेलवे रोड़ पर एकत्रित हुए। उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सैनिक परिवार से मिलने जाते समय गिरफ्तारी पर नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की गिरफ्तारी को लोकतंत्र की हत्या बताया। कहाकि राहुल गांधी देश के सवोच्च नेताओं में शामिल है। उनकी गिरफ्तारी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष है। कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
101
मौके पर प्रदेश महासचिव जयपाल जाटव, कार्यकारी नगर अध्यक्ष शिवमोहन मिश्रा, ललित मोहन मिश्रा, संजय गुप्ता, जितेन्द्र पाल, अभिनव मलिक, पंकज गुल्हाटी, संजय शर्मा, आशु डंग, नवीन गांधी, जतिन असुजा, विपिन सैनी, एंकात गोयल, राहुल पाल, आदित्य, गौतम नौटियाल, आशीष पंत, यश आदि मोजूद थे।

किशोर की बयानबाजी से कांग्रेस को नुकसान

ऋषिकेश।
शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय पर सियासी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि किशोर उपाध्याय के बयानों से कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ेगा। कहा कि पीडीएफ अपना रास्ता खुद तय करेगी।
मुनिकीरेती में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में पीडीएफ अध्यक्ष मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि प्रदेश के विकास को लेकर पीडीएफ ने स्थिर सरकार दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ जाना है या नहीं, यह पीडीएफ की बैठक में तय होगा। 112पीडीएफ अपना रास्ता खुद तय करेगी। उसमें किसी का हस्तक्षेप मंजूर नहीं होगा। उन्होंने किशोर के बयानों को गलत ठहराया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को पीडीएफ पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।

संस्कृत विद्यालय खोलने को मदद देगी सरकार : नैथानी

हर ब्लॉक में पांच संस्कृत विद्यालय खोलने की योजना

ऋषिकेश।
अब प्रदेश में प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर संस्कृत विद्यालय खुलेंगे। सरकार संस्कृत विद्यालय चलाने के लिए आर्थिक मदद देगी। शत्रुघ्न घाट मुनिकीरेती में प्रबंधकीय शिक्षक संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने यह बात कही।
संविदा संस्कृत शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी का सम्मान समारोह आयोजित किया। संविदा संस्कृत शिक्षकों की मांग पर सरकार ने प्रतिमाह पंद्रह हजार रुपये मानदेय के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। पहले चरण में 96 संविदा शिक्षकों को इसका लाभ मिलेगा। समारोह में शिक्षा मंत्री ने कहा कि कैबिनेट की अगली बैठक में छूटे 120 शिक्षकों के लिए भी प्रस्ताव लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार नए विद्यालयों के लिए ग्रांट देने की तैयारी कर रही है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार में धरातल पर कार्य हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हमारी सरकार में जो कार्य हुए हैं, वह किसी ओर सरकार में नहीं हुए। सरकार प्रदेश के हर ब्लॉक में पांच संस्कृत विद्यालय खोलने की योजना बना रही है। इस मौके पर महंत मनोज द्विवेदी, रमा बल्लभ भट्ट, जनार्दन कैरवान, विनायक भट्ट, सुभाष डोभाल, जितेन्द्र भट्ट, राकेश सेमवाल, नवीन पंत, डॉ. अनिल शुक्ला, पुरुषोत्तम कोठारी, सूरज बिज्जलवाण, शुरवीर गुसाईं, डॉ. राजे नेगी, सुनील थपलियाल आदि उपस्थित थे।
103
पांचवीं और आठवीं में बोर्ड परीक्षा का प्रस्ताव
ऋषिकेश। शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने बताया कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अंतर्गत संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश की कैबिनेट बैठक में संस्कृत को बढ़ावा देने का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। उन्होंने पांचवीं व आठवीं कक्षा में बोर्ड परीक्षा को लेकर केन्द्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की बात कही। बताया कि नई शिक्षा नीति को लेकर केन्द्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।

राशन की कालाबाजारी के खिलाफ प्रदर्शन

खुले बाजार में सरकारी राशन की बिक्री का लगाया आरोप

ऋषिकेश।
कांग्रेस गरीब बेघर जन प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने नगर में सरकारी राशन की कालाबाजारी के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि सांठगांठ से सरकारी राशन खुले बाजार में बेचा जा रहा है।
कांग्रेस गरीब बेघर जन प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता मंगलवार को रेलवे स्टेशन के समीप एकत्र हुए। उन्होंने सरकारी मानकों के अनुरूप राशनकार्ड धारकों को राशन नहीं मिलने का आरोप लगाया। प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विजयपाल सिंह रावत ने सरकारी राशन की कालाबाजारी का आरोप लगाया। कहा कि शहर में राशन माफिया सक्रिय हो रखे हैं। सस्ते गल्ले की दुकानों में राशन पहुंचने से पहले ही खुले बाजार में पहुंच जाता है। इसे दुकानदार महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं। वहीं, जरूरतमंद लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा है।
प्रकोष्ठ से जुड़े कार्यकर्ताओं ने विभाग और राशन माफिया के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश प्रवक्ता सोहन सिंह रौतेला और नगर अध्यक्ष सुमित चौधरी ने कहा कि अक्सर सस्ता गल्ला राशन विक्रेता की दुकान बंद रहती है। प्रदर्शन करने वालों में डॉ. कृपाल सिंह रावत, मुलायम सिंह, देवी व्यास, ऋषि कश्यप, सतपाल, राहुल, अंजलि, किरन, कुसुमनाथ, मोनिका, तारा देवी, निर्मला, बबीता, राधा, लोकेन्द्र, ओम प्रकाश, राजकुमार, लाल सिंह, देवेन्द्र आदि शामिल थे।
102
खुले बाजार में बिक रहा सरकारी राशन?
ऋषिकेश। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानें अक्सर बंद ही मिलती हैं। समय पर राशन देने का रिकॉर्ड दस प्रतिशत दुकानदारों का ही होगा। ऐसे में जब राशन विक्रेता ग्राहकों को राशन नहीं आया या खत्म हो गया कहे तो संशय होना लाजिमी है। पूर्व में भी मंडी समिति ने नगर में छापेमारी कर गोदामों में सरकारी चीनी पकड़ी थी।

आग लगने से हड़कंप

ऋषिकेश।
शांतिनगर स्थित एक घर में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें देखकर भवन स्वामी के होश उड़ गए। उन्होंने खुद आग बुझाने में जुटने के साथ इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और बड़ा नुकसान होने से बचा लिया।
फायर ब्रिगेड के अनुसार शांतिनगर गली नंबर-एक में सतीश कुमार गुप्ता का घर है। मंगलवार सुबह घर के प्रथम तल से आग की लपटें देख राहगीर और पड़ोसी सकते में आ गए। लोगों ने आवाज लगाकर इसकी जानकारी सतीश गुप्ता को दी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सतीश गुप्ता पड़ोसियों की मदद से बुझाने में जुट गए। साथ ही सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी। करीब 15 मिनट में मौके पर पहुंची टीम ने कुछ देर में आग पर काबू पाया। गनीमत रही कोई बड़ी हानि होने से पहले आग पर काबू पा लिया गया।
101
फायर ऑफिसर चन्द्रमोहन शर्मा ने बताया कि जिस जगह पर आग लगने की घटना हुई, उसके आसपास घनी आबादी है। मार्ग भी संकरा है। ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि जलते बल्ब के पास पॉलीथिन और कागज रखे थे। बल्ब गर्म होने के चलते पॉलीथिन और कागज ने आग पकड़ ली।