लक्ष्मणझूला में विदेशी नागरिक की संदिग्ध मौत

लक्ष्मणझूला में एक आश्रम में 81 वर्षीय अमेरिकी नागरिक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पुलिस ने अमेरिकी एंबेसी को सूचना भेज दी है। पुलिस अभी तक मौत को नेचुरल मान रही है, फिलहाल शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।

थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला प्रमोद कुमार उनियाल ने बताया कि संत सेवा आश्रम में विदेशी नागरिक का कक्ष अंदर से बंद होने व बाहर न आने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजे को तोड़कर कक्ष के अंदर प्रवेश किया। तो विदेशी नागरिक का शव पड़ा मिला। थानाध्यक्ष के मुताबिक, विदेशी नागरिक नाम एरन है, जो 81 वर्षीय है तथा अमेरिका का निवासी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, अमेरिकी एंबेसी को भी सूचना भेज दी है।

स्वच्छता के प्रति जागरूकता अभियान में मरीजों और तीमारदारों को मिली जानकारी

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में बीती एक अप्रैल से मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से आईपीडी में भर्ती मरीजों व उनके तीमारदारों को स्वच्छता के प्रति जागरुक किया गया। बताया गया कि अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखकर ही हम स्वस्थ समाज की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं।

स्वच्छता पखवाडे के तहत संस्थान में आयोजित दैनिक जन-जागरुकता कार्यक्रमों के तहत अस्पताल में भर्ती मरीजों व उनके तीमारदारों को स्वच्छता के प्रति जागरुक किया गया। एम्स निदेशक प्रो. रवि कांत की देखरेख में नर्सिंग विभाग की ओर से गायनोकोलॉजी वार्ड में भर्ती मरीजों व उनके तीमारदारों को स्वच्छता से संबंधित विभिन्न जानकारियां दी गई।
नर्सिंग विभाग की टीम ने इस दौरान ’एक कदम स्वच्छता की ओर’ विषय पर नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन कर मरीजों और उनके तीमारदारों को साफ-सफाई से होने वाले लाभ को लेकर जागरुक किया। बताया गया कि गंदगी से ही कई बीमारियों का जन्म होता है। लिहाजा हम अपने और अपने आस-पास के वातावरण को जितना स्वच्छ रखेंगे उतना ही हम और हमारा समाज स्वस्थ रहेगा। इस दौरान टीम ने मरीजों को यह भी समझाया कि कोविड19 से बचाव के लिए हमें बार-बार हाथ धोने और सेनिटाइजर का उपयोग करना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही एक दूसरे से दो गज की दूरी बनाए रखने और मास्क का सही ढंग से इस्तेमाल को लेकर भी उन्हें जागरुक किया गया।

नर्सिंग स्टाफ ने नुक्कड़ नाटक द्वारा हाथों को सही ढंग से धोने की विधि भी बताई, बताया गया कि खुले मे शौच करने से बीमारियों को बढ़ावा मिलता है, इसलिए सभी लोगों को शौच के लिए अनिवार्यरूप से शौचालयों का इस्तेमाल करना चाहिए। इस दौरान टीम ने स्वास्थ्य चर्चा के माध्यम से भी रोगियों को स्वच्छता के प्रति विभिन्न लाभप्रद जानकारियां भी दीं।

कार्यक्रम में नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मनीष शर्मा, असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिटेंडेंट वंदना, जीनो जैकब, अज्जो उन्नीकृष्णन, प्रियंका आदि मौजूद थे।

आम आदमी पार्टी ने बैठक कर लिया हरिद्वार पंचायत में उतरने का निर्णय

उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी लगातार अपने संगठन को लेकर मजबूती से काम कर रही है। पूरे प्रदेश में आप कार्यकर्ता घर घर जाकर आप की नीतियों को सब तक पहुंचा रहे हैं। ऋषिकेश के एक निजी होटल में आप प्रभारी दिनेश मोहनिया ने सभी पदाधिकारियों की बैठक ली। जिसमें हरिद्वार जिले में बढ़ते जनाधार को देखते हुए निर्णय लिया कि आप पार्टी आगामी हरिद्वार पंचायत चुनाव से अपने उत्तराखंड में राजनीति का आगाज करेगी।

निजी होटल में आयोजित बैठक में आप प्रभारी दिनेश मोहनिया, सहप्रभारी राजीव चैधरी, अध्यक्ष एसएस कलेर, प्रवीन कुमार, विधायक जंगपुरा, युवा मोर्चा अध्यक्ष दिगमोहन नेगी ने प्रेसवार्ता की। बैठक में सर्वसम्मति से हरिद्वार चुनावों में उतरने का फैसला लिया गया। आप प्रभारी ने ऋषिकेश में कार्यकारणी की इस मासिक बैठक के दौरान कई अहम मुद्दों पर बातचीत करते हुए पार्टी पदाधिकारियों से विचार विमर्श भी किया। इस दौरान आप प्रभारी ने कहा कि, जिस विकल्प के लिए उत्तराखंड की जनता को 20 वर्षों से इंतजार करना पडा वो समय अब आ चुका है। आप पार्टी सिर्फ चुनाव लडने के मकसद से मैदान में नहीं उतरी है,बल्कि आप पार्टी का मकसद उत्तराखंड में विकास की राजनीति करना है।

उन्होंने आगे बताया कि आगामी पुचायत चुनावों में पार्टी हरिद्वार जिले में पंचायत चुनावों से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने जा रही है जिसके लिए पूरी पार्टी और कार्यकर्ता एकजुट हो चुके हैं। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को जीत का मूलमंत्र देते हुए तैयारियों में जुट जाने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने जल्द ही पार्टी संगठन विस्तार की बात भी कही।

उन्होंने उत्तराखंड के लोगों के अपार समर्थन को देखते हुए दावा भी किया कि जिस तरह लोग रोजाना बड़ी संख्या में आप की नीतियों को देखते हुए आप में शामिल हो रहे उससे ये सुनिश्चित है। हरिद्वार पंचायत चुनावों और आने वाले विधानसभा चुनावों में आप पार्टी ही प्रदेश में सरकार बनाएगी।

संविधान निर्माता डॉ अंबेडकर के विचारों की प्रासंगिकता सदैव रहेगी कायमः मेयर

संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ भीम राव अम्बेडकर की संगमरमर की भव्य प्रतिमा का अनावरण आज हो गया। मेयर ने मूर्ति शुद्धीकरण के लिए हवन संपन्न कराकर मूर्ति का अनावरण कार्यक्रम संपन्न कराया गया।

मेयर अनिता ममगाई ने अंबेडकर चैक स्थित अंबेडकर चैक पर बाबा साहेब की मूर्ति का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि देश के संविधान निर्माता बाबा साहेब भीम राव आम्बेडकर के बताए गए मार्ग पर चलने से ही समाज का विकास सम्भव है। बाबा साहेब समाज के सच्चे मार्गदर्शक थे। बाबा साहब के लिखे संविधान पर पूरा देश चल रहा है। उन्होंने शिक्षा पर जोर देते हुए लोंगों को अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बाबा साहेब के बताए बातों को याद दिलाया एवं कहा कि अधिकार के लिए शिक्षित बनो, संगठित बनो एवं संघर्ष करो।

मेयर ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत वर्ष नगर निगम की ओर से देश के संविधान रचियता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि स्वरूप अंबेडकर चैक का जीर्णोद्धार कराकर उनकी फाइबर की प्रतिमा स्थापित की गई थी। विगत 12 अगस्त को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उनकी प्रतिमा से संविधान की पुस्तक चोरी कर दी गई जिसके बाद बाबासाहेब के अनुयायियों द्वारा फाइबर की मूर्ति के बजाय संगमरमर की मूर्ति स्थापित करने की मांग की गई थी जिसे पूर्ण करते हुए आज बाबा साहेब की भव्य संगमरमर की मूर्ति स्थापित कर दी गई है। इस अवसर पर पार्षद कमलेश जैन, लक्ष्मी रावत, कमला गुनसोला, विजय बडोनी, बिजेंद्र मोगा, मनीष बनवाल, अनीता प्रधान, अजीत गोल्डी, गुरविंदर सिंह गुरी, भगवान सिंह पवार, प्रमोद शर्मा, राजू नरसिंभा, पार्षद बिरेंद्र रमोला, राधा रमोला, पंकज शर्मा, राजपाल ठाकुर, रोमा सहगल, यशवंत रावत, प्रिया ढकाल, अक्षय खेरवाल, प्रशांत कुमार, डीपी रतूड़ी, राजेश कोठियाल, राजाराम, चुन्नू लाल गुप्ता, राजेश खंडवाल, रेखा सजवान, गौरव कैंथोला, दीपाक जाटव, राजू शर्मा, जॉनी लांबा, प्रिंस गुप्ता, रूपेश गुप्ता, सुभाष जायसवाल, हेमलता चैहान, गोपाल रावत, चरणजीत काजू, बीएन तिवारी आदि मौजूद रहे।

तिलक रोड पर चला संजय और प्रतीक का जनसंपर्क अभियान

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजय व्यास व प्रतीक कालिया ने आज दोपहर जनसंपर्क यात्रा निकाल व्यापारियों से सर्मथन जुटाया।

हरिद्वार रोड स्थित वैष्णव प्लाजा से शुरू हुई जनसंपर्क यात्रा रेलवे रोड़ होते हुए तिलक रोड़ पहुंची। जहां जगह जगह दोनों व्यापारी नेताओं का माल्यार्पण कर स्वागत और अभिनंदन किया गया। दोनों प्रत्याशियों ने भरपूर प्यार और समर्थन देने के लिए व्यापारियों आभार जताते हुए कहा कि आगामी 10 तारीख मजबूत व्यापारिक संगठन की दृष्टि से एक ने एक नये इतिहास का सृजन करेगी। प्रथम आम चुनाव में व्यापारियों के उत्साह से गदगद दोनों प्रत्याशियों ने पंचड जीत का विश्वास भी जताया। जन संपर्क करने वालों में पार्षद प्रदीप कोहली, अजीत सिंह, दीपक धमीजा, राही कपाड़िया, हितेंद्र पंवार, दिनेश कोठारी, मंगा सिंह, राजीव खुराना, विशाल कक्कर, गुड़ु बाला, संजय पंवार, धीरज मखीजा, चेरब जैन, संजय सकलान, राजीव कालिया आदि शामिल थे।

घाट रोड व्यापार सभा ने ललित मोहन और प्रदीप गुप्ता को दिया खुला समर्थन

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के होने वाले चुनाव में घाट रोड व्यापार सभा के संरक्षक मंडल द्वारा बुलाई गई। बैठक में आज अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ललित मोहन मिश्र और महामंत्री पद के प्रत्याशी प्रदीप गुप्ता को अपना खुला समर्थन दिया।

घाट रोड पर आयोजित एक बैठक में घाट रोड के अध्यक्ष पवन शर्मा, संरक्षक मदन लाल जाटव, सुरेंद्र मोहन पावा आदि ने दोनों लोगों को व्यापारी हितों के लिए लड़ाई लड़ने वाला अत्यंत उपयुक्त प्रत्याशी बताया।

मदन लाल जाटव ने कहा कि ललित मोहन मिश्रा सामाजिक कार्यों में सदैव अग्रणी रहते हैं। चाहे वह रक्तदान हो या सुबह गरीबों की सेवा हो अथवा व्यापारियों के लिए सड़क पर किया जाने वाला कोई संघर्ष हो। ललित मोहन मिश्र का योगदान इन क्षेत्रों में सदैव रहा है और आसानी से उपलब्ध होने वाले यह दोनों प्रत्याशी व्यापार मंडल के अध्यक्ष और महामंत्री बने ऐसा प्रयास पूरी घाट रोड के व्यापारी लोग करेंगे।

बैठक की अध्यक्षता शेखर गुप्ता ने की। बैठक में त्रिलोक कक्कड़ सतवीर पाल, केवल कृष्ण लांबा, अखिलेश, मोतीराम टुटेजा, नवीन भारद्वाज, घनश्याम कोहली, राहुल पाल, पूजन अग्रवाल, विनीत गुप्ता, पवन गुप्ता, प्रतीक पुंडीर, रमन तायल आदि व्यापारी गण उपस्थित थे।

ग्रामसभा छिद्दरवाला में हुई कांग्रेस की मासिक बैठक, कार्यकर्ताओं के कंसे पेंच

छिद्दरवाला ग्रामसभा में में ब्लॉक कांग्रेस रायवाला की मासिक बैठक आयोजित की गई। जिसमे कांग्रेस की अध्यक्षता ब्लॉक प्रभारी सतीश रावत व संचालन ब्लॉक अध्यक्ष बरफ सिंह पोखरियाल ने किया व नवनियुक्त पदाधिकारियों प्रदेश सचिव विजयपाल रावत, अमन पोखरियाल, कुंवर गुसाँई व गोकुल रमोला का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

बैठक मे पूर्व कैबिनेट मंत्री शुरवीर सजवाण ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं को आपसी द्वेष भावना भुलाकर संगठन के लिए कार्य करना चाहिए। न कि व्यक्ति विशेष के लिए क्योंकि संगठन से ही हम सब हैं।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ केएस राणा ने कहा कि ग्राम सभा स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति कर उनको बूथों की गठन की जिम्मेदारी देकर कार्य लेना होगा तभी हम गांव व बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर पाएंगे।

एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि हमे सर्वप्रथम बूथ कमेटियों का गठन कर संगठन की मजबूती व पूर्व में कांग्रेस सरकार के किये गए कार्यो के बारे मे लोगो को अवगत कराना चाहिए। साथ ही हम सभी कांग्रेस जनो को वरिष्ठ कांग्रेसियो व कांग्रेस कार्यकर्ता के घरों पर जाकर कांग्रेस की बैठकें करनी चाहिए।

कार्यक्रम मे प्रदेश महामंत्री राजपाल खरोला, प्रदेश सचिव विजयपाल रावत, जय सिंह रावत, महिला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंशुल त्यागी, कृपाल सिंह सरोज, गोकुल रमोला, देवी प्रसाद व्यास, लष्मी प्रसाद नौटियाल, जितेंद्र त्यागी, पीसी रमोला, आशा सिंह चैहान, देव पोखरियाल, देवी प्रसाद व्यास, सोहन सिंह रौतेला, केके थापा, युद्ध बहादुर भंडारी, गोपाल सिंह सजवाण, ध्यान सिंह असवाल, विरेंद्र थापा, रोशन व्यास, विरेंद्र सिंह, प्रवीण बिष्ट, विजय सिंह बिष्ट, टीका राम व्यास, कमल सिंह रावत, राकेश सिंह कंडियाल, रघुवीर सिंह कंडियाल, हरभजन सिंह चैहान, दीपक नेगी, मोहन सिंह डोबलियाल, पदम सिंह, धनपाल सिंह मिश्रावाण, तेजपाल सिंह कलुडा, नीरज चैहान, संतोषी शर्मा, रवि राणा, निर्मल, प्रियंका सेमवाल, अंजली कश्यप, पंकज रावत आदि लोग उपस्थित रहे।

व्यापार महासंघ में अध्यक्ष व महामंत्री निर्विरोध घोषित

नगर उद्योग व्यापार महासंघ ने निर्विरोध अपना अध्यक्ष व महामंत्री चुन लिया है। दरअसल आज नाम वापसी में दो प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए। इसके बाद से दोनों पदों पर एकमात्र प्रत्याशी बचे। जिन्हें निर्विरोध चुन लिया गया।

मुख्य चुनाव अधिकारी राजेन्द्र सेठी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर विनोद शर्मा और महामंत्री पद पर विवेक वर्मा ने नाम वापस ले लिया है। इसके बाद अध्यक्ष पद पर राजेश भट्ट और महामंत्री पद पर अखिलेश मित्तल को निर्विरोध घोषित किया गया। दोनों पदाधिकारी को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस मौके पर सह चुनाव अधिकारी नवल कपूर, दीपक जाटव, मनोज कालड़ा व मदन नागपाल मौजूद थे।

खदरी खड़कमाफ में वन विभाग ने लगाया गुलदार को पकड़ने को पिंजरा


ग्राम सभा खदरी खड़क माफ के चोपड़ा फार्म प्रगति पुरम कॉलोनी वार्ड नं 14 अबादी वाले क्षेत्र में बार बार दस्तक दे रहा। गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग टीम ने पिंजरा लगाया।

ग्राम सभा खदरी खड़क माफ में गुलदार का खौफ इन दिनों सर चढ़कर बोल रहा है, क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा गया,गुलदार विगत 5 दिन से लगातार क्षेत्र में दस्तक दे रहा, जिससे ग्रामीणों में डर का अभाव बना हुआ है।

इससे पूर्व वन विभाग रेंज ऋषिकेश की टीम के द्वारा गुलदार प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण भी किया गया, जिससे गुलदार के पंजों के निशान मिले,क्षेत्र की सुरक्षा के लिए वन विभाग व समाजिक कार्यकर्ता लगातार रात्री को गश्त लगाते है।

क्षेत्र की सुरक्षा के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्य बीना चैहान ने वन क्षेत्राधिकारी रेंज को ज्ञापन सौंपा था जिसमें क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की थी।
वन विभाग रेंज ने इस समस्या को गंभीरता से लेकर रविवार को क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है।

बीना चैहान ने कहा ‌आमद वाले क्षेत्र में गुलदार की बार बार दस्तक से ग्रामीणों में दहशत मची हुई है, जिसके बाद क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है।

मौके पर उपस्थित क्षेत्र पंचायत सदस्य बीना चैहान, लक्ष्मण चैहान, वार्ड मेंबर राजेंद्र चैहान लक्ष्मण राणा सुषमा भट्ट, विनोद चैहान, नवीन नेगी ,अनिल रावत, श्रीकांत रतूड़ी, पूर्व प्रधान स्वरूप सिंह पुंडीर, महावीर उपाध्याय, रामस्वरूप भट्ट, वीर सिंह बुटोला, शांति प्रसाद थपलियाल,सतीश सिलस्वाल, गौतम राणा, स्वयं दत्त,कंडवाल व वन विभाग की टीम आदि।

उत्तराखंड में वन विभाग के सभी अधिकारियों के अवकाश पर लगी रोक

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने वनाग्नि की घटनाओं को अत्यंत गम्भीरता से लेते हुए वीडियो कान्फ्रेंसिंग द्वारा शासन, पुलिस व वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सभी जिलाधिकारियों के साथ वनाग्नि प्रबंधन की समीक्षा एक आपात बैठक आहूत कर जरूरी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बताया कि प्रदेश में वनाग्नि की बढ़ती घटनाओं पर काबू पाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा दो हेलीकाप्टर उपलब्घ कराए गए हैं। इस संबंध में उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर वार्ता हुई है। केंद्रीय गृह मंत्री ने हर सम्भव सहायता के प्रति आश्वस्त किया है। आवश्यकता होने पर एनडीआरएफ की टीमें भी भेजी जाएंगी।

एक हेलीकाप्टर गौचर में स्टेशन करेगा जो कि श्रीनगर से पानी लेगा। दूसरा हेलीकाप्टर हल्द्वानी में स्टेशन करेगा और भीमताल झील से पानी लेगा। राज्य के अधिकारी केंद्र सरकार के अधिकारियों के लगातार सम्पर्क में हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर वन विभाग के सभी अधिकारियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कार्यक्षेत्र में बने रहने को कहा गया है। प्रदेश भर में तैनात किए गए फायर वॉचर को 24 घंटे निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग द्वारा शासन, पुलिस व वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सभी जिलाधिकारियों के साथ वनाग्नि की वर्तमान स्थिति और इससे निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वनाग्नि की घटनाओं की सूचना कंट्रोल रूम को अविलम्ब मिलनी चाहिए और रेस्पोंस टाईम में कमी लाई जाए। वन पंचायतों सहित स्थानीय लोगों का सहयोग लिया जाए परंतु इस बात का ध्यान रखा जाए कि बच्चे और बुजुर्ग आग बुझाने के लिए न जाएं। लोगों को जागरूक किया जाए। इसके लिए व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। गांवों और रिहायशी इलाकों के आसपास झाडियां साफ की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वनाग्नि से क्षति होने पर प्रभावितो को मानकों के अनुरूप मुआवजा जल्द से जल्द मिल जाना चाहिए। फील्ड स्तर पर गाड़ियों व उपकरणों की कमी नहीं होनी चाहिए। जहां जरूरी हो, वहां तत्काल बिना समय गंवाए इनकी व्यवस्था कर ली जाएं। कंट्रोल रूम की संख्या बढ़ाई जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वनों का संरक्षण, उत्तराखण्डवासियों की परम्परा में है। परंतु कुछ शरारती तत्व जानबूझकर वनों में आग लगाते हैं। ऐसे तत्वों की पहचान कर कठोर कार्यवाही की जाए। कुम्भ मेला क्षेत्र पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में वनाग्नि की घटनाओं को न्यूनतम करने के लिए एक दीर्घकालीक प्लान भी बनाया जाए और उसी के अनुरूप तैयारियां की जाएं। तहसील व ब्लॉक स्तर तक कंट्रोल रूम और फायर स्टेशन स्थापित हों।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में इस वर्ष 983 घटनाएं हुई हैं। जिससे 1292 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। वर्तमान में 40 एक्टिव फायर चल रही है। नैनीताल, अल्मोड़ा, टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल वनाग्नि से अधिक प्रभावित है। वनाग्नि को रोकने के लिए 12 हजार वन कर्मी लगे हैं। 1300 फायर क्रू स्टेशन बनाए गए हैं।

इस वर्चुअल बैठक में मुख्य सचिव ओमप्रकाश, डीजीपी अशोक कुमार, प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी, सचिव अमित नेगी, शैलेश बगोली, एस.ए.मुरूगेशन सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिलाधिकारी व डीएफओ उपस्थित थे।