करवा चौथ पर चांद का दीदार कर महिलाओं ने खोला व्रत

जो तुमको हो पसंद, वही बात करेंगे
तुम दिन को अगर रात कहो, रात कहेंगे
जो तुमको …

चाहेंगे, निभाएंगे, सराहेंगे आप ही को
आँखों में दम है जब तक, देखेंगे आप ही को
अपनी जुबान से आपके जजबात कहेंगे
तुम दिन को अगर रात कहो, रात कहेंगे
जो तुमको हो पसंद …

कदाचित् इस गीत की पंक्ति आज हर सुहागिनी महिला को अपने पति की ओर से सुनने को मिली होगी। करवा चौथ की सांझ को सुहागिनियों ने चांद का दीदार कर पति की दीर्घायु और सर्व गुण संपन्न होने की कामना की। तो वहीं, पतियों ने भी उन्हें हर समय साथ रहने और प्रत्येक परिस्थिति में साथ निभाने का वायदा किया। आज तीर्थनगरी के बाजारों में सिर्फ जोड़े ही देखने को मिले। एक साथ तीर्थनगरी के बाजारों में सुहागिनी महिलाओं को यूं सजा संवरा देख कर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानों देवी और देवता एक साथ आ पहुंचे। इस मौके पर फोटोग्राफरों की भी धूम रहीं। ग्रुप फोटों खींच कर देकर उन्होंने भी चांदी बटोरी।

कोरोना काल पर सुहागिनियों की जीत हुई। तीर्थनगरी में वही जज्बे, उत्साह और उत्सव की भांति करवा चौथ का पर्व मनाया गया। सुबह से ही महिलाओं ने स्नान आदि कर निर्जल व्रत धारण किया। दोपहर बाद सामूहिक रूप से करवा चौथ की कथा, पार्वती माता, चैथ माता की कथा का श्रवण किया।

शाम ढलते ही सुहागिनियों ने दुल्हन की भांति तैयार और उनके पतियों ने दुल्हे की तरह परिधान पहने। इसके बाद गंगा तट पर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। यहां सामूहिक रूप से ग्रुप फोटो खिंचवाई। इसके बाद चांद आने पर छलनी की मदद से पति का चेहरा देखा। इसके बाद पतियों ने अपनी पत्नियों को जल पिलाकर व्रत खुलवाया। इसके बाद पूर्ण रूप से व्रत खोला गया। व्रती महिलाओं ने पति सहित परिवार के सभी बड़े लोगों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। साथ ही चांद से पति की लंबी उम्र की कामना भी की।

कोविड के दौरान आयुष और होम्योपेथी की ओर लोगों का रूझान बढ़ा हैः त्रिवेंद्र सिंह

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री आवास में कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के साथ वन, सेवायोजन एवं कौशल विकास, श्रम तथा आयुष विभाग की समीक्षा की।
वन विभाग- वन विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि उत्तराखण्ड के वन्यजीव संरक्षित क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बुकिंग के लिए सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया जाय। ऑनलाईन बुकिंग के लिए एप्प विकसित किया जाए। लकड़ी एवं आरबीएम के लिए लोगों को एप्लाई करने के बाद निश्चित समयावधि में अनुमति मिल जाय, इसके लिए लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। लोगों के हक-हकूकों का पूरा ध्यान रखा जाय। इसको सेवा के अधिकार के तहत सम्मिलित किया जाय। व्यावसाईयों के लिए जो रवन्ने जारी हो रहे हैं, उनकी चेक पोस्ट पर नियमित चेकिंग की जाए।
कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि कार्बेट टाइगर रिजर्व के अन्तर्गत ढेला ‘रेस्क्यू सेन्टर’ एवं पाखरो ‘टाइगर सफारी’ की स्थापना का कार्य प्रगति पर है, गर्जिया टूरिज्म जोन की स्थापना की जा रही है। धनगढ़ी म्यूजियम का उच्चीकरण किया जा रहा है।
आयुष विभाग- आयुष विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने निर्देश दिये कि आयुष विभाग द्वारा लोगों को योग, प्रणायाम डाइट चार्ट एवं आयुष से संबधित विभिन्न गतिविधियों के बारे में विभिन्न माध्यमों से जागरूक किया जाय। कोविड के दौरान आयुष और होम्योपेथी की ओर लोगों का रूझान बढ़ा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रयास किये जाय कि अधिकांश जगह पर लोगों को आयुष, होम्योपैथी एवं ऐलोपैथिक सुविधाएं मिल जाये। जिन जनपदों में आयुष विभाग का अपना भवन नहीं हैं, जिलाधिकारियों के माध्यम से लंबे समय से खाली सरकारी भवनों या स्कूलों में व्यवस्था की जाय। चरक डांडा में अन्तरराष्ट्रीय शोध संस्थान के लिए जल्द डीपीआर बनाई जाय।
आयुष मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि कोविड के दौरान आयुष विभाग द्वारा 02 लाख से अधिक काढ़ा के रूप में सुरक्षा किट वितरित की गई। आयुष विभाग द्वारा प्री कोविड और पोस्ट कोविड किट तैयार की गई है।
सेवायोजन एवं कौशल विकास- सेवायोजन एवं कौशल विकास की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन 25 आईटीआई को अपग्रेड किया जा रहा है। उनमें प्रशिक्षण की बेहतर व्यवस्था के साथ ही प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थियों के प्रतिभा प्रदर्शन एवं प्रोत्साहित करने के लिए प्रोडक्शन एवं मार्केटिंग की व्यवस्था भी की जाय।
श्रम विभाग- श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि वर्ष 2017 में उत्तराखण्ड दुकान और स्थापन अधिनियम में संशोधन किया गया जिसके अंतर्गत दस से कम कर्मकार नियोजित करने वाले दुकानों एवं स्थापनां को पंजीयन की आवश्यकता नहीं रह गई है। पंजीयन एक बार किया जायेगा। नवीनीकरण की आवश्यकता को समाप्त कर दिया गया है।

युवा कांग्रेस ने धरना देकर उत्तराखंड सरकार से पूछे कई सवाल

युवा कांग्रेस के विस अध्यक्ष अमरजीत धीमान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरते हुए पूछता है उत्तराखंड के तहत एक दिवसीय धरना दिया। धीमान ने कहा कि सरकार रोजगार देने में विफल रही है। ऋषिकेश में व्याप्त संसाधन व भूमि होने के बावजूद यहां रोजगार नहीं दिया जा रहा है, मजबूरन यहां के युवा दूसरे शहर का रूख कर रहे है। साथ ही यहां क्वारंटीन सेंटर की हालत खस्ता है।
युकां प्रदेश अध्यक्ष सुमित भुल्लर ने कहा कि युवा नशे में डूब रहे हैं और रोजगार न होने के चलते आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहे है। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र नेगी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता सरकार से पूछती है कि महिलाओं के विकास के लिए उन्होंने क्या किया। बेरोजगारी हटाने के लिए क्या है। पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि किसानों की समस्या कर्ज है, मगर सरकार ने इस पर कोई फैसला नहीं किया। मौके पर एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एनएसयूआई विवेक तिवाड़ी, संजय गुप्ता, मनीष शर्मा, राकेश सिंह मियां, देवेंद्र प्रजापति, जगत नेगी, एकांत गोयल, दीपक जाटव, संदीप चमोली, जितेंद्र पाल पाठी, सन्नी प्रजापति, राहुल पांडेय, अभिषेक पारस, कृष्णा राजभर आदि उपस्थित रहे।

कांग्रेस प्रदेशभर में धरना देकर कर रही नौटंकी, अपना इतिहास देखेंः विपिन कैंथोला

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बिपिन कैंथोला ने कहा कि कांग्रेस का आज का प्रदेश भर में किया जा रहा प्रदर्शन महज एक धोखा और छलावा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस देश में सीधेतौर पर 55 साल तक राज किया। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए 55 सालों में कांग्रेस ने दलितों को केवल वोट बैंक के रूप में देखा और उनका उपयोग किया।
कैंथोला ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में दलितों के उत्थान के लिए कोई नीति नहीं बनाई। नतीजा यह रहा कि दलित समाज हमेशा पिछड़ता चला गया। उनके उत्थान के लिए जो काम किए जाने चाहिए थे। कांग्रेस ने उनके उत्थान की योजनाएं बनाने के बजाय दलितों की हमेशा उपेक्षा की।
बिपिन कैंथोला ने कहा कि जो पार्टी अपने दल में ही दलितों को उचित स्थान नहीं देती हो। वह आज पूरे प्रदेश में दलितों के समर्थन में प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से छलावा करती आई और यही वजह है कि कांग्रेस को इस तरह के प्रदर्शनों का नैतिक अधिकार नहीं हैं।

सांई घाट पर पूजा करने पहुंची महिला गंगा की तेज धारा में बही

करवा चौथ पर तीर्थनगरी से बुरी खबर है। यहां के खतरनाक गंगा घाटों में से एक सांई घाट में करवा चौथ की पूजा करने पहुंची एक व्रती महिला डूब गई।
दरअसल शाम करीब साढ़े सात बजे करीब शांतिनगर जैन मंदिर के समीप रहने वाली महिला बाॅबी अपने पति के साथ सांई घाट पूजा की थाल लेकर पहुंची। गंगा में पति की दीर्घायु और मां के आशीर्वाद हेतु महिला अर्चना कर ही रही थी। तभी महिला का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गई। एकाएक महिला गंगा की धारा में बह गई। यह देख आसपास लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस सूचना पाकर पहुंची मगर, महिला का कुछ पता नहीं चल सका। चैकी इंचार्ज त्रिवेणी घाट उत्तम सिंह रमोला ने बताया कि सांई घाट पर आई महिला का अभी कुछ पता नहीं चल सका है।

स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए नगर निगम ऋषिकेश ने उतारा स्वच्छता रथ

वर्ष 2021 के स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आने के लिए नगर निगम ने तैयार हो गया है। मेयर अनिता ममगाईं ने स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाई। निगम के इन विशेष वाहन की ओर से ऋषिकेश वासियों को सूखा और गीला कूड़े को अलग-अलग एकत्र कर स्वच्छता वाहनों में डालने की अपील की है।

नगर निगम ऋषिकेश, यूएनडीपी एवं एचडीएफसी बैंक के संयुक्त तत्वाधान में आकांक्षा संस्था द्वारा संचालित सूखा कचरा प्रसंस्करण परियोजना के अंतर्गत घरों से कचरा पृथक लेने के लिए जागरूकता की जाएगी। मेयर अनिता ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आने के लिए मुकाबला कड़ा होना है। जिसके लिए नगर निगम ने शहर के लोगों को जागरूक करने के लिए स्वच्छता रथ उतारा है। जो शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता रैंकिंग में नंबर वन बनने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं निगम प्रशासन द्वारा शहर के सभी वार्डों में 50 हजार डस्टबिन बांटने का कार्य चल रहा है जल्दी ही यह कार्य पूर्ण हो जाएगा।

नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने बताया स्वच्छता रथ के जरिए शहरवासियों को कचरा-प्रबंधन के लिए भी जागरूक किया जायेगा। जहां कही कमी है उसे दुरुस्त किया जा रहा है। सफाई व्यवस्था पर नगर निगम का विशेष फोकस है।

मौके पर यूएनडीपी परियोजना अधिकारी विद्या भूषण सिंह, सहायक नगर आयुक्त एलम दास, विनोद लाल, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, सचिन रावत, अभिषेक मल्होत्रा, प्रशान्त कुकरेती, संतोष गुसाई, प्रेम माथुर, मेहंदी जैदी, वाशुतोष, मीनाक्षी, संजय वर्मा, सुजीत यादव आदि मौजूद रहे।

मेहंदी है रचने वाली, हाथों में गहरी लाली… महिलाओं ने रचाई करवाचैथ की पूर्व संध्या को मेहंदी

मेहँदी है रचनेवाली, हाथों में गहरी लाली कहें सखियाँ अब कलियाँ हाथों में खिलने वाली हैं, तेरे मन को जीवन को नई खुशियाँ मिलने वाली हैं…। यह गीत आज तीर्थनगरी के बाजारों में देखने के बाद हर किसी को याद आएगा।

जी हां, करवाचैथ से ठीक एक दिन पहले तीर्थनगरी के बाजारों में भारी भरकम भीड़ देखने को मिली। हर सुहागिनी महिलाएं आज के दिन बाजार पहुंची और अपने-अपने साजन के नाम की मेहंदी हाथों पर रचाई। बाजार का आलम ऐसा था कि हर दुकान के बाहर मेहंदी लगाने वाले बैठे हुए थे। यही हाल काॅस्मेटिक की दुकानों का भी रहा। बिंदिया, चूड़ियां के अलावा श्रृंगार का सामान खरीदने के लिए महिलाओं की भीड़ बाजार में उमड़ी रही।

मेहंदी लगाने वाले शिवा कुमार ने बताया कि महिलाओं के लिए करवाचैथ का दिन बहुत खास होता है। इस दिन का उन्हें सालभर से इंतजार रहता है, इस दिन के लिए वह ठीक उसी तरह तैयार व सजती एवं संवरती है, जैसे शादी के वक्त का माहौल होता है। तीर्थनगरी के तिलक रोड, घाट मार्ग, झंडा बाजार, श्री भरत मंदिर मार्ग, लाजपतराय मार्ग, हरिद्वार मार्ग, देहरादून मार्ग, रेलवे रोड, सहित तमाम छोटे व बड़े बजारों में आज महिलाओं की ही धूम रही।

नीरजा देवभूमि ट्रस्ट ने 76 वर्षीय दिव्यांग को उपलब्ध कराई व्हीलचेयर

अब दिव्यांग धन बहादुर को दैनिक दिनचर्या में दिक्कत नहीं आएगी। नीरजा देवभूमि चेरिटेबल ट्रस्ट ने दिव्यांग धन बहादुर को व्हीलचेयर भेंट की। आईडीपीएल निवासी धन बहादुर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण व्हीलचेयर खरीद पाने में असमर्थ थे, इस बात की जानकारी स्थानीय निवासी अमित जायसवाल ने ट्रस्ट की संस्थापक व पैरा ओलंपिक खिलाड़ी नीरजा गोयल को दी। नीरजा ने दिव्यांग धन बहादुर से मुलाकात कर वास्तविक हालात जाने।

धन बहादुर ने नीरजा गोयल को बताया कि उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था इस कारण उन्हें व्हीलचेयर की जरूरत थी मगर आर्थिक स्थिति ठीक ना होने के कारण वह व्हीलचेयर खरीद पाने में असमर्थ थे इसके चलते वह दैनिक कार्य भी नहीं कर पा रहे थे । इसके बाद आज 02 नवम्बर 2020 को ट्रस्ट ने धन बहादुर को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई है। मौके पर ट्रस्ट की सह संस्थापक नूपुर गोयल भी मौजूद रही।

ऋषिकेश में एमडीडीए के निशाने पर 360 अवैध निर्माण, जल्द होगी कार्रवाई

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण यानी एमडीडीए तीर्थनगरी के करीब 360 अवैध निर्माणों पर दीपावली बाद कार्रवाई करेगा। प्राधिकरण इन 360 अवैध निर्माणों को नोटिस भेज रहा है। हाईकोर्ट में अनिल कुमार गुप्ता की याचिका पर अगस्त 2018 में न्यायालय ने सभी विभागों को अपनी संपत्ति से अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए थे। दो वर्ष बीतने के बाद भी सभी विभागों ने इस पर पूरी तरह से कार्यवाही नहीं की थी जिस पर याचिकाकर्ता ने संबंधित विभागों को न्यायालय की अवमानना संबंधी कार्यवाही की चेतावनी दी थी।

लिहाजा, एमडीडीए के द्वारा होने वाली कार्रवाई भी अभी तक लंबित थी। प्राधिकरण ने अब तक 360 अवैध निर्माण चिह्नित किया है, इसमें 50 मामले ऐसे हैं, जिनमें घरेलू उपयोग के लिए भवन का नक्शा पास किया गया था, लेकिन इनका व्यवसायिक प्रयोग हो रहा है। इस पर दीपावली के बाद कार्यवाही होगी।

राज्य सरकार माफिया तंत्र से मुक्ति के लिए संकल्पबद्धः सीएम

हमें भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने की जरूरत है। माफिया तंत्रों जो अवैध रूप से प्रदेश के अन्दर घुसने का प्रयास करते हैं, चाहे नशा माफिया हो, खनन माफिया हो, वन माफिया हो इनके खिलाफ एक होकर हमें लड़ना है। राज्य सरकार माफिया तंत्र से मुक्ति के लिए संकल्पबद्ध है। सरदार बल्लभ भाई पटेल का जीवन हमें प्रेरणा और बल देगा। यह बात मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पुलिस लाईन में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रैति परेड में प्रतिभाग के दौरान कही।

उन्होंने परेड का निरीक्षण किया व राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने पोखरी थाना को सर्वश्रेष्ठ थाना चयनित होने पर ट्रॉफी एवं एक लाख रूपये का चेक देकर सम्मानित किया। पुलिस के अधिकारियों को अग्निशमन के क्षेत्र में विशिष्ट पदक तथा सेवा पदक, उत्कृष्ट विवेचना एवं उत्कृष्ट अनावरण के पदकों से सम्मानित किया।

उन्होंने कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल ने देश की आजादी के लिए लंबा संघर्ष किया। आजादी के बाद उन्होंने मजबूत इच्छा शक्ति से देश की रियासतों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। किसी भी देश, राज्य एवं बल की मजबूती के लिए एकता होना सबसे जरूरी है। समाज की शक्ति एकता से ही बढ़ती है। सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने समाज के हर वर्ग के समान विकास के लिए प्रयास किये। उन्होंने प्रशासनिक तंत्र और पुलिस को मजबूती देने का कार्य किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से सरदार वल्लभ भाई पटेल के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का सपना साकार हो रहा है।

इस अवसर पर सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल, पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी, विधायक हरबंस कपूर, गणेश जोशी, खजान दास, मुन्ना सिंह चैहान, मेयर सुनील उनियाल गामा, नरेश बंसल, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव गृह नितेश झा, पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।