सीएम ने दिए अतिवृष्टि से किसानों को हुए नुकसान का आंकलन करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय स्थित राज्य आपदा कंट्रोल रूम जाकर प्रदेश में बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री कल से सभी जिलाधिकारियों से हर पल की अपडेट ले रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों के हवाई निरीक्षण भी कर रहे हैं, प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण भी कर रहे है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि अतिवृष्टि से जानमाल का जो नुकसान हुआ है। प्रभावितों को मानकों के अनुसार जल्द अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध कराया जाय। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि अतिवृष्टि से किसानों का जो नुकसान हुआ है, उसका आकलन कर जल्द रिपोर्ट भेजी जाय।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में सेना से तीन हेलीकॉप्टर लगाये जा रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी चमोली एवं रुद्रप्रयाग को फोन कर निर्देश दिये कि यात्रा मार्गों पर फंसे यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से अपील की है कि धैर्य बनाकर रखें। अतिवृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार द्वारा तेजी से प्रयास किये जा रहे हैं। सभी जरूरी इंतजाम सरकार द्वारा किये जा रहे हैं।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव आपदा प्रबंधन एस. ए. मुरूगेशन, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिद्धिम अग्रवाल मौजूद थे।

पीएम ने सीएम को आपदा में हर संभव मदद का आश्वासन दिया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज दूरभाष पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उत्तराखण्ड में अतिवृष्टि से हुए नुकसान और संचालित बचाव व राहत कार्यों के बारे में जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने प्रदेश को हर आवश्यक सहयोग दिये जाने के प्रति आश्वस्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को वस्तुस्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में कुछ स्थानों पर नुकसान हुआ है। शासन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।

ई-रिक्शा के रुट निर्धारण को लेकर 21 को धरना-प्रदर्शन की तैयारी पूरी

विक्रम युनियन कार्यालय ऋषिकेश में विक्रम, आटो, जेएसए और टैक्सी युनियन के पदाधिकारीयों द्वारा बैठक कर 21 अक्टूबर को ई-रिक्शा के रुट निर्धारण के विरूद्ध होने वाले धरना प्रदर्शन की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया।
उत्तराखंड विक्रम टैम्पो महासंघ के अध्यक्ष मंहत विनय सारस्वत की अध्यक्षता मे हुयी बैठक मे 21 अक्टूबर को ई-रिक्शाओ को नेशनल हाईवे से हटाकर उनके तय मानको के अनुसार रूटो पर संचालन करने के लिए आरटीओ कार्यालय ऋषिकेश पर वाहन स्वामियो द्वारा अपने वाहनो के साथ धरना-प्रदर्शन किया जायेगा।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया कि ई-रिक्शाओ की अत्यधिक संख्या के कारण नेशनल हाईवे में हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। इन पर तत्काल रोक लगाते हुए नये वाहनो के रजिस्ट्रेशन पर रोक लगायी जाये।
बैठक मे यह भी तय किया गया कि 21 अक्टूबर प्रातः 9 बजे वाहन स्वामी अपने वाहनों के साथ ऋषिकेश विक्रम युनियन के कार्यालय से देहरादून तिराहे से इंन्द्रमणी चौक से आरटीओ कार्यालय पहुंचेगे।
बैठक मे जेएसए युनियन ऋषिकेश अध्यक्ष विनोद शर्मा, सचिव सचिन अग्रवाल, टैक्सी युनियन ऋषिकेश के अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत, लक्ष्मण झूला विक्रम युनियन अध्यक्ष त्रिलोक भंण्डारी, महामंत्री अरूण कुमार, रामझूला विक्रम युनियन अध्यक्ष सुनील शर्मा, महामंत्री पंकज वर्मा, देवभूमि आटो युनियन ऋषिकेश राजेन्द्र लाम्बा, महामंत्री बचन गुप्ता, विक्रम युनियन ऋषिकेश के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह सजवाण, कोषाध्यक्ष हरिमोहन, सहायक आटोरिक्शा मालिक चालक ऋषिकेश उपाध्यक्ष सुभाष चंन्द्र, सचिव संजय आर्य, पंचपुरी हरिद्वार रोडीबेल वाला संरक्षक सत्यनारायण शर्मा, सचिव विनोद शाह, डोईवाला विक्रम युनियन अध्यक्ष प्रताप यादव, सचिव जगदीश प्रसाद, आटो युनियन घाट रोड ऋषिकेश अध्यक्ष सोहन गौनियाल, नेपाली फार्म विक्रम युनियन अध्यक्ष भारत भूषण नौटियाल, सचिव राजेन्द्र राणा, गोविंद सिंह पयाल, पूर्व अध्यक्ष रामझूला फेरू जगवानी, प्रवीण नौटियाल, द्वारिका प्रसाद, संजय कोठारी, स्वामी मुकेश वत्स आदि उपस्थित रहे।

बरसात ने खोली पोल, विधायक के विकास कार्य पानी में बहे-खरोला

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने बताया कि लगातार दो दिन से राज्य में हो रही बरसात से गंगा का पानी खतरे के निशान तक पहुच गया है। ऋषिकेश विधानसभा में बाढ़ नियंत्रण की व्यवस्था न होने से व शहर व ग्रामीण क्षेत्रों की नालियों के बंद होने से बारिश का पानी मलबे के साथ सडको पर और लोगो के घरो में जा रहा है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, खरोला ने लगातार दो दिन से हो रही बरसात के बाद आज ऋषिकेश विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जगह-जगह जलभराव की समस्या हो रखीं है। ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर नीचे बह रहा है और गंगा आरती स्थल सहित घाट पर बनी पुलिस की आपदा प्रबंधन चौकी भी डूब गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में पुस्तो की मरम्मत और नए पुस्तो का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों के खेत और जमीन बहने की जद तक आ गये है।
खरोला ने कहा कि केवल दो दिन की बारिश से सरकार की बाढ़ के विरुद्ध बनायी गई सारी व्यवस्थाए चौपट निकली। 14 साल से विधानसभा अध्यक्ष स्थानीय विधायक तमाम घोषणा करने में लगे है कि उन्होंने बाढ़ नियंत्रण के लिए कई कदम उठाये है परन्तु आज 14 साल का विकास दो दिन की बारिस में बह गया।
खरोला ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि भारी बरसात से ऋषिकेश विधानसभा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र पूरी तरह से बाढ़ प्रभावित हो रखे है और ग्रामीण क्षेत्रों में धान की फसल के खराब होने से किसान सरकार से आर्थिक मदद की उम्मीद लगाए बैठे है। ऐसे में सरकार अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए मदद को आगे आये।

ऋषिकेश बार एसोसिएशन ने सदस्यों को वार्षिक शुल्क माफ किया

बार एसोसिएशन ऋषिकेश की एक बैठक अध्यक्ष सूरत सिंह रौतेला की उपस्थिति में संपन्न हुई। जिसका संचालन महासचिव सुनील नवानी ने किया। बैठक में वार्षिक लेखा जोखा सदन में प्रस्तुत किया गया तथा सचिव द्वारा बताया गया कोरोना काल मे बार एसोसिएशन के सदस्यों को 6,50,000/- रुपये की सहायता दी गयी। इसके अतिरिक्त सदस्यों का वार्षिक शुल्क सर्वसम्मति से माफ किया गया और नये सदस्य बनाये गए। सचिव द्वारा यह भी बताया गया कि बार एसोसिएशन ऋषिकेश मे अधिवक्तागणों के हित के लिए पांच लाख रूपये की एफडी बनाई गई। इसके अतिरिक्त बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पैन्यूली को मुख्य चुनाव अधिकारी और सीवी हटवाल को सहायक चुनाव अधिकारी बनाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

विस अध्यक्ष ने आईडीपीएल और कृष्णा नगर कॉलोनी का मुद्दा सीएम के सामने रखा

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आईडीपीएल एवं कृष्णा नगर कॉलोनी की नवम्बर, 2021 में समाप्त होने वाली लीज़ से पूर्व वहां पर वर्षों से निवासरत क्षेत्रवासियों के आवास की समस्या पर सकारात्मक निर्णय लेने सहित अनेकों मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री आवास पर लम्बी चली वार्ता के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को अवगत करते हुए कहा कि आगामी माह नवंबर में आईडीपीएल की लीज समाप्त होने से यह भूमि वन विभाग को हस्तांतरित होने पर लगभग 50 वर्षों से भी अधिक समय से रह रहे निवासियों के उजड़ने का भय व्याप्त हो गया है। विस अध्यक्ष अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से कहा कि 18 सितंबर को ऋषिकेश में संपन्न हुई जन आशीर्वाद रैली के दौरान उनके द्वारा घोषणा के माध्यम से आईडीपीएल एवं कृष्णानगर के निवासियों को भूमि से बेदखल ना किए जाने के संबंध में आश्वस्त किया गया था। विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह किया कि आईडीपीएल एवं कृष्णानगर कॉलोनी को उजड़ने से बचाने के लिए सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों की समस्या का त्वरित निदान किया जाए।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नेपाली फार्म तिराहे का नाम यथावत रखने का भी आग्रह किया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर शीघ्र कार्यवाही किए जाने का भी अनुरोध मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से किया। इस वार्ता के बीच मुख्यमंत्री ने भी विधानसभा अध्यक्ष को आश्वस्त करते हुए सभी विषयों पर जल्द से जल्द उचित कार्यवाही करने की बात कही।
साथ ही इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के बीच गैरसेंण में विधानसभा सत्र को आयोजित करने को लेकर भी चर्चा वार्ता हुई। वहीं भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन के उद्घाटन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किए जाने संबंधित विषय पर भी बातचीत हुई। आपको बता दें कि विगत दिनों एम्स ऋषिकेश में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष विधानसभा अध्यक्ष द्वारा पत्र सौंप कर विशेष निवेदन करते हुए भराड़ीसैंण विधानसभा भवन का उद्घाटन किए जाने का आमंत्रण दिया गया था, जिस पर प्रधानमंत्री द्वारा विचार किए जाने की बात कही गई थी।

गौहरीमाफी में 25 गुजरों के लिए भगवान बनकर आई पुलिस

दो तीन से लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ गया। मंगलवार सुबह गौहरीमाफी में गुर्जरों का 25 सदस्यीय दल गंगा के तेज बहाव के कारण टापू में फंस गया। सूचना मिलने पर रायवाला पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित बचाया।
रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि गौहरीमाफी में गंगा के किनारे बने टापू में कई लोग फंस गए है। उनमें चीख पुकार मची हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और टापू में फंसे महिलाओं, बच्चे सहित 25 लोगों को सकुशल बचा लिया।
साथ में उनके मशेवियों को भी सुरक्षित निकाला गया। थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि गुर्जरों का डेरा सोमवार को उत्तरकाशी से यहां पर आया था। वे गौहरीमाफी में राम मंदिर स्थित गंगा के टापू में डेरा बनाकर रूका हुआ। ये लोग अपने मवेशियों को चारा खिला रहे थे कि वे गंगा का अचानक जलस्तर बढ़ने से वे टापू में फंस गए। टीम में उपनिरीक्षक रघुवीर कपरूवान, एसडीआरएफ उपनिरीक्षक चंदन भंडारी कांस्टेबल, विनोद कुमार, प्रवीन नेगी, संदीप, धर्मवीर, महेंद्र, किशोर, सुरेंद्र, संदीप, सुमित, रविंद्र आदि शामिल रहे।

ड्रेनेज सिस्टम नही होने से नगर क्षेत्र में पानी भरा-जयेन्द्र रमोला

गंगा का जल स्तर बढ़ने पर चन्द्रेश्वर नगर के तटीय क्षेत्रों के घरों पर लगभग तीन फीट पानी भर गया, जिसमे लोगों को घरों में आने जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़। वहीं, एआईसीसी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने मौके पर पहुंच कर पीड़ितों की समस्या को देखते हुए प्रशासन के अधिकारियों से बात की।
जयेंद्र रमोला ने कहा कि लोगों के घरों में बार-बार पानी भरने से सरकार के दावों की पोल खुल रही है। सरकार सड़कों व ड्रेनेज सिस्टम पे लाखों रुपए खर्च करने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर हल्की सी बारिश में भी ऋषिकेश की सड़कों में पानी भर जाता है। इस लापरवाही का खामियाजा ऋषिकेश की जनता को बार-बार भुगतना पड़ रहा है।
रमोला ने बताया कि यही हाल ऋषिकेश के गौहरी माफ़ी ग्रामसभा का भी है, जहां हर वर्ष गांव चारों तरफ से पानी से घिर जाता है, जिसके कारण लोगों के घरों व फसलों सहित जान माल का भी खतरा भी बना रहता है। आज भी गौहरी माफ़ी ग्रामसभा में पानी आने से बहुत से लोगो की रैस्क्यू कर बचाया जा रहा है।
रमोला ने सरकार से मांग की कि इस बारिश से हुए नुकसान का मुआवज़ा सरकार प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द दे। मौक़े पर राजेश शाह, राजू गुप्ता, पिंटू प्रजापति, ज्योति हलदर, आदित्य झा, गौरव झा, संजय, राजकुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।

पीएम ने वैक्सीन अभियान को सफल बनाने में जन भागीदारी को बताया अहम

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य के सभी पूर्ण रूप से पात्र लाभार्थियों को कोविड-19 की प्रथम डोज लगाये जाने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट के माध्यम से प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि कोविड के खिलाफ देश की लड़ाई में उत्तराखण्ड की यह उपलब्धि अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि वैश्विक महामारी से लड़ने मे हमारा वेक्सिनेशन अभियान सबसे अधिक प्रभावी साबित होने वाला है, इसमें जन जन की भागीदारी अहम है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड पूर्ण रूप से पात्र लाभार्थियों को कोविड-19 की वैक्सीन की प्रथम डोज लगाने वाला राज्य बन गया है, इसके लिये मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को भी बधाई दी है।

जन समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित गति से किया जाय निस्तारण-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री कार्यालय एवं घोषणा अनुभाग का आकस्मिक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा अनुभाग के स्तर पर की जाने वाली कार्यवाही का निरीक्षण करने के साथ ही इस सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिये कि घोषणा अनुभाग में प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर समयबद्धता के साथ त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए ताकि जनहित को ध्यान में रखते हुए की गई घोषणायें धरातल पर दिखाई दें तथा आम जनता को उसका लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घोषणाओं का क्रियान्वयन समयबद्धता के साथ हो यह हमारा प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से आम जनता की बड़ी अपेक्षायें रहती हैं। अतः जन अपेक्षाओं के समाधान के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य प्रणाली के सरलीकरण एवं समस्याओं के समाधान की भावना के साथ यदि हम अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तो जनता में सरकार के प्रति विश्वास का भाव जागृत होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय को प्राप्त होने वाली जन शिकायतों एवं समस्याओं से सम्बन्धित आवेदनों का निस्तारण भी त्वरित गति से किया जाए, साथ ही आवेदकों को भी उनके निवेदनों पर की गई कार्यवाही की सूचना उपलब्ध कराये जाने की व्यवस्था की जाए।
इस अवसर पर अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, संयुक्त सचिव संजय टोलिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।