पौड़ी के अभिनव ने नौसेना में पाया कमीशन

पौड़ी के एक लाल अभिनव रावत ने शनिवार को नौसेना में सेकेंड लेफ्टिनेंट के तौर पर कमीशन हासिल कर लिया है। केरल के इजीमाला स्थित नेवल अकादमी में पासिंग आउट परेड के बाद अभिनव नौसेना की मुख्यधारा में शामिल हो गया। अभिनव की पीपिंग सेरमनी में उसके पिता मातवर सिंह रावत और मां लक्ष्मी रावत भी मौजूद रही। अभिनव पौड़ी जिले के एकेश्वर ब्लाक के चमाली गांव का निवासी है। सेकेंड लेफ्टिनेंट अभिनव रावत ने कहा कि वह उत्तराखंड की देशसेवा और कर्तव्यपरायणता की समृद्ध और गौरवशाली परम्परा से प्रभावित था, इसलिए सेना को प्राथमिकता दी। उसकी इस उपलब्धि पर पूरे गांव में खुशी का माहौल है। अभिनव के दादा भोपाल सिंह रावत और दादी दूरा देवी गांव में ही रहते हैं। दादा भोपाल सिंह रावत ने कहा कि पोते की इस उपलब्धि पर उन्हें गर्व है।
22 वर्षीय सेकेंड लेफ्टिनेंट अभिनव रावत ने 2018 में इंद्रापुरम गाजियाबाद के कैंब्रिज स्कूल से 12वीं करने के बाद नेवल अकादमी के लिए आवेदन किया और पहली बार में ही सर्विस सलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) क्लियर कर दिया। अभिनव का सलेक्शन आईआईटी के लिए भी हुआ था लेकिन उसने देशसेवा को प्राथमिकता दी। अभिनव के पिता मातबर सिंह रावत दिल्ली की एक कंपनी में सीनियर मैनेजर हैं। उनका कहना है कि अभिनव ने पहले से ही तय किया था कि वह सेना में जाएगा। उसकी इस उपलब्धि पर हमें गर्व है।
गौरतलब है कि चमाली गांव वीर योद्धाओं का गांव है। देश सेवा यहां की परम्परा है। इस गांव के हर परिवार से कोई न कोई सदस्य सेना में है। गांव के हवलदार बुद्धिसिंह रावत और हवलदार झगड़ सिंह रावत स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं। गांव में दो पूर्व कर्नल और दर्जन भर से भी अधिक पूर्व जेसीओ हैं। कारगिल युद्ध में अपना सर्वाेच्च बलिदान देने वाले लांसनायक बलवीर सिंह नेगी भी इसी गांव के हैं।

एमसीडी चुनावः भाजपा के पक्ष में प्रचार कर कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने मांगे वोट

सूबे के वित्त व संसदीय कार्य मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने नई दिल्ली एमसीडी चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो कर घर-घर जाकर वोट मांगे।
रविवार को मंत्री डॉ अग्रवाल ने शालीमार बाग में पार्टी प्रत्याशी रेखा गुप्ता के प्रचार की कमान संभाली। मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार बातें ज्यादा तथा काम कम करती है, इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी बातें कम और काम ज्यादा पर भरोसा करती है।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में लोगों से स्मार्ट स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक जैसे बड़े-बड़े वादे किए थे। मगर आज वर्तमान में दिल्ली के भीतर शिक्षा घोटाला और शराब घोटाला सबके सामने है।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने पार्टी प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में कहा कि पार्टी ने एक ईमानदार और स्वच्छ छवि का प्रत्याशी शालीमार बाग से चुना है। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता के रूप में आपके एक बेटी और बहन है।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि यह चुनाव सामान्य चुनाव नहीं बल्कि दिल्ली का भविष्य तय करने वाला चुनाव है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में एक ओर काम करने वाले लोग खड़े हैं जबकि दूसरी ओर भ्रम का जाल फैलाने और झूठ की बुनियाद पर सरकार चलाने वाले लोग खड़े हैं।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार की ताकत आज देवभूमि उत्तराखंड में देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हर वर्ग हर क्षेत्र क्षेत्र में काम कर रही है झुग्गी झोपड़ी, टैक्सी, रिक्शे वालों के लिए प्रधानमंत्री काम करना चाहते हैं लेकिन दिल्ली में बैठी हुई सरकार वह योजनाएं जनता तक नहीं पहुंचने दे रही है।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि पार्टी प्रत्याशी रेखा गुप्ता लोगों की मजबूत आवाज बनकर उभरेंगी। इस दौरान मंत्री डॉ अग्रवाल ने रोड शो और घर घर जाकर पार्टी प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में वोट मांगे।
इस मौके पर मण्डल अध्यक्ष शालीमार बाग नरेश जैन, जिला मंत्री अनिल, दिनेश चड्डा, विकास मित्तल, सीताराम गुप्ता, प्रवीण जैन, सुमित बंसल, लोकेश शाहू, भीम शर्मा, मीनाक्षी गर्ग, लीला नागर आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नई पहलः उड़ान योजना के अगले टेंडर में शामिल की जाएगी गौचर व चिन्यालीसौड़ की हवाई सेवा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंट कर उत्तराखण्ड में हवाई सेवाओं की मजबूती पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने अनुरोध किया कि चिन्यालीसौड़ व गौचर से छोटे एयरक्राफ्ट की सेवाओं की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गौचर व चिन्यालीसौड़ के लिए हवाई सेवा जल्द शुरू की जाएगी। उड़ान योजना के अगले टेंडर में सर्वे होने के उपरांत गौचर व चिन्यालीसौड़ की हवाई सेवा शामिल की जाएंगी। केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि पिथौरागढ़ से फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट सेवाएं शुरू करने के लिए संबंधित एयरलाइन को कार्य आदेश जारी कर दिया गया है। इसके लिए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में एयर कनेक्टीवीटी को मजबूती प्रदान करने के लिए केंद्र से मिल रहे सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से पिथौरागढ़ में पवन हंस को निर्बाध और समयबद्ध तरीके से सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किये जाने का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के तौर पर विकसित करने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा अपनी सर्वे रिपोर्ट दिसंबर माह में देनी है। मुख्यमंत्री ने पंतनगर एयरपोर्ट के अपग्रेडेशन के संबंध में जल्द निर्णय लिये जाने का केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के मानकों के अनुरूप अपग्रेड करने व विस्तारीकरण के लिए जरूरी भूमि का फिजिबिलिटी सर्वे एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा किया जाना है। मुख्यमंत्री ने इसे जल्द करने का आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आश्वस्त किया कि उत्तराखण्ड में एयर कनेक्टीवीटी के सभी प्रस्तावों को जल्द से जल्द क्रियान्वित किया जाएगा।

गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति ने आगामी कार्यक्रमों को लेकर की बैठक

गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति ढालवाला द्वारा माह जनवरी 2023 में दो दिवसीय लोक संस्कृति कार्यक्रम आयोजित करेगी।
गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति ढाल वाला द्वारा जनवरी 2023 में दो दिवसीय लोक संस्कृति कार्यक्रम के संदर्भ मे आसाराम व्यास के संरक्षण में बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता समिति के महासचिव विशाल मणि पैन्यूली एवं संयोजन गजेंद्र कंडियाल द्वारा की गई। बैठक में सुरेंद्र सिंह भंडारी, घनश्याम नोटियाल, धनीराम बिंजोला, रवि नोटियाल, महिपाल बिष्ट,के डी व्यास, निर्मला शर्मा, शशि कंडारी ने अपने विचार व्यक्त किए
उक्त बैठक मे समिति के सदस्यों ने निर्णय लिया कि दिनांक 2 जनवरी 2023 से 3 जनवरी 2023 तक दो दिवसीय लोक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें उत्तराखंड की लोक गाथा पर आधारित वीर भड़ माधो सिंह भंडारी नाट्य मंचन आयोजित किया जाएगा। साथ ही स्थानीय विद्यालयों के छात्र छात्राओं के द्वारा लोक संस्कृति कार्यक्रम के साथ समाज मे श्रेष्ठ कार्य करने वाले प्रतिभा संवर्धन सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

सीएम ने दिल्ली में सुनी पीएम के मन की बात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। मन की बात कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम हम सभी को प्रेरणा देता है। यह हम सभी देशवासियों को आपस में जोड़ने का प्रभावशाली माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता है। पूरी दुनिया में उनकी नेतृत्व क्षमता की सराहना की जाती है। उनके नेतृत्व में विश्व में भारत का मान सम्मान बढ़ा है। एक दिसंबर से जी-20 की भारत अध्यक्षता करने जा रहा है। निश्चित तौर पर विश्व कल्याण के लिए दुनिया भारत की ओर देख रही है।

वित्त मंत्री अग्रवाल ने आगामी बजट में राज्य हित में कई सुझाव दिये

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन की अध्यक्षता में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्रियों की बैठक नई दिल्ली में आयोजित हुई। इसमें उत्तराखंड के वित्त व संसदीय कार्यमंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने भी शिरकत की। मंत्री डा. अग्रवाल ने आगामी बजट के लिए अपने सुझाव देते हुए बजट में प्रदेश की कई मांगों को पूरा करने का आग्रह किया। साथ ही केंद्र से मिल रहे भरपूर समर्थन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन का आभार प्रकट किया।
नई दिल्ली में आयोजित बैठक में सूबे के वित्त मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि राज्य की जनता को डबल इंजन की सरकार का लाभ मिल रहा है। देश के प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री के सहयोग से विभिन्न केन्द्र पोषित योजनाओं व अनुदानों से प्रदेश का सर्वागीण विकास हो रहा है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि आगामी बजट में राज्य के लिए नयी केन्द्रीय योजनाओं की स्वीकृति मिले, जिससे पर्यावरण रक्षक व सीमान्त प्रहरी के रूप में उत्तराखंड अपनी भूमिका मजबूती से निर्वहन कर सके। डा. अग्रवाल ने आगामी बजट में नई रेल परियोजना ऋषिकेश-उत्तरकाशी और इसी तरह टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना के लिए भी आवश्यक प्रावधान करने का भी निवेदन किया।
डा. अग्रवाल ने लैण्ड स्लाइड जैसी समस्याओं के लिए कोनिक लैण्ड स्लाईड के ट्रीटमेंट को राष्ट्रीय महत्व का शोध संस्थान उत्तराखण्ड के सीमान्त व संवेदनशील क्षेत्र जैसे चमोली अथवा पिथौरागढ़ जनपद में खोले जाने, दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में जल विद्युत परियोजनाओं को प्रोत्साहित करने के लिए 2 करोड़ रूपये प्रति मेगावाट की दर से 8 हजार करोड़ रूपये की वायबिलिटी गैप फंडिंग आगामी बजट में प्रदान करने की अपील की।
इसके अलावा डा. अग्रवाल ने जमरानी बांध परियोजना और सॉंग बांध परियोजना के लिए आगामी बजट में आवश्यक प्रावधान करने का भी निवेदन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अवशेष कार्यों को पूर्ण करने के लिये समय-सीमा को बढ़ाने तथा अवशेष देयता के लिए बजट में प्रावधान करने का अनुरोध किया।
डा. अग्रवाल ने राज्य सरकार द्वारा पति और पत्नी को दी जा रही 1500 रूपये वृद्धावस्था पेंशन में केन्द्रांश को 200 रूपये से बढ़ाकर 500 रूपये आगामी बजट में किये जाने की भी मांग की। वित्त मंत्री ने बजट में प्रदेश की विषम भौगोलिक परिस्थिति का हवाला देते हुए सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत नेट फेज-2 परियोजना के लिए वित्तीय प्राविधान की भी मांग की।
डा. अग्रवाल ने सुझाव देते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्र होने के कारण उत्तराखण्ड में सामग्री ढुलान अत्यन्त महंगा होता है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचने पर सामग्री की वास्तविक लागत में काफी बढ़ोत्तरी हो जाती है। उन्होंने उत्तराखण्ड सहित समस्त पर्वतीय राज्यों के लिए श्रम व सामग्री का अनुपात 60ः40 के बजाय 50ः50 करने का सुझाव दिया।
बैठक में केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी जी, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ भूपेश बघल, मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल खट्टर, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, वित्त सचिव उत्तराखंड दिलीप जावलकर सहित विभिन्न राज्यों के वित्त मंत्री, सभी राज्यों के वित्त सचिव आदि उपस्थित रहे।

एमसीडी चुनाव में बोले सीएम धामी, झूठे और भ्रम का जाल फैलाने वालों से रहें सावधान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम का चुनाव लड़ रहे हैं भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए जनसभाएं की। सर्वप्रथम मुख्यमंत्री ने (वार्ड नंबर 9 संत नगर) में भाजपा प्रत्याशी रेखा रावत के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव सामान्य चुनाव नहीं बल्कि दिल्ली का भविष्य तय करने वाला चुनाव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चुनाव में एक ओर काम करने वाले लोग खड़े हैं जबकि दूसरी ओर भ्रम का जाल फैलाने और झूठ की बुनियाद पर सरकार चलाने वाले लोग खड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार की ताकत आज देवभूमि उत्तराखंड में देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा है कि इसका एक प्रत्यक्ष उदाहरण दिल्ली देहरादून के बीच बनने वाली एलिवेटेड रोड है जिसके बनने से दिल्ली से देहरादून का सफर में है 2 घंटे में पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हर वर्ग हर क्षेत्र क्षेत्र में काम कर रही है झुग्गी झोपड़ी टैक्सी रिक्शे वालों के लिए प्रधानमंत्री जी काम करना चाहते हैं लेकिन दिल्ली में बैठी हुई सरकार वह योजनाएं जनता तक नहीं पहुंचने दे रही है।
वही मुख्यमंत्री धामी ने (वार्ड नंबर 6 बुराड़ी) में भाजपा प्रत्याशी अनिल कुमार त्यागी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनसभा में जिस गर्मजोशी से लोग शामिल हो रहे हैं उसे हुए स्पष्ट है कि बुराड़ी की जनता अनिल त्यागी जी को भारी मतों से जिताने जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ काम करने वाले लोग हैं और दूसरी तरफ कारनामे करने वाले लोग हैं उन्होंने कहा कि आज दिल्ली मैं आम आदमी पार्टी के कई नेता जेल में बंद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार केंद्र और राज्य में ईमानदारी के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 तक जहां भारत की तुलना दुनिया में एक पिछड़े भारत के रूप में होती थी वहीं वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की छवि शक्तिशाली भारत के रूप में दुनिया के सामने आ रही है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दुनिया में भारत का मान सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है और भारत विश्व गुरु बनने की राह पर अग्रसर है।
वही मुख्यमंत्री धामी ने तीसरी जनसभा दिल्ली नगर निगम के (वार्ड नंबर 247 सादतपुर) में भाजपा प्रत्याशी नेता बिष्ट के पक्ष में की। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और व्यक्ति अंतिम के सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति जब भारत आए तो पूरे देश में एक अच्छा वातावरण बन रहा था लेकिन दिल्ली में निम्न स्तर की राजनीति करने वाले लोगों ने यहां दंगे भड़काने का काम किया जिसमें उत्तराखंड के बेटे दिलबर नेगी की हत्या की गई। सबसे शर्मनाक बात तब हुई जब इस पूरे घटनाक्रम में आम आदमी पार्टी के पार्षद का खुले तौर पर नाम आया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सबक सिखाने का सही समय आ गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली कि सरकार काम करने पर विश्वास नहीं है बल्कि सरकार द्वारा सिर्फ प्रलोभन और भ्रम फैलाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कालखंड में आज देश में धार्मिक स्थानों के उत्थान का समय आ गया है। वर्ष 2013 में केदारनाथ धाम में आपदा के बाद प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वहां तेजी से पुनर्निर्माण का कार्य किया गया है वहीं वर्तमान में ₹300 करोड की लागत से बदरीनाथ धाम का भी पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है।

एक नए जोश के साथ एक नई सुबह देखने के लिए तैयार युवावस्था में खड़ा उत्तराखंड

उत्तराखंड को वर्ष 2025 तक देश के अग्रणी राज्यों में शुमार करने का लक्ष्य लेकर चल रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर प्रदेश में पहली बार आयोजित हुआ तीन दिवसीय चिंतन शिविर राज्य की नौकरशाही को एक नई ऊर्जा से लबरेज कर गया है। इस चिंतन शिविर में जहां कार्यप्रणाली की पुरानी जड़ता को खत्म करने का प्रयास हुआ तो साथ ही नौकरशाहों को चिंतन शिविर यह भरोसा भी देने में कामयाब रहा कि युवावस्था में खड़ा उत्तराखंड एक नए जोश के साथ एक नई सुबह देखने के लिए तैयार है।
प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यप्रणाली से बेहद प्रभावित हैं। यूं भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि से गहरा लगाव है और पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में विशेषरूप से पर्वतीय जिलों पर ध्यान केंद्रित कर ऑल वेदर रोड से लेकर ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल मार्ग, केदारनाथ एवं बद्रीनाथ धाम के मास्टर प्लान पर काम गतिमान है। इन योजनाओं का सीधा लाभ पहाड़ की आर्थिकी को अभी से मिलने लगा है। बहरहाल, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नक्शे कदमों पर चलते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से राज्य में पहली बार आयोजित हुआ नौकरशाहों का चिंतन शिविर भी उसी तर्ज पर आयोजित हुआ जिस तरह पीएम मोदी केंद्र एवं इससे पहले गुजरात में मुख्यमंत्री रहते हुए कर चुके हैं।
पहाड़ों की रानी मसूरी में लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी में तीन दिनों तक चले चिंतन शिविर में राज्य के पर्वतीय जिलों को केंद्र में रखकर आगामी वर्षों का विकास का एजेंडा तय किया गया। शिविर में खासतौर से इस बात पर जोर दिया गया कि अब समय आ गया है कि जब हम देहरादून, हरिद्वार और उधमसिंहनगर से इतर एक समग्र राज्य की सोच के साथ आगे बढ़ें। योजनाएं अगर केवल इन 3 जिलों के साथ ही पर्वतीय जिलों को ध्यान में रखकर बनेंगी तो न केवल बेरोजगारी बल्कि पलायन जैसी गंभीर समस्या भी खुद ब खुद गायब हो जाएगी।
शिविर के पहले दिन जिस अंदाज में मुख्य सचिव एसएस संधू ने अपने अनुभव को नौकरशाहों के समक्ष निचोड़ कर रख डाला तो युवा अधिकारियों को वह ये भरोसा दिलाने में कामयाब रहे कि उत्तराखंड उनके युवा जोश का। इस्तकबाल करने के लिए तत्पर है। वहीं, उन्होंने जूनियर और सीनियर अफसरों में तारतम्य एवं योजनाओं को लेकर खुलकर निर्णय लेने की भी मंशा जाहिर की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पहले दिन के वक्तव्य और फिर दूसरे दिन एकाएक चिंतन शिविर में एक विद्यार्थी की तरह उपस्थित रहकर दर्शाया कि राज्यंक टॉप माइंड द्वारा जो मंथन किया जा रहा था उससे निकलने वाले अमृत से उत्तराखंड का कोना-कोना तृप्त हो जाये। यह मुख्यमंत्री धामी के अपने अफसरों पर भरोसे का ही असर था कि तीन दिन तक चले चिंतन में अधिकारी इस कदर मशगूल हुए की निर्धारित समयसीमा को भी वे भूल बैठे। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले मंथन शिविर में शत प्रतिशत उपस्थिति रात 8 बजे तक यह बता रही थी कि उत्तराखंड के नवनिर्माण में सब एकजुट हैं।
तीन दिनों तक चले चिंतन शिविर में पर्वतीय जिलों पर फोकस करते हुए बागवानी, पर्यटन, हाइड्रो पावर, योगा, कृषि आधारित सेक्टरों को बढ़ावा देने की दिशा तय हुई।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में 18602 अतिरिक्त आवास की मिली स्वीकृति

केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में उत्तराखण्ड के लिये 18602 अतिरिक्त आवास की स्वीकृति मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड में विकास के अभूतपूर्व काम हो रहे हैं। राज्य सरकार की पूरी कोशिश है कि विकास योजनाओं की धरातल पर क्रियान्वित सुनिश्चित हो। अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रयास है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में अतिरिक्त लक्ष्य आवंटित किये जाने का अनुरोध किया था। अप्रैल 2022 में मुख्यमंत्री ने पत्र भी लिखा था।
केंद्र द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा समयबद्ध तरीके से योजना के लक्ष्य हासिल करने के प्रयासों की सराहना करते हुए अब 18602 आवासों का अतिरिक्त लक्ष्य आवंटित किया गया है।

मोदी सरकार हिमालयी राज्यों के सतत विकास के लिए कर रही कार्य-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य में चिंतन शिविर का अपना एजेंडा है, जो आने वाले समय में राज्य में होने वाले विकास को सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा हमारे राज्य का एजेंडा है कि 25 सालों के लिए रोडमैप तैयार हो, साथ ही 2025 तक उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बने। उन्होंने कहा चिंतन शिविर चीजों के सरलीकरण एवं कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में विकास को सुनिश्चित तरीके से किए जाने हेतु रखा गया था। जिसके अंतर्गत प्रदेश के आला अधिकारियों, विभिन्न जिलों के जिलाधिकारियों के साथ बीते 3 दिनों में कई बैठके एवं डिस्कशन सेशन किए गए। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने 21वी सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का बताया था, जिसके अनुरूप राज्य सरकार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार पलायन जैसी वृहद समस्या के निराकरण के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। राज्य सरकार द्वारा बड़े स्तर पर रोजगार देने का कार्य किया जा रहा है। रिक्त चल रहे विभिन्न सरकारी पदों पर जहां एक ओर भर्ती प्रक्रिया जारी है वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होमस्टे योजना, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना के अंतर्गत युवाओं को स्टार्टअप हेतु प्रेरित किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने कहा इकोनॉमी और इकोलॉजी के अंतर्गत हम प्रदेश के समुचित विकास के साथ ही यहां के प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए भी कार्य कर रहे हैं।
केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि भगवान शिव अपने भक्तों को ही अवसर देते हैं। केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण का सौभाग्य मोदी को मिला। उन्होंने इसे बखूबी कर दिखाया। इस बार रिकार्ड संख्या में श्रद्धालु आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदाओं से बचाव एवं उन्हें कम किए जाने पर कार्य किया जा रहा है। डिजास्टर मैनेजमेंट एसडीआरएफ एवं सेना मिलकर आपदाओं से निपटने हेतु हमेशा तैयार है। उन्होंने कहा चमोली एवं धारचूला में नियमित रूप से हेलीकॉप्टर की सेवाएं जारी रखी गई है, ताकि आपदा के समय इनकी मदद ली जा सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड राज्य के विकास को आगे ले जाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चार धाम में सुगम यात्रा हेतु ऑल वेदर रोड का निर्माण कार्य किया गया है। आज चार धाम यात्रा श्रद्धालुओं के लिए कितना आसान हो गयी है। ये है डबल इंजन का फायदा। उन्होंने कहा केदारनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण, बद्रीनाथ मंदिर में मास्टर प्लान के तहत कार्य शुरू हो गया है। पर्वतमाला, हवाई सेवाओं के विस्तार हुआ है। साथ ही केदारनाथ व हेमकुंड में रोपवे की सौगात मिली है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जीवन अनुशासन संकल्प एवं संघर्ष से भरा पड़ा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार पौराणिक इमारतों लोक संस्कृति एवं सभ्यताओं के संरक्षण पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा राज्य सरकार मानसखंड कॉरिडोर बनाने पर कार्य कर रही है जिसके अंतर्गत कुमाऊं क्षेत्र में पड़ने वाले समस्त पौराणिक मंदिरों, स्थलों को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। अग्निवीर योजना के बाद उत्तराखंड सरकार द्वारा विभिन्न स्थानों पर जन संवाद चलाया गया। उत्तराखंड राज्य के प्रत्येक परिवार से कोई ना कोई देश की सेवा में होता है। उन्होंने कहा अग्निवीर जवान जो 4 साल देश की सेवा के उपरांत वापस आएंगे, उन्हें उत्तराखंड सरकार अन्य सेवाओं में भी प्राथमिकता देने का कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य में आने वाले समय में जल्द ही समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू किया जाएगा। जिस पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा आमजन के फीडबैक के उपरांत फाइनल ड्राफ्ट बनाकर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा सीमा पर रहने वाले लोग हमारी सीमाओं के प्रहरी हैं, जो सीमांत क्षेत्र को जीवित रखने एवं सेना के सहयोगी के रूप में कार्य करते हैं।
छावला केस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की बेटी को न्याय दिलाने के लिए राज्य सरकार हर सम्भव कोशिश पुरजोर तरीके से कर रही है।