मानवेन्द्र कंडारी ने अपने जन्मदिन पर 3 दिव्यांगजनों को व्हील चेयर दी

स्वर्गीय धूम सिंह कंडारी वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में आज संस्था के संस्थापक मानवेंद्र कंडारी का जन्म दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संस्थापक द्वारा क्षेत्र के 3 दिव्यांग लोगों को व्हील चेयर का वितरण किया गया। इनमें टिहरी विस्थापित कॉलोनी डोबरा के 45 वर्षीय दिनेश राणा, विस्थापित क्षेत्र माली देवल के 11 वर्षीय ऋषभ जोशी तथा रुषा फार्म गुमानी वाला की 13 वर्षीय ऋषिता थापा शामिल रही।
इस अवसर पर संस्थापक मानवेंद्र कंडारी ने बताया कि संस्था समय-समय पर क्षेत्र के दिव्यांग, निराश्रितों और असहाय लोगों की मदद के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करती है। इस अवसर पर रोटरी सेंट्रल के अध्यक्ष संजय सकलानी, स्व.धूम सिंह कंडारी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह चौहान, उपाध्यक्ष महावीर उपाध्याय, सचिव टेक सिंह राणा, विनोद पोखरियाल, नवीन नेगी, ग्राम प्रधान राजेश व्यास, जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान, कांता प्रसाद कंडवाल, पूर्व प्रधान सरोप सिंह पुंडीर आदि उपस्थित रहे।

बूथ स्तर पर युवाओं को दी जा रही जिम्मेदारी

नगर निगम क्षेत्र के बीस बीघा में आज कांग्रेस पार्टी ने युवाओं की एक बैठक आयोजित की। जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर युवाओं की योगदान पर चर्चा की गई। साथ ही बूथ स्तर पर युवाओं की टीम का गठन भी किया गया।
इस अवसर पर एआईसीसी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि अब भाजपा से युवाओं का मोह भंग हो रहा हैं। जहां एक ओर महंगाई चरम पर है, वहीं दूसरी ओर बेरोजगारी ने युवाओं को तोड़ दिया हैं। इसलिए आज युवा खुलकर कांग्रेस के साथ खड़े होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भी कांग्रेस की बैठकें हो रही है वहां पर बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी देखने को मिल रही है। इससे स्पष्ट हो रहा है कि 2022 मे प्रदेशभर और ऋषिकेश विधानसभा में कांग्रेस की जीत होगी।
वहीं, महानगर कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय ने कहा कि कांग्रेस का बूथ स्तर पर नये कार्यकर्ताओं को जोड़ने व बूथ में युवाओं को सक्रिय करने की रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है। नए वोटरो को भी कांग्रेस सरकार के जनहित के कार्यों से अवगत कराकर हर बूथ पर नए युवाओं को बूथ स्तर पर जिम्मेदारी भी दी जा रही है।
बैठक में प्रदीप चंद्रा, नरेंद्र चौहान, इमरान सैफी, शोबित नेगी, सूरज उनियाल, विवेक कोठारी विकाश नेगी, मोहित पंवार, मोहित नेगी, अभिषेक चौहान, रवि कुमार, सूरज रावत, विनीत रतूड़ी, आकाश उनियाल, निशांत बागड़ी आदि लोग मौजूद थे।

प्रभारी मंत्री अपने जिलों में राहत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावितों की मदद करे-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जनपदों के प्रभारी मंत्रीगणों से अपेक्षा की है कि प्रदेश में घटित प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत इत्यादि प्रदान किये जाने के उद्देश्य से अपने-अपने जनपदों का अविलम्ब भ्रमण करते हुए आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण, बचाव एवं राहत कार्यों की समीक्षा, राहत सामग्री/धनराशि का वितरण एवं प्रभावित परिवारों की कुशल क्षेम तथा क्षतिग्रस्त कार्यों का पुनर्निर्माण इत्यादि की कार्यवाही त्वरित गति से सम्पन्न कराने की व्यवस्था की जाय। उन्होंने कहा कि जनपद के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाय ताकि आपदा से प्रभावित जनमानस को यथासमय आसानी से राहत इत्यादि प्राप्त हो सके तथा क्षतिग्रस्त कार्यों को समय से पूर्ण कराया जा सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्तमान समय में उत्तराखण्ड राज्य के लगभग समस्त जनपद अतिवृष्टि के कारण आपदा से अत्यधिक प्रभावित हुए हैं। इस आपदा से जनपदों में भूस्खलन, बाढ़ इत्यादि के कारण अत्यधिक नुकसान एवं जनहानि भी हुई है। उक्त आपदा की स्थिति से निपटने के लिये सरकार निरन्तर राहत एवं बचाव कार्यों के लिये पूर्णरूपेण प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने इस सम्बन्ध में सभी से व्यक्तिगत ध्यान देने के साथ ही आवश्यक सहयोग की भी अपेक्षा की है।

सीएम धामी ने पुलिस कर्मियों की 4600 ग्रेड पे मांग पूरी की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को पुलिस लाईन, देहरादून में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक पर पुलिस एवं अर्द्ध सैन्य बलों के शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उत्तराखण्ड के शहीद पुलिस जवानों के परिजनों को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ईनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु पुरस्कार धनराशि में वृद्धि किये जाने, शहीद पुलिस कर्मियों के नाम पर स्कूल/सड़क का नामकरण किये जाने, पुलिस विभाग के प्रशिक्षण केन्द्रों में अतिथि वार्ताकारों के मानदेय में उत्तराखण्ड प्रशासनिक अकादमी नैनीताल की भाँति वृद्धि करने, देहरादून में राज्य पुलिस संग्रहालय/मेमोरियल की स्थापना करने के साथ ही 2001 बैच के पुलिस आरक्षियों को 4600 ग्रेड पे दिये जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखने का उत्तरदायित्व राज्यों की पुलिस बल व अर्द्धसैनिक बलों का है। अपने इस उत्तरदायित्व को निभाते हुए पुलिस कर्मी अपने जीवन की आहुति को भी तत्पर रहते हैं। अपने कर्तव्य पालन के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले ये पुलिस कर्मी हम सब के लिए प्रेरणा के स्रोत है। सम्पूर्ण भारतवासी अपने शहीद पुलिस कर्मियों व अर्द्ध सैनिक बलों को हार्दिक श्रद्धांजलि देते हुए नतमस्तक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दिन हम इन पुलिस कर्मियों के परिजनों के प्रति भी अपनी हार्दिक संवेदनाएं प्रकट करते हैं। आज पूरा विश्व आतंकवाद और कोविड-19 महामारी से जूझ रहा है। उत्तराखण्ड पुलिस के अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा अपनी जान की परवाह किए बिना कोविड-19 महामारी के नियंत्रण में सराहनीय कार्य किया। जिसमें पुलिस के बहुत से अधिकारी और कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 13 पुलिस कर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित होने से मृत्यु को प्राप्त हुए हैं। उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा कोविड-19 महामारी के नियंत्रण में किये जा रहे सराहनीय कार्य के अंर्तगत पुलिस विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मी से निरीक्षक स्तर तक के कार्मिकों को 10,000 रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत एक वर्ष में सम्पूर्ण भारत में कुल 377 अर्द्ध सैनिक बलों एवं विभिन्न राज्यों के पुलिस कर्मी शहीद हुए। जिसमें उत्तराखण्ड पुलिस के 3 वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। उत्तराखण्ड राज्य की अन्तर्राष्ट्रीय सीमायें नेपाल, चीन एवं अन्तर्राज्जीय सीमायें हिमाचल प्रदेश व उत्तर प्रदेश से मिलती है। यह प्रदेश भौगोलिक एवं सामरिक महत्व के दृष्टिगत राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अत्यन्त संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण है। उत्तराखण्ड पुलिस के समक्ष कई चुनौतियां हैं, जिनमें बड़े त्यौहार, चारधाम यात्रा, आपदा, भूस्खलन, कांवड़ यात्रा आदि हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कर्मी वर्दीधारी संगठन में होने के कारण अनुशासन में बंधे रहते हैं। कठोर एंव विपरीत परिस्थितियों में चुनौतीपूर्ण कार्यों का निवर्हन करते हैं। प्रदेश के विकास एवं शान्ति व कानून व्यवस्था बनाये रखने में राज्य पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश शासन पुलिस कर्मियों को अपने दायित्यों का निर्वहन करने हेतु उनकी कल्याणकारी योजनाओं/सुविधाओं पर विशेष ध्यान रख रहा है। स्मार्ट पुलिस बनाने का जो विजन माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का है, उसको पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी ने पुलिस के लिए ठीक ही कहा हैः-’’अपनों के लिए हर वादे तोड़ के आया हूँ, मैं खाकी हूँ….आपके लिए अपनों को रोता छोड़ के आया हूँ’’।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, गणेश जोशी, मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, विधायक हरवंश कपूर, खजान दास, कुंवर प्रणव सिंह चेम्पियन, विनोद चमोली, सांसद नरेश बंसल, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस.सन्धू, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनन्द वर्धन, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, आयुक्त गढ़वाल रविनाथ रमन, सचिव डॉ. रणजीत सिन्हा ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार ने राहत व बचाव कार्य बेहतर ढंग से चलाया-अमित शाह

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया। उनके साथ राज्यपाल उत्तराखण्ड ले.ज. (से.नि.) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, उत्तराखण्ड के आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ धन सिंह रावत व राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी भी थे।
इसके बाद राज्य अतिथि गृह, जौलीग्रांट में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश में आपदा की स्थिति और संचालित राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार देवभूमि की हर सम्भव सहायता करेगी। भविष्य में और बेहतर आपदा प्रबंधन के लिए क्या किया जा सकता है, राज्य सरकार इस संबंध में अपने सुझाव भेजे। आपदाग्रस्त व जलभराव वाले क्षेत्रों में मेडिकल टीमें भेजी जाएं ताकि किसी तरह की बीमारियों को फैलने से रोका जा सके। क्षतिग्रस्त बिजली लाईनों को पूरी तरह जल्द से जल्द ठीक की जाए। केंद्रीय व राज्य की एजेंसियों में बेहतर समन्वय देखने को मिला, इसे इसी प्रकार बनाए रखा जाए। बैठक में केन्द्रीय गृह मंत्री के समक्ष प्रस्तुतिकरण देते हुए बताया गया कि भारी बारिश का अलर्ट मिलने के तत्काल बाद मुख्यमंत्री स्तर पर समीक्षा की गई। तुरंत इन्सीडेंस रेस्पोंस सिस्टम को राज्य व जिला स्तर पर सक्रिय कर दिया गया। एहतियातन तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर रोक लिया गया। साथ ही स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया। विभिन्न माध्यमों से यात्रियों और जनसाधारण को भी अलर्ट किया गया। ट्रैकर्स को भी अलर्ट किया गया। नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी गई और आवश्यक कदम उठाए गए। आईएमडी के अनुसार सामान्य रूप से 1.1 मिमि बारिश होती है जबकि अभी 122.4 मिमि बारिश हुई। इन दो दिनों में सभी जगह रिकार्ड बारिश हुई। परंतु सही समय पर अलर्ट और तदनुसार एहतियात कदम उठाने से हानि को कम किया जा सका। प्रदेश में इस समय एनडीआरएफ की 17 टीमें तैनात हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र से मिले सहयोग पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेना, एनडीआरएफ, सीडब्ल्यूसी, बीआरओ के साथ मिलकर राज्य सरकार आपदा की तीव्रता को कम कर सकी। लोगों को अधिक से अधिक राहत पहुंचाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। चारों धाम की यात्रा शुरू की जा चुकी है।
बैठक में केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, उत्तराखण्ड के आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ धन सिंह रावत, मुख्य सचिव डॉ एस एस संधु, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी अशोक कुमार, प्रमुख सचिव आर के सुधांशु, सचिव एस ए मुरूगेशन, डॉ बीवीआरसी पुरुषोत्तम, डीआईजी एसडीआरएफ रिद्धिम अग्रवाल उपस्थित थे। बैठक में भारत सरकार के अधिकारी भी उपस्थित थे।
बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस संकट की स्थिति में भारत सरकार हर तरीके से देवभूमि के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बहुत अच्छे से काम किया है। इस कारण से कम नुकसान हुआ है। आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार का समन्वय रहेगा।
अमित शाह ने कहा कि दो घंटे के हवाई निरीक्षण और समीक्षा बैठक में स्थिति का जायजा लिया। यह बात स्पष्ट है कि भारत सरकार द्वारा सही समय पर अलर्ट करने से नुकसान को कम किया जा सका। 24 घंटे पहले चेतावनी मिलने से मुख्यमंत्री ने पूरे सिस्टम को एक्टिवेट किया। लोगों को भी अलर्ट कर दिया गया। चारधाम यात्रियों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया। इसी का परिणाम है कि अभी तक चारधाम यात्रियों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यात्रा अब शुरू भी कर दी गई है। सभी एजेंसियां समय पर सक्रिय हो गई थी। प्रधानमंत्री जी ने मुख्यमंत्री से बात कर समय पर राज्य को हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराए। भारत सरकार से हर सम्भव सहयोग दिया जा रहा है। सेंटर वाटर कमीशन और सिंचाई विभाग में अच्छा समन्वय रहा। अभी तक 64 दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हुई हैं। कुछ लोग लापता हैं। ज्यादातर सड़कें खुल गई हैं। पेयजल, बिजली, टेलीफोन नेटवर्क की आपूर्ति भी काफी बहाल कर दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने राहत व बचाव कार्य बहुत अच्छे से चलाया। इससे बहुत सी जानों को बचाया जा सका। 3500 लोगो को रेस्क्यू किया गया जबकि 16 हजार लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। एनडीआरएफ की 17 टीमें, एसडीआरएफ की 60 टीमें, पीएसी की 15 कम्पनियां और पुलिस के 5 हजार जवान आज भी बचाव व राहत में लगे हैं। जल्द ही सामान्य स्थिति हो जाएगी। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। वास्तविक नुकसान का आंकलन पूरे सर्वे के बाद हो पाएगा। वैसे डिजास्टर फंड में उत्तराखण्ड को पहले से ही 250 करोड़ रुपए की राशि दी गई है। इससे काम किया जा रहा है।

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाले खिलाड़ियों को विस अध्यक्ष ने किया सम्मानित

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत टीएचडीसी के परिसर में स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तराखंड के तहत दो दिवसीय राज्य स्तरीय चयन शिविर के समापन दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से शिविर में प्रतिभाग करने वाले 59 बच्चों को दो- दो हज़ार एवं 15 कोचों को भी दो-दो हज़ार रुपये देने की घोषणा की साथ ही राज्य स्तरीय चयन शिविर का आयोजन करने वाली सूर्यकिरण वेलफेयर सोसाइटी को भी एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
टीएचडीसी परिसर के सामुदायिक भवन में आयोजित दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए राज्य स्तरीय चयन शिविर के समापन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाले खिलाड़ियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया।
बता दें कि स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तराखंड के तहत राज्य स्तरीय चयन शिविर का आयोजन उत्तराखंड में पहली बार हुआ है जिसमें उत्तराखंड राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से दिव्यांग खिलाड़ियों ने हैंडबॉल, टेबल टेनिस, पावर लिफ्टिंग, बैडमिंटन, वॉलीबॉल एवं स्केटिंग जैसी खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया, इन खेल प्रतियोगिताओं में 50 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया जिनमें 12 बालिका एथलीट एवं 38 बालक एथलीट सम्मिलित हुए साथ ही 15 कोच, 15 स्वयंसेवी एवं 10 खेल विशेषज्ञ भी राज्य स्तरीय चयन शिविर का हिस्सा बने।आयोजन समिति ने बताया कि 30 स्पेशल खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए चयनित किए गए हैं।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तराखंड के तहत राज्य स्तरीय चयन शिविर का आयोजन कर स्पेशल खिलाड़ियों को समाज की सामान्य धारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। श्री अग्रवाल ने आयोजको का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के खेल शिविर का आयोजन करने से दिव्यांग खिलाड़ियों को भी आगे आने का मौका मिलेगा।
विस अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि भारत के खिलाड़ियों द्वारा ओलंपिक एवं पैरा ओलंपिक में कई मेडल अपने नाम किए एवं भारत का नाम विश्व में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि स्पेशल खिलाड़ियों के प्रदर्शन से अन्य युवाओं को भी खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरणा मिलेगी श्री अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड सरकार खेल एवं खिलाड़ियों के लिए संकल्पित है एवं खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल, पूर्व प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत, वरिष्ठ खेल कोच डीपी रतूड़ी, नगर निगम पार्षद राजेंद्र सिंह बिष्ट, पैरा ओलंपिक खिलाड़ी नीरजा गोयल, खेल कोच नागेश राजपूत, मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, समाज सेवी राजेश भट्ट, सरदार निरपाल सिंह, दिनेश पैन्यूली, रंजन अन्थवाल, सुनील थपलियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

विस अध्यक्ष ने राजकीय अस्पताल में कोरोना वारियर्स को किया सम्मानित

कोरोना टीकाकरण अभियान में भारत द्वारा आज 100 करोड़ डोज लगाने के आंकड़े को पार करने पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश के राजकीय चिकित्सालय में हेल्थ वर्कर्स को सम्मानित किया। विधानसभा अध्यक्ष ने अस्पताल में उपस्थित स्टाफ नर्स सहित अन्य कर्मियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस साल 16 जनवरी को शुरू हुए भारत में सबसे बड़े टीकाकरण अभियान में आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की है। जिसके लिए सभी देशवासी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हैं। विस अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा की कोरोना महामारी के शुरू होने के बाद भारत को लेकर तमाम तरह की आशंकाएं जताई गई थीं। 130 करोड़ से ज्यादा की आबादी में सभी पात्र लोगों को टीका लगाने के मैराथन काम को लेकर भारत की क्षमता पर सवाल खड़े किए गए थे। टीके की उपलब्धता को लेकर भी आशंका जताई गई थी। गुजरते वक्त के साथ भारत ने न सिर्फ इन सभी आशंकाओं झुठलाते और सवालों को गलत ठहराते हुए अपने नागरिकों को टीके का सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने की राह पर तेजी से आगे बढ़ता रहा बल्कि अब एक अरब डोज लगाने के मील के पत्थर को पार किया है। विधानसभा अध्यक्ष ने इस ऐतिहासिक सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार एवं सभी स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों का आभार व्यक्त किया है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ विजयेश भारद्वाज, डॉ पन्त, डॉ यादव, स्टाफ नर्स राहुल सक्सेना, मण्डल अध्यक्ष ऋषिकेश दिनेश सती, सुमित पंवार, पार्षद शिव कुमार गौतम, पार्षद विपिन पन्त, पार्षद वीरेंद्र रमोला, जयंत किशोर शर्मा, नितिन सक्सेना, राकेश चन्द, तेज बहादुर यादव का सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

नीरज शर्मा को रक्तदान के लिए मेरठ में सम्मानित किया

तीर्थनगरी के निवासी नीरज शर्मा को रक्तदान के लिए सदैव तत्पर रहने के लिए उत्तर प्रदेश के मेरठ में सम्मानित किया गया। नीरज शर्मा ने ऋषिकेश, देहरादून, हरिद्वार सहित कई जगहों में रक्तदान किया है। 39 बार रक्तदान कर चुके नीरज शर्मा अपनी टीम के जरिये रक्तदान प्रेरक के रूप में पहचान बना चुके हैं। नीरज शर्मा रक्तदान के अलावा जरूरतमंद लोगों के घर राशन पहुंचना, दवाई उपलब्ध कराना, विभिन्न जगहों पर धूप में तैनात पुलिस कर्मियों को नींबू पानी की सेवायें भी देते है। समाज सेवा के रुप में उन्होंने अपनी विशिष्ट पहयान बनाई है।

स्थानीय ट्रक ऑपरेटर्स को काम देने सहित अन्य मांग पर मोर्चा खोला

गढ़वाल ट्रक ऑनर्स सहित नगर और गढ़वाल मंडल के विभन्न जिलो के ट्रक ऑपरेटर्स ने रेलवे विकास निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ट्रक ऑपरेटरों ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत रेलवे प्रोजेक्ट की सामग्री ढुलान में ओवरलोडिंग का आरोप लगाया है। उन्होंने ओवर लोडिंग न करने व स्थानीय ट्रकों से कार्य करवाने की मांग की है।
गुरुवार को बड़ी संख्या में ट्रक ऑपरेटर हरिद्वार बाईपास मार्ग पर रेलवे विकास निगम के कार्यालय के सामने एकत्रित हुए। ट्रक ऑपरेटरों ने आरवीएनएल पर मालवाहक वाहनों की परमिट शर्तों का उल्लंघन कर ओवरलोडिंग कराए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और यही टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए।
गढ़वाल ट्रक ऑनर्स अध्यक्ष दिनेश बहुगुणा ने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले ओवरलोड वाहनों को कंपनियों द्वारा रिसीव किया जा रहा है। रेलवे विकास निगम में जितनी भी कार्यरत कंपनियां हैं, सारी कंपनियां बाहरी वाहनों को हायर कर रही हैं। इससे स्थानीय ट्रांसपोर्टरों का एवं स्थानीय वाहन मालिकों का पूर्णतया कार्य खत्म हो चुका है। जबकि इस प्रोजेक्ट में क्षेत्र के लोगों की जमीन, घर और जंगल बर्बाद हुए हैं और इसका लाभ बाहर के ट्रांसपोर्टर एवं वाहन स्वामी ले रहे हैं। ट्रक ऑनर्स अध्यक्ष दिनेश बहुगुणा ने बताया कि जब तक ओवर लोडिंग पर रोक नहीं लगेगी, तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। बताया कि धरने को हिल ट्रक ट्रांसपोर्ट महासंघ, गढ़वाल ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन, ऋषिकेश ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन, चमोली यूनियन, सीमांत सहकारी संघ, पंच केदार यूनियन, पंचेश्वर यूनियन, भिलंगना यूनियन, जय काशी विश्वनाथ यूनियन, देवभूमि देहरादून, गढ़वाल ट्रक टिप्पर ऑनर्स, बिल्डिंग मटेरियल ट्रेडर्स आदि ने समर्थन दिया है।

माता के जागरण में प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चंद्रेश्वर नगर में जय दुर्गा समिति द्वारा आयोजित माँ भगवती के जागरण में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की खुशी के लिए दुआ भी मांगी।
खरोला ने कहा कि हाल में प्रकृति के भयावह रूप से हुई त्रासदी से प्रदेश वासियो को कई परेशानियों से होकर गुजरना पड़ा है। वह मां भगवती से कामना करते है कि इस त्रासदी के दौर पर प्रदेशवासियो की रक्षा करे और प्रदेश में सुख शांति बनी रहे।
इस मौके पर भरत लाल यादव, संजीव चौहान, तेज बहादुर यादव, जितेंद्र पाल पाठी, देवेंद्र प्रजापति, एकान्त गोयल, मोहित कुमार, विशाल चौहान, अंकित कुमार, देवेंद्र सिंह, सुमित कुमार, उदय, नीरज सिंह, श्याम शर्मा, सुजीत यादव, चंदेश्वर यादव, अशोक कुमार, ऋषभ मित्तल, संजीत कुमार, विशाल कुमार, रोहित राम, अंकित धीमान, अमन पाण्डेय, गोपी चंद, नीरज कुमार, ऋषि राम, ऋतिक राम, प्रदीप गौड़, ऋतिक पाल और सैकड़ो क्षेत्रवासी मौजूद रहे।