स्वयं सहायता समूह को रोजगार की जानकारी दी

लक्कड़ घाट की महिलाओं के मध्य सेतु फाउंडेशन द्वारा स्वयं सहायता समूह को रोजगार से जोड़ने हेतु एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं को अनेक तरीके के रोजगार खोलने की जानकारी दी गई। फाउंडेशन ने बताया कि संस्था द्वारा अब तक कई समूह गठित किए जा चुके हैं।
इस अवसर पर धनवर्षा स्वयं सहायता समूह लक्कड़घाट की अध्यक्ष सरिता पाल ने बताया कि समूह द्वारा अब तक नियमित मासिक किस्त जमा की का रही है, अब समूह से जुड़ी महिलाएं रोजगार भी करना चाहती है। जिस पर सेतु फाउंडेशन के अध्यक्ष श्याम प्रकाश रतूड़ी ने महिलाओं को कई तरह के रोजगार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समूह के सभी सदस्य इस विषय पर सामूहिक चर्चा करके एक दूसरी बैठक रखेंगे जिससे सबकी सहमति से रोजगार का चयन किया जा सके। बैठक में संस्था सचिव सरिता भट्ट, स्वयं सहायता समूह से संगीता, रूपाली, रेनू सहित 24 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।

इनरव्हील क्लब ने आशा किरण सेवा आश्रम में जरुरतमंद लोगों की मदद की

इनरव्हील क्लब ऋषिकेश ने आशा किरण सेवा आश्रम, नरेंद्र नगर के अनाथ, असहाय, वृद्ध और दिव्यांग लोगों को गर्म शाॅल व 1 महीने का राशन वितरण किया। इस दौरान सेवा आश्रम के लोगों ने क्लब के सेवाभाव कार्यक्रम की प्रशंसा की।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष चारू माथुर कोठारी ने बताया सेवा कार्य इनरव्हील क्लब का उद्देश्य है। क्लब हमेशा से जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से जरुरतमंद लोगों की मदद करने की अपील की। मौके पर सुशीला राणा, प्रीति पोखरियाल, हेमा गुल्हाटी, वर्षा खन्ना, प्रवीन मलिक आदि उपस्थित थे।

भारी बारिश के अलर्ट के बीच सीएम खुद करे मॉनीटिरिंग, लगातार रख रहे नजर

प्रदेश में भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों और एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से उनकी तैयारियों, बारिश की स्थिति आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी स्कूलों में 18 अक्टूबर को अवकाश रखने के निर्देश दिये। बहुत से जिलों में अवकाश कर भी दिया गया है। जिन जिलों में नहीं किया गया है, वे भी एहतियातन सोमवार को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय बड़ी संख्या में पर्यटक और तीर्थयात्री प्रदेश में आए हुए हैं। जरूरी होने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराते हुए उनके रहने और भोजन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसमें किसी तरह की लापरवाही न हो। पर्यटक और तीर्थयात्री यहां से अच्छा संदेश लेकर जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य, जिलों और तहसील स्तरों पर कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित हों। जिलों से इन दो दिन, हर घंटे रिपोर्ट भेजी जाए। कोई घटना होने पर उसकी सूचना तुरंत दी जाए। रेस्पोंस टाइम कम से कम होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए। आईटीबीपी, सीडब्ल्यूसी, बीआरओ, एसडीआरएफ, राजस्व, पुलिस आदि आपसी समन्वय से काम करें। ट्रेकर्स के बारे में पूरी सूचना रखी जाए और उनसे सम्पर्क रखें। लैंडस्लाइड जोन पर विशेष ध्यान रखा जाए। रास्ते बंद होने पर तुरंत खोलने की व्यवस्था हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि भूस्खलन आदि स्थिति में लोग कहीं फंसे नहीं। वे सुरक्षित स्थानों पर ठहरें। आपदा बचाव और राहत संबंधी उपकरण सुचारू स्थिति में हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए पूरी सावधानी बरतनी है। यात्रियों और पर्यटकों से भी सावधानी रखने की अपील की जाए, परंतु किसी तरह के पैनिक की भी जरूरत नहीं है। जिलाधिकारी, एसएसपी स्वयं मॉनिटरिंग करें।
बैठक में सभी जिलाधिकारियों से पूरी जानकारी ली गयी। बताया गया कि सभी जगह स्थिति अभी सामान्य है। एहतियातन चारधाम यात्रियों को सुरक्षित रूकाया गया है। रुकने, खाने की पर्याप्त व्यवस्था है।
बैठक में आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ धन सिंह रावत, विधायक संजय गुप्ता, मुख्य सचिव डॉ एस एस संधु, प्रमुख सचिव आर के सुधांशु, सचिव एसए मुरूगेशन, आईजी वी मुरूगेशन, आईजी एसडीआरएफ पुष्पक ज्योति, एसीईओ आपदा प्रबंधन रिद्धिम अग्रवाल, सहित वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, बीआरओ, आईएमडी, आईटीबीपी, सीडब्ल्यूसी, उत्तराखण्ड सब एरिया, सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

लोक संस्कृति और लोक कलाकार हमारी पहचान है-मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नालापानी चौक में प्रीतम भरतवाण जागर ढोल सागर इंटर नेशनल अकादमी का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अकादमी को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की ताकि इस अकादमी के माध्यम से हमारी संस्कृति को संरक्षित करने हेतु प्रयास सफल हो सके। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लोक कलाकारों को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा की लोक संस्कृति हमारी पहचान है, हमें नहीं भूलना चाहिए की हमारी जड़े कहां है। जड़े कट जाए तो हरा भरा पेड़ भी धीरे धीरे सुख जाता है। जड़ सुरक्षित रहेगी तो पेड़ भी सुरक्षित रहेगा, इसी तरह हमारी संस्कृति सुरक्षित रहेगी तो हम भी सुरक्षित रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी संस्कृति को संरक्षित रखने हेतु हम सबको अपने अपने स्तर से प्रयास करना होगा। इस क्षेत्र में पद्मश्री प्रीतम भरतवाण का यह प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा की आज हमने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है, उत्तराखण्ड राज्य, पूर्ण रूप से पात्र लाभार्थियों को कोविड-19 वैक्सीन की प्रथम डोज लगाये जाने वाला राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री ने कहा की सभी प्रदेशवासियों इसके लिये बधाई के पात्र हैं। नियत समय से पहले ही इस लक्ष्य को पूरा कर लिया गया है। इसमें स्वास्थ्य, पुलिस विभागों सहित अन्य विभागों के कार्मिकों, विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं, मीडिया और सभी प्रदेशवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पहली डोज लेने वाले लोगों से दूसरी डोज भी समय पर लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जैसे ही 18 वर्ष से कम आयु वालों के लिए वैक्सीनेशन की अनुमति मिलेगी, राज्य सरकार इनका वैक्सीनेशन भी जल्द करवाने का प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत का मान सम्मान बढा है। शक्तिशाली, गौरवशाली भारत के रूप मे देश आगे बढ रहा है। अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक शासन प्रशासन पहुंचे और विकास का लाभ मिले, इस पर काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रसिद्ध जागर गायक पद्मश्री प्रीतम भरतवाण को बधाई देते हुए कहा की लोक संस्कृति को संरक्षित करने का उनका यह प्रयास सराहनीय है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, प्रसिद्ध जागर गायक पद्मश्री प्रीतम भरतवाण, चार धाम अस्पताल के एमडी डॉ. केपी जोशी, शेर दास विद्वान, संजय कुमोला, गजेंद्र नौटियाल, प्रेम सिंह पयाल आदि गणमान्य उपस्थित थे।

सीएम ने की पंतनगर में औद्योगिक क्षेत्र का नाम एनडी तिवारी के नाम पर रखने की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंतनगर में स्थित औद्योगिक क्षेत्र (इंडस्ट्रियल स्टेट) का नाम पूर्व मुख्यमंत्री पंडित नारायण दत्त तिवारी के नाम पर रखने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि उत्तराखंड के सपूत स्व. नारायण दत्त तिवारी ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार के मंत्री के रूप में सदैव उत्तराखण्ड के सर्वांगीण विकास हेतु प्रयास किया। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहार बाजपेई ने राज्य को औद्योगिक पैकेज दिया उस समय स्व. नारायण दत्त तिवारी ही मुख्यमंत्री थे। पंडित तिवारी ने अपने व्यक्तिगत प्रयासों से नव सृजित उत्तराखण्ड में औद्योगिक विकास की नींव रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर, पंडित नारायण दत्त तिवारी के राज्य के प्रति योगदान को सम्मानित करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए पंतनगर इंडस्ट्रियल स्टेट का नाम उनके नाम पर किया जा रहा है।

धामी का विजन सफल, सभी पात्र लोगों को वैक्सीन लगाने वाला राज्य बना उत्तराखंड

उत्तराखण्ड राज्य, पूर्ण रूप से पात्र लाभार्थियों को कोविड-19 वैक्सीन की प्रथम डोज लगाये जाने वाला राज्य बन गया है। मीडिया सेंटर सचिवालय में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रदेशवासियों को इसके लिये बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने राज्य को आवश्यकतानुसार वैक्सीन की पर्याप्त संख्या में डोज उपलब्ध कराए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नियत समय से पहले ही इस लक्ष्य को पूरा कर लिया गया है। इसमें स्वास्थ्य, पुलिस विभागों सहित अन्य विभागों के कार्मिकों, विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं, मीडिया, और सभी प्रदेशवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मुख्यमंत्री ने पहली डोज लेने वाले लोगों से दूसरी डोज भी समय पर लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जैसे ही 18 वर्ष से कम आयु वालों के लिए वैक्सीनैशन की अनुमति मिलेगी, राज्य सरकार इनका वैक्सीनैशन भी जल्द करवाने का प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भारत सरकार के मार्गदर्शन में 16 जनवरी 2021 से सफलतापूर्वक कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। टीकाकरण अभियान को बढ़ावा देने के लिए राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
राज्य में 18 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 7729466 पात्र लाभार्थियों का कोविड-19 वैक्सीनेशन किया जाना था। जिसमें सबसे पहले हेल्थ केयर वकर्स का टीकाकरण प्रारम्भ किया गया जिसके पश्चात फ्रंटलाइन वर्कर्स फिर 60 से अधिक आयु और 45-59 आयु के गम्भीर रोगों से ग्रसित रोगियों का टीकाकरण प्रारम्भ किया गया, जिसके पश्चात 18 वर्ष से अधिक आयु के समस्त लाभार्थियों का टीकाकरण प्रारम्भ किया गया जिसमें गर्भवती महिलायें एवं दिव्यांग नागरिक भी सम्मिलित है।
राज्य में दिनांक 16 अक्टूबर, 2021 तक कुल 99.6 प्रतिशत हेल्थ केयर वर्कर्स, 99.2 प्रतिशत फ्रंटलाइन वर्कर्स और 18 वर्ष से अधिक आयु के 96.1 प्रतिशत लाभार्थियों को कोविड-19 वैक्सीनेशन की प्रथम डोज लगायी जा चुकी है तथा अन्य शेष लाभार्थियों में गर्भवती महिलाये (जिनको उचित परामर्श प्रदान कर जागरूक किया जा रहा है. और उनके द्वारा सहमति व्यक्त करने पर ही उन्हें वैक्सीन लगायी जा रही है)। इस प्रकार राज्य में लगभग समस्त इच्छुक लाभार्थियों को वैक्सीन की प्रथम डोज लगायी जा चुकी है।
वैक्सीनेशन के संबंध में प्रत्येक ग्राम सभा और वार्ड मेम्बर से उनके क्षेत्र में समस्त पात्र लाभार्थियों को कोविड-19 वैक्सीन की प्रथम डोज लगाये जाने का प्रमाण पत्र प्राप्त किया जा रहा है। जिसके क्रम में उत्तराखण्ड राज्य में पूर्ण रूप से पात्र लाभार्थियों को कोविड-19 वैक्सीन की प्रथम डोज लगायी जा चुकी है। वर्तमान में राज्य में द्वितीय डोज, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांग एवं मानसिक रोग से ग्रसित एवं अन्य लाभार्थियों का टीकाकरण यथावत चलता रहेगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, अपर सचिव सोनिका, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉक्टर तृप्ति बहुगुणा उपस्थित थे।

राज्य सरकार शहीदों के परिजनों के साथ हमेश खड़ी है-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कश्मीर में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए सूबेदार अजय सिंह और नायक हरेंद्र सिंह के पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने उनकी शहादत को नमन करते हुए कहा कि राज्य सरकार शहीदों के परिजनों के साथ हर समय खड़ी है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, स्वामी यतीश्वरानंद ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिले-धामी

रामनगरी अयोध्या में प्रवास के दूसरे दिन उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ’दिल्ली सेवा धाम ट्रस्ट’ की प्रस्तावित धर्मशाला के शिलान्यास पूजन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंत्रोच्चार के साथ हवन यज्ञ में आहूति दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला के निर्माण के बाद रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आने वाले देश और दुनिया के रामभक्तों को विश्व स्तरीय आवासीय सुविधा मिलेगी। इससे पूर्व उन्होंने जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से मिलकर उनका हाल जाना और आशीर्वाद लिया।
धर्मशाला के शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो चुका है। मंदिर को दिव्य और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। मंदिर निर्माण से अयोध्या पूरी दुनिया के लिए एक धार्मिक केन्द्र बन जाएगा। उसके बाद यहां रामभक्तों और श्रद्धालुओं की आवाजाही और अधिक बढ़ जाएगी। यहां श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े इसके लिए सामाजिक संगठनों को भी सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि रामभक्तों को अयोध्या में ठहरने के लिए उच्चस्तरीय सुविधा मुहैया करवाने के लिए ’दिल्ली सेवा धाम ट्रस्ट’ भव्य धर्मशाला का निर्माण कर रहा है। आगे चलकर यह धर्मशाला एक धरोहर बनने के साथ ही स्थानीय लोगों और रामभक्तों के लिए बहुपयोगी साबित होगी।
इससे पहले सुबह के वक्त मुख्यमंत्री ने मणिराम दास की छावनी पहुंचकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। महंत नृत्य गोपाल दास ने मुख्यमंत्री को रामनामा भेंट कर आशीर्वाद दिया।
इस मौके पर सांसद लल्लू सिंह, विहिप के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज, प्रांतीय प्रवक्ता शरद शर्मा व अन्य लोग भी मौजूद रहे।

तीर्थनगरी में पुलिस की मुनादी, गंगा तटों से हटाये गये लोग, सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग द्वारा भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए ऋषिकेश पुलिस ने शहर में ठहरे यात्रियों, पर्यटकों तथा नदियों के किनारे रहने, बसे लोगों को सतर्क किया गया। वहीं, नदी किनारे घाटों व पहाड़ी क्षेत्र मे न जाने की अपील भी की गई।
मौसम विभाग ने आज और कल भारी वर्षा की चेतावनी/पूर्वानुमान जारी किया गया है। जिससे कि गंगा एवं अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ जाने तथा पहाड़ी इलाकों में भारी वर्षा के कारण भूस्खलन होने की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए महेश जोशी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश के द्वारा कोतवाली हाजा के समस्त अधिकारी/कर्मचारी गणों को मौसम द्वारा जारी चेतावनी से अवगत कराते हुए कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत प्रचार-प्रसार करने तथा नदियों के किनारे बसे लोगों को सतर्क एवं सुरक्षित करने हेतु आदेशित किया गया। जिसके बाद ऋषिकेश पुलिस के द्वारा मौसम विभाग द्वारा जारी भारी वर्षा की चेतावनी/पूर्वानुमान के दृष्टिगत ऋषिकेश क्षेत्र अंतर्गत अनाउंसमेन्ट/अन्य रूप से प्रचार-प्रसार कर मौसम विभाग द्वारा दी भारी वर्षा की चेतावनी की सूचना प्रयारित की गई।
पुलिस ने भारी वर्षा के पश्चात नदियों का जलस्तर बढ़ जाने की संभावना के दृष्टिगत गंगा एवं चंद्रभागा नदी किनारे झुग्गी-झोपड़ियों, घाटो एवं अन्य रूप से रहने वाले व्यक्तियों को खतरे वाले स्थानों से हटाया गया और सतर्क किया गया।
वहीं, चार धाम यात्रा एवं पर्यटन हेतु पहाड़ी इलाकों में जाने वाले बाहरी राज्यो से आए हुए यात्री/पर्यटकों जोकि ऋषिकेश शहर में होटलों/धर्मशालाओ या अन्य रूप से ठहरे हुए हैं सभी को होटलों/धर्मशालाओ के बाहर वह शहर के मुख्य चौक चौराहों पर अनाउंसमेंट कर मौसम विभाग द्वारा दी गई चेतावनी से सूचित किया गया। साथ ही 2 दिन तक पहाड़ी इलाकों में न जाने की एडवायजरी दी गई।

फरार आरोपी को बिरला घाट हरिपुरकलां से किया गिरफ्तार

रामझूला स्थित नाव घाट में संत के बैग के चोरी के मामले में फरार चल रहे पांचवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे में चार लोगों पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
लक्ष्मणझूला थाना पुलिस के मुताबिक संत दिलीप ब्रह्मचारी निवासी संत श्री आश्रम, तपोवन 23 सितंबर को रामझूला स्थित नावघाट पर स्नान कर रहे थे। इसीबीच चोरों ने घाट से उनका बैग चोरी कर लिया था। जिसमें उनके कपड़े और 60 हजार रूपये की नकदी रखी थी। संत की तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा चार लोगों को पहले ही पकड़ लिया था। जिसमे पांचवां आरोपी फरार चल रहा था। जिसे रविवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बिरला घाट, हरिपुरकलां से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान विशाल शर्मा पुत्र सूरज प्रकाश शर्मा निवासी शिवनगर, काशीपुर, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। बताया आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे जेल भेजा गया है।