सराहनीयः रात्रि चौपाल के जरिए लोगों की सीएम ने जानी समस्या


दो दिवसीय उत्तरकाशी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी मुख्यालय में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने के उपरांत रात्रि विश्राम हेतु ग्राम नेताला में भागीरथी नदी किनारे स्थित होमस्टे पहुंचे। इस अवसर पर भारी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री श्री धामी का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने ग्राम वासियों का हाल-चाल जाना।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ग्राम नेताला वासियों के साथ रात्रि चौपाल लगाकर जन समस्याएं सुनी, साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोगों के बीच में बैठकर प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को सुना एवं समस्या के निदान हेतु अधिकारियों के निर्देश भी दिये।

उत्तरकाशी दौरे पर सीएम, अधिकारियों से की ईमानदारी से कार्य करने की अपेक्षा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के अपने भ्रमण के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ईमानदारी और निष्ठा से काम करने की अपेक्षा करते हुए कहा कि विकास योजनाओं एवं जन कल्याणकारी कार्यक्रमों का पूरा लाभ सभी क्षेत्रों और लागों के मिल सके, इसके लिए हमें तत्परता से जुटे रहना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही या शिथिलता और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जल्दी ही जिले के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जायेगी। श्री धामी ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं और सतर्कता विभाग को ऐसे मामले पर निरंतर प्रभावी निगरानी रख कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी सहित सभी अधिकारियों को क्षेत्र पंचायत और तहसील दिवसों में अनिवार्य रूप से भाग लेकर जनता की समस्याओं का प्रभावी और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने की हिदायत दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को आम आदमी की जिंदगी में बदलाव लाने के लिये समर्पित होकर जुटना होगा। उन्होंने रोजगारपरक योजनाओं और सामाजिक आर्थिक विकास के कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि जिले के विकास के लिये आवश्यक संसाधनों की कमी नही होने दी जायेगी। जिले में एप्पल मिशन की धनराशि में वृद्धि के लिये प्रस्ताव भेजने के निर्देश देते हुए श्री धामी ने कहा कि जिले को किवी मिशन में भी शामिल किया जायेगा।
इस मौके पर जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने जिले में संचालित विकास कार्यों की प्रगति का ब्यौरा मुख्यमंत्री के सम्मुख रखा।
बैठक में विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, विधायक पुरोला दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह राणा, वरिष्ठ भाजपा नेता किशोर भट्ट, मनवीर चौहान, पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी, मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया।

मां गंगा को निर्मल एवं स्वच्छ बनाए जाने का कार्य निरंतर ऊंचाइयों को छू रहा हैः मुख्यमंत्री

दो दिवसीय उत्तरकाशी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी में भागीरथी नदी किनारे आयोजित गंगा आरती में सम्मिलित होकर पूजा अर्चना कर प्रदेश में खुशहाली एवं तरक्की की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगा आरती में स्थानीय एवं अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने पर निरंतर कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य गंगा का उद्गम स्थल है। इस राज्य के एक बड़े भाग से मां गंगा बहती है। मां गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता में हमारे राज्य की अहम भूमिका है। हम सभी को अपने मन से मां गंगा की निर्मलता पर कार्य करना चाहिए। मां गंगा की स्वच्छता के प्रति हमें दूसरों को भी जागरूक करना होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण देश में मां गंगा को निर्मल एवं स्वच्छ बनाएं जाने का कार्य निरंतर ऊंचाइयों को छू रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चार धाम यात्रा हेतु मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओं से वार्ता कर उनसे यात्रा व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। जिस पर श्रद्धालुओं ने राज्य सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।
इस दौरान कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह राणा, विधायक संजय डोभाल, विधायक दुर्गेश्वर लाल, विधायक सुरेश चौहान एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में 34710.19 लाख की 110 योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी में आयोजित “मुख्य सेवक आपके द्वार“ कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए रू. 34710.19 लाख की 110 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें रू. 13699.01 लाख की 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं रू. 21011.18 लाख की 56 विकास योजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 6 प्रतिभाशाली छात्रों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सम्मान राशि का चेक वितरित किया, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को अनुदान राशि एवं आवास की चाबी भेंट की। साथ ही डेयरी विकास, मत्स्य पालन, सहकारिता, उद्यान आदि विभागों की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के कुल 63 लाभार्थियों को चेक वितरित किए। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनो को व्हीलचेयर के साथ ही 16 लाभार्थियों को आपदा राहत किट, कृषि एवं बागवानी से संबंधित उपकरण वितरित किए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के विकास हेतु विभिन्न घोषणाएं की। जिसमें विकास खण्ड मोरी के मोरी मौताड़ मोटर मार्ग के बागी पुल से आराकोट तक जिला मार्ग का नवनिर्माण कार्य कराया जाने। विकास खण्ड मोरी के जखोल से धारा गाँव के लिए मोटर मार्ग का नव निर्माण किए जाने। विकासखण्ड नौगांव के कुवा अनु० जाति बाहुल्य गाँव को जोड़ने हेतु मोटर मार्ग का विस्तार एवं सुदृढीकरण कार्य किए जाने। यमुनोत्री धाम के समीप खरसाली से मालाथाच ट्रैक मार्ग हनुमान चट्टी से गुलाबीकांठा ट्रैक मार्ग, राना चट्टी 1 से घिनाडा ट्रैक मार्ग एवं बनास तप्त ऋषि कुण्ड व प्राकृतिक झरने व स्थलों को पर्यटकों हेतु विकसित करने हेतु स्वीकृति प्रदान किए जाने। बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ में ईको पार्क की स्वीकृति प्रदान की जाने। तिलोथ पुल से लक्षेश्वर तक तथा तामाखाणी से तिलोथ पुल तक आस्था पथ का निर्माण किए जाने। पटूड़ी धनारी को सेम मुखेम मोटर मार्ग से जोड़ना तथा ज्ञानसु उपरी कोट मोटर मार्ग से स्थानाचट्टी तक मोटर मार्ग एवं मल्ला, बेलक त्रिजुगीनारायण मोटर मार्ग का निर्माण कार्य किए जाने। चारधाम यात्रा को दृष्टिगत रखकर जनपद उत्तरकाशी में मुख्य बाजार से लीसा डिपो तक वाहन पार्किंग निर्माण एवं उत्तरकाशी शहर में अन्य पॉकेट पार्किंग के निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान किए जाने।सरनौल से सोत्तरी बुग्याल सरुताल को पर्यटक सर्किट के रूप में आगे प्रस्तिवित किए जाने। चिन्यालीसौड़ में राजीव नवोदय विद्यालय के लिए भवन स्वीकृत किए जाने एवं रा.इ.का मनेरी का नाम गत वर्ष दिवंगत पर्वतारोही सविता कन्सवाल के नाम पर रखे जाने की घोषणा शामिल रही।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी संख्या में आए लोगों का अभिनंदन स्वीकार करते हुए कहा कि उत्तरकाशी क्षेत्र के लिए हो रही 110 विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास से जिले में विकास का नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा इन लोकार्पण एवं शिलान्यास से जिले में सड़क मार्ग, स्वास्थ्य सुविधाएं, विकास खंड कार्यालयों व स्कूलों को अनावासीय भवन, स्कूलों में पुस्तकालय, शौचालय एवं प्रयोगशाला की सुविधाएं तथा खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल एवं पर्यटकों व स्थानीय जनता हेतु पार्किंग की सुविधा प्राप्त होगी एवं मूलभूत सुविधाओं का विस्तार एवं विकास होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 साल का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। पीएम किसान सम्मान निधि से 11 करोड़ से अधिक किसानों को रू. 6000 सालाना दिये जा रहे हैं। आज सभी को सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों का मुफ्त में इलाज किया जा रहा है। सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी का देश में तेजी से विस्तार हुआ है। 09 सालों में प्रधानमंत्री जी ने उत्तराखंड को दिए विकास के नवरत्न के साथ ही आज हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए हैं। केदारनाथ – बद्रीनाथ धाम में रू. 1300 करोड़ से पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है। मानसखण्ड मंदिर माला मिशन का काम तेजी से चल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत जनपद उत्तरकाशी में 21 हजार से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया है। अन्त्योदय अन्न योजना के तहत 13 हजार से अधिक एवं खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 34 हजार से अधिक परिवारों को लाभान्वित किया गया है। उत्तरकाशी जनपद में जल जीवन मिशन के तहत 7488 लक्ष्य के सापेक्ष 6278 परिवारों को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने कहा राज्य सरकार, राज्य में विकास की नई नींव रखने का कार्य कर रही है। होम स्टे को बढ़ावा देने के साथ ही आज राज्य में 4000 से अधिक होम स्टे रजिस्टर्ड हैं। 16 ईको टूरिज्म डेस्टिनेशन का विकास किया जा रहा है। रू. 2,000 करोड़ की टिहरी लेक डेवलपमेंट परियोजना पर कार्य गतिमान है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश में 03 करोड़ से अधिक आवास दिये गए है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थी परिवारों को महिलाओं के नाम पर आवंटित मकानों को पंजीकृत करने का कार्य किया है। उत्तरकाशी जनपद में प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) योजना के तहत लक्ष्य 1544 के सापेक्ष 1457 लोगों को लाभान्वित किया गया है तथा प्रधानमंत्री आवास (शहरी) योजना के तहत लक्ष्य 652 के सापेक्ष 306 लोगों को लाभान्वित किया गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के लगभग 9 लाख किसानों के खातों में लगभग 1390 करोड़ की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। किसानों को 03 लाख रूपए और महिला स्वयं सहायता समूहों को बिना ब्याज के 05 लाख रूपए तक का ऋण, “फार्म मशीनरी बैंक“ योजना के तहत किसानों को 80 फीसदी तक सब्सिडी पर कृषि उपकरण उपलब्ध कराईं जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में लगभग 18 हजार पॉलीहाउस के स्थापना हेतु रू० 304 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। प्रधानमंत्री के विशेष प्रयासों से वर्ष 2023 को इंटरनेशनल एयर ऑफ मिलेट्स के रूप में मनाया जा रहा है। राज्य में स्टेट मिलेट मिशन को मंजूरी दी गई है। जिसके तहत अंत्योदय परिवारों को एक किलो मडुवा दिया जाएगा। राज्य सरकार की 6 एरोमा वैली विकसित करने की भी योजना है। मिशन एप्पल और मिशन कीवी के साथ ही मिशन दालचीनी एवं मिशन तिमरु भी प्रारंभ की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के हित में देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून उत्तराखंड में लागू किया है। हमारी सरकार वायदानुसार प्रदेश में जल्द ही समान नागरिक संहिता लागू करेगी। उन्होंने कहा जबरन या प्रलोभन से धर्म परिवर्तन पर रोक हेतु सरकार ने उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता (संशोधन) विधेयक पारित किया है। हमारी सरकार अन्त्योदय की भावना के अनुरूप विकास पर कार्य कर रही है। अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने एवं उसका विकास सरकार की प्रथमिकता है। राज्य सरकार उत्तराखंड राज्य को वर्ष 2025 तक हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। इस हेतु हम विकल्प रहित संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।
यमुनोत्री के विधायक संजय डोभाल, पुरोला के विधायक दुर्गेश्वर लाल और गंगोत्री के विधायक सुरेश चौहान ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि धामी के कुशल और सफल नेतृत्व में प्रदेश में विकास के संकल्पों को पूरा करने का काम कर रहा है।
इस दौरान कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह राणा, पूर्व विधायक राजकुमार, केदार सिंह रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता सूरतराम नौटियाल, स्वराज विद्वान, मनवीर चौहान, राम सुन्दर नौटियाल, केशर सिंह रावत एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

सीएम ने थराली में 16.50 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं का किया शिलान्यास एवं लोकार्पण


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चेपडो थराली में अशोक चक्र विजेता शहीद भवानी दत्त जोशी की स्मृति में आयोजित शौर्य महोत्सव का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने शहीद भवानी दत्त जोशी के स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 16.50 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने हर वर्ष शौर्य महोत्सव मेला आयोजित किये जाने, शौर्य महोत्सव को राजकीय मेला घोषित करने के साथ ही कुलसारी मैदान में नदी कटाव हेतू बाढ सुरक्षा कार्य किए जाने, नारायणबगड व नन्दानगर में पार्किग, थराली अस्पताल का उच्चीकरण किये जाने, नन्दानगर में उपनिबन्धक की स्वीकृति, नारायणबगड व देवाल को आने वाले समय में नगर पंचायत बनाये जाने तथा नन्दा राज जात को भव्य बनाने के लिए विस्तृत योजना बनाये जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मा राजरजेश्वरी नन्दा देवी मंदिर को मानसखण्ड मंदिर माला मिशन से जोड़ने की भी बात कही।
मुख्यमंत्री ने ब्रहमताल, सुपताल झलताल को पर्यटन क्षेत्र में लाने के लिए विशेष योजना बनाये जाने, थराली में न्याय पंचायत स्तर पर महिला सेवा संग्रह केन्द्र तथा ग्रेडिंग पैकिंग यूनिट की योजना बनाये जाने, थराली, ग्वालदम डाक बंगले का जीर्णाेद्धार किये जाने की भी इस अवसर पर घोषणा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शहीद भवानी दत्त जोशी ने असाधारण शौर्य, दृढ़ता, अनुकरणीय साहस और उच्चकोटि की असाधारण कर्तव्यपरायणता का परिचय देकर सेना की उच्चतम परंपराओं के लिए अपना बलिदान दिया। प्रथम विश्वयुद्ध हो, द्वितीय विश्व युद्ध हो, पेशावर कांड हो, देश की आजादी की लड़ाई हो या आजादी के बाद के युद्ध हों, उत्तराखंड की इस धरती के वीरों ने अग्रिम पंक्ति में रहकर अपना कौशल दिखाया है और अपना सर्वाेच्च बलिदान दिया है। आज भी देवभूमि के नौजवानों की भारत माता की सेवा करना लक्ष्य रहता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिक पुत्र होने के नाते उन्होंने सैनिकों के संघर्ष को नजदीक से देखा है। वीर सैनिकों को सम्मानित कर हम स्वयं को सम्मानित महसूस करते हैं। हमारी सेना का मूल रूप से एक ही घोषवाक्य रहा है ’’राष्ट्र प्रथम’’ और इसके लिए हमारे जवान अपना सर्वस्व अर्पित करने को हमेशा तैयार रहते हैं। उत्तराखंड की देवभूमि ने लाखों वीर सैनिक इस देश को दिये हैं, जिन्होंने अपने अदम्य साहस से यह साबित किया है कि देवभूमि ना केवल समस्त विश्व को शांति का मार्ग दिखला सकती है, वरन शौर्य और वीरता को भी प्रदर्शित कर सकती है।
उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत हाथों में है। अब सुरक्षा में लगे सैनिकों को दुश्मन की गोलाबारी का जवाब देने के लिए सरकार से अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती। आज मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सेना ’’शठे शाठयं समाचरेत’’के सिद्धांत का अनुसरण कर अपने सभी दुश्मनों के दांत खट्टे करने का माद्दा रखती है। आज सेना का मनोबल अभूतपूर्व रूप से बढ़ा है। अब सेना को निर्णय लेने की पूरी छूट है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पराक्रम सदैव हमारी सेना के भीतर भरा हुआ था। मगर उस पराक्रम का सम्मान, सैनिकों के जीवन में बदलाव और उनके लिए संवेदनशील होकर निर्णय लेने का काम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किया। हमारी सरकार का प्रयास रहता है कि हम शहीदों के अभूतपूर्व योगदान को हमेशा याद रखें। अपने वीर सैनिकों को सम्मान देने के लिए ही उत्तराखंड की वीरभूमि में एक विशिष्ट सैन्य धाम का निर्माण कार्य किया जा रहा है। हमने सैनिकों और पूर्व सैनिकों के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाएं प्रारंभ की हैं। सीमा पर मोदी सरकार ने जहां एक ओर ऑल वेदर रोड बनाई हैं वहीं दूसरी ओर आज मेक इन इंडिया अभियान के तहत बुलेट प्रूफ जैकेट और हथियारों का निर्माण अपने देश में ही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक हम शहीदों के सपनों का उत्तराखंड नहीं बना देते तब तक चौन से नहीं बैठेंगे, आराम से नहीं बैठेंगे। मुख्यमंत्री ने अंत्योदय के अपने अंतिम लक्ष्य को पूरा करने एवं उत्तराखंड को भारत का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने “विकल्प रहित संकल्प“ को साकार करने में सभी के सहयोग की अपेक्षा की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब गोपेश्वर के नव निर्वाचित अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह रावत, उपाध्यक्ष हरेन्द्र सिंह बिष्ट, महिपाल गुसांई, संरक्षक क्रांति भट्ट तथा महामंत्री दिनेश जोशी को पद एवं गोपनीयता की भी शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ धन सिंह रावत, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख कविता नेगी, जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश मैखुरी, विमला जोशी, ले0कर्नल हरीश जोशी, मेला अध्यक्ष वीरेन्द्र जोशी, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनता मौजूद रही।

घंटाकर्ण मंदिर में सीएम ने लिया आशीर्वाद, प्रदेश की खुशहाली की कामना की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घण्टाकर्ण मंदिर गजा, टिहरी गढ़वाल पहुंचकर घण्टाकर्ण देवता के दर्शन एवं विधिवत् पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही समस्त देश एवं प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत लागत धनराशि रुपए 60.90 लाख के विश्राम गृह निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 11वां श्री घंटाकर्ण महायज्ञ एवं धार्मिक सांस्कृतिक मेले में प्रतिभाग कर मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि घंटाकर्ण देवता की पवित्र भूमि पर दूसरी बार पहुंचने का मौका मिला है। कहा कि केदारखंड के 148वें अध्याय में इसकी पौराणिकता का वर्णन मिलता है। कहा कि सड़क से जुड़ने के बाद यह विश्व के प्रसिद्ध धामों में से एक धाम बनेगा। कहा कि आज सनातन संस्कृति का परचम चारों ओर लहरा रहा है। आयोध्या में भव्य राम मंदिर का पुर्नाेत्थान निर्माण कार्य हो रहा है। कहा कि गत दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का विदेशी धरती पर जिस तरह से सम्मान हुआ है, इससे हर भारतवासी गौरवान्वित हो रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत गरीब परिवारों को एक वर्ष में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त में देने का कार्य धरातल पर उतारने में उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है। मातृशक्ति को सभी सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत का क्षैतिज आरक्षण दिये जाने का प्रावधान किया गया है। समान नागरिक संहिता कानून का ड्राफ्ट को पूरा करने का कार्य लगभग कर दिया है, ड्राफ्ट बनने के बाद इसे लागू किया जायेगा, जो पूरे हिंदुस्तान के लिए एक मॉडल के रूप में काम करेगा। नई शिक्षा नीति लागू कर दी और खेल नीति भी बनाई गई है। नकल विरोधी कानून बनाया गया है। मानसखंड कॉरिडोर प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत कुमांउ के प्रमुख मंदिरों को बेहतर सड़कों से कनेक्ट किया जायेगा। कहा कि राज्य सरकार ने एक वर्ष के कालखण्ड कई पड़ाव पूरे किये हैं, जिसके तहत प्रदेश की समस्या और चुनौतियों का हल और समाधान करने का काम किया है। कहा कि सरकार का लक्ष्य स्पष्ट और नियत साफ है। प्रदेश और जनता का हित सर्वाेपरि है, किसी वर्ग का अहित न हो इसका संकल्प लिया है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि डोगी से घण्टाकर्ण को सड़क से जोड़ने हेतु योजना बनायी जायेगी तथा घण्टाकर्ण मोटर मार्ग का डामरीकरण किया जायेगा। इसके साथ ही खांकर-खत्याड मोटर मार्ग का नवनिर्माण कार्य, (लम्बाई 5 कि.मी.), दावडा-अंगरियाना मोटर मार्ग नवनिर्माण कार्य (लम्बाई 2 कि.मी.), कोल कोडारना मोटर मार्ग का डामरीकरण (लम्बाई 1.25 कि.मी.), पुर्वाला-ससमण मोटर मार्ग का कौडियाला तक विस्तार, नैचोली में एएनएम सेन्टर, शिवपुरी में पार्किंग का निर्माण, कुंजापुरी-बड़कोट मोटर मार्ग का डामरीकरण (लम्बाई 1.25 कि.मी.) को योजनाओं में सम्मिलित किया जायेगा।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने जी-20 कार्यक्रमों की मेजबानी की जिम्मेदारी नरेन्द्रनगर क्षेत्र को दिये जाने पर केन्द्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया गया। कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जो घोषणाएं की जाती हैं, उन्हें धरातल पर उतारा जाता है। कहा कि नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में की गई घोषणाओं में से अधिकतर घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं, शेष पर कार्य प्रगति पर है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, नगर पंचायत अध्यक्ष गजा मीना खाती, पूर्व विधायक उत्तरकाशी विजय पाल सजवाण, अध्यक्ष मंडी समिति वीर सिंह रावत, अध्यक्ष मंदिर समिति अशोक बिजल्वाण, सीडीओ मनीष कुमार, एएसपी वी.डी. डोभाल, एसडीएम देवेन्द्र नेगी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनता मौजूद रहे।

विदेशी प्रतिनिधियों ने किया ओणी गांव की आंगनबाड़ी, पंचायत भवन आदि का भ्रमण

उत्तराखंड में दूसरी जी-20 एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप मीटिंग के नरेंद्र नगर टेहरी में समापन के पश्चात रविवार को 20 सदस्य देशों के 20 प्रतिनिधियों ने ऑणी गांव का भ्रमण किया।

ओणी गांव में विदेशी प्रतिनिधियों का स्वागत उत्तराखंड की पारंपरिक शैली में किया गया। ओंणी गांव आगमन पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं वाद्य यंत्र के कलाकारों द्वारा आत्मीयता से डेलीगेट्स का टीका लगाकर, तुलसी की माला पहनाकर तथा ढोल, दमाऊ, माशकबाज, रणसिंघा की प्रस्तुति देकर जोरदार स्वागत किया गया।

औणी गांव में विदेशी प्रतिनिधियों ने गांव की आंगनबाड़ी केन्द्र, नरेंद्र नगर फॉरेस्ट डिविजन शिवपुरी रेंज द्वारा स्थापित इंटरप्रिटेशन सेंटर, पंचायत भवन, बर्तन बैंक, ग्रामीण बचत बैंक शासकीय प्राथमिक विद्यालय, दुग्ध उत्पादन केंद्र, पॉलीहाउस तथा मिलेट सेंटर का भ्रमण किया।

इस दौरान विदेशी मेहमान उत्तराखंड की लोक संस्कृति, ग्रामीण परिवेश, जीवन शैली, पारंपरिक लोक कला, जैविक खेती आदि से भी रूबरू हुए।

विदेशी प्रतिनिधियों ने आणी गांव के पंचायत भवन में ग्राम सभा की बैठक में भाग लिया तथा केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण विकास हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। विदेशी प्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी केंद्र में छोटे बच्चों एवम गर्भवती महिलाओं के लिए संचालित गतिविधियों को देखा तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
विदेशी प्रतिनिधियों ने नरेंद्र नगर डिवीजन के शिवपुरी रेंज द्वारा स्थापित इंटरप्रिटेशन सेंटर में वन विभाग तथा ग्रामीणों की बैठक में भाग लिया द्य बैठक में वन अधिकारी आणी गांव के ग्रामीणों को वन अधिकार अधिनियम 2006 की जानकारी दे रहे थे तथा उनकी समस्याएं सुन रहे थे। यहां पर विदेशियों ने पौधारोपण भी किया। विदेशी प्रतिनिधियों ने गांव में स्थापित बर्तन बैंक का भी निरीक्षण किया द्य इस बर्तन बैंक का उपयोग ग्रामीण बड़े निजी एवं सार्वजनिक आयोजनों में सहभागिता के आधार पर करते हैं। विदेशी प्रतिनिधियों ने औणी गांव के ग्रामीण बचत केंद्र का भी भ्रमण किया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा ग्रामीणों के लिए संचालित विभिन्न ऋण एवं बचत योजनाओं की जानकारी ली। गांव के प्राथमिक विद्यालय में विदेशी प्रतिनिधियों ने स्कूली बच्चों से मुलाकात की तथा माध्यहन भोजन की व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। विदेशी प्रतिनिधियों ने गांव में स्थापित मिलेट सेंटर में उत्तराखंड के स्थानीय अनाजों, गोट फार्मिंग, मत्स्य पालन तथा पारंपरिक चक्की आदि का अवलोकन किया। भ्रमण के बाद गांव मे ही विदेशी प्रतिनिधियों ने भोजन किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम का अवलोकन किया। विदेशी प्रतिनिधियों को राज्य का स्थानीय भोजन परोसा गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत बांसुरी वादक तिलक विश्वास तथा तबला मास्टर संतोष कुमार द्वारा किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कलाकारों द्वारा गढ़ वंदना, थाड्या, चोफला, संतूर वादन की प्रस्तुति दी गई।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार, एसएसपी नवनीत भुल्लर, सीडीओ मनीष कुमार. जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवान, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्रनगर राजेंद्र भंडारी, एडीएम के.के. मिश्र, डी डी ओ सुनील कुमार, एसडीएम देवेंद्र नेगी सहित नोडल अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

जी 20 शिखर सम्मेलन कार्यक्रम की तैयारियों की सीएस ने ली विस्तृत जानकारी

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने 24 से 28 मई 2023 में प्रस्तावित जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक ली। मुख्य सचिव ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उनकी तैयारियों पर विस्तृत जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने कहा कि जी-20 सम्मेलन के दौरान प्रतिभागियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके लिए एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थलों एवं वापसी में एयरपोर्ट तक विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली जाए। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को एयरपोर्ट पर एयरपोर्ट अथॉरिटी एवं जिला प्रशासन आपसी सामंजस्य से हेल्प डेस्क उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने प्रतिभागियों के आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था दुरूस्त रखते हुए सुरक्षा के विशेष प्रबन्ध सुनिश्चित किए जाने के भी निर्देश दिए। कहा कि यातायात योजना इस प्रकार से तैयार की जाए कि न ही जी-20 के प्रतिभागियों को कोई समस्या हो, न ही चारधाम यात्रा के यात्रियों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़े।
मुख्य सचिव ने कहा कि देश-विदेश से आए प्रतिभागियों के समक्ष अपने प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति की झलक पहुंचाने के अवसर के रूप में देखते हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन, कला, संस्कृति योगा और आयुष का प्रचार प्रसार के साथ उक्त उत्पादों की जानकारियां भी उपलब्ध करायी जाएं। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। जी-20 कार्यक्रम के दौरान जिन-जिन विभागों की भूमिका रहेगी, उन विभागों द्वारा अपने स्तर पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. के सुधांशु, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, आर. राजेश कुमार एवं विनोद कुमार सुमन, एस.एन. पाण्डेय, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी टिहरी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

मालदेवता में सीएम ने आपदा प्रभावित भैसवाड़ा व छमरौली के 13 परिवारों को राहत राशि के चेक वितरित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरखेत (मालदेवता) प्राकृतिक आपदा प्रभावित क्षेत्र में चल रहे राहत कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में स्थिति सामान्य लाने के लिए कार्यों में और तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आपदा प्रभावित भैंसवाड़ा एवं छमरौली के 13 परिवारों को राहत राशि के चेक भी वितरित किए। इन सभी परिवारों को 3-3 लाख रुपए प्रथम किस्त प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि क्यारा धनोल्टी मार्ग के अवशेष 04 किमी मोटर मार्ग का निर्माण जल्द किया जाएगा। मालदेवता के समीप लालपुला एस सिला-मोलधार- सुवाखोली मोटर मार्ग के निर्माण के लिए केंद्रीय सड़क निधि के अंतर्गत प्रस्ताव भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस क्षेत्र में हुए नुकसान की भरपाई के लिए लगातार कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगस्त में जब इस क्षेत्र में आपदा आई थी, उस समय जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य के लिए सराहनीय कार्य किया गया। हेलीकॉप्टर के पायलटों ने भी अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को बचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान सरकार के साथ जन सहयोग बहुत जरूरी है। आपदा के दौरान सभी को किसी न किसी रूप में आगे आना होगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, उपाध्यक्ष जिला पंचायत दीपक पुंडीर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, वीर सिंह चौहान, अनुज कौशल, ग्राम प्रधान सरखेत नीलम कोटवाल उपस्थित थे।

सवा चार लाख नगदी और ब्लैंक चेक के साथ भाजपा नेता संजय धारीवाल गिरफ्तार

पेपर लीक कांड में फरार चल रहे 50,000 के इनामी पूर्व भाजपा नेता संजय धारीवाल को आखिरकार एसआइटी ने गिरफ्तार कर ही लिया। उसके कब्जे से सवा चार लाख की नकदी और दो ब्लैंक चेक बरामद हुए हैं।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पटवारी और जेई एई भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने के मामले में नारसन के मोहम्मदपुर गांव का प्रधान व भाजपा का पूर्व मंगलौर मंडल अध्यक्ष संजय धारीवाल एसआइटी की पकड़ से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर आइजी गढ़वाल करण सिंह नागन्याल ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था।
वहीं एसआइटी कुर्की से पहले मुनादी की कार्रवाई अंजाम दे चुकी थी। जबकि कुर्की के लिए भी कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया जा चुका था। कोर्ट से हरी झंडी मिलने पर किसी भी दिन कुर्की की कार्रवाई की जानी थी। दूसरी तरफ एसआइटी की एक टीम शिद्दत से संजय धारीवाल की तलाश में जुटी थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर एसआइटी की टीम ने नारसन क्षेत्र से संजय धारीवाल को गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी अजय सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि संजय धारीवाल की निशानदेही पर अभ्यर्थियों को नकल स्थलों तक लाने व परीक्षा केन्द्रों तक ले जाने में इस्तेमाल किए गए वाहन एचआर 75 दृ5692 को मौहम्मदपुर जट हरिद्वार स्थित घर से बरामद किया गया। जबकि संजय धारीवाल के भाई सुधीर के करनाल हरियाणा स्थित मकान से कुल 4.25 लाख व दो ब्लैक चौक बरामद किए हैं।

इस धनराशि में से एक लाख दस हजार रुपये पटवारी भर्ती और तीन लाख पन्द्रह हजार रुपये व दोनों चौक एई /जेई भर्ती से सम्बन्धित छात्रों से लिए गए थे। आरोपित के भाई सुधीर व बहन के दामाद दीपेन्द्र पंवार उर्फ सोनू निवासी मुकन्दरपुर थाना गदरपुर जिला उधमसिंह नगर (कोचिंग संचालक) को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों अभियोगों पटवारी और जेई-एई में वर्तमान तिथि तक कुल 38 आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके हैं। जांच अभी चल रही है।