जिला गंगा सुरक्षा समिति की हुई वर्चुअल बैठक, पौराणिक नदियों को नाला कहना गलत


जनपद में नमामि गंगे कार्यों की समीक्षा एवं सम्बंधित कार्यों की प्रगति हेतु गठित जिला गंगा सुरक्षा समिति देहरादून की 36 वीं बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्पन्न हुई। इससे पूर्व में सम्पन्न हुई बैठकों में जिलाधिकारी देहरादून द्वारा दिये गए निर्देशों पर कृत कार्यवाही तथा वर्तमान में संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी निकिता खंडेलवाल द्वारा विभागवार निर्देश दिए। बैठक में जिला गंगा सुरक्षा समिति के नामित सदस्य पर्यावरण विद विनोद जुगलान ने तीर्थ नगरी ऋषिकेश में पौराणिक रम्भा एवं सरस्वती नदियों को नमामि गंगे परियोजना में नाला शब्द प्रयोग किये जाने पर आस्था पर चोट पहुंचने का मामला उठाया था। जिसके प्रत्योत्तर में उपजिलाधिकारी ऋषिकेश वरुण चैधरी ने बैठक की अध्यक्षता कर रही मुख्य विकास अधिकारी को स्पष्ट किया कि पूर्व में जिलाधिकारी महोदय द्वारा दिये गए निर्देश के अनुपालन में 1938 से पूर्व के भूअभिलेखों की जाँच में पाया गया है कि उक्त नदियों के लिए किसी भी स्थान पर नाला शब्द का प्रयोग नहीं किया गया है। नमामि गंगे योजना में त्रुटिवश पौराणिक नदियों को नाला कह कर संबोधित किया गया है। जो कि महज एक भूल है। इसलिए भविष्य में भी इन पौराणिक नदियों को नदियों के नाम से ही जाना जाएगा।

गौरतलब है कि पर्यावरणविद विनोद जुगलान द्वारा इन नदियों के संरक्षण संवर्धन को स्थानीय प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम पत्र भी प्रेषित किया गया था,जिसका संज्ञान लेते हुए केंद्र सरकार द्वारा एसपीएमजी उत्तराखंड को पत्र लिखकर संज्ञान लेने के निर्देश पूर्व में दिए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त समिति के नामित सदस्य द्वारा गंगा नदी के तटीय क्षेत्र में मृतपशुओं के निस्तारण का मामला भी उठाया गया। साथ ही ऋषिकेश वन क्षेत्र अंतर्गत 15 हेक्टेयर प्लांटेशन के निकट ग्राम सभा खड़क माफ की खाली पड़ी 10 एकड़ भूमि पर बर्ड टूरिज्म विकसित करने का सुझाव दिया गया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी बल्कि स्थानीय स्तर पर युवाओं को नेचर गाईड के रूप में रोजगार के अवसर और सरकार और पंचायत सहित ग्रामीणों को राजस्व की प्राप्ति भी होगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि उनका सुझाव नोट कर लिया गया है और अगली बैठक में इस पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। नगर निगम ऋषिकेश के सहायक नगर आयुक्त ऐलम दास ने बताया कि त्रिवेणी घाट पर गंगा अवलोकन केंद्र की स्थापना के लिए टिन शेड का निर्माण कराया जा रहा है और दिव्यांगों की गंगा तक पहुंच के लिए रैम्प की सुविधा की गई है। इसके अतिरिक्त पेयजल, जल संस्थान, प्रदूषण नियंत्रण विभाग, वनविभाग के कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।

किसान संयुक्त मोर्चा ने लिया 23 जनवरी को ट्रैक्टर से राजभवन कूच करने का फैसला

23 जनवरी को ट्रैक्टर ट्राली के साथ किसान संयुक्त मोर्चा के तहत राजभवन कूच की तैयारियां जोरों पर है। आज बैठक के जरिए इसका निर्णय किया गया।

छिद्दरवाला ग्रामसभा के गुरूद्वारे में आज किसान संयुक्त मोर्चा की बैठक की गई। इसमें सर्वसहमति से 23 जनवरी को राजभवन कूच का निर्णय लिया गया। एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने किसान कानून को काला कानून बताया। उन्होंने बताया कि इस कानून के विरोध में विशाल ट्रैक्टर रैली के जरिए राजभवन कूच किया जाएगा।

किसान पंचायत में सरदार गुरदीप सिंह, सरदार गोविन्द सिंह, सरदार इन्द्रजीत सिंह, हाजी मीर हसन, सरदार तेजेन्द्र सिंह, गोकुल रमोला, अंशुल त्यागी, उमेद बोरा, सरदार बलबीर सिंह, सुरेन्द्र सिंह, दिनेश पाल सिंह आदि मौजूद रहे। बैठक का संचालन मनोहर सिंह सैनी ने किया।

किसानों का हित पहला लक्ष्यः त्रिवेंद्र सिंह रावत

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सितारगंज चीनी मिल के संबंध में बैठक लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि आगामी पेराई सत्र तक सितारगंज चीनी मिल दुबारा शुरू हो जाय। इसके लिए पूरी योजना जल्द बनाई जाय। किसानों का हित पहला लक्ष्य होना चाहिए। सितारगंज में निर्मित इन्फ्रास्ट्रक्चर का सही उपयोग होना जरूरी है। इससे गन्ना उत्पादकों को गन्ने की बिक्री में परेशानी नहीं होगी व अन्य लोगों के रोजगार भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि सितारगंज चीनी मिल को आगामी पेराई सत्र से शुरू करने के लिए अभी से प्रक्रिया शुरू की जाय। इसके लिए टेक्निकल टीम एवं विशेषज्ञों की राय ली जा सकती है।

बैठक में विधायक सौरभ बहुगुणा, ग्राम्य विकास एवं पलायन आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. एस.एस.नेगी, मुख्यमंत्री के तकनीकी सलाहकार डॉ. नरेन्द्र सिंह, अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार, सचिव अमित नेगी, राधिका झा, निदेशक शूगर फेडरेशन चन्द्रेश यादव, अपर सचिव डा. वी. षणमुगम आदि उपस्थित थे।

मेयर की अगुवाई में स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आने के लिए निगम ने झौंकी सम्पूर्ण ताकत

स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल लाने के लिए नगर निगम अपनी पूरी ताकत लगा रहा है, आज भी मेयर अनिता ममगाईं के नेतृत्व में निगम की टीम ने स्वच्छता अभियान चलाए रखा। चरणबद्ध तरीके से निगम प्रशासन की ओर से शहर के तमाम वादों में जोरदार तरीके से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है जिसमें जन सहभागिता सुनिश्चित कराने के लिए भी निगम द्वारा घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

आज वार्ड संख्या 14 बनखंडी क्षेत्र में अपनी देखरेख में मेयर अनिता ममगाईं ने स्वच्छता अभियान चलाया। निगम की स्वच्छता सीएमओं ने जगह-जगह बिखरे पड़े कूड़े को एकत्र कर उसका निस्तारण कराया साथ ही विभिन्न स्थानों पर लोगों से स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील भी की। अभियान की जानकारी देते हुए मेयर अनिता ममगाईं ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आने के लिए हर मुमकिन कोशिश की जा रही है। शहर को चमकाने का काम जोरों से किया जा रहा है।

इन दिनों शहर में मॉनिटरिंग के जरिए इस पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन द्वारा नियुक्त किए गये स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडरों द्वारा निगम द्वारा चलाये जा रहे महा स्वच्छता अभियान में सहयोग पर हर्ष जताते हुए शहरवासियों से भी अपील की, कि यह शहर आपका है इसे स्वच्छ और सुंदर बनाने में जिम्मेदार नागरिक का फर्ज अदा करते हुए अपना सहयोग दें। इस दौरान पार्षद लता तिवाड़ी, राजेश दिवाकर, नगर निगम ब्रांड एंबेसडर अशोक बेलवाल, बीएन तिवारी, लक्ष्मी तिवारी, शशि तिवारी, नीलम तिवारी, गुलाब वर्मा, रामकेवल, देवेंद्र कुमार सैनी, अनवर आदि शामिल रहे।

युवाओं को पार्टी से जोड़ेगी युवा कांग्रेस, आज बैठक में हुआ निर्णय

मिशन 2022 को ध्यान में रखते हुए युवा कांग्रेस सेक्टर प्रभारियों की नियुक्ति करेगी। साथ ही युवाओं को कांग्रेस पार्टी की नीतियों से अवगत करवाकर संगठन को मजबूत करेगी। यह निर्णय आज कांग्रेस भवन में बैठक के दौरान किया गया।

युवा नेता विवेक तिवारी ने कहा कि इस माह के अंत तक युवा कांग्रेस के वार्ड अध्यक्ष व वार्ड कमेटियों का गठन युवा कांग्रेस द्वारा किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत स्तर पर कमेटियों का गठन किया जाएगा। युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष अमरजीत धीमान ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र को 8 सेक्टरों में बांटा जाएगा । जिसमें जिला के पदाधिकारी इन सेक्टर के प्रभारी होंगे। विधान सभा पदाधिकारी कार्यकारिणी के सदस्य वार्ड प्रभारी नियुक्त होंगे।

युवा नेता जितेंद्र पाल पार्टी ने कहा कि युवा कांग्रेस वार्डो में जाकर वार्डों की समस्या के लिए निस्तारण की लड़ाई लड़ेगी। इस मौके पर एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष अजय धीमान, प्रदेश महासचिव सनी प्रजापति, पूर्व छात्र अध्यक्ष, शिवम भारद्वाज, गौतम नौटियाल, राहुल पांडे, श्याम शर्मा, कृष्णा राजभर, गोविंद यादव, दक्षेश मनचंदा, आदित्य किंगर, अंशुमन चावला, हिमांशु कश्यप, यश अरोड़ा, मनीष राजभर, आशीष शर्मा, मनप्रीत सिंह, साहिल मलिक, विशाल स्नेह, श्याम थापा, दीपक वर्मा, आर्यन शर्मा आदि मौजूद थे।

साइंस सिटी देहरादून की स्थापना को होगा समिति का गठन, मिली स्वीकृति

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सचिवालय में कार्यरत 309 होमगार्डस को 25-04-2017 से 02-07-2018 तक के अवशेष ड्यूटी भत्ते के एरियर भुगतान हेतु प्रथम किस्त के रूप में रू0 1 करोड़ 24 लाख 38 हजार 6 सौ रूपये की धनराशि स्वीकृति की है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के आश्रम पद्धति विद्यालयों की भांति जनजाति कल्याण के संस्थानों व विद्यालयों में भी भोजन भत्ता 4500 रूपये किये जाने की दी स्वीकृति।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने समाज कल्याण एवं जनजाति कल्याण विभाग के अन्तर्गत अनुसूचित जाति/जनजाति की अन्य संस्थाओं जिसमें औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अनुसूचित जाति/जनजाति के छात्रावासों, एकलव्य आवासीय विद्यालयों, राजकीय वृद्ध अशक्त गृह, राजकीय मिक्षुक गृह में भी अब आश्रम पद्धति विद्यालयों की भांति भोजन भत्ते की दर 3000 के स्थान पर 4500 रूपये किये जाने की स्वीकृति प्रदान की हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदान की ऊधमसिंहनगर के लालकोठी शारदा घाट मंदिर व भारामल मंदिर के सौन्दर्यीकरण हेतु रू0 49.72 लाख की धनराशि।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने जनपद ऊधमसिंहनगर के लालकोठी शारदा घाट मंदिर एवं भारामल मंदिर के सौन्दर्यीकरण हेतु रू0 49.72 लाख की धनराशि प्रदान करने की स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने साइंस सिटी देहरादून की स्थापना से सम्बन्धित कार्यों में तेजी लाये जाने के लिये तीन समितियों के गठन को मंजूरी प्रदान की है। गठित की जाने वाली समितियों में प्रबंध निकाय समिति, कार्यकारिणी समिति तथा प्रकल्प अनुश्रवण समिति शामिल हैं।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने राजकीय इण्टर कॉलेज मिसराश पट्टी सहसपुर, देहरादून के भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता श्री रमेश प्रसाद बडोनी को 01 अगस्त, 2021 से 31 दिसम्बर, 2021 तक यूनाइटेड स्टेट-इण्डिया एजुकेशन फाउण्डेशन के तहत USIEF( FULBRIGHT DAI) प्रशिक्षण में प्रतिभाग हेतु निर्धारित आयुसीमा में एक वर्ष का शिथिलीकरण प्रदान करते हुए प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने हेतु यूनाइटेड स्टेट, अमेरिका में जाने की अनुमति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने जे0एल0एन0 जिला चिकित्सालय, रूद्रपुर ऊधमसिंहनगर में मरीज के उपचार में हुई लापरवाही पर अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ0 मनोज कुमार तिवारी को कठोरतम चेतावनी निर्गत करने की स्वीकृति प्रदान की है।

विभिन्न निकायों व पंचायतों के लिए सीएम ने जारी की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों एवं नगर पंचायतों की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना एवं विकेन्द्रीकृत सेग्रीगेशन हॉल के निर्माण के लिये कुल 28 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की। साथ ही प्रथम किश्त के रूप में रू0 4.82 करोड़ अवमुक्त करने की स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने नगर पालिका परिषद्, धारचूला की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना एवं विकेन्द्रीकृत सेग्रीगेशन हॉल के निर्माण के लिये प्रथम किश्त के रूप में रू0 32.46 लाख, नगर पालिका परिषद् चिन्यालीसौड के लिये रू0 31.86 लाख, उत्तरकाशी कलस्टर (उत्तरकाशी एवं गंगोत्री) के लिए रू0 45.19 लाख, नगर पालिका परिषद्, टनकपुर कलस्टर (टनकपुर, बनबसा) के लिए रू0 73.79 लाख, नगर पालिका परिषद्, रामनगर के लिए रू0 89.88 लाख की स्वीकृति दी है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत, घनसाली की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना एवं विकेन्द्रीकृत सेग्रीगेशन हॉल के निर्माण हेतु प्रथम किश्त के रूप में रू0 20.10 लाख, नगर पंचायत, चमियाला के लिए रू0 17.94 लाख, नगर पंचायत, सतपुली के लिये रू0 18.66 लाख, नगर पंचायत भिकियासैंण के लिये रू0 21.83 लाख, नगर पंचायत, शक्तिगढ़ के लिये रू0 16.82 लाख, नगर पंचायत, ऊखीमठ के लिये रू0 29.34 लाख, नगर पंचायत, गैरसैंण के लिये रू0 33.40 लाख, नगर पंचायत, रानीखेत-चिनियानौला के लिये रू0 29.95 लाख, नगर पंचायत, थराली के लिये रू0 20.72 लाख की स्वीकृति प्रदान की है।

नगर में दो सार्वजनिक शौचालयों का मेयर अनिता से किया उद्धाटन

मेयर अनिता ममगाईं ने आज दोपहर दो लाख बयानवे रुपए की लागत से निर्मित सार्वजनिक शौचालय का उद्घाटन किया। उन्होंने ऋषिकेश हरिद्वार मार्ग पर कोयल घाटी के समीप भी निगम द्वारा करीब तीन लाख रूपये की लागत से बनवाये गये नवनिर्मित शौचालय को आज जनता के सुपुर्द कर दिया।

अनिता ममगाई ने कहा कि स्वच्छ व स्वस्थ्य तीर्थ नगरी की परिकल्पना साकार रूप लेने लगी है। ऋषिकेश को खुले में शौच से पूर्ण रूप से मुक्त कराने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है वह तेजी से अपनी पूर्णता की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि तीर्थ नगरी में सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस दिशा में नगर निगम तेजी से अग्रसर है। हमारा प्रयास है कि शहर के हर क्षेत्र में उच्च क्वालिटी के सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाय ताकि इससे यहां आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्वालुओं को भी इसकी सुविधा मिल सके। इसके लिए आवश्यकता अनुसार शहर में हाईटेक ,डीलक्स व सैमी डीलक्स शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वेडिंग जोन में निगम प्रशासन द्वारा सुरक्षा के लिए जहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे वहीं अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ शौचालय की सुविधा का भी निगम ने वादा किया था जिसे आज पूर्ण करा दिया गया है। इस दौरान महापौर ने मौजूद उपस्थिति से स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आने व शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए निगम की और से चलाई जा रही मुहिम में सहयोग की अपील भी की।इस मौके पर कार्यदायी सुरभी लोक संस्था के चेयरमैन आशीष तिवारी, प्रांतीय प्रबंधक विक्रम सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक गौरव शर्मा,मैनेजर विकास कुमार , पार्षद भगवान सिंह पवार, उमा बृजपाल राणा, विजय बडोनी, राकेश मियां, बिजेंदर रमोला, बिजेंद्र मोगा, कमलेश जैन, कमला गुनसोला, गुरविंदर सिंह गुरी, अजीत गोल्डी, भाजपा जिला मंत्री पंकज शर्मा, रणवीर सिंह, रोमा सेहगल, संगीता नोटियाल, सुजीत यादव, राजीव गुप्ता, गौरव केन्थुला, रंजन अंथवाल, रणवीर सिंह, नगर निगम से सहायक अभियंता आनंद मिश्रवाण, जेई तरुण लखेड़ा ,सफाई निरीक्षक अभिषेक मल्होत्रा ,प्रशांत कुकरेती आदि प्रमुख रूप से मोजूद रहे।

14 वर्षीय किशोर के एम्स में चिकित्सकों की टीम ने बदले दिल के वाॅल्व

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश के सीटीवीएस विभाग के चिकित्सकों ने मार्फन सिंड्रोम से ग्रसित एक 14 वर्षीय किशोर के हार्ट के 3 वाल्व का ऑपरेशन कर उसे जीवनदान दिया है। निदेशक प्रो. रविकांत ने हाईरिस्क सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए ​चिकित्सकीय टीम की सराहना की है। कहा कि अस्पताल में मरीजों की सेवा के लिए ड्यूटी हावर्स के बाद भी जरुरत पड़ने पर वरिष्ठ चिकित्सकों का हरसंभव सहयोग मिलेगा।

गौरतलब है कि उत्तरप्रदेश निवासी एक 14 वर्षीय किशोर जो कि मार्फन सिंड्रोम नामक जेनेटिक बीमारी से ग्रस्त था, इस बीमारी से ग्रसित व्यक्ति की लंबाई अत्यधिक रहती है साथ ही हाथ व पैरों की अंगुलियां औसत से कहीं अधिक लंबी होती हैं।

इस बीमारी में आंख में लैम्स का खिसकना एवं दिल के वाल्व का लीक होना या ऑर्टा नामक धमनी का फटना आम बात होती है जिससे किसी भी इंसान की मृत्यु भी हो सकती है। इस किशोर के दिल के 3 वॉल्व लीक कर रहे थे, बावजूद इसके समय रहते इलाज नहीं करवाने से उसका हार्ट फेल हो गया था। साथ ही उसका लीवर व गुर्दा भी फेल हो गया था,जिसकी वजह से उसके ऑपरेशन में अत्यधिक रिस्क बढ़ गया था। इन तमाम बीमारियों के कारण उसके पेट व पैरों में सूजन आ गई थी, साथ ही उसे पीलिया की शिकायत थी।

चिकित्सकों के अनुसार किशोर को ऑक्सीजन से भी सांस नहीं आ रही थी और उसकी छाती में पानी भर गया था। तमाम तरह की शारीरिक व्याधियों के बावजूद पीडियाट्रिक कार्डियक सर्जन डा. अनीश गुप्ता ने अपनी टीम के साथ इस किशोर का इमरजेंसी ऑपरेशन किया,जिसमें उसके दो वाल्व बदले गए, जबकि उसके एक वॉल्व को रिपेयर किया गया। ऑपरेशन के दौरान किशोर के दिल में जमा खून के थक्के भी निकाले गए। सर्जरी के बाद मरीज को काफी समय तक आईसीयू में रखा गया और उसके बाद स्थिति थोड़ा सामान्य होने पर उसे वार्ड में शिफ्ट किया गया जहां अब वह स्वस्थ है।

डा. अनीश के मुताबिक इस हाईरिस्क सर्जरी में मरीज की जान को अत्यधिक खतरा था, बावजूद इसके उसके जीवन की सुरक्षा के लिए वरिष्ठ हृदयरोग विशेषज्ञ प्रोफेसर भानु दुग्गल, पी​डियाट्रिक कॉर्डियोलॉजिस्ट डा. यश श्रीवास्तव एवं कॉडियक ऐनेस्थिसिया डा. अजय मिश्रा की संयुक्त टीम द्वारा अथक प्रयासों से मरीज की जान बच पाई। उन्होंने बताया कि ऐसे जटिल कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए एम्स निदेशक पद्मश्री प्रो. रवि कांत जी ने चिकित्सकीय टीम का हौंसला बढ़ाया।

शाॅर्ट सर्किट से रानीपोखरी में चलती कार में लगी आग

दो युवकों को कार चलाना तब भारी पड़ गया, जब उसमें आग लग गई। दोनों युवक किसी तरह बच निकले, मगर कार बुरी तरह जल गई।

दरअसल, भोगपुर से थानों जाने वाले रास्ते में जाखन पुल से पहले दो युवक अंकित पुंडीर पुत्र रघुवीर और मोहन पुंडीर पुत्र कमल सिंह निवासी रानीपोखरी कार चलाना सीख रहे थे। तभी अचानक शाॅर्ट सर्किंट हुआ और कार में आग लग गई। कार की बड़ी-बड़ी लपटें देख मौके पर चीख पुकार मच गई। किसी तरह दोनों युवक कार से बाहर निकलने में सफल रहे। वहंी, घटनास्थल पर सूचना पाकर फायरकर्मी पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। मगर, कार में आग के कारण काफी नुकसान हो चुका था।