एम्स निदेशक ने किया कुंभ के तहत बनाए गए सैक्टर चिकित्सालय में व्यवस्थाओं का निरीक्षण

महाकुंभ 2021 मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश की टीमें चैबीस घन्टे उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा मुख्य स्नान पर्वों पर किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्स ऋषिकेश में डिजास्टर वार्ड और आईसीयू बेड आरक्षित किए गए हैं। संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं का एम्स निदेशक प्रो. रविकांत ने बृहस्पतिवार को हरिद्वार के सैक्टर चिकित्सालय पहुंचकर जायजा लिया और इस बाबत उन्होंने चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कुम्भ स्नान के लिए हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को एम्स ऋषिकेश द्वारा चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके लिए हरिद्वार स्थित बैरागी कैम्प में बने सैक्टर चिकित्सालय में एम्स के चिकित्सकों की टीमें तैनात की गई हैं। व्यवस्थाओं को परखने और तैयारियों के मद्देनजर एम्स निदेशक प्रो. रवि कांत ने बृहस्पतिवार को बैरागी कैम्प में बने सैक्टर चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में बनाए गए कोविड टेस्टिंग एरिया, ओपीडी, आईपीडी, रजिस्ट्रेशन काउंटर, डिस्पेंसरी, एमआई रूम आदि क्षेत्रों को सघन जायजा लिया और इस बाबत अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गौरतलब है कि कुम्भ के लिए विशेष तौर से तैयार किए गए 50 बेड वाले सैक्टर अस्पताल का संचालन एम्स ऋषिकेश द्वारा किया जा रहा है। इस बाबत जानकारी देते हुए निदेशक एम्स प्रो. रवि कांत ने बताया कि कुम्भ में किसी भी तरह की आपात स्थिति अथवा गंभीर किस्म के मरीजों के उपचार के लिए एम्स द्वारा एडवासं लाइफ सपोर्ट एएलएस और बेसिक लाइफ सपोर्ट बीएलएस सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि सैक्टर चिकित्सालय में एम्स द्वारा प्राथमिक चिकित्सा की सभी सुविधाएं संचालित की जा रही हैं। जरूरत पड़ने पर गंभीर किस्म के रोगियों को एम्स ऋषिकेश पहुंचाकर तत्काल इलाज शुरू किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यहां श्रद्धालुओं को हरसंभव स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए 24 घन्टे चिकित्सकों की टीमें लगाई गई गई हैं। निदेशक एम्स प्रो. रवि कांत जी ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य है कि महाकुम्भ में देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को मेडिकल सुविधा की कोई कमी नहीं हो।
मौके पर मौजूद एम्स के नोडल ऑफिसर सैक्टर चिकित्सालय डा. मधुर उनियाल ने बताया कि मुख्य स्नान पर्वों पर किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्स में आईसीयू बेड और ऑपरेशन थिएटर रिजर्व रखे जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि एम्स में एहतियातन एक डिजास्टर वार्ड भी तैयार रखा गया है। इस अवसर पर संस्थान के डीन ऐकेडमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता और डीन अस्पताल प्रशासन प्रोफेसर यूबी मिश्रा भी मौजूद थे।

नगर निगम ऋषिकेश में राज्य वित्त आयोग की धनराशि बढ़ाने को मेयर ने दिया ज्ञापन

नगर निगम क्षेत्रांतर्गत छोटे भवनों को कर मुक्त कराकर आम आदमी को राहत दिलाने के लिए मेयर ने अपने स्तर से प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में मेयर ने शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत से मुलाकात कर उन्हें इस बाबत एक ज्ञापन सौंपा। इसके अलावा शहर के विकास में धन की कमी आड़े ना आए इसके लिए मेयर द्वारा नगर विकास मंत्री से राज्य वित्त आयोग से निगम की वित्तीय धनराशि बढ़ाने की मांग भी की।

मेयर अनिता ममगाई शहरी विकास मंत्री द्वारा देहरादून के नगर निगम सभागार में मेयरों के लिए आहूत बैठक में सम्मिलित हुई। जहां निगमों में विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को दिए आदेश के लिए नगर विकास मंत्री का तमाम मेयरों सहित ऋषिकेश मेयर द्वारा आभार जताया गया। इससे पूर्व मेयर ने नगर विकास मंत्री से मुलाकात कर उन्हें अवगत कराया कि कोरोनाकाल की वजह से मध्यम वर्गीय लोगों को भवन कर देने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है जिसको देखते हुए 1000 स्क्वायर फीट से कम वाले भवनों को कर मुक्त किया जाना चाहिए। जिस पर नगर विकास मंत्री द्वारा नियम अनुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

इस दौरान ऋषिकेश नगर निगम की वित्तीय सेहत को सुधारने के लिए मेयर द्वारा राज्य वित्त आयोग से निगम के फंड को बढ़ाने की मांग भी की गई। इस पर भी नगर विकास मंत्री द्वारा जल्द ही ठोस कार्रवाई का आश्वासन मेयर को दिया गया।

जनता दर्शन हॉल में मुख्यमंत्री रावत ने सुनीं जनता की समस्याएं

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सीएम कैम्प कार्यालय परिसर स्थित जनता दर्शन हॉल में आम जनता की समस्याएं सुनीं और मौके से ही उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का यथा समय निस्तारण करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। जन समस्याओं को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

जनता दर्शन हॉल में मुख्यमंत्री ने आम जन से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने हर एक फरियादी को पूरा समय दिया और पूरे इत्मीनान से उनकी समस्याओं को सुना। यहां मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का निराकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कहा कि ऐसी कोशिश होने चाहिए कि लोगों को अपनी समस्या के निदान के लिए अनावश्यक चक्कर ना लगाने पड़ें। गांव से लेकर ब्लाक या जनपद स्तर पर ही शिकायतों का निस्तारण करने का प्रयास करें।

घनसाली विधायक के पैतृक गांव में आयोजित श्रीराम कथा में पहुंचे सीएम तीरथ सिंह रावत

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने विधानसभा क्षेत्रान्तर्गत विधायक घनसाली शक्ति लाल शाह के पैतृक गांव हुलानाखाल में आयोजित श्री राम कथा आनंद महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने शक्तिलाल शाह के स्वर्गीय माता-पिता की आत्मा के लिए शांति की ईश्वर से कामना की।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक द्वारा सौंपे गए 26 सूत्रीय मांग पत्र पर कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दे जिनमें क्षेत्र में सिंचाई, नहरों के निर्माण को प्रमुखता से किये जाने के साथ ही सड़क, विद्युत व पेयजल की मांगे भी पूरी की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने व्यास पीठ द्वारा संचालित श्री राम कथा आनंद महोत्सव में उपस्थित क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र घनसाली आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जरूर है लेकिन यह क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता को भी अपने अंदर समेटे हुए है। उन्होंने इस अवसर पर क्षेत्रीय जनता की कुशलता हेतु शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक धन सिंह नेगी, जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव, एसएसपी तृप्ति भट्ट आदि उपस्थित रहे।

नंदप्रयाग-घाट मोटर मार्ग को डेढ़ लेन करने की मुख्यमंत्री ने की घोषणा

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने आज सड़क को डेढ़ लेन करने की मांग कर रहे नंदप्रयाग घाट क्षेत्र के ग्रामीणों की मुराद पूरी कर दी है। इस सड़क के चैड़ीकरण के लिए मुख्यमंत्री ने आज घोषणा कर दी है। इसके लिए संबंधित विभाग को निर्देश भी जारी हो गए हैं। पदभार संभालने के बाद मुख्यमंत्री ने यह एक अहम फैसला लिया है, जिसकी मांग के लिए स्थानीय ग्रामीण आंदोलन कर रहे थे।

जनपद चमोली के नंद्रप्रयाग घाट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करीब 70 गांवों के ग्रामीण अपने विकास खंड की सड़क को डेढ़ लेन करने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। सड़क से हजारों लोगों के हित जुड़े हैं।

क्षेत्र की इस मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक मुन्नी देवी शाह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बातया कि सिंगल लेन सड़क होने के कारण नंदप्रयाग घाट क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि संकरे मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। कहा कि ग्रामीणों की मांग जायज है।

क्षेत्र की समस्या पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने समस्या का समाधान कर दिया है। उन्होंने थराली विधान सभा के अंतर्गत आने वाले नंदप्रयाग से घाट बाजार तक की सड़क को डेढ लेन करने की घोषणा कर दी है। इसके लिए वित्त व नियोजन से लेकर लोक निर्माण विभाग को भी कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिये जनता सबसे बढ़कर है। जो जनता चाहेगी और जो जनता के हित में होगा वह किया जाएगा। जनहित में हर मुमकिन काम किया जाएगा।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख घाट भारती देवी फरस्वाण, जिला पंचायत सदस्य बूरा वार्ड 25 नन्दिता रावत, मण्डल अध्यक्ष घाट खिलाप सिंह नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख घाट अब्बल सिंह कठैत, सामाजिक कार्यकर्ता त्रिभुवन सिंह फरस्वाण, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश रावत तथा कर्नल हरेन्द्र सिंह भी उपस्थित थे।

सीएम ने कुंभ एवं पूर्णगिरी मेले को लेकर मातृशक्ति को दी शानदार सौगात


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सूबे की मातृशक्ति को एक शानदार सौगात दी है। कुंभ के मुख्य पर्व दिवसों पर यहां महिलाओं को उत्तराखंड परिवहन की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। मातृशक्ति के सम्मान की दिशा में मुख्यमंत्री का यहा कदम बेहद अहम है।

इन दिनों देवभूमि की धर्मनगरी में महाकुंभ की धूम है। बड़ी तादाद में देश विदेश के श्रद्धालू यहां पुण्य लाभ के लिए पहुंच रहे हैं। संतों के अखाड़ों का वैभव यहां की रौनक बढ़ा रहे हैं। सरकार के बेहतर प्रबंधन में संचालित हो रहे इस भव्य आयोजन में गंगा मैया के जयकारों व मंत्रोच्चार से धर्मनगरी गुंजायमान हो रही है। कुंभ का विशेष महत्व होता है। इस दौरान यहां बड़ी तादाद में श्रद्धालू स्नान के लिए पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के निर्देश पर हरिद्वार आने वाली महिलाओं के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में आवाजाही की निशुल्क सुविधा दी जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूर्णागिरी में आने वाली महिलाओं को भी बसों में आवाजाही की निशुल्क सेवा उपलब्ध रहेगी।

चमोली की घटना से पुलिस ने सबक लेने का दिया निर्देश

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अधिकारियों को प्रदेश में ह्यूमन ट्रैफिकिंग के मामलों को पूरी तरह से रोकने के लिए पुख्ता कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। हाल ही में चमोली की एक घटना को गम्भीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने बीजापुर हाउस में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बच्चों के प्रति अपराध पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि साईबर अपराध और बच्चों व महिलाओं के प्रति किए जाने वाले अपराध के मामलों को कार्रवाई के लिए सीधे रेगुलर पुलिस को सौंपा जाएं। नाबालिगों व महिलाओं के साथ हुए अपराधों पर की जाने वाली कार्यवाही पर मानिटरिंग के लिये फुल टाईम अपर सचिव स्तर के अधिकारी की नियुक्ति की जाए। फास्ट ट्रैक मोड में कार्रवाई सुनिश्चित हो। केवल मामला ही दर्ज नहीं करना है बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाना है कि अपराधी को सख्त से सख्त सजा मिले।

बैठक में मुख्य सचिव ओमप्रकाश, अपर मुख्य सचिव राधा रतूङी, डीजीपी अशोक कुमार, सचिव नितेश झा, अमित नेगी, आर मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

केंद्रीय मंत्री द्वारा राज्य को एंबुलेंस देने पर सीएम ने जताया आभार

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का राजमार्ग घटना प्रबन्धन हेतु उत्तराखण्ड राज्य को एम्बुलेंस उपलब्ध कराए जाने पर आभार व्यक्त किया है।

बुनियादी चिकित्सा उपकरणों से लैस यह 02 एम्बुलेंस राजमार्गों में होने वाली दुर्घटनाओं में एक त्वरित बचाव उपकरण के साथ ही मोबाईल डिस्पेंसरी के रूप में इस्तेमाल की जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह एम्बुलेंस राजमार्गों में होने वाली दुर्घटनाओं में जीवन को बचाने में अहम भूमिका निभाएंगी। इससे सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को भी कम किया जा सकेगा।

ज्ञातव्य हो कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा बुधवार को उत्तराखण्ड सहित अन्य राज्यों एवं केन्द्रशासित प्रदेशों हेतु एम्बुलेंसों को हरी झण्डी देकर रवाना किया गया।

जिला योजना में स्कूल शिक्षा को दें सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सचिवालय में विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए लीक से हटकर काम करने के निर्देश दिये। सिस्टम में जो ठीक नहीं है, उसे सुधारें। जरूरी होने पर नियमों में संशोधन किये जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में जिला योजना में सबसे ज्यादा प्राथमिकता स्कूल शिक्षा को देनी है। सभी स्कूलों में पेयजल, शौचालय, बिजली, फर्नीचर व अन्य उपकरण सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। स्कूल स्वच्छ व सुंदर हों। कक्षाएं स्मार्ट हों। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि बच्चों के पास किताबें जरूर हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों की उपस्थिति के लिये जीपीएस आधारित मोबाईल एप्लीकेशन के प्रयोग की योजना बनाई जाए। जो बच्चे केन्द्र सरकार की योजनाओं में आच्छादित न हो रहे हों उनके लिये राज्य स्तर पर योजनाएं बनाई जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में मानिटरिंग की जाए कि वहां मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं की जा रही हों। व्यावसायिक शिक्षा पर भी ध्यान दिये जाने की आवश्यकता है।
बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूङी, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, सौजन्या, महानिदेशक शिक्षा विनयशंकर पाण्डेय, अपर सचिव रवनीत चीमा व विद्यालयी शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

उत्तराखंडी वाध्य यंत्रों की गंगा तट पर बिखरेगी छटाः मेयर

ऋषिकेश का गंगा तट उत्तराखंड की महान सांस्कृतिक विरासत का गवाह बनेगा। महाकुंभ के पावन मौके के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक गीतों की स्वर लहरियों के साथ साथ वाद्य यंत्रों की गूंज भी सुनाई देगी।

केंद्रीय गढ़वाल विश्वविद्यालय की उमंग संस्था के प्रयास और नमामि गंगे के सहयोग से नगर निगम इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन करेगा। जिसे ऐतिहासिक रूप देने के लिए मेयर अनिता ममगाई ने आज कैम्प कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बताया कि शुक्रवार की शाम 5 बजे गंगा स्तुति के साथ मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक की गरिमामय मौजूदगी में कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। जिसमें उत्तराखंड के गढ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण जागर की लोकप्रिय गायिका बसंती बिष्ट भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति से चार चांद लगायेंगे। मेयर के अनुसार कार्यक्रम को लेकर गंगा तट को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा।

इस दौरान उत्तराखंडी पौशाकों में नामचीन कलाकारों एवं स्थानीय कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां कार्यक्रम का आकर्षण रहेंगी। बैठक में पार्षद कमलेश जैन, विजय बडोनी, विजेंद्र मोगा, मनीष मनवाल,अनीता रैना, कमला गुनसोला, अनीता प्रधान, राजकुमारी पंत, जसवंत रावत, पंकज शर्मा, प्रकांत कुमार, अक्षत खैरवाल, गौरव कैंथोला, राजीव राणा, राजीव गुप्ता, रणवीर सिंह, सुभाष जायसवाल आदि मोजूद रहे।