पर्यटन गतिविधियों से रोजगार बढ़ाने को मुख्य सचिव ने की समीक्षा

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने सचिवालय में पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि माउंटेनियर्स और ट्रैकर्स के लिए रिस्टबैंड की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें सैटेलाईट व अन्य माध्यमों से उनकी लोकेशन की जानकारी मिल सके। सर्च ऑपरेशन्स में इससे काफी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों एवं ट्रैकर्स की सुरक्षा के लिए अन्य आवश्यक इंतजाम भी सुनिश्चित किए जाएं।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में चारधाम यात्रा सीजनल होती है, परन्तु ऑफ सीजन टूरिज्म की व्यापक सम्भावनाएं है। इन्हें तलाशते हुए योजनाएं तैयार की जाएं। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सबसे पहले कनेक्टिविटी पर कार्य किया जाए। हेलीपैड्स एवं हेलीपोर्ट्स के निर्माण पर शीर्घ से शीघ्र कार्य किया जाए। पर्यटन स्थलों में हेलीपैड्स विकसित करने के लिए प्राथमिकता तय की जाए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पर्यटन विकास की बहुत अधिक सम्भावनाएं हैं, परन्तु कनेक्टिविटी के कारण पिछड़ रहे हैं, उन क्षेत्रों में प्राथमिकता पर फोकस किया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि यात्रा मार्गों पर हर 20-30 किलोमीटर पर पानी व टॉयलेट आदि की सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं, ताकि यात्रियों और आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए सुचारू संचालन के लिए छोटी-छोटी शॉप्स आदि की व्यवस्था की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर सभी उम्र के पर्यटकों के अनुसार सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए। युवा वर्ग टेक्नोलॉजी का बहुत प्रयोग करता है। युवाओं को प्रत्येक जानकारी फोन पर चाहिए इसके लिए ऐसी ऐप और वेबसाईट तैयार की जाए जिस पर हर प्रकार की जानकारी उपलब्ध हो, परन्तु वृद्धों के लिए ऑफलाईन जानकारियों की व्यवस्था भी रखी जाए। ऐप और वेबसाईट को सिटीजन फ्रेंडली एवं ईज़ी टू यूज बनाया जाए। पर्यटन स्थलों को बच्चों के सैर-सपाटे के अनुरूप भी विकसित किया जाना चाहिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा ऐसे क्षेत्रों में पर्यटन की सम्भावना होने के बावजूद, सुविधाओं के अभाव के कारण यह सब सम्भव नहीं हो पा रहा है, वहां रिसोर्ट विकसित किए जा सकते हैं, जिन्हें शुरुआत में जीएमवीएन एवं केएमवीएन के माध्यम से चलाकर प्रॉफिट गेनिंग होने पर बेचा जा सकता है और उस पैसे से नई जगह डेवेलप की जा सकती हैं। इससे प्रदेश में अनेक पर्यटन स्थल विकसित हो जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाए।
मुख्य सचिव ने सभी कार्य योजनाओं पर समयबद्धता के साथ कार्य किया जाए। प्रत्येक कार्य के लिए समयसीमा पूर्व में ही निर्धारित की जाएं। प्रत्येक योजना को साप्ताहिक अथवा पाक्षिक मॉनिटरिंग की जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण हो सके। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को मार्केटिंग और पब्लिसिटी पर भी विशेष फोकस किए जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सचिव दिलीप जावलकर, अपर सचिव युगल किशोर पंत एवं सीईओ युकाडा स्वाति भदौरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

सोनित कुमार सैनी को पुष्पचक्र अर्पित कर सीएम ने दी श्रद्धाजंली

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुवाहाटी में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए शहीद हुए ग्राम धनौरी, रूड़की निवासी भारतीय सेना के जवान सोनित कुमार सैनी के घर पर जाकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद के परिजनों को राज्य सरकार द्वारा हर संभव मदद दी जाएगी।
कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक प्रदीप बत्रा एवं सुरेश राठौर ने भी शहीद जवान सोनित कुमार सैनी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने छात्र छात्राओं से किया संवाद

मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने तुलाज इन्स्टीट्यूट और शिवालिक कालेज में यूथ वोटर फेस्टिवल के तहत छात्र छात्राओं से संवाद किया। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए धूलकोट, देहरादून स्थित तुलाज इन्स्टीट्यूट और शिवालिक कालेज में यूथ वोटर फेस्टिवल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मतदाता शपथ भाषण प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक आदि का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विजेता तथा प्रतिभागियों को निर्वाचन विभाग द्वारा प्रशस्ति पत्र तथा पुरुस्कार प्रदान किये गये। इसके अतिरिक्त वोटर रजिस्ट्रेशन डेस्क, हस्ताक्षर अभियान का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड सौजन्या द्वारा युवाओ को मतदाता पंजीकरण तथा निर्वाचन प्रक्रिया के सम्बन्ध में विस्तार से जानाकरी दी गई तथा युवाओं की निर्वाचन सम्बन्धी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। निर्वाचन विभाग से मो. असलम, राज्य नोडल अधिकारी (स्वीप ) सुजाता, राज्य समन्वयक (स्वीप), अनुराग गुप्ता (परामर्शदाता) एवं हिमांशु (कार्यक्रम समन्वयक) द्वारा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु तुलाज इन्स्टीटयूट आफ टैक्नोलोजी एवं शिवालिक कालेज आफ इन्जीनियरिंग इन्स्टीटयूट के प्रबन्धन का आभार/धन्यवाद व्यक्त किया गया। साथ ही प्रदेश के समस्त युवा, जो 1 जनवरी 2022 या उससे पूर्व 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, से अपील की गई कि वह विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2022 के दौरान मतदाता सूची में पंजीकरण अवश्य करायें। कार्यक्रम के दौरान कोविड-19 सम्बन्धी प्रोटोकाल का विशेष ध्यान रखा गया।

बागेश्वर को सीएम ने दी सौगात, 9424.23 लाख की 42 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा बागेश्वर क्षेत्र की 9424.23 लाख की लागत की 42 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 5957.47 लाख की लागत की 21 योजनाओं का लोकार्पण तथा 3466.76 लाख की 21 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का लोकार्पण किया गया है उन योजनाओं में उत्तराखण्ड पेयजल निगम बागेश्वर के अन्तर्गत विधासभा क्षेत्र बागेश्वर में पुलिस लाईन, छतीना, मेहरबूंगा, ढेलापाटन पंपिंग पेयजल योजना का निर्माण कार्य का लोकार्पण जिसकी लागत 449.97 लाख, उत्तराखण्ड पेयजल निगम बागेश्वर के अन्तर्गत विधासभा क्षेत्र बागेश्वर में गरूड़ ग्राम समुह पंपिंग पेयजल योजना जिसकी लागत 159.23 लाख, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत दाणुछीना से लोभचक-उडियार मोटरमार्ग लम्बाई 5.075 किमी लागत 263.38 लाख, अमसरकोट-सातरतवे मोटरमार्ग अपग्रेडेशन लम्बाई 2.600 किमी लागत 182.18 लाख, गरूड़ बिनखोली से कोठो मोटरमार्ग किमी 1 में 24 मी0 स्टील गर्डर सेतू 122.5 लाख, पाना तरमोली मोटरमार्ग लम्बाई 5 किमी लागत 464.29 लाख, जनपद बागेश्वर में ईवीएम एवं वीवीपेट भाण्डारण के वेयर हाउस का निर्माण कार्य लागत 211.06 लाख, विकास खण्ड गरूड़ बैजनाथ मंदिर एवं सौन्दर्यीकरण का कार्य लागत 67.53 लाख, ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा दफौट बनखोट मोटरमार्ग से आमखेत तक मोटर मार्ग का निर्माण कार्य लागत 228.40 लाख आदि योजनाओं का लोकार्पण के साथ ही विश्व बैंक यूडीआरपीएएफ परियोजना के अन्तर्गत विधानसभा क्षेत्र बागेश्वर में भीटारकोट से जूनियर र्हाइस्कूल में 30 मीटर स्पान स्टील गर्डर पैदल सेतू का निर्माण कार्य लागत 179.31 लाख, तथा दफौट मोटरमार्ग के किमी 36 में 70 मीटर स्पान स्टील डस स्टील मोटर मार्ग का निर्माण कार्य लागत 708.02 लाख, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत अमस्यारी में बूंगा मोटर मार्ग लम्बाई 2.775 किमी लागत 155.47 लाख, काफलीगैर से जाठा मोटर मार्ग लम्बाई 3 किमी लागत 162.31 लाख, ग्राम अमस्यारी के टीटोली तोक के ग्राम पंचायत बूंगा तक मोटर मार्ग का नव निर्माण कार्य लागत 45.54 लाख, राज्य योजना के अन्तर्गत विकास खण्ड गरूड़ में पाण्डेखक्कर-खडेरिया मोटर मार्ग के किमी 1 व 2 में डामरीकरण का कार्य लागत 121.04 लाख आदि योजना का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अल्मोड़ा के अधीन पंडित बद्री दत्त पांडे परिसर को लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय बागेश्वर में द्वितीय तल में 75.33 लाख लागत से बने 06 आईसीयू बैड का भी लोकार्पण किया गया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद बागेश्वर वासियों के लिए खुशी की बात है कि उनकी कई वर्षाे से चली आ रही रेल मार्ग की मांग का सपना पूरा हो रहा है, जिसके लिए मा0 प्रधानमंत्री के प्रयासों रेल मंत्रालय द्वारा टनकपुर से बागेश्वर नई ब्रॉड गेज रेल लाइन फाइनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी दी गयी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने जो मुझे मुख्य सेवक का दायित्व दिया है उसके बाद हमारी सरकार लगातार ही जनहित के फैसले ले रही है। उन्होंने कहा हमारी सरकार युवाओं को रोजगार देने पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे 24 हजार पदों पर भर्ती एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए युवाओं हेतु प्रत्येक जिले में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण वितरित किए जा रहे है। उन्होंने कहा लंबे समय से चली आ रही आशा कार्यकत्रियों की मांग को पूरा करते हुए उनके मानदेय के अन्तर्गत एक हजार और प्रोत्साहन राशि के रूप में पांच सौ बढ़ा दिये हैं। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने गांव के विकास में अहम योगदान निभाने वाले ग्राम प्रधानों का मानदेय 3500 तक बढ़ाया है, इसके साथ ही उपनल कर्मचारियों के मानदेय में दो से तीन हजार रुपये तक की बढोतरी की गयी है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत गौरवशाली, शक्तिशाली, आत्मनिर्भर एवं विश्व गुरु के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड जैसे युवा राज्य को आने वाले समय में, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, व्यापार, उद्योग जैसे तमाम क्षेत्रों में हिंदुस्तान का नम्बर वन राज्य बनाएंगे। उन्होंने कहा हमारी सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को लाभ पहुंचे इस पर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होने कहा कि मेरे कार्यकाल के 103 दिन पूर्ण होने तक 320 से अधिक फैसले लिये है। उन्होंने कहा कि सरकार एक एक पल आम जनता के हित के लिये कार्य कर रही है व आम जनता के लिये सरकार के द्वार हर वक्त खुले है। उन्होने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र में निवासरत व्यक्ति तक विकास की योजनाओं को पहुंचाना है तथा उन्हे आत्मनिर्भर बनाते हुए विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं की निस्तारण त्वरित गति से किया जाना चाहिए इसमें किसी प्रकार की कोई ढिलाई एवं शिथिलता न बरती जाय।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा कारगिल शहीद राम सिंह जूनियर हाईस्कूल भगरतोला का उच्चीकरण, तहसील गरूड में सब रजिस्टार की नियुक्ति, राजकीय इंटर कॉलेज गरूड एवं सिरकोट में इंटरमीडिएट में गणित विषय का सृजन एवं प्रवक्ता की नियुक्ति, तहसील गरूड में बार भवन के निर्माण हेतु 25 लाख की धनराशि, इंटर कॉलेज गागरीगोल में विज्ञान विषय की मान्यता, विधानसभा बागेश्वर के अंतर्गत काफलीगैर में महाविद्यालय एवं गरूड में पीजी कक्षाएं संचालित कराने की घोषणा, जनपद बागेश्वर में सर्किट हाउस का निर्माण, चण्डिका एवं नीलेश्वर मंदिर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने, महायोजना पर आंकलन कर कार्यवाही करने, जिला अस्पताल भवन की स्वीकृति के साथ ही सरयू नदी बागनाथ मंदिर के समीप मिनी झील का निर्माण करने आदि घोषणायें की गयी।
मुख्यमंत्री ने स्वरोजगार योजनाओं के नौ लाभार्थियों को 45 लाख के चेक वितरित भी किये तथा जिला योजना से स्वीकृति 10 लाख से युवाओं को स्वरोजगार योजना से जोडने के लिए फिश-डिश मोबाईल प्रचार वैन का भी शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर सांसद अजय टम्टा, उच्च शिक्षा, सहकारिता एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, अध्यक्ष जिला पंचायत बसंती देव, विधायक बागेश्वर चन्दन राम दास, कपकोट बलवंत सिंह भौर्याल सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं आम जनमानस मौजूद रहें।

विभिन्न महाविद्यालयों में सीएम ने स्वीकृत किए रिक्त पद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के ऋण खाताधारकों को छः माह हेतु ब्याज प्रतिपूर्ति सहायता उपलब्ध कराने हेतु 6 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र झबरेड़ा के अन्तर्गत लाठरदेवा हूण से बुडपुर नूरपुर होते हुये लाठरदेवा शेख मार्ग तक सड़क निर्माण हेतु 116.56 लाख, विधानसभा क्षेत्र सहसपुर के अन्तर्गत भाऊवाला में सम्पर्क मार्ग/आंतरिक मार्गों के निर्माण कार्यों हेतु 211.26 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र नरेन्द्र नगर में 70 वर्षों से जीर्ण शीर्ण पूल्ड हाउस के भवनों के स्थान पर श्रेणी 2 के 24 आवासों का निर्माण कार्य हेतु 489.89 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र रूद्रप्रयाग के अन्तर्गत विकासखण्ड जखोली में सिंराई नन्दवाणगांव भटवारी मोटर मार्ग में डामरीकरण हेतु 187.54 लाख रूपये, विधानसभा सल्ट के अन्तर्गत सुमनलता भदौला मोटर मार्ग से सेरा कैलानी तल्ला भनेरिया तक मोटर मार्ग हेतु 107.95 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग के अन्तर्गत विभिन्न 02 निर्माण कार्यों हेतु 152.55 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट के अन्तर्गत अल्काथल नैनादेवी मोटर मार्ग में डामरीकरण एवं सुधारीकरण हेतु 258.21 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र कपकोट के अन्तर्गत विभिन्न 2 निर्माण कार्यों हेतु 132.48 लाख रूपये की स्वीकृति के साथ ही जल जीवन मिशन के अन्तर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल की कण्डारस्यूं पेयजल योजना हेतु 2064.57 लाख रूपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न महाविद्यालयों में पदों के सृजन हेतु प्रदान की स्वीकृति
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद नैनीताल के हल्द्वानी शहर में नवीन राजकीय स्नातक महाविद्यालय खोले जाने हेतु 25 पदों, जनपद अल्मोड़ा के अन्तर्गत दन्या में नवीन राजकीय स्नातक महाविद्यालय खोले जाने हेतु 16 पदों, जनपद हरिद्वार के अन्तर्गत हरिद्वार शहर में नवीन राजकीय स्नातक महाविद्यालय खोले जाने हेतु 27 पदों, जनपद पौड़ी गढ़वाल के अन्तर्गत खिर्सू में नवीन राजकीय स्नातक महाविद्यालय खोले जाने हेतु 10 पदों, जनपद पौड़ी गढ़वाल के अन्तर्गत कल्जीखाल में नवीन राजकीय महाविद्यालय खोले जाने हेतु 10 पदों, पूर्व से संचालित राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव, पौड़ी गढ़वाल में स्नातक स्तर पर 3 पदों, जनपद चमोली के अन्तर्गत देवाल में नवीन राजकीय स्नातक महाविद्यालय खोले जाने हेतु 14 पदों एवं जनपद ऊधमसिंह नगर के नानकमत्ता क्षेत्रान्तर्गत नवीन राजकीय महाविद्यालय के संचालन हेतु 23 पदों के सृजन की स्वीकृति प्रदान की है।

सीएम ने किच्छा विधानसभा क्षेत्र के लिये की घोषणाएं, कहा हर घोषणा हो रही पूरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को किच्छा विधानसभा में 8 करोड़ 50 लाख की योजनाओं का लोकार्पण एवं 96 करोड़ 42 लाख की योजनाओं का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने किच्छा विधानसभा क्षेत्र के लिये अनेक घोषणाएं करते हुए कहा कि किच्छा के खुरपिया फार्म में अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए सिडकुल को दी गई 1 हजार एकड़ भूमि पर जल्द ही उद्योगों की स्थापना की जाएगा। इससे बङी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा। किच्छा में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की भव्य प्रतिमा के लिए पर्याप्त धनराशि की व्यवस्था की जाएगी। राजकीय हाई स्कूल को उच्चीकृत कर राजकीय इंटर कॉलेज बनाया जाएगा। किच्छा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को अपग्रेड किया जाएगा। खुरपिया फार्म में प्रस्तावित केन्द्रीय विद्यालय का निर्माण जल्द शुरू करने के लिए भारत सरकार से बात कर रहे हैं। किच्छा विधानसभा क्षेत्र में ही ग्रीन फील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट का काम जल्द शुरू करने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी से अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने किच्छा में 10 किमी आंतरिक मार्गों का निर्माण और सामुदायिक केन्द्र व वृद्धाश्रम के लिए भूमि उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे मुख्य सेवक की भूमिका निभाने के बाद हमारी सरकार लगातार ही जनहित के फैसले ले रही है। उन्होंने कहा हमारी सरकार युवाओं को रोजगार देने पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे 24 हजार पदों पर भर्ती एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए युवाओं हेतु प्रत्येक जिले में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण वितरित किए जा रहे है। उन्होंने कहा लंबे समय से चली आ रही आशा कार्यकत्रियों की मांग को पूरा करते हुए उनके मानदेय के अन्तर्गत 1000 रुपये और प्रोत्साहन राशि के रूप में 500 रुपये दिए बढ़ाए हैं। साथ ही उन्होंने कहा मलिन बस्तियों को आने वाले 3 साल में मालिकाना हक मिले इस पर सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने गांव के विकास में अहम योगदान निभाने वाले ग्राम प्रधानों का मानदेय 3500 रुपये तक बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत गौरवशाली, शक्तिशाली, आत्मनिर्भर एवं विश्व गुरु के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तराखंड जैसे युवा राज्य को आने वाले समय में शिक्षा ,स्वास्थ्य, पर्यटन, व्यापार, उद्योग जैसे तमाम क्षेत्रों में हिंदुस्तान का नंबर वन राज्य बनाएंगे। उन्होंने कहा हमारी सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को लाभ पहुंचे इस पर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा राज्य का विकास मेरी अकेली यात्रा नहीं अपितु सामूहिक यात्रा है जिसमें सभी की सहभागिता जरूरी है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक राजेश शुक्ला, सौरभ बहुगुणा एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

वर्ष 2017 से पहले 11 परिवार जबकि 2017 के बाद 81 गांवों के 1436 परिवारों का पुनर्वास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में अन्तरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों को निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित किया जाय कि पुनर्वासित परिवारों को पुनर्वास क्षेत्र में बिजली, पानी एवं अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की पर्याप्त व्यवस्था हो। जिन पुनर्वासित गांवों को सड़क से जोड़ा जाना है, उनकी सूची जल्द शासन को उपलब्ध कराई जाय। पुनर्वासित गांवों में मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए व्यवस्था मनरेगा से कन्वरजेंस एवं जिलाधिकारी के नियंत्रणाधीन विभिन्न फंडों से की जाय। इसके बाद भी कोई परेशानी हो तो मामला शासन स्तर पर लाया जाय। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से आठ जनपदों के पुनर्वासित गांवों के लोगों से बात कर उनकी समस्याएं सुनी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी समस्याओं का उचित हल निकालने का प्रयास किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील गांवों का लगातार सर्वे किया जाय। सर्वे के बाद जिन गांवों एवं परिवारों को तत्काल पुनर्वासित करने की आवश्यकता है, उसकी सूची भी जल्द उपलब्ध कराई जाय। पुनर्वासित परिवारों के लिए भारत सरकार की गाईडलाईन के अनुसार धनराशि दी गई है। पुनर्वासित क्षेत्र में अवस्थापना विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों का कोविड से निधन हुआ उन्हें आपदा मद से 50 हजार रूपये की धनराशि देने की व्यवस्था की जा रही है।
प्राकृतिक आपदा उपरान्त प्रभावित गांवों/परिवारों के पुनर्वास नीति 2011 के प्राविधानुसार राज्य में कुल 83 गांव एवं 1447 परिवारों को पुनर्वासित किया गया जिसके लिए 61 करोड़ 02 लाख 35 हजार रूपये की धनराशि प्रदान की गई। जिसमें से वर्ष 2017 से पहले 2 गांवों के 11 परिवारों को जबकि वर्ष 2017 के बाद से 81 गांवों के 1436 परिवारों को पुनर्वासित किया गया। गढ़वाल मण्डल के अन्तर्गत चमोली जनपद के 15 गांवों के 279 परिवार, उत्तरकाशी जनपद के 5 गावों के 205 परिवार, टिहरी जनपद के 10 गांवों के 429 परिवार एवं रूद्रप्रयाग जनपद के 10 गांवों के 136 परिवार पुनर्वासित किये गये। जबकि कुमांऊ मण्डल के अन्तर्गत पिथौरागढ़ के 31 गांवों के 321 परिवार, बागेश्वर जनपद के 9 गांवों के 68 परिवार, नैनीताल जनपद के 1 गांव के 1 परिवार एवं अल्मोड़ा जनपद के 2 गांवों के 8 परिवार विस्थापित किये गये।
इस अवसर पर आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सचिव आपदा प्रबंधन एस.ए.मुरूगेशन, वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी उपस्थित थे।

रंग लाई मेहनत, हरिपुर कलां में अंडर पास का कार्य शुरु

हरिपुर कला मोतीचूर भगत सिंह कॉलोनी के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। आज ग्राम सभा हरिपुर कला में मोतीचूर भगत सिंह कॉलोनी के समीप रेलवे लाइन में अंडर पास रेलवे क्रॉसिंग के लिए एनएचएम रेलवे विभाग के प्रशासनिक अधिकारियों की रेख देखें में अंडर पास के ब्लॉक रखे गए। ग्राम सभा हरिपुर कला की ग्राम प्रधान गीतांजलि ज़खमोला ने भी मौके में जाकर कार्य का निरीक्षण किया।
ग्राम प्रधान जखमोला ने बताया कि यह लंबी लड़ाई पिछले 2 वर्ष से हम लोग लगातार मोतीचूर भगत सिंह कॉलोनी के लिए अंडरपास एवं जन संपर्क मार्ग के लिए संघर्ष कर रहे थे। जिसमें हमको एक कदम सफलता मिली तथा हमारी जो पहली मांग थी वह पूरी हुई। जिसमें मोतीचूर भगत सिंह कॉलोनी के लिए अंडरपास का कार्य लगभग पूरा हो रहा है। इससे पूरे गांववासियों को इस अंडरपास का लाभ मिलेगा। साथ ही सभी राहगीरों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि यहां आवागमन के लिए कोई रास्ता नहीं था जो भी लोग आते जाते थे वह लोग पटरी पार करते ही निकलते थे आए दिन कई हादसे दुर्घटनाएं हो गई थी जिसमें लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ग्राम प्रधान ने बताया कि यह मांग ग्राम वासियों की जायज थी जिसके लिए गांव वासियों के साथ मिलकर लगातार संघर्ष किया गया। संबंधित विभाग चाहे रेलवे विभाग हो, राष्ट्रीय राज्य मार्ग, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सांसद व विधायक सभी से पत्राचार किया गया और लगातार संवाद रखा गया। जिसका परिणाम रहा कि 3.30 करोड रुपए की स्वीकृति प्रदान होने के बाद यह कार्य संपन्न हो रहा है।
ग्राम प्रधान ने खुशी जताते हुए सभी ग्रामवासियों की तरफ से पूर्व केंद्रीय मंत्री, वर्तमान सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम अग्रवाल, रेलवे विभाग के उच्च अधिकारी डीआरएम एवं अन्य अधिकारियों के साथ-साथ एनएच राष्ट्रीय राजमार्ग के उच्च अधिकारियों एवं कर्मचारियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। इस मौके पर मनोज शर्मा, दीपमाला, विनय थापा, आशीष टम्टा, शिवानी गोस्वामी, सूरज तिवारी, रीता, जमुना, प्यारेलाल कुकरेती, जाकिर, धर्मेंद्र, शेरखान, सूरज तिवारी, आशीष, अजय पटेल, अंकित बहुखंडी, अंकित बिजलवान, सुरेंद्र रयाल, राजेश भारद्वाज और मधुर शर्मा आदि ग्रामीण जन उपस्थित थे।

यूजेवीएनएल के चीला पावर हाउस पहुंचा एम्स का ट्रॉमा रथ

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश की ओर से आयोजित ट्रॉमा सप्ताह के तहत एम्स का ट्रॉमा रथ बुधवार को चीला पावर हाउस पहुंचा। यहां ट्रॉमा विशेषज्ञों ने यूजेवीएनएल के पावर हााउस में कार्य करने वाले कर्मचारियों को औद्योगिक दुर्घटनाओं के दौरान बचाव के तौर-तरीकों का प्रशिक्षण दिया।
एम्स ऋषिकेश का ट्रॉमा रथ बुधवार को उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड के चीला पावर हाउस पहुंचा। इस दौरान ट्रॉमा विशेषज्ञों ने विद्युत उत्पादन गृह चीला में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को आघात चिकित्सा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने पावर हाउस में कार्य करने वाले तकनीकि और मिनिस्ट्रियल स्टाफ को टरबाइनों के संचालन के दौरान संभावित दुर्घटनाओं से बचाव के तौर तरीके बताए। मशीनों में कार्य करते समय होने वाली दुर्घटनाओं के दौरान प्राथमिक उपचार और जीवन बचाने के बारे में उन्होंने बारीकी से जानकारी दी। प्रशिक्षण मे बताया गया कि मशीनों में कार्य करते हुए किसी तरह की दुर्घटना होने पर किस प्रकार के प्राथमिक उपचार के बाद घायल व्यक्ति को शीघ्रातिशीघ्र अस्पताल पहुंचाया जाना बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि मशीनों में कार्य करते हुए कई बार व्यक्ति के हाथ-पैर अथवा शरीर के अन्य अंग चपेट में आ जाते हैं। इस दौरान अपनाई जाने वाली बचाव प्रक्रिया और अन्य मेडिकली सावधानियों को भी प्रशिक्षण में समझाया गया।
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग प्रोफेशनल डेवलपमेंट एसोसिएशन (एनडीपीए) एम्स के नर्सिंग स्टाफ ओमप्रकाश और स्वप्ना श्रुति के नेतृत्व में मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया गया। ड्रिल में बताया गया कि जलाशयों में व्यक्ति के डूब जाने पर उसे किस विधि अथवा तकनीक से बचाया जा सकता है। उधर आघात चिकित्सा के प्रति आम लोगों को जागरुक करने के उद्देश्य से बुधवार की सुबह 6 बजे एम्स के गेट नंबर-तीन से साईकिल रैली निकाली गई। नर्सिंग ऑफिसर प्रकाश चंद मीणा के नेतृत्व में निकली रैली को ट्रॉमा विभागाध्यक्ष प्रोफेसर कमर आजम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साईकिल रैली बैराज मार्ग से होकर विभिन्न स्थानों से होकर निकली, इस ट्रॉमा जन-जागरुकता रैली का समापन ऋषिकेश बैराज में हुआ। इस अवसर पर यूजेवीएनएल के अधिशासी अभियंता ललित टम्टा, ट्रॉमा रथ के प्रभारी व ट्रॉमा सर्जन डॉ. मधुर उनियाल, डॉ. अजय कुमार, डॉ. भास्कर सरकार समेत विभाग के कई अन्य चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ मेंबर मौजूद रहे।

ऋषिकेश विधानसभा में खेल स्टेडियम होना जरुरी-खरोला

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने आज ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रायवाला में स्व. सजेंद्र चौधरी एवं स्व. शिवा ढौंडियाल की स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच मे बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया और विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। इस क्रिकेट टूर्नामेंट में 15 टीमों ने प्रतिभाग किया, जिसमें उत्तम प्रदर्शन दिखाते हुए हरिद्वार की शंकर गोस्वामी की कप्तानी में अन्ना 11 टीम ने जीत हासिल की।
इस अवसर पर खरोला ने खिलाडियों और दर्शको को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश के नौजवान व समाज का मोबाइल सहारा बन गया है। लोग खेल से दूर होते जा रहे हैं जबकि शरीर को तंदुरुस्त बनाने के लिए प्रतिदिन कम से कम एक घंटे प्रतिदिन जिम, व्यायाम व कोई भी खेल मैदान में जरूर देना चाहिए। खेल खेलने से शरीर में स्फूर्ति के साथ एकाग्रता आती है।
इस दौरान खरोला ने ऋषिकेश के युवा खिलाडियों को भरोसा दिलाया कि वे खेल और खिलाड़ियों के हित में हर संभव मदद करते रहेंगे। उन्होंने खिलाडियों से अपील की कि वे इस क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर देश-प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए अन्य युवाओं को भी प्रेरित करते रहे।
खरोला ने कहा यदि हमारी सरकार होती तो निश्चित ही अभी तक ऋषिकेश विधानसभा के अंतर्गत एक खेल स्टेडियम बन चुका होता। उन्होंने कहा कि यदि हमारी सरकार बनी तो सबसे पहले ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में युवा खिलाड़ियों के लिए एक स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। खरोला ने सभी खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए अनंत शुभकामनाएं और बधाई दी।
इस मौके पर दिव्या बेलवाल (जिला पंचायत सदस्य), अनिल कुमार (प्रतीतनगर प्रधान), सागर गिरी (रायवाला प्रधान), रायवाला थाना अध्यक्ष भुवन चंद पुजारी, संजय धनाई (उप प्रधान खांड गांव), मुकेश भट्ट (अध्यक्ष इकोसमिति आयोजन मंडल), अजय धैनी, जसवीर शर्मा, नवीन, अमित शर्मा, धनपाल खरोला, मानसिंह तोपवाल, हिमांशु, मुकेश रायल, आशीष डंगवाल, गणेश भारद्वाज, राव शदाब, सूरज राय, सूरज राय, हिमांशु, सलमानी, अमित पटवाल, राकेश नेगी, दीपक शाही, साहिल कुमार आदि उपस्थित रहे ।