नगर निगम ने कूड़ा पृथक्करण अभियान का किया आगाज

स्वच्छता संकल्प के तहत रविवार विशेष आज नगर निगम ऋषिकेश द्वारा ( हम हैं तैयार ) थीम पर डोर टू डोर जाकर कूड़े का पृथक्करण अभियान चलाया गया। साथ ही नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वींरियाल ने तहसील कॉलोनी परिवारों को होम कंपोस्टिंग यूनिट वितरित किए। साथ ही सभी परिवारों को हरा-नीला और काले डस्टबिन के उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

स्थानीय पार्षद एडवोकेट राकेश सिंह मियां ने लोगों से अपील की। वह होम कंपोस्ट यूनिट में खाद बनाने का काम करें। ताकि कम से कम कूड़ा उत्पन्न हो। हमारा वार्ड व शहर स्वच्छ, साफ रहे। इस मौके पर सफाई निरीक्षक सचिन रावत, प्रशांत कुकरेती, गंभीर राणा, नरेश, सुधीर श्रीवास्तव, अश्वनी कुमार, मनोज कुमार, मूर्तितेश कुमार आदि उपस्थित थे।

ऋषिकेश में दो व्यापारिक संगठनों का हुआ विलय, नए महासंघ का हुआ गठन

ऋषिकेश में आज नगर उद्योग व्यापार महासंघ वजूद में आया। इसमें दो व्यापारिक संगठन (नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल और ऋषिकेश व्यापार महासंघ) का विलय हुआ। दोनों की संगठनों से जुड़े व्यापारियों की आज बैठक व्यापार सभा भवन में हुआ। निर्णय लिया गया कि यह नया संगठन प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से संबद्ध रहेगा।

प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष व राज्यमंत्री कृष्ण कुमार सिंघल की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष नरेश अग्रवाल व महासंघ के संयोजक राजीव मोहन अग्रवाल ने बताया कि नगर के व्यापारी व्यापार मंडलों की एका की मांग कर रहें थे। कहा कि आपस में कुछ बातो को लेकर असहमति थी। जिस वजह से नए व्यापार मंडल की कवायद हुई थी। अब सभी शंकाएं दूर हो गयी है व पूरा व्यापार मंडल पुनः एक परिवार के रूप में साथ आ गया है।

इस अवसर पर सूरज गुल्हाटी, विनोद शर्मा, हरगोपाल अग्रवाल, मनोज कालरा, सुभाष कोहली, ललित मोहन मिश्र, अजय गर्ग, नवल कपूर, मदन नागपाल, यशपाल पंवार, श्रवण जैन, दीपक, रवि जैन, राजेश भट्ट, प्रतीक कालिया आदि उपस्थित रहे।

गुमानीवाला में देव डोली सामिति की हुई बैठक, डोली आगमन को बनी सहमति

श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभायात्रा समिति द्वारा कुंभ महापर्व 2021 में देव डोलियों के दिव्य, भव्य एवं सुरक्षित स्नान व शोभायात्रा के आयोजन हेतु गुमानिवाला (अमित ग्राम) पंचायत घर में महत्वपूर्ण बैठक का अयोजन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी तोता कृष्ण भट्ट व ग्राम प्रधान राजेश व्यास ने कहा कि इस पुण्य अयोजन को सफलता पूर्वक सम्पन्न करने में ग्राम सभा गुमानिवाला का अभूतपूर्व योगदान व सहयोग रहेगा।

24 अप्रैल को ऋषिकेश शोभायात्रा में श्यामपुर न्याय पंचायत की रुषा फार्म से भैरव-भवानी की डोली, खैरी कला से माँ दिन्याली देवी व सुरकुंडा माता की डोली, भट्टोवाला से माँ राजराजेश्वरी व जवाला देवी की डोली, श्यामपुर से चंडी माता व काली माता की की डोली नेजा निशान तथा पाशवा-पुजारी सहित शामिल होगी।

कार्यक्रम संयोजक संजय शास्त्री व ज्योती सजवाण, बंशीधर पोखरियाल व डॉ० धीरेंद्र रांगड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से आये प्रतिनिधियों ने अपने- अपने विचार प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस पुनीत कार्यक्रम को हमने दिव्य एवं अविस्मरणीय बनाना है।

कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता डॉ. धीरेंद्र रांगड़ ने किया।

बैठक में गजेन्द्र सिंह कंडियाल, भगवान सिंह रांगड़, किशन नेगी, सरिता बडोनी, पुष्पा मित्तल, रीना गौड़, सुनीता खंडूरी, प्रभा थपलियाल, लक्ष्मी सेमवाल, संजय बिष्ट, रामचंद्र नौटियाल, नंदकिशोर उनियाल, शूरवीर भंडारी, सुनील थपलियाल, रमेश पैन्यूली, विशाल मणि पैन्यूली, महिपाल बिष्ट, यतेंद्र कंडियाल आदि उपस्थित थे।

आईडीपीएल खेल मैदान में मेयर अनिता ने किया फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्धाटन

आईडीपीएल खेल मैदान में मेयर अनिता ममगाई ने फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल भी हमें जीवन में बहुत कुछ सिखाता है। आज बहुत से खिलाड़ी खेल से ही अपने करियर बनाने के साथ-साथ देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इस तरह के टूर्नामेंट के आयोजित होने से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलता है।

हिमालयन फुटबॉल टूर्नामेंट के उद्घाटन पर मेयर अनिता ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई भी की। कहा कि खिलाड़ी के लिए खेल का मैदान ही उसके जीवन का अभिन्न अंग होता है। लेकिन खेल के दौरान हार जीत की परवाह किए बगैर खेलों में प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने आचार विचार को बेहतर बनाने के साथ-साथ संयमित भोजन करने का भी आह्वान किया ताकि वह शारीरिक रूप से पूरी तरह से फिट और मानसिक रूप से पूरी तरह से चुस्त और दुरुस्त होकर अपनी प्रतिभा का भरपूर प्रदर्शन कर सकें।

इस दौरान पार्षद विजय बडोनी, अनीता प्रधान, प्रवेश कुमार, सुरेन्द्र सुमन, प्रवेश कुमार, कनक धनै, प्रिया ढकाल, शीलू अग्रवाल, हेमलता चैहान, किरन त्यागी, कुलदीप टंडन, निर्भय गुप्ता, अनुराग मलिक, मयंक बिष्ट, अमन खत्री, मोहित बिष्ट, तनुज पोखरियाल, दीपक चैधरी, अभिनव चैहान, विजय आदि मौजूद रहे।

63 मकान मालिकों से सत्यापन न कराने पर छह लाख तीस हजार रूपए का चालान

कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने श्यामपुर क्षेत्र में 63 मकान मालिकों के चालान किरायेदारों के सत्यापन न कराने पर काटे है। इनसे पुलिस ने छह लाख तीस हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला है।

कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि श्यामपुर चैकी क्षेत्र में किरायेदारी सत्यापन को लेकर अभियान चलाया गया। इस दौरान गुमानी वाला, मनसा देवी, गुलाटी प्लॉट और गुर्जर प्लॉट में सत्यापन की जांच की गई। बताया कि कुल सत्यापन 277 किए गए। इनमें 63 चालान न्यायालय के किए गए हैं, जिनमें छह लाख तीस हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया है।

राह चलती महिला से मोबाइल लूटा, तीन शातिरों को पुलिस ने दबोचा

गुर्जर धर्मशाला मोतीचूर रायवाला निवासी महिला अमन शर्मा पत्नी रघुनाथ शर्मा ने रायवाला थाने में बताया कि स्कूटी सवार तीन अज्ञात लोगों ने उनका मोबाइल लूट लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए छानबीन शुरू की।

थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि घटनास्थल के आसपास 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाने के बाद एक शख्स को मुखबिर ने पहचान लिया, जिसे उसके हरिद्वार स्थिति घर से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के नाम लिए, जिन्हें गीतापुर कुटीर हरिपुरकलां से पास से स्कूटी के साथ अरेस्ट किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों ही नशे के आदी हैं और नशे के लिए ही चोरी की घटना को अंजाम देते है।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान अभिषेक कश्यप पुत्र महेंद्र कश्यप निवासी कुंज गली खड़खड़ी हरिद्वार, सनी उर्फ लाला पुत्र सोनू गोस्वामी निवासी जोगिया मंडी मनसा देवी हरिद्वार और विष्णु कश्यप पुत्र विनोद कश्यप निवासी कुंज गली खड़खड़ी हरिद्वार के रूप में कराई है। पुलिस ने महिला का मोबाइल भी आरोपियों से बरामद किया है।

गणतंत्र दिवस पर तीसरे स्थान के लिए पुरस्कृत उत्तराखण्ड की झांकी म्यूजियम में संरक्षित

इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर तीसरे स्थान के लिए पुरस्कृत की गई उत्तराखण्ड की झांकी को गढ़ी कैंट स्थित संस्कृति विभाग के म्यूजियम-आडिटॉरियम में रखा गया है। राज्य गठन के बाद उत्तराखण्ड द्वारा अनेक बार प्रतिभाग किया गया परंतु यह पहला अवसर है जब उत्तराखण्ड की झांकी को पुरस्कुत किया गया।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने इसे राज्य के लिए गौरव की बात बताते हुए झांकी को संस्कृति विभाग के म्यूजियम में संरक्षित किए जाने के निर्देश दिए थे। सचिव पर्यटन, संस्कृति व सूचना श्री दिलीप जावलकर ने गढ़ी कैंट में बन रहे संस्कृति विभाग के म्यूजियमध् आडिटॉरियम का निरीक्षण कर झांकी को रखे जाने के लिए स्थान निर्धारित किया। उन्होंने अधिकारियों को उक्त झांकी के उचित रखरखाव के निर्देश दिए।

राजपथ, नई दिल्ली गणतंत्र दिवस समारोह में सूचना विभाग द्वारा उत्तराखण्ड राज्य की ओर से “केदारखंड” की झांकी को प्रदर्शित किया गया था। इसे लोगों द्वारा काफी सराहा गया था। झांकी के अग्रभाग में उत्तराखण्ड का राज्य पशु ‘कस्तूरी मृग‘ दर्शाया गया है जो कि उत्तराखण्ड के वनाच्छादित हिम शिखरों में 3600 से 4400 मीटर की ऊंचाई पर पाया जाता है। इसी प्रकार से उत्तराखण्ड का राज्य पक्षी ‘मोनाल’ एवं राज्य पुष्प ‘ब्रह्मकमल’ दिखाया गया है जो केदारखण्ड के साथ-साथ उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पाया जाता है। झांकी के मध्य भाग में भगवान शिव के वाहन नंदी को दर्शाया गया है तथा साथ में केदारनाथ धाम में यात्रियों को यात्रा करते हुए तथा श्रद्वालु को भक्ति में लीन दर्शाया गया है। झांकी के पृष्ठ भाग में बारह ज्योर्तिलिंगों में से एक बाबा केदार का भव्य मंदिर दर्शाया गया है जिसका जीर्णोद्धार आदिगुरू शंकराचार्य ने कराया था तथा मंदिर परिसर में श्रद्वालुओं को दर्शाया गया है साथ ही मंदिर को ठीक पीछे विशालकाय दिव्य शिला को दर्शाया गया है।

दिल्ली से झांकी को एक स्पेशल ट्रोला में तीन दिन में देहरादून लाया गया। गौरतलब है कि गढ़ी कैंट, देहरादून में संस्कृति विभाग का म्यूजियम-ऑडिटॉरियम निर्माणाधीन है। इसके बनने के बाद “केदारखंड” की झांकी, आम लोगो के लिए उपलब्ध रहेगी।

नैनीताल जनपद में संचालित व प्रस्तावित कार्यों की सीएम त्रिवेंद्र ने की समीक्षा

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने नैनीताल जनपद में संचालित एवं प्रस्तावित कार्यों की गहनता से समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उच्च शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ.धनसिंह रावत, विधायक बंशीधर भगत, नवीन दुम्का, संजीव आर्य, राम सिंह कैड़ा, जिलाध्यक्ष भाजपा प्रदीप बिष्ट उपस्थित थे।
सीएम ने जिला योजना, राज्य सैक्टर, केन्द्र पोषित योजना एवं बाह्य सहायतित योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए जनहित में अवमुक्त धनराशि का समय से शतप्रतिशत उपयोग करना सुनिश्चित करें। उन्होंने जनपद में सिंचाई विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि फार्म मशीनरी बैंको का आवंटन जनपद के सभी क्षेत्रों में समान रूप से किया जाए और कृषि सिंचाई हेतु गूल के स्थान पर हाई डेंसिटी पाइप लाइन व्यवस्था पर कार्य किया जाये। उन्होंने उद्यान विभाग की समीक्षा के दौरान मशरूम विलेज भवालीगांव, नथुवाखान में मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में किये गये कार्य की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि रामगढ़ में 162 हैक्टेयर क्षेत्रफल वाले फार्म के उद्यान तथा वन को नुकसान पहुॅचाऐं बिना आध्यात्मिक ईको जोन के रूप में विकसित किया जाये, आध्यात्मिक जोन के रूप में विकसित करने के लिए उद्यान विभाग, केएमवीएन संयुक्त रूप से मण्डी परिषद द्वारा तैयार अवधारणा का अध्ययन करते हुए पर्यटन विकास हेतु भी कार्य योजना तैयार करें। उन्होंने पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि जनपद में सैक्स्ड सार्टेड सीमन से कृत्रिम गर्भाधान विधि को बढ़ावा दिया जाये।
जिलाधिकारी धीराज गब्र्याल ने बताया कि जनपद में हैचरी खोलने की दिशा में कार्य किया जा रहा है और कड़कनाथ प्रजाति के मुर्गों की मांग को देखते हुए जनपद में कार्यवाही की जा रही है, जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजार की मांग एवं आवश्यकता के अनुसार हैचरी स्थापित की जाये। सीएम ने ग्राम्य विकास की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनपद में खुलने वाले हिलांस आउटलेट का एक ही डिजाइन एवं कलर कोडिंग की जाये ताकि दूर से देखने में ही हिलांस आउटलेट की पहचान हो सके और सभी में एकरूपता भी बनी रहे। उन्होंने जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित में मानकों में शिथिलता लाते हुए लक्षित कार्यो को यथाशीघ्र पूरा करना सुनिश्चित करें।
सीएम ने मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि योजना के हिसाब से सबसे ज्यादा फिजिबल क्षेत्रों का चयन करते हुए उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाये और योजना से लाभांवित करने के लिए जनपद स्तर पर ही लक्ष्य निर्धारित किया जाये। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि योजना का प्रचार-प्रसार व योजना में अधिक से अधिक लोगों को लाभांवित करने के लिए पंचायतीराज विभाग के माध्यम से प्रधानों को भी योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाये। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जो बैंक रोजगारपरक योजनाओं के अन्तर्गत लाभार्थियों को ऋण आवंटित करने में सहयोग प्रदान नहीं कर रहे हैं, ऐंसे सभी बैंको से सरकारी खाते अन्य बैंकों में स्थानान्तरित कर दिये जायें।
मुख्यमंत्री ने नैनीताल में बन रहे बीएम साह ओपन एयर थियेटर की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि किसी ऐंसी वॉल (दीवार) का चयन किया जाये कि जिस पर म्यूरल्स आदि के माध्यम से उत्तराखण्ड की पूरी कला एवं संस्कृति की झलक देखने को मिल सके और राज्य की महिलाओं की पूर्व दशा, महिलाओं की वर्तमान स्थिति तथा महिलाओं की स्थिति सुधार हेतु भविष्य के लिए निर्धारित लक्ष्य को भी प्रस्तुत किया जा सके।
उन्होंने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को स्कूलों में शिक्षक, फर्नीचर, वर्चुअल क्लास, गुणवत्तायुक्त शिक्षा मुहैया हो। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि कम विद्यार्थियों वाले स्कूलों को क्लब किया जाये और बच्चों को बस की सुविधा उपलब्ध करायी जाये। उन्होंने जिलाधिकारी को जिला स्तर पर टास्क फोर्स बनाकर मिशन मोडल में 15 दिन में इस कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाली होने वाले स्कूल के भवन को अन्य जनहित कार्यों हेतु उपयोग में लाया जाये।
उन्होंने पर्यटन एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चोखुटिया हवाई पट्टी निर्माण हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश मण्डलायुक्त अरविन्द सिंह ह्यांकी को दिये।
उन्होंने कहा कि हरेला पर्व पर 16 जुलाई को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है और इस दिन मार्केट,स्कूल, कार्यालय बन्द रहेंगे। उन्होंने कहा मान्यता है कि हरेला के दिन लगाया गया पौधा सूखता नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में दो माह का लक्षित वृक्षारोपण हरेला पर्व पर एक घण्टे में पूरा किया जायेगा। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि सभी प्रकार के पौधों का रोपण किया जाये। इस प्रकार के पौधों को भी प्राथमिकता दी जाये जो पशु-पक्षियों के चारे एवं आवास के रूप में काम आये। उन्होंने इस कार्य हेतु जनपद में पौध की पर्याप्त व्यवस्था, गडडों की व्यवस्था, डबटेलिंग आदि की सभी व्यवस्थाऐं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में व्यापक जन सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम को महोत्वस के रूप में मनाया जायेगा। उन्होंने मण्डलायुक्त को हरेला पर्व पर आयोजित होने वाले वृक्षारोपण कार्यक्रम की तैयारियों हेतु जिलाधिकारियों के साथ बैठक आहूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था के दौरान अकाल मौत का शिकार होने वाली महिलाओं की मृत्यु पर गहरी चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं की दशा में सुधार हेतु मुख्यमंत्री घसियारी कल्याण योजना की शुरूआत की जाने की योजना बनाई गयी है। उन्होंने कहा कि पॉच साल के भीतर महिलाओं को घास की समस्या से पूर्ण मुक्ति दिलानी है, इस कार्य के लिए बढ़िया व कारगर योजनाऐं बनायी जायें।
सीएम ने चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि पानी की निरन्तर मांग एवं उपयोग बढ़ रहा है, जिस कारण जल संरक्षण एवं संवर्धन की बहुत आवश्यकता है। जल संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में भी प्राथमिकता से कार्य किया जाये।
समीक्षा दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद में राशन वितरण व्यवस्था तथा राशन की गुणवत्ता की जानकारी भी ली। हल्द्वानी बाईपास निर्माण कार्य हेतु जिलाधिकारी को व्यक्तिगत रूप से ध्यान देने के निर्देश दिये। उन्होंने रानीबाग-नैनीताल हेतु प्रस्तावित रोपवे की भी जानकारी ली। उन्होंने जमरानी बांध परियोजना की स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि आर एण्ड आर पोलिसी तैयार करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाये कि पोलिसी में सभी के हित समाहित हों। बैठक में महाप्रबन्धक जमरानी बांध परियोजना प्रशान्त विश्नोई ने बताया कि जमरानी बांध परियोजना को तीन चरणों में लिया जा रहा है। प्रथम चरण की विभिन्न स्वीकृतियॉ प्राप्त हो चुकी हैं। द्वितीय चरण में योजना की फण्डिंग हेतु भारत सरकार द्वारा एडीबी को फॉरवर्ड किया गया है। एडीबी के अधिकांश बिन्दुओ को शॉर्ट आउट कर लिया गया है तथा शेष बिन्दुओ पर रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध करायी जायेगी। उन्होंने बताया कि आर एण्ड आर पोलिसी तैयार करने की दिशा में भी लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक्ट के हिसाब से विस्थापन हेतु लगभग 350 एकड़ जमीन की आवश्यकता है। सितारगंज में 284 एकड़ जमीन उपलब्ध होने के साथ ही बनबसा में भी जमीन उपलब्ध है।
बैठक में विधायक बंशीधर भगत तथा संजीव आर्य ने विधायक निधि के अन्तर्गत धनराशि खर्च करने में आ रही दिक्कतों के बारें में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने विधायकों को विधायक निधि खर्च करने में आ रही दिक्कत का समाधान करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी नरेन्द्र सिंह भण्डारी को दिये। विधायक संजीव आर्य ने बिजली के बिल ज्यादा आने की शिकायत की जिस पर सीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दीन दयाल अन्त्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों हेतु जनपद नैनीताल के निर्मित नये ई-मार्केट पोर्टल www-himalyankart-in की लॉचिंग की।
बैठक में जिलाधिकारी धीराज गर्ब्याल ने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अन्तर्गत नैनीताल शहर के प्रत्येक घर पर बेटियों के नाम की नेम प्लेट लगायी जायेगी। जिस पर मुख्यमंत्री ने इस कार्य को अविलम्ब शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जिला योजना के अन्तर्गत अवमुक्त धनराशि 46.72 करोड़ के सापेक्ष 37.28 करोड़ की धनराशि व्यय हो चुकी है अर्थात जिला योजना में 80 प्रतिशत धनराशि व्यय हो चुकी है। उन्होंने बताया कि राज्य सैक्टर में अवमुक्त धनराशि 226.13 करोड़ के सापेक्ष 168.27 करोड़ की धनराशि व्यय हो चुकी है तथा व्यय प्रतिशत 74.41 है। उन्होंने बताया कि केन्द्र पोषित योजना में अवमुक्त धनराशि 221.06 करोड़ के सापेक्ष 179.57 करोड़ की धनराशि व्यय हो चुकी है तथा व्यय प्रतिशत 81.23 है। बाह्य सहायतित योजना के अन्तर्गत अवमुक्त धनराशि 23.75 करोड़ के सापेक्ष 20.21 करोड़ की धनराशि व्यय हो चुकी है तथा व्यय प्रतिशत 85.10 है। उन्होंने बताया कि जनपद बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अन्तर्गत 23 मदों में से 21 मदों में ए श्रेणी में है तथा दो मदों में डी श्रेणी में है।

तीन सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील में गरजे आप कार्यकर्ता

जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी की सक्रियता लगातार ऋषिकेश विधानसभा क्षेेत्र में बनी हुई है। जन समस्याओं को लेकर भी प्रदेश सरकार की घेराबंदी में आप कार्यकर्ता लगे हुए हैैं।

आप कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर तहसील में प्रदर्शन किया और अपनी तीन सूत्रीय मांगो को लेकर नायब तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन प्रेषित किया। आम आदमी पार्टी के संगठन मंत्री दिनेश असवाल ने बताया कि आय प्रमाण पत्र बनाने में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस व्यवस्था में सुधार किया जाना बेहद आवश्यक है।

इसके अलावा डोईवाला के लच्छीवाला में बने टोल प्लाजा में टोल टैक्स में ऋषिकेश वासियों के लिए विशेष रिहायत दिए जाने एवं भल्ला फार्म क्षेत्र में आम के हरे भरे पेड़ों पर बिना अनुमति के चलाई गई आरियों के मुद्दे को लेकर तीन सूत्रीय मांग पत्र के माध्यम से एक ज्ञापन जिलाधिकारी को प्रेषित किया गया है जिसमें शीघ्र से शीघ्र उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन देने एवं प्रदर्शनकारियों में समाजसेवी डॉ राजे नेगी, पूर्व प्रधान जयेंद्र रावत, दिनेश कुलियाल, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता सूरत सिंह रौतेला, अधिवक्ता लालमणि रतूड़ी, चंद्रमोहन भट्ट, प्रवीण असवाल, मयंक भट्ट, भरत सिंह चैहान, युद्धवीर सिंह सजवान, अंकित नैथानी, शुभम रावत आदि शामिल थे।

गैस लाइन डालने के कार्य से नंदू फॉर्म में नाला हुआ चौक, निरीक्षण को पहुंची मेयर

नंदू फॉर्म क्षेत्र में गैसपाईप डालते वक्त क्षेत्र के नाले में मलबा भरने से नाला चैक हो गया। स्थानीय पार्षद की सूचना पर मेयर अनिता ममगाई ने मौका मुआयना कर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को तलब कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस संदर्भ मे कार्यदायी संस्था को यथास्थिति बनाने के निर्देश मेयर अनिता द्वारा दिए गये हैं।

मेयर अनिता ममगाईं नंदू फॉर्म क्षेत्र पहुंची। जहां उन्होंने गैस पाइपलाइन डाले जाने के बाद मलबा भरने से चैक हुए नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में मेयर द्वारा कार्यदाई संस्था के अधिकारियों को मौके पर तलब कर लिया गया और उन्हें हिदायत देते हुए कहा कि निर्माण कार्य के दौरान तमाम आवश्यक तकनीकी बातो का पूरा ख्याल रखा जाए ताकि क्षेत्र मैं जनजीवन किसी भी तरीके से प्रभावित ना हो। बताया कि लंबे अरसे तक नंदू फॉर्म क्षेत्र का यह नाला क्षेत्रवासियों के लिए जलभराव की प्रमुख समस्या बना हुआ था, जिसे निगम प्रशासन ने एनएच की अनुमति के बाद खुलवाया था।

गैस पाइप लाइन डालने के कार्य के चलते नाला चैक हुआ है। निगम द्वारा डलवाये गए पाइप भी इस निर्माण कार्य के चलते बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं जिसको देखते हुए कार्यदाई संस्था को जल्द से जल्द यथास्थिति बनाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जेई सीपी सिंह, जेई उपेन्द्र गोयल, जेई तरुण लखेड़ा, स्थानीय पार्षद राधा रमोला, विजय बडोनी, विजेंद्र मोगा, हैप्पी सेमवाल, राकेश पाल आदि मौजूद रहे।