मेडिकल स्टोर मालिक अरेस्ट, प्रिंट रेट से ज्यादा में बेच रहा था आक्सीमीटर

यदि आपके किसी परिजन को या आपके आसपास कोई मेडिकल संचालक प्रिंट रेट से ज्यादा में कोई भी दवाई बेच रहा है। तो आप पुलिस मुख्यालय की हेल्प लाइन 9411112780, 9412029536 पर संपर्क कर कालाबाजारी को रूकवा सकते है।

वर्तमान में बढ़ते कोविड-19 संक्रमण के कारण जीवन रक्षक औषधी, वैक्सीन, प्लस आक्सीमीटर व ऑक्सीजन की मांग काफी बढ़ गयी है। उक्त अवसर का लाभ उठाकर लोगों की मजबूरी का फायदा उठाने का प्रयास कर रहे है।

साई मेडिकोज कुठालगेट पर आवश्यक वस्तु ऑक्सिमेटर की ओवररेटिंग 1000 रुपये ज्यादा कर बेची जा रही है। गोपनीय रूप से एक आरक्षी को स्पेशल टास्क फोर्स से गोपनीय जानकारी के लिए लगाया गया। देर रात मेडिकल स्टोर पर सब इंस्पेक्टर विपिन बहुगुणा व आरक्षी देवेंद्र मंगाई, वीरेंद्र नौटियाल द्वारा छापा मारकर उपरोक्त ऑक्सिमेटर के बिल, उसके क्रय किये गए रिकार्ड्स जब्त किए। मालूम चला कि चाईनीज आक्सीमीटर जिसकी कीमत अधिकतम 1200 रुपये बिल में है वो 2200 रुपये में बेचने की पुष्टि हुई’। कालाबाजारी करने पर अभियुक्त को गिरफ्तार कर मुकदमा थाना राजपुर पर पंजीकृत किया गया।

पुलिस उपनिरीक्षक विपिन बहुगुणा ने आरोपी की पहचान राजेश गुप्ता के रूप में कराई है।

स्पीकर ने राजकीय चिकित्सालय और निर्मल अस्पताल को एंबुलेंस देने की घोषणा

स्पीकर व ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने अपनी विधायक निधि से ऋषिकेश स्थित एसपीएस राजकीय चिकित्सालय एवं निर्मल आश्रम अस्पताल को उनकी आवश्यकता को देखते हुए हाईटेक उपकरणों से युक्त एक-एक एंबुलेंस देने की घोषणा की।

उन्होंने एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में एक एंबुलेंस के साथ रोगियों की सुविधा को 8 कूलर देने की घोषणा भी की। वहीं, निर्मल आश्रम के अस्पताल को भी आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित एक एंबुलेंस देने की घोषणा की।

इस दौरान स्पीकर ने राजकीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्साअधीक्षक डॉ विजयेश भारद्वाज से कोरोना से निपटने के लिए अस्पताल में व्यवस्थाओं एवं प्रबंध के संबंध में जानकारी ली। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत किया कि राजकीय चिकित्सालय में वर्तमान में 20 कोविड बेड एवं 20 सामान्य बेड की व्यवस्था है। साथ ही टेलीमेडिसिन की भी सुविधाएं जनता को दी जा रही है।

मुनादी के माध्यम से लोगों को कोविड-19 से सुरक्षा एवं बचाव के लिए किया जागरूक

कोविड-19 से सुरक्षा एवं संक्रमण की रोकथाम हेतु नगर पालिका परिषद मुनि की रेती- ढालवाला क्षेत्र में वृहद रूप से सैनिटाइजिंग अभियान चलाया गया। साथ ही मुनादी के माध्यम से लोगों को जागरूक भी किया गया।

रविवार को पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी एवं अधिशासी अधिकारी बीपी भट्ट के निर्देश पर सैनिटाइजिंग टीम पालिका में एकत्र हुई। यहां से सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व में समस्त पालिका क्षेत्र रामझूला, भजनगढ़, कैलाश गेट, शीशम झाड़ी, चैदह बीघा, आनंद विहार, मित्र विहार, शांति विहार और ढालवाला आदि में सोडियम हाइपोक्लोराइड का छिड़काव किया गया। इसके साथ सफाई निरीक्षक ने कोविड-19 से बचाव के प्रति लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क पहनने एवं हाथों को बार-बार धुलने की अपील की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में चल रही इस वैश्विक महामारी से सुरक्षा एवं बचाव के लिए सप्ताह में दो दिनों शनिवार और रविवार को पालिका क्षेत्र में सोडियम हाइपो क्लोराइड व कीटनाशक का छिड़काव किया जा रहा है।
मौके पर स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार, सफाई नायक देवेंद्र कुमार, राजू, महिपाल आदि उपस्थित थे।

देहरादून जनपद में छह मई तक पुनः कर्फ्यू


कल यानी सोमवार सुबह से ही 6 मई की सुबह 5रू00 बजे तक फिर कर्फ्यू लगाने के आदेश हुए जारी। पिछले आदेश के मुताबिक इसको कल ही खत्म होना था इस बार 3 दिन के लिए कर्फ्यू रहेगा। जरूरी वस्तुओं की दुकानें खुली रहेंगी पर उनका अब दोपहर 12 बजे तक ही खोल सकते है। कोरोना को नियंत्रित करने के लिए उसकी चेन तोड़ने के लिए अभी कर्फ्यू खत्म करने की स्थिति नहीं आई है अभी 3 दिन ही कर्फ्यू आगे बढ़ाया जा रहा है।

परिजनों की दूरी बनाने पर पुलिस ने रायवाला में किया अंतिम संस्कार

रायवाला पुलिस ने एक व्यक्ति की मृत्यु हो जाने के बाद न सिर्फ उसे कंधा दिया, बल्कि परिजनों की भूमिका निभाकर उसे मुखाग्नि भी दी। हिंदू रिति रिवाज से अंतिम संस्कार संपन्न कराया। कोरोना महामारी के इस दौर में अंतिम संस्कार में परिजनों का साथ न मिलने पर पुलिस ने हर वह भूमिका निभाई, जिसे परिजनों को निभानी चाहिए।

थानाध्यक्ष रायवाला अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि राजेश अग्रवाल पुत्र बंशीधर अग्रवाल निवासी उमा विहार कॉलोनी हरिपुरकलां थाना रायवाला के द्वारा सूचना मिली। बताया कि उनके पड़ोस में आकाश लांबा पुत्र विजय कुमार लांबा की मृत्यु हो गयी है। उसके माता-पिता और अन्य परिजन दिल्ली में रहते हैं, बुजुर्ग होने व कोविड-19 के संक्रमण के कारण अंतिम संस्कार करने के लिए नहीं आ पा रहे हैं। जिस कारण उक्त व्यक्ति का अन्तिम संस्कार नहीं हो पा रहा है। उक्त सूचना पर ’थाना रायवाला के चीता कर्मचारी गणो के द्वारा अपने स्वास्थ्य की परवाह किये बिना कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मृतक व्यक्ति का हिन्दू रीति रिवाज से स्वयं अन्तिम संस्कार किया गया।

पुलिस की इस मदद से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने न सिर्फ प्रशंसा की हैं, बल्कि पुलिस को सैल्यूट भी किया।

पश्चिम बंगाल में दीदी की हार के बावजूद सरकार बनाएगी टीएमसी


पश्चिम बंगाल में टीएमसी और भाजपा की अस्मिता का दांव लगा था। आज दोनों की दांव का परिणाम आया। इसमें भाजपा के सारे दावे खोखले रह गए और वहां की निवर्तमान सीएम ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी एक बार पुनः सरकार बनाने जा रही है। मगर, बड़ी बात यह भी है कि टीएमसी ने जिसके नेतृत्व में चुनाव लड़ा था, वह चेहरा यानी दीदी बीजेपी उम्मीदवार से चुनाव हार बैठी है। इस लिहाज से यह कहा जा सकता है कि दीदी चुनाव जीत कर भी हार गई है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 1953 वोट से हार गयी हैं। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। यहां से भाजपा उम्म्मीदवार शुभेंदु अधिकारी विजयी घोषित किये गये हैं। बंगाल चुनाव 2021 में राजनीतिक पंडितों से लेकर आम जनता की नजर इस बार पूर्वी मेदिनीपुर के नंदीग्राम सीट पर थी। यहां से सीएम और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी चुनाव लड़ रही थीं, जबकि बीजेपी की ओर से ममता के करीबी रहे शुभेंदु अधिकारी चुनावी अखाड़े में उतरे थे।

हेल्पलाइन से मिली सूचना, घर जाकर पुलिस ने दी आक्सीजन

ऋषिकेश पुलिस ने एक व्हाट्सअप गु्रप में आक्सीजन की मांग करने वाले बुजुर्ग की मदद रात करीब एक बजे घर जाकर की। सही वक्त पर आक्सीजन मिल पाने से बुजुर्ग की हालत अब स्थिर है।
कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि व्हाट्सअप गु्रप में एक व्यक्ति ने पोस्ट डाली। हंसराज बडोनी पुत्र शिवसरण निवासी अमित ग्राम फारेस्ट रोड ऋषिकेश के द्वारा संदेश दिया गया, कि मेरे मामा जी का स्वास्थ्य अत्यधिक खराब हो गया है एवं ऑक्सीजन लेवल कम होने के कारण तत्काल ऑक्सीजन की आवश्यकता है।

उक्त संदेश पढ़ने के पश्चात कोतवाल रितेश शाह ने उक्त व्यक्ति से संपर्क कर समस्या पूछी एवं तत्काल रात्रि अधिकारी को ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था कर बीमार व्यक्ति के घर पर सिलेंडर पहुंचाया गया।

उनके मामा की पहचान दिनेश प्रसाद पैन्यूली पुत्र स्वर्गीय अनंत राम पैन्यूली निवासी गली नंबर 8 कैनाल रोड गुमानी वाला श्यामपुर ऋषिकेश के रूप में हुई।

रायवाला में बहला फुसलाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म

14 वर्षीय युवती को बहला फुसलाकर कर दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी तथा जेवरात हड़पने के आरोप में रायवाला पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि बीते रोज हरिपुरकला निवासी एक महिला ने थाने में तहरीर दी थी। बताया था कि उनकी नाबालिग ध्वेती के साथ दीपक सिंह नामक युवक ने बहला फुसलाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी देकर जेवरात भी हड़प लिए है। मामले की गंभीरता कों देखकर पुलिस ने पोक्सो एक्ट के साथ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान दीपक सिंह पुत्र इंद्रदेव सिंह निवासी ग्राम मिर्जापुर विद्यापति नगर जिला समस्तीपुर बिहार हाल निवासी हरिपुरकला थाना जनपद देहरादून के रूप में हुई है।

सास को मुखग्नि देकर इस अधिकारी ने निभाया बेटे का धर्म…

नगर पालिका मुनिकीरेती में अधिशासी अधिकारी के पद पर तैनात बद्री प्रसाद भट्ट ने दिवंगत सास को मुखाग्नि देकर बेटे का धर्म निभाया।

दरअसल ईओ बद्री प्रसाद भट्ट की सास पिछले कई वर्षों से बीमार चल रही थी। कोई बेटा ना होने के कारण ईओ दामाद उनकी सेवा अपने घर पर ही कर रहे थे। मगर आज उनकी सास शकुंतला देवी ने अपनी अंतिम सांसे ली। तो दामाद बद्री प्रसाद भट्ट ने बेटे का धर्म निभाते हुए पूर्णानंद घाट पर पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी।

’ईओ कोविड ड्यूटी में भी निभा रहे अहम रोल’
अधिशासी अधिकारी बद्रीप्रसाद नगर पालिका मुनि की रेती क्षेत्र में इन दिनों कोविड की ड्यूटी में अहम भूमिका निभा रहे है। पालिका क्षेत्र में कर्मचारियों के साथ प्रतिदिन सैनिटाइजेशन अभियान में लगे हुए हैं। वह स्वयं प्रत्येक दिन अलग-अलग वार्डो में जाकर सैनिटाइज कर रहे हैं। इसके अलावा लोगों में कोविड को लेकर जागरूकता अभियान भी चला रहे है।

आशा कार्यकर्ताओं को मिलेगी एक-एक हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सीएम राहत कोष से आशा कार्यकत्रियो को एक-एक हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही शादियों में अधिकतम संख्या 25 की जाए। ग्रामीण बाजारों में भी बाजार खुलने के समय को जिलाअधिकारी अपने अनुसार घटा सकते हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों और जिलाधिकारियों के साथ कोविड की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने डोर टू डोर सर्वे के निर्देश दिये, इसके साथ ही 104 के अतिरिक्त सीएम हेल्पलाइन और पुलिस विभाग के कॉल कॉलसेंटर में फोन लाईनों की संख्या बढाई जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कॉलसेंटर और हेल्पलाईन पूरी तरह से सक्रिय रहें और बेड, इंजेक्शन सम्बंधी जानकारी भी अपडेट रहे। आक्सीजन के सिलेंडरों की संख्या बढाने के लिये हर सम्भव कोशिश की जाए। इसमें विभिन्न संगठनों, उद्योगों की सहायता भी ली जा सकती है। कोविड अस्पतालों में भर्ती मरीजों को भोजन, पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोई ढिलाई न हो। इसके साथ ही छोटे-छोटे स्थानों में सेनेटाइजेशन का काम किया जाए जहां संक्रमण की अधिक सम्भावनाएं हैं ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आक्सीजन प्लांटों में बिजली की निर्बाध आपूर्ति हो। सभी कोविड केयर सेंटर व अस्पतालों में फायर सेफ्टी सुनिश्चित की जाए। कोविड टेस्ट की रिपोर्ट में समय न लगे। टेस्ट होते ही तुरंत सभी को कोविड किट दिया जाए। शासन से जो भी निर्देश दिये जाते हैं, उनका प्रभावी क्रियान्वयन हो। टेस्ट सेंटरों और वैक्सीनैशन सेंटरों में कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखा जाए। ई-संजीवनी पोर्टल को और प्रभावी बनाते हुए प्रचारित किया जाए ताकि जन सामान्य उसका अधिक लाभ उठा सके। होम आइसोलेशन में रहने वालों को मालूम होना चाहिए कि उन्हें किन बातों का ध्यान रखना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाहर से आने वालों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। इसका पालन कङाई से हो। सरकारी व निजी अस्पतालों में कोविड मरीजों की व्यवस्था को लगातार क्रास चैक करवाया जाए। संबंधित मरीजों और उनके परिजनों से इसका फीड बैक लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड मरीजों हेतु एम्बुलेंस की दरें निर्धारित की जाए ताकी ओवररेटिंग जैसी शिकायत ना हो । दवाओं के कालाबाजारी को रोकने के लिए 147 एसटीएफ टीमें बनाई गई हैं। अभिसूचना तंत्र को मजबूत किया जाए। सरकारी अस्पतालों के साथ ही प्राईवेट अस्पतालों में भी आक्सीजन बेड की उपलब्धता की व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए।

बॉर्डर में रेजिस्ट्रेशन क्यूआर कोड रीडर के करिए चैकिंग की जाए। कोविड कर्फ्यू में निर्माण कार्यों को छूट है इसलिए निर्माण से संबंधित सीमेंट, सरिया की दुकानों को बंद न करायें।

बैठक में जानकारी दी गई कि बॉर्डर पर अधिकतर लोगों की कोविड नेगेटिव रिपोर्ट प्राप्त हो रही है जिनकी रिपोर्ट नहीं है उनकी भी सैंप्लिंग की जा रही है।

बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार, डीजीपी अशोक कुमार, सचिव अमित नेगी, शैलेश बगोली, डाॅ पंकज कुमार पाण्डेय, सूचना महानिदेशक रणबीर सिंह चैहान आदि उपस्थित थे।