रोजगार देने के नाम पर उत्तराखंड सरकार ने अपने हाथ किए खड़ेः जयेंद्र रमोला

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने ऋषिकेश विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं समूह से मुलाकात की। उन्होंने महिला समूहों को स्वरोजगार कर स्वयं के परिवार की आर्थिकी में मदद करने की बात की।

उन्होंने कहा कि जहां एक ओर कोरोना महामारी ने पूरे देश में अपने पैर पसारे हैं वहीं दूसरी ओर इसके चलते बेरोजगारी का भी आलम आसमान को छू रहा है, परंतु सरकार ने आम जन को खुद के भरोसे छोड़ दिया है और रोजगार देने के लिये अपने हाथ खड़े कर दिये हैं, इसलिये आज हमको खुद रोजगार पैदा करके या छोटे छोटे समूह में छोटे रोजगार को शुरू कर अपनी आर्थिकी को मजबूत करना पड़ेगा। ताकि कोरोना महामारी से बेरोजगार हुए परिवारों को थोड़ी राहत मिल सके।, रमोला ने कहा महिलाओं को समूह बनाकर अपने घरों से ही स्वरोजगार शुरू करना चाहिये। जैसे धूप, अगरबत्ती, मोमबत्ती, जूट के थैले, मधुमक्खी पालन जैसे कई छोटे घरेलू उद्योग से खुद को सक्षम बना सकते हैं और इनको खुलवाने में सक्षम व्यक्तियों व समाजसेवियों को आगे आकर मदद करनी चाहिये।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सदस्य शशी जेठुडी, गब्बर कैन्तुरा, बिक्रम जेठुडी, पूर्व पंचायत सदस्य सुमन देवी, ईशा चैहान, मंजू नेगी, कमला नेगी, सावित्री बलोनी, रीना रावत, सरिता चैहान, सुनीता थपलियाल, बसंती मेहर, प्रतिमा रतूड़ी, आरती ध्यानी, रामप्यारी जेठुडी, रश्मि जेठुडी, सुषमा भट्ट, शुष्मना चैहान, डुग्गी चैहान, सुमन देवी, दिया नेगी आदि उपस्थित रहीं।

नुक्कड़ नाटकों के जरिए नगर निगम ने शुरू किया स्वच्छता संदेश अभियान

नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नगर निगम प्रशासन ने स्वच्छता संदेश अभियान का किया शुभारंभ। नगर की हृदय स्थली त्रिवेणी घाट पर महापौर अनिता ममगाई ने वर्ष 2021 के स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आने के लिए अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान झाड़ू थाम कर नगर की प्रथम नागरिक महापौर ने लोगों से जहां अभियान में सहयोग की अपील की वहीं उन्होंने मौजूद उपस्थिति को मोक्षदायिनी मां गंगा की शपथ दिलाकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना पूर्ण सहयोग देने की शपथ भी दिलाई।

स्वच्छता अभियान की शत-प्रतिशत सफलता को लेकर मेयर अनिता ममगाईं की अगुवाई में गंगा तट पर नुक्कड़ नाट्य टीम के द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। मौके पर सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत स्वच्छता अभियान के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। नाट्य टीम के कलाकारों ने अपने प्रस्तुति से दर्शकों को खूब हंसाया। अभियान का शुभारंभ करते हुए मेयर अनिता ममगाई ने कहा कि जन सहयोग के बूते ही तमाम अभियान सफल होते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन पिछले डेढ़ वर्षों से देव भूमि की ख्याति के अनुरूप शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहा है। विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए लोगों को शपथ दिला कर शहर को सुंदर बनाने में सहयोग की अपील की जाती रही है। लोगों को इसके लिए जागरूक होने की जरूरत है। उन्हें यह सोचना होगा कि जिस मोक्षदायिनी की शपथ ले रहे हैं उन शब्दों को आत्मसात भी करें।

इस दौरान नगर आयुक्त नरेंद्र क्वीरियाल, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, स्थानीय पार्षद रीना शर्मा, पार्षद विजय बडोनी, पार्षद विजेंद्र मोगा, पार्षद राजेश दिवाकर, पार्षद शौकत अली, अनिल ध्यानी, पवन शर्मा, सुजीत यादव, आशीष द्रविड़, राजीव राणा सहित नगर निगम के सफाई निरीक्षक व सभी हवलदार मौजूद रहे।

13 करोड़ 34 लाख की लागत से ऋषिकेश की सड़कें होंगी चकाचक

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र की 66.11 किलोमीटर तक की सड़कें अब चकाचक होने वाली है। इसके लिए विशेष केन्द्रीय सहायतित योजना से 13 करोड़ 34 लाख रुपए का बजट मिला है। यह जानकारी विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने दी है। विस अध्यक्ष ने इसके लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व केंद्रीय नेतृत्व का आभार भी व्यक्त किया है।

इन सड़कों का होगा जीर्णोद्धार
– देहरादून तिराहे से भानियावाला तक 3 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से 10 किलोमीटर
– श्यामपुर चैकी से नटराज चैक तक 94 लाख रुपए की लागत से 6.16 किलोमीटर
– त्रिवेणी चैक से तहसील चैक तक 71 लाख रुपए की लागत से 2.4 किलोमीटर
– श्यामपुर गढ़ी रोड 38 लाख रुपए की लागत से 2.05 किलोमीटर
– आईडीपीएल सिटी गेट से बैराज कॉलोनी तक एक करोड़ 46 लाख रुपए की लागत से 3 किलोमीटर
– इंदिरा नगर विस्थापित क्षेत्र में 15 लाख रुपए की लागत से 1 किलोमीटर
– रायवाला विस्थापित क्षेत्र में 42लाख रुपए की लागत से 2.8 किलोमीटर
– पशुलोक विस्थापित क्षेत्र में 3 करोड़ 89 लाख रुपए की लागत से 25.6 किलोमीटर,
– गौहरीमाफी ग्राम सभा रायवाला एवं टिहरी फार्म तक 58 लाख रुपए की लागत से 3.8 किलोमीटर, – ग्राम सभा श्यामपुर के अंतर्गत लक्कड़ घाट के आंतरिक मार्ग 30 लाख रूपए की लागत से 2 किलोमीटर,
– श्यामपुर खदरी सड़क मार्ग 27 लाख रुपए की लागत से 1.8 किलोमीटर,
– बापू ग्राम शिवाजी नगर चैक से एम्स चैक तक सड़क मार्ग 20 लाख रुपए की लागत से 1.3 किलोमीटर,
– बीस बीघा मीरा नगर मुख्य मार्ग 30 लाख रुपए की लागत से 2 किलोमीटर,
– रूषा फार्म से भट्टोवाला मार्ग तक 34 लाख रूपए की लागत से 2.2 किलोमीटर सड़कों के जीर्णोद्धार का शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाना है।

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ने कहा है कि सभी सड़क मार्गों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी गई है शीघ्र ही सड़क मार्गों का जीर्णोद्धार कार्य प्रारंभ होगा। कहा कि गुणवत्ता एवं मानकों के आधार पर क्षेत्र में सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। कहा कि क्षेत्र का चैमुखी विकास करना उनकी प्राथमिकता है जिसके लिए वह लगातार प्रयासरत रहे हैं।

दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी स्लोगन के साथ तीर्थनगरी में प्रशासन और पुलिस ने निकाली रैली

तीर्थनगरी में मार्च विद मास्क अभियान के तहत नगरभर में प्रशासन, पुलिस और श्रीभरत मंदिर इंटर काॅलेज के एनसीसी कैडेट्स ने जागरूकता रैली निकाली। हाथों में तख्तियां लिए पुलिस और एनसीसी कैडेट्स ने लोगों से दो गज की दूरी और मास्क को अनिवार्य बताया। साथ ही इसे हर समय अपनाने की अपील भी की।

कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि पुलिस उपमहानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर, कोविड-19 के संक्रमण से ऋषिकेश की आम जनता को जागरूक किया गया। इसके लिए मार्च विद मास्क स्लोगन के साथ नगरभर में मार्च निकाला गया।

मार्च में पुलिस क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश व कोतवाल के निर्देशन में कोतवाली ऋषिकेश के समस्त चैकी प्रभारी चीता मोबाइल (महिला व पुरुष) व कर्मचारी गणों तथा श्रीभरत मंदिर इंटर काॅलेज के एनसीसी के कैडेट्स, एसडीआरएफ के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए।

फ्लैग मार्च चैकी त्रिवेणी घाट से प्रारंभ होकर घाट चैक से जयराम आश्रम से तिलक रोड से हीरालाल मार्ग से अंबेडकर चैक से रेलवे रोड से क्षेत्र रोड होते हुए वापस त्रिवेणी घाट चैकी संपन्न हुई।

आंध्र प्रदेश का युवक रायवाला में, पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द किया

रायवाला पुलिस ने आंध्र प्रदेश से लापता युवक को उसके परिजनों से मिलाया है। पुलिस के इस कार्य की हर कोई तारीफ कर रहा है।

थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि लावारिश अवस्था में घूमते पाए जाने पर युवक से पूछताछ की गई। तो उसने अपना नाम 20 वर्षीय कुच्ची पृथ्वी पुत्र चंद्रहास बताया। जो कि जिला अनंतपुर आंध्र प्रदेश का रहने वाला है जोकि अपने परिवार जनों से नाराज होकर घर से निकल गया था तथा भटक कर यहां पहुंच गया है। रायवाला पुलिस ने उक्त युवक के परिजनों से संपर्क किया तो पता चला कि उक्त युवक कुच्ची पृथ्वी बीते 11 अक्टूबर से लापता है। उसकी गुमशुदगी परिजनों ने थाना अनंतपुरम-2 टाउन आंध्र प्रदेश में दर्ज कराई है। लापता युवक के परिजन आज थाना रायवाला पहुंचे और युवक को आंध्र प्रदेश पुलिस एवं उसके चाचा के भास्कर निवासी 12-55 आदर्श नगर, अनंतपुर, आंध्र प्रदेश के सुपुर्द किया। परिजनों ने पुलिस का आभार प्रकट किया।

राज्यपाल ने ‘राज्य स्थापना दिवस’ की 20वीं वर्षगांठ पर पुलिस रैतिक परेड की सलामी ली

राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राज्य स्थापना दिवस की 20वीं वर्षगांठ पर पुलिस लाइन में आयोजित रैतिक परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।

राज्यपाल ने विशिष्ट सेवाओं के लिए ‘‘राष्ट्रपति पुलिस पदक’’ प्राप्त 06 पुलिस अधिकारियों और ‘‘राष्ट्रपति के जीवन रक्षा पदक’’ से सम्मानित दो पुलिस कार्मिकों को अलंकृत भी किया। इनमें पुष्पक ज्योति, पुलिस महानिरीक्षक, श्रीधर प्रसाद बडोला, (से.नि.) पुलिस उपाधीक्षक, श्री प्रकाश चन्द्र शर्मा (से.नि.) उपनिरीक्षक, धनराम आर्य (से.नि.) पीसी विशेष श्रेणी पीएसी, आदित्यराम डिमरी (सेनि) उप निरीक्षक एस.डी.आर.एफ. तथा हीरा सिंह राणा (से.नि.) सहायक सेना नायक को राष्ट्रपति पुलिस पदक और विनोद प्रसाद थपलियाल, उप निरीक्षक, ममलेश सिंह, आरक्षी को राष्ट्रपति के जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया गया है।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था और शांति की स्थापना में उत्तराखण्ड पुलिस अच्छा कार्य कर रही है। कोविड महामारी के समय में भी पुलिस ने अग्रिम मोर्चे पर रहकर जनता की सहायता की है। कर्तव्य निवर्हन करते हुए लगभग 1600 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी कोविड बीमारी से संक्रमित हुए। लेकिन इसके बाद भी हमारी पुलिस, डाक्टर्स, नर्सेज और सभी कर्मचारी अपने कर्त्तव्य का पालन कर रहे हैं। उत्तराखण्ड निर्माण में महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान रहा है। हमें महिलाओं के समग्र कल्याण एवं सशक्तीकरण हेतु हर संभव कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि ड्रग्स हमारी युवा पीढ़ी के लिये बहुत बड़ा खतरा है। प्रदेश में एण्टी ड्रग्स टास्क फोर्स बनाई गई है। इस टास्क फोर्स को अपनी पूरी क्षमता से कार्य करना होगा, जिससे देवभूमि से नशे के सौदागरों का समूल नाश हो। उत्तराखण्ड में वर्ष 2022 तक हर घर तक नल से जल देने पर काम चल रहा है। इसी प्रकार राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लगातार कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने संबोधन में 21वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य निर्माण के सभी ज्ञात अज्ञात शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी। डी.जी.पी ए.के.रतूड़ी ने अपने संबोधन में उत्तराखण्ड पुलिस की उपलब्धियों की जानकारी दी।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘‘विकसित होता उत्तराखण्डः बातें कम, काम ज्यादा’’ का विमोचन किया। इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा पुलिस विभाग द्वारा प्रकाशित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया।

मौके पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल, मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, विधायक मुन्ना सिंह चैहान, कुंवर प्रणव सिंह ‘चैम्पियन‘, हरबंस कपूर, विनोद चमोली, गणेश जोशी, मुख्य सचिव ओम प्रकाश, सचिव आर.के.सुधांशु, सचिव नितेश झा, सचिव मुख्यमंत्री राधिका झा, सचिव सूचना दिलीप जावलकर, सचिव राज्यपाल बृजेश कुमार संत, महानिदेशक सूचना डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट आदि उपस्थित थे।

सफलता के सोपान तय करने को तेजी से अग्रसर है उत्तराखंडः अनिता

इन्द्रमणि बडोनी चैक पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों ने राज्य का स्थापना दिवस जोशो खरोश के साथ मनाया। मेयर अनिता ने मिठाइयां बांटकर न सिर्फ अपनी खुशी का इजहार किया बल्कि आंदोलनकारियों के साथ ढोलक की थाप पर थिरक कर माहौल को बेहद खुशनुमा बना दिया।

मेयर अनिता ममगाईं ने राज्य आंदोलन की लड़ाई में शहादत देने वाले आंदोलनकारियों को नमन किया। इंदिरा नगर क्षेत्र की विस्थापित कॉलोनी में नेशनल मार्शल आर्ट एकडेमी के द्वारा चलाए जा रहे शिविर में पहुंची जहां उन्होंने बच्चों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। एकडेमी संचालिका शिवानी गुप्ता ने मेयर अनिता को माला पहनाकर व पुष्पगुच्छ भेंट किया। इसके बाद देहरादून रोड़ स्थित गोपाल कुटी पहुंची जहां उन्होंने राज्य आंदोलन के शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रमों की श्रंखला में मेयर अनिता ममगाईं ने राज्य आंदोलन के प्रणेता स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी के चैक पर पहुंची जहां उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की डबल इंजन की सरकार में राज्य सफलता के सोपान तय कर रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में देश में अपनी उत्तराखंड ने अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि यह आपदा को अवसर बनाने का समय है। उत्तराखंड प्रवासी निश्चित ही अपने प्रदेश में लौटेंगे और पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी उत्तराखंड के काम आएगी। इस दौरान पार्षद बिजेंद्र मोगा, पार्षद विजय बडोनी, पार्षद लक्ष्मी रावत, पार्षद अनीता रैना, पार्षद अनीता प्रधान, वेद प्रकाश शर्मा, पूर्व राज्य मंत्री उषा रावत, पार्षद कमलेश जैन, पंकज शर्मा जिला मंत्री भाजपा, राजपाल ठाकुर, सुनील उनियाल, मदन कोठारी, प्रिया ढकाल, रणवीर सिंह, रोमा सहगल, गौरव केन्थुला, सुनैना, राजेन्द्र सिंह, रवि सिंह आदि मौजूद रहे।

किसी भी कार्य के लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगाः प्रेमचंद अग्रवाल

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने रायवाला के अंतर्गत शिवम एनक्लेव कॉलोनी में 1 करोड़ 79 लाख 44 हजार रुपए की लागत से निर्मित 3.5 किलोमीटर मोटर मार्ग का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा है कि ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में मोटर मार्गो का जाल बिछ रहा है।

शिलान्यास समारोह के अवसर पर स्पीकर ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के सभी क्षेत्रों में पर्याप्त रूप से मोटर मार्गो का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा है कि विद्युत विभाग के माध्यम से क्षेत्र में सैकड़ों किलोमीटर बंचिंग केवल का कार्य किया गया जबकि अनेक नए विद्युत पोल लगवाए गए।

उन्होंने कहा कि 18 करोड़ रुपए की लागत से रायवाला क्षेत्र में शुद्ध पेयजल आपूर्ति की योजना संचालित हो रही है जिससे समस्त क्षेत्रवासी लाभान्वित होंगे। कहा कि किसी भी कार्य के लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा।उन्होंने कहा है कि क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता के लिए हर व्यक्ति सजग प्रहरी की भूमिका का निर्वहन करें। कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम में डोईवाला के ब्लाक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के कार्यों की प्रशंसा की। मौके पर लोनिवि के अधिशाषी अभियंता विपुल कुमार सैनी, विद्युत विभाग के उप खंडीय अधिकारी राजीव कुमार कमलेश पंथ, अपर सहायक अभियंता लक्ष्मीकांत गुप्ता, जिला महामंत्री भाजपा सुदेश कंडवाल, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, रायवाला प्रधान सागर गिरी, क्षेत्र पंचायत सदस्य निकिता चैहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य बबीता रावत, मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, सतपाल सैनी आदि उपस्थित रहे।

दुर्घटना में पीड़ित बागड़ियों की सीएम त्रिवेंद्र ने की आर्थिक मदद

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दिनांक 22 अक्टूबर को ऋषिकेश में हुई दुर्घटना में मृतक आश्रित को एक-एक लाख रूपये और घायल को 50 हजार रूपये की सहायता स्वीकृत की है।
गौरतलब है कि ऋषिकेश स्थित देहरादून मार्ग पर बालाजी बगीचे के पास बागड़ियों के डेरे में ट्रक घुस गया था जिस कारण तीन लोगों की मृत्यु हो गयी थी और एक गंभीर रूप से घायल हो गया था।

राफ्ट और क्याक के जरिए पुलिस ने गंगा में की महिला की तलाश

करवाचैथ की शाम को पति के साथ सांई घाट पर पूजा करने के दौरान गंगा में लापता महिला की खोज आज पूरे दिनभर चली। मगर, कहीं भी महिला का पता नहीं चल पाया। जल पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने राफ्ट और क्याक की सहायता से गंगा में रेस्क्यू चलाया।

बीते रोज करवाचैथ के दिन शाम करीब साढ़े सात बजे करीब शांतिनगर जैन मंदिर के समीप रहने वाली महिला ओमवती उर्फ बाॅबी अपने पति के साथ सांई घाट पूजा की थाल लेकर पहुंची। गंगा में पूजा करने के दौरान महिला का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गई। एकाएक महिला गंगा की धारा में बह गई। यह देख आसपास लोगों में हड़कंप मच गया। आज पूरे दिन जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने राफ्ट और क्याक के जरिए गंगा में अभियान चलाया। मगर, सफलता नहीं मिल सकी। जल पुलिस की ओर से विनोद सेमवाल और एसडीआरएफ की ओर से सचिन, राकेश, संजीव, द्वारका प्रसाद आदि मौजूद रहे।