विरोध के चलते चाहर दीवारी का काम बंद

हिल्ट्रान से सटी भूमि पर टीन की चादर लगाकर हो रही थी घेराबंदी

ऋषिकेश।
शनिवार दोपहर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स ढालवाला पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में ढालवाला में हिल्ट्रान की 10 बीघा भूमि पर टीन की चादर लगाकर घेराबंदी शुरू कर दी गई। भूमि पर कब्जा होते देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। क्षेत्रवासी इस भूमि को टेक्निकल कॉलेज खोलने के लिए प्रस्तावित बता रहे थे। आरोप था कि आचार संहिता के दौरान ही कब्जे की कार्रवाई क्यों की जा रही है? विरोध के चलते चाहर दीवारी का काम बंद कर दिया गया। पुलिस भी दोपहर बाद लौट गई। पूर्व प्रधान ढालवाला रोशन रतूड़ी का कहना है कि 2014 में यह भूमि टेक्निकल कॉलेज खोलने के लिए प्रस्तावित है लेकिन 2015 में इसे सिडकुल को आवंटित कर दिया गया। इसके पीछे राज्य के एक चर्चित बड़े पूर्व अधिकारी का हाथ है। जिसकी शह पर भूमि को खुर्दबुर्द करने का प्रयास किया जा रहा है। विरोध करने वालों में सुरेन्द्र कुलियाल, विनोद कुकरेती, निर्मल उनियाल, उमंग थलवाल, जगदीश उनियाल, ऋषिराम, दिनेश डाराल, रमेश उनियाल, हिमांशु बिज्लवाण आदि शामिल थे।

यह भूमि हिल्ट्रान से सिडकुल को स्थानांतरित की जा रही है। इसमें विरोध का औचित्य समझ नहीं आ रहा है। ढालवाला में जिस स्थान पर भूमि है। वह औद्योगिक क्षेत्र है। सिडकुल को भूमि स्थानातंरित होने के बाद यहां फैक्ट्री लगाई जाएगी।
इंदुधर बौड़ाई, डीएम टिहरी गढ़वाल

रुद्रप्रयाग के युवक की मौत

रायवाला।
मंगलवार शाम युवक अपनी बाइक से लालतप्पड़ से नेपाली फॉर्म की ओर आ रहा था। छिद्दरवाला में तेज रफ्तार ट्रक से बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर लगी और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एसआई देवेंद्र पंत ने बताया कि युवक की शिनाख्त 26 वर्षीय संदीप सिंह पु़त्र दयाल सिंह के रूप में हुई। वह हरिद्वार के सिडकुल में काम करता था। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया। शव का पंचनामा भरकर पीएम कराया जाएगा।

जापानी से लूट मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

ऋषिकेश।
कोतवाल सुरेन्द्र सिंह सामंत ने बताया कि सैजी मतसुसिता (22) निवासी जापान ऋषिकेश घूमने आए हैं। रविवार को तिलकमार्ग पर एक व्यक्ति ने उनसे जान-पहचान बनाई। दोनों ने जूस भी पिया। इसके बाद वह हरिद्वार मार्ग पर गए जहां जापानी पर्यटक बेहोश मिले। उन्हें एक रिसार्ट स्वामी ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार सुबह होश आने पर जापानी पर्यटक ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि एक युवक ने उनसे मेलजोल बढ़ाकर उन्हें नशीला पदार्थ पिला दिया। होश आने पर पाया कि उनके पास नगदी और सामान गायब था जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये है। कोतवाल ने बताया कि युवक ने जापानी पर्यटक के साथ सेल्फी भी खिंचवाई है जिसके आधार पर युवक की तलाश की जा रही है। धारा 328 व 374 में मामला दर्ज किया गया है।

करंट लगने से मजदूर की मौत

ऋषिकेश।
श्यामपुर भल्लाफार्म में भवन निर्माण में जुटा मजदूर मंगलवार सुबह 11 बजे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। उसे साथियों ने सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। मजदूर (प्रद्युम्मन पुत्र संतोष) पीलीभीत यूपी के मीरपुर ग्रांट गांव का निवासी था जो कि बीसलपुर तहसील से संबंधित है। वह इस समय अमितग्राम गुमानीवाला ऋषिकेश में रह रहा था। यहां पर मजदूरी के सिलसिले में रह रहा था। सीओ मनोज कत्याल ने बताया कि जिस स्थान पर भवन निर्माण कार्य हो रहा है। उसके ऊपर से 11 हजार केवीए की लाइन गुजरती है। निर्माण के दौरान मजदूर की फंटी हाईवोल्टेज लाइन से छू गई। जिससे मजदूर झुलस गया। मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।

असामाजिक तत्वों ने सात बसों के शीशे तोड़े

ऋषिकेश।
भोगपुर के मोहन सिंह रावत को पड़ोसी ने सोमवार देर रात 12.30 बजे फोन कर बताया कि किसी ने उनकी बसों के शीशे तोड़ दिए हैं। घर से कुछ ही दूरी पर खड़ी बस को देखने पहुंचे तो बस के फ्रंट और बैक के शीशे टूटे मिले। वहीं इस बस से महज 100 मीटर दूरी पर खड़ी दूसरी बस को भी पास जाकर उन्होंने देखा तो उसके भी फ्रंट और बैक के शीशे टूटे थे। जानकारी होते ही इतनी देर में आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
मोहन सिंह रावत ने बताया कि दो बसों के शीशे टूटे देख लगा कि कहीं और बसों के साथ तो ऐसी घटना नहीं हुई है, इसके चलते वह खोजबीन करने लगे तो इस मार्ग में खड़ी सात बसों के शीशे टूटे मिले। मामले की खोजबीन में वह इस मार्ग पर आगे बढ़े तो बाइक पर बैठे दो युवकों ने उन्हें देखकर अपनी बाइक स्टार्ट की और भगने लगे। उन्होंने दोनों युवकों का रायपुर तक पीछा किया लेकिन रात होने का फायदा उठाकर वे उन्हें चकमा देने में कामयाब रहे। उन्होंने रानीपोखरी थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि फ्रंट के शीशे की कीमत करीब 15 हजार रुपए है। एक बस के सारे शीशे तोड़ डाले गए हैं जबकि छह बसों के फ्रंट और बैक के शीशे तोड़े गए हैं। एसओ रानीपोखरी ओमवीर सिंह रावत का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

….और लोगों के हाथों में धरी रह गई शराब की पर्चियां

रायवाला।
विधानसभा चुनाव में मतदान के मद्देनजर पुलिस ने शराब की दुकानों को सील कर दिया है। आबकारी निरीक्षक नीलम राणा ने शाम 5 बजे अंग्रेजी और देशी शराब की दुकानों को सील किया। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ ठेके पर जुटी रही। इस मौक पर कई लोगों के हाथों में पर्ची भी देखने को मिली। शराब की दुकानें सील होने से लोगों में निराशा दिखी। इसके अलावा अगले दो दिनों तक बार में भी शराब बंद रहेगी। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि शराब की दुकानें चुनाव के बाद 16 फरवरी को खुलेंगी।

भूकंप से ऋषिनगरी के मकानों में दरार

मकान में आई दरार के बाद लोगों में बन रहा खौफ

ऋषिकेश।
मंगलवार को ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में लोग दिनभर अपने मकानों का निरीक्षण करते दिखे। सोमवार रात आए भूकंप के झटकों से कई क्षेत्रों के मकानों में दरार आने की सूचना मिल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के कच्चे मकानों की दीवारों में दरार दिख रही है। वहीं, शहर के बनखंडी, शांतिनगर, ढालवाला आदि स्थानों पर पक्के मकान भी प्रभावित हैं।
बनखंडी निवासी राजेश दिवाकर ने बताया कि सोमवार रात भूकंप आने से सभी सड़कों की ओर भागे। आधी रात तो परिवार के साथ मोहल्ले वालों ने सड़क पर ही गुजार दी। रात अधिक होने के कारण मकान की तरफ किसी का ध्यान नहीं गया लेकिन सुबह उठा तो बच्चों ने मकान की दीवारों पर दरार के बारे में बताया। उनका कहना है कि जिस कमरे में दरार आई है वह अभी कुछ वर्षों पहले ही नई बनाई गई है। उन्होंने पूरे मकान का निरीक्षण किया तो मकान के कई हिस्सों में दरार देखने को मिली। उधर यमकेश्वर ब्लॉक के कई गांवों में मकानों में दरार आने की बात कही जा रही है। कुछ स्थानों पर पशुओं की गोशाला भी क्षतिग्रस्त हुई है।

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया युवक झुलसा

ऋषिकेश।
गुमानीवाला स्थित अमितग्राम गली नम्बर 10 में भागवत कथा होनी है। कथा के लिए रमेश ठेकेदार के घर के ऊपर तार बिछाते समय करीब से गुजर रही श्रीनगर-ऋषिकेश 132 केवी लाइन की चपेट में लेबर कॉलोनी निवासी विकास कुमार (20) आ गए। तार के हाईटेंशन लाइन से छूते ही वहां जोरदार धमाका हो गया। करंट साईं सिद्धि टेलीकाम व बालाजी प्रापर्टी डीलर की दुकान समेत आसपास के घरों में फैल गया जिससे घरों में लगे बिजली के उपकरण टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, कंप्यूटर, लैपटाप, गीजर, वाटर प्यूरीफायर जलकर नष्ट हो गए। घर के आंगन में लोहे का गेट पकड़कर खडी लाल बहादुर की तीन वर्षीय बेटी एकता गिरकर बेहोश हो गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के एसडीओ महेन्द्र सिंह और जूनियर इंजीनियर अमित भट्ट ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।

आईडीपीएल की भूमि पर दावा से हरकत में आया प्रशासन

आईडीपीएल की 899 एकड़ भूमि का किया जा रहा सर्वे

ऋषिकेश।
वन विभाग की संयुक्त टीम ऋषिकेश आईडीपीएल की 899 एकड़ भूमि का रिकार्ड खंगालने में जुटी हुई है। मौके पर वन सर्वेयर के अधिकारी कुल भूमि की नाप जोख में जुटे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक आईडीपीएल की भूमि पर किसी अन्य ने अपनी भूमि होने का दावा किया है जिस पर आईडीपीएल और वन विभाग की टीम तथ्य जुटाने में लगी हैं। गौरतलब है कि आईडीपीएल की भूमि वन विभाग द्वारा लीज पर हस्तांतरित की गई थी। भूमि आईडीपीएल को लगभग 99 वर्षों की लीज पर दी गई है। ऐसे में किसी अन्य का आईडीपीएल की भूमि पर अपना हक जताना वन विभाग के लिए नया सिरदर्द बन बैठा है। इसके लिए विभाग उस व्यक्ति को कानूनी रूप से स्पष्ट रिपोर्ट भेजना चाहता है। चार दिनों तक चलने वाले इस सर्वे में आईडीपीएल के अधिकारी भी मौजूद रहे। ऋषिकेश के रेंजर गंगा सागर नौटियाल ने बताया कि इन दिनों आईडीपीएल में भूमि का सर्वे किया जा रहा है। सर्वेयर वीरेन्द्र पाण्डेय की देखरेख में जांच पड़ताल की जा रही है।

पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से युवक के पैर कटे

ऋषिकेश।
सोमवार शाम पांच बजे आईडीपीएल निवासी अमन ममगाईं (35) अपनी दुकान के पास ही टहलते हुए रेलवे ट्रैक पर जा रहे थे। इस बीच वह ऋषिकेश से हरिद्वार जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में अमन के दोनों पैर कट गए। आईडीपीएल पुलिस चौकी इंचार्ज दीपक तिवारी ने बताया कि उन्हें जौलीग्रांट रैफर कर दिया गया है। युवक की हालत गम्भीर बनी हुई है।