सड़क दुर्घटना में रूड़की के दो युवकों की मौत

रूड़की से ऋषिकेश घूमने आए पांच युवकों में से दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि दो युवक की हालत स्थिर व एक की हालत नाजुक है।

बीते सोमवार को रूड़की से पांच युवक ऋषिकेश घूमने पहुंचे थे। रात को हरिद्वार लौटते समय उनकी कार श्यामपुर बाईपास मार्ग मंसा देवी के समीप एक पोल से टकराकर पेड़ को टक्कर मार दी।
दरअसल, मंगलवार की अलसुबह पुलिस कंट्रोल ऋषिकेश द्वारा मनसा देवी के पास एक्सीडेंट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो मौके पर आसपास के लोग खड़े थे। मालूम हुआ कि कार एक खंभे से टकराकर उसके बाद एक पेड़ से टकरा गई। घटना के वक्त कार तेज गति से चल रही थी। कार के अंदर पांच लोग सवार थे। जिनमें से तीन की हालत बहुत गंभीर थी। आगे बैठे दो लोगों को हल्की-फुल्की चोटें आई थी। जिनको 108 की मदद से ऋषिकेश सरकारी हॉस्पिटल भिजवाया गया। कार चालक द्वारा साइड में सड़क किनारे खड़ी एक्टिवा को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया तथा बगल में लगी झोपड़ी के मेज व मिट्टी के घड़े आदि को नुकसान हुआ है।

कोतवाल रितेश शाह के अनुसार, दुर्घटना में कार की पिछली सीट पर बैठे अमित निवासी गणेशपुर रुड़की जनपद हरिद्वार, अवधेश पटेल निवासी सीबीआरआई रुड़की जनपद हरिद्वार की मौत हो गई। जबकि एम्स ऋषिकेश में भर्ती सोनू निवासी मोहनपुरा रुड़की जनपद हरिद्वार की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, दुर्घटना में कार चला रहे रमेश सिंह पुत्र तेज नारायण निवासी 429 गली नंबर 10 रामनगर रुड़की हरिद्वार, प्रशांत कुमार पुत्र दया राम ठाकुर निवासी इ18 सीबीआरआई कॉलोनी रुड़की जनपद हरिद्वार को मामूली चोट आई। आगे बैठे दोनों लोग सेफ्टी बैलून खुलने के कारण बच गए। बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना भेज दी है।

न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस को अब दर्ज करना पड़ेगा रेप के प्रयास का मुकदमा

बीते माह 10 नवंबर को तीर्थनगरी में टाॅयलेट करने गई एक महिला के साथ चार युवकों ने रेप की कोशिश की। मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की, तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से इंकार कर दिया। कोतवाली से मायूसी मिलने के बाद पीड़ित पक्ष एसएसपी कार्यालय पर भी पहुंचा, मगर वहां भी सुनवाई नहीं हुई। थकहार पीड़ित पक्ष ने न्यायालय की शरण ली। जिस पर आज अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने सभी चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए है।

क्या है मामला
अधिवक्ता अजय कथूरिया के अनुसार, बीते 10 नंवबर को तीर्थनगरी में एक महिला रात्रि करीब दस बजे टाॅयलेट करने बाहर बरामदे में बाथरूम गई। इसी बीच बदनीयत से अमनदीप, नवदीप, कमलदीप और राजेश कुमार ने महिला के ब्लाउज के अंदर हाथ डाल दिया और छातियों को दबाने लगे और लज्जा भंग करते हुए रेप की कोशिश की। साथ ही महिला को खींचकर बलपूर्वक ले जाने लगे। तभी महिला की साड़ी खुल गई और पेटीकोट फट गया।

इसी बीच चीख पुुकार मची तो महिला के पति, सास, बेटा और बेटी बाहर आए। तो आरोपियों ने सभी के साथ गाली गलौच भी की और मारपीट भी। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष कोतवाली पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगा। मगर पुलिस ने लौटा दिया। एसएसपी कार्यालय से भी पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो पीड़ित पक्ष ने अधिवक्ता अजय कथूरिया की शरण ली। जिसकी बदौलत आज न्यायालय ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।

एम्स के कार्यक्रम में आन लाइन देश-विदेश से जुडे़ दो हजार प्रतिभागी

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश एवं एपेडिमिलॉजिकल फाउंडेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एफिकॉन 2020 अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस विधिवत संपन्न हो गई। कार्यशाला के समापन अवसर पर देश-दुनिया के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नॉन कॉम्निकेबल डिजीज, मां व शिशु के प्राथमिक स्वास्थ्य की देखभाल एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य आधारित साक्ष्य पर चर्चा की। कार्यशाला के अंतिम दिन विश्वभर से करीब 2000 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में एम्स निदेशक पद्मश्री प्रो. रवि कांत को एएफआई की ओर से ऑरेशन अवार्ड से सम्मानित किया गया।
एफिकॉन 2020 अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस के समापन सत्र में एविडेंस बेस्ड पब्लिक हैल्थ विषय पर व्याख्यान में बतौर मुख्य अतिथि एम्स निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर रवि कांत ने शिशु और मां के स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया और सामाजिक स्वास्थ्य को लेकर इसका महत्व बताया। उन्होंने बताया कि मां व बच्चे के स्वास्थ होंगे तभी जन्म से शिशु में उत्पन्न होने वाली कई तरह की बीमारियों की रोकथाम हो सकती है।
निदेशक एम्स प्रो. रवि कांत जी ने बताया कि गर्भावस्था में मां को सभी प्रकार के न्यूट्रेशन के साथ साथ आइरन,कैल्शियम व बिटामिन को पर्याप्त मात्रा में देना चाहिए व गर्भावस्था के दौरान महिला को कम से कम चार बार अस्पताल में सघन परीक्षण के लिए आना चाहिए।
इस अवसर पर एपेडिमिलॉजिकल फाउंडेशन ऑफ इंडिया (ईएफआई) की ओर एम्स निदेशक को एक्सिलेंट काॅंट्रिब्यूशन इन हैल्थ एंड एजुकेशन के लिए ऑरेशन अवार्ड से नवाजा गया।
कार्यशाला में पीजीआई चंडीगढ़ की डा. विदिशा बल्लभ, डा. पूजा सडाना, डा. प्रमोद के. गुप्ता ने भी व्याख्यान प्रस्तुत किए। इस अवसर पर संस्थान के डीन एकेडमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता जी, आयोजन सचिव व आईबीसीसी की प्रमुख प्रो. बीना रवि जी, सीएफएम विभागाध्यक्ष प्रो. वर्तिका सक्सेना, आयोजन सहसचिव डा. प्रदीप अग्रवाल, डा. योगेश बहुरुपी, डा. महेंद्र सिंह, डा. प्रतीक शारदा, डा. गौरीका, अशीषा जांगिर,डा. रुचिका गुप्ता, डा. श्रेया, डा. भीमदत्त,डा. अंजलि, डा. नंदिता, डा. अर्पित आदि मौजूद थे।

मकर सक्रांति के बाद ऋषिकेश में काॅलेज में होगा कैंपस का उद्घाटन

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल से उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने शिष्टाचार भेंट की। भेंटवार्ता के दौरान उन्होंने अवगत कराया है कि जनवरी माह में मकर संक्रांति पर्व के बाद ऋषिकेश स्थित श्री देव सुमन विश्वविद्यालय के कैंपस का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत किया कि विश्वविद्यालय के छात्रों को डीजी लॉकर के माध्यम से डिग्री प्राप्त होगी इससे अब कोरोना संक्रमण के चलते छात्र-छात्राओं को घर पर ही ऑनलाइन माध्यम से डिग्री प्राप्त होगी।इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि छात्रों की सुविधा को देखते हुए सभी विश्वविद्यालयों को डीजी लॉकर व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को अपनी मार्कशीट और डिग्री के लिए विश्वविद्यालय के चक्कर काटने पड़ते थे लेकिन डिजिटल लॉकर की व्यवस्था से छात्रों का कोई परेशानी नहीं होगी।डिजिटल लॉकर पर मार्कशीट और डिग्री अपलोड करने के बाद छात्र घर बैठकर निर्धारित कोड लगाकर अपने दस्तावेज डाउनलोड कर सकेंगे।

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने कहा है कि ऋषिकेश में श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय परिसर स्थापित करने को लंबे समय से कवायद चल रही थी जनवरी माह के दूसरे सप्ताह में विधिवत इसका शिलान्यास हो जाएगा। अग्रवाल ने कहा है कि श्री देव सुमन विश्वविद्यालय का विधिवत उद्घाटन होने से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश के निकटवर्ती क्षेत्र के बच्चों को अब महाविद्यालय में प्रवेश पाने के लिए समस्या नहीं होगी। अग्रवाल ने इसके लिए उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का भी आभार व्यक्त किया।

मंत्री ने सचिव को लिखा पत्र, कार्रवाई के दिए निर्देश

सहकारिता, उच्च शिक्षा, दुग्ध विकास एवं प्रोटोकाॅल मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सड़को की समीक्षा बैठक ली। जिसमें नए मोटर मार्गों की प्रगति के साथ ही पुरानी सड़कों के मरम्मत एवं डामरीकरण की धीमी गति पर विभागीय अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त की। यही नहीं उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बैठक से वापस भेजते हुए सचिव लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश भी दिये।

विधानसभा सत्र के भोजनावकाश के दौरान डाॅ. रावत ने अपने कार्यालय कक्ष में लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजेएसवाई के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं पुरानी सड़कों के मरम्मत एवं डामरीकरण की धीमी प्रगति को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। बैठक के दौरान डाॅ. रावत द्वारा लोनिवि के अधिकारियों से देघाट-समैया-जगतपुरी-बूंगीधार मोटर मार्ग, बूंगीधार-बीरू की धुनी-नक्चुलाखाल मोटर मार्ग, उफरैंखाल-सराईखेत मोटर मार्ग एवं चैखाल-उफरैंखाल मोटर मार्गों के मरम्मत एवं डामरीकरण की प्रगति रिपोर्ट जाननी चाही तो विभागीय अधिकारी बगलें झांकने लगे। जिस पर डा. रावत ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए बैठक से चले जाने के निर्देश दिये।

उनका कहना था कि उक्त सड़कों के संदर्भ में इससे पूर्व भी दो बैठकें हो चुकी है जिसमें स्वयं विभागीय सचिव आर.के. सुधांशु भी मौजूद थे। इसके बावजूद उक्त सड़कों के मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो पाया। जिस पर उन्होंने सचिव लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिये।

बैठक में पीएमजेएसवाई के अंतर्गत आने वाले पुलों एवं मोटर मार्गों की भी समीक्षा की गई। जिनमें ईडा-नौगांव मोटर मार्ग सौंठी बैंड तक मिलाने एवं थलीसैण-जखोला मोटर मार्ग पर आ रहे राजकीय महाविद्यालय थलीसैण के खेल मैदान की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार लगाने के निर्देश दिये। इसके अलावा उन्होंने चाकीसैण-जाख मोटर मार्ग को पीएमजेएसवाई से लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश अधिकारियों को दिये गये। वहीं माजरामहादेव -नौलीसैण मोटर मार्ग, समैया-बसोला मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सौन्दर-ऐंठी मोटर मार्ग पर पुल के डीपीआर बनाने निर्देश भी अधिकारियों को दिये।

बैठक में पीएमजेएसवाई के अधिकारियों ने बताया कि उनके पास सड़कों के मरम्मत हेतु बजट की भारी कमी है जिसके लिए राज्य सरकार को अलग से व्यवस्था करनी होगी।

बैठक में प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग हरिओम शर्मा, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग पौड़ी अयाज अहमद, मुख्य अभियंता पीएमजेएसवाई के.पी. उप्रेती, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग पौड़ी राजेश चंद्र शर्मा, अधिशासी अभियंता पाबौं दिनेश मोहन गुप्ता, अधिशासी अभियंता श्रीनगर प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता बैजरों आदर्श गोपाल सिंह, अधिशासी अभियंता पीएमजेएसवाई महेन्द्र सिंह, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी श्रीनगर मुकेश सकलानी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

सात साल पूर्व पत्नी की मौत पर कोर्ट ने सुनाया फैसला, पति सहित तीन को 14 साल की सजा

ऋषिकेश में सात साल पुराने दहेज के लिए हत्या मामले में आज प्रथम अपर जिला व सत्र न्यायाधीश मनीष मिश्रा की अदालत ने सजा सुनाई है। मामले में आरोपी पति राजेश तनेजा, सास आशा तनेजा और देवर वरूण तनेजा को न्यायालय ने 14 साल की सजा सुनाई है। साथ ही 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड जमा न करने की सूरत में सभी सजा प्राप्त अभियुक्तों को छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

बता दें कि एक अक्टूबर 2006 को बबीता निवासी रामनगर नैनीताल का विवाह तुलसी विहार गुमानीवाला निवासी राजेश तनेजा के साथ हुआ। मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। साथ ही मारपीट का भी आरोप भी जड़ा था। इसके बाद 17 जून 2013 को बबीता की तबीयत खराब होने पर उसे दून रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में लेकर गए, यहां से सरकारी अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

इस मामले में 18 जून को मृतका के पिता ने ऋषिकेश कोतवाली में पति राजेश तनेजा, सास आशा तनेजा और देवर वरुण तनेजा के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने सहित हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। इस पर आज एडीजे प्रथम की अदालत ने पति राजेश तनेजा, सास आशा और देवर वरुण तनेजा को दहेज उत्पीड़न और दहेज के लिए हत्या का दोषी करार दिया। सभी को सजा भी सुनाई। न्यायालय ने माना कि महिला की मौत उसके भोजन में जहर मिला कर देने से हुई थी। जिसकी पुष्टि विधि विज्ञान विश्लेषण प्रयोगशाला में मृतका की बिसरा जांच के बाद हुई थी।

जिपंस ने जनप्रतिनिधि व मेधावी छात्रों को किया सम्मान

विनोद विहार जन कल्याण समिति खदरी के तत्वावधान में पूर्व त्रिस्तरीय पंचायत के प्रतिनिधियों व बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वालों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य संजीव चैहान ने सभी पूर्व प्रतिनिधियों का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।

सम्मान पाने वालों में पूर्व जिपंस सुनीता उपाध्याय, पूर्व प्रधान सरोप सिंह पुंडीर व पूर्व क्षेपंस पवन पांडेय रहे।

विनोद विहार जनकल्याण समिति विनोद विहार खदरी में सांसद रमेश पोखरियाल निशंक द्वारा निर्माणाधीन सामुदायिक केंद्र के लिए माननीय जिला पंचायत सदस्य द्वारा अपनी जिला पंचायत निधि से 7 लाख रुपये हॉल के शेष कार्य के लिए दिए गए। विनोद विहार कल्याण समिति द्वारा उनका आभार व्यक्त किया गया।

जिपंस संजीव चैहान ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। जिला पंचायत क्षेत्र खदरी के सम्पूर्ण गांवों में भरपूर विकाश के कार्य करवाये जा रहे है। खासकर युवाओं के लिए समय समय पर खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित करके युवाओं को नशे से दूर करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

सम्मान समारोह में विनोद विहार जन कल्याण समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह रावत की अध्यक्षता तथा टेक सिंह राणा के संचालन में सम्पन्न कार्यक्रम में महावीर उपाध्याय शांति प्रसाद थपलियाल, सुनील चंदोला, गौतम राणा, मंजीत राठौर, कुसुम जोशी, चंद्रप्रकाश नैथानी, मोहन सिंह रावत, मुकेश पांडेय, सावित्री रावत, कमला नेगी, सुमन गोदियाल, विनीता राणा, सुल्तान सिंह नेगी, पीताम्बर नौटियाल, बिरेन्द्र बुटोला आदि उपस्थित रहे।

संदिग्ध परिस्थिति में पंखे से झूला मिला अल्मोड़ा के युवक का शव

मुनिकीेरेती थानाक्षेत्र में शिवपुरी चैकी के अंतर्गत एक कमरे के भीतर अल्मोड़ा के युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला है। युवक का शव जिस कैंप के कमरे से पाया गया है, वहीं पर मृतक कुक का काम किया करता था।

थानाध्यक्ष मुनिकीरेती राम किशोर सकलानी ने मृतक की पहचान 24 वर्षीय नवीन पुत्र रमेशराम निवासी ग्राम चोलेरासीम थाना चैखुटिया अल्मोडा का शव करीब प्रात 7 बजे कैम्प के कमरे में रोड से लटका पाया गया। कमरे का दरवाजा खुला था। बताया कि पुलिस ने शव को नीचे उतरा। बताया कि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव का पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही परिजनों को सूचना भेज दी है।

दुकानदारों को स्वच्छता का संदेश दे मेयर अनिता ने वितरित किए डस्टबिन

ग्रामीण क्षेत्र में सफाई व्यवस्था परखने उतरी मेयर अनिता ममगाई। ने झाडू थामकर क्षेत्रवासियों के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया। गीता नगर एवं बापू ग्राम क्षेत्र में दुकानदारों को स्वच्छता रखने का संदेश देते हुए जहां मेयर अनिता की ओर से डस्टबिन वितरित किए गए। वहीं कुछ जगहों पर दुकानों के बाहर कूड़ा करकट व पाॅलिथीन पड़ी होने पर उन्होंने दुकानदारो से नाराजगी भी जताई।
आज शर्द हवाओं के बीच मेयर अनिता ममगाईं गीता नगर, बापू ग्राम सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्थाओं को परखने पहुंची।

गीता नगर एवं बापू ग्राम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का उन्होंने बारीकी के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर मौजूद सफाई निरीक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश भी मेयर की ओर से दिए गए। कुछ स्थानों पर मेयर की ओर से स्थानीय दुकानदारों को डस्टबिन भी वितरित किए गए। बताया कि ऋषिकेश में सफाई व्यवस्था को चाक-चैबंद करने के लिए हर आवश्यक कदम निगम प्रशासन उठा रहा हैं। उन्होंने शहरवासियों से भी स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने की अपील की। इस दौरान स्थानीय पार्षद विजय बडोनी, बिजेंद्र मोगा, रश्मि देवी, अनिता प्रधान, रविंद्र राणा, सुभाष बाल्मीकि, प्रवेश कुमार, राजेश कोटियाल, प्रिया ढकाल, शीलू अग्रवाल, निखिल बर्त्वाल, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, अभिषेक मल्होत्रा, हवलदार राकेश खेरवाल आदि मौजूद रहे।

एसटीएफ को मिली कामयाबी, इनामी बदमाश गिरफ्तार

उत्तराखंड एसटीएफ टीम ने नौ साल पहले हुए अपहरण और लूट के एक मामले में फरार चल रहे पांच हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। उत्तराखंड के कुमाऊं में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स को सूचना मिली कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ का बदमाश गुरमीत सिह पुत्र जगीर सिह निवासी ग्राम बिडौरा थाना नानकमत्ता (ऊधमसिहनगर) किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है और कुमाऊं में किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है। इसके बाद एक टीम मेरठ भेजी गई। वहां गोपनीय जानकारी मिली कि शातिर कुछ दिन पहले ही एक गैंग बनाकर वारदात को अंजाम देने के लिए नैनीताल की ओर गया है।
इस पर एसटीएफ की कुमंऊ यूनिट को सतर्क कर प्रभारी निरीक्षक एसटीएफ और पंतनगर पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया गया। इस बीच ये जानकारी भी मिली थी कि साल 2011 अप्रैल माह में अभियुक्त और उसके दो साथियों ने रुद्रपुर के पांच सितारा होटल रेडीशन के जीएम अरविन्द शिनॉय को रुद्रपुर स्थित सुपर मार्केट के सामने से हथियारों के बल पर उनकी होंडा सिटी कार के साथ किडनैप कर लिया था। उन्हें बंधक बनाकर गन्ने के खेत में फेंक दिया और मोबाइल के साथ ही पचास हजार नगदी, कार लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने दो आरोपितों को घटना के कुछ दिनों बाद लूटे हुए माल के साथ पुलिस गिरफ्तार कर लिया था और अभियुक्त गुरमीत सिंह लूटी गई होंडा सिटी कार के साथ नेपाल भाग गया था। अभियुक्त करीब नौ वर्षों तक फरार रहा। उसके खिलाफ नेपाल में भी मुकदमा दर्ज है और वो नेपाल में भी जेल में रहा था। वो पुलिस से बचने के लिये समय-समय पर नेपाल में शरण लेता रहा है। हाल ही में वह मेरठ से किसी वारदात को अंजाम देने के लिए सितारगंज क्षेत्र में फर्जी आइडी बनाकर रह रहा था। शनिवार को देर रात एसटीएफ और पतंनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।