पालिका मुनिकीरेती ने किए सात चालान वसूला 25 सौ रूपए का राजस्व

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती ने ढालवाला क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम, गंदगी करने और थूकने पर छापेमारी अभियान चलाया। कुल सात चालानों से 25 सौ रूपए का राजस्व वसूला गया।
मंगलवार को कर निरीक्षक अनुराधा गोयल और सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व में पालिका की टीम ढालवाला क्षेत्र पहुंची। यहां ढालवाला क्षेत्र में भद्रकाली मार्ग, शांति विहार, आनंद विहार स्थित दुकानों में छापेमारी अभियान चलाया गया। कूड़ा फैलाने पर चार और थूकने पर तीन चालान किए गए। जिनसे 25 सौ रूपए का राजस्व भी वसूला गया। इस दौरान कर निरीक्षक ने लोगों से प्लास्टिक का प्रयोग न करने, कूड़ा न फैलाने और जगह-जगह न थूकने की अपील भी की। छापेमारी अभियान में सुपरवाईजर जितेंद्र सिंह सजवाण भी मौजूद रहे।

सियासी बिछात में राजे नेगी बने आप के ऋषिकेश प्रभारी

आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने पार्टी के बुद्विजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व निभा रहे राजे सिंह नेगी को ऋषिकेश विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही नेगी की ऋषिकेश विधानसभा की सीट से उनके टिकट पर मुहर भी लगभग लग गई है।
बताते चलें कि पिछले वर्ष आज ही के दिन ऋषिकेश के प्रमुख समाजसेवी राजे सिंह नेगी ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा था। इस एक वर्ष के दौरान पार्टी के प्रति समर्पण और सक्रियता के चलते वह पार्टी हाईकमान के सामने लगातार अपना कद ऊंचा करते चले गये। उन्हें पहले जिला मीडिया प्रभारी उसके बाद बुद्विजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उस पर खरा उतरते ही उन्हें विधानसभा ऋषिकेश का प्रभारी भी नियुक्त कर दिया गया। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शीर्ष नेतृत्व उत्तराखंड की तमाम विधानसभाओं में प्रभारी की नियुक्ति कर संभावित प्रत्याशियों की लिस्ट फाईनल करने की जद्दोजहद में जुटा हुआ है। उधर, राजे सिंह नेगी को ऋषिकेश विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किए जाने पर संगठन मंत्री दिनेश असवाल, जिला अध्यक्ष अमित बिश्नोई, महिला मोर्चा की अध्यक्ष पुष्पा पांडेय, दिनेश कुलियाल, चन्द्रमोहन भट्ट, प्रभात झा, रजनी कश्यप, कुसुम राठी, योगाचार्य भारती, उषा बुडाकोटी, मनमोहन नेगी, अजय रावत, विक्रांत भारद्वाज, धनपाल रावत, प्रवीन असवाल, मंजू शर्मा, लोकेश तायल ने हर्ष जताया है।

स्मार्ट सिटी कार्य से नागरिकों को परेशानी ना हो, इसका ध्यान रखने के दिए निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने सोमवार को सचिवालय में स्मार्ट सिटी के अंतर्गत कार्यों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्मार्ट सिटी के कार्यों को समय सीमा के अंतर्गत पूर्ण किया जाए, साथ ही आम जन को होने वाली परेशानियों को कम से कम किए जाने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
मुख्य सचिव ने कहा कि आम जन को परेशानी कम हो इसके लिए कार्यों को छोटे छोटे हिस्सों में किया जाए। एक कार्य के पूर्ण होने के बाद दूसरे काम को शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों को युद्ध स्तर पर करते हुए 3 शिफ्टों में कार्य किया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में प्रत्येक रूट पर एवरेज ऑक्यूपेंसी का अध्ययन कर, जिन रूट्स में बसें बढ़ाने की आवश्यकता है उनमें बसें बढ़ाई जाएं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट टॉयलेट को ऐप के साथ ही गूगल मैप एवं गूगल टॉयलेट लोकेशन पर भी अपडेट किया जाए, ताकि आमजन को जानकारी आसानी से मिल सके। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि परियोजना की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखते हुए परियोजना को ससमय पर पूर्ण किया जाए।
इस अवसर पर सचिव शैलेश बगोली, जिलाधिकारी देहरादून एवं सीईओ स्मार्ट सिटी डॉ. आर. राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

महत्वूपर्ण योजनाओं पर लेटलतीफी नही होगी मंजूर-मुख्य सचिव

मुख्य सचिव डॉ. एस एस संधु ने सचिवालय में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप के अंतर्गत योजनाओं की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप के तहत योजनाएं अत्यंत ही महत्वपूर्ण योजनाएं हैं, जिन्हें समय पर पूर्ण किया जाना अति आवश्यक है।
तपोवन विष्णुगाड परियोजना के सम्बन्ध में मुख्य सचिव ने एनटीपीसी को इसके संचालन सहित सभी सभी स्टेप्स की टाईमलाईन निर्धारित करते हुए योजना को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि एक ऐसा मैकेनिज्म तैयार किया जाए कि प्रत्येक कार्य के लिए जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने टिहरी पंप्ड स्टोरेज प्लांट के सम्बन्ध में जिलाधिकारी टिहरी को सभी भूमि हस्तांतरण और आवश्यक खनन स्वीकृतियों को शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंडिंग कार्यों के निस्तारण के लिए प्रोएक्टिव होकर समीक्षा किए जाने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी सम्बन्धित विभागों को आपसी सहयोग से सॉल्यूशन फाइंडर की भूमिका निभाते हुए कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जिलाधिकारी चमोली को परियोजना से प्रभावितों की समस्याओं के निस्तारण की शीघ्र व्यवस्था किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमें प्रभावितों को कॉन्फिडेंस में लेकर उनके समस्याओं के निस्तारण हेतु हर संभव सहायता देनी है। परियोजना से विस्थापितों को जिस जगह शिफ्ट किया जा रहा है, उस जगह सभी आवश्यक सुविधाएं भी शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं। रुड़की देवबंद नई रेलवे लाईन प्रोजेक्ट में भी तेजी लाते हुए सभी आवश्यक कार्य पूर्ण किए जाएं। बैठक में बताया गया कि उत्तर रेलवे द्वारा टेंडर प्रक्रिया दिसंबर अंत तक पूर्ण कर ली जाएगी।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, सौजन्या एवं डॉ. रंजीत सिन्हा सहित सम्बन्धित जनपदों के जिलाधिकारी भी उपस्थित थे।

टनकपुर-बागेश्वर नई ब्राडगेज रेल लाईन के फाईनल लोकेशन सर्वे के लिए 28.95 करोड़ मंजूर

रेल मंत्रालय द्वारा टनकपुर-बागेश्वर नई ब्राडगेज रेल लाईन के फाईनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल लाईन बनने से क्षेत्र में विकासात्मक गतिविधियां बढेंगी और लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। उनके कार्यकाल में उत्तराखण्ड में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं। विशेष तौर पर कनेक्टीवीटी के क्षेत्र में चारधाम सङक परियोजना, ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल परियोजना। एयर कनेक्टीवीटी में ऐतिहासिक काम हुए हैं या गतिमान हैं। इससे आने वाले समय में उत्तराखण्ड की आर्थिकी में क्रांतिकारी परिवर्तन आएंगे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री से नई दिल्ली में भेंट के दौरान विशेष रूप से 154.58 किमी की टनकपुर-बागेश्वर नई ब्राडगेज रेल लाईन के फाईनल लोकेशन सर्वे का अनुरोध किया था। इसी क्रम में इसे मंजूरी दी गई है। फाईनल लोकेशन सर्वे के लिए 28.95 करोड़ रूपए की भी स्वीकृति दी गई है।

हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड मेधावी बालिकाओं को स्मार्ट फोन मिल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2021 में सभी जिलों की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में सर्वाेच्च स्थान और इंटरमीडिएट में ब्लॉक स्तर पर टॉप करने वाली मेधावी बालिकाओं को स्मार्ट फोन वितरित किये। अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जनता दर्शन हॉल, सीएम आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बाल कल्याण निधि के अंतर्गत संचालित बालिका शिक्षा प्रोत्साहन योजना में टॉपर छात्राओं को स्मार्ट फोन दिये।

बालिकाओं के लिए शुरू होगा मैत्रैयी मेंटरशिप कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही मैत्रैयी नाम से छात्राओं के लिए मेंटरशिप कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए एक पोर्टल भी विकसित किया जा रहा है। राज्य सरकार ने युवाओं के हित में अनेक निर्णय लेकर उन पर काम शुरू किया है। 24 हजार रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन को निशुल्क किया गया है।

हर घोषणा हो रही पूरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बालिकाओं को शक्ति का प्रतीक बताते हुए छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने बचपन से दो बातें जीवन में अपनाई हैं। अनुशासित रहना और अपने कमिटमेंट का पक्का रहना। आज का युग आईटी का युग है। कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षा का महत्व बढ़ा है। इसे देखते हुए हमने प्रदेश की सरकारी स्कूलों के कक्षा 10 व 12 और डिग्री कालेजों के छात्र छात्राओं को निशुल्क मोबाईल टेबलेट देने का निर्णय लिया है और इसे जल्द ही इम्प्लीमेंट किया जाएगा। हम अपनी हर घोषणा को पूरा कर रहे हैं। जो काम शुरू कर रहे हैं, उसे पूरा भी करेंगे। जो भी राहत पैकेज घोषित किये उनकी राशि लाभार्थियों के खातों में जानी शुरु हो गई है।

पूरे मनोयोग से करें काम तो मिलती है सफलता
मुख्यमंत्री ने कहा कि साधारण परिस्थितियों में जन्में लोग असाधारण की यात्रा करते हैं। पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय डा एपीजे अब्दुल कलाम और प्रधानमंत्री इसके उदाहरण हैं। प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तीकरण में काफी काम किया। स्वच्छ भारत मिशन में पूरे देश में शौचालयों के निर्माण, उज्जवला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना महत्वपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में आगे बढना है तो समय का पूरा सदुपयोग करें। जो भी काम करें, पूर्ण मनोयोग से करें। एक बार किसी लक्ष्य का संकल्प लें तो उसके विकल्प के बारे में नहीं सोचना चाहिए।

महिलाओ का सम्मान चिंतन मनन के साथ आचरण में भी दिखे
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि देवभूमि देवियों की भी भूमि है। जिस समाज में नारी को पूजते हैं वहां कन्या भ्रूण हत्या सबसे बङा पाप है। हमें अपने विचारों को भी शुद्ध करना है। रुढिवादी मानसिकता से बाहर आकर लैंगिक समानता लानी है। यह केवल चिंतन मनन में ही नहीं बल्कि आचरण में भी दिखना चाहिए। राज्य सरकार बालिकाओं और महिलाओं को शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक तौर पर सशक्त बनाने के लिये काम कर रही है। नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, स्पर्श नैपकिन योजना ऐसी ही मुख्य योजनाएं हैं। इसी प्रकार वात्सल्य योजना सरकार की संवेदनशीलता को बताती है।

शिक्षा से ही महिला सशक्तिकरण सम्भव
विधायक झबरेङा देशराज कर्णवाल ने कहा कि बाबा साहेब अम्बेडकर जी ने बालिका शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण बताया था। शिक्षा से ही महिला सशक्तीकरण सम्भव है।
सचिव हरि चंद्र सेमवाल ने योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कुल 162 मेधावी छात्राओं को स्मार्ट फोन दिये गये हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्र ने किया।

अन्नोत्सव कार्यक्रम-राज्य में 14 लाख राशन के बैग किये जाऐंगे वितरित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अन्नोत्सव प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को खाद्यान्न के किट वितरित किये। जनता दर्शन हाल सीएम आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छः लाभार्थियों को किट प्रदान किये। इसी प्रकार अन्नोत्सव कार्यक्रम में सम्पूर्ण माह राज्य की समस्त 9230 राशन की दुकानों के माध्यम से नि शुल्क खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा। कुल 14 लाख राशन थैलों का वितरण होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने हमेशा गरीबों की चिंता की है। कोरोना काल में जब सारी आर्थिक गतिविधियां रूकी थीं, प्रधानमंत्री ने देश के 80 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में निशुल्क राशन सम्मान के साथ उपलब्ध करवाया।
प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि नेतृत्व क्षमता और सबका साथ, सबका विकास की भावना के कारण ही हमने एकजुटता से कोरोना का सामना किया और आज करोड़ों लोग सम्मान के साथ जीवन यापन कर पा रहे है। कोरोना संकट की घड़ी में केन्द्र तथा राज्य सरकार आप सब के साथ निरंतर खड़ी रही है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अन्तर्गत वर्ष 2020 में अन्त्योदय एवं प्राथमिक परिवारों के लाभार्थियों को माह अप्रैल से नवम्बर कुल 8 माह तक प्रति यूनिट 5 किग्रा खाद्यान्न (गेहूं/चावल) तथा 1 किग्रा दाल प्रति कार्ड निशुल्क वितरण किया गया तथा वर्ष 2021 में अन्त्योदय एवं प्राथमिक परिवारों के लाभार्थियों को माह मई से नवम्बर कुल 7 माह तक प्रति यूनिट 5 किग्रा खाद्यान्न (गेहूं/चावल) निःशुल्क वितरण कराया जा रहा है।
आत्मनिर्भर भारत योजना के अन्तर्गत प्रवासियों/अवरूद्ध प्रवासियों हेतु भारत सरकार ने 5 किग्रा चावल प्रति व्यक्ति एवं 1 किग्रा0 चना प्रति परिवार निःशुल्क वितरित किया। वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के अन्तर्गत राज्य में माह अगस्त, 2020 से राशन कार्ड पोर्टेबिलिटी लागू किया गया है। जिसके माध्यम से राज्य में अन्य राज्यों से आने वाले प्रवासी परिवारों को खाद्यान्न सुरक्षा उपलब्ध करायी जा रही है।
राज्य खाद्य योजना के अन्तर्गत राज्य सरकार द्वारा अपने संसाधनों से वर्ष 2020 तथा 2021 में माह अप्रैल से जून तक कुल 3-3 माह लगभग 10 लाख परिवारों को 12.50 किग्रा अतिरिक्त खाद्यान्न प्रति कार्ड सब्सिडाईज दरों पर वितरित किया गया।
इसके अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा अपने संसाधनों से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना तथा राज्य खाद्य योजना के लगभग 24 लाख परिवारों को 2 किग्रा चीनी प्रति कार्ड रू० 25 प्रति किग्रा की दर से वितरित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना, आत्मनिर्भर भारत, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं से करोड़ों भारतीयों को लाभान्वित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हमने प्रदेश की जनता को कोरोना राहत पैकेज दिये। 207 प्रकार की निशुल्क जांचों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने कहा कि अन्नोत्सव कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के समस्त लाभार्थियों को भोजन के साथ-साथ सम्मान प्रदान करना है। प्रथम चरण में राज्य मुख्यालय, जिला मुख्यालय, तहसील मुख्यालय, ब्लाक मुख्यालय, नगर निगम एवं नगर पालिका क्षेत्रों में राशन की दुकानों के माध्यम से निःशुल्क खाद्यान्न वितरण समारोह पूर्वक किया जायेगा। सम्पूर्ण माह में समस्त 9230 राशन की दुकानों के माध्यम से निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण समारोह पूर्वक किया जायेगा। प्रत्येक राशन की दुकानों पर नोडल अधिकारी द्वारा पर्यवेक्षण किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। युवा मुख्यमंत्री ने जनहित में कई आयाम स्थापित किये। हमारी सरकार संवेदनशील सरकार है। सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास हमारा मूल मंत्र है। गरीब से गरीब व्यक्ति का कल्याण हमारी प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से विभिन्न जिलों के चयनित लाभार्थियों से बात की। उन्होंने बागेश्वर की माला देवी, गीता देवी, ऊधम सिंह नगर की सोनिया कालरा, रमेश थापा, हरिद्वार की लीला देवी और उत्तरकाशी की सुनीता देवी एवं नौमी देवी से बात की। मुख्यमंत्री ने सभी से उन्हें मिल रहे राशन के बारे में जानकारी ली।
कार्यक्रम में विधायक राम सिंह कैङा, सचिव बी एस मनराल, जिलाधिकारी देहरादून आर राजेश कुमार, अपर सचिव प्रताप शाह व वर्चुअल माध्यम से विधायक सुरेश राठौर, चंदनराम दास, जनपदों से जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि, राशन विक्रेता, लाभार्थी उपस्थित थे।

एम्स के गायनी विभाग में स्थापित हुआ इन विट्रो फर्टिलाइजेशन सेंटर

एम्स ऋषिकेश में अब इन विट्रो फर्टिलाइजेशन सेंटर (आईवीएफ) सुविधा शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में इस नई उपलब्धि के शुरू होने से उन परिवारों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा, जिन दंपतियों के शारीरिक कमी की वजह से बच्चे नहीं हो पाते हैं। इस सुविधा के शुरू होने से अब बांझपन का दंश झेल रहे लोगों की समस्या का समाधान हो सकेगा। इसके साथ ही उत्तराखंड में एम्स, ऋषिकेश पहला सरकारी स्वास्थ्य संस्थान बन गया है जहां यह सुविधा शुरू की गई है।
गौरतलब है कि इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) एक सहायक प्रजनन तकनीक है, जहां भ्रूण के उत्पादन के लिए एक प्रयोगशाला में एक अंडे को शुक्राणु के साथ जोड़ा जाता है। इस प्रक्रिया में एक महिला रोगी के अंडाशय को हार्माेनल दवाओं के साथ उत्तेजित करना, अंडाशय (डिंब पिकअप) से अंडों को निकालना और शुक्राणु को एक प्रयोगशाला में एक विशेष तकनीक के माध्यम से उन्हें निषेचित करना शामिल है। निषेचित अंडे (जाइगोट) के 2 से 5 दिनों के लिए भ्रूण संवर्धन से गुजरने के बाद, इसे एक सफल गर्भावस्था की स्थापना के लिए उसी या किसी अन्य महिला के गर्भाशय में डाला जाता है। इस तकनीक का उपयोग महिलाओं में बांझपन के प्रमुख कारणों (ट्यूबल क्षति, एंडोमेट्रियोसिस, खराब डिम्बग्रंथि रिजर्व, पीसीओएस आदि) या पुरुष कारक (असामान्य वीर्य पैरामीटर आदि) या दोनों वाले जोड़ों में किया जाता है।
एम्स ऋषिकेश के निदेशक और सीईओ प्रोफेसर अरविंद रघुवंशी ने संस्थान के गायनी विभाग में आईवीएफ सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश में कई दंपति बांझपन की समस्या से जूझ रहे हैं। जो महिलाएं बांझपन की समस्या से ग्रसित हैं, उन्हें सामाजिक कलंक, वर्जना और मानसिक प्रभावों का भी सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि एम्स ऋषिकेश में आईवीएफ केंद्र खुलने से उत्तराखंड और आसपास के शहरों में रहने वाले ऐसे सभी लोगों को लाभ मिल सकेगा जो संतान सुख से वंचित हैं और इस सुविधा से माता-पिता का सुख प्राप्त करना चाहते हैं।
डीन एकेडेमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता ने कहा कि इस सुविधा को शुरू करने वाला एम्स अस्पताल स्वास्थ्य क्षेत्र में राज्य का पहला सरकारी संस्थान है। उन्होंने कहा कि क्योंकि अभी तक यह बेहद जटिल और महंगा इलाज हुआ करता था, इसलिए अब एम्स ऋषिकेश में शुरू की गई इस सुविधा से मध्यम वर्ग के दंपति भी अपना उपचार करा सकेंगे।
मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रोफेसर अश्वनी कुमार दलाल ने कहा कि आज के दौर में ऐसे मेरीड कपल्स की संख्या ज्यादा बढ़ रही है जिनकी अपनी कोई संतान नहीं है। इस सुविधा से पुरुष बांझपन और महिला बांझपन दोनों की समस्याओं का निदान संभव है।
प्रसूति और स्त्री रोग विभाग की प्रमुख तथा एम्स के आईवीएफ केंद्र की प्रभारी प्रोफेसर जया चतुर्वेदी ने इस बाबत बताया कि गायनी विभाग पिछले 4 वर्षों से बांझपन वाले जोड़ों का प्रबंधन कर रहा है। इसमें बांझ दंपति का काम, ओव्यूलेशन इंडक्शन, फॉलिक्युलर मॉनिटरिंग, बांझपन के लिए लेप्रोस्कोपिक और हिस्टेरोस्कोपिक सर्जरी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह विभाग इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की गाइडलाइन के अनुसार 45 वर्ष तक की महिलाओं और 50 वर्ष तक के पुरुषों के लिए यह सुविधा प्रदान करेगा।
आईवीएफ केन्द्र की नोडल अधिकारी डॉ.लतिका चावला ने केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में कहा कि आईवीएफ केंद्र में पुरूष शुक्राणुओं की जांच हेतु एंड्रोलॉजी लैब ने कार्य करना शुरू कर दिया है और केन्द्र में अंतर्गर्भाशयी गर्भाधान (आईयूआई) की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा इस केन्द्र में आईवीएफ प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में एम्स ऋषिकेश संतान से वंचित ऐसे माता-पिता का भी इलाज करेगा, जिनके शरीर में अण्डाणु या शुक्राणु नहीं बनते और जिन्हें स्पर्मदाता की आवश्यकता होती है।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल प्रशासन के प्रोफेसर यूबी मिश्रा, प्रशासनिक अधिकारी शशिकांत, वित्तीय सलाहकार कमांडेंट पीके मिश्रा, गायनी विभाग की प्रोफेसर शालिनी राजाराम, डॉ. अनुपमा बहादुर, डॉ. कविता खोईवाल, डॉ. अमृता गौरव सहित कई अन्य मौजूद थे।

गणेश जोशी ने विधानसभा अध्यक्ष से की मुलाकात

उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों ही नेताओं के बीच प्रदेश के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा वार्ता हुई।
भेंटवार्ता के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने देहरादून में सैन्यधाम निर्माण एवं शहीद सम्मान यात्रा की तैयारियों की जानकारी ली। सैनिक कल्याण मंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत किया कि सैन्यधाम के निर्माण के लिए 21 अक्तूबर से शहीद सम्मान यात्रा शुरू होगी। यात्रा के दौरान प्रदेशभर के शहीदों के आंगन की मिट्टी लाकर सैन्यधाम का निर्माण किया जाएगा। सैन्यधाम की जमीन से जुड़ी सारी औपचारिकताएं लगभग पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिस तरह लोग उत्तराखंड में चारधाम के दर्शनों को आते हैं, उसी तर्ज पर अब लोग देहरादून में सैन्यधाम को देखने आएंगे। शहीद सम्मान यात्रा का शुभारंभ चमोली जिले के ग्राम सवाड़ और पिथौरागढ़ के ब्लॅाक मूनाकोट से किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देहरादून में सैन्यधाम का निर्माण किया जाना उन सभी शहीदों के लिए सच्ची श्रद्धांजली होगी, जिन्होंने भारत माता की सेवा में अपने प्राणों पर न्योछावर कर दिया।

युवा मोर्चा के कार्यक्रम में पहुंचे सीएम ने चमोली जिले में की कई घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को गोपेश्वर पहुंचे। गोपेश्वर पहुंचने पर खेल मैदान में पुलिस के जवानों द्वारा उन्हें गॉड ऑफ ऑनर दिया गया। जिलाधिकारी हिमाशु खुराना ने पुष्प गुच्छ देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पीजी कालेज गोपेश्वर के व्यायमशाला पहुंचकर भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति की बैठक व जनता मिलन कार्यक्रम प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी मौजूद रहे। युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट की। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड बने 21 साल हो गए हैं जब हम राज्य 25 वर्ष में होगा तो हिन्दुस्थान का आदर्श राज्य होगा जो भी घोषणा प्रदेश सरकार ने की है वे सब धरातल पर दिख रही हैं।
वहीं, चारधाम यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा से लाखों लोगों के परिवार की आजीविका चलती है। यात्रा शुरू होने से लोगो में काफी उत्साह है। उन्होने जनता मिलन कार्यक्रम में अधिकारियों को लोगों की समस्याओं को सरलता से निस्तारण करने को कहा। वहीं जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं से जुडे ज्ञापन प्राप्त किए और कहा कि जिसकी भी जो समस्या होगी संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। बद्रीनाथ मास्टर प्लान को लेकर सीएम ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि जितने काम आज हो रहे उतने पहले कभी नहीं हुए ऋषिकेश से कर्णप्रयाग रेल लाइन, ऑलवेदर रोड का जिक्र करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी वहीं स्वयं सहायता समूहों में काम करने वाली महिलाओं को 5 लाख तक के व्याज मुक्त ऋण हमारी सरकार दे रही है साथ ही प्रधानों को मानदेय को बढाकर 3500 किये जाने को शासनादेश करने वाले हैं साथ हमने एक नयी योजना बनाई है स्वस्थ युवा स्वस्थ उत्राखण्ड इसके तहत प्रत्येक गांव में जिम खोला जाएगा कहा कि बेराजगारों को फार्म फीस खत्म कर दी गई है और एक साल की छूट दी है वहीं इस दौरान गोपेश्वर महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका माधुरी तथा हिमालय का पर्यावरणीय इतिहास एवं राष्ट्रीय सुरक्षा का विमोचन किया।
जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सीएम ने जनहित की प्रमुख घोषणाएं भी की विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखण्ड कर्णप्रयाग में रामबारी से ग्राम सेम तक मोटर मार्ग (लम्बाई 2.85 किमी0) का निर्माण किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के अन्तर्गत चमोली बाजार से बगोली गांव तक मोटर मार्ग (लम्बाई 1.20 किमी०) का निर्माण किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखण्ड कर्णप्रयाग के अन्तर्गत कर्णप्रयाग-नैनीसैण मोटर मार्ग से क्पीरी-किमोली मोटर मार्ग का डामरीकरण का कार्य (लम्बाई 1.50 किमी०) किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के अन्तर्गत कारगिल शहीद कृपाल सिंह की स्मृति में ग्राम पज्याणा में खेल मैदान का निर्माण किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखण्ड गैरसैण के न्याय पंचायत मुख्यालय रोहिडा में खेल मैदान का निर्माण किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखण्ड गैरसैण के राइका हरगड में भवन का निर्माण किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के राजकीय इण्टर कालेज लाटूगैर में अधूरे भवन निर्माण कार्य को पूरा किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के राइका सिलपाटा में मुख्य भवन का निर्माण किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के अन्तर्गत आपदा प्रभावित बहुगुणा नगर में (अनुसूचित जाति वस्ती से नीचे से गुजर रहे बन्दोबस्ती रास्ते के नीचले तरफ आरसीसी सुरक्षा दीवार व रास्ते नाली का निर्माण किया जायेगा।
विधानसभा क्षेत्र थराली के अन्तर्गत के नारायणबगड़ के खेलोली एवं नलगाव चोपता गदेरे में बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र थराली के अन्तर्गत नारायणबगड़ के केयर गांव के शिव मंदिर के नीचे बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र थराली के विकासखण्ड थराली में राजकीय पॉलिटेक्निक कुलसारी की बाढ़ सुरक्षा योजना बनायी जायेगी। विधानसभा क्षेत्र थराली के विकासखण्ड नारायणबगड़ में पन्ती की बाढ़ सुरक्षा योजना बनायी जायेगी। विधानसभा क्षेत्र थराली के ग्वालदम-बैजनाथ मोटर मार्ग के ताल से बीनातोली (मॉ बधाणगढी मन्दिर) तक 1 किमी मोटर मार्ग का डामरीकरण किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र थराली के विकासखण्ड घाट के अन्तर्गत बाजबगड़-तैलाण मोटर मार्ग का 3 किमी का डामरीकरण किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र थराली में राज्य योजना के अन्तर्गत विकासखण्ड घाट में महावीर चक विजेता स्व अनुसूया प्रसाद के पैतृक गांव नौना को जोड़ने वाले मोटर मार्ग का डामरीकरण किया जायेगा, विधानसभा क्षेत्र थराली के ष्विकासखण्ड घाट में नन्दप्रयाग घाट-सुतोल कनोल मोटर मार्ग के किमी 41.00 से 48.69 तक सुधारीकरण एवं डामरीकरण का कार्य किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र थराली के राजकीय इंटर कॉलेज मैठाणा में दो अतिरिक्त कक्ष कक्षा का निर्माण किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र थराली के राजकीय इंटर कॉलेज रेस चोपता में मुख्य भवन का निर्माण किया जाएगा विधानसभा क्षेत्र थराली के राजकीय इंटर कॉलेज असेड सिमली का नाम कारगिल शहीद सतीश चंद्र सती के नाम किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ के अन्तर्गत रुद्रप्रयाग-पोखरी-गोपेश्वर मोटर मार्ग के घट गदेरा तोक से सलना गांव- शिवालय तक मोटर मार्ग लम्बाई 2 किमी का निर्माण किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ के अन्तर्गत नगर पंचायत पोखरी में पार्किंग का निर्माण किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ के अन्तर्गत पोखरी गोपेश्वर मोटर मार्ग से भिकोना तक मोटर मार्ग लम्बाई 2 किमी का निर्माण किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ के अन्तर्गत दैवीय आपदा के अन्तर्गत जनपद चमोली के मुख्यालय गोपेश्वर में लॉ कालेज एवं अन्य आवासीय भवनों की भू-धसांव से सुरक्षा कार्य किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ के अन्तर्गत पोखरी राजकीय पॉलीटेक्निक भवन निर्माण हेतु अतिरिक्त धनराशि दी जायेगी। विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ के अन्तर्गत विकासखण्ड जोशीमठ के ढाक से किलचौरी से धरकोट होते हुये रिखमाणा तक मोटर मार्ग 3 किमी० का निर्माण किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ में विकासखण्ड दशोली की ग्राम पंचायत कोज पोथनी के अन्तर्गत राजस्व ग्राम काणा के लिये मोटर मार्ग (लम्बाई 3 किमी०) का निर्माण किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ के अन्तर्गत विकासखण्ड दशोली के ग्राम मासौं में लिफ्ट सिंचाई योजना का निर्माण किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र बदरीनाथ के अंतर्गत तहसील मुख्यालय पोखरी में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र बदरीनाथ के अंतर्गत श्रीनगर-जोशीमठ 66 के०वी लाइन की ब्रेकडाउन की समस्या से निजात दिलाई जाएगी
इस दौरान युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कुन्दन लटवाल, भाजपा राष्ट्रीय उपाअध्यक्ष नेहा जोशी, बद्रीनाथ विधायक महेन्द्र भटट, थराली विधायक मुन्नी देवी शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर बिष्ट आदि मौजूद रहे।