आमजन से लिए जा रहे सुझाव भी बनेंगे भाजपा के दृष्टिपत्र का हिस्सा

आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश भाजपा द्वारा तैयार किए जा रहे दृष्टिपत्र में नमो का यह विजन झलकेगा। अगले पांच वर्ष में उत्तराखंड को माडल राज्य बनाने को पार्टी क्या-क्या कदम उठाएगी, यह उसके दृष्टिपत्र से परिलक्षित होगा। आमजन से लिए जा रहे सुझाव भी दृष्टिपत्र का हिस्सा बनेंगे। इससे पार्टी संदेश देने का प्रयास करेगी कि दृष्टिपत्र उसका नहीं, बल्कि राज्य की जनता का है। पार्टी का प्रयास है कि गणतंत्र दिवस से पहले उसका दृष्टिपत्र जनता के बीच आ जाए। इसी हिसाब से तैयारियां की जा रही हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और समय-समय पर वह इसे प्रदर्शित भी करते हैं। नमो इस बार लगातार जोर दे रहे हैं कि वर्ष 2025 में उत्तराखंड जब अपनी स्थापना की 25वीं वर्षगांठ मनाए तो तब तक वह देश का माडल राज्य बनकर उभरे। यानी, उत्तराखंड संपन्न राज्यों की पांत में खड़ा हो। प्रधानमंत्री की इसी भावना के अनुरूप पार्टी अब आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना दृष्टिपत्र तैयार करने में जुटी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक की अध्यक्षता में गठित चुनाव घोषणा पत्र समिति इस सिलसिले में कई दौर का मंथन कर चुकी है।
इसके साथ ही दृष्टिपत्र के लिए आमजन से सुझाव लेने को पार्टी ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में जनसुझाव रथ भेजे हैं। प्रत्येक रथ में बाकायदा सुझाव पेटिका रखी गई है, जिसमें लोग क्षेत्र व राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए पार्टी को क्या-क्या करना चाहिए, इस बारे में सुझाव दे रहे हैं। पार्टी ने तय किया है कि नौ जनवरी तक जनता से सुझाव लिए जाएंगे।
पार्टी ने यह भी निश्चय किया है कि विधानसभा क्षेत्रों से सुझाव लेने के बाद प्रत्येक जिला मुख्यालय में वृहद कार्यक्रम के जरिये जनता से सुझाव लेने के साथ ही उससे चर्चा भी की जाएगी। प्रदेश स्तर का कार्यक्रम देहरादून में प्रदेश भाजपा मुख्यालय में होगा, जिसमें सभी वर्गों के चुनिंदा व्यक्तियों, विशषज्ञों के साथ विमर्श किया जाएगा। प्रयास ये है कि विधानसभा क्षेत्रों से सुझाव लेने के बाद हफ्तेभर के भीतर ये कार्यक्रम पूर्ण करा लिए जाएं। जनता के बीच से आए महत्वपूर्ण सुझावों को दृष्टिपत्र में शामिल किया जाएगा।
रमेश पोखरियाल निशंक (अध्यक्ष चुनाव घोषणा पत्र समिति भाजपा एवं पूर्व मुख्यमंत्री) का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भावना के अनुरूप उत्तराखंड को देश का माडल राज्य बनाने का विजन भाजपा के दृष्टिपत्र में होगा। जनता से सुझाव लेकर हर वर्ग, हर क्षेत्र की बेहतरी और हर दृष्टि संपन्न उत्तराखंड के विकास का खाका पार्टी के दृष्टिपत्र में परिलक्षित होगा। यह हर दृष्टि से जनता का दृष्टिपत्र होगा।

कैंट विधानसभा में शहीद सम्मान कार्यक्रम कायोजन कर आदित्य चौहान मजबूत दावेदार बनकर उभरे

21 कैंट विधानसभा के नाथ पैलेस निकट बल्लीवाला चौक में विधानसभा क्षेत्र में निवास करने वाले सैनिक परिवारों का आज सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में वर्तमान एवं पूर्व सैनिक परिवारों ने हिस्सा लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि काबीना मंत्री गणेश जोशी ने शहीद परिवारों की वीरांगनाओ को शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर गणेश जोशी ने राज्य एवं केंद्र सरकार की सैनिकों के कल्याण के प्रति चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार सैनिकों के कल्याण के प्रति संवेदनशील होकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी राज्य सरकार द्वारा जिस प्रकार अपने सभी निर्णयों में सैनिक परिवारों को शामिल कर रही है, वह उल्लेखनीय है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा गृह कर में छूट से लेकर छोटे स्तर पर भी सीएसडी कैंटीन की स्थापना की जा रही है। सभी शहीद परिवारों के आश्रितों को उनकी शिक्षा अनुसार सरकारी रोजगार भी शामिल है।

इस अवसर पर गणेश जोशी ने अपने शहर में बिताए दिनों को याद करते हुए कहा कि मैं खुद को एक पूर्व सैनिक के रूप में हमेशा याद रखता हूं और इसलिए सदा ही सैनिक परिवारों के कल्याण के लिए काम करता हूं। कार्यक्रम की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट कर्नल रिटायर एसडी सहगल ने की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉक्टर देवेंद्र भसीन ने अमर शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी के प्रति सम्मान प्रकट किया।
कार्यक्रम आयोजक भाजपा के प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान द्वारा संचालन करते हुए कहा गया कि कैंट विधानसभा में सभी सैनिक परिवारों के साथ मैं हमेशा किसी भी स्थिति में एक परिवार के सदस्य की तरह सदा खड़ा मिलूंगा। उन्होंने सभी के प्रति आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया गया है।
इस अवसर पर अमर शहीद खड़क बहादुर, कारगिल शहीद सुंदर सिंह नेगी की धर्मपत्नी दर्शनी देवी सहित सभी शहीदों के परिजनों को सम्मानित करने के साथ-साथ श्रीलंका में शहीद हुए स्वर्गीय गोपाल होलिया की पत्नी तारा खोलिया को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सभी पूर्व सैनिक एवं सैनिक परिवारों के सदस्यों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता विजेंद्र थपलियाल, कर्नल एसपी कोठियाल, कर्नल सॉपेरी निर्जर आहूजा, कर्नल गुरुंग, कर्नल राजेन्द्र सिंह धामी, होशियार सिंह, पुष्कर थापा सहित शहीद परिवारों के सदस्य व पूर्व सैनिक बड़ी संख्या में शामिल रहे। कार्यक्रम में मशहूर गायिका रेशमा शाह द्वारा देशभक्ति गीतों के माध्यम से शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

41 विधानसभाओं को जीत का मंत्र दे गये नड्डा

मिशन-2022 में जुटी बीजेपी विधानसभा चुनाव के टिकट वितरण से पहले भाजपा हर विधानसभा क्षेत्र में टिकट न मिलने पर बगावत करने वाले संभावित चेहरों की पहचान करेगी। इसके लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों को ऐसे लोगों की सूची बनाकर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को गढ़वाल मंडल के 41 विधानसभा क्षेत्रों के लिए बनाए गए जिला प्रभारियों, विधानसभा प्रभारियों, विस्तारकों, जिला प्रवासी और सहायक प्रवासियों की बैठक ली।
इस दौरान उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के लिए अब समय बहुत कम रह गया है। ऐसे में अगले कुछ दिन बहुत महत्वपूर्ण होने जा रहे हैं। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी विधानसभा चुनावों में एक बार फिर बंपर सीटों के साथ जीत सुनिश्चित करना चाहती है। इसके लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को एक साथ एकजुट होकर काम करना होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस दौरान विधानसभा प्रभारियों को कई लक्ष्य दिए जो अगले दिनों में पूरे किए जाने हैं। पार्टी के सूत्रों ने बताया कि सभी प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्र में टिकट के संभावित दावेदारों की सूची बनाने को कहा गया है। ऐसे दावेदारों की पहचान करने को भी कहा गया है जो टिकट न मिलने की स्थिति में बगावत कर सकते हैं। ताकि समय रहते ऐसे लोगों को मनाया जा सके। बगावत करने वाले संभावित दावेदारों की पहचान करने के साथ ही रिपोर्ट देने को कहा गया है।
इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष की बैठक में बगावत करने वाले लोगों की पहचान करने के साथ ही ऐसे लोगों की भी सूची बनाने को कहा गया है जो इन दावेदारों को प्रभावित करने या मनाने की स्थिति में हों। ताकि जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों को चुनाव लड़ने से रोका जा सके और पार्टी प्रत्याशी को किसी भी तरह का नुकसान न हो पाए।

बगावत को लेकर भाजपा सतर्क, होमवर्क पूरा करने में जुटीं
भाजपा में कई सीटों पर टिकट के कई दावेदार हैं। इस बार पार्टी सर्वे में कमजोर चल रहे कुछ प्रत्याशियों के टिकट काटने पर भी विचार कर रही है। ऐसे में बगावत की स्थिति से इंकार नहीं किया जा सकता। भाजपा के नेताओं को इस बात का अंदाजा है कि ऐन वक्त पर टिकट न मिलने से नाराज होकर कुछ नेता पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। इससे पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को नुकसान होना तय है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए पार्टी अभी से तैयारी कर रही है ताकि चुनाव में बगावत व इस तरह की स्थितियों से निपटा जा सके।

धामी के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और राजनीतिक दाव-पेंच से विपक्ष हताश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जब से सत्ता की बागडोर संभाली है तो उनके हरफनमौला खेल से भाजपा फ्रंटफुट पर खेल रही है। विपक्ष की हर चाल को वह विफल कर देते हैं। पिछले पांच माह की जोश और जुनून की युवा सरकार में धामी ने पहले तो विवादित मुद्दों पर धुंआधार बैटिंग कर उनको सुलझा दिया और विपक्ष के सामने मुद्दाविहीन राजनीति का लक्ष्य रख दिया। इससे विचलित विपक्ष बिखरने लगा और फिर आक्रामक तरीके से भाजपा और सरकार पर प्रहार करने लगा। जब भी लगा कि विपक्षी दल किसी मुद्दे पर बैटिंग कर भाजपा या सरकार को घेरने की फिराक में हैं तो एक कुशल कप्तान की तरह सीएम धामी अपनी सरकार और पार्टी के बचाव में आ जाते हैं। उनकी गुगली से विपक्ष के बल्लेबाजों की गिल्लियां हवा में उड़ जाती हैं और युवा कप्तान अपनी टीम को लगभग हार चुकी बाजी को जीत के कगार पर ले आता है। धामी के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और राजनीतिक दाव-पेंच से विपक्ष को संभलने का मौका नहीं मिल रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि युवा नेतृत्व में भाजपा 2022 के विधानसभा चुनाव में दोबारा सत्तासीन हो जाएगी।

उत्तराखण्ड की जनता की सेवा हमारा भाव व समग्र विकास हमारा लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने राज्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर परिचर्चा के दौरान स्पष्ट किया कि उत्तराखण्ड की जनता की सेवा हमारा भाव तथा राज्य का समग्र विकास हमारा ध्येय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। राज्य में केन्द्र सरकार के सहयोग से लगभग एक लाख करोड़ की योजनायें संचालित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड़ अधिनियम वापस लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नये आयाम प्राप्त कर रहा है। केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का कार्य तथा काशी विश्वनाथ धाम को भव्य स्वरूप देना इसका उदाहरण है। अहिल्याबाई होल्कर के बाद मोदी जी ने काशी विश्वनाथ धाम का पुनरूद्धार का कार्य किया। बद्रीनाथ धाम के सौन्दर्यीकरण का भी कार्य चल रहा है। 250 करोड़ की योजना इसके लिये तैयार की गई है। इस प्रकार आज प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाये जाने का कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण नहीं सबको विकास का लाभ देने का कार्य हो रहा है। अटल आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन जैसी योजनायें सबके लिये हैं। सबका साथ सबका विकास का संकल्प पूरा किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी देश के विकास की नई गाथा लिख रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटन, स्वास्थ्य, आजीविका मिशन, पंचायतों से जुड़े प्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, नौजवानों के हित में राहत पैकेज के साथ ही कल्याणकारी निर्णय लिये हैं। हमें राज्य के विकास में जितना भी समय मिला है वे उसमें खुलकर बैटिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश की जनता का आशीर्वाद हमें मिल रहा है। जनता की समस्याओं से वे परिचित हैं। जन समस्याओं का समाधान हमारा उद्देश्य भी है, ध्येय भी है। राज्य में चारधाम परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य को जोड़ने वाले हाई-वे राज्य के विकास की दिशा तय कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के लोग स्वाभिमानी और राष्ट्रभक्त हैं। हम चुनाव को ध्यान में रखकर कार्य नहीं कर रहे हैं, बल्कि सभी क्षेत्रों का समान रूप से विकास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार से जोड़ने के लिये प्रभावी पहल की है। राज्य में सरकारी विभागों में 24 हजार पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया प्रारम्भ की है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी से ही बेरोजगारी दूर नहीं की जा सकती है, इसके लिये स्वरोजगार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बैंकों से ऋण सुविधा को आसान बनाया, होम स्टे योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना आदि के जरिये हमारे युवा रोजगार देने वाले भी बनें इसके लिये धरातल पर कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास के लिये सभी विभागों का 10 साल का रोड मैप तैयार किया जा रहा है। 2025 में जब हमारा राज्य अपनी रजत जयंती वर्ष मनायेगा तब देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो इसका हमारा प्रयास है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि 21 वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का होगा। हम इस दिशा में भी कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य की इकोलॉजी और इकोनॉमी को बढ़ावा देने का भी हमारा प्रयास है, राज्य में प्रभावी भूमि सुधार के लिये कमेटी बनायी गई है, राज्य हित में जो भी निर्णय उचित होगा हम वह लेंगे और ले रहे हैं। प्रधानमंत्री को कर्मयोगी बताते हुए उन्हें प्रेरणा देने वाला बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे वर्तमान में जीते हैं उनके अंदर जितनी सामर्थ्य व ताकत है उसका पूर्ण मनोयोग से जनता की सेवा में उपयोग कर रहे हैं। राज्य में नो पेंडेंसी का ध्येय लेकर हम भी कार्य संस्कृति में बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं।

परिवर्तन के लिए युवा मतदाता हैं तैयारः राजपाल

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने मतदाता जागरूकता अभियान की पदयात्रा का कार्यक्रम ग्रामसभा हरिपुर में युवाओं को वोट बनाने के लिए जागरूक किया।

खरोला ने कहा की 2 दिसम्बर से लगातार चलने वाले मतदाता जागरूकता अभियान पदयात्रा में युवाओं को वोट बनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है और उन्हें वोट बनाने के विभिन्न उपाय बताये जा रहे है।

खरोला ने कहा की ऋषिकेश विधानसभा की जनता से इस अभियान को बहुत प्यार मिल रहा है और क्षेत्रवासी बढ़ चढ़कर इस अभियान के साथ जुड़ रहे है ।

खरोला ने कहा की मतदान करना सभी नागरिकों का कर्तव्य है. यह एक महापर्व की भांति है. जिसके माध्यम से सभी धर्म, जाति, समुदाय के द्वारा चुनकर आने वाला जन प्रतिनिधि उनके सर्वांगिण विकास के लिए सरकारी कार्यों व योजनाओं का निर्धारण करते हैं।

खरोला ने कहा की राष्ट्रहित में अपने मताधिकार का प्रयोग कर कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए। 18 वर्ष की आयु 1-1 2022 को पूर्ण करने वाले सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होना चाहिये, वोट मतदान करेंगे तो हमारे समाज का और राष्ट्र का विकास होगा।

इस दौरान अन्नी शर्मा, शंभू प्रसाद राणा कोटी, भारत लखेड़ा, रवि बाबू शर्मा, देवेंद्र रावत, मुकेश मनोरी, मुकेश गौर, कपिल श्रीवास्तव, धर्मेंद्र, आनंद मिश्रा, सुरेश पटवाल, धनपाल खरोला, आशुतोष सुयाल, पूजा तिवारी, प्रिया तिवारी, अमर, हरि शुक्ला, शंकर नवीन, पारस अग्रवाल, मधुबर बर्थवाल आदि लोग मौजूद रहे।

चुनावी धार देने को भाजपा ने तैयार की रणनीति

उत्तराखंड में अगले वर्ष मार्च से पहले चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए सभी दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा ने भी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने संकल्प रथ विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रवाना करने शुरू कर दिए हैं। वार्ड स्तर पर बैठकों का दौर भी चल रहा है, जिनमें सभी कार्यकर्त्ताओं को एकजुट करते मिशन-2022 की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों 2022 के लिए पार्टी की रीति-नीति व सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए अन्य राज्यों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्त्ताओं का भी सहयोग लिया जाएगा, जो प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सांगठनिक व चुनाव की दृष्टि से जुटेंगे। इस कड़ी में 16 दिसंबर को हिमाचल, दिल्ली और हरियाणा से भाजपा के 168 पार्टी नेताओं व कार्यकर्त्ताओं का जत्था उत्तराखंड आ रहा है।
चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार प्रसार को धार देने के लिए अब दूसरे प्रदेशों के भाजपा नेताओं और कार्यकर्त्ताओं को भी उत्तराखंड में जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। भाजपा उन सभी राज्यों से यहां वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्त्ताओं को लाने की तैयारी कर रही है, जहां अभी चुनाव नहीं हैं। पहले चरण में हिमाचल, हरियाणा और दिल्ली से भाजपा कार्यकर्त्ता उत्तराखंड आ रहे हैं। इन तीनों राज्यों से कुल 168 कार्यकर्त्ता 16 दिसंबर को उत्तराखंड पहुंचेंगे।
प्रदेश संगठन ने इनकी भूमिका भी तय कर दी है। दो-दो कार्यकर्त्ताओं को प्रत्येक विधानसभा में तैनात किया जाएगा, जो स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ घर-घर जाकर प्रचार को गति देंगे और पार्टी द्वारा दी गई अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। इसके अलावा शेष कार्यकर्त्ताओं जिला व प्रांत स्तर पर सांगठनिक दृष्टि से और चुनावी दृष्टि से प्रचार-प्रसार का जिम्मा संभालेंगे। इन्हें भाजपा मुख्यालय से लेकर जिलों में अहम भूमिका दी जाएगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने इसकी पुष्टि की।

युवा सरकार की घोषणा-उत्तराखंड में शुरु होगी मुख्यमंत्री नारी सशक्तीकरण योजना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सुभाष रोड स्थित होटल में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए घोषणा की कि प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिये मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना का शुभारम्भ किया जायेगा, इससे महिलाओं के आर्थिक स्वावलम्बन में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत महिलाओं को स्वरोजगार के लिये ऋण उपलब्ध कराने में आसानी होगी तथा उन्हें योजना के तहत तीस प्रतिशत अथवा एक लाख रूपये तक की सब्सिडी प्रदान की जायेगी। इससे बड़ी संख्या में महिलायें लाभान्वित होंगी। योजना का लाभ अविवाहित, तलाकशुदा, विकलांग आदि महिलायें प्राप्त कर सकेंगी, इसके लिये शहरी क्षेत्रों में महाप्रबन्धक जिला उद्योग केन्द्र तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खण्ड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित होगी जो प्राप्त आवेदनों पर शीघ्रता से कार्यवाही कर आवेदकों को योजना के अन्तर्गत ऋण उपलब्ध करायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति के लिये बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं तथा उज्जवला योजना ने हमारी माताओं और बहनों के जीवन को बदल दिया है। राज्य की आर्थिकी के विकास में मातृशक्ति की बड़ी भूमिका है। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिये राष्ट्रीय आजीविका मिशन के साथ ही अन्य योजनाओं से उन्हें जोड़ा गया है। स्वयं सहायता समूहों को 05 लाख तक बिना ब्याज का ऋण उपलब्ध कराने के साथ ही उनके उत्पादों के विपणन की कारगर व्यवस्था की गई है। प्रसाद योजना भी उनके आर्थिक स्वावलम्बन का आधार बनी है। इसके लिये 119 करोड़ के पैकेज की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य बनने के बाद हमारे युवाओं की सबसे अह्म मांग रोजगार को लेकर थी। उसी के दृष्टिगत प्रदेश में 24 हजार सरकारी पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया प्रारम्भ की गई है, सभी प्रक्रियायें जल्द ही पूर्ण की जायेंगी। 31 मार्च, 2022 तक जो भी भर्ती की परीक्षायें होंगी, उनमें कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। युवाओं को समूह ‘ग’ की परीक्षा में शामिल होने के लिये अधिकतम आयु सीमा में एक साल की छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि हमारे युवा स्वयं को स्वरोजगार से जोड़कर रोजगार देने वाले बनें इसके लिये मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना आदि के तहत युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार लाखों लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नये आयाम प्राप्त कर रहा है। उन्होंने हमारी सेना में एक नया जोश भरा है। हमारा गौरवशाली भारत, वैभवशाली भारत तथा शक्तिशाली भारत का जो सपना था वो मोदी जी के मजबूत तथा सफल नेतृत्व में पूर्ण हो रहा है। अफगानिस्तान में फंसे एक एक भारतीय को वापस लाने का कार्य हमारी केन्द्र सरकार ने किया है, निश्चित रूप से जो हम आत्मनिर्भर भारत तथा शक्तिशाली भारत कहते हैं वह बन रहा है। मोदी जी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास में एक नई क्रांति का जन्म हुआ है। पूरे प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा दिया गया है। दिल्ली-देहरादून के बीच दूरी अब आधी से भी कम रह गई है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाईन निर्माण में आधुनिक मशीनों से टनल का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण प्रदेश में चारधाम यात्रा पर रोक लगाई गई थी। परन्तु हमारे प्रयास से कोविड नियमों के पालन के साथ यात्रा दुबारा शुरू कर दी गई है। भले ही अभी हल्के स्तर पर यात्रा हो रही है परन्तु जल्द ही यात्रा पुराने स्वरूप आ जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जो भी घोषणा करेगी वह अवश्य पूर्ण की जायेंगी। अभी कोविड-19 के कारण प्रदेश की आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हुई है। पयर्टन, परिवहन, राफ्टिंग व्यवसाय को उभारने के लिए इन व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता के रूप में 200 करोड़ का पैकेज दिया गया है। इसी प्रकार स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए राज्य सरकार ने 205 करोड़ का पैकेज दिया है। यह धनराशि सीधे उनके खाते में डीबीटी के माध्यम से जमा की जा रही है।

सरकार हर वर्ग के लिए कार्य कर रही-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद हरिद्वार में संत रविदास मंदिर भगवानपुर से मक्खनपुर तक जन आशीर्वाद रैली में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भगवानपुर क्षेत्र में ग्राम डांडा पट्टी से झींवरहेड़ी तक सड़क को इंटर लॉकिंग टाइल्स के द्वारा निर्माण कार्य कराया जाएगा। ग्राम खेलड़ी से ग्राम सिकरोड़ा रोड तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। ग्राम सुग्गनपुर हाइवे से ग्राम सुग्गनपुर के अन्दर तक सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। ग्राम चुड़ियाला में मेन रोड से संजय त्यागी के घर तक निर्माण कार्य कराया जाएगा। नेशनल हाईवे के अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण किये जायेंगे तथा उनको सर्विस रोड से जोड़ा जायेगा, लोगों को उनकी भूमि का मुआवजा भी दिलाया जायेगा। नगर पंचायत भगवानपुर के अंतर्गत सीवर लाइन के जो प्रस्ताव होंगे, उन पर कार्यवाही की जाएगी। भगवानपुर में कार्यरत सफाई कर्मियों आदि के वेतन भत्तों को बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। वर्तमान में नगर पंचायत भगवानपुर के जो प्रस्ताव शासन में लम्बित हैं, उनको स्वीकृति प्रदान की जाएगी।

समाज के अन्तिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुचाना हमारा उदे्श्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जन समस्याओं के सरलीकरण, समाधान और निस्तारण के साथ सबकी सन्तुष्टि के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। हमारी सरकार ने महिलाओं की समस्या को देखते हुए मुफ्त रसोई गैस उपलब्ध कराई, शौचालयों का निर्माण किया गया, जोकि स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार हुआ है। सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत आम जनता को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराये गये हैं, जिसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग को मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लोगों को आवास उपलब्ध कराकर जरूरतमंदों के आवास का सपना पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत वर्ष 2022 तक हर घर को नल से जल उपलब्ध कराया जाएगा।

भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं का होगा समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब का सपना था कि सबको विकास का समान अधिकार एवं अवसर मिलें। राज्य सरकार इसी के तहत कार्य कर रही है। प्रत्येक सरकारी कार्यालयों में प्रातः 10 से 12 बजे तक अधिकारियों को जन सुनवाई करने के निर्देश दिये गये हैं। इस कार्य में यदि कोई ढिलाई करता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने दो दिन पहले ही उद्योगपतियों के साथ विचार-विमर्श किया एवं उनकी समस्याओं को सुना, जिससे उद्योगों का विकास हो और अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिले। भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में होने वाली जलभराव की समस्या का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही इस समस्या का निराकरण कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी उद्योग घरानों से अपेक्षा है कि वे उद्योगों में अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध करायें।

युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार को जोड़ने के किये जा रहे प्रयास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है। सभी प्रक्रियायें जल्द ही पूर्ण की जायेंगी। 31 मार्च, 2022 तक जो भी भर्ती की परीक्षायें होंगी, उनमें कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार लाखों लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर रही है। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है, जिसके लिए जगह-जगह कैम्प लगाये जा रहे हैं।

उत्तराखण्ड को आदर्श एवं विकसित राज्य बनाना हमारा उद्देश्य
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज इस रैली में आप लोगों ने जिस उत्साह एवं उमंग से हमें अपना आशीर्वाद दिया है, उससे मैं अभिभूत हूं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि आने वाले समय में उत्तराखण्ड प्रत्येक क्षेत्र-उद्योग, वानिकी, कृषि, शिक्षा, बागवानी, स्वास्थ्य आदि में नम्बर-एक रहेगा। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में उत्तराखण्ड को आगे ले जाने के लिये कार्य करेंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानन्द, विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधायक झबरेड़ा देशराज कर्णवाल, विधायक रूड़की प्रदीप बत्रा, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, लक्सर विधायक संजय गुप्ता, सुबोध राकेश, संयोजक कुलदीप कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विकास तिवारी ने किया।

धामी की कार्यशैली से हाईकमान खुश, चुनाव से लेकर अगले मुख्यमंत्री की कमान भी सौंपी

उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी और चुनाव के बाद धामी ही राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने तंज किया कि कांग्रेस की दुर्दशा हो चुकी है और उत्तराखंड में उसे उम्मीदवारों को ढूंढने के लिए दूरबीन लेकर जाना पड़ रहा है। उन्होंने संगठन में अनुशासन के सवाल पर कहा कि उनकी एक-एक नेता से बात हुई है, पार्टी लाइन कोई नहीं तोड़ेगा। टिकटों के आवंटन के सवाल को उन्होंने टाल दिया।

राज्य का मिथक टूटेगा और भाजपा दोबारा सत्ता में आयेगी
जोशी प्रदेश पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चुनाव होगा और इसमें कोई संदेह नहीं कि चुनाव के बाद वही मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी साठ पार के लक्ष्य को पूरा करेगी और उन्हें पूरी उम्मीद है कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को अवसर देगी। जोशी ने कहा कि अटल जी ने राज्य बनाया और उनकी सरकार जाने के बाद यूपीए के 10 साल के कालखंड में कुछ नहीं हुआ। मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार ने जबर्दस्त विकास किया। उन्होंने कोर्ट का आभार जताया और न्यायालय में मजबूत पैरवी करने के लिए मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पूर्व सीएम हरीश रावत पर चारधाम यात्रा का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।

भाजपा ने कांग्रेस को सोचने में किया मजबूर
जोशी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर तंज किया। उन्होंने कहा कि हरीश रावत और प्रदेश अध्यक्ष के अलावा कांग्रेस में उनके सब विरोध में हैं। जोशी के मुताबिक, हरीश रावत ने कहा कि वह जय श्रीराम के स्थान पर जय गणेश बोलेंगे। उन्होंने उन्हें बधाई दी कम से कम उन्होंने राहुल गांधी को जय गणेश बुलवाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस के सहयोग से सहयोग से सरकार चल रही है, जिसने गणेश के कार्यक्रमों पर रोक लगा रखी है। रावत को सलाह दी कि वह राहुल गांधी के करीबी हैं, इसलिए उन्हें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को समझाने की कृपा करें।

कांग्रेस का भविष्य सही नही
जोशी ने कहा कि कांग्रेस अब भूतकाल की पार्टी है। उसके नेता और विधायक भाजपा में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस के लोग यह समझ गए हैं कि भाजपा ही वर्तमान और भविष्य है। कांग्रेस उत्तराखंड में यह भ्रम फैलाने की कोशिश रही है कि एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस। पूरा भरोसा है कि प्रदेश की जनता हमें फिर से बहुमत देगी। भाजपा साठ पार की घोषणा को पूरा करेगी।

सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने वाले उत्तराखंड को झूठा सपना दिखा रहे
जोशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक झूठ फैलाने का कोशिश कर रही है। फौजी को दिखाकर वोट मांगने का कोशिश कर रही है। जबकि केजरीवाल सरकार ने फौजियों का घोर अपमान किया था। जब हमारे वीर सैनिकों ने पाकिस्तान के ऊपर सर्जिकल स्ट्राइक किया था, पाकिस्तान ने ट्वीट किया कि हम पर हमला हो गया।  लेकिन केजरीवाल ने सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा। उन्होंने आप की फ्री बिजली की घोषणा पर कहा कि यह दिल्ली वाले जानते हैं कि चुनाव के बाद चार से पांच गुना बिजली का बिल आता है। 

आरपी सिंह का आप नेता केजरीवाल पर आरोप
भाजपा के सह चुनाव प्रभारी सरदार आरपी सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी पर छलिया की मिसाल दी। उन्होंने कहा कि ये छलिया है, दिल्ली से आकर ऐसा न कर दे कि लोग तंग हों। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में दिल्ली के मोहल्ला क्लिनिक में एक टीका नहीं लगा। आरटीआई में यह सूचना मिली है कि दिल्ली के नवीं कक्षा के हर साल एक लाख बच्चे स्कूल छोड़ देते हैं। फ्री बिजली बोल-बोलकर केजरीवाल ने दिल्ली के कई इलाकों को बिजली मुक्त कर दिया। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली त्राहि-त्राहि करती है तो केजरीवाल अमित शाह के पास जाकर गिड़गिड़ाते हैं, हमारी मदद करिए। वो मदद करते हैं। कहा कि दिल्ली में एक भी व्यक्ति को अटल आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिला। 

मैंने कभी भी अपने चेहरे की लड़ाई नहीं लड़ी है। न मैंने कभी कोई दावेदारी की है। मेरी पार्टी ने मुझे जो भी जिम्मेदारी दी है, मैं उस पर काम कर रहा हूं। पार्टी मेरी मां है। मां अपने बच्चे को जो काम देती है, वह बच्चा जैसा भी हो, वह कोशिश करेगा कि अच्छा करे। मैं भी पार्टी का एक कार्यकर्ता हूं। मेरी पार्टी ने मुझे जो काम दिया है, उसे पूरा करुंगा।
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

राजकुमार को शामिल कर भाजपा ने कांग्रेस पर फिर बनाई बढ़त

विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही उत्तराखंड में सियासत तेज हो गई है। बड़े नेताओं को पार्टी से जोड़ने की कवायद की कड़ी में रविवार दोपहर उत्तरकाशी जिले की पुरोला विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक राजकुमार भाजपा में शामिल हो गए। नई दिल्ली पार्टी मुख्यालय में उन्होंने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख व राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। बता दें कि उत्तराखंड में लगभग चार-पांच माह बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले सभी पार्टियां लगातार कद्दावर नेताओं को अपने पाले में लाने की कवायद में जुटी हुई है। फिलहाल भाजपा इसमें सबसे आगे है। हाल ही में धनोल्टी विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार भाजपा में शामिल हो चुके हैं। उनके भाजपा में शामिल होने के बाद कुछ और विधायकों के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं जोरों पर हैं। कहा गया कि एक अन्य निर्दलीय और एक कांग्रेस विधायक भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इन चर्चाओं के बीच रविवार दोपहर पुरोला विधायक राजकुमार ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
राजकुमार बीते तीन दिनों से दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं। पहले उनके शनिवार को भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं चल रही थीं। हालांकि ऐसा नहीं हो पाया। इसके पीछे कारण यह बताया गया कि कुछ बिंदुओं को लेकर कांग्रेस विधायक और भाजपा के बीच सहमति नहीं बन पाई थी।
शनिवार देर रात तक विभिन्न बिंदुओं पर सहमति बनाने पर विचार-विमर्श हुआ। रविवार सुबह सभी बिंदुओं पर सहमति बन गई। इसके बाद दोपहर में पुरोला विधायक विधिवत रूप से भाजपा में शामिल हो गए। उनके भाजपा में आने से अब भाजपा में विधायकों की कुल संख्या 57 पहुंच गई है। हालांकि, भाजपा के गंगोत्री विधानसभा सीट के विधायक गोपाल सिंह रावत के निधन से भाजपा की एक सीट कम हो गई है। इस सीट पर उप चुनाव नहीं हुआ है।
आपको बता दें कि पुरोला से विधायक राजकुमार पहले भारतीय जनता पार्टी में ही थे। वे भाजपा से विधायक रह चुके हैं। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी न बनाए जाने पर वे कांग्रेस में शामिल हो गए थे।