सीएम से मिलीं मेयर अनिता, मृतक बागड़ियों के परिजन को मुआवजे की रखी बात

बीते दिनों सड़क हादसे में मारे गए बागड़ियों के परिजनों को मुआवजा मिले, इसके लिए मेयर अनिता ममगाईं ने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की। इस संदर्भ में मेयर अनिता ने सीएम को ज्ञापन भी सौंपा।

मेयर अनिता ने सीएम को बताया कि खानाबदोश जीवन जीने वाले तमाम मृतक बेहद गरीब परिवार के थे, जिन्हें जल्द से जल्द मुआवजे की राशि दी जानी चाहिए। घटना की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने अपनी संवेदना जताई और शीघ्र मुआवजे की राशि के लिए आवश्यक दिशा निर्देश अपने अधीनस्थ अधिकारियों को दे दिए। जिस पर मेयर द्वारा मुख्यमंत्री का आभार भी जताया गया।

बाजारों में जाल निर्माण कार्य का मेयर अनिता ने किया निरीक्षण

बाजारों में जल निकासी की समस्या का स्थाई समाधान कराने के लिए नगर निगम प्रशासन नालियों पर जाल लगाए जाने का कार्य कर रहा है। इससे पूर्व निगम प्रशासन की ओर से नालियों में बरसाती पानी की निकासी के लिए जर्जर पाइपों को भी बदल कर नई पाईप लाइन भी डाली गई हैं। उक्त तमाम कार्यों का निरीक्षण मेयर अनिता ममगाईं ने किया।

विजयदशमी के सरकारी अवकाश के बावजूद नगर निगम मेयर अनिता ममगाईं उक्त निर्माण कार्य का जायजा लेने बाजार पहुंची। जहां उन्होंने व्यापारियों को पर्व की बधाई देने के साथ जाल लगाने के निर्माण कार्य में निगम को किए गए सहयोग के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने बताया कि शहर के तमाम बाजारों में जल निकासी की समस्या का स्थाई समाधान कराने के लिए जहां जर्जर पाइप लाइनों को बदला जा रहा है वहीं जाल लगाकर दुकानों की सुंदरता के लिए टाईले भी लगवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित ठेकेदार को समय अवधि में निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए निर्देशित भी किया गया है। निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता आनंद मिश्रवाण, जल संस्थान से जेई वीरेंद्र राणा, पार्षद रीना शर्मा, विजय बडोनी, कमला गुनसोला, अजीत गोल्डी, नितिन गुप्ता, राजेश भट्ट, पंकज शर्मा, सुनील उनियाल, मदन कोठारी, हितेंद्र पंवार, संजय पवार, प्रवीण अग्रवाल, मेजर कृष्ण खुराना, प्रिंस डंग, भारत डंग, जितेंद्र अग्रवाल, अमरीक, प्रीतपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

तीर्थनगरी में मेयर अनिता की मौजूदगी में पुलिस और निगम ने निकाला फ्लैग मार्च

ऋषिकेश। तीर्थनगरी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने मेयर अनिता ममगाई के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन के साथ फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान शहर के व्यापारियों ने भी शिरकत की और दुकानदारों से नालियों के आगे अपना सामान न रखने की अपील की।

मेयर अनिता ममगाईं ने जहां दुकानदारों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील की वहीं उनसे स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपनी दुकानों का सामान दुकानों की सीमा के भीतर तक ही रखें। नालियों से बाहर रखे गए सामान को अतिक्रमण माना जाएगा। इस पर निगम की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सामान को जब्त तक किया जा सकता है।

इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी, नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल, सहायक नगर आयुक्त एलम दास, विनोद लाल, कोतवाली प्रभारी रितेश शाह, व्यापारी नेता हितेंद्र पवार, संजय पवार, पंकज चावला, प्रतीक कालिया, राजेश भट्ट, पंकज चावला, पवन शर्मा, पंकज शर्मा, प्रतीक पुण्डीर, दीपक बंसल, ज्योति सहगल आदि मौजूद रहे।

पर्यटन सचिव ने बद्रीनाथ मास्टर प्लान को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक

पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति सचिव दिलीप जावलकर ने बद्रीनाथ मास्टर प्लान को लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बद्रीनाथ में रह रहे लोगों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए बद्रीनाथ धाम को एक आध्यात्मिक टाउन के रूप में विकसित किया जाएगा।

पर्यटन सचिव ने कहा कि मास्टर प्लान को कार्यन्वयन करने में जिला प्रशासन की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने प्रस्तावित मास्टर प्लान को लेकर बद्रीनाथ में डिटेल सर्वे करने, सर्वे के आधार पर भूमि अधिग्रहण के प्रस्ताव तैयार करने तथा प्रभावित लोगों के पुनर्वास हेतु लैंडबैंक तैयार करने को कहा। बद्रीनाथ मंदिर पहले की तरह देवदर्शनी एवं पूरे बद्रीनाथ टाउन में हर छोर से दिखाई दे इस पर विशेष फोकस रखा जाए। बद्रीनाथ धाम में तालाबों के सौन्दर्यीकरण, स्ट्रीट स्कैपिंग, क्यू मैनेजमैंट, मंदिर एवं घाट का सौन्दर्यीकरण, बद्रीश वन, पार्किंग फेसलिटी, सड़क एवं रिवर फ्रंट डेवलपमेंट आदि निर्माण कार्य मास्टर प्लान के तहत चरणबद्व ढंग से प्रस्तावित किए गए है। यात्री सुविधाओं के लिए तीन चरणों में अगले वर्ष मार्च से विकास के निर्माण कार्य शुरू होंगे।

पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने बदरीनाथ के निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान कहा, ‘‘उत्तराखंड, नगर नियोजन विभाग ने पहले ही बद्रीनाथ धाम के विकास के लिए मास्टर प्लान-2025 तैयार किया है। इस प्लान के कम्पोनेंट और धाम में वर्तमान चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए लगभग 85 हैक्टियर क्षेत्रफल में सुविधाओं को विकसित करने के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। जिससे इस पूरे हिल टाउन में सुव्यवस्थित ढंग से ट्रैफिक मैनेजमेंट हो सके और तीर्थ यात्रियों को यहां पर धार्मिक और आध्यात्म की अनुभूति मिल सके। यहां के हक हकूक धारियों, तीर्थ पुरोहितों, व्यापारियों एवं स्थानीय निवासियों के हितों, उनके रोजगार एवं आजीविका को ध्यान में रखते हुए यहां पर मास्टर प्लान के तहत विकास कार्य किए जाएगें।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा, ‘‘आध्यात्मिक क्षेत्र बदरीनाथ धाम के विकास हेतु बदरीनाथ मास्टर प्लान महत्त्वपूर्ण महायोजना है जहां हर साल बद्रीनाथ में श्रद्वालुओं की संख्या बढ रही है उसके लिए यहां यात्री सुविधाएं विकसित करना बेहद जरूरी है। बैठक में पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चैहान, मुख्य विकास अधिकारी हंसादत्त पांडे, अधीक्षण अभियंता लोनिवि मुकेश परमार, जिला पर्यटन अधिकारी वृजेन्द्र पांडे आदि मौजूद रहे।

निगम क्षेत्र में लोगों को कूड़ा एकत्र को मिलेंगे 50 हजार कूड़ादान

ऋषिकेश को साफ और स्वच्छ रखने की मुहिम में नगर निगम प्रशासन प्रतिबद्धता के साथ जुटा हुआ नजर आ रहा है। शहर में घरों से निकली गंदगी सड़कों पर बिखर कर शहर की सुंदरता पर दाग ना लगा सके इसके लिए नगर निगम ने तमाम चालीस वार्डो के प्रत्येक घर में डस्टबिन बांटने का अभियान शुरू किया है। नगर निगम प्रांगण सहित बापू ग्राम स्थित निगम के ग्रामीण क्षेत्र के कैम्प कार्यालय में महापौर ने अभियान का श्रीगणेश लोगों को डस्टबिन बांटकर किया।

नगर निगम महापौर अनिता ममगाई ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में अव्वल आने के संकल्प के साथ साथ निगम काम कर रहा है। घरों की गंदगी सड़कों पर नजर ना आए इसके लिए निगम क्षेत्र के प्रत्येक घर में निगम की ओर से दो-दो निशुल्क डस्टबिन दिए जाएंगे। जिसमें लोगों को सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग डालकर रोजाना निगम के स्वच्छता वाहन में डालना होगा। स्वच्छता वाहन में जीपीएस सिस्टम के अलावा हाईटेक तकनीक का इस्तेमाल भी किया जाएगा। जिसके जरिए नियमित रूप से निगम के वाहन घर-घर तक पहुंचकर कूड़ा एकत्र करेंगे। बताया कि कूड़े के निस्तारण के लिए यूएनडीपी एचडीएफसी बैंक के माध्यम से निस्तारण प्लांट लगा दिया गया है। गीले कूड़े के निस्तारण के लिए कंपोस्ट पिट बनाई जा रही हैं जिससे खाद बनाई जा सकेगी। मौके पर एसएनए एलम दास, विनोद लाल, पार्षद विजेंद्र मोगा, पार्षद विजय बडोनी, पार्षद अनीता प्रधान, पार्षद अनीता रैना, पार्षद विपिन पंत,पार्षद लष्मी रावत,पार्षद रश्मि देवी, पार्षद कमलेश जैन, पार्षद रीना शर्मा, पार्षद सुंदरी कंडवाल, पार्षद पुष्पा मिश्रा, पार्षद शकुंतला शर्मा, पार्षद शोकत अली, ग्रामीण जन संपर्क अधिकारी प्रदीप धस्माना, अनिकेत गुप्ता, रंजन अंथवाल, राजीव राणा राणा आदि मौजूद रहे।

बुर्जुर्गों की जटिल समस्या का निराकरण करेगी पुलिस


अब कोतवाली ऋषिकेश पुलिस अपने थाना क्षेत्र में बुजुर्गों की समस्या प्रत्येक सप्ताह को उनके घर जाकर सुनेगी। न सिर्फ उनकी समस्या का निराकरण करेगी, बल्कि अकेले रहने वाले बुजुर्गों की देखभाल भी करेगी।

कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि सीनियर सिटीजन की समस्या निस्तारण व सुरक्षा के लिए डीआईजी व एसएसपी देहरादून की आदेश पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रत्येक चैकी प्रभारी, बीट अधिकारी सीनियर सिटीजन का घर-घर जाकर सूची तैयार कर रहे है।

बताया कि अभी तक 121 सीनियर सिटीजन में से 33 सीनियर सिटीजन के घर-घर जाकर कुशलता एवं उनकी परेशानी के विषय में जानकारी प्राप्त की गई। जिनमें से 2 सीनियर सिटीजन का देहांत हो चुका है।

स्पीकर प्रेमचंद ने 101 फीट ऊंचे तिरंगा को फहराकर दी सलामी

तिरंगा झंडा जिस शान से लहराता है उसे देखकर हर भारतवासी का हृदय भावों से भर जाता है। देश के प्रति समर्पण और प्रेम का संचार मन में होता है। इसी भाव को प्रेरित करने के लिए उत्तराखंड विधानसभा भवन देहरादून में आज 101 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा का ध्वजारोहण उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा किया गया।
प्रदेश की सर्वोच्च संवैधानिक संस्था विधानसभा भवन में देश की आजादी एवं उसकी आन बान और शान का प्रतीक तिरंगा झंडा राष्ट्र के प्रति सम्मान और देश भक्ति की भावना को जाग्रत करने के उद्देश्य से आज 101 फीट ऊँचा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। ध्वजारोहण के दौरान पुलिस के जवानों ने धुन के साथ ध्वजारोहण स्तंभ के शीर्ष तक राष्ट्रीय ध्वज का आरोहण कराया और तिरंगे को सलामी दी।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने स्विच दबाकर झंडे का आरोहण किया एवं झंडे को सलामी दी।ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रीय गान से पूरा परिसर गूंज उठा।

इससे पूर्व परिसर के भीतर एक निश्चित स्थान से पुलिस के जवानों द्वारा तिरंगे को शोभायात्रा के रूप में ध्वजारोहण स्तंभ तक सम्मान के साथ लाया गया।इस दौरान पुलिस के जवानों के द्वारा बजाई गई धुन से परिसर का पूरा माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।परिसर में मौजूद लोगों की आंखों में तिरंगे को फहरता देख एक अलग सी ही चमक दिखी।

अवगत करा दें इसी साल 22 जुलाई को तिरंगा अंगीकार दिवस के अवसर पर विधानसभा परिसर में 101 फीट ऊंचा ध्वज लगाने की घोषणा विधानसभा अध्यक्ष ने की थी। जिसका कि 14 अगस्त से आधार स्तंभ का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। यह तिरंगा झंडा 101 फीट ऊंचा 20 फीट चैड़ा और 30 फीट लंबा बनाया गया है। इसके साथ झंडे के लिए फोकस्ड लाइट्स भी लगाई गयी है। इसका सीधा फोकस तिरंगे पर पड़ेगा। हाइमास्क पोल पर लाइट लगाने के बाद रात की रोशनी में देश का राष्ट्रीय ध्वज खूबसूरत नजर आएगा। मौके पर कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, महिला विकास मंत्री रेखा आर्य सहित कई अन्य विधायक एवं तीनों सेना के अधिकारीगण मौजूद थे।

आवास विकास विद्या मंदिर में मिसाइल मैन की जंयती पर किया स्मरण

मिसाइल मैन व भारत के पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम की जंयती पर सरस्वती विद्या मंदिर आवास विकास में कार्यक्रम आयोजित हुआ। मौके पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद पांडेय व शिक्षक चन्द्रप्रकाश डोभाल ने किया। वरिष्ठ शिक्षक वीरेन्द्र कंसवाल ने बताया कि मिसाइल मैन का पूरा नाम अबुल पाकिर जैनुलअब्दीन अब्दुल कलाम था। अर्थशास्त्र के प्रवक्ता नरेन्द्र खुराना ने कहा कि वह बच्चों से बहुत प्यार करते थे उनका कहना था कि अगर सपनों को सच करना है, तो पहले उन्हें देखना होगा।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र पांडेय ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति ने जिस काम को करने की ठान ली, वह उसे करके ही रहते थे, हमे भी उसी प्रकार से अच्छे कार्यो को एक बार करने का प्रण मन में लें, तो पूर्ण करके ही छोड़ना चाहिए।

मौके पर सतीश चैहान, कर्णपाल बिष्ट, रजनी गर्ग, रामगोपाल रतूड़ी, नन्द किशोर भट्ट, सुनील बलूनी, मनोज पन्त, अनिल भंडारी, राजेश बड़ोला, कर्णपाल बिष्ट, सतीश चैहान, आरती बड़ोनी, मनोरमा शर्मा, प्रवेश कुमार आदि उपस्थित रहे।

उत्तराखंड में दो नवंबर से खुल रहे हैं 10वीं और 12वीं कक्षा के स्कूल

उत्तराखंड में एक नवंबर को रविवार होने के कारण दो नवंबर से 10वीं और 12वीं कक्षा के लिए स्कूल खोले जा रहे है। कैबिनेट में हुए फैसले के बाद पहले चरण में अभी 10वीं और 12वीं कक्षा ही शामिल है। फैसले के बाद दो नवंबर से राज्य के सभी सरकारी, प्राइवेट स्कूलों में परम्परागत तरीके से पढ़ाई कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 18 प्रस्तावों पर चर्चा हुई। शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक ने बताया कि प्रथम चरण में दो नवंबर से सिर्फ दसवीं और बाहरवीं के छात्रों के लिए स्कूल में पढ़ाई परम्परागत माध्यम से होगी। केंद्र सरकार स्कूल खोलने के लिए पहले ही राज्य सरकार को अधिकृत कर चुकी थी, इसी क्रम में एसओपी भी जारी हो चुकी है। कक्षा संचालन के समय एसओपी का पालन किया जाएगा।

बताया कि डिग्री कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज आदि कक्षाओं के संचालन के संबंध में बाद में निर्णय लिया जाएगा। कहा कि यदि स्कूल तय एसओपी का पालन नहीं करते हैं तो ऐसी स्थिति में जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

कोरोना कोष को नहीं कटेगा सरकारी कर्मचारियों का एक दिन का वेतन

सरकार की ओर से सरकारी कर्मचारियों के एक दिन के वेतन में की जा रही कटौती को अब नहीं काटा जाएगा। यह निर्णय देहरादून में आयोजित कैबिनेट की बैठक में लिया गया। सीएम त्रिवेंद्र रावत की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट में त्योहारों को देखते हुए कर्मचारियों के वेतन से एक दिन की कटौती न करने का फैसला लिया गया।

इनके वेतन से कटौती जारी रहेगी
कैबिनेट ने फैसला हुआ कि कोरोना कोष के लिए मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, आईएएस, आईपीएस, व आईएफएस अफसरों के वेतन से एक दिन की वेतन कटौती होती रहेगी।