सीएम ने दिनभर अधिकारियों को रखा रिचार्ज पर, खुद संभाला मोर्चा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय स्थित राज्य आपदा कन्ट्रोल रूम से प्रदेश में हो रही वर्षा की जानकारी ली। उन्होंने राष्ट्रीय राजमर्गों एवं अन्य सम्पर्क मार्गों की जानकारी भी ली। जिलाधिकारी पौड़ी एवं जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग से मुख्यमंत्री ने फोन से वार्ता कर ताजा अपडेट लिया। जिलाधिकारी पौड़ी द्वारा जानकारी दी गई कि तहसील लैंसडौन के क्षेत्रान्तर्गत छप्पर गिरने से 3 लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गये थे। घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग ने जानकारी दी कि श्री केदारनाथ में कल तक 6 हजार श्रद्धालु थे। जिसमें से चार हजार वापस आ गये हैं। शेष 2 हजार सुरक्षित स्थानों पर है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित किया जाय कि बारिश के कारण यदि कोई राजमार्ग बाधित होता है, तो उनमें आवागमन जल्द सुचारू करने के लिए पूरी व्यवस्था हो। जिन क्षेत्रों में अधिक वर्षा हो रही हैं, वहां विशेष सतर्कता बरती जाय। मुख्यमंत्री सुबह से सभी जिलाधिकारियों से अपडेट ले रहे हैं।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन एस.ए. मुरूगेशन, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिद्धिम अग्रवाल, जितेन्द्र सोनकर, डॉ. आनन्द श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।

बिगड़े मौसम का पल-पल जायजा लेते रहे सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही वर्षा का लगातार जायजा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने फोन के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों से जनपदों में बारिश की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में बारिश की स्थिति एवं आवागमन की स्थिति की प्रत्येक घंटे की रिपोर्ट दी जाए। प्रशासनिक अमले पहले ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर अलर्ट मोड पर हैं।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से भी सावधानी बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आज प्रदेश के 1 से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद रखे गए हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति में रिस्पांस टाइम कम से कम हो। यात्रियों को असुविधा न हो।

सूबेदार अजय सिंह रौतेला को सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

जम्मू-कश्मीर के पुंछ क्षेत्र में आंतकियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए सूबेदार अजय सिंह रौतेला का अंतिम संस्कार आज ऋषिकेश स्थित चंद्रेश्वर घाट में सैन्य सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
ऋषिकेश में शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए चंद्रेश्वर घाट पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। बारिश के चलते भी लोगों ने भारी मात्रा में शहीद के श्रद्धांजलि यात्रा में पहुंचकर जोश एवं उत्साह से भारत माता की जय, शहीद अजय रौतेला अमर रहे, पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाकर देश की रक्षा में अपनी जान की बाजी लगाने वाले शहीद अजय रौतेला को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने शहीद सूबेदार अजय रौतेला के परिजनों से मिलकर अपनी सांत्वना व्यक्त की। अग्रवाल ने शहीद के तीनों पुत्रों अरुण, अमित एवं सुमित से मिलकर उन्हें ढ़ांढ़स भी बधाया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा एवं देश उनके बलिदान को कभी भी भूल नहीं पाएगा। अग्रवाल ने कहा कि भारत जल्द ही इसका जवाब देकर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करेगा।

विस अध्यक्ष ने निर्माण कार्यो में तेजी लाने के दिए निर्देश

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित विभागीय अधिकारियों के संग ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में हो रहे सड़क निर्माण कार्यों को लेकर समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैराज स्थित कैम्प कार्यालय में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की ओर से किए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने लोनिवि अधिकारियों से क्षेत्र में निर्माणाधीन विभिन्न सड़कों को तेजी से पूरा करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यो की गुणवता में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सड़कों के निर्माण को लेकर अधिकारियों को गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों की प्रगति की समय-समय पर विभागीय समीक्षा करने को भी कहा।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने विगत दिनों जन आशीर्वाद रैली के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सड़कों के निर्माण के लिए की गई 20 करोड़ रुपए की घोषणा के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र में जिन सड़कों का निर्माण कार्य किया जाना है उनका शीघ्र ही प्रस्ताव तैयार किया जाए जिससे सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन सड़क निर्माण कार्य में लॉकडाउन एवं बरसात के कारण देरी हुई है, उनका निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर पूर्ण करा लिया जाए। जिन सड़कों का पैच वर्क कराया जाना है, उन्हें भी समय सीमा के अंतर्गत पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए ताकि जनता को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
विस अध्यक्ष अग्रवाल ने निर्देशित करते हुए कहा है कि जिन मार्गों के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। उन्हें शासन से धनराशि स्वीकृत कराए और जिन सड़क मार्गो की निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। उन मार्गो के शिलान्यास कार्यक्रम शुरू कराए जाएं और जिन सड़क मार्गो का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उनके शीघ्र लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न कराए जाएं।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता आरसी कैलकुला एवं अपर सहायक अभियंता लक्ष्मीकांत गुप्ता मौजूद थे।

लायंस क्लब डिवाइन लोगों की कर रहा मदद

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन द्वारा आज तीन पात्र लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इनमें एक आर्थिक रूप से कमजोर तो दो लोग बीमार व्यक्ति है।
इस अवसर पर क्लब संस्थापक ललित मोहन मिश्र व अध्यक्ष जगमीत सिंह ने कहा कि कोविड काल में आमजन की आर्थिक हालत बहुत खराब हो गई है। कम आय वाले व्यक्तियों के लिए जीवन यापन करना मुश्किल हो रहा है। वहीं, बीमार व्यक्ति भी महंगे ईलाज कराने से बच रहा है। उन्होंने कहा कि क्लब जरुरतमंद लोगों के द्वारा मदद मांगने पर उनकी सहायता की जाती है। इसी क्रम में तीन व्यक्तियों को आज आर्थिक सहायता दी गई है। इनमें एक व्यक्ति जो पेट की समस्या से पीड़ित है उसे क्लब द्बारा आज तीसरी बार धनराशि प्रदान की गई है। इसमें नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी द्वारा भी सहयोग किया गया है।
इस अवसर पर सचिव विकास ग्रोवर, कोषाध्यक्ष पवन शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष महेश किंगर, अंकित कालरा, आदि उपस्थित रहे।

राज्य के विकास में एनडी तिवारी का अहम योगदान-खरोला

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने उत्तराखंड के प्रथम निर्वाचित मुख्यमंत्री एनडी तिवारी की जयंती एवं पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये।
खरोला ने पुराने संस्मरणों को याद करते हुए बताया कि उत्तराखंड गठन के बाद के एनडी तिवारी के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान ही उन्हें प्रथम प्रदेश युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनने का अवसर मिला। उसी दौरान एनडी तिवारी के साथ कार्य करने का अवसर भी मिला। इसके लिए वे आज तक अपने आप पर गर्व महसूस करते है ।
खरोला ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के विकास में तिवारी का महत्वपूर्ण योगदान है। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एम्स हॉस्पिटल का निर्माण हो या आस्था पथ मरीन ड्राइव का निर्माण बहुत बड़ी उपलब्धि, इस क्षेत्र के लिए उनकी रही है। साथ ही राज्य को विकास पथ पर आगे बढ़ाने की उनकी सोच की बदौलत ही राज्य में आज उद्योगों का जाल दिखाई देता है। एनडी तिवारी जब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से उद्योग लगाने की योजना पर काम किया। रुद्रपुर और हरिद्वार में सिडकुल जैसे औद्योगिक आस्थान की स्थापना हुई। स्व. तिवारी के व्यक्तित्व और प्रभाव के कारण ही देश की नामी कंपनियों ने यहां पर कंपनियां खोलीं। हजारों युवाओं को रोजगार मिला। परन्तु नोट बंदी और केंद्र सरकार के कई जनविरोधी निर्णयों से आज कई कंपनियां बंद हो चुकी हैं और लोग रोजगार से हाथ धो चुके हैं।
खरोला ने कहा कि राज्य में औद्योगिक क्षेत्रों को विकसित कर राज्य के बेरोजगार नवयुवकों के लिए रोजगार सृजन करने का काम किया। टिहरी बांध, मनेरी भाली, धौली गंगा जल विद्युत परियोजनाओं का काम पूरा कर राज्य को विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर करने का काम किया। राज्य की शिक्षा व्यवस्था में अमूल-चूल परिवर्तन कर एलटी के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम किया।
खरोला ने कांग्रेस जानो से अपील करते हुए कहा कि इन महान नेताओं के दिए हुए संदेशो को यदि हम आज जनता तक पहुंचाने में सफल रहे तो निश्चित ही राज्य में कांग्रेस की लोकतांत्रिक सरकार बनेगी ।

कर्नल कोठियाल ने अपनी अब तक की सफलता का श्रेय युवाओं को दिया

आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित हो चुके कर्नल अजय कोठियाल ने हरिपुरकलां क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवाओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
संत समाज की गरिमामयी उपस्थिति के बीच आयोजित कार्यक्रम में कर्नल कोठियाल ने उत्तराखंड के नव निर्माण में युवाओं से सहयोग का आह्वान किया। कर्नल (रिटायर्ड) अजय कोठियाल ने अपनी अब तक की सफलता का श्रेय युवाओं को दिया। उन्होंने कहा कि सेना में रहते हुए उन्होंने जिस भी आपरेशन में हिस्सा लिया, उसे युवाओं ने ही सफल बनाया। कहा कि मुझे उम्मीद है उत्तराखंड के युवा मेरा साथ देंगे। उन्होंने कहा कि अब हम सबको मिलकर उत्तराखंड का नवनिर्माण करना है। पिछले 20 साल से भाजपा व कांग्रेस ने साठगांठ कर रखी है कि एक बार तुम लूटो, एक बार हम लूटेंगे। दोनों ही पार्टी के बड़े नेताओं के स्टिंग हो चुके है। लेकिन दोनों ही एक-दूसरे की जांच नहीं कराते। अब पहाड़ का पानी और जवानी पहाड़ के ही काम आएगी।
इससे पूर्व बिरला फार्म हरिपुर कला स्थित श्रीदेवी प्रवीण आश्रम में कांग्रेस पार्टी के पूर्व इकाई अध्यक्ष विक्रम रावत के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा। सैकड़ों संतो की गरिमामय उपस्थिति के बीच आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री के उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल एवं ऋषिकेश विधानसभा प्रभारी राजे सिंह नेगी ने सभी नए साथियों को पार्टी की टोपी एवं माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर भारत माता मंदिर के महंत एवं पंचायती निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि जी महाराज ने कहा कि उत्तराखंड नवनिर्माण के लिए सभी संतो का आश्रीवाद कर्नल अजय कोठियाल के साथ है। इस अवसर पर महामंडलेश्वर जगदीशानंद समेत विभिन्न मंडलियों के संत समाज के साथ ही स्थानीय निवासी करण भारद्वाज, मनीष भंडारी, शुभम कुकरेती, नवीन कुमार, विकास कुमार, अश्वनी सिह, राहुल दुबे, अजय रावत, प्रभात झा, नरेंद सिंह, विक्रांत भारद्वाज, मनमोहन नेगी, ललित कुकरेती, दिनेश चंद्र थपलियाल, नीरज कशयप, हिमांशु नेगी, अंशु सिंह समेत दर्जनों की संख्या में युवा उपस्थित रहे।

उत्तराखंड जन विकास मंच लगातार कर रहा अप्रत्याशित वृद्धि को वापस लेने की मांग

उत्तराखंड जन विकास मंच के द्वारा बिजली व पानी के बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि के विरोध स्वरूप आज होने वाली रैली को बारिश के चलते स्थगित कर दिया गया। लेकिन मंच की ओर से कार्यकर्ता व क्षेत्रवासियों ने विद्युत उपखंड अधिकारी श्यामपुर एवं जलकल अधिकारी श्यामपुर के कार्यालय में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।
इस अवसर पर मंच के अध्यक्ष आशुतोष शर्मा व राजेश व्यास ने बताया कि बिजली व पानी में विगत कुछ वर्षों से अप्रत्याशित वृद्धि के कारण आम उपभोक्ताओं को अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। यूपीसीएल द्वारा अपने उपभोक्ताओं से बिजली के बिलों में फिक्स चार्ज, फ्यूल चार्ज, विद्युत कर, ग्रीन कर आदि लगाए जाते हैं जोकि सरासर अन्याय पूर्ण है। इसे पूर्णतया समाप्त किया जाना चाहिए।
मंच के उपाध्यक्ष जनार्दन नवानी व देवेंद्र बेलवाल ने कहा कि पानी के बिलों में 15 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से अप्रत्याशित वृद्धि किसी भी दृष्टि से न्याय पूर्ण नहीं है। इसे यथाशीघ्र समाप्त कर जनता को राहत दी जानी चाहिए। राजेंद्र गैरोला व प्रचार सचिव विनोद पोखरियाल ने बताया कि यूपीसीएल द्वारा बिजली का बिल 2 माह में दिया जाता है जिसके चलते को 100, 200, 300 यूनिट तक विद्युत का उपभोग करने वाले उपभोक्ताओं को स्लेब का लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने यूपीसीएल द्वारा उपभोक्ताओं को प्रतिमाह विद्युत बिल देने की मांग की।
दलित शोषित मंच के अध्यक्ष जतिन जाटव व राजेंद्र पाल ने कहा उत्तराखंड जन विकास मंच द्वारा बिजली व पानी की मूलभूत मांगों को लेकर चलाये जा रहे आंदोलन को समर्थन दिया।
इस अवसर पर ज्ञापन प्रेषित करने वालों में पूर्व ग्राम प्रधान सतीश रावत, विस्थापित पशुलोक के पूर्व प्रधान हरि सिंह भंडारी, नगर निगम पार्षद विपिन पंत, पूर्व बीडीसी वीर सिंह नेगी, प्रवीण सिंह. बेचैन गुप्ता, गजेंद्र बिष्ट, सूरज, मनमोहन आदि उपस्थित रहे।

विश्व दृष्टि दिवस पर लोगों को नेत्र संबंधी विकार की जानकारी दी

विश्व दृष्टि दिवस के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, एम्स ऋषिकेश में नेत्र विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों से आंखों से संबंधित विभिन्न रोगों के प्रति जागरुक रहने को कहा है। उन्होंने बताया कि जागरुक रहकर व किसी भी नेत्र संबंधी विकार होने पर समय पर उपचार से ही दृष्टिबाधिता की समस्या से बचा जा सकता है। उधर विभाग की ओर से त्रिवेणीघाट पर नेत्र संबंधी विकारों को लेकर जागरुक किया गया।
एम्स ऋषिकेश में नेत्र विभाग के द्वारा आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सकों ने आमजन को आंखों के विभिन्न रोगों, लक्षणों और उनसे बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी। नेत्र रोग विभागाध्यक्ष प्रोफेसर संजीव कुमार मित्तल ने बताया कि देश में लगभग 6 करोड़ लोग विघ्भिन्न तरह के दृष्टिबाधिता रोगों से ग्रसित हैं। उन्होंने बताया कि आम नागरिकों व मरीजों को यह समझना होगा कि शुगर बढ़ने से आंखों की बीमारियों को सीधा नुकसान होता है। इस अवसर पर उन्होंने विश्व दृष्टि दिवस के उद्देश्य पर भी प्रकाश डाला।
ऑफिसिएटिंग डीन प्रोफेसर जया चतुर्वेदी ने कहा कि ’जान है तो जहान है’ तभी सार्थक है, जब हमारी आंखें निरोगी हों और हम संसार को अपनी आंखों से देख सकें। उन्होंने बताया कि वर्तमान भाग-दौड़भरे जीवन और प्रदूषण युक्त वातावरण के कारण जरूरी है कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी आंखों की स्वच्छता व उनकी बीमारियों के प्रति गंभीरता बरते व किसी भी प्रकार की नेत्र संबंधी दिक्कतें सामने आने पर तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें।
कार्यक्रम के दौरान नेत्र विभाग के विभिन्न चिकित्सकों ने प्रोजेक्टर के माध्यम से आंखों की विभिन्न बीमारियों उनके लक्षणों, बचाव और उपचार के बारे में आमजन को विस्तारपूर्वक समझाया। डॉ. हिमानी पाल ने दृष्टिदोष के लक्षण बारीकी से समझाए। बताया कि दृष्टिदोष की समस्या किसी भी उम्र के लोगों में हो सकती है। उन्होंने आंखों से धुंधला नजर आना, पढ़ते समय सिरदर्द होना, दूर व नजदीक का स्पष्ट नहीं दिखाई देना, किताबें पढ़ते समय आंखों से पानी आना आदि बीमारी के लक्षणों, कारण और उनके उपचार के बारे में बताया। डॉ. संध्या यादव ने कार्नियल अंधता के बाबत बताया कि बच्चों में विटामिन-ए की कमी से यह परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कार्निया खराब होने पर कार्निया प्रत्यारोपण की तकनीक विकसित हो चुकी है। उन्होंने जोर दिया कि कार्नियल अंधता से ग्रसित लोगों को इस तकनीक का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है।
डॉ. दिव्या सिन्धुजा ने सफेद मोतिया, डॉ. सुचरिता दास ने काला मोतिया, डॉ. श्री राम जे. ने रेटिना से संबंधित विभिन्न बीमारियों और डॉ. लक्ष्मी शंकर ने कम रोशनी के दौरान पढ़ाई-लिखाई करने व अन्य कार्य करने से आंखों में होने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कम रोशनी में किताबें पढ़ने से आंखों की रेटिना में जोर पड़ता है और उन्हें नुकसान हो सकता है। इसलिए हमेशा पढ़ते समय पर्याप्त रोशनी होनी चाहिए।
विभाग की फैकल्टी सदस्य डा. रामानुज सामंता ने बताया कि आम लोगों को आंखों के प्रति जागरुक करने के लिए हम सभी को संचार और प्रचार के विभिन्न माध्यमों का उपयोग कर सामाजिक जागरुकता लानी होगी। कार्यक्रम में आई बैंक की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. नीति गुप्ता समेत विभाग के कई अन्य चिकित्सक, सीनियर रेजिडेंट्स और स्टाफ सदस्य मौजूद थे। उधर विभाग की ओर से सांयकाल त्रिवेणीघाट पर आयोजित कार्यक्रम में आम जन को नेत्र संबंधी बीमारियों के प्रति जागरुक किया गया।जिसमें विभागाध्यक्ष डा. संजीव मित्तल ने कार्नियल दृष्टिहीनता के मुख्य कारणों के बारे में बताया,जिसमें चोट से जख्म, कुपोषण संक्रमण, रसायनिक जलन, जन्मजात गड़बड़ी, ऑपरेशन के बाद जटिलताएं या संक्रमण संबंधी जानकारी दी। डा. अजय अग्रवाल ने बताया कि काला मोतिया बीमारी के कारणों पर प्रकाश डाला। बताया कि आंख की नस जो दिमाग से जुड़ी होती है उसके खराब होने से यह बीमारी होती है, इससे रोशनी को जितना नुकसान हो जाता है वह दोबारा ठीक नहीं की जा सकती। उन्होंने काला मोतिया के लक्षण आंख लाल होना, लगातार सिर दर्द होना, देखने का दायरा छोटा होना बताया। आई बैंक की निदेशक व कार्निया स्पेशलिस्ट डा. नीति गुप्ता ने कार्निया दृष्टिहीनता के बाबत विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया घ्कि इसका समाधान सिर्फ कार्निया प्रत्यारोपण ही है। बताया कि कार्निया आंख की पुतली होती है, बीमारी, जख्म अथवा अन्य किसी भी कारण से पुतली खराब हो जाए तो कार्निया प्रत्यारोपण ही इसका एकमात्र समाधान है। इस दौरान उन्होंने लोगों से नेत्रदान के लिए आगे आने की अपील भी की, उन्होंने बताया कि नेत्रदान से ही कार्निया प्राप्त कर नेत्रहीनों का जीवन रोशन किया जा सकता है।

उत्तराखंड की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम का शानदार प्रदर्शन

देवभूमि की बेटियों ने क्रिकेट जगत में इतिहास रचा है। राज्य को बीसीसीआई से मान्यता मिलने के बाद उत्तराखंड को पहली ट्रॉफी नसीब हुई है। उत्तराखंड की अंडर 19 महिला क्रिकेट टीम ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 वनडे ट्रॉफी अपने नाम की है। फाइलन मुकाबले में (UTTARAKHAND WON FIRST EVER BCCI TROPHY AFTER RECOGNITION FROM BCCI) उत्तराखंड ने मध्य प्रदेश को 8 विकेट से रौंदकर ये इतिहास रचा।
जयपुर के सवाईमान सिंह स्टेडियम में खेले गए फाइलन मुकाबले में उत्तराखंड ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाकर रखी। उत्तराखंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। मध्य प्रदेश के सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की। लेकिन बाद में एमपी की टीम लड़खड़ा गई। 48.2 ओवर में एमपी की टीम मात्र 102 रन पर सिमट गई। उत्तराखंड की कप्तान पूजा राज ने 9 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लिए।
जवाब में उत्तराखंड ने शुरुआत खराब रही और 18 रन पर 2 विकेट गिर गए। इसके बाद नीलम भारद्वाज ने ज्योति गिरी के साथ मिलकर टीम को 34वें ओवर में जीत दिला दी। नीलम 56 और ज्योति 26 रन बनाकर नाबाद रहीं। नीलम भारद्वाज ने सेमीफाइलन में भी अर्धशतकीय पारी खेली थी। उत्तराखंड को पहली ट्रॉफी मिलने पर सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता जारी है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने भी देवभूमि की बेटियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।