धामी का व्यंग-हरीश रावत को कांग्रेस नहीं लेती सीरियस तो दूसरे क्यों लेंगे

उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सक्रियता के सवाल को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आप उत्तराखंड के लिए ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए खतरा है। वह ऐसी पार्टी है जो सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगती है और सेना पर सवाल उठाती है, ऐसी पार्टी पर ज्यादा कुछ नहीं बोला जा सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर धामी ने कहा कि उनकी पार्टी खुद उन्हें हल्के में लेती है तो और व्यक्ति उनके बयानों को क्यों महत्व देगा? कांग्रेस पार्टी पहले खुद सीएम का चेहरा तय करे। तभी दूसरों के बारे में बात करें।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा बड़ी पार्टी है। इसमें दावेदारों की संख्या भी ज्यादा है लेकिन मारामारी जैसी कोई स्थिति नहीं है। रायशुमारी पूरी हो चुकी है। अब पार्लियामेंट्री बोर्ड प्रत्याशियों की घोषणा करेगा।

राजनीति में अपराधी प्रवृति के लोगों को रोकने के लिए चुनाव आयोग की गाइडलाइन जारी

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के लिए 14 फरवरी को मतदान होना है, जिसके लिए 21 जनवरी को अधिसूचना जारी की जाएगी। इस बीच चुनाव आयोग ने राजनीति में बढ़ते अपराधीकरण से निपटने के लिए खास इंतजाम किए हैं। जिसके तहत अब दागी उम्मीदवारों को टिकट देने वाली पार्टियों को जानकारी देनी होगी कि उसे उम्मीदवार बनाने के पीछे की क्या मजबूरी थी। चुनाव आयोग की इस गाइडलाइन को लेकर उत्तराखंड की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने आज जानकारी दी।
राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने प्रत्याशियों के साथ-साथ राजनीतिक पार्टियों के लिए भी उम्मीदवार के आपराधिक इतिहास को सार्वजनिक करने को लेकर दिशा-निर्देश जारी किया है। इस बार राजनीतिक दलों को आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों की जानकारी अखबार, टीवी चौनल्स के माध्यम से विज्ञापन देकर सार्वजनिक करनी होगी। साथ ही दागी कैंडिडेट को भी पर्चा वापस लेने की अंतिम तारीख से मतदान के दो दिन पहले तक आपराधिक रिकॉर्ड का ब्योरा अखबारों और टीवी चैनलों के माध्यम से मतदाताओं के सामने रखना होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उम्मीदवारों को कैंपेन पीरियड के दौरान स्थानीय समाचार पत्रों और राष्ट्रीय समाचार पत्रों में तीन बार अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े विवरण का व्यापक प्रचार प्रसार करना होगा। साथ ही राजनीतिक दलों को अपनी वेबसाइट पर प्रत्याशियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी साझा करनी होगी। इसके अलावा उत्तराखंड की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने बताया कि राजनीतिक दलों के लिए यह अनिवार्य है कि वे उम्मीदवारों के रूप में चुने गए लंबित आपराधिक मामलों वाले व्यक्तियों के बारे में विस्तृत जानकारी अपनी वेबसाइट पर अपलोड करें. साथ ही पार्टियों को उम्मीदवार का चयन करने के लिए एक कारण भी देना होगा।

उम्मीदवार को इन दिनों का रखना होगा विशेष ध्यान
उम्मीदवार के आपराधिक विवरण का पहली बार प्रकाशन नाम वापसी की अंतिम तारीख के पहले चार दिनों के भीतर करवाना होगा। दूसरी बार इसका प्रकाशन नाम वापसी की अंतिम तारीख के पांचवें से आठवें दिन के अंदर करवाना होगा। तीसरे और अंतिम बार इसका प्रकाशन नाम वापसी के नौवें दिन से चुनाव प्रचार के अंतिम दिन के बीच करवाना होगा। निर्विरोध रूप से जीतने वाले प्रत्याशी और उनकी पार्टी का भी कोई आपराधिक इतिहास रहा हो तो इससे जुड़ी जानकारी प्रकाशित करवानी होगी।

विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति को विशिष्ट पहचान दिलाई

आज स्वामी विवेकानंद की जयंती पर अभाविप के द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य राजेंद्र पांडे के द्वारा स्वामी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के आदर्श रहे हैं क्योंकि उन्होंने भारत के वेदों साहित्य और हिंदू धर्म का बहुत गहन अध्ययन कर उसका प्रचार प्रसार विदेशों तक किया। भारतवर्ष की महानता को संपूर्ण विश्व में प्रकाशित किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष एबीवीपी प्रवीन रावत ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को उठो जागो और तब तक लक्ष्य ना मिल जाए तब तक कर्म करते रहो सफलता अवश्य मिलेगी की प्रेरणा दी। साथ ही स्वामी विवेकानंद बहुत अल्प समय में संपूर्ण विश्व में भारतवर्ष को वह पहचान दिला गए जो आज तक भी धूमिल नहीं पड़ी है।
इस अवसर पर प्रांत मंत्री काजल थापा ने कहा कि इस तरह की गोष्ठियों के द्वारा महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाता है और एक उत्कृष्ट समाज के निर्माण में भी सहायता मिलती है।
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एवं जिला प्रमुख विवेक शर्मा ने कहा कि हम जल्द ही एक ऐसी मुहिम चलाएंगे जिससे प्रत्येक युवा को स्वामी विवेकानंद जी के विचारों से रूबरू कराया जाएगा क्योंकि हमारा युवा विवेकानंद के विचारों को सबसे ज्यादा पसंद करता है जिसके लिए संगठन को कार्य करना होगा। इस अवसर पर विभाग प्रमुख अमित गांधी, विनोद चौहान प्रांत खेल प्रमुख, प्राची सेमवाल, वीरेंद्र चौबे, अंकुर अग्रवाल सहित एबीवीपी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देहरादून जिले में सबसे अधिक 1224 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले

उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में 3005 नए संक्रमित मिले हैं। वहीं दो कोरोना मरीजों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में 977 मरीज स्वस्थ हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक गुरुवार को 13 जिलों में 3005 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। अब तक कुल 7435 मरीजों की मौतें हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 977 मरीज स्वस्थ हुए हैं। इन्हें मिलाकर 335677 मरीजों ने संक्रमण को मात दी है। संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वालों की संख्या घटने से सक्रिय मामले बढ़ गए हैं। वर्तमान में 9936 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। प्रदेश की रिकवरी दर 93.19 प्रतिशत और सैंपल जांच के आधार पर संक्रमण दर 10.91 प्रतिशत पहुंच गई है।
देहरादून जिले में 1224 संक्रमित मिले हैं। नैनीताल में 431, हरिद्वार में 426, ऊधमसिंह नगर में 399, चंपावत में 35, पौड़ी में 106, अल्मोड़ा में 103, टिहरी में 47, पिथौरागढ़ में 44, बागेश्वर में 59, चमोली में 71, रुद्रप्रयाग में 20, उत्तरकाशी जिले में 40 संक्रमित मिले हैं।

दून अस्पताल में 35 मरीज भर्ती, 370 को लगी वैक्सीन
राजधानी के दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गुरुवार को ओपीडी में 700 से अधिक मरीज देखे गए। अस्पताल में कोरोना ग्रसित 35 मरीज भर्ती हैं। पिछले 24 घंटे में 11 मरीज भर्ती हुए हैं। अस्पताल के एमएस आवास में कोविशील्ड की 250 और कोवाक्सीन की 120 डोज लगाई गई। गुरुवार को लैब बंद होने के चलते सैंपलिंग नहीं हुई। नोडल अधिकारी डॉ. अनुराग अग्रवाल ने बताया कि जिन भी मरीजों को कोई भी लक्षण नहीं है, उनको कोविड-19 टेस्ट कराने की आवश्यकता नहीं है।
60 वर्ष अधिक तथा हाई रिस्क मरीज जैसे डायबिटिक इत्यादि बीमारी वाले मरीजों को कोविड-19 टेस्ट कराना चाहिए। जिन भी कोविड-19 से ग्रसित मरीजों को हल्के लक्षण हैं, उनका होम आइसोलेशन समय सात दिन का है। प्राचार्य डा. आशुतोष सयाना ने निर्देशित किया है कि ओपीडी, आईपीडी, टीकाकरण, सैंपलिंग आदि में मरीजों को किसी तरह की दिक्कत न आए। इसके लिए सभी एचओडी को निर्देशित किया गया है।

तीर्थनगरी में 81 लोग संक्रमित
वहीं, गुरुवार को तीर्थनगरी ऋषिकेश में 10 पर्यटकों समेत 81 लोग संक्रमित पाए गए हैं। मुनिकीरेती घूमने आए संक्रमित पर्यटक वापस लौट चुके हैं।
मुनिकीरेती क्षेत्र के कोविड नोडल अधिकारी डा. जगदीश जोशी ने बताया कि एक दिन पहले बुधवार को 104 लोगों का आरटीपीसीआर कराया था। इसकी रिपोर्ट गुरुवार को आयी है, इनमें 27 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। संक्रमितों में 10 पर्यटक हैं, जो वापस जा चुके हैं। उन्हें ट्रेस करने का प्रयास चल रहा है। वहीं, सरकारी अस्पताल में एक दिन पहले 143 लोगों ने आरटीपीसीआर कराया था। सैंपल एम्स ऋषिकेश भेजे गए थे, इसकी रिपोर्ट गुरुवार को मिली है। इनमें कोरोना के 44 नए मामले आए हैं। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक एसएस यादव ने बताया कि गुरुवार को अस्पताल में 79 लोगों ने एंटीजन रेपिड टेस्ट कराया था, इसमें 10 की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। बताया कि सभी को होमआईसोलेट किया जा रहा है।

झाड़ू इस बार उत्तराखंड से कांग्रेस-भाजपा का सफाया करेगी-सिसोदिया

टिहरी दौरे से लौटे दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का हरिपुर कलां स्थित एक निजी होटल पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ऋषिकेश विधानसभा प्रत्याशी राजे सिंह नेगी के नेतृत्व में जोरदार स्वागत व अभिनंदन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मंत्र देते हुए दिल्ली के डिप्टी सीएम सिसोदिया ने कहा कि कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक आम आदमी पार्टी के पक्ष में चुनावी माहौल पूरी तरह से गर्म है। भाजपा और कांग्रेस को प्रदेश विरोधी बताते हुए उन्होंने कहा कि जनता इस बार झाड़ू उठाकर इन दोनों दलों का सूपड़ा साफ करने का मन बना चुकी है। सिसोदिया ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस दोनों ने उत्तराखंड में शासन किया लेकिन कोई भी सरकार एक भी बेहतर स्कूल नहीं खोल पाई है। उत्तराखंड में जनता आप को चुनती है तो 300 यूनिट बिजली फ्री देने, महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह और रोजगार नहीं मिलने तक युवाओं को 5000 रुपये बेरोजगारी भत्ता, 1 लाख लोगों को रोजगार और उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली में ईमानदारी से राजनीति कर दिल्ली को घाटे से उबारा है और लोगों को फ्री बिजली, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर दिए हैं। उसी तरह उत्तराखंड को भी उबारा जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश सह प्रभारी विधायक प्रवीण कुमार देशमुख, राजीव चौधरी भी उपस्थित थे। स्वागत करने वालो में ऋषिकेश संगठन मंत्री दिनेश असवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष संदीप शर्मा, दिनेश कुलियाल, चन्द्र मोहन भट्ट,साहिल,प्रभात झा आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कनक धनाई ने विजेताओं को सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया

उत्तराखंड जन एकता पार्टी के नेता कनक धनाई द्वारा पॉवर लिफ्टिंग, बॉडी बिल्डिंग और मिस्टर व मिसेज नार्थ इंडिया प्रतियोगिताओं के विजेताओं को देहरादून रोड स्थित उजपा कार्यालय में सम्मानित किया गया।
बता दें कि बीते दिनों में श्री भरत मंदिर परिसर में पावर लिफ्टिंग, बॉडी बिल्डिंग और मिस्टर व मिस नार्थ इंडिया की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थी, जिसमें उक्त विजेताओं ने खिताब अपने नाम किये थे। इसी परिपेक्ष्य में उजपा ऋषिकेश द्वारा इन खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में पॉवर लिफ्टिंग के विजेता परमवीर सिंह, शिवम कोहली, पॉवर लिफ्टिंग और बॉडी बिल्डिंग के विजेता सार्थक थपलियाल, पूजा भट्ट, पूजा पयाल, बॉडी बिल्डिंग के विजेता विशाल मौर्य को उजपा की ओर से सम्मानित किया गया जिसमें से सार्थक थपलियाल और पूजा भट्ट को मिस्टर एवं मिसेज नार्थ इंडिया का खिताब मिला था।
इस मौके पर मेंटर प्रवीण सिंह सजवाण पॉवर लिफ्टिंग एवं बॉडी बिल्डिंग, शिवम बिड़ला बॉडी बिल्डिंग, अर्जुन गुलाटी पॉवर लिफ्टिंग समेत उजपा के कार्यकर्ता एवम पदाधिकारी मौजूद रहे।

टिहरी पुलिस ने चुनाव में सुरक्षा के इंतजाम किए पुख्ता

टिहरी जनपद की पुलिस ने चुनाव को लेकर सुरक्षा समेत तमाम तैयारियों को पूरा कर लिया है। जिले और थाना क्षेत्रों के नाकों पर चेकिंग से लेकर सुरक्षा से जुड़े सभी व्यवस्थाओं को मुकम्मल करने के लिए दो कंपनी बीएसएफ भी जिले में पहुंच चुकी हैं। जिनमें से एक कंपनी की तैनाती मुनिकीरेती क्षेत्र जबकि दूसरी कंपनी को जनपद के अन्य इलाकों में ड्यूटी पर लगाया गया है।
बता दें कि क्षेत्र में बीएसएफ की कंपनियां पहुंचने पर एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बीएसएफ समेत पुलिस कर्मियों को मुनी की रेती में ब्रीफ किया। इस दौरान उन्हें ड्यूटी समेत अन्य व्यवस्थाओं से अवगत कराया। खासकर एसएसपी ने सुरक्षाकर्मियों को स्थानीय लोगों के साथ व्यवहार मधुर रखने के निर्देश दिए। लाइसेंस धारी शस्त्र धारकों को चेताया कि 2 दिन के भीतर वह संबंधित थाना क्षेत्रों में अपने असला जमा करा दें। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने संबंधित व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति करने की बात भी कही है। मौके पर एसएसपी ने बीएसएफ के जवानों से सुझाव भी मांगे।
मीडिया से बातचीत करते हुए एसएसपी ने बताया कि जनपद में चुनाव की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस अपनी नजर बनाए हैं। असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी पुलिस अभियान चला रही है। चुनाव प्रभावित न हो इसके लिए पूरे जनपद के हिस्ट्रीशीटर को भी तलब कर सख्त हिदायत दे दी गई है। फिलहाल दो हिस्ट्रीशीटर जनपद से फरार चल रहे हैं। जिन्हें जल्द पकड़ने का दावा भी एसएसपी ने किया है। बताया उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे कोरोना के संक्रमण को देखते हुए चुनाव सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना पुलिस के लिए चुनौती है। इस चुनौती को आमजन के सहयोग से कम किया जा सकता है। इसलिए वह नागरिकों से अपील करते हैं कि शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में पुलिस को अपना सहयोग दें। सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए मास्क पहने और सरकार के द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करें। बताया कि यदि उनकी अपील पर नागरिक ध्यान नहीं देते तो पुलिस को नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान और मुकदमा पंजीकृत करने के निर्देश दे दिए हैं।
इस दौरान बीएसएफ से असिस्टेंट कमांडर संदीप राजपूत, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार चमोली, इंस्पेक्टर रितेश शाह, प्रदीप पंत, सिद्धार्थ कुकरेती, इंस्पेक्टर रामकिशन बीएसएफ, सब इंस्पेक्टर राम कुमार, सब इंस्पेक्टर योगेश पांडे, विकास शुक्ला, सुनील पंत, पिंकी तोमर आदि मौजूद थे ।

मकर संक्रांति पर्व पर हरकीपौड़ी हुई सील

मकर संक्रांति पर्व पर प्रतिबंध लगाने के बाद गुरुवार रात से हर की पौड़ी को सील कर दिया गया। जिस कारण श्रद्धालु गंगा स्नान को हर की पौड़ी में न जा सके। रात को हर की पौड़ी जाने वाले सभी मार्गों पर बेरीकेडिंग लगा दी गई थी। हर की पौड़ी पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई है। हर की की पौड़ी व साथ लगते घाटों पर स्थानीय लोग भी स्नान नहीं कर सकेंगे।
गुरुवार को जिले की सीमाओं में चिड़ियापुर, लाहड़पुर, नारसन, गोकलपुर व वीरपुर के रास्ते हरिद्वार स्नान को आ रहे श्रद्धालुओं को वापिस भेज दिया गया। सीमा पर पुलिस बाहरी राज्यों से आने वाली गाड़ियों में सवार यात्रियों को आने का कारण पूछ रहे थे। जिन लोगों ने स्नान की बात कही उन्हें सीमा से ही लौटा दिया गया। हालांकि मकर संक्रांति की पूर्व संध्या में हर की पौड़ी पर गंगा आरती में हजारों लोग शामिल हुए।

मकर संक्रांति पर खिचड़ी भोज का आयोजन
जगजीतपुर फूटबॉल ग्राउंड के निकट स्थित श्री बालाजी धाम, श्री सिद्धबलि हनुमान मंदिर एवं श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के महंत दिगंबर आलोक गिरी के सानिध्य में मकर संक्रांति पर्व पर खिचड़ी भोज का आयोजन किया जा रहा है। महंत आलोक गिरी ने बताया कि सूर्य का मकर राशि में प्रवेश करना मकर-संक्रांति कहलाता है। संक्रांति के लगते ही सूर्य उत्तरायण हो जाता है। मान्यता है कि मकर-संक्रांति से सूर्य के उत्तरायण होने पर देवताओं का सूर्याेदय होता है और दैत्यों का सूर्यास्त होने पर उनकी रात्रि प्रारंभ हो जाती है।

निशंक के सक्रिय होने से भाजपा को मिल रहा बल, मैनेजमेंट के गुरु माने जाते है पूर्व सीएम

पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने आज देहरादून से हल्द्वानी में आयोजित वर्चुअल पत्रकार वार्ता संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के ‘अबकी बार 60 पार’ की अपील पर मुहर लगाने वाली है। मौसम खराब होने के कारण वहाँ नहीं पहुँच पाने पर खेद जताने के बाद उन्होने विश्वास जताया कि लोग भाजपा द्धारा राज्य बनाने के लिए किए संघर्ष और उनकी पार्टी की सरकारों के विकास कार्यों को नहीं भूले हैं और न ही कॉंग्रेस पार्टी की राज्य निर्माण विरोधी सोच और उनकी सरकारों के कुशासन को।
देहरादून में बलबीर रोड स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय से वर्चुअली पत्रकारों से मुखातिब होते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि राज्य निर्माण को लेकर भाजपा की भावना और प्रयास तभी से स्पष्ट नज़र आते हैं जब अविभाजित उत्तरप्रदेश के कार्यकाल में ही पार्टी ने उत्तरांचल को अलग प्रदेश संग़ठन का दर्जा दे दिया था। वहीं कॉंग्रेस को शर्म आनी चाहिए, जिन्होने हमेशा पृथक राज्य का विरोध किया। उत्तराखंड के सच्चे सपूत तो अटल जी थे जिन्होने राज्य की जनता के सम्मान में न केवल अलग राज्य की दशकों पुरानी मांग को पूरा किया साथ ही उसके विकास के लिए विशेष पैकेज भी दिया। कॉंग्रेस की सरकारों ने तो सूबे के लिए न कोई विकास का कार्य किया अपितु विशेष राज्य की सौगात को भी मनमोहन सरकार में तय अविधि से पहले ही वापिस ले लिया।
अपने मुख्यमंत्री काल के अनुभवों को याद करते हुए उन्होने कहा कि 100-200 करोड़ की योजनाओं के लिए भी उन्हे केंद्र की कॉंग्रेस सरकार के सामने गिड्गिड़ाना पड़ता था। वहीं आज मोदी सरकार ने 1 लाख करोड़ के कार्य राज्य में करवाए हैं, हाल में ही हल्द्वानी में लगभग 17.50 हज़ार करोड़ और देहरादून में 18.50 हज़ार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण इसकी एक बानगी है। वहीं हल्द्वानी के लिए ही 2000 करोड़ के विकास योजनाओं को स्वीकृति दी, इतनी स्वीकृति तो कॉंग्रेस की सरकारों ने समूचे राज्य के लिए भी कभी नहीं दी होगी। आज बड़ी बेशर्मी से सैनिक प्रेमी होने का स्वांग रच रहे हैं। वहीं दिवंगत जनरल रावत को सड़क का गुंडा कहने वाले, सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांगकर भारतीय सेना के शौर्य का अपमान करने वाले, कश्मीर में हमारे जवानों को बलात्कारी कहने वाले इनकी पार्टी में खुलेआम बड़े-बड़े पदों पर बैठे हैं।
पीएम मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की भाजपा सरकार द्धारा किए विकास कार्यों से राज्य अब उस मुकाम की और है जब वर्ष 2025 में राज्य रजत जयंती आते आते देश में उत्तराखंड का दशक होगा । केंद्र ने अटल आयुष्मान से देश में गरीबों के स्वास्थ्य की चिंता की तो प्रदेश सरकार ने उसे प्रत्येक राज्यवासी तक उसे पहुंचा दिया। चाहे उज्ज्वला से माँ बहनों को धुएँ से निजात दिलाने की बात हो या किसान सम्मान और श्रमिक कार्ड से प्रदेशवासियों का स्वाभिमान दिलाने की बात हो या फिर हर घर बिजली और हर नल पानी की बात हो ।विकास के सभी मोर्चों पर प्रदेश की भाजपा सरकार ने बेहतर कार्य किया है। उत्तराखंड की जनता देशभक्त है और वह नहीं भूल सकती कि उसके एक वोट से आज़ादी के समय से कश्मीर से धारा 370 हटाने की मांग पूरी हुई, एक वोट से पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक हुई, एक वोट से सैकड़ों वर्ष पुरानी राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़ी श्री राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की मांग पूरी हुई, एक वोट से तीन तलाक पर रोक लगी और मुस्लिम बहिनों को न्याय मिला । ऐसा और भी बहुत कुछ है जिससे साबित होता है मोदी जी ने और उनके मार्गदर्शन में चल रही प्रदेश की भाजपा सरकार ने जो कहा था वो किया है और अब जो कह रही है उसे भी अवश्य पूरा करेगी।
इस अवसर पर पूर्व सीएम निशंक के साथ प्रदेश कार्यालय से पार्टी प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार एवं राजेन्द्र भण्डारी, पुनीत मित्तल, कौस्तुभानन्द जोशी, अजीत नेगी आदि पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे ।

उत्तराखंड में एक्‍टिव केस पहुंचे आठ हजार पार

कोरोना संक्रमण के लिहाज से उत्तराखंड में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। आज बुधवार को यहां कोरोना की स्थिति विस्फोटक रही। राज्‍य में कोरोना संक्रमण के 2915 नए मामले मिले हैं। सक्रिय मामले 8018 पहुंच गए हैं। इधर, तीन मरीज की मौत भी हुई है। उत्‍तराखंड में कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर 8018 तक पहुंच गए हैं। इससे अस्पतालों पर भी दबाव बढ़ रहा है। देहरादून जनपद में कोरोना के सबसे अधिक 3412 सक्रिय मामले हैं। इसके अलावा हरिद्वार में 1389, नैनीताल में 1625 व ऊधमसिंह नगर में 502 कोरोना के सक्रिय मरीज हैं।

खानपुर विधायक और बेटा संक्रमित
रुड़की में कोरोना संक्रमण का कहर बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक आज 152 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। कोरोना संक्रमित मरीजों में खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चौंपिंयन, उनके पुत्र और सिविल अस्पताल रुड़की के रेडियोलॉजिस्ट भी शामिल हैं। इनके साथ मंगलौर कोतवाली व भगवानपुर थाने के कुछ पुलिस कर्मियों में कोरोना की पुष्टि हुई है।

कोटद्वार में कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की मौत
राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में भर्ती कोरोना संक्रमित एक बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। चिकित्सालय प्रशासन ने कोरोना गाइडलाइन के तहत बुजुर्ग का अंतिम संस्कार करवाया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बजुर्ग के संपर्क में आने वाले अन्य व्यक्तियों की भी कोरोना जांच करवाई जा रही है। वहीं, बुधवार को दुगड्डा ब्लाक के अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले 15 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।

जिलेवार मिले कोरोना संक्रमित
अल्मोड़ा————85
बागेश्वर————34
चमोली ———— 27
चम्पावत ————119
देहरादून ————1361
हरिद्वार————374
नैनीताल————424
पौड़ी गढ़वाल ——131
पिथोरागढ़————70
रुद्रप्रयाग————09
टिहरी गढ़वाल——-63
यू.एस. नगर————217
उत्तरकाशी————01

जिलों में सक्रिय कोरोना संक्रमितों की स्थिति
अल्मोड़ा————128
बागेश्वर————55
चमोली ————115
चम्पावत ————216
देहरादून ————3412
हरिद्वार————1389
नैनीताल————1625
पौड़ी गढ़वाल ————194
पिथोरागढ़ ————194
रुद्रप्रयाग ————42
टिहरी गढ़वाल———–109
यू.एस. नगर————504
उत्तरकाशी————17
कुल ————— 8018

71 पयर्टक समेत 141 लोगों को कोरोना
तीर्थनगरी ऋषिकेश में कोरोना की रफ्तार कम नहीं हो रही है। बुधवार को संक्रमण के रिकार्ड 141 नए मामले सामने आए हैं। जिसमें लक्ष्मणझूला घूमने आए 71 पर्यटक भी शामिल हैं। जबकि सरकारी अस्पताल ऋषिकेश में हुई जांच में 46 में कोरोना की पुष्टि हुई है। यमकेश्वर ब्लॉक के नोडल अधिकारी डा. राजीव कुमार 71 पर्यटक कोरोना पॉजिटिव आए है। ये लोग दिल्ली, गुजरात, यूपी समेत अन्य राज्यों के रहने वाले है। सभी वापस लौट चुके हैं। उन्हें ट्रेस किया जा रहा है।
बताया कि पर्यटको के अलावा 9 स्थानीय लोगों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं, ऋषिकेश सरकारी अस्पताल के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक ने बताया कि बीते मंगलवार को अस्पताल में 197 लोगों ने कोरोना जांच कराई थी। बुधवार को रिपोर्ट मिली है। 46 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। उधर, मुनिकीरेती में कोविड अधिकारी डा. जगदीश जोशी ने बताया कि 15 लोग पॉजिटिव निकले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों के होमआइसोलेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।